samacharsecretary.com

बैडमिंटन स्टार पी.वी. सिंधु का वैश्विक सम्मान, BWF एथलीट्स कमीशन की कमान संभाली

नई दिल्ली दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय शटलर पी.वी. सिंधु को 2026–29 कार्यकाल के लिए बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) की एथलीट्स कमीशन का चेयरपर्सन चुना गया है। इस भूमिका के साथ ही सिंधु बीडब्ल्यूएफ काउंसिल की सदस्य के रूप में भी सेवाएं देंगी, जिससे विश्व बैडमिंटन की नीतियों और प्रशासन में खिलाड़ियों की आवाज और मजबूत होगी। इसके अलावा, हांगकांग चीन के चान हो यूएन डैनियल को पैरा बैडमिंटन एथलीट्स कमीशन का चेयर चुना गया है। सिंधु वर्ष 2017 से बीडब्ल्यूएफ एथलीट्स कमीशन की सदस्य रही हैं और 2020 से बीडब्ल्यूएफ इंटीग्रिटी एंबेसडर की भूमिका भी निभा रही हैं। 2019 की विश्व चैंपियन सिंधु अपने लंबे अनुभव और प्रभावशाली व्यक्तित्व के साथ इस अहम जिम्मेदारी को संभालेंगी। इस मौके पर सिंधु ने कहा, “मैं इस भूमिका को गहरी जिम्मेदारी और उद्देश्य के साथ स्वीकार करती हूं। एथलीट्स कमीशन की चेयर के रूप में मेरा फोकस यह सुनिश्चित करना होगा कि खिलाड़ियों की आवाज हर स्तर पर साफ, निरंतर और सम्मान के साथ सुनी जाए। मैं इस भूमिका को खिलाड़ियों और प्रशासन के बीच एक सेतु के रूप में देखती हूं। साथी खिलाड़ियों द्वारा मुझ पर जताया गया भरोसा मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं पूर्व चेयर ग्रेसिया पोली को उनके शानदार कार्य के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।” सिंधु की डिप्टी चेयर नीदरलैंड्स की डेबोरा जिले होंगी। दक्षिण कोरिया की एन से यंग, मिस्र की दोहा हानी और चीन की जिया यी फैन भी कमीशन की अन्य खिलाड़ी प्रतिनिधि हैं। पैरा बैडमिंटन में, चान हो यूएन डैनियल ने इस साल की शुरुआत में अंतरिम चेयर के रूप में कार्य किया था और अब वह इस भूमिका को पूर्णकालिक रूप से निभाएंगे। दो बार के पैरालंपियन रह चुके डब्लूएच2 खिलाड़ी चान ने कहा, “बीडब्ल्यूएफ पैरा एथलीट्स कमीशन का चेयर चुना जाना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। यह न केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दुनिया भर के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों की मेहनत और प्रगति की पहचान भी है।” डेनमार्क की कैथरीन रोसेनग्रेन उनकी डिप्टी होंगी। अमेरिका की एमी बर्नेट, फ्रांस के गुइयोम गैली, भारत के अबू हुबैदा और मिस्र के तारेक अब्बास घरीब ज़हरी कमीशन के अन्य सदस्य हैं। इस बीच, ईरान की सोराया अगाएई हाजी आगा, जो टोक्यो 2020 ओलंपिक में ईरान का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी थीं, को हाल ही में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की एथलीट्स कमीशन के पांच नए सदस्यों में शामिल किया गया है।  

लिवरपूल एफसी मैच में विवादित रेड कार्ड, टॉटेनहम को बड़ा झटका; रोमेरो पर लग सकता है लंबा प्रतिबंध

लंदन टॉटेनहम हॉटस्पर के कप्तान क्रिस्टियन रोमेरो पर लिवरपूल के खिलाफ मैच में रेड कार्ड मिलने के बाद लंबा प्रतिबंध लग सकता है। इंग्लैंड की फुटबॉल एसोसिएशन (एफए) ने उन पर मैदान छोड़ने में देरी करने और रेफरी के प्रति “आक्रामक” रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए औपचारिक चार्ज लगाया है। पिछले शनिवार को खेले गए प्रीमियर लीग मुकाबले में टॉटेनहम को लिवरपूल के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में रोमेरो को लिवरपूल डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे को किक मारने के लिए दूसरा येलो कार्ड दिखाया गया, जिसके बाद रेफरी जॉन ब्रूक्स ने उन्हें मैदान से बाहर भेज दिया। रोमेरो के आउट होने से स्पर्स की स्थिति और खराब हो गई, क्योंकि इससे पहले ही पहले हाफ में ज़ावी सिमंस को गंभीर फाउल प्ले के लिए रेड कार्ड दिखाया जा चुका था और टीम नौ खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी। अर्जेंटीना के सेंटर-बैक रोमेरो को इससे पहले लिवरपूल के दूसरे गोल के दौरान ह्यूगो एकितीके द्वारा कथित धक्का दिए जाने पर विरोध जताने के लिए येलो कार्ड मिला था। नियमों के अनुसार एक ही मैच में दो येलो कार्ड मिलने पर वह स्वतः ही रेड कार्ड में बदल जाता है। रेड कार्ड के चलते रोमेरो पर फिलहाल एक मैच का स्वचालित प्रतिबंध लग चुका है, जिसके कारण वह रविवार को क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ होने वाले लंदन डर्बी में नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, एफए के आरोपों में दोषी पाए जाने पर उन पर अतिरिक्त सजा और लंबा प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। रोमेरो को 2 जनवरी तक इस आरोप का जवाब देना होगा। आने वाले दिनों में टॉटेनहम का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त है। टीम 01 जनवरी को ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ खेलेगी, 4 जनवरी को संडरलैंड की मेजबानी करेगी और इसके तीन दिन बाद बॉर्नमाउथ का दौरा करेगी। एफए के बयान में कहा गया, “यह आरोप है कि रोमेरो ने 93वें मिनट में रेड कार्ड मिलने के बाद तुरंत मैदान नहीं छोड़ा और/या मैच रेफरी के प्रति टकरावपूर्ण अथवा आक्रामक व्यवहार किया।” इस सीजन प्रीमियर लीग में रोमेरो पहले ही सात येलो कार्ड प्राप्त कर चुके हैं। वहीं टॉटेनहम के मुख्य कोच थॉमस फ्रैंक ने रेफरी जॉन ब्रूक्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फ्रैंक का कहना है कि रेफरी ने अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया। फ्रैंक ने कहा, “मैदान पर जॉन ब्रूक्स से बड़ी गलती हुई। एकितीके ने साफ तौर पर दो हाथों से धक्का दिया। मुझे समझ नहीं आता कि उन्होंने यह कैसे नहीं देखा। वीएआर का होना इसलिए है कि ऐसी गलतियां सुधारी जाएं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।” उन्होंने कहा, “अगर उस दूसरे गोल से पहले रेफरी ने अपना काम ठीक से किया होता, तो रोमेरो को पहला येलो कार्ड ही नहीं मिलता। मेरे पास एक बेहद जुनूनी खिलाड़ी है, और ऐसे खिलाड़ियों के साथ कभी-कभी सीमा तक जाना पड़ता है।” इस हार के बाद टॉटेनहम अंक तालिका में 14वें स्थान पर खिसक गया है, जिससे जून में एंजे पोस्टेकोग्लू के जाने के बाद टीम की कमान संभालने वाले थॉमस फ्रैंक पर दबाव और बढ़ गया है।  

डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिल्स की कप्तानी करेंगी जेमिमा रोड्रिग्स

मुंबई दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 2026 सत्र के लिए मेग लैनिंग की जगह बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को कप्तान बनाया है। लैनिंग की कप्तानी में दिल्ली की टीम तीन बार टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंची है पर एक बार भी खिताब नहीं जीत पायी है। दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने पहले ही कहा था कि इस बार टीम की कमान किसी भारतीय खिलाड़ी को ही दी जाएगी। दिल्ली की टीम में दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी बल्लेबाज लाउरा वोलवार्ट भी शामिल हैं। वोलवार्ट की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की टीम महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी पर इसके बाद भी दिल्ली ने जेमिमा पर भरोसा जताया है। डब्ल्यूपीएल में जेमिमा का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस बल्लेबाज ने 27 मैचों में तीन अर्धशतक के साथ ही 28.16 के औसत से 507 रन बनाए हैं, और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139.66 का रहा है। उनका इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक स्कोर नाबाद 69 रन रहा है। दिल्ली कैपिटल्स डब्ल्यूपीएल 2026 में अपने पहले मुकाबले में 10 जनवरी को मुंबई इंडियंस से खेलेगी। जेमिमा ने कप्तान बनाये जाने पर खुशी जतायी है। साथ ही कहा, दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान बनना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। मैं टीम के मालिकों और सहयोगी स्टाफ की आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताते हुए मुझे इस टीम का नेतृत्व करने का अवसर दिया। यह शानदार अवसर मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। इस बल्लेबाज ने कहा, मैंने पिछले तीन वर्षों में बहुत कुछ सीखा है और दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने कुछ बेहतरीन पल साझा किए हैं। हमारे पास एक मजबूत टीम है और मैं मैदान में उतरने के लिए उत्सुक हूं क्योंकि हम एक बहुत ही अच्छे सत्र की उम्मीद कर रहे हैं।  दिल्ली कैपिटल्स टीम : जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, मारिजाने कप्प, एनाबेल सदरलैंड, निकी प्रसाद, लाउरा वोलवार्ट, चिनेले हेनरी, श्री चरणी, स्नेह राणा, लिजेल ली, दीया यादव, तानिया भाटिया, ममता मादीवाला, नंदनी शर्मा, लुसी हैमिल्टन, मिन्नू मणि।  

देशभर में देशभक्ति का संदेश फैलाएगा एनसीसी साइकिल अभियान, पुणे से दिल्ली की ऐतिहासिक यात्रा शुरू

पुणे एनसीसी निदेशालय महाराष्ट्र की ओर से आयोजित ऐतिहासिक साइकिल अभियान ‘शौर्य के कदम, क्रांति की ओर’ को गुरुवार को पुणे के ऐतिहासिक शनिवार वाड़ा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान आगामी एनसीसी पीएम रैली 2026 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका समापन 27 जनवरी 2026 को दिल्ली में प्रधानमंत्री की ओर से साइकिल रैली टीम को हरी झंडी दिखाने के साथ होगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। यह अभियान महान मराठा योद्धा जनरल पेशवा बाजीराव प्रथम से प्रेरित है, जिन्होंने पुणे से दिल्ली तक सफल सैन्य अभियान का नेतृत्व किया था। उन्होंने मुगलों, पुर्तगालियों और निजाम के विरुद्ध 41 युद्ध जीतकर मराठा साम्राज्य का विस्तार किया। एनसीसी का यह साइकिल अभियान भी उसी ऐतिहासिक मार्ग की तर्ज पर लगभग 1680 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। अभियान के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित पांच राज्यों से गुजरते हुए एनसीसी कैडेट्स स्थानीय युवाओं को जोड़ेंगे और सड़क सुरक्षा, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, एकता और “राष्ट्र प्रथम” जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस साइकिल अभियान टीम का नेतृत्व ब्रिगेडियर सचिन गवली, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय अमरावती कर रहे हैं। टीम में 12 चयनित एनसीसी कैडेट शामिल हैं, जिनमें छह बालिका कैडेट भी हैं। इन कैडेट्स का चयन कठिन प्रक्रिया के बाद हुआ और उन्होंने तीन माह का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया है। झंडी दिखाने से पहले कैडेट्स ने पेशवा बाजीराव के जन्मस्थान सिन्नर और पुणे के शनिवार वाड़ा में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और श्रमदान जैसी सामाजिक सेवा गतिविधियां की। कैडेट्स ने शनिवार वाड़ा का लाइट एंड साउंड शो देखा और श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर में आशीर्वाद लेकर यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर मेजर जनरल विवेक त्यागी, एडीजी, एनसीसी निदेशालय महाराष्ट्र ने कैडेट्स की मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित बॉलीवुड अभिनेता विवान शाह ने भी कैडेट्स की प्रशंसा करते हुए जनता से उनके अभियान को समर्थन देने और विकसित भारत@2047 के युवा दूतों की भावना का उत्सव मनाने का आह्वान किया।  

‘टेस्ट में व्यस्त हैं जायसवाल’ – टी-20 वर्ल्ड कप चयन को लेकर पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान

नई दिल्ली  साल 2026 में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। इसको लेकर अब पूर्व क्रिकेटर और जाने माने कमेंट्रेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी राय दी है। आकाश चोपड़ा ने टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जायसवाल को चयनित ना किए जाने को गलत बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि टेस्ट क्रिकेट का स्टैंडर्ड भले ही काफी हाई हो, लेकिन विश्व कप की टीम में होना और विश्व कप खेलना अपने आप में बड़ी अहमियत रखता है। चोपड़ा ने यशस्वी जायसवाल को टीम में ना चुने जाने को लेकर कहा कि उन्हें टेस्ट खेलने की सजा मिली है। उनका कहना है कि अगर जायसवाल टेस्ट नहीं खेल रहे होते तो वर्ल्ड कप की टीम में होते। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल के हैश टैग आकाशवाणी प्रोग्राम में यशस्वी जायसवाल के टी-20 वर्ल्ड कप टीम में चयनित ना होने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि, "देखिए यशस्वी के साथ तो ऐसा प्रतीत होता है कि गलत ही हुआ है। 2024 की विश्व कप टीम में जो था, उसके बाद उसने कुछ गलत नहीं किया है, लेकिन टीम में नहीं है। ऐसा लगता है कि यशस्वी आउट ऑफ फेवर हैं। ना वो एशिया कप की टीम में था, ना विश्व कप की टीम में है। वास्तव में उन्हें सभी फॉर्मेट क्रिकेट खेलने का इनाम नहीं मिला है।" आकाश चोपड़ा कहते हैं कि "हकीकत तो यह है कि यशस्वी जायसवाल को टेस्ट क्रिकेट खेलने का नुकसान हुआ है। जायसवाल अगर टेस्ट नहीं खेल रहे होते तो टी-20 की टीम में होते। वर्ल्ड कप खेल रहे होते। टेस्ट क्रिकेट ग्रेट है, लेकिन वर्ल्ड कप की अहमियत ज्यादा है।" बता दें कि बीते दिनों जब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान हुआ तो जायसवाल को ना चुने जाने को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में काफी नाराजगी देखी गई। जायसवाल का टी-20 रिकॉर्ड काफी बेहतर है। उन्होंने साल 2023 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब से अब वे 23 टी-20 मैच खेले हैं, जिसकी 22 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 36.15 की औसत और 164.31 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 723 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।  

वनडे क्रिकेट में जो रूट का दबदबा: सबसे ज्यादा रन, रोहित-कोहली की भी टॉप-10 में एंट्री

नई दिल्ली  आईसीसी रैंकिंग्स में जो रूट दुनिया के नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज हैं। वे लंबे समय से इस पोजीशन पर बने हुए हैं। हालांकि, साल 2025 जो रूट के लिए टेस्ट में नहीं बल्कि वनडे क्रिकेट में शानदार गुजरा है। जो रूट साल 2025 में वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सामान्य तौर पर रूट के बारे में यह माना जाता है कि वे क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने वनडे क्रिकेट में भी अपना जलवा बिखेरा है। जो रूट ने साल 2025 में कुल 15 वनडे मैच खेले, जिसकी सभी 15 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 57.71 की शानदार औसत के साथ 808 रन बनाए हैं। इस साल उनके बल्ले से वनडे क्रिकेट में 3 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। जो रूट के बाद डैरिल मिचेल नंबर दो पर हैं। मिचेल ने 17 वनडे मैचों की 16 पारियों में 54.35 की औसत से 761 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर स्कॉटलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से हैं, जिन्होंने 73.50 की शानदार औसत से 11 वनडे मैचों की 11 पारियों में 735 रन बनाए हैं। साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्जके(706), वेस्टइंडीज के साई होप (670), पाकिस्तान के सलमान अली आगा (667) और अमेरिका के मिलिंद कुमार (652) क्रमश: चौथे, पांचवें, छठे और सातवें स्थान पर हैं। साल 2025 में वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम भी टॉप-10 में शामिल हैं। विराट कोहली इस सूची में 8वें स्थान पर हैं, वहीं रोहित शर्मा 9वें नंबर पर मौजूद हैं। बता दें कि विराट कोहली ने साल 2025 में कुल 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी सभी 13 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 65.10 की औसत से 651 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा के लिए भी यह साल अच्छा गुजरा है। उन्होंने 2025 में कुल 14 वनडे पारियों में बल्लेबाजी की है, जिसमें 50.00 की औसत से 650 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने 2025 में वनडे में 3 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं, वहीं रोहित शर्मा के नाम 2 शतक और 2 अर्धशतक हैं। वनडे में इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में 10वें नंबर पर न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र हैं। उन्होंने इस साल 14 मैचों में 604 रन बनाए हैं। इस दौरान रवींद्र की औसत 43.14 की रही है।  

इंग्लैंड के दिग्गज की बड़ी सलाह: एशेज में मात के बाद रवि शास्त्री को कोच बनाने की उठी मांग

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया में एक और निराशाजनक एशेज दौरे के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम पर दबाव बढ़ता जा रहा है। उन पर लगातार सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने ब्रेंडन मैकुलम की जगह रवि शास्त्री को मुख्य कोच बनाने का सुझाव दिया है। मोंटी पनेसर के अनुसार, रवि शास्त्री इंग्लैंड के मुख्य कोच के रूप में एक ऐसा विकल्प साबित हो सकते हैं जो ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराने की मानसिकता रखते हैं।   इंग्लैंड के 11 दिनों के भीतर एशेज हारने और दो टेस्ट शेष रहते हुए 0-3 से पिछड़ने के बाद पनेसर का मानना ​​है कि टॉप लीडरशिप में बदलाव जरूरी है। वे मानते हैं कि रवि शास्त्री इंग्लैंड के मुख्य कोच के लिए पूरी तरह से फिट हैं। पत्रकार रवि बिष्ट के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में पनेसर ने कहा कि इंग्लैंड को ऐसे कोच की जरूरत है जो ऑस्ट्रेलिया को उनकी ही परिस्थितियों में रणनीतिक और मानसिक दोनों तरह से हराने का तरीका जानता हो। पनेसर ने कहा, “आपको सोचना होगा, ऑस्ट्रेलिया को हराने का सही तरीका कौन जानता है? ऑस्ट्रेलिया की मानसिक, शारीरिक और रणनीतिक कमजोरियों का फायदा कैसे उठाया जाए? मुझे लगता है कि रवि शास्त्री को इंग्लैंड का अगला मुख्य कोच बनना चाहिए। ” पनेसर का रवि शास्त्री को इंग्लैंड का मुख्य कोच बनाए जाने का सुझाव पूरी तरह से उनके रिकॉर्ड पर आधारित है। शास्त्री के मुख्य कोच रहते हुए भारत ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार बॉर्डर- गावस्कर ट्रॉफी जीती। रवि शास्त्री के कार्यकाल में भारत ने पहली बार 2018-19 में इस सीरीज में अपना कब्जा जमाया। साल 2020-21 में भी रवि शास्त्री की कोचिंग में भारत ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में जीत हासिल की। बता दें कि मैकुलम को मई 2022 में इंग्लैंड का मुख्य कोच तब बनाया गया था, जब इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से 4-0 से एशेज सीरीज हार गया था। कोच बनने के बाद मैकुलम ने कप्तान बेन स्टोक्स के साथ मिलकर टीम में शुरुआती बदलाव किए थे, जिसका पहले पॉजिटिव रिजल्ट आया था। इंग्लैंड ने मैकुलम की कोचिंग में अपने पहले 11 टेस्ट मैचों में से 10 जीते थे, लेकिन बाद में वह लय थम गई। इंग्लैंड ने अपने अगले 33 मैचों में से 16 में हार का सामना किया है।

वर्ल्ड कप 2027 में फिर दिखेगा विराट का जलवा, भारत के लिए सबसे भरोसेमंद मैच विनर

नई दिल्ली  टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप खेलने के लिए खूब पसीना बहा रहे हैं। टेस्ट और टी20 से रिटायर होने के बाद उनके फ्यूचर पर तलवार लटकने लगी थी, मगर अपने फेवरेट फॉर्मेट को विराट कोहली यूं ही अलविदा नहीं कहने वाले। इंटरनेशनल क्रिकेट में इस साल धूम मचाने के बाद विराट कोहली डोमेस्टिक क्रिकेट में भी अपना लोहा मनवा रहे हैं। बुधवार, 24 दिसंबर से शुरू हुए विजय हजारे टूर्नामेंट के पहले ही मैच में उन्होंने शतक जड़ दिया। लिस्ट-ए क्रिकेट में पिछली 4 पारियों में यह उनका तीसरा शतक है। किंग कोहली की इस रेड हॉट फॉर्म को देखते हुए उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने साफ कर दिया है कि विराट वर्ल्ड कप 2027 के लिए एकदम तैयार हैं और उनसे बड़ा मैच विनर भारत में पैदा नहीं हुआ। राजकुमार शर्मा ने बात करते हुए कहा, "बहुत अच्छा है, शानदार है..अपनी फॉर्म को जारी रखा है, जैसा उन्होंने भारत के लिए दो शतक बनाए थे। उसी लय में शानदार बल्लेबाजी की है आज भी, मैच दिल्ली को जीताया है। काफी समय बाद वो डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे थे। बेहद शानदार पारी खेली। देखिए वो शानदार फॉर्म में है। उसने भारत के लिए पिछले दोनों मैचों में शतक जड़े हैं। वो बेहतरीन फॉर्म में है। वो ऐसा खिलाड़ी है जो सबसे ज्यादा कंसिस्टेंट है, मेरे हिसाब से वो वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वो इतना बड़ा क्रिकेट है कि उसे पता है कि उसे क्या चेंजिस करने हैं। वो लगातार कंसिस्टेंट ही रहा है, कभी-कभी ऐसा फेज आता है कि एक-दो पारियां खराब हो जाती है। इसका मतलब नहीं कि वो प्लेयर खराब हो गया है। उसके रिकॉर्ड्स बताते हैं कि वो किसी ऊंचाईयों पर पहुंचा हुआ है। मुझे यह कहते हुए गर्व होता है कि वो इतनी शानदार पारियां खेलता है और जितने मैच उसने भारत को जीताए हैं उतने आज तक भारत को किसी ने भी नहीं जीताए। मुझे गर्व होता है कि वो मेरा ट्रेनी है।"

Year Ender 2025: लिमिटेड ओवर्स में भारत की बादशाहत, टेस्ट क्रिकेट में फिसली साख; ICC में चमके 5 स्टार

नई दिल्ली  साल 2025 खत्म होने को है, ऐसे में क्रिकेट पंडित इस साल टीम इंडिया के परफॉर्मेंस का एनालिसिस करने में लगे हैं। वनडे और टी20 में तो भारतीय टीम का हाथ इस साल भी कोई नहीं पकड़ पाया है, मगर टेस्ट क्रिकेट में लगातार टीम इंडिया के प्रदर्शन में गिरावट आ रही है। भारत ने नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में जरूर इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ की, मगर बैक टू बैक दूसरे साल घर पर सीरीज में क्लीन स्वीप होना पड़ा। पिछले साल न्यूजीलैंड ने तो इस बार साउथ अफ्रीका ने सूपड़ा साफ किया। इसका असर आईसीसी रैंकिंग पर साफ देखने को मिला। आईए एक नजर 2025 के खत्म होते-होते भारत और भारतीय खिलाड़ियों की आईसीसी रैंकिंग पर डालते हैं- वनडे-टी20 रैंकिंग में भारत नंबर-1 टी20 में भारत का यह लगातार चौथी और वनडे में लगातार तीसरा बार है, जब भारत साल का अंत आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 पर रहते हुए करेगा। 2022 से टीम इंडिया लगातार साल का अंत नंबर-1 के पायदान पर रहते हुए कर रही है, वहीं वनडे में यह सिलसिला 2023 में शुरू हुआ। वहीं टेस्ट की बात करें तो भारत 2025 का अंत चौथे पायदान पर रहते हुए करेगा। टीम इंडिया के ऊपर ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड हैं। भारत ने आखिरी बार टेस्ट रैंकिंग में साल का अंत नंबर-1 पर रहते हुए 2023 में किया था। 2024 और 2025 में ऑस्ट्रेलिया नंबर-1 है। 5 भारतीय प्लेयर्स आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर भारतीय खिलाड़ियों का साल 2025 में जलवा रहा। साल का अंत होते-होते एक दो नहीं बल्कि पूरे 5 खिलाड़ी अलग-अगल जगह रैंकिंग में नंबर-1 रहे। रोहित शर्मा और अभिषेक शर्मा क्रमश: वनडे और टी20 की बैटिंग रैंकिंग में नंबर-1 रहे। टेस्ट में जो रूट ने बाजी मारी। बॉलिंग रैंकिंग में टेस्ट में जसप्रीत बुमराह और टी20 में वरुण चक्रवर्ती का दबदबा रहा। वनडे में अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर-1 रहे। ऑलराउंड्स की बात करें तो रविंद्र जडेजा ने 2025 का अंत नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर के रूप में किया। अजमतुल्ला उमरजई वनडे तो सैम अयूब टेस्ट ऑलराउंडर्स की लिस्ट में टॉप पर रहे।

क्रिकेट की दुनिया में बड़ा मील का पत्थर, विराट कोहली सचिन के शतक रिकॉर्ड के करीब

नई दिल्ली भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली List-A क्रिकेट में इतिहास रचने के करीब खड़े हुए हैं. विराट कोहली जल्द ही List-A क्रिकेट में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे. विराट कोहली ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में 15 साल बाद अपना कोई मैच खेला और धमाकेदार अंदाज में शतक जड़ दिया. विराट कोहली ने आंध्र के खिलाफ बुधवार को बेंगलुरु में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में शतक जड़ते हुए 101 गेंद पर 131 रन बनाए. सचिन तेंदुलकर के शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे विराट कोहली विराट कोहली का यह List-A क्रिकेट में 58वां शतक था. विराट कोहली ने इस मैच में 129.70 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 14 चौके और 3 छक्के उड़ाए. विराट कोहली अब विजय हजारे ट्रॉफी के आगामी मैचों से लेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी 2026 में होने वाली वनडे सीरीज तक अगर कम से कम 3 शतक और बना लेते हैं तो वह List-A क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के शतकों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे. सचिन तेंदुलकर ने List-A क्रिकेट में 60 शतक लगाए हैं. इसके अलावा सचिन तेंदुलकर ने LIST-A में 21999 रन भी बनाए हैं.   इतिहास रचने से सिर्फ इतने ही दूर विराट कोहली विराट कोहली इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. विराट कोहली तीन शतक और जड़ देते हैं तो वह List-A क्रिकेट में अपने 61 शतक पूरे कर लेंगे. ऐसे में वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए List-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. बता दें कि इस बारे में कोई अभी आधिकारिक जानकारी नहीं है कि विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी (2025-26) में कितने मैच खेलेंगे. उम्मीद है कि वह शुक्रवार (26 दिसंबर) को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में गुजरात के खिलाफ दिल्ली का दूसरा एलीट ग्रुप D मैच खेलेंगे. विराट कोहली का मैच शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शुरू होगा. LIST-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज 1. सचिन तेंदुलकर – 60 शतक 2. विराट कोहली – 58 शतक 3. ग्राहम गूच – 44 शतक 4. ग्रीम हीक – 40 शतक 5. कुमार संगकारा – 39 शतक 6. रोहित शर्मा – 37 शतक 7. रिकी पोंटिंग – 34 शतक