samacharsecretary.com

कुराकाओ बना फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाला सबसे छोटा देश

किंग्सटन कैरेबियाई क्षेत्र का छोटा सा द्वीप राष्ट्र कुराकाओ ने इतिहास रच दिया है। मंगलवार को जमैका के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेलकर कुराकाओ ने पहली बार फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह दुनिया का सबसे छोटा देश बन गया है। कुराकाओ, जिसकी आबादी सिर्फ 1.56 लाख है, ने किंग्सटन में खेले गए मुकाबले में जमैका की ओर से हुए जोरदार दूसरे हाफ के दबाव को झेलते हुए जरूरी ड्रॉ हासिल किया, जिससे उसे संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले आगामी विश्व कप का टिकट मिल गया। ‘ब्लू वेव’ के नाम से मशहूर टीम का यह सफर किसी परीकथा से कम नहीं रहा। छह मैचों में 12 अंकों के साथ कुराकाओ ने ग्रुप-B में शीर्ष स्थान हासिल किया और जमैका पर एक अंक की बढ़त के साथ क्वालिफिकेशन पक्का किया। अगले साल पहली बार विश्व कप में टीमों की संख्या बढ़कर 48 होने जा रही है, और इसी के साथ कुराकाओ ने सबसे छोटे देश के तौर पर क्वालिफाई करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड आइसलैंड (2018) के नाम था, जिसकी आबादी करीब 3.5 लाख है।  

स्कॉटलैंड ने 26 साल बाद फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया, मैक्टोमिने ने दागा करिश्माई गोल

ग्लास्गो स्कॉटलैंड ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही डेनमार्क पर 4-2 की रोमांचक जीत दर्ज कर फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह स्कॉटलैंड का 1998 के बाद पहला विश्व कप टिकट है। मैच में इंजरी टाइम में आए दो गोलों ने मुकाबले को यादगार बना दिया। शुरुआती तीसरे मिनट में स्कॉट मैक्टोमिने ने गेंद पर शानदार ओवरहेड किक मारकर स्कॉटलैंड को बढ़त दिलाई। नेपोली मिडफील्डर का यह गोल पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर गया। हालांकि डेनमार्क ने जल्द ही खुद को संभाला और पहले हाफ में गेंद पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन गोल नहीं कर सके। दूसरे हाफ में 57वें मिनट पर रासमुस होइलुंड ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके चार मिनट बाद डेनमार्क को झटका लगा जब रासमुस क्रिस्टेनसन को दूसरा पीला कार्ड मिलने पर मैदान छोड़ना पड़ा और टीम 10 खिलाड़ियों की रह गई। 78वें मिनट में लॉरेंस शेंकलैंड ने कॉर्नर पर शानदार फिनिश करते हुए स्कॉटलैंड को 2-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन कुछ ही देर में पैट्रिक डॉर्गु ने स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद स्कॉटलैंड ने दमदार वापसी करते हुए इंजरी टाइम में दो गोल दागे। 93वें मिनट में कीरन टियरनी ने बाहर से जोरदार शॉट लगाकर गोल किया और टीम को 3-2 से आगे कर दिया। मैच के खत्म होने से ठीक पहले केनी मैकलीन ने आधे मैदान से गेंद को गोल में डालकर स्कॉटलैंड की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। स्कॉटलैंड ग्रुप सी का विजेता बनकर 13 अंकों के साथ विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफाई हुआ, जबकि डेनमार्क को प्लेऑफ का रास्ता अपनाना पड़ेगा। स्कॉटलैंड मैनेजर स्टीव क्लार्क ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा, “आखिरी कदम हमेशा मुश्किल होता है, और लड़कों ने इसे बखूबी संभाला। मैक्ट्रोमिने का ओवरहेड किक मेरी जिंदगी का सबसे बेहतरीन गोल था।” कप्तान एंड्रयू रॉबर्टसन ने भावुक होकर कहा, “हम कभी हार नहीं मानते। यह स्क्वॉड की पहचान है। हमने देश को रोमांच में डाल दिया, लेकिन इसका हर पल वाजिब था। हम विश्व कप में जा रहे हैं।”  

गौतम गंभीर बने कोच, और डूबने लगी टीम इंडिया की टेस्ट बादशाहत?

नई दिल्ली  गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम का टेस्ट में तेजी से पतन हो रहा है। यकीन न हो तो आंकड़ों पर गौर फरमा लीजिए। गंभीर के कोच बनने से पहले टीम इंडिया टेस्ट मैचों में अपने घर में लगभग अजेय थी। दौरा करने वाली टीमें सीरीज जीतना तो छोड़िए, एक मैच तक जीतने के लिए तरस जाया करती थीं। फिर आया गौतम गंभीर युग और अब टीम मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ घर में ही जीत के लिए तरस गई है। गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने से पहले टीम इंडिया 10 सालों में घर में जितने टेस्ट मैच हारी थी, उससे ज्यादा तो उनके कार्यकाल के शुरुआती 16 महीनों में ही हार गई है। गंभीर युग से पहले भारतीय टीम जनवरी 2013 से दिसंबर 2023 तक एक दशक में घर में सिर्फ 3 टेस्ट मैच हारी थी। गंभीर के आने के बाद अब तक 6 होम टेस्ट में ही 4 मैच हार चुकी है। गौतम गंभीर को जुलाई 2024 में भारतीय टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके कार्यकाल में टी20 और वनडे में तो टीम इंडिया का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार है लेकिन टेस्ट में तो बहुत ही बुरा हाल है। उन्हें विरासत में एक ऐसी टीम मिली थी जिसे घर में हराना मजबूत से मजबूत टीमों के लिए टेढ़ी खीर हुआ करती थी। गंभीर के दौर में टीम इंडिया का टेस्ट में प्रदर्शन गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारतीय टीम ने अब तक 18 टेस्ट में 7 में जीत हासिल की है और 9 में उसे हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान घर में टीम इंडिया ने 8 मैच खेले हैं, जिनमें 4 में उसे जीत मिली है और 4 में हार। घर में पिछले 6 टेस्ट में 4 में हार गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय टीम घर में खेले गए पिछले 6 मैचों में 4 में हार चुकी है। जिन दो मैचों में जीती है वो वेस्टइंडीज के खिलाफ जीती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में भारत चौथे दिन 8 विकेट से हार गया। उसके बाद पुणे टेस्ट में भी न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन ही 113 रन से हराया। मुंबई टेस्ट में भी उसने भारतीय टीम को तीसरे दिन ही 25 रन से शिकस्त दी। अब दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट में तीसरे ही दिन भारत को 30 रन से हरा दिया है। किसी भी मजबूत टीम से नहीं जीत पाए सीरीज गौतम गंभीर के अब तक के कार्यकाल में भारतीय टीम किसी भी मजबूत टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। दक्षिण अफ्रीका के साथ 2 मैच की होम सीरीज में भी टीम इंडिया 1-0 से पीछे है। घर में सिर्फ बांग्लादेश और वेस्टइंडीज से जीते गंभीर के कार्यकाल में भारत ने जिन दो टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की है, वो दोनों ही टीमें घर से बाहर काफी कमजोर मानी जाती हैं। भारत ने पिछले साल बांग्लादेश को अपनी धरती पर 2-0 से हराया था। उसके अलावा इसी साल वेस्टइंडीज को अपने घर में 2-0 से हराया। वेस्टइंडीज कभी सबसे मजबूत टीमों में शुमार होती थी लेकिन अब तो वह अपने अतीत की छाया तक नहीं है। न्यूजीलैंड ने घर में आकर धो दिया गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत पिछेल साल अपनी ही सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बुरी तरह हारा। 3 मैच की सीरीज में टीम इंडिया एक भी मैच जीतना तो दूर, ड्रॉ तक नहीं करा पाई और 3-0 से शर्मनाक पराजय झेलनी पड़ी। उसके बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस साल इंग्लैंड दौरे पर भारत 5 टेस्ट मैच की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। सीरीज 2-2 से बराबर रही।  

श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी समारोह में पहुंचे तेंदुलकर, सुनाया विश्व कप 2011 से जुड़ा किस्सा

पुट्टपर्थी दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर बुधवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी समारोह में पहुंचे, जहां उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया। तेंदुलकर ने बताया कि बाबा अक्सर उनके मन की बात को जान लेते थे, जो उनके लिए अविश्वसनीय होता था। इस दौरान तेंदुलकर ने विश्व कप 2011 से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। सचिन तेंदुलकर ने समारोह में कहा, इस जगह ने हम लाखों लोगों को बहुत सुकून, उद्देश्य और दिशा दी है। जब मैं यहां खड़ा होता हूं, तो मुझे याद आता है कि बाबा ने हमारे जीवन में कितने योगदान दिए और हमें बेहतर इंसान बनाया। सचिन तेंदुलकर ने बताया कि बचपन में उनका हेयरस्टाइल श्री सत्य साईं बाबा की तरह ही था। उन्होंने कहा, “मुझे याद है, मैं सिर्फ 5 साल का था और मैं जहां भी जाता था, मेरे स्कूल और मेरे आस-पास के लोग मुझे “वो जो छोटा बच्चा है ना, जिसके बाल सत्य साईं बाबा जैसे हैं” कहकर बुलाते थे। ऐसा सिर्फ इसलिए था, क्योंकि मैंने 5 साल की उम्र तक बाल नहीं कटवाए थे। मेरे बाल भी वैसे ही लंबे थे। मैं उस समय समाज के लिए बाबा के योगदान को समझने में बहुत छोटा था। मैं उनसे पहली बार 90 के दशक के मध्य में व्हाइटफील्ड में मिला था और तब से मुझे उनसे कई बार मिलने का सौभाग्य मिला है।” उन्होंने कहा, “बाबा में यह क्षमता थी कि चाहे आप कहीं भी हों वे आपके मन में, आपके साथ रह सकते थे। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि मेरे मन में कई सवाल चल रहे थे। बिना पूछे ही, बाबा ने उन सवालों के जवाब दे दिए। यह मेरे लिए एक अविश्वसनीय अनुभव था। क्योंकि मैं सोच रहा था, उन्हें कैसे पता चला कि मेरे मन में क्या चल रहा था? उन्होंने पहले ही जवाब दे दिया था, मुझे आशीर्वाद दिया था, मुझे दिशा दी थी।” सचिन तेंदुलकर ने बताया कि साल विश्व कप 2011 से पहले श्री सत्य साईं बाबा ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद की थी। उन्होंने कहा, “2011 से पहले मैं कई विश्व कप खेल चुका था। मुझे पता था कि यह मेरा आखिरी विश्व कप हो सकता है। हम बेंगलुरु में एक कैंप में थे। इसी बीच मुझे एक फोन कॉल आया और बताया गया कि बाबा ने मेरे लिए एक किताब भेजी है। यह सुनकर मेरे चेहरे पर मुस्कान आ गई। मैं जानता था कि यह विश्व कप हमारे लिए बेहद खास होगा। इस किताब ने मुझे आत्मविश्वास और आत्मबल दिया।”  

मुशफिकुर का कमाल! टेस्ट में बनाई खास शतकीय उपलब्धि, बांग्लादेश क्रिकेट को दिलाई नई पहचान

नई दिल्ली  जिस उपलब्धि को इंग्लैंड के 17, ऑस्ट्रेलिया के 16 और भारत के 14 खिलाड़ी हासिल कर चुके हैं, उस उपलब्धि को हासिल करने वाले मुशफिकुर रहमान बांग्लादेश के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। बुधवार 19 नवंबर को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुरू हुआ, जो मुशफिकुर रहीम के लिए ऐतिहासिक था। मुशफिकुर रहीम का ये 100वां टेस्ट था। बांग्लादेश के लिए इससे पहले किसी खिलाड़ी ने इस उपलब्धि को अपने नाम नहीं किया था। ऐसे में इसका सेलिब्रेशन भी शानदार रहा।   इस समय 12 टेस्ट प्लेइंग नेशन्स हैं, लेकिन अब तक 8 ही देशों के खिलाड़ियों ने कम से कम 100 टेस्ट खेले थे, लेकिन अब इसमें बांग्लादेश भी जुड़ गया है। 38 वर्षीय मुशफिकुर रहीम के अलावा बांग्लादेश का कोई भी क्रिकेटर 75 से ज्यादा टेस्ट मैचों तक नहीं पहुंचा है, लेकिन मुशफिकुर रहीम शतक पूरा करने में सफल हुए हैं। हालांकि, उनका ये आखिरी टेस्ट भी हो सकता है, क्योंकि उन्हीं के लिए इस टेस्ट सीरीज का आयोजन हुआ है, जो एक मैच की सीरीज थी, लेकिन इसके 2 मैचों की किया गया, क्योंकि एक टेस्ट के बाद वे 99 तक पहुंच पाते। मुशफिकुर रहीम ने मैच से पहले कहा, "मैं आप सभी का, अपने परिवार का और खासकर अपनी पत्नी का, जिन्होंने मेरे लिए कई रातें जागकर बिताईं, शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। सबसे जरूरी है मेरे साथियों, कोचों, मेरे घर के दोस्तों और मेरे सभी प्रशंसकों का। मैं बांग्लादेश क्रिकेट को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं हमेशा की तरह अपना 100% देने की कोशिश करूंगा। मैं अच्छे प्रदर्शन की कामना करता हूं और आयरलैंड क्रिकेट टीम का भी, यहां आने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। उम्मीद है कि हमारे पास जश्न मनाने के लिए एक शानदार टेस्ट मैच होगा। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आयरलैंड टीम को विशेष धन्यवाद।" मुशफिकुर रहीम का करियर मुशफिकुर रहीम ने अब तक खेले 99 मैचों की 182 पारियों में कुल 6351 रन बनाए हैं। इनमें 219 उनका सर्वाधिक स्कोर रहा है। 12 शतक और 27 अर्धशतक उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में जड़े हैं। 3 दोहरे शतक भी उनके बल्ले से आए हैं। मुशफिकुर रहीम देश की महान हस्ती बन चुके हैं, क्योंकि उनको 20 साल का अनुभव इंटरनेशनल क्रिकेट का है। 2005 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था।  

हार्दिक पांड्या और माहिका की PDA फोटो वायरल, फैंस हुए हैरान

मुंबई  जब से हार्दिक पांड्या ने मॉडल और एक्ट्रेस माहिका शर्मा के साथ अपने रिश्ते को कंफर्म किया तब से अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी लेडी लव पर प्यार लुटाते हुए तस्वीरें शेयर करते रहते हैं. मंगलवार शाम को भी, क्रिकेटर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें से कुछ में वे अपनी गर्लफ्रेंड माहिका संग रोमांटिक अंदाज में नजर आए. हार्दिक पांड्या ने गर्लफ्रेंड माहिका को किस करते हुए वीडियो की शेयर हार्दिक पांड्या द्वारा शेयर की गई एक वीडियो में,वे और माहिका ट्रेडिशनल आउटफिट में कैमरे के सामने पोज़ देते हुए नज़र आ रहे हैं. इस दौरान हार्दिक अपनी लेडी लव के गालों पर किस करते भी नज़र आते हैं. वहीं एक और वीडियो में दोनों कुछ पूजा करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि यह क्लिप उनके दिवाली सेलिब्रेशन की हो सकती है. कौन हैं माहिका शर्मा? माहिका ने इकोनॉमिक्स और फाइनेंस में डिग्री ली हुई है. इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. वह कई म्यूदिक वीडियो, इंडीपेंडेट फिल्मों और तनिष्क, वीवो और यूनिक्लो जैसे ब्रांड्स के एड कैंपेन में नज़र आ चुकी हैं. उन्होंने मनीष मल्होत्रा, अनीता डोंगरे और तरुण तहिलियानी जैसे टॉप इंडियन डिज़ाइनरों के लिए रैंप वॉक भी किया है. 2024 में, माहिका को इंडियन फ़ैशन अवार्ड्स में "मॉडल ऑफ़ द ईयर (न्यू एज)" अवॉर्ड भी मिला था. हार्दिक पांड्या का पिछले साल नताशा से हुआ था तलाक हार्दिक पांड्या की शादी बॉलीवु़ड एक्ट्रेस स्टेनकोविक से हुई थी. दोनों ने मई 2020 में शादी की और फरवरी 2023 में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से दोबारा वेडिंग की थी. हालांकि जुलाई 2024 में इस जोड़ी ने तलाक की अनाउंसमेंट कर हर किसी को हैरान कर दिया था. बता दें कि हार्दिक और नताशा का एक बेटा अगस्त्य भी है.   

DK का बड़ा आरोप: गंभीर इस प्लेयर को सही ट्रीट नहीं कर रहे, टीम मैनेजमेंट पर उठे सवाल

नई दिल्ली  साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट मैच हारने के बाद टीम इंडिया के मैनेजमेंट पर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनमें एक मुद्दा ये भी है कि नंबर तीन पर साई सुदर्शन की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका क्यों दिया गया? भले ही वॉशिंगटन सुंदर ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट मैचों में बल्ले से कुछ सार्थक योगदान दिया है। यहां तक कोलकाता टेस्ट मैच में भी कुछ रन बनाए, लेकिन वे इससे पहले कर निचले क्रम में खेले थे। इसको लेकर पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने हेड कोच गौतम गंभीर से कुछ सवाल किए हैं। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को ऑलराउंडर्स से बहुत लगाव है और वे वॉशिंगटन सुंदर को बहुत ज्यादा रेट करते हैं, लेकिन एकाएक बल्लेबाजी क्रम में इतना ऊपर भेजने का फैसला वाकई चौंकाने वाला था। सुंदर ने कोलकाता टेस्ट मैच में पहली पारी में 29 और दूसरी पारी में 31 रन बनाए। इस मैच में उनके ही सबसे ज्यादा रन भारत के लिए थे, लेकिन कार्तिक का मानना ​​है कि इस भूमिका के लिए सुंदर को अत्यधिक बल्लेबाजी अभ्यास करना होगा, जिसका उनकी गेंदबाजी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज के एक वीडियो में कहा, "टेस्ट खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर को आप किस तरह देखते हैं? क्या वो गेंदबाज हैं और बल्लेबाजी भी कर सकते हैं? अब अगर आप उन्हें तीसरे नंबर पर भेज रहे हैं, तो आप उन्हें यही बता रहे हैं कि उन्हें बल्लेबाजी पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। जैसे ही वह अभ्यास में लंबे समय तक बल्लेबाजी करने लगते हैं तो आप महसूस करेंगे कि उनका गेंदबाजी का अभ्यास कम हो गया, क्योंकि दोनों में अच्छा होना शारीरिक रूप से असंभव है।" 'बड़ी पारी की उम्मीद सुंदर से है' कार्तिक ने वॉशिंगटन सुंदर की इस पोजिशन को पेचीदा बताया, क्योंकि सुंदर की तीसरे नंबर पर भूमिका केवल एक अस्थायी समाधान लगती है। तमिलनाडु के इस क्रिकेटर को मुख्य रूप से एक गेंदबाज के रूप में देखा जाता है जो बल्ले से भी उपयोगी साबित हो सकता है, लेकिन गौतम गंभीर ने उनकी भूमिका को एक नया आयाम देने का काम किया है। कार्तिक ने कहा, "ऐसे में कहा जा सकता है कि संदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि हम आपसे बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं। इससे आगे चलकर उनकी गेंदबाजी पर असर पड़ सकता है। यह बहुत पेचीदा मामला है।"

ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025: भारत A ने ओमान को मात देकर बनाई सेमीफाइनल की राह

 नई दिल्ली एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में मंगलवार को टीम इंडिया ए का मुकाबला ओमान से हुआ. इस मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का करा लिया है. पाकिस्तान पहले ही क्वालिफाई कर चुका है.  टॉस जीतकर भारत ए ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 135 रन बनाए थे. ये मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम दोहा में हुआ. ये मुकाबला भारत और ओमान दोनों के लिए खास होने वाला था क्योंकि, अबतक दोनों टीमों ने एक मैच जीते थे और एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे रही भारत की बल्लेबाजी ओमान के 136 रनों के जवाब में उतरी भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में प्रियांश आर्य 10 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी से आतिशी पारी की उम्मीद थी. लेकिन वो भी 12 रन बनाकर पांचवें ओवर में आउट हो गए. नमन धीर ने 30 रन जरूर बनाए लेकिन 9वें ओवर में वो भी अपना विकेट गंवा बैठे. लेकिन इसके बाद नेहाल वढ़ेरा और हर्ष दुबे के बीच एक कमाल की साझेदारी हुई. दोनों ने भारत की पारी को संभाला और दबाव हटाया. दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई. वहीं, हर्ष दुबे ने 41 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. दोनों के बीच 66 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन 18वें ओवर में नेहाल वढ़ेरा का विकेट गिरा. नेहाल ने 23 रन बनाए. लेकिन हर्ष टिके रहे. इसी ओवर में भारत को 6 विकेट से जीत मिली. इस टूर्नामेंट में ये भारत की दूसरी जीत है. इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. ओमान और यूएई की टीम बाहर हो गई हैं.   ऐसे रही ओमान की बल्लेबाजी पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की पारी का आगाज हम्माद मिर्जा और सरन सोनावले ने किया. चौथे ओवर में ओमान को पहला झटका लगा जब हम्माद आउट हुए. इसके बाद 9वें ओवर में करन का विकेट गिरा. ओमान की ओर से सबसे ज्यादा रन वसीम अली ने बनाए. उन्होंने नाबाद 54 रनों की पारी खेली. जिसके दम पर ओमान ने 135 रन बनाए. भारत की ओर से गुरजनपीत और सुयश शर्मा को 2-2 विकेट मिले. भारत ए की प्लेइंग इलेवनः  प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, नमन धीर, जितेश शर्मा,  रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, गुरजापनीत सिंह, विजयकुमार वैशाक, सुयश शर्मा. ओमान (प्लेइंग इलेवन): हम्माद मिर्जा, करण सोनावले, वसीम अली, नारायण सैशिव, आर्यन बिष्ट, जिक्रिया इस्लाम, सुफयान महमूद, मुजाहिर रजा, समय श्रीवास्तव, शफीक जान, जय ओडेड्रा. 8 टीमें इस टूर्नामेंट का हिस्सा एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में कुल 8 टीमें खेल रही हैं. भारत-ए को ग्रुप-बी में रखा गया है. इस ग्रुप में उसके साथ संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ओमान और पाकिस्तान शाहीन्स की टीमें हैं. जबकि ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए, हॉन्ग कॉन्ग, अफगानिस्तान-ए और श्रीलंका-ए की टीम्स शामिल हैं. यानी टूर्नामेंट दो ग्रुप्स में बंटा है और हर ग्रुप में चार-चार टीमें हैं. भारत-ए ने अपने पहले मैच में यूएई को 148 रनों से हराया था. दूसरी ओर पाकिस्तान शाहीन्स ने ओमान को 40 रनों से पराजित किया था. लेकिन दूसरे मैच में भारत को पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था. भारत-ए का फुल स्क्वॉड: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, नमन धीर, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, आशुतोष शर्मा, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, सुयश शर्मा, विजयकुमार वैशाक, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल और सूर्यांश शेडगे. ओमान का फुल स्क्वॉडः हम्माद मिर्जा (कप्तान), सुफियान यूसुफ , करण सोनावले, वसीम अली, नारायण सैशिव, आर्यन बिष्ट, जिक्रिया इस्लाम, सुफयान महमूद, मुजाहिर रजा, समय श्रीवास्तव, शफीक जान, जय ओडेद्रा, पृथ्वीकुमार माची, हसनैन शाह, शुएब अल बलुशी, उबैद उल्लाह, एमडी यूसुफ.  

शुभमन गिल की फिटनेस रिपोर्ट जारी, जानें क्या अगला टेस्ट खेल पाएंगे?

नई दिल्ली  भारतीय कप्तान शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान गर्दन में चोट लगी थी। इसकी वजह से वह अपनी पहली पारी जारी नहीं रख पाए थे और दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे। दूसरे दिन के खेल के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उनको एक दिन बाद छुट्टी मिल गई। अब सवाल ये है कि क्या वे दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हैं? इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। बीसीसीआई ने भी अपने मेडिकल अपडेट में स्थिति स्पष्ट नहीं की है। भारतीय टीम कोलकाता टेस्ट मैच में 30 रन से हार गई थी। जाहिर तौर पर शुभमन गिल की बल्लेबाजी कमी उस मैच में भारत को खली थी।   बीसीसीआई ने बुधवार 19 नवंबर को कप्तान शुभमन गिल के मेडिकल अपडेट जारी करते हुए बताया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल की गर्दन में चोट लग गई थी और उन्हें दिन का खेल खत्म होने के बाद जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्हें निगरानी में रखा गया और अगले दिन छुट्टी दे दी गई। शुभमन को दिए गए उपचार का अच्छा असर हो रहा है और वह 19 नवंबर 2025 को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। बोर्ड ने आगे बताया है कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी जारी रखेगी और दूसरे टेस्ट में उनकी भागीदारी पर उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा। टीम इंडिया को शनिवार 22 नवंबर से गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच खेलना है। 19 नवंबर यानी आज भारतीय टीम गुवाहटी के लिए रवाना होने वाली है। इस दल के साथ कप्तान भी जाने वाले हैं, लेकिन उनके खेलने की संभावना बहुत कम है। 21 नवंबर को शुभमन गिल को लेकर फैसला लिया जाएगा, क्योंकि गर्दन की चोट बहुत गंभीर नहीं है, लेकिन अगर खेलने से ये चोट और गंभीर हो जाती है तो फिर ये भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। ऐसे में मैनेजमेंट उन्हें खिलाने की जल्दबाजी नहीं करेगा।  

गुवाहाटी टेस्ट: साउथ अफ्रीका को दोहरी मार, हार्मर और जानसेन चोट‍िल होने से बाहर

गुवाहाटी साउथ अफ्रीका ने भारत को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट में 30 रनों से हराया था. इस टेस्ट में बावुमा ब्रिगेड ने भारतीय टीम को जीत के लिए महज 124 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन शुभमन ब्रिगेड ये रन भी नहीं बना सकी. नतीजतन अफ्रीकी टीम ने भारत में 15 साल बाद टेस्ट मैच जीत में हासिल की. अब साउथ अफ्रीकी टीम भारत में टेस्ट सीरीज में ऐतिहासिक जीत के कगार पर है. क्योंकि अब गुवाहाटी में होने वाला दूसरा टेस्ट ड्रॉ भी कप्तान टेम्बा बावुमा की टीम को सीरीज जीत दिलाने के लिए काफी होगा. हालांकि उनकी तैयारियों में कुछ खलल भी पड़े हैं.  कोलकाता टेस्ट के 'प्लेयर ऑफ द मैच' साइमन हार्मर को कंधे की समस्या है, जबकि लेफ्ट-आर्म पेसर मार्को जानसेन जैनसन भी हल्की चोट से जूझ रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों ने मंगलवार को कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में मेडिकल टेस्ट करवाए, वही अस्पताल जहां शुभमन गिल का गर्दन का इलाज हुआ था. मेहमान टीम ने ईडन गार्डन्स में शानदार जीत दर्ज करने के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप (2025-27) पॉइंट टेबल में भी छलांग लगाते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. उसकी यह जीत भारत में 2010 के बाद उनकी पहली टेस्ट जीत रही. उन्हें चौथे स्थान से उठाकर 66.67 PCT तक ले गई, जिससे वे टॉप पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के ठीक पीछे पहुंच गए हैं. श्रीलंका तीसरे स्थान पर खिसक गया है और भारत 54.17 PCT के साथ चौथे स्थान पर चला गया है. कोलकाता टेस्ट में बावुमा ने नाबाद 55 रनों की पारी खेली और साइमन हार्मर ने मैच में आठ विकेट हास‍िल किए. वहीं उन्होंने साउथ अफ्रीका को 1-0 की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई. नियमित कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में भारत 124 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए लड़खड़ा गया और 93 पर सिमट गया. हार्मर ने पहली पारी के 4/30 के बाद दूसरी पारी में 4/21 लेकर अपना कमाल जारी रखा, जबकि केशव महाराज ने दो विकेट झटके और जानसेन जैनसन ने दोनों भारतीय ओपनरों को आउट कर भारत को प्रेशर में डाल दिया था. दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने भारत को संभालने की कोशिश की, सुंदर ने 31 रन बनाए लेकिन एडेन मार्करम ने उन्हें आउट किया, जबकि पटेल की तेज तर्रार 26 रन की पारी महाराज का शिकार बनकर खत्म हुई.