samacharsecretary.com

RLM में भारी फेरबदल—प्रदेश व जिला इकाइयां भंग, कोर कमेटी की बैठक में मंजूरी

पटना  राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की प्रदेश और सभी जिला इकाइयां तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई है। रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद उपेन्द्र कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। जानकारी के मुताबिक फिलहाल पार्टी संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए पांच सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया गया है। समिति का संयोजक मदन चौधरी को बनाया गया है। सुभाष चंद्रवंशी, प्रशांत पंकज, हिमांशु पटेल और आरके सिन्हा को सदस्य नामित किया गया है। समिति की जिम्मेदारी पार्टी के सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों के संचालन से लेकर अंतरिम संगठनात्मक प्रबंधन तक रहेगी। रालोमो की कोर कमेटी की बैठक में उपेंद्र कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें बैठक माधव आनंद, आलोक सिंह, रामपुकार सिन्हा, जंगबहादुर सिंह, अंगद कुशवाहा और स्मृति कुमुद सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। आपको बता दें बिहार चुनाव में एनडीए की सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम 6 सीटों पर लड़कर 4 सीटें जीतने में सफल रही थी। कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सासाराम सीट से जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। वहीं बिना चुनाव लड़े कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को नीतीश कैबिनेट में जगह मिली है। उन्हें पंचायती राज मंत्री बनाया गया है।  

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: नोट लूट रहे युवक को हेड कांस्टेबल ने मारी गोली, पिस्टल बरामद

नई दिल्ली  दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बारात में नोट लूट रहे एक लड़के की सीआईएसएफ में तैनात हेड कांस्टेबल ने गोली मारकर हत्या कर दी। उसे उत्तर प्रदेश में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी दूल्हे की बुआ का बेटा है। वह छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने आया था। दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार रात बारात में 14 साल का नाबालिग लड़का नोट लूटने लगा। इससे नाराज होकर बारात में शामिल सीआइएसएफ के हेडकांस्टेबल ने पिस्टल निकालकर मासूम के सिर में गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हालत में नाबालिग को डा. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मानसरोवर पार्क थाने में हत्या व आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उसे रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित भरताना गांव में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान उसकी पहचान मदन गोपाल तिवारी के रूप में हुई है। आरोपी दूल्हे की बुआ का बेटा है। वह छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने आया था। फिलहाल उसकी तैनाती कानपुर, यूपी में है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि साहिल अपने परिवार के साथ नत्थू कालोनी की झुग्गियों में रहता था। परिवार में माता-पिता व दो भाई हैं। पिता सिराजुद्दीन दिहाड़ी श्रमिक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई नहीं करता था। वह शनिवार रात को अपने छोटे भाई व दोस्तों के साथ मानसरोवर पार्क गया था। मानसरोवर पार्क थाने के पास ही सामुदायिक भवन है। रात करीब दस बजे बारात में घुड़चढ़ी हो रही थी। बारात में शामिल लोग नाचते हुए नोट लुटा रहे थे। साहिल नोट लूटने लगा। इसी दौरान उसे पहले आरोपी ने पकड़कर पिटाई की और देखते ही देखते जेब से पिस्टल निकालकर कनपटी पर गोली मार दी। साहिल का छोटा भाई भागता हुआ घर पहुंचा और वारदात की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने गंभीर घायल हालत में उसे हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी मे रखवाने के बाद केस दर्ज करके जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में उसके साथ कोई और भी तो शामिल नहीं था।  

कोडीन सिरप घोटाले पर बड़ी कार्रवाई: फरार होने की तैयारी में पकड़ा गया शुभम जायसवाल का पिता

वाराणसी उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सक्रिय कफ सिरप तस्करी गिरोह के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के पिता भोला जयसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी थाईलैंड भागने की तैयारी में था। कोलकाता एयरपोर्ट से आरोपी को सोनभद्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा का नेटवर्क झारखंड से बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक कफ सिरप की सप्लाई कर रहा था. इस मामले में वाराणसी कोतवाली में एक एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद समेत कुल 28 लोगों के नाम शामिल हैं। कफ सिरप की बोतलें बरामद  अक्टूबर में जब पुलिस ने सोनभद्र के चुर्क लाइन मोड़ के पास दो कंटेनरों की जांच की तो 1 लाख 20 हजार से अधिक कफ सिरप की बोतलें नमकीन के पैकेटों के बीच छिपी मिलीं। इस केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह गाजियाबाद में भी चूने के बोरों में छिपाकर एक बड़ी खेप पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश भेजने की तैयारी चल रही थी। 2 करोड़ की कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद जांच के दौरान अब वाराणसी में एक जिम के नीचे स्थित गोदाम से करीब 2 करोड़ रुपये की कोडीन आधारित कफ सिरप बरामद हुई है। पेंट की बाल्टियों के भीतर रखी इन बोतलों का सुराग भी सीधे शुभम जायसवाल से जुड़ रहा है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि बरामद सिरप और पैटर्न की बारीकी से जांच की जा रही है। बांग्लादेश में 8–10 गुना कीमत पर बिकती थी बोतलें सूत्रों के अनुसार, तस्करी का अंतिम ठिकाना बांग्लादेश था। पश्चिम बंगाल बॉर्डर तक खेप पहुंचाने के बाद, छोटे कैरियर साइकिल आदि माध्यमों से इसे सीमा पार कराते थे। बांग्लादेश में इसकी कीमत भारत की तुलना में 8 से 10 गुना अधिक मिलती थी। इसी गैरकानूनी कारोबार ने शुभम को महज तीन वर्षों में करोड़ों की अवैध संपत्ति का मालिक बना दिया।   शैली ट्रेडर्स के नाम पर चलता था कारोबार शुभम जायसवाल रांची में रजिस्टर्ड अपनी फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ के जरिए इस पूरे रैकेट को संचालित करता था। उसके तार विभिन्न राज्यों से जुड़े पाए गए हैं। अब 100 करोड़ रुपये से अधिक की कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में शुभम सहित 28 लोगों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। SIT कर रही हर पहलू की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित की गई है, जो नेटवर्क, सप्लायर, ट्रांसपोर्ट चैनल और फंडिंग सहित हर पहलू की गहन जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट के और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

प्रदूषण का कहर! देश के सबसे दूषित दो शहर हरियाणा में दर्ज

हरियाणा  दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर है। हरियाणा की बात करें तो कई शहरों में प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। देशभर के सबसे प्रदूषित शहरों में प्रदेश का सोनीपत और बहादुरगढ़ सबसे प्रदूषित हैं। वहीं देश के 7 सबसे प्रदूषित शहरों में 4 हरियाणा के शहर हैं।  जानें कौन से शहर कितना रहा एक्यूआई बता दें कि सोनीपत शनिवार को देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। सोनीपत का एक्यूआई 329 रहा। बहादुरगढ़ दूसरे स्थान पर रहा और एक्यूआई 322 दर्ज किया गया। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के नोएडा और हापुड़ का एक्यूआई 310 रहा। इसके बाद हरियाणा के धारूहेड़ा का 309 एक्यूआई दर्ज किया गया। दिल्ली देश में प्रदूषित शहरों में छठवें स्थान पर रहा। यहां का एक्यूआई 305 है। प्रदेश के चरखी दादरी की हवा भी खराब रही और एक्यूआई 304 रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने सुपुत्र का पाणिग्रहण संस्कार सामूहिक विवाह समारोह में कर मिसाल प्रस्तुत की

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पुत्र डॉ. अभिमन्यु और डॉ. इशिता सामूहिक विवाह सम्मेलन में परिणय सूत्र में बंधे योग गुरू स्वामी रामदेव ने मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया 21 जोड़ों का विवाह संस्कार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आमंत्रण पर सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने उज्जैन पहुंचे कई विशिष्ट अतिथि भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सरोकार, समरसता और सादगी की मिसाल प्रस्तुत करते हुए अपने छोटे पुत्र का पाणिग्रहण संस्कार उज्जैन में हुए सामूहिक विवाह समारोह में संपन्न कराया। योग गुरू स्वामी रामदेव ने 21 जोड़ों के सामूहिक विवाह संस्कार कार्यक्रम का संचालन किया। स्वामी रामदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने ऐसी मिसाल प्रस्तुत की है। देश के प्रभावशाली, राजनीतिक और धनी व्यक्तियों के लिए यह एक अनुकरणीय पहल है। विवाह की इस प्रक्रिया के अनुसरण से शादियों में होने वाले अपव्यय को रोका जा सकेगा और मध्यम तथा निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों को प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह भाव "सबका साथ-सबका विकास" की भावना के अनुरूप है। उज्जैन में रविवार को सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पुत्र चिरंजीव डॉ. अभिमन्यु का डॉ. इशिता के साथ विवाह यादगार बन गया। एक ही पंडाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पुत्र के साथ जन-सामान्य के पुत्र-पुत्रियों के विवाह ने अद्भुत आत्मीयता और समानता के भाव का संचार किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने समस्त नव-दंपतियों को बधाई दी। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक समरसता का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में सामूहिक विवाह स्थल पर पधारे अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में सनातन की परंपरा के अनुसार विवाह के कार्यक्रम हो रहे हैं। सामूहिक विवाह समारोह में समाज के सभी वर्गों के नव-दंपति सम्मिलित हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के वर-वधू भी शामिल हैं। सामूहिक विवाह समारोह में पधारे पं. धीरेंद्र शास्त्री महाराज ने कहा कि ऐसे सामूहिक एवं कम खर्च वाले विवाह समारोहों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। समाज का हर वर्ग इस प्रकार की व्यवस्था को स्वीकार करते हुए आगे बढ़े। वर्तमान समय में देश को नवाचारी ढंग से सोचने की आवश्यकता है। पं. शास्त्री ने कहा कि इस विवाह समारोह के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश जीवंत हो रहा है। सामूहिक विवाह समारोह में भेदभाव से परे सामाजिक समरसता का दृश्य नजर आ रहा था। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद मनसा देवी ट्रस्ट हरिद्वार के अध्यक्ष एवं महंत श्री रवींद्र पुरी महाराज और जूना अखाड़ा के मुख्य संरक्षक और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री पूज्य स्वामी हरि गिरि महाराज की ओर से सभी नव दंपतियों को एक-एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पुत्र डॉ. अभिमन्यु और पुत्रवधु डॉ. इशिता सहित सभी नव दंपतियों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की भावना के अनुरूप भोजन व्यवस्था सामूहिक विवाह समारोह की भावना के अनुरूप रही। सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के आयोजकों ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सहयोग दिया। कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत, केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय राज्य मंत्री जनजातीय मामले श्री दुर्गादास उईके, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, अन्य मंत्रीगण, विधायक और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और उनके मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।  

जांच में बड़ा खुलासा: शाहीन महिलाओं को आतंकी नेटवर्क से जोड़ने की फिराक में!

चंडीगढ़   दिल्ली बम विस्फोट से जुड़े ‘सफेदपोश' आतंकी मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार डॉ. शाहीन सईद ने खुलासा किया है कि उसने आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने के लिए महिलाओं की भर्ती करने की योजना बनाई थी। फरीदाबाद पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़ी शाहीन को जांच के सिलसिले में वीरवार को विश्वविद्यालय परिसर में लेकर आई थी। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने के लिए महिलाओं की भर्ती करने की योजना बनाई थी। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि एनआईए के अधिकारियों ने विश्वविद्यालय में शाहीन के छात्रावास के कमरे से 18.5 लाख रुपये नकद, कुछ सोने के बिस्कुट और विदेशी मुद्रा बरामद की। इस सप्ताह की शुरुआत में, जांच एजेंसी डॉ. मुजम्मिल को पहचान के लिए लाई थी और जल्द ही एनआईए डॉ. आदिल अहमद को भी पहचान के लिए विश्वविद्यालय ला सकती है। मुजम्मिल और आदिल अहमद लाल किला विस्फोट जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए दो अन्य संदिग्ध हैं। सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि शाहीन चार साल तक सऊदी अरब में भी रही थी। उसने 2014 से 2018 तक सऊदी अरब के एक मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में काम किया। परिसर में शाहीन से हुई पूछताछ के दौरान, एनआईए की टीम उसे मेडिकल वार्ड, कक्षा और उसके कक्ष में ले गई, ताकि उसकी गतिविधियों और संपर्कों का विवरण जुटाया जा सके।  एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एजेंसी ने उन लोगों की सूची तैयार की है, जिनसे शाहीन ने बातचीत की थी। एनआईए की टीम शाहीन को एक केमिकल की दुकान पर भी ले गई, जहां से डॉ. मुजम्मिल ने कथित तौर पर विस्फोटक बनाने के लिए सामग्री खरीदी थी। लगभग 4 घंटे की जांच और पूछताछ के बाद शाहीन को रात लगभग 9 बजे दिल्ली वापस ले जाया गया।

देश के एकमात्र माँ भद्रकाली शक्तिपीठ में उपराष्ट्रपति का दर्शन–पूजन, चढ़ाए चांदी के घोड़े

कुरूक्षेत्र हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ देवीकूप भद्रकाली मंदिर कुरुक्षेत्र में आज अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने आए भारत देश के उपराष्ट्रपति सी .पी. राधाकृष्णन माँ भद्रकाली की विशेष पूजा करने पहुंचे।  भव्य रूप से सजे शक्तिपीठ में सर्वप्रथम पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा व टीम के द्वारा उपराष्ट्रपति का पुष्प गुच्छे से स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति के साथ हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मंदिर पहुंचे थे। ततपश्चात उपराष्ट्रपति की मंत्रोचारण, पान पत्तों व कमल पुष्पों के साथ देवीकूप पर पूजा करवाई गई, जिस प्रकार महाभारत युद्ध से पहले पांडवों ने भगवान कृष्ण के साथ यहां पूजा की थी, उसी तरह आज धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव में शामिल होने आए उपराष्ट्रपति ने भी माँ भद्रकाली के दर्शन कर इसी परम्परा को निभाया और विशेष पूजा के साथ परिक्रमा कर चांदी घोड़े माँ के चरण में अर्पित किए। इस दौरान अर्जुन कृत मंत्रों का पाठ किया गया। 

अवैध प्रवासियों पर सरकार से सवाल जवाब: सचिन पायलट ने SIR मुद्दे पर कसा तंज

टोंक कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने SIR (मतदाता सूची सुधार अभियान) और कर्नाटक की राजनीतिक स्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा महत्वपूर्ण है क्योंकि चुनाव आयोग ने सभी फॉर्म 4 दिसंबर से पहले भरने की समयसीमा तय की है। पायलट ने कहा, “वे चाहते हैं कि SIR यहीं जल्दी पूरी हो जाए, जैसे बिहार में किया गया। लेकिन हम इसमें सावधानीपूर्वक कार्रवाई कर रहे हैं। मैंने हमेशा देखा है कि भाजपा के नेता, गृहमंत्री और प्रधानमंत्री कहते रहे हैं कि अवैध प्रवासियों को बाहर निकालना जरूरी है। अगर कोई अवैध रूप से देश में रह रहा है, तो उसे देश से बाहर निकाला जाए। लेकिन मुझे बताइए, पिछले 11 वर्षो में भारतीय सरकार ने कितने अवैध प्रवासियों को देश से निकाला?” सचिन पायलट ने आगे कहा, “चुनाव आते हैं और प्रवासियों का नाम लेते हैं, लेकिन आखिर में किसके वोट काटने की कोशिश हो रही है? गरीब, पिछड़े, दलित और आदिवासी। संविधान ने इन लोगों को अधिकार दिए हैं, और अगर उनके नाम हटाए जाते हैं, तो लोकतंत्र में इससे बड़ा पाप और क्या होगा। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करनी चाहिए कि 18 वर्ष से अधिक उम्र का हर नागरिक, जिसे वोट का अधिकार है, उससे कोई वंचित न हो। यह देश में पहली बार SIR नहीं हो रहा है। कई BLO (बुनियादी स्तर के अधिकारी) मानसिक दबाव में आकर आत्महत्या कर रहे हैं। इसलिए मैं कहता हूं कि काम निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए।” कर्नाटक में मुख्यमंत्री के खिलाफ चल रहे विवाद पर पायलट ने कहा, “जो आप देख रहे हैं और सुन रहे हैं, मामला कुछ और है। दोनों, राज्य अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने सरकार बनाने के लिए मेहनत की। वे इसे साथ में चला रहे हैं और साथ में इसे दोबारा सफल बनाएंगे।” सचिन पायलट ने यह भी जोर देते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता और सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दामाखेड़ा आश्रम में धर्मगुरु प्रकाश मुनिनाम से की सौजन्य भेंट

धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर हुई चर्चा रायपुर, महान संत कबीर साहेब जी के पावन स्थल दामाखेड़ा आश्रम में संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने प्रकाश मुनिनाम साहेब जी से सौजन्य भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धार्मिक विषयों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी गहन चर्चा हुई।     कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री ओ पी चौधरी, विधायक श्रीमती भावना बोहरा, किरण सिंह देव एवं कृष्णा राय भी उपस्थित थे। सभी ने संत कबीर एवं उनके उपदेशों की वर्तमान समाज में प्रासंगिकता के बारे में विचार साझा किए।    धर्मगुरु प्रकाश मुनिनाम साहेब जी ने कहा कि संत कबीर जी के संदेश आज भी अज्ञानता और भेदभाव मिटाने में हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने पर्यटन मंत्री  राजेश अग्रवाल के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यहाँ आने से उन्हें आध्यात्मिक बल मिला है।     उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि धार्मिक मेलजोल और सामाजिक समरसता के लिए ऐसे आश्रम और पावन स्थल महत्वपूर्ण हैं। कल्याणकारी योजनाओं में धर्म  और  संस्कृति का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ाने की दिशा में किए व्यापक प्रयास

निवेश मित्र के जरिए सेवाओं के डिजिटलीकरण से उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने में मिली मदद लखनऊ उत्तर प्रदेश को 'उद्यम प्रदेश' के रूप में परिवर्तित कर 'विकसित उत्तर प्रदेश' के विजन को साकार करने में जुटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। प्रशासनिक प्रणाली को अधिक दक्ष, तकनीक आधारित व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने व्यापक सुधारों को लागू किया है, जिनका सीधा लाभ निवेशकों व उद्यमियों को मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा लागू 4,675 प्रशासनिक सुधार, 2,500 व्यवसाय केंद्रित बदलाव तथा निवेश मित्र के माध्यम से सेवाओं का डिजिटलीकरण उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को अधिक सरल और बाधारहित बनाने में सहायक सिद्ध हुए हैं। इसके साथ ही इंटेंट फाइलिंग, लेटर ऑफ अप्रूवल और अन्य अधिकतर नियामक प्रक्रियाएं अब डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो गई हैं। इससे निवेशकों को किसी भी भौतिक परेशानी या दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह सुधारमूलक दृष्टि प्रदेश को देश के सबसे निवेशक अनुकूल राज्यों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। डिजिटल नवाचार, पारदर्शी निर्धारण प्रक्रिया तथा प्रदर्शन आधारित प्रशासनिक संस्कृति ने प्रदेश को उद्योगों के लिए नई ऊर्जा व मजबूत आधार प्रदान किया है। व्यापक प्रशासनिक सुधारों से प्रक्रियाएं हुईं सरल और पारदर्शी निवेशकों को अनावश्यक सरकारी बाधाओं का सामना न करना पड़े, इस उद्देश्य से योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में व्यापक स्तर पर सुधार किए। कुल 4,675 सुधारों के माध्यम से मंजूरी, पंजीकरण और अनुपालन से जुड़ी जटिलताओं में प्रभावी कमी आई है। 2,500 व्यवसाय केंद्रित सुधारों ने उद्योग स्थापना को सहज और समय तथा लागत की दृष्टि से अधिक व्यवहारिक बनाया है। राज्य सरकार ने उपयोगकर्ता केंद्रित और भाषा सुगमता आधारित प्रणालियों को भी बढ़ावा दिया है, जिससे प्रक्रियाओं को समझना और पूरा करना निवेशकों के लिए और अधिक सुलभ हुआ है। यूपीसीडा में केपीआई आधारित कार्य संस्कृति लागू, निवेशकों के भरोसे में वृद्धि योगी सरकार की कार्यप्रणाली में जवाबदेही व प्रदर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) में की पॉइंट इंडिकेटर्स (केपीआई) आधारित पदोन्नति और मूल्यांकन प्रणाली लागू की गई है। इससे अधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आवेदन प्रोसेसिंग की गति भी इसके परिणामस्वरूप बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2018-19 में जहां 625 आवेदन प्रोसेस हुए थे, वहीं 2025-26 में आवेदन प्रोसेसिंग की संख्या बढ़कर 3,059 हो गई है। यह 389 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि है। निवेशकों की संतुष्टि दर भी 96.32 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो यह दर्शाती है कि यूपीसीडा की सेवाएं समयबद्ध और निवेशक अनुकूल हैं। यह परिवर्तन बताता है कि योगी सरकार की निवेशक केंद्रित नीतियां प्रशासनिक ढांचे में प्रभावशाली बदलाव ला रही हैं। निवेश मित्र के जरिए सरल व पारदर्शी हुई प्रक्रिया निवेशकों की सुविधा के लिए विकसित निवेश मित्र ने प्रदेश में निवेश प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़कर सरल और पारदर्शी बनाने में बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश में निवेश मित्र 2.0 क्रियान्वित है और जल्द ही निवेश मित्र 3.0 को लागू किए जाने की दिशा में कार्य जारी है। उल्लेखनीय है कि निवेश मित्र पोर्टल कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डैशबोर्ड पर कार्य करता है, जो रीयल टाइम डाटा विश्लेषण, विभिन्न रुझानों और निर्णयात्मक जानकारी को उपलब्ध कराता है। इस पोर्टल में शिकायत निवारण की मजबूत प्रणाली है, जो व्हाट्सऐप, एसएमएस और ईमेल के माध्यम से निवेशकों को निरंतर अपडेट भेजती है। कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म उपयोगकर्ता केंद्रित, गतिशील और भाषा अनुकूल है, जबकि केवाईए यानी नो योर अप्रूवल्स सुविधा निवेशकों को आवश्यक अनुमोदनों की संपूर्ण जानकारी प्रदान करती है। निवेश मित्र 3.0 के माध्यम से निवेशकों को जीआईएस आधारित लैंड बैंक तथा औद्योगिक भूखंडों की लाइव मैपिंग की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी, जिससे भौतिक जांच की आवश्यकता समाप्त होगी तथा नोडल एजेंसियों के साथ पारदर्शी समन्वय सुनिश्चित होगा। वर्तमान में, निवेश मित्र के जरिए 43 से अधिक विभागों की 525 से अधिक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं जिससे लाइसेंसिंग, अनुमोदन, प्रमाणन और अन्य सभी प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो रही हैं।