samacharsecretary.com

हरियाणा के हिसार में ठंड से दो लोगों की मौत

हिसार. प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। छह जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, जिसे मौसम विभाग ने आगामी वर्षा के संकेत के रूप में देखा है। जिन जिलों में रात की ठंड में नरमी आई है, वहां छिटपुट वर्षा की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार यह स्थिति तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से बनी है, जिसका असर 25 जनवरी के बाद तक रह सकता है। वहीं, हिसार में सर्दी से दूसरी मौत दर्ज की गई। गांव लाडवा निवासी 72 वर्षीय महेंद्र का शव खेत में मिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ठंड बताया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ता तापमान बादलों की मौजूदगी का संकेत है, दिन के तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। जहां न्यूनतम पारा बढ़ा, वहां वर्षा होने की संभावना ज्यादा हिसार, रोहतक, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और अंबाला जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ा है। यहां न्यूनतम तापमान में औसतन आठ डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इन्हीं क्षेत्रों में पहले चरण में छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की वर्षा के आसार बने हैं। ठंड अभी कायम, सुबह-शाम सतर्कता बरतना जरूरी  बादलों और बढ़े तापमान के बावजूद रात की ठंड जानलेवा बनी हुई है। खुले में रहने वाले बुजुर्गों और कमजोर वर्ग के लिए जोखिम बना है। प्रशासन ने अलसुबह और देर रात विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कृषि क्षेत्र के लिए भी विभाग ने फसलों पर स्प्रे नहीं करने की सलाह दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुलाई हरियाणा BJP की पहली बैठक

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन ने हरियाणा बीजेपी की पहली बैठक बुला ली है। नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा शामिल होंगे। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। हरियाणा के संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश के नेता मंथन करेंगे। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा में पार्टी नेताओं के बीच चल रहे सियासी घमासान का भी बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष फीडबैक लेंगे। नई दिल्ली में हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हरियाणा के नेताओं की यह पहली बैठक होगी। इस बैठक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

छिंदवाड़ा में आर्सेनिक जहर मिली काजू की मिठाई खाकर मरे थे 3 लोग

छिंदवाड़ा. जुन्नारदेव के मिठाई कांड में खाद्य विभाग की पहली रिपोर्ट सामने आ चुकी है। लावारिस थैली में रखी मिठाई में आर्सेनिक की मात्रा अधिक होने की पुष्टि जांच रिपोर्ट में हुई है। जिसके कारण मिठाई जहरीली हो गई थी। गौरतलब है कि बीते दिन मिठाई के सेवन से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। अब खाद्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को बिसरा की रिपोर्ट का इंतजार है। अब उम्मीद की जा रही है कि इस मामले में और भी कई खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल खाद विभाग की रिपोर्ट आने के बाद यह तो तय हो गया है की लावारिस मिठाई हत्या के उद्देश्य से ही रखी गई थी। पुलिस मामले में संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी राकेश बघेल ने बताया कि मिठाई में अत्यधिक मात्रा में आर्सेनिक मिला होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद संदेह के आधार पर स्थानीय लोगों और स्वजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जबलपुर फॉरेंसिक लैब से पोस्टमार्टम की बिसरा की रिपोर्ट का इंतजार भी किया जा रहा है। मिठाई मामले में दसरू यदुवंशी (उम्र 53 वर्ष) एवं सुंदरलाल कथूरिया (उम्र 75 वर्ष) और 22 वर्षीय खुशबू की मौत हो चुकी है। मिठाई कांड में यह कथूरिया परिवार में मृत होने वाली खुशबू (नातिन) इस मामले में सुंदरलाल कथूरिया (दादा) के बाद मौत का शिकार होने वाली दूसरी सदस्य है। कथुरिया परिवार की दूसरी बेटी खुशबू का विवाह चांद क्षेत्र के थावड़ी ग्राम में हुआ था, जिससे उसे चार माह की दूधमुंही बच्ची भी है। मिठाई को लेकर रहस्य गहराया खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में सामने आया है कि यह पंजाबी पिन्नी स्थानीय बाजारों में आम तौर पर नहीं मिलती।दुकानदारों का कहना है कि छिंदवाड़ा में इसकी मांग भी नहीं है। मिठाई की पैकेजिंग अच्छी क्वालिटी की थी, लेकिन डिब्बे पर किसी दुकान या निर्माता का नाम नहीं लिखा था। बाजार में इसकी कीमत करीब 700 से 800 रुपए बताई जा रही है। फिलहाल दो महिलाएं, संतोषी बाई (45) और पूजा (19), जुन्नारदेव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं।

साय कैबिनेट की कल बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नरी सहित कई नीतिगत प्रस्तावों पर होगी चर्चा

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (साय कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक कल आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। सबसे महत्वपूर्ण एजेंडे में रायपुर पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से जुड़ा प्रस्ताव शामिल है, जिस पर अंतिम मुहर लगने की पूरी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नरी प्रणाली के अधिकार क्षेत्र और प्रशासनिक सीमाओं के निर्धारण को अंतिम मंजूरी दी जा सकती है। यदि प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो राजधानी रायपुर के साथ-साथ नवा रायपुर को भी पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र में शामिल किया जा सकता है। इससे राजधानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन को त्वरित निर्णय लेने और अपराध नियंत्रण में अधिक अधिकार मिलेंगे। इस व्यवस्था के तहत पुलिस आयुक्त को मजिस्ट्रेटी शक्तियां भी प्राप्त होंगी, जिससे कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी। मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। कैबिनेट बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा दिए जाने वाले अभिभाषण के प्रारूप को भी स्वीकृति दी जा सकती है। इस अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों, आगामी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया जाएगा। ऐसे में कैबिनेट की मंजूरी के बाद अभिभाषण को अंतिम रूप दिया जाएगा।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर 50 बसों की हुई जांच

कोंडागांव. सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा जिले के अंतर्गत संचालित 50 स्कूली बसों की जांच की गई। जांच के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्कूली बसों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के साथ-साथ फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 6 वाहन बिना फिटनेस, 2 वाहन बिना परमिट, 3 वाहन बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा 7 वाहनों के अग्निशमन यंत्र बंद पाए गए। इस प्रकार कुल 18 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 40 हजार 900 रुपये का चालान काटा गया। स्कूली बसों की जांच के साथ-साथ सभी बस चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, ताकि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। जांच के दौरान परिवहन अधिकारी ने सभी चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित वर्दी में रहने, ओवर स्पीड वाहन न चलाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

स्पोर्ट्स और कल्चरल मीट में आए कई रेल अफसरों को फूड पॉइजनिंग

बिलासपुर. स्पोर्ट्स और कल्चरल मीट में शामिल होने के बाद देर रात तक कार्यक्रम आयोजित हुए, फिर तीनों डिवीजन के अधिकारियों और उनके परिजन ने भोजन भी किया, जिसमें से 100 से अधिक रेल अफसर और उनके परिजन फूड पाइजनिंग का शिकार हो गए। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए रेलवे केन्द्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम अफसरों का इलाज कर रही है। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन अंतर्गत स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट कार्यक्रम का आयोजन पिछले तीन दिन से बिलासपुर डिवीजन में किया जा रहा है, जिसमें बिलासपुर के अलावा रायपुर और नागपुर डिवीजन के अलावा मोतीबाग एवं जोन के सभी विभागों के अफसरों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए थे। आयोजन सेकेरसा ग्राउंड के अलावा रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, न्यू रेल क्लब आडिटोरियम सहित अन्य स्थानों पर हो रहा था। रविवार की शाम स्पोटर्स एंड कल्चरल मीट कार्यक्रम का अंतिम दिन था। इस कार्यक्रम के समापन के उपरांत रात में न्यू रेल क्लब आडिटोरियम के अलावा अन्य स्थानों पर भोजन का भी प्रबंध किया गया था। भोजन करने के करीब 100 से अधिक रेल अफसर और उनके परिजन को अचानक उल्टी व दस्त होनी शुरु हो गई। अचानक रेल अफसरों व उनके परिजन की तबीयत बिगड़ने के बाद आनन-फानन में सभी को केन्द्रीय रेलवे चिकित्सालय के इमरजेंसी, आईसीयू और वीआईपी वार्ड में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने कुछ का उपचार और दवाई देने के बाद छुट्टी दे दी, लेकिन दूसरे दिन सोमवार को भी एक दर्जन से अधिक अधिकारी व उनके परिजन हास्पिटल में अपना उपचार करा रहे हैं। वहीं आधे से अधिक अधिकारियों व उनके परिजन की घर में भी उपचार कराने की सूचना मिली है। इसके अलावा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एसडीजीएम मनोज गुरुमुखी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके परिजन भी अस्वस्थ बताए जा रहे हैं।

गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले के सामने पहुंचे CAF कैंडिडेट्स

रायपुर. छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्ड (CAF) के लिए 2018 में 1786 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इनमें लगभग 417 कैंडिडेट वेटिंग लिस्ट में थे। जिन्हें 7 साल बाद भी नौकरी नहीं मिल पाई है। जबकि CAF में 3 हजार से ज्यादा पोस्ट खाली है। इनमें से कुछ उम्मीद हारकर दूसरा करियर ऑप्शन देख चुके हैं। कुछ 7 साल से लगातार दफ्तरों और मंत्री बंगलों के चक्कर काट रहे हैं। पिछले एक महीने से परिवार-बच्चों सहित तूता धरना स्थल पर बैठे हैं। मंगलवार को चौथी बार पर गृहमंत्री सदन अपनी मांग लेकर पहुंचे। इस दौरान कैंडिडेट्स और पुलिस के अधिकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक हो गई। बता दें कैंडिडेट्स ने गृहमंत्री विजय शर्मा का बंग्ला घेर रखा है। मुलाकात और चर्चा की मांग पर कैंडिडेट्स अड़े हुए हैं। कैंडिडेट्स को हटाने पुलिस पहुंची हुई है। कैंडिडेट्स का आरोप है कि पुलिस महिलाओं और बच्चों पर जोर आजमाइश कर रही है। इस बात को लेकर विवाद उपजा हुआ है। कैंडिडेट्स का साफ कहना है कि वो गृहमंत्री से मुलाकात किए बिना नहीं जाएंगे। बता दें दो मुलाकात में गृह मंत्री विजय शर्मा से कैंडिडेट्स को आश्वासन मिला था। तीसरी बार कैंडिडेट्स से गृहमंत्री की मुलाकात नहीं हो पाई थी।

बलौदाबाजार में मरीन ड्राइव की तर्ज पर चौपाटी की शुरुआत

बलौदा बाजार. बलौदाबाजार में राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव की तर्ज पर चौपाटी की शुरआत हुईं जो इसे शहरी पहचान दिलाएगी। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सोमवार को विधिवत पूजा -अर्चना कर बलौदाबाजार चौपाटी का लोकार्पण किया। साथ ही फीता काट कर चौपाटी का उद्घाटन किया गया और आमजनों के लिये खोल दिया गया। शहर के हृदय स्थल स्वामी विवेकानंद सरोवर के किनारे नगर पालिका परिषद द्वारा सुन्दर और आकर्षक चौपाटी विकसित किया गया है। इसके साथ ही सरोवर का सौन्दर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य भी किए गए हैं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार द्वारा सकारात्मक सोच के साथ चौपाटी विकसित किया गया है जो शहर के लिये उपलब्धि है। इस चौपाटी में शहरवासी मनोरंजन के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ़ ले सकेंगे। चौपाटी को बहुत ही सुंदर बनाया गया है लेकिन इसकी सुंदरता बनाए रखने के लिये साफ- सफाई का ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि आज बलौदाबाजार विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। विकास के लिये सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर अपने चिर परिचित अंदाज में प्रसिद्ध छत्तीसगढी गीत गाकर लोगों को मंत्र मुग्ध किया।तकनिकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि रायपुर की तर्ज पर बहुत ही सुंदर चौपाटी विकसित की गई है जहां एक ही स्थान पर मनोरंजन व अनेक व्यंजन उपलब्ध होग़ा। बलौदाबाजार नगर तेजी से विकास हो रहा है जिसमें सभी का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी के 2047 तक विकसित भारत संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश बनाने सबका सहयोग जरुरी है। इसके पूर्व मंत्री द्वय ने चौपाटी का भ्रमण कर स्टॉलो और दुकानों का अवलोकन किया और लोगों की प्रतिक्रिया भी जानी। उन्होंने लोगों से चौपाटी का आनंद लेने और स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। फूड जोन और चिल्ड्रेन प्ले एरिया*-चौपाटी में एक आधुनिक फूड स्टॉल और रेस्टोरेंट विकसित किए गए हैं जिसमें एक दर्जन से अधिक स्टॉल है। इसके अलावा, बच्चों के लिए चिल्ड्रन प्ले एरिया में झूले और अन्य मनोरंजन साधन उपलब्ध कराए गए हैं।चौपाटी में सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए पार्किंग की व्यवस्था, फ्लोटिंग फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट और फ्लोटिंग जेट्टी जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। इसके अलावा, चौपाटी में कांक्रीट सड़क और लॉन जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई है। इस चौपाटी के शुरू ही जाने से शहरवासियो को मनोरंजन का एक नया केन्द्र मिल गया है। युवा और बच्चे मनोरंजन के लिये वहीं बुजुर्ग सरोवार के चारों तरफ बने पाथ-वे में वाकिंग के लिये आ सकते हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन,जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा,लक्ष्मी बघेल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव,भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी,नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महाले सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

नर्मदा नदी के घाटों पर तैयार होंगे पानी पर तैरते हुए अस्पताल

भोपाल. मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के घाटों पर फ्लोटिंग अस्पताल शुरू कर नदी एम्बुलेंस का विस्तार किया जाएगा। इससे घाट पर आने वाले तीर्थयात्रियों, परिक्रमावासियों, आगंतुकों और स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में सुगमता होगी। राज्य सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल आलीराजपुर, धार और बड़वानी जिलों में नदी किनारे बसे लोगों को चिकित्सीय सुविधाएं देने के लिए नदी एम्बुलेंस शुरू की गई हैं, जो आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार व दवाएं उपलब्ध कराने में मददगार साबित होंगी। आदिवासी इलाकों के लिए महत्वपूर्ण कदम खासकर बाढ़ प्रभावित और दूरदराज के आदिवासी इलाकों के लिए यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके अलावा वेलनेस और योग टूरिज्म में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए घाटों पर योग, ध्यान केंद्र और पार्क निर्माण भी किए जाएंगे। नर्मदा के घाटों पर प्रतिदिन 2.5 लाख आते हैं श्रद्धालु नर्मदा नदी के 861 घाटों पर प्रतिदिन लगभग 2.5 लाख से अधिक पर्यटक, श्रद्धालु, तीर्थयात्री आते हैं। 396 सूक्ष्म आकार के घाटों पर एक लाख आठ हजार से अधिक, 338 मध्यम आकार के घाटों पर 95 हजार और 116 वृहद आकार के घाटों पर 65 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं।

बीच सड़क पर शराब पीने से रोका तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी का फोड़ा सिर

इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली अंडरपास में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी ने ड्राइवर और क्लीनर को शराब पीने से रोका तो उन्होंने पत्थर से सिर फोड़ दिया। वह लहूलुहान हालत में कनाड़िया थाने गया तो वहां भी उसकी मदद नहीं की गई। इसके बाद वह स्वयं इलाज करवाकर घर लौट गया। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपित ड्राइवर और मालिक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। यातायात पुलिसकर्मी अनुराग शर्मा ने बताया कि बिचौली अंडर ब्रिज पर स्कीम 140 पर भारी वाहन प्रवेश रोकने के लिए बल लगाया था, वहां मेरी ड्यूटी थी। एक चार पहिया वाहन में दो लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इस पर उन्हें रोका और आरक्षक विष्णु भदौरिया को बुलाया। जिसके पास वायरलेस सेट था, उसे कहा कि आगे सूचना दी जाए। इस पर ड्राइवर ने हाथ जोड़कर कहा कि मालिक पीछे ही रहते हैं, उन्हें बुला लेता हूं। मालिक ने आते ही ड्राइवर-क्लीनर को भगाया पुलिसकर्मी ने बताया कि मालिक आया और ड्राइवर-क्लीनर को मौके से भगा दिया। इसके बाद वह अपशब्द कहने लगा। इस पर उसे पकड़ लिया था, इसके बाद छोड़ा तो पीछे से आकर सिर पर पत्थर मार दिया। इसके बाद कनाड़िया थाने गया और वहां पांच मिनट बैठा रहा। मुझे उम्मीद थी कि कोई मदद करेगा। थाने में खून टपक रहा था फर्श पर लेकिन इसके बावजूद कोई पुलिसकर्मी मदद के लिए नहीं आया। इसके बाद गुस्से में घर चले गया। मामले में यातायात डीसीपी आनंद कलादगी का कहना है कि आरोपित शराब पी रहे थे, इस पर ट्रैफिक कर्मचारी वहां पहुंचा। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कनाड़िया पुलिस ने पुलिसकर्मी की मदद की और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया।