samacharsecretary.com

फर्जी कर्नल का बड़ा खेल बेनकाब, पुलिस की नाक तले चलता रहा धंधा

पंजाब  चंडीगढ़ पुलिस ने एक ऐसे कर्नल को गिरफ्तार किया है, जो करीब एक साल तक एक नकली कर्नल बनकर पुलिस महकमे को गुमराह करता रहा और विभाग में धाक जमाता रहा। आरोपी की गणेश भट्ट के रूप में हुई है, जो न सिर्फ वर्दी पहनकर थानों में आता-जाता रहा, बल्कि पुलिसकर्मियों से सलामी तक पाता रहा। चौंकाने वाली बात यह है कि नकली कर्नल ने पुलिस के बीच इतना रुतबा बना लिया कि एक महिला कांस्टेबल तक उसकी चालबाजी का शिकार हो गई। उसने अपने रिश्तेदार की नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी को पांच लाख रुपये दे दिए। वादा पूरा न होने पर जब असलियत खुलने लगी, तब तक गणेश भट्ट फरार हो चुका था। सूत्र बताते हैं कि आरोपी अक्सर एक इंस्पेक्टर के साथ थानों में पहुंचता था और पुलिसकर्मी बिना शक किए उससे प्रभावित होते रहे। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने लंबे समय तक किसी ने उसकी वर्दी और रुतबे की जांच क्यों नहीं की। आखिरकार क्राइम ब्रांच को सूचना मिलने के आरोपी को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया गया है।    गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच हाथापाई भी हुई। गणेश भट्ट के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित को क्राइम ब्रांच की कस्टडी में रखा गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसे पानी तक नहीं दिया गया और उसके कान, आंख, शरीर के अन्य हिस्सों सहित गुप्तांगों में गंभीर चोटें आई हैं।

पंजाब-हिमाचल को जोड़ते पुल पर बंद की गई आवाजाही! लोग परेशान

हाजीपुर  भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड द्वारा पौंग डैम से 74995 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद ब्यास दरिया पर बने एक महत्वपूर्ण रियाली मंड पुल को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। पानी का तेज बहाव और उच्च जलस्तर पुल के ढांचे पर दबाव डाल रहा है, जिससे इसकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह पुल जो पंजाब हिमाचल को जोड़ता है। वर्तमान में भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगा दिए हैं और लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पुल की मरम्मत और सुरक्षा का आकलन करने के लिए एक विशेषज्ञ टीम को मौके पर भेजा गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए पौंग बांध से टर्बाइनों और स्पिलवे गेट के माध्यम से कुल 74995 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज में छोड़ा जा रहा है। शाम 6 बजे पौंग डैम झील में पानी की आवक 39 हजार 549 क्यूसेक नोट की गई और डैम का जलस्तर 1383.43 फीट दर्ज किया गया। शाह नहर बैराज से 63 हजार 270 क्यूसेक पानी ब्यास दरिया में और 11500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हायडल नहर में छोड़ा जा रहा है। जलस्तर में अचानक वृद्धि से ब्यास नदी के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पंजाब के गुरुदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और कपूरथला जिलों के निवासियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और सभी आवश्यक कदम उठा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। 

केंद्र की नीति पर भड़के CM मान, राशन कार्ड काटने का किया विरोध

जालंधर/चंडीगढ़  मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राशन कार्ड काटे जाने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोर होने के बाद अब राशन चोर बन गई है। सी.एम. भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर पी.डी.एस. (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के तहत लोगों के राशन कार्ड काटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के नियम पंजाब के लिए अलग हैं लेकिन केंद्र इन नियमों की अनदेखी कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार 8 लाख 2 हज़ार 994 लोगों के राशन कार्ड काट रही है, जिससे लगभग 32 लाख लोग मुफ़्त राशन से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसी का राशन नहीं छीनने देगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार द्वारा लगाए जा रहे कैंपों के मुद्दे पर भाजपा पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी का निजी डेटा कैसे ले सकती है। वह 1000 रुपये की योजना के लिए कोई डेटा नहीं मांगते। वह किसी महिला का आधार, पैन या राशन कार्ड नहीं मांगते। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड क्यों मांग रही है। जनता ही इसे नया बनाने में जुट गई है। वे पहले अपनी योजना लाते हैं। जिसमें पहले चूल्हा देते हैं, फिर घर बनाने की योजना देते हैं और बाद में कहते हैं कि आपके पास चूल्हा और घर है, लेकिन आप इस योजना के पात्र नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राशन कार्ड काटने का भी एक मानदंड तय कर दिया है, जिसमें अगर आपके पास चार पहिया वाहन है, 25 लाख से अधिक का टर्नओवर है, ढाई एकड़ से अधिक जमीन है या आप सरकारी नौकरी कर रहे हैं, तो राशन कार्ड कट जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सवाल उठाते हुए कहा कि कभी-कभी एक भाई को सरकारी नौकरी मिल जाती है। सरकारी नौकरी मिलने के बाद वह दूसरे शहर में शिफ्ट हो जाता है। परिवार के बाकी सदस्यों का क्या होगा? अगर जिसके नाम कार्ड है, उसके नाम पर गाड़ी है, तो बाकी लोगों का क्या कसूर है। आप पूरे परिवार को भूखा मार देंगे। उन्होंने कहा कि जब तक भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं, तब तक किसी का राशन कार्ड नहीं कटेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार को भी पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब तक 1 करोड़ 53 लाख लाभार्थियों को राशन वितरित किया जा रहा है। लेकिन उनका कहना है कि उनमें से कई फर्जी हैं। पंजाब सरकार ने 1 करोड़ 29 लाख का सत्यापन कर लिया है, बाकी के लिए समय दें। वे कार्ड कैसे रद्द कर सकते हैं? वह केंद्र सरकार से 6 महीने का समय मांग रहे हैं।

पंजाब में LPG हादसे के बाद CM भगवंत मान की घोषणा, प्रभावित परिवारों को मिलेगा सहारा

पंजाब जिला होशियारपुर के गांव मंडियालां में देर रात गैस टैंकर धमाका होने से बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और दर्जनों से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पंजाब के सी.एम. भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों और घायलों के लिए बड़ा ऐलान किया है। सी.एम. मान ने एक्स पर लिखा कि ''जिला होशियारपुर के गांव मंडियालां में देर रात LPG गैस से भरे एक टैंकर के फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में कुछ लोगों की दर्दनाक मौत होने की खबर मिली है और कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। पंजाब सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और घायलों का इलाज मुफ्त करवाया जाएगा।'' बता दें कि रात करीब 10 बजे होशियारपुर जालंधर मार्ग में पड़ते गांव मंडियाला में रात गैस वाले टैंकर में धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि एल.पी.जी. गैस टैंकर मिनी बस से टकरा गया जिससे वह पलट गया है। टैंकर पलटने से गैस रिसाव होने लगा और जोरदार धमाका हुआ जिससे आग चारों तरफ फैल गई। आग लोगों के घरों तक पहुंच गई थी। दहशत में आए लोगों को गांव खाली करना पड़ा। लोगों के गुरुद्वारा साहिब में ठहराया गया जहां उनके खाने-पीने की व्यवस्था की गई।  

अनाज मंडियों में नई पाबंदियां, आढ़तियों ने पारित किए विशेष नियम

अमृतसर जिले की सबसे बड़ी अनाज मंडी भगतांवाला में धान के सीजन में ट्रैफिक की समस्या से बचने के लिए आढ़ती वेलफेयर एसोसिएशन ने नई पाबंदियां लगा दी हैं। एसोसिएशन ने सीजन के दौरान किसानों को रात 12 बजे से सुबह 10 बजे तक मंडी में फसलों की ट्रॉलियां लाने की अनुमति दी है। इसके अलावा लोडिंग के लिए ट्रकों का मंडी में प्रवेश दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक जारी रहेगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई ट्रक या ट्रॉली निर्धारित समय के बाद मंडी में प्रवेश करता है, तो संबंधित आढ़ती और व्यापारी पर जुर्माना लगाया जाएगा। उम्मीद है कि इस बार मंडी में करीब एक करोड़ तोड़ा धान आएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमनदीप सिंह छीना ने बताया कि धान व गेहूं के सीजन में मंडी में ट्रालियों व ट्रकों के आने से यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित हो जाती थी। ट्रैफिक पुलिस भी यातायात समस्या का समाधान नहीं कर रही थी। किसानों व आढ़तियों को हो रही परेशानी को समाप्त करने के लिए एसोसिएशन ने अपने स्तर पर विशेष प्रबंध किए हैं। अध्यक्ष छीना ने बताया कि पिछले सीजन के दौरान लगाई गई पाबंदियों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस बार भी एसोसिएशन ने बैठक में निर्णय लिया है कि धान के सीजन में किसान रात 12 बजे से सुबह 10 बजे तक अपनी ट्रालियां मंडी में ला सकेंगे, जबकि सुबह के समय ट्रालियों के मंडी में आने पर प्रतिबंध रहेगा। इसी प्रकार माल लादकर ले जाने वाले विक्रेता दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक ट्रकों में माल लोड करवा सकेंगे। प्रधान छीना ने बताया कि निर्धारित समय के बाद यदि कोई ट्राली या ट्रक मंडी में दिखाई दिया तो एसोसिएशन संबंधित आढ़ती पर 1000 रुपये और व्यापारी पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाएगी। प्रधान छीना ने बताया कि सीजन के दौरान रोजाना 3 लाख से अधिक तोड़े मंडी में पहुंचने की उम्मीद है और इस सीजन में करीब एक करोड़ तोड़े मंडी में पहुंचने की उम्मीद है। छीना ने बताया कि आढ़ती एसोसिएशन ने सीजन के लिए पूरे प्रबंध कर लिए हैं और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अध्यक्ष के अनुसार किसानों को भी अपनी धान की विभिन्न फसलों को पूरी तरह से सुखाने के बाद ही मंडी में लाना चाहिए ताकि उन्हें गीली फसल होने की चिंता न करनी पड़े। अध्यक्ष के अनुसार, किसानों और आढ़तियों का गहरा रिश्ता है और एसोसिएशन इस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। इस अवसर पर गुरदेव सिंह, जरनैल सिंह बाठ, साहिब सिंह, वीनू अरोड़ा, सतनाम सिंह ट्रेडर, बबलू भाटिया, दीपक आदि बड़ी संख्या में आढ़ती और व्यापारी मौजूद थे।  

होशियारपुर में गैस सिलेंडर फटा, दर्दनाक हादसे में दो की जान गई, घायलों का इलाज जारी

होशियारपुर होशियारपुर-जालंधर राजमार्ग पर मंडियाला गांव के पास हुए एलपीजी टैंकर में विस्फोट में अब तक दो की मौत हो चुकी है। होशियारपुर सिविल अस्पताल के एसएमओ (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) डॉ. कुलदीप सिंह ने शनिवार सुबह इसकी पुष्टि की। होशियारपुर सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने पुष्टि की कि गंभीर रूप से झुलसे कुल 23 घायलों को शुक्रवार रात सिविल अस्पताल लाया गया था। इनमें से 15 को विशेष अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है, जिनमें आदमपुर क्षेत्र के दो घायल भी शामिल हैं, जिन्हें उनके परिवार के सदस्य आदमपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे। अभी तक 7 घायलों का सिविल अस्पताल होशियारपुर में इलाज चल रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि अब तक दो मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया था और दूसरे घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल एक महिला, कुसुम, ने बताया कि हमारा परिवार 20 सालों से यहां पर रहता है और गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता है। कल हम घर के अंदर थे; उसी समय गैस का टैंकर फट गया। मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है कि यह घटना कैसे हुई। बहुत तेज धमाका हुआ, उसके बाद आग फैल गई। जो गैस फैली उसके कारण चारों तरफ आग फैल गई। बता दें कि होशियारपुर-जालंधर राजमार्ग पर मंडियाला गांव के पास शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक एलपीजी टैंकर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो की मौत हो गई। घायलों को तुरंत होशियारपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया और बिना किसी देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, विधायक ब्रह्मा शंकर जिंपा और उपायुक्त आशिका जैन स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।  

रेलवे की खुशखबरी: त्योहारों में बढ़ेंगी ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगा 20% छूट

पंजाब  ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद ही खास खबर सामने आई है। दीवाली और छठ के त्योहारों पर लोग हमेशा ट्रेनों का सफर करते हैं। इसी के चलते रेल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि, दीवाली और छठ के त्योहारों पर बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।  बिहार के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद मंत्रालय ने नई ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इसके साथ ही कई अन्य योजनाओं और बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया जा रहा है आम वर्ग के यात्रियों के लिए 4 नई अमृत भारत ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जो दिल्ली-गया, सहारसा-अमृतसर, छपरा-दिल्ली और मुजफ्फरपुर-हैदराबाद रूट पर चलेंगी। इसके अलावा, पूर्णिया और पटना के बीच जल्द ही एक वंदे भारत ट्रेन शुरू की जाएगी, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ होगा।  रेल मंत्री ने बताया कि मंत्रालय ने बौद्ध धर्म से जुड़े स्थलों तक पहुंच बढ़ाने के लिए नालंदा और राजगीर तक एक बौद्ध सर्किट ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। रेलवे बोर्ड की नई पायलट योजना के तहत यात्रियों को 13 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच रवाना होने और 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच वापसी की यात्रा करने पर टिकट किराए में 20% की छूट मिलेगी।  

बिल न चुकाने वालों के खिलाफ नगर निगम का कड़ा कदम, काटे जा रहे कनेक्शन

अमृतसर नगर निगम के कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख के दिशा-निर्देशों और एडिशनल कमिश्नर सुरिंद्र सिंह के आदेशों के तहत पानी और सीवरेज विभाग द्वारा अवैध कनैक्शनों और बकाया जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कई लोगों के पानी और सीवरेज के कनैक्शन काट दिए गए। इन डिफॉल्टरों को पहले ही विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जा चुके थे और बार-बार कहने के बावजूद भुगतान न करने के कारण यह कार्रवाई की गई। एडिशनल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने बताया कि नगर निगम ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता कैंप लगाए थे और जनता से अपील की थी कि वे इन कैंपों में आकर अपने अवैध कनैक्शन नियमित करवा लें और बकाया राशि का भुगतान करके विभागीय कार्रवाई से बचें। पिछले वर्ष 4.72 करोड़ व इस वर्ष 1.69 करोड़ रही आमदन अतिरिक्त कमिश्नर सुरिंद्र सिंह के अनुसार इसके अलावा पानी व सीवरेज विभाग द्वारा अवैध कनैक्शनों और बकाए की अदायगी के लिए 1310 रिहायशी व 373 कमर्शियल अदारों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 600 कनैक्शन रैगुलर कर दिए गए हैं। पानी व सीवरेज विभाग को वित्तीय वर्ष 2025-26 दौरान कुल 4.72 करोड़ रुपए आमदन हुई है जबकि पिछले वर्ष इस दौरान यह आमदन 1.69 करोड़ रुपए थी। इसी तरह विभाग को इस वर्ष 3 करोड़ से अधिक की आमदन हुई है जोकि पिछले वर्ष के इस समय दौरान 280 प्रतिशत अधिक हुई है। एडिशनल कमिश्नर सुरिंद्र सिंह ने बताया कि जारी किए नोटिसों के अनुसार पानी व सीवरेज के कनैक्शन काटने की यह कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों को अपील की कि डिस्कनैक्शन की कार्रवाई से बचाव के लिए जल्द से जल्द बकाया की अदायगी की जाए और लिए गए अवैध कनैक्शनों संबंधी विभाग से बनती वांछित प्रवानगी ली जाए। 

भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुनील जाखड़ फाजिल्का के रायपुर गांव में केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, राशन कार्ड योजना समेत अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने पहुंचे थे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को ही ऐलान किया था कि वे बलुआन क्षेत्र के इस गांव में आएंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को वे रायपुर गांव के लिए निकले थे। हालांकि, उन्हें अबोहर-डबवाली नेशनल हाईवे पर पुलिस ने रोक लिया। इससे गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने सुनील जाखड़ को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले सुनील जाखड़ ने मीडिया से बात की। उन्होंने आरोप लगाए कि आम आदमी पार्टी एक तानाशाह पार्टी है, जो केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए भाजपा के शिविरों को आयोजित करने से रोक रही है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब में किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थियों की संख्या 2022 से पहले 22 लाख थी, जो अब 2024-25 में घटकर मात्र साढ़े आठ लाख रह गई है। उन्होंने आगे कहा, “मुझे गिरफ्तारी का डर नहीं है। हम गरीब, किसान और कमजोर वर्ग का हक मारने वाली सरकार के खिलाफ हैं।” इससे पहले, पंजाब पुलिस ने भाजपा के जिला अध्यक्ष काका कंबोज और बलुआणा विधानसभा क्षेत्र की कोऑर्डिनेटर वंदना सागवान को भी हिरासत में लिया था। इस बीच, पंजाब के मोगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। पुलिस ने कई जगह प्रदर्शनकारियों को रोककर खदेड़ दिया, जबकि कई स्थानों पर जब वर्कर नहीं हटे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। मोगा में भाजपा के जिला प्रधान हरजोत कमल, पूर्व विधायक और उनके साथियों ने रोष रैली का आयोजन किया था।  

अभिनेता जसविंदर भल्ला के निधन से मायूस CM मान, भावुक पोस्ट में किया श्रद्धांजलि

चंडीगढ़ पॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन व दिग्गज अभिनेता जसविंदर भल्ला का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। जसविंदर भल्ला 65 वर्ष के थे। भल्ला के निधन पर पंजाब फिल्म इंडस्ट्री समेत तमाम कलाकार शोक जता रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भल्ला के निधन पर दुख जताते हुए भावुक संदेश लिखा है। सीएम मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा… छनकटियां की झंकार के खामोश होने से मन दुखी है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि जसविंदर भल्ला जी का अचानक इस दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। छनकटियां की झंकार के खामोश होने से मन दुखी है.. वाहेगुरु उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। चाचा चतरा हमेशा हमारे दिलों में बसेंगे। बता दें कि जसविंदर भल्ला पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ा गई है। जसविंदर भल्ला ने अपनी अनूठी हास्य शैली और यादगार किरदारों से पंजाबी मनोरंजन जगत में अमिट छाप छोड़ी। भल्ला का अंतिम संस्कार कल (शनिवार) को मोहाली के बलौंगी के श्मशान घाट में किया जाएगा। जसविंदर भल्ला के घर पर नेताओं और कलाकारों का आना शुरू हो गया है। भल्ला के पड़ोसी व पूर्व मंत्री बलबीर सिद्धू उनके घर पर शोक प्रकट करने पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने अभिनेता जसविंदर सिंह भल्ला के निधन पर दुख जताया है। आप की तरफ से कहा गया कि भल्ला के निधन पर उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ दुःख साझा करती है। 'छनकाटे' के माध्यम से पंजाबी कॉमेडी की नई उड़ान से लेकर सिनेमा में निभाई गई यादगार भूमिकाओं तक, उनकी हंसी पंजाबियत, सच्चाई और समाज के रंगों से जुड़ी रही। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार व परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। बुलंद आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने जसविंदर भल्ला के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि अपनी कला के जरिए हंसी बिखेरने वाली बुलंद आवाज जसविंदर भल्ला हमेशा के लिए खामोश हो गए हैं। जसविंदर भल्ला ने न सिर्फ कॉमेडी के जरिये लोगों को हंसाया, बल्कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना के जरिये खेती-किसानों को समृद्ध बनाने में भी योगदान दिया। अपनी कला की बदौलत वह हमेशा अपने प्रशंसकों के दिलों में बसे रहेंगे।