samacharsecretary.com

Pakistan Squad Announced: एशियन गेम्स में नए चेहरे, वरिष्ठ खिलाड़ियों की छुट्टी, फरहान बने कप्तान

करांची  एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। जापान में होने वाले इन एशियाई खेलों के लिए पाकिस्तान की टीम में तमाम दिग्गजों को जगह नहीं मिली है। कप्तान सलमान अली आगा से लेकर बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और मोहम्मद रिजवान जैसे खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा नहीं है। पहली नजर में देखकर लग रहा है कि यह एकदम नई नवेली टीम है, क्योंकि 4 खिलाड़ियों ने अभी तक T20I में डेब्यू भी नहीं किया है। इस टीम की कप्तानी बोर्ड ने युवा बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को सौंपी है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में एशियन गेम्स का आयोजन होना है। इसके लिए क्रिकेट टीमों की घोषणा होना शुरू हो गया है। बीसीसीआई ने पिछले सप्ताह टीम की घोषणा की थी। बीसीसीआई ने फुल फ्लेज्ड टीम इस इवेंट में भेजने का फैसला लिया है, जबकि पाकिस्तान एक युवाओं से भरी हुई टीम भेजने जा रहा है, जिसकी घोषणा भी पीसीबी ने कर दी है। बहुत कम ऐसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं, जिन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का बहुत ज्यादा अनुभव है। बोर्ड ने यह फैसला क्यों लिया है? इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। हो सकता है कि कोई सीरीज उस समय पाकिस्तान की किसी देश के साथ शेड्यूल हो। 10 टीमों का मेन्स T20I इवेंट आइची प्रीफेक्चर के कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेला जाएगा। मेन्स क्रिकेट इवेंट 24 सितंबर को शुरू होगा, जबकि मेडल मैच 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे। पाकिस्तान के लिए 46 टी20 मैच खेल चुके साहिबजादा फरहान इस टीम को लीड करेंगे, जो दो शतक और 10 अर्धशतक इस फॉर्मेट में जड़ चुके हैं। वहीं, पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले अब्दुल समद को वाइस कैप्टन बनाया गया है। 4 खिलाड़ी ऐसे भी इस 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद ने अभी तक पाकिस्तान के लिए एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। इनमें से कुछ खिलाड़ियों को एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिल सकता है और देश का प्रतिनिधित्व इंटरनेशनल क्रिकेट में करने का मौका मिलने की संभावना है। पाकिस्तान की टीम इस प्रकार है साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उप-कप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सुफयान मुकीम और उस्मान खान (विकेट-कीपर) एशियन गेम्स के लिए जो सपोर्ट स्टाफ पाकिस्तान भेजने वाला है। उनमें हेड कोच माइक हेनस, बॉलिंग कोच एशले नोफके, फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट, फीजियोथेरेपिस्ट मुहम्मद ताहिर, ट्रेनर इमरान उल्लाह और एनालिस्ट उस्मान हाशमी का नाम शामिल है।  

टीम इंडिया को बड़ा झटका! हार्दिक पंड्या OUT, चोट के कारण अफगानिस्तान वनडे सीरीज से हुए बाहर

धर्मशाला भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।  बीसीसीआई की मेडिकल अपडेट के अनुसार हार्दिक को लो-ग्रेड क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन हुआ है. यह जांघ के आगे वाले हिस्से की मांसपेशी में खिंचाव की चोट है. मेडिकल स्टाफ ने उनकी रिकवरी अवधि लगभग तीन सप्ताह बताई है. ऐसे में वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले तीनों वनडे मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।  हार्दिक का बाहर होना भारतीय टीम के संतुलन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. वह न सिर्फ मध्यक्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हैं, बल्कि नई गेंद और मिडिल ओवरों में उपयोगी तेज गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं. उनकी गैरमौजूदगी में टीम प्रबंधन को ऑलराउंडर विभाग में नए संयोजन पर विचार करना पड़ सकता है।  शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी. टीम में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज शामिल हैं. ऑलराउंडर विभाग में नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ सकती है।  भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा तथा अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में होगा।  इस सीजन आईपीएल में हार्दिक पंड्या को फिटनेस समस्याओं का सामना करना पड़ा था. वह मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे, हालांकि 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच में उन्होंने वापसी कर ली थी।  अफगानिस्तान सीरीज भारत के लिए आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. ऐसे में हार्दिक पंड्या का बाहर होना टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन गया है. अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलता है और भारतीय टीम मैदान पर किस संयोजन के साथ उतरती है।  भारत: वनडे  स्क्वॉड शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और गुरनूर बरार।  * हार्दिक पंड्या लो-ग्रेड क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन के कारण अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनके स्थान पर रिप्लेसमेंट की घोषणा होना बाकी है।  IND vs AFG: ODI सीरीज पहला वनडे- 13 जून, धर्मशाला, दोपहर 1:30 बजे दूसरा वनडे- 17 जून, लखनऊ, दोपहर 1:30 बजे तीसरा वनडे- 20 जून, चेन्नई, दोपहर 1:30 बजे

श्रीलंका ने आखिरी पलों में किया सरेंडर, भारत ने 10 गेंदों में छीनी जीत, दांबुला में दिखा दमदार खेल

 दांबुला दांबुला में मंगलवार (9 जून) को खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत A ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए श्रीलंका A को 8 रन से हरा दिया. एक समय मैच पूरी तरह मेजबान टीम की गिरफ्त में दिखाई दे रहा था, लेकिन आखिरी 10 गेंदों में चार विकेट गिरने से मुकाबला पलट गया और तिलक वर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जीत के साथ अभियान का आगाज किया।  मैच में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की थी. हालांकि युवा बल्लेबाज अपनी पहली लिस्ट-A पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने अपनी छोटी पारी में तीन आकर्षक चौके लगाए, लेकिन मोहम्मद शिराज की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर शॉट खेलने की कोशिश में कप्तान सहान अराचिगे को कैच थमा बैठे।  भारत A की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 16 रन पर वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह के विकेट गंवा दिए. इसके बाद प्रियांश आर्य ने 32 रन की तेज पारी खेली, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रनआउट हो गए।  69 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।  ऋतुराज ने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए 112 गेंदों पर 101 रन बनाए. यह उनके लिस्ट-A करियर का 21वां शतक रहा. उन्होंने शुरुआत में संयम बरता और बाद में रनगति बढ़ाते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया. दूसरी ओर तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी की।  पारी के अंत में आयुष बदोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेजी दिखाई. बदोनी ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि शेडगे 14 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों के बीच 46 रन की तेज साझेदारी ने भारत A को 50 ओवर में 277/6 तक पहुंचा दिया।  श्रीलंका का दमदार रनचेज, लेकिन फ‍िर हालत खराब  लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका A ने दमदार शुरुआत की. वापसी कर रहे न‍िरोशन डिकवेला (47) और अविष्का फर्नांडो (45) ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर भारत पर दबाव बनाया. हालांकि दोनों बल्लेबाज आयुष बदोनी की स्पिन के खिलाफ बड़े शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए।  इसके बाद सदीरा समरविक्रमा ने 46 रन बनाए, जबकि कप्तान सहान अराचिगे ने 72 गेंदों पर 74 रन की बेहतरीन पारी खेली. अंतरराष्ट्रीय अनुभव रखने वाले सहान ने टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था।  श्रीलंका को अंतिम 10 गेंदों में सिर्फ 9 रन चाहिए थे और उसके हाथ में तीन विकेट थे. तभी तेज गेंदबाज अंशुल कांबोज ने सटीक यॉर्कर पर सहान को बोल्ड कर भारत को मैच में वापस ला दिया. इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने दबाव में लगातार गलतियां कीं।  अंतिम ओवर में भारत ने तीन विकेट झटककर मुकाबला पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया. यह ओवर अरशद खान ने फेंका, 2 व‍िकेट उनको मिले, वहीं एक व‍िकेट रनआउट हुआ. श्रीलंका A की पूरी टीम 48.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई और भारत A ने 8 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।  गेंदबाजी में आयुष बदोनी (2/46) और अनुकुल रॉय (2/49) ने अहम भूमिका निभाई. दोनों स्पिनरों ने बीच के ओवरों में रन गति पर लगाम लगाकर भारत को मुकाबले में बनाए रखा. भारत A अब 11 जून को इसी मैदान पर अफगानिस्तान A के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगा। 

वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले बढ़ा तनाव, ईरान-अमेरिका विवाद ने खींचा ध्यान

नई दिल्ली फीफा वर्ल्ड कप के 23वें संस्करण (FIFA World Cup 2026) को शुरू होने में अब 2 दिन बचे हैं. इससे पहले एक और विवाद खड़ा हो गया है. ईरान फुटबॉल फेडरेशन (FFIRI) ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी टीम के वर्ल्ड कप के ग्रुप मैचों के टिकेटों का आवंटन रद्द कर दिया है. बता दें कि इस बार 3 देश मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं, जिसमें USA भी है।  ईरान फुटबॉल फेडरेशन का कहना है कि डिप्लोमेटिक विवाद के कारण अमेरिका ईरानी दर्शकों को फीफा वर्ल्ड कप के मैच देखने से रोकने की कोशिश कर रहा है. बता दें कि इससे पहले अमेरिका में इराक फुटबॉल टीम के एक खिलाड़ी को एयरपोर्ट पर डिटेन कर लिया था, जिसे 7 घंटे पूछताछ के बाद छोड़ा था।  मंगलवार को बयान जारी करते हुए ईरान फुटबॉल फेडरेशन ने कहा, "फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब 2 दिन बचे हैं. अमेरिका ने एक बार फिर ग्रुप स्टेज में ईरान फुटबॉल टीम के तीनों मैचों के वेन्यू पर ईरानी समर्थकों के आने में बाधा डालने का काम किया है।  रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने ईरान के लिए कई प्रशासनिक मुश्किलें भी खड़ी की हैं, जैसे उन्होंने कुछ सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को वीजा देने से मना कर दिया. बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच अभी रिश्ते बिल्कुल भी अच्छे नहीं है।  फीफा के नियमों के मुताबिक हर मैच के लिए 8 प्रतिशत टिकट ईरान को मिलने चाहिए. ईरान ने आरोप लगाया है कि टिकट का ये हिस्सा टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले फेडरेशन को दिए जाते हैं, जिससे वह अपने माध्यम से समर्थकों को इन्हें बांट सके।  ईरान फुटबॉल फेडरेशन के मुताबिक उन्होंने अपने ग्रुप मैचों की टिकट बिक्री शुरू कर दी थी, जो अमेरिका में होने वाले हैं. लेकिन अमेरिका ने उन्हें मिलने वाला कोटा वापस ले लिया है, और अभी ईरान अपने समर्थकों को एक भी टिकट नहीं देने की स्थिति में है. ईरान फुटबॉल टीम ग्रुप 'जी' में है, जिसमें उनका सामना बेल्जियम, इजिप्ट और न्यूजीलैंड से होगा। 

सूर्यकुमार की छुट्टी, हार्दिक की एंट्री तय? BCCI के फैसले ने बढ़ाई चर्चा

नई दिल्ली   हाल ही में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया. टीम में कुछ नए चेहरों को भी जगह दी गई है, लेकिन सबसे बड़े बदलाव के रूप में सूर्यकुमार को यादव कप्तानी और टीम से बाहर करना रहा, लेकिन इसी बीच स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वनडे टीम में वापसी तय हो गई है. पंड्या टीम इंडिया में वापसी के लिए पूरी तरह फिट हो चुके हैं. बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की खेल विज्ञान टीम ने उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज में खेलने की मंजूरी दे दी है. 32 साल के पंड्या पीठ में ऐंठन के कारण मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल के कई मैच नहीं खेल पाए थे और दो जून से सीओई में हैं।  बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे. अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की.’’ सूत्र ने कहा, ‘‘उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है।  बैटिंग के साथ बॉलिंग भी करेंगे हार्दिक पंड्या सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है. पंड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं।  सबसे अच्छी बात यह है कि पंड्या ट्रेनिंग सत्र में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं जिसका मतलब है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं. हालांकि यह साफ नहीं है कि पंड्या चंडीगढ़ में दूधिया रोशनी में होने वाले ट्रेनिंग सत्र के लिए टीम से जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे जैसा कि पहले तय किया गया था। 

गायकवाड़ का शतक और गेंदबाजों का कमाल, आखिरी ओवर में पलटा मैच

दंबुला  ट्राई-नेशन ए सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया ए टीम ने रोमाचंक जीत हासिल की। टीम के सामने मेजबान श्रीलंका ए की चुनौती थी। इंडिया ए ने मैच को 8 रनों के अंतर से अपने नाम किया। तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए ने पहले खेलते हुए रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में 6 विकेट पर 277 रन बनाए। 49वें ओवर में श्रीलंका ए की पारी 269 रनों पर सिमट गई। इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान ए तीसरी टीम है। इंडिया ए ने 4 गेंद पर अंतिम तीन विकेट लिए श्रीलंका ए को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में सिर्फ 10 रन चाहिए थे। 49वें ओवर में अरशद खान की पहली गेंद पर एक रन बना। उन्हंने दूसरी गेंद पर विजयकांत व्यासकांत को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अगली गेंद पर 23 रन बनाकर खेल रहे वानुजा सहन रन आउट हो गए। उन्होंने मिस फील्ड पर रन भागने की कोशिश की लेकिन रुतुराज गायकवाड़ ने रन आउट कर दिया। इसी ओवर की 5वीं गेंद पर 11वें नंबर के बल्लेबाज मोहम्मद शिराज को आउट करके अरशद ने इंडिया ए को जीत दिला दी। श्रीलंका ए को अनुभवी निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने ठोस शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों ने 99 गेंदों पर 93 रन जोड़े। आयुष बडोनी ने दोनों ही बल्लेबाज को आउट किया। डिकवेला ने 47 और अविष्का ने 45 रन बनाए। तीसरे नंबर पर उतरे नुवानिदु फर्नांडो 8 रन ही बना सके। 16 रनों के अंतर 3 विकेट गिरने के बाद सदीरा समरविक्रमा और कप्तान सहान अराच्चिगे ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 78 रनों की साझेदारी हुई। 34वें ओवर में श्रीलंका ए की टीम 187 रनों तक पहुंच गई थी। अंशुल कंबोज ने 48वें ओवर में बड़ा विकेट झटका 51 गेंदों पर 46 रन बनाने वाले सदीरा को आउट करके अनुकूल रॉय ने यह साझेदारी तोड़ी। लेकिन सहान ने अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। हालांकि इंडिया ए के गेंदबाज दूसरे छोर से विकेट चटकाते रहे। 3 ओवर में मेजबान टीम को 17 रन चाहिए थे। अंशुल कंबोज ने 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर सहान को यॉर्कर मारकर बोल्ड कर दिया। उन्होंने 72 गेंदों पर 74 रन बनाए। यह मैच का टर्निंग पॉइंट भी रहा। इंडिया ए की तरफ से अरशद खान, अनुकूल रॉय, विपराज निगम और आयुष बडोनी ने 2-2 विकेट लिए। इंडिया ए के लिए रुतुराज गायकवाड़ का शतक पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 2 और वैभव सूर्यवंशी 14 रन बनाकर आउट हो गए। 16 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को प्रियांश आर्य और ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आर्य 32 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ ने बेहतरीन शतक लगाया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 114 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली। तिलक ने 97 गेंदों पर 60 की पारी खेली। आयुष बडोनी ने 24 और सुर्यांश शेड्गे ने 26 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से मोहम्मद शिराज ने 2 विकेट लिए। वह सबसे सफल गेंदबाज रहे। इसके अलावा, चमिका करुणारत्ने, गारुका संकेथ, और वानुजा सहान ने 1-1 विकेट लिए।  

भारत को मिली बड़ी राहत: रोहित-हार्दिक फिट, कोहली बाहर, अफगानिस्तान सीरीज से पहले बड़ा अपडेट

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ने दोनों खिलाड़ियों को फिट घोषित किया है। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद रोहित और हार्दिक का अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना तय हो गया है। हार्दिक और रोहित दोनों हुए फिट हार्दिक पंड्या पीठ में ऐंठन से जूझ रहे थे। इस वजह से आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें उनके फिटनेस रूटीन के लिए बैंगलोर में सीओई भेजा गया था। रोहित शर्मा को भी आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। दोनों सीओई में रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे थे, जहां मंगलवार को उन्हें फिट घोषित किया गया। रोहित और पंड्या दोनों ही अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे लेकिन इनका खेलना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर था। दोनों दिग्गज खिलाड़ी अब अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में खेलते दिखेंगे। विराट कोहली बाहर रहेंगे विराट कोहली इंजरी की वजह से अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में रोहित और हार्दिक के फिट घोषित किए जाने से भारतीय टीम मजबूत हुई है। रोहित ने अपना आखिरी वनडे न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जनवरी 2026 को खेला था। हार्दिक ने मार्च 2025 में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद से कोई वनडे नहीं खेला है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाना है। इसके लिए बुधवार को टीम धर्मशाला पहुंचेगी। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। वनडे वर्ल्ड कप पर नजरें टी20 विश्व कप 2026 का विजेता बनने के बाद भारतीय टीम का अगला लक्ष्य वनडे विश्व कप 2027 है। अफगानिस्तान सीरीज से टीम इंडिया अपने उस लक्ष्य को पाने की दिशा में कदम बढ़ाएगी।  

आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज से पहले बड़ा बदलाव: सिराज बाहर, युवा खिलाड़ियों को मिला मौका

मुंबई आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले BCCI ने एक बड़ा फैसला लिया है। भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को दोनों टी20 सीरीज के स्क्वाड से बाहर कर दिया गया है। सीनियर चयन समिति ने सिराज की जगह लंबे समय बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया है। इस फैसले ने फैंस को काफी ज्यादा हैरान कर दिया है। क्यों बाहर हुए मोहम्मद सिराज? BCCI द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, सिराज किसी चोट के कारण बाहर नहीं हुए हैं, बल्कि आगामी लंबे और व्यस्त इंटरनेशनल सीजन को देखते हुए उन्हें आराम दिया गया है। बोर्ड ने बताया कि 'बीसीसीआई की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच हुई विस्तृत चर्चा के बाद, मोहम्मद सिराज को उनके वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम की सलाह दी गई है। यह फैसला एक एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है, ताकि आगामी व्यस्त सीजन से पहले वे पूरी तरह रिकवर और तरोताजा हो सकें।' प्रसिद्ध कृष्णा की चमकी किस्मत सिराज के बाहर होने के बाद दाएं हाथ के लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के लिए यह एक बड़ा मौका है। प्रसिद्ध कृष्णा अपनी अतिरिक्त उछाल और गति के लिए जाने जाते हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड की तेज तथा मददगार पिचों पर प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को और अधिक मजबूती प्रदान कर सकते हैं। इस टीम की कमान स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि युवा तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम में वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे कई नए और युवा चेहरों को भी मौका मिला है। आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वाड श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।  

इंग्लैंड में शुरू होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप: भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खिताबी जंग

क्या भारत ऐतिहासिक 'डबल' (दो बड़े खिताब एक साथ जीतना) पूरा कर पाएगा? क्या ऑस्ट्रेलिया अपनी खोई हुई जगह वापस पा सकेगा? क्या हमेशा अंतिम पड़ाव पर चूकने वाला दक्षिण अफ्रीका इस बार सुर्खियां बटोरेगा? या कोई कमजोर मानी जाने वाली टीम रोमांचक जीत हासिल करेगी? इंग्लैंड में 12 जून से शुरू हो रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के 10वें सत्र में कई रोमांचक संभावनाएं हैं। किसकी दावेदारी कितनी मजबूत है और उनकी राह में क्या चुनौतियां हैं, आइए समझते हैं। भारत: पिछले साल एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप जीतने के बाद भारत टी20 फॉर्मेट में जीत दर्ज करके शानदार 'डबल' पूरा करने के लिए उत्सुक होगा। ऐसा कारनामा सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ही कर पाया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम में ऐसा करने की क्षमता है जैसा कि पिछले छह महीने में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में उनकी जीत से साबित हुआ है। लेकिन दक्षिण अफ्रीका (4-1) और इंग्लैंड (2-1) के खिलाफ उनकी सरजमीं पर भारत को हार झेलनी पड़ी। टीम को तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अमनजोत कौर की कमी भी खलेगी जो इंग्लैंड की परिस्थितियों में अहम भूमिका निभा सकती थीं। भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि बल्लेबाज शुरू से ही लय पकड़ लेंगी और रेणुका सिंह, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ की तेज गेंदबाजी तिकड़ी शानदार स्पेल डाल पाएंगी। स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसी कुछ प्रमुख खिलाड़ियों ने 'द हंड्रेड' और 'किया सुपर लीग' में खेला है और वह अनुभव काम आएगा ऑस्ट्रेलिया: छह बार की चैंपियन टीम को एलिसा हीली के संन्यास के बाद सोफी मोलिन्यु के रूप में नई कप्तान मिली है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया की असली ताकत उनकी जानी-पहचानी और भरोसेमंद कोर टीम है जिसमें एलिस पेरी, ताहलिया मैकग्रा, एशले गार्डनर, मेगन शूट, एलेना किंग और बेथ मूनी शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल और बाएं हाथ की तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन के आने से टीम और मजबूत हुई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम 2017 के बाद पहली बार बिना किसी ट्रॉफी के आईसीसी प्रतियोगिता में उतर रही है और वे निश्चित रूप से इस स्थिति को बदलना चाहेंगे। न्यूजीलैंड: मौजूदा चैंपियन ऐसी टीम के साथ आ रहे हैं जिसमें अनुभव और युवा जोश का सही मिश्रण है और उन्हें हराना आसान नहीं होगा। न्यूजीलैंड की उम्मीदें मुख्य रूप से सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और लिया ताहुहू पर टिकी होंगी। टीम इस तिकड़ी के लिए खिताब जीतना चाहती है क्योंकि वे इस टूर्नामेंट के बाद इस प्रारूप से अलग हो जाएंगी। टीम को ऑलराउंडर अमेलिया केर से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि हाल ही में बल्ले से उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह 2024 में फाइनल और टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही थीं। पिछले दो वर्षों में उनकी साख और कौशल में और निखार आया है। इंग्लैंड: मेजबान टीम नियमित कप्तान नैट स्काइवर ब्रंट की फिटनेस पर नजर रखेगी जो भारत के खिलाफ हालिया श्रृंखला में नहीं खेल पाई थीं। उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के लिए फिट हो जाएंगी। लेकिन चार्ली डीन की कप्तानी में इंग्लैंड ने उस श्रृंखला में साबित कर दिया कि वे स्काइवर ब्रंट के बिना भी जीत सकते हैं। टीम ने 0-1 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-1 से जीत हासिल की थी। टीम के पास एलिस कैपसी, सोफी एक्लेस्टोन, लिंडसे स्मिथ, फ्रेया केम्प और अनुभवी खिलाड़ी हीथर नाइट और डैनी वाट-हॉज जैसे बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं। दक्षिण अफ्रीका: अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश में दक्षिण अफ्रीका ने अनुभवी तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल को टीम में शामिल किया है लेकिन उनकी असली ताकत नेदिन डि क्लर्क, सुने लूस, क्लो ट्रायोन और डेन वान नीकर्क जैसी खिलाड़ी हैं जो खेल के किसी भी चरण में शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं। शांत स्वभाव वाली लॉरा वोलवार्ट की कप्तानी वाले दक्षिण अफ्रीका के पास मारिजेन कैप, अयाबोंगा खाका और एनेरी डर्कसेन के रूप में एक काबिल गेंदबाजी इकाई है। टीम को भारत और ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप में जगह मिली है इसलिए सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें हर समय सतर्क रहना होगा। छुपा रुस्तम: श्रीलंका विश्व कप से पहले श्रीलंका की टीम शानदार फॉर्म में है। टीम ने बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके घर पर पांच मैच जीते हैं। श्रीलंका की सबसे बड़ी स्टार कप्तान चामरी अटापट्ट्रू हैं जिन्हें टूर्नामेंट में बल्ले से अहम भूमिका निभानी होगी। टीम हालांकि पिछले कुछ वर्षों में अपनी इस स्टार खिलाड़ी पर निर्भरता कम करने में कामयाब रही है। श्रीलंका ने हसिनी परेरा, विश्मी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, नीलाक्षिका सिल्वा और कविशा दिलहारी जैसी प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार किया है। हालांकि टीम के पास भरोसेमंद तेज गेंदबाजी आक्रमण नहीं है इसलिए स्पिनरों से उम्मीद की जाएगी कि वे विरोधी टीम पर लगाम कसें। इंग्लैंड में धीमे गेंदबाज कितना असर डाल पाएंगे यह बहस का विषय है। टूर्नामेंट में यह टीम की कमजोरी साबित हो सकती है।

76 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक: काजल बनीं भारत की उभरती कुश्ती स्टार, ओलंपिक पर नजर

सोनीपत हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव लाठ की रहने वाली उभरती हुई स्टार महिला पहलवान काजल ने इंटरनेशनल मंच पर एक बार फिर से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। काजल ने मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आयोजित इंटरनेशनल रैंकिंग रेसलिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 76 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले, प्रदेश और पूरे देश का गौरव बढ़ा है। पहलवान काजल फिलहाल सोनीपत के सेक्टर-23 में अपने चाचा पहलवान कृष्ण के पास रहकर कुश्ती की बारिकियां सीख रही हैं। वह अपनी लगातार कठिन मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और खेल के प्रति गजब के समर्पण के बल पर भारतीय महिला कुश्ती की सबसे उभरती हुई स्टार्स में शुमार हो चुकी हैं। मेहनत, अनुशासन और समर्पण का मिला फल भारतीय महिला रेसलिंग टीम के पूर्व मुख्य कोच और बड़वासनी स्थित कुलदीप मलिक कुश्ती अकादमी के संचालक कुलदीप मलिक ने काजल की इस स्वर्णिम सफलता पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल स्तर पर मिला यह गोल्ड मेडल काजल की अथक मेहनत, कड़े अनुशासन और खेल के प्रति उसके अद्वितीय समर्पण का ही प्रतिफल है। वहीं, उनके कोच अजय मलिक ने काजल के खेल की तारीफ करते हुए बताया कि वह शुरू से ही बेहद मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित खिलाड़ी रही हैं। वह प्रतिदिन मैट पर कठिन प्रशिक्षण लेती हैं और अपनी तकनीक को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास करती हैं। कोच अजय ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में काजल विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे दुनिया के सबसे बड़े खेल मंचों पर भी देश के लिए पदक जीतकर इतिहास रचेगी। वर्ल्ड रेसलिंग में पहले भी जीत चुकी हैं सोना यह पहला मौका नहीं है जब काजल ने इंटरनेशनल मैट पर तिरंगा लहराया हो, उनका पुराना ट्रैक रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है। बुल्गारिया के समोकोव में आयोजित इस चैंपियनशिप में काजल ने कमाल का खेल दिखाते हुए 72 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। साल 2024 में आयोजित अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में भी काजल ने अपने भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर भारतीय रेसलिंग में अपनी बादशाहत साबित की थी। मंगोलिया में मिली इस ताजा सफलता के बाद काजल ने अपने अगले बड़े मिशन का भी खुलासा कर दिया है। काजल का अगला और मुख्य लक्ष्य वर्ष 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है, जिसके लिए वे अभी से जी-तोड़ मेहनत में जुट गई हैं। भारत ने लंबे समय से ओलंपिक में रेसलिंग में कोई भी मेडल नहीं जीता है। भारत को इसकी लंबे समय से तलाश है।