samacharsecretary.com

टीम में तब्दीलियाँ जारी, लेकिन वर्ल्ड कप 2023 फाइनल की निराशा का सिलसिला थमने का नाम नहीं

नई दिल्ली  अगर आप क्रिकेट के फैन हैं तो 19 नवंबर 2023 का दिन हर किसी को याद होगा। उस दिन टीम इंडिया को वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में हार मिली थी। ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी जीत हासिल की थी। उस मैच में टीम इंडिया ने टॉस गंवाया था, लेकिन उस मैच से एक सिलसिला भी शुरू हुआ था, जो दो साल से ज्यादा समय के बाद भी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। टीम इंडिया वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में टॉस हारी थी और इसके बाद से लगातार टॉस हारती चली आ रही है। आखिरी टॉस भारत ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता था।   हैरानी की बात ये है कि 2023 के बाद से कप्तान भी बदल गए हैं, लेकिन टॉस को लेकर टीम इंडिया की किस्मत बदलने का नाम नहीं ले रही है। रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट की कप्तानी वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद की, लेकिन टॉस नहीं जीत पाए। अब कप्तान केएल राहुल हैं, लेकिन टीम इंडिया अभी भी टॉस नहीं जीत पाई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबलों में कप्तान केएल राहुल टॉस हार गए हैं। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ये टॉस के मामले में लगातार 20वीं हार है और ये अपने आप में बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड है। आपको ये बात की जानकर हैरानी होगी कि अगर किसी सिक्के को एक लाख से ज्यादा बार भी उछाला जाए तब भी शायद ये संयोग नहीं बनेगा कि लगातार कोई टॉस हारे। ऐसे में इसे किस्मत ही कहेंगे, जो अभी टॉस के मामले में भारत की खराब चल रही है। कप्तान कोई भी हो, लेकिन टीम टॉस नहीं जीत पा रही है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि भारतीय टीम इस दौरान मैच खूब जीत रही है। इस दौरान एक आईसीसी इवेंट भी भारत ने जीता है, जो आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 थी। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ये खिताब अपने नाम किया था, लेकिन कुछ मैचों में टॉस न जीत पाने की कमी भी खली है।  

भारत की टॉस बदकिस्मती जारी—20वीं बार हारा टॉस, साउथ अफ्रीका के तीन रणनीतिक बदलाव

नई दिल्ली  आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे खेला जा रहा है। दोनों टीमें यायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने हैं। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को बैटिंग का न्योता दिया है। भारत ने वनडे में लगातार 20वां टॉस गंवाया है। साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। कप्तान टेम्बा बावुमा के अलावा स्पिनर केशव महाराज और तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को शामिल किया गया है। बावुमा और महाराज को रांची में पहले वनडे में आराम दिया गया था। भारत ने कोई फेरबदल नहीं किया। टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की फिराक में होगी। भारत ने पहले वनडे में मेहमान टीम को 17 रनों से हराया था, जिसमें विराट कोहली के बल्ले से ऐतिहासिक 52वां शतक निकला। भारत को बुधवार को भी कोहली से दमदार पारी की उम्मीद होगी। वहीं, रोहित शर्मा पर पर भी नजरें रहेंगी, जिन्होंने रांची वनडे में अर्धशतक ठोका। साउथ अफ्रीका सीरीज में बराबरी हासिल करने की पूरी कोशिश करेगा। साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नंद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी। भारत की प्लेइंग इलेवन यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। साउथ अफ्रीका ने जीता टॉस साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। साउथ अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने कहा, ''हम बॉलिंग करेंगे। हमें उम्मीद है कि जब ओस आएगी तो बैटिंग आसान हो जाएगी। यह कहना बहुत मुश्किल है कि पिच कैसी रहेगी। पिछले गेम में बहुत सारी पॉजिटिव बातें रहीं। हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी।

डैनी वायट-हॉज का इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल—बेबी गर्ल के आने की खुशी, पुराने कोहली प्रपोजल की चर्चा फिर तेज

लंदन      इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डैनी वायट हॉज का कभी महिला पार्टनर पर द‍िल आया था, इसके बाद दोनों ने धूमधाम से सगाई की और उसके बाद शादी की. अब खबर है कि यह लेस्ब‍ियन कपल के घर में नन्हा मेहमान आने वाला है.  ध्यान रहे इंग्लैंड की स्टार महिला क्रिकेटर डैनी वायट हॉज ने जॉजी हॉज से  टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बीच शादी की थी. जॉर्जी पेशे से एक फुटबॉल एजेंट हैं. हाल ही में इंग्लैंड की ऑलराउंडर डैनी वायट हॉज और उनकी पार्टनर जॉर्जी वाय हॉज सूर्यास्त के समय पानी के किनारे खड़ी दिखती हैं. वे अपने हाथों में अल्ट्रासाउंड की तस्वीरें पकड़े हुए हैं, जो उनकी प्रेग्नेंसी और आने वाले बच्चे की जानकारी दे रहा है. इस पोस्ट में इस लेस्ब‍ियन कपल ने बताया कि उनके घर में जल्द एक बेटी आने वाली है.  वैसे डैनी वायट उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने साल 2014 में विराट कोहली को शादी के लिए प्रपोज किया था. तब वायट ने लिखा था-कोहली मैरी मी. उस पोस्ट के बाद से तब सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया था.  डैनी वॉयट ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?  डैनी वॉयट ने इंस्टाग्राम में अपने पोस्ट में क्या लिखा- हमारी छोटी वायट-हॉज आने वाली है! जल्द मिलते हैं, बेबी गर्ल. अब आपसे मिलने का इंतजार नहीं हो पा रहा है…हमारा दिल खुशी से भरा हुआ है. जो फोटो इस कपल ने शेयर किया उसमें दोनों के चेहरों पर खुशी साफ दिख रही है. वैसे यह  खुशखबरी उस समय आई है जब डैनी वायट-हॉज महिला बिग बैश लीग (WBBL) में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज और मैच का रुख बदल देने की क्षमता के लिए मशहूर वायट इस सीजन में लगातार बेहतरीन खेल दिखा रही हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास और अनुभव पूरी तरह झलक रहा है. वैसे कपल को उनकी इस घोषणा के बाद शेफाली वर्मा, ड्वेन ब्रावो समेत कई क्रिकेटर्स ने बधाई दी है.  डैनी वॉयट हॉज का क्रिकेट कर‍ियर  34 साल की डैनी वॉयट हॉज की बात की जाए तो वो हाल में वनडे वर्ल्ड कप 2025 में खेलती दिखी थीं. वो 4 टेस्ट में 188 रन बना चुकी हैं. वहीं 120 वनडे में में उनके नाम 2074 रन हैं, इसके अलावा उन्होंने 27 विकेट भी झटके हैं. 178 टी20 इंटरनेशनल में डैनी के नाम 3335 रन और 46 विकेट हैं.  WPL  2026 में किस टीम से खेलेंगी डैनी वॉयट हॉज  WPL 2026 में डैनी वॉयट गुजरात जायंट्स की टीम से खेलती दिखेंगी. उनको 50 लाख रुपए की कीमत में फ्रेंचाइजी ने शामिल किया. वह WPL 2025 में RCB की टीम से खेलती दिखी थीं. जहां उन्होंने 6 मैचों में 137 रन बनाए थे. 

विराट कोहली की घरेलू क्रिकेट में वापसी—DDCA ने किया विजय हजारे में खेलने का ऐलान

 नई दिल्ली विराट कोहली ने घरेलू मुकाबले खेलने के लिए हां कर दी है. दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के सेक्रेटरी अशोक शर्मा ने बताया कि विराट कोहली ने इसकी जानकारी डीडीसीए के प्रेसिडेंट रोहन जेटली को दी है कि वह विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए तैयार हैं. रिपोर्ट के अनुसार, विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में 3 जनवरी और 6 जनवरी को होने वाले दिल्ली के मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. यह इसलिए बड़ी खबर है क्योंकि बीसीसीआई लगातार रोहित शर्मा और विराट कोहली से घरेलू सीरीज खेलने के लिए कह रहा था. ऐसी भी रिपोर्ट सामने आई थी कि विराट कोहली ने विजय हजारे में खेलने से इनकार कर दिया है. दरअसल, विराट और रोहित ने टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है. अब दोनों केवल वनडे ही खेलते हैं. ऐसे में बीसीसीआई चाहता है कि अपने फॉर्म को बरकरार रखने के लिए दोनों दिग्गज घरेलू मुकाबले खेलते रहें. ताकि 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की पुख्ता तैयारी हो सके.  प्रज्ञान ओझा से हुई थी मुलाकात रांची वनडे के बाद टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के लिए रायपुर पहुंच गई है. बुधवार को दूसरा मैच खेला जाना है. लेकिन इससे पहले सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा ने विराट कोहली से मुलाकात की थी. माना जा रहा था कि ये मुलाकात घरेलू सीरीज में कोहली की उपलब्धता और फ्यूचर प्लान को लेकर ही थी. विराट कोहली लंदन में रहते हैं. और वनडे सीरीज के लिए ही भारतीय टीम के साथ जुड़ते हैं. लेकिन टीम मैनेजमेंट चाहता है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा घरेलू मैच भी खेलें ताकि वह लय में बने रहें. बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के लिए घरेलू सीरीज को अनिवार्य भी बनाया है. रांची वनडे के बाद कोहली ने भी कहा था कि वह अब केवल एक ही फॉर्मेट खेलते हैं और इसकी तैयारी वह लंदन में करते हैं. कोहली ने माना था कि वह 37 साल के हैं और रिकवरी पर भी ध्यान दे रहे हैं.

रायपुर मुकाबला: रोहित-कोहली का पावर शो दोहराएगा क्या भारत की जीत की स्क्रिप्ट?

रायपुर  ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर अफवाहों के बीच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को दूसरा वनडे और श्रृंखला जीतने के लिये भारत की उम्मीदें विराट कोहली के शानदार फॉर्म और रोहित शर्मा की दमदार मौजूदगी पर लगी होंगी। कोहली के 52वें वनडे शतक और रोहित की 57 रन की आक्रामक पारी के दम पर भारत ने रांची में पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराया। वनडे विश्व कप 2027 में अभी दो साल है और ऐसे में कोहली और रोहित के लिये हर मैच अपनी फिटनेस और फॉर्म को साबित करने का जरिया है। मुख्य कोच गौतम गंभीर से लगातार बढ़ते मतभेदों का मसला भी अहम है। इसे लेकर लग रही अटकलों के बीच लगता है कि बीसीसीआई को कहीं न कहीं दखल देना होगा। पिछले दो वनडे में भारत की जीत के सूत्रधार रहे रोहित और कोहली ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिये अपना दावा पुख्ता कर दिया है। रोहित के शानदार प्रदर्शन से भारत ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया को सिडनी वनडे में नौ विकेट से हराया था। चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने विश्व कप में दोनों की भागीदारी को लेकर कुछ नहीं कहा है जो शायद तनाव की वजह हो सकता है। पहला मैच जीतने के बावजूद भारत की चिंता कम नहीं हुई है। लिस्ट ए क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले रूतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर भेजा गया लेकिन वह इसके लिये तैयार नहीं दिखे। कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल छठे नंबर पर उतरे। वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी क्रम में प्रयोगों की आदत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में तीसरे नंबर पर उतरने के बाद उन्हें पहले वनडे में पांचवें नंबर पर भेजा गया लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। गेंदबाजी में उन्होंने तीन ही ओवर डाले और 18 रन दिये। हर्षित राणा ने नयी गेंद से दो विकेट लिये लेकिन बाद में काफी रन दिये। उन्हें इस पर नियंत्रण करना होगा खासकर जब 34वें ओवर के बाद सिर्फ एक ही गेंद से खेलना होता है। बल्ले और गेंद के बीच संतुलन के लिये आईसीसी के नये नियम के तहत उपलब्ध दो में से एक ही गेंद 34वें से 50वें ओवर के बीच इस्तेमाल की जा सकती है। कुलदीप यादव ने 68 रन देकर चार विकेट चटकाये। वह महंगे भले ही साबित हुए लेकिन उनकी विविधतापूर्ण गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका वापसी के प्रयास के बावजूद नाकाम रहा। दक्षिण अफ्रीका ने एक समय तीन विकेट 11 रन पर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद शानदार वापसी की। मार्को यानसेन ने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 39 गेंद में 70 रन बनाये। मैथ्यू ब्रीज्के ने भारत के खिलाफ पहला वनडे खेलते हुए 72 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने पहला वनडे कप्तान तेम्बा बावुमा और स्पिनर केशव महाराज के बिना खेला जिन्हें आराम दिया गया था। अब दोनों की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम पर एकमात्र वनडे जनवरी 2023 में खेला गया था जब पिच से मिलने वाली सीम की मदद से मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड टीम को 108 रन पर आउट कर दिया था। भारत ने 30 ओवर बाकी रहते आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। यहां दिसंबर 2023 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच में भी भारत ने 20 रन से जीत दर्ज की थी। टीमें: भारत: केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल। दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मारक्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, टोनी डी जॉर्जी , रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।   समय: मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।  

दिल्ली उच्च न्यायालय ने बजरंग, विनेश की याचिका खारिज की

नई दिल्ली दिल्ली उच्च न्यायालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ के दिसंबर 2023 में हुए चुनाव को चुनौती देने वाली बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और सत्यव्रत कादियान की याचिका खारिज कर दी क्योंकि अलग अलग तारीखों पर भी वे अदालत के समक्ष पेश नहीं हुए। इन तीनों ओलंपियनों की उम्मीदवार अनिता श्योराण को हराकर संजय सिंह उस समय अध्यक्ष बने थे। न्यायाधीश मिनी पुष्करना ने 27 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि सुनवाई के दौरान एक भी याचिकाकर्ता मौजूद नहीं था और पिछली दो सुनवाई में भी वे नहीं आये। ⁠ अदालत ने अपने फैसले में कहा,‘‘ लगता है कि इस मामले को आगे ले जाने में याचिकाकर्ताओं की कोई रूचि नहीं है।’’ पहलवानों ने आरोप लगाया था कि डब्ल्यूएफआई चुनाव अच्छे और पारदर्शी माहौल में नहीं हुए थे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कमियों और अनियमितताओं के आरोप लगाये थे। याचिकाकर्ताओं के बार बार सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने के कारण अदालत ने याचिका रद्द कर दी।   

हार्दिक पांड्या का धमाल! SMAT में जड़ा करारा अर्धशतक, बड़ौदा ने दर्ज की बड़ी जीत

नई दिल्ली  लंबे समय बाद पेशेवर क्रिकेट में लौटे हार्दिक पांड्या ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में आते ही ऐसा प्रभाव छोड़ा कि पूरे भारतीय क्रिकेट जगत की नजरें उनकी ओर टिक गईं। हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में हार्दिक ने सिर्फ 42 गेंदों पर नाबाद 77 रन ठोककर बड़ौदा को पंजाब पर यादगार जीत दिला दी। यह पारी न सिर्फ उनकी बल्लेबाजी की पुरानी चमक को दर्शाती है, बल्कि उनके ऑलराउंड कौशल का भी शानदार उदाहरण है। उनकी यह वापसी आने वाले दिनों में भारतीय टीम संयोजन के लिए भी बड़े संकेत देती है।  हार्दिक की आतिशी पारी ने पलटा मैच का मोमेंटम बड़ौदा के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपनी वापसी मैच को एक विशेष मौके में बदल दिया। 42 गेंदों में नाबाद 77 रन की तूफानी पारी में सात चौके और चार छक्के शामिल थे। उनकी बैटिंग में वही पुरानी ताकत, टाइमिंग और मैच को हाथ में लेने की क्षमता साफ दिखाई दी। पारी की शुरुआत ठंडी थी, लेकिन हार्दिक ने आते ही रफ्तार पकड़ी और पंजाब बॉलिंग अटैक की लाइन-लेथ को पूरी तरह हिला दिया। एक समय मुश्किल लग रहा लक्ष्य हार्दिक की आक्रामक बल्लेबाजी से बेहद आसान हो गया। शिवालिक शर्मा के साथ 101 रन की गेम-चेंजिंग पार्टनरशिप हार्दिक के दमदार प्रदर्शन का सबसे अहम हिस्सा रहा शिवालिक शर्मा के साथ उनकी 101 रन की साझेदारी। शिवालिक ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए और बेहद समझदारी से रिटायर्ड आउट होकर हार्दिक को एंड पर स्ट्राइक रखने का मौका दिया। इस साझेदारी ने मैच का पूरा रूख बदल दिया और बड़ौदा को अंत में मजबूत स्थिति में पहुंचाया। टीम को आखिरी 15 गेंदों पर 30 रन चाहिए थे, लेकिन नए बल्लेबाज जितेश शर्मा के आने के बाद चीजें और आसान हो गईं। बड़ौदा का दबदबा जितेश शर्मा ने आते ही तेजी से रन जोड़े और हार्दिक का शानदार साथ निभाया। केवल 9 गेंदों में बड़ौदा ने जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। लक्ष्य भले ही बड़ा लग रहा था, लेकिन हार्दिक की शानदार टाइमिंग और आक्रामक अंदाज ने पंजाब की गेंदबाजी को बेअसर कर दिया। हार्दिक का गेंदबाजी प्रदर्शन : महंगा लेकिन प्रभावी बल्लेबाजी के अलावा हार्दिक ने गेंद से भी योगदान दिया। हालांकि उनका चार ओवर का स्पेल थोड़ा महंगा रहा (52 रन), लेकिन उन्होंने 1 विकेट चटकाया। उनकी गेंदबाजी की लय अभी पूर्ण रूप से लौटती नहीं दिखी, लेकिन वापसी मैच को देखते हुए यह प्रयास सराहनीय माना जा रहा है। आने वाले मुकाबलों में वे और बेहतर लय में लौट सकते हैं। पंजाब की तेज शुरुआत भी नहीं दिला सकी जीत पंजाब की ओर से अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 19 गेंदों में फिफ्टी लगाकर शानदार शुरुआत दी। उनके अलावा अनमोलप्रीत सिंह ने 32 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली। इन दोनों की तेज बल्लेबाजी से पंजाब का स्कोर मजबूत दिख रहा था, लेकिन उनकी गेंदबाजी हार्दिक और शिवालिक की साझेदारी को रोक नहीं पाई। ग्रुप C की स्थिति, गुजरात शीर्ष पर इस जीत के बाद ग्रुप C में बड़ौदा और पंजाब दोनों के दो-दो मैच पूरे हो चुके हैं। वहीं गुजरात चार मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप में सबसे आगे है। हार्दिक की यह वापसी न सिर्फ बड़ौदा के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए भी एक बड़ा सकारात्मक संकेत है, जो उन्हें फिर से अपने पुराने अंदाज में देखने के लिए उत्सुक थे।   

सरकार ने एशियाई पैरा खेलों के दल को मंजूरी दी, पृष्ठभूमि जांचकर भेजने के आदेश दिये

नई दिल्ली खेल मंत्रालय ने दुबई में सात से 14 दिसंबर तक होने वाले एशियाई युवा पैरा खेलों के लिये 161 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी लेकिन अतीत में विदेश में कुछ अधिकारियों और खिलाड़ियों के गायब होने की घटनाओं को देखते हुए सभी की पृष्ठभूमि की जांच भी अनिवार्य कर दी है। सूची में 99 खिलाड़ियों (61 पुरूष और 38 महिलाओं), 62 कोचों, सहयोगी स्टाफ और दल के अधिकारियों के नाम है। मंत्रालय ने दल के लौटने के 30 दिन के भीतर प्रदर्शन पर भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है जिसमें एक्शन फोटो और अन्य विजुअल शामिल हैं। भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) को भेजे पत्र में कहा गया,‘‘अतीत में विदेश में कुछ अधिकारियों और खिलाड़ियों के गायब होने की घटनाओं के कारण मंत्रालय का मानना है कि दल के सदस्यों और अधिकारियों की पृष्ठभूमि की भारतीय खेल प्राधिकरण या राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा पूरी जांच कराई जाये।’’ पीसीआई महासचिव जयवंत गुंडू हम्मानावर अकेले अधिकारी है जिनकी यात्रा सरकार के खर्चे पर नहीं होने के आधार पर मंजूरी मिली है। वह दल प्रमुख भी होंगे। मंत्रालय ने कहा,‘‘ पीसीआई यह सुनिश्चित करेगी कि पीसीआई की कार्यकारी समिति, किसी राष्ट्रीय खेल महासंघ या अन्य खेल ईकाई में पदधारी कोई व्यक्ति, जिसका नाम सूची में है, उसकी लागत सरकार द्वारा वहन नहीं की जायेगी।’’ कुछ शीर्ष पैरा एथलीटों ने बड़े टूर्नामेंटों के दौरान सहयोगी स्टाफ और व्हीलचेयर सहयोगियों के गायब होने के मसले पर चिंता जताई थी। खिलाड़ियों के गायब होने का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है लेकिन अधिकारियों द्वारा विदेशी स्पर्धाओं को ‘ छुट्टियों की तरह’ मनाने की शिकायतें मिलती रही हैं। एक शीर्ष सूत्र ने बताया,‘‘ अक्टूबर में एशियाई पैरा टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के दौरान व्हीलचेयर पर निर्भर एक कोच अपने बेटे को सहयोगी के रूप में ले गया और बीजिंग में स्पर्धा के दौरान दोनों गायब हो गए। दोनों खरीदारी और घूमने में व्यस्त थे। कोच मैच देखने भी नहीं आया और ऐसा काफी समय से हो रहा था।’’  

दिल्ली कैपिटल्स ने फाफ डुप्लेसी को क्यों नहीं किया रिटेन? सामने आई असली वजह

नई दिल्ली  दिल्ली कैपिटल्स ने साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी को आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले रिलीज क्यों किया? इसका कारण टीम के हेड कोच हेमांग बदानी ने बताया है। हेमांग बदानी ने बताया है कि फाफ डुप्लेसी को इसलिए रिटेन नहीं किया, क्योंकि टीम को युवाओं पर अधिक ध्यान देना था। बदानी ने बताया कि आक्रामक बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी को छोड़ने का फैसला आसान नहीं था, लेकिन टीम के खेलने की शैली के अनुरूप युवा और अधिक आक्रामक विकल्प के लिए ऐसा करना पड़ा।   फाफ डुप्लेसी आईपीएल कैरियर में चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और अब खत्म हो चुकी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के लिए खेल चुके हैं। वह पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे और अब पाकिस्तान सुपर लीग खेलेंगे। बदानी ने जियोस्टार पर ‘टाटा आईपीएल रिटेंशन’ शो में कहा, ‘‘फाफ डुप्लेसी जैसे खिलाड़ी को छोड़ना आसान नहीं होता। उसे छोड़ने का फैसला कठिन है, क्योंकि इतने साल में उसने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है।’’ उन्होंने आगे बताया, "हमे लगा कि युवा विकल्प को आजमाने का समय आ गया है, जो अधिक आक्रामक हो और हमारी टीम के खेलने की शैली में ढल सके।’’ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेसर मैकगुर्क को छोड़ने के फैसले पर बदानी ने कहा, ‘‘हमने पिछले सत्र के प्रदर्शन पर उसका समर्थन किया, लेकिन हमे लगा कि उस पर नौ करोड़ रूपये खर्च नहीं किये जा सकते। इसलिये उसे छोड़ने का फैसला किया।’’ वहीं, भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के पास अच्छे भारतीय खिलाड़ी हैं लेकिन सलामी जोड़ी पर काम करना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास अच्छे भारतीय खिलाड़ी हैं। नीतिश राणा बायें हाथ के बल्लेबाज हैं। केएल राहुल, अभिषेक पोरेल और करुण नायर उसे मजबूती देते हैं। अब उन्हें तय करना है कि शीर्ष क्रम पर कौन कहां खेलेगा।’’ आईपीएल के ऑक्शन में भी डुप्लेसी ने नाम नहीं दिया है।  

गौतम गंभीर के बचाव में उतरा दिग्गज क्रिकेटर, बोला—आलोचनाएँ देखकर हैरान हूँ

दुबई  गौतम गंभीर के कोचिंग के तरीकों को लेकर भले ही भारत में अलग-अलग राय हो लेकिन अफगानिस्तान के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने कहा कि केकेआर के पूर्व मेंटोर गंभीर सर्वश्रेष्ठ कोच हैं और उनकी आलोचना से वह हैरान हैं। दक्षिण अफ्रीका के हाथों टेस्ट श्रृंखला में 0-2 से हार और उससे पहले न्यूजीलैंड से मिली 0-3 से हार की वजह से गंभीर आलोचना के घेरे में है। भारतीय टीम अपने घर में पिछले सात में से पांच टेस्ट गंवा चुकी है। आईपीएल 2024 विजेता केकेआर टीम के सदस्य रहे गुरबाज ने कहा कि ‘गौतम सर’ की आलोचना सही नहीं है। दुबई आईएलटी20 के चौथे सत्र से इतर पीटीआई को दिये इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘आपके देश के एक अरब 40 करोड़ लोगों में से 20 या 30 लाख उनके खिलाफ हो सकते हैं लेकिन बाकी गौतम सर और भारतीय टीम के साथ हैं।’ उन्होंने कहा, ‘वह सर्वश्रेष्ठ कोच, मेंटोर और इंसान हैं। मुझे उनके काम करने का तरीका बहुत पसंद है।’ गुरबाज ने कहा, ‘भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट जीता, टी20 में एशिया कप जीता। कई श्रृंखलायें जीती और सिर्फ एक श्रृंखला के लिये उन्हें दोषी नहीं ठहरा सकते।’ गुरबाज ने कहा कि गंभीर की सबसे बड़ी ताकत केकेआर टीम में ऐसा माहौल बनाना थी जिसमें खिलाड़ी दबाव के बिना, अनुशासन और इत्मीनान से अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘मुझे उनके काम करने का तरीका पसंद है। जब माहौल अच्छा होता है तो आप हमेशा शिखर पर होते हैं। उन्होंने हमारे लिये माहौल अच्छा रखा जिसमे कोई दबाव नहीं था। यही वजह है कि हमने टूर्नामेंट जीता। वह सख्त नहीं है लेकिन अनुशासित हैं। अनुशासन तोड़ने पर वह सख्त हो जाते हैं।’ उन्होंने कहा कि खराब प्रदर्शन होने पर खिलाड़ियों को सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘एक क्रिकेटर होने के नाते मैं खिलाड़ियों को दोष नहीं दूंगा क्योंकि सभी मेहनत करते हैं। हार गए तो क्या हुआ। वे भी इंसान हैं। कई बार आप हारते हैं लेकिन जब हालात प्रतिकूल हों, तब सहयोग की जरूरत होती है।’