samacharsecretary.com

क्रिकेट अपडेट: राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव, राठौड़ को प्रमोशन

जयपुर  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी नीलामी 16 दिसंबर को अबूधाबी में होनी है. ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है. राजस्थान रॉयल्स (RR) ने तो बड़ा फैसला लिया और कप्तान संजू सैमसन को ट्रेड कर दिया. इसके लिए रॉयल्स की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से ट्रेड डील हुई. सैमसन के बदले में सीएसके से रवींद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान रॉयल्स के स्क्वॉड में शामिल कर लिए गए हैं. राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार (17 नवंबर) को एक और बड़ी घोषणा की है. श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को आईपीएल के अगले सीजन के लिए इस टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है. यह फैसला राहुल द्रविड़ के पद छोड़ने के बाद लिया गया. द्रविड़ ने अगस्त 2025 में राजस्थान रॉयल्स से अलग होने का फैसला किया था. संगकारा 2021 से राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट हैं. वो 2021-2024 तक इस टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं. संगकारा की कोचिंग में टीम आईपीएल 2022 में फाइनल तक पहुंची थी और 2024 के सीजन के दौरान प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही थी. राजस्थान रॉयल्स ने कुमार संगकारा के फिर से हेड कोच बनने की पुष्टि कर दी है. बता दें कि राहुल द्रविड़ मल्टी-ईयर कॉन्ट्रैक्ट के साथ राजस्थान रॉयल्स टीम के साथ जुड़े थे. द्रविड़ की कोचिंग में राजस्थान रॉयल्स ने बेहद खराब प्रदर्शन करते हुए 14 में से केवल 4 मैच जीते और यह टीम अंकतलिका में नौवें स्थान पर रही. राजस्थान रॉयल्स के लीड ऑनर मनोज बडाले कहा, 'टीम को इस समय जो जरूरत है, उसके हिसाब से कुमार संगकारा का स्क्वॉड से जुड़ाव, उनकी नेतृत्व क्षमता और रॉयल्स की संस्कृति को समझने की उनकी गहरी पकड़ टीम को निरंतरता और स्थिरता देगी. कुमार पर हमारा हमेशा पूरा भरोसा रहा है. उनकी स्पष्टता, शांत स्वभाव और क्रिकेटिंग समझ टीम को अगले फेज में ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी.' कोचिंग स्टाफ में और कौन-कौन? राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग स्टाफ में और भी बदलाव देखने को मिले हैं. विक्रम राठौड़ का प्रमोशन हुआ है और वो मुख्य असिस्टेंट कोच बने हैं. न्यूजीलैंड के दिग्गज गेंदबाज शेन बॉन्ड बॉलिंग कोच की भूमिका निभाते रहेंगे. उधर ट्रेवर पेनी असिस्टेंट कोच की भूमिका में वापस आए हैं. जबकि सिद्धार्थ लाहिड़ी  परफॉर्मेंस कोच का रोल निभाएंगे. रास्थान रॉयल्स में रवींद्र जडेजा की एंट्री के बाद कप्तानी की होड़ काफी रोमांचक हो गई है. उनकी मौजूदगी टीम की लीडरशिप इक्वेशन को पूरी तरह बदल सकती है. मिनी ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने कई खिलाड़ियों को रिलीज भी किया है. रिलीज होने वाले विदेशी खिलाड़ियों में फजलहक फारूकी, वानिंदु हसारंगा और महीश तीक्ष्णा शामिल हैं. वहीं आकाश मधवाल, अशोक शर्मा, कुणाल सिंह राठौड़ और कुमार कार्तिकेय को भी टीम से बाहर कर दिया गया है. राजस्थान रॉयल्स का मौजूदा स्क्वॉड: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे, शिमरॉन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा (चेन्नई से ट्रेड), सैम करन (चेन्नई से ट्रेड), डोनोवन फरेरा (दिल्ली से ट्रेड).

भारत-साउथ अफ्रीका रैंकिंग अपडेट: कोलकाता टेस्ट के बाद टीम इंडिया कहां खड़ी है

मुंबई  साउथ अफ्रीका ने पहले टेस्ट में भारत को 30 रन से हराकर WTC पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव कर दिया. इस हार से टीम इंडिया चौथे नंबर पर फिसल गई है. बल्लेबाजी क्रम में किए गए प्रयोग और कमजोर प्रदर्शन से मैच हाथ से निकल गया. अब गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट भारत के लिए करो या मरो जैसा बन गया है.  कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने भारत को 30 रन से हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर कर दिया. इस हार के साथ भारत न सिर्फ सीरीज में 0-1 से पीछे गया, बल्कि पॉइंट्स टेबल पर भी चौथे स्थान पर फिसल गया है. वहीं साउथ अफ्रीका पांचवें से दूसरे नंबर पर पहुंच गया है. इस मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी और तीसरे नंबर पर किए गए प्रयोग ने भी कई सवाल खड़े कर दिए. बदल गया WTC पॉइंट्स टेबल का गणित पहले टेस्ट में मिली हार ने भारत की WTC स्थिति को काफी नुकसान पहुंचाया. मैच से पहले भारत पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर था, लेकिन कोलकाता टेस्ट हारने के बाद उसका प्रतिशत घटकर 54.17% रह गया और टीम चौथे स्थान पर खिसक गई. दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए पॉइंट्स प्रतिशत बढ़ाकर 66.67% कर लिया और सीधा पांचवे से दूसरे स्थान पर पहुंच गया. इस जीत ने प्रोटियाज टीम को फायदे की स्थिति में ला दिया है क्योंकि यह सीरीज सिर्फ दो टेस्ट की है और हर पॉइंट काफी मायने रखता है. पहले टेस्ट की हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिच मुश्किल थी, लेकिन कुछ फैसले भी टीम के खिलाफ गए. सबसे बड़ा सवाल तीसरे नंबर पर किए गए प्रयोग को लेकर उठा. ईडन गार्डन्स टेस्ट में साई सुदर्शन को बाहर बैठाकर वाशिंगटन सुंदर को तीसरे नंबर पर भेजा गया. सुंदर पहली पारी में 29 और दूसरी पारी में 31 रन बनाकर कुछ हद तक संघर्ष तो करते दिखे, लेकिन यह रोल किसी स्पेशलिस्ट बल्लेबाज का होता है. सबसे बड़ा सवाल यह कि अगर सुंदर से सिर्फ 1 ओवर गेंदबाजी कराई जानी थी, तो फिर उन्हें स्पेशलिस्ट बैट्समैन बनाकर इतने महत्वपूर्ण स्थान पर क्यों उतारा गया? यह फैसला मैच के नतीजे पर भारी पड़ा क्योंकि 124 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते समय टीम को मजबूत बल्लेबाजी की जरूरत थी. 15 साल बाद घर में साउथ अफ्रीका से टेस्ट हार भारत ने घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी बार 2010 में टेस्ट मैच हारा था. 15 साल बाद यह शर्मनाक हार दोबारा देखने को मिली. 124 रन का आसान लक्ष्य भी भारतीय बल्लेबाज चेज नहीं कर पाए और टीम टी ब्रेक से पहले ही 93 रन पर ढेर हो गई. कप्तान शुभमन गिल गर्दन में खिचाव के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे, जिससे टीम की स्थिति और कमजोर हो गई. यह हार बताती है कि बल्लेबाजी क्रम में अस्थिरता और पिच की गलत समझ ने टीम का खेल बिगाड़ दिया. दूसरा टेस्ट तय करेगा भारत की रैंकिंग अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा. यह मैच WTC के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम होगा. सीरीज के संभावित नतीजों के आधार पर भारत के पॉइंट्स इस प्रकार बदलेंगे.     अगर सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही, तो भारत का प्रतिशत 59.26% हो जाएगा और टीम वापस तीसरे नंबर पर आ जाएगी.     अगर भारत 0-1 से हारा, तो टीम 51.85% के साथ चौथे नंबर पर ही रहेगी.     अगर भारत 0-2 से हार गया, तो भारत 48.15% के साथ पांचवें नंबर पर चला जाएगा. यानी, गुवाहाटी टेस्ट सिर्फ सीरीज नहीं, बल्कि WTC की रैंकिंग के लिए भी निर्णायक है. साउथ अफ्रीका के पास बड़ा मौका साउथ अफ्रीका की पहले टेस्ट में जीत ने उसे WTC में मजबूत स्थिति में ला दिया है. टीम के पॉइंट्स इस सीरीज के बाद कुछ ऐसे हो सकते हैं.     अगर साउथ अफ्रीका 2-0 से जीता, तो उसका प्रतिशत 75% होगा और वह दूसरे नंबर पर बना रहेगा.     अगर SA 1-0 से जीता, तो उसका प्रतिशत 58.33% होगा और वह तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगा.     अगर सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही, तो SA 50% पर रहेगा और पांचवें नंबर पर ही रहेगा. अगले टेस्ट से दोनों टीमों के WTC अभियान की दिशा तय होगी. भारत जहां वापसी की उम्मीद में है, वहीं साउथ अफ्रीका टॉप-2 में जगह मजबूत करने का मौका ढूंढ रहा है.

शुभमन गिल की तबीयत में सुधार, हॉस्पिटल से डिस्चार्ज; खेलने पर अब भी संशय

मुंबई  भारतीय कप्तान शुभमन गिल को कोलकाता के उस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जहां उन्हें शनिवार शाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन की चोट लगने के बाद ले जाया गया था. गिल अब टीम होटल लौट आए हैं, और वह स्थिर हैं, चल-फिर सकते हैं और अपनी गर्दन घुमा सकते हैं, और वह दर्द, जिसने शुरू में सपोर्ट स्टाफ को चिंतित कर दिया था, अब काफी कम हो गया है. फिलहाल, गिल टीम होटल में कड़ी निगरानी में रहेंगे, जहां डॉक्टर और बीसीसीआई की मेडिकल यूनिट उनकी प्रगति पर नजर रखेगी. वह गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम के साथ यात्रा करेंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है, और आने वाले दिनों में आराम और उपचार पर उनकी प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा. पहले टेस्ट से बाहर हुए थे गिल गिल को पहले टेस्ट के बाकी हिस्से से बाहर कर दिया गया था, जब दूसरे दिन के अंतिम क्षणों में एक चिंताजनक घटना हुई. ड्रिंक्स ब्रेक के बाद वे क्रीज़ पर आए और साइमन हार्मर की पहली गेंद को डिफेंड किया, फिर अगली गेंद को स्लॉग-स्वीप कर चौका लगाया. लेकिन उस शॉट की ताकत से उनके शरीर में एक व्हिपलैश जैसी झटका लगा. गिल ने तुरंत अपनी गर्दन के पीछे हाथ रखा, दर्द से साफ परेशान दिखे और अपना सिर हिलाने में संघर्ष करते रहे. फिजियो तुरंत मैदान में आया, और सिर्फ तीन गेंदों के बाद भारत के कप्तान रिटायर्ड हर्ट हो गए. उसी शाम बाद में, उन्हें एहतियातन सर्वाइकल कॉलर पहनाकर अस्पताल ले जाया गया. गांगुली भी मिलने पहुंचे रविवार को, पूर्व भारतीय कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली 15 मिनट के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने गिल की स्थिति के बारे में जानकारी ली और इलाज कर रहे मेडिकल स्टाफ से बात की. बाद में गांगुली ने कहा कि गिल अच्छी मनोदशा में थे. भारत को मिली हार लेकिन अंतिम पारी में गिल की अनुपस्थिति भारी पड़ी. भारत, जिसे केवल 124 रन का लक्ष्य मिला था, नियंत्रण से अराजकता में फिसल गया, जब ईडन गार्डन्स की टर्निंग पिच पर बल्लेबाज़ संघर्ष करते दिखे. कप्तान के उपलब्ध न होने से मध्यक्रम हिचकिचाता दिखा और भारत 93 पर ढेर हो गया — जो घर में उनका दूसरा सबसे कम स्कोर वाला नाकाम चेज़ है. और इस तरह दक्षिण अफ्रीका को 30 रन की जीत और सीरीज में 1-0 की बढ़त मिल गई. यह देखना बाकी है कि क्या गिल 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए समय पर ठीक हो पाते हैं, जहां भारत सीरीज हारने से बचने और वापसी करने की उम्मीद करेगा.  

कुंबले का बड़ा बयान: जसप्रीत बुमराह को पहला ओवर न देना रणनीतिक गलती

कोलकाता अपने जमाने के दिग्गज क्रिकेटर अनिल कुंबले ने रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत की 30 रन से हार के बाद कहा कि ईडन गार्डन्स की चुनौतीपूर्ण पिच पर तीसरे दिन का खेल के शुरू में मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गेंद नहीं सौंपना सवाल पैदा करता है। भारतीय टीम 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 रन पर आउट हो गई और इस तरह से पहला टेस्ट मैच तीसरे दिन दूसरे सत्र में ही समाप्त हो गया। कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर कहा, ‘‘124 रन का लक्ष्य थोड़ा ज़्यादा था। दक्षिण अफ्रीका को दिन की शुरुआत में केवल 63 रन की बढ़त हासिल थी और उसके तीन विकेट बचे हुए थे। तेम्बा बावुमा अभी खेल रहे थे। ऐसी परिस्थितियों में फैला हुआ क्षेत्ररक्षण और अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को पहला ओवर न देना सवाल खड़े करता है। दक्षिण अफ्रीका के आज गिरे तीनों विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए।’’ ⁠ कुंबले ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस साल की शुरुआत में टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत दिलाने के बावजूद उन्हें हमेशा वह श्रेय नहीं मिलता जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर भारत दक्षिण अफ्रीका से पिछड़ गया। इसका श्रेय बावुमा को जाता है। उन्हें कप्तान के रूप में वह पहचान नहीं मिली जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान के रूप में 11 में से 10 टेस्ट मैच जीते हैं और उनके लिए टेस्ट चैम्पियनशिप जीती है। उन्हें उस तरह का श्रेय नहीं मिलता जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के अन्य कप्तानों को मिलता है।’’ पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘बल्लेबाज़ के रूप में भी उन्होंने दो बेहतरीन पारियां खेली हैं। पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में और दूसरी अब यहां। उन्होंने एक खिलाड़ी और कप्तान दोनों रूप में शानदार प्रदर्शन किया है।’’  

चेन्नई सुपर किंग्स का बड़ा फैसला: ऋतुराज गायकवाड़ बने IPL 2026 के नए कप्तान

चेन्नई चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने एक्स पोस्ट से साफ कर दिया कि आईपीएल 2026 में टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ ही करेंगे। फ्रेंचाइजी ने औपचारिक ऐलान नहीं किया, लेकिन पोस्ट में जिस तरह तस्वीर और संदेश दिया था, उससे यह बिल्कुल स्पष्ट था कि कप्तानी फिर से गायकवाड़ के पास ही रहेगी। पिछला सीजन गायकवाड़ के लिए मुश्किल भरा था। उन्होंने आईपीएल 2025 के शुरुआती पांच मैचों में टीम की कप्तानी की थी। इन मुकाबलों में चेन्नई को सिर्फ एक जीत मिली थी और चार मैचों में हार झेलनी पड़ी थी। इन्हीं पांच मैचों में गायकवाड़ ने 122 रन बनाए थे। राजस्थान के ख़िलाफ उन्हें कोहनी पर चोट लगी और उसके बाद वह पूरे सीजन से बाहर हो गए। टीम की कप्तानी फिर एम एस धोनी ने संभाली, लेकिन चेन्नई का प्रदर्शन नहीं सुधरा और वे 14 में से केवल चार मैच जीतकर आख़िरी पायदान पर रहे। चेन्नई ने आईपीएल 2026 से पहले अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए हैं। रवींद्र जडेजा और सैम करन को ट्रेड कर दिया गया है और कई खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया गया है। टीम ने रुतुराज और धोनी के साथ मजबूत कोर बनाए रखा है और कुछ दिलचस्प रिटेंशन्स भी किए हैं। साथ ही टीम में संजू सैमसन का होना, उन्हें मजबूती प्रदान करेगा। सीएसके द्वारा आईपीएल 2026 से पहले रिलीज किए गए खिलाड़ी : रवींद्र जडेजा (आरआर को ट्रेड), आंद्रे सिद्धार्थ, दीपक हुड्डा, डेवोन कॉन्वे, रचिन रविंद्र, मथीशा पथिराना, सैम करन (आरआर को ट्रेड), कमलेश नागरकोटी, राहुल त्रिपाठी, शेख़ रशीद, वंश बेदी, विजय शंकर रिटेन किए गए खिलाड़ी : एम एस धोनी, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन (आरआर से ट्रेड), आयुष म्हात्रे, डेवॉल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कम्बोज बचा हुआ पर्स : 43.40 करोड़ रूपए बाकी स्लॉट : 9 (इनमें 4 विदेशी) चेन्नई को नीलामी में सबसे बड़ी तलाश एक शानदार विदेशी ऑलराउंडर की होगी, जो सैम करन की जगह भर सके। पर्स उनके पास पर्याप्त है और वे आंद्रे रसेल, ग्लेन मैक्सवेल, लियम लिविंगस्टन या कैमरन ग्रीन में से किसी पर भी बड़ा दांव लगा सकते हैं। टीम नाथन एलिस के लिए एक सीम बॉलिंग बैकअप की भी खोज करेगी। अब जबकि ऋतुराज पूरी तरह फिट लौट रहे हैं और फ्रेंचाइजी ने टीम की संरचना में कई बड़े बदलाव किए हैं, सीएसके उम्मीद कर रही है कि 2026 उनके लिए नए सिरे से शुरुआत का मौक़ा बनेगा।  

गंभीर का बयान— पिच में कोई कमी नहीं, वही तैयार हुई थी जिसकी टीम ने मांग की थी

कोलकाता भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने रविवार को ईडन गार्डन्स की मुश्किल पिच का पुरजोर बचाव करते हुए कहा कि यह बिल्कुल वैसी ही पिच थी जैसी उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरूआती टेस्ट से पहले चाहिए थी। भारतीय टीम जीत के लिए 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 रनों पर आउट हो गयी और उसे 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। गंभीर ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि यह खेलने लायक नहीं थी। यह (पिच) बिल्कुल वैसी ही थी जैसी हमने मांगी थी और हमें यही मिला। यहां के क्यूरेटर (सुजन मुखर्जी) बहुत सहयोगी रहे। मुझे लगता है कि यह एक ऐसा विकेट है जो आपकी मानसिक दृढ़ता का आकलन कर सकती है क्योंकि अच्छे डिफेंस के साथ खेलने वालों ने रन बनाए हैं।’’ ⁠ गंभीर ने अपनी बात को पुष्ट करने के लिए तेम्बा बावुमा (नाबाद 55) और वाशिंगटन सुंदर (92 गेंद पर 31 रन) का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह बिल्कुल वैसी ही पिच है जैसी हमें चाहिए थी। इसमें कोई भी कमी नहीं थी। अक्षर, तेम्बा, वाशिंगटन ने रन बनाए। अगर आप कहते हैं कि यह टर्निंग विकेट है लेकिन तेज गेंदबाजों ने भी काफी विकेट लिये है।’’ गंभीर ने यह भी तर्क दिया कि भारत ने टॉस के असर को कम करने के लिए इस तरह की खुरदरी पिच को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा, ‘‘हम पहले दिन से ही स्पिनरों के लिए मददगार पिच की मांग करते हैं ताकि टॉस अहम नहीं हो जाए। अगर हम टेस्ट जीत जाते, तो पिच के बारे में इतना कुछ पूछना या चर्चा करना मुश्किल होता। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।’’ चोटिल कप्तान शुभमन गिल की स्थिति पर अपडेट देते हुए गंभीर ने कहा, ‘‘उनकी स्थिति का अभी आकलन किया जा रहा है। फिजियो आज फैसला लेंगे।’’  

अजीतेश ताइफोंग ओपन गोल्फ में सर्वश्रेष्ठ भारतीय

ताइपे अजीतेश संधू ताइवान ग्लास ताइफोंग ओपन के चौथे और आखिरी दौर में 71 का कार्ड खेलने के बाद संयुक्त 22वें स्थान के साथ भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष पर रहे। एस चिक्कारंगप्पा (70) संयुक्त रूप से 24वें स्थान पर रहे। थाईलैंड के एकफारित वू ने अंतिम दौर में स्थानीय खिलाड़ी हंग चिएन-याओ को दो शॉट से हराकर अपने पदार्पण सत्र में एशियाई टूर पर अपना पहला खिताब जीता। 26 वर्षीय वू ने पार-72 कोर्स पर पांच अंडर-पार 67 का स्कोर बनाया। उनका कुल स्कोर 20 अंडर का रहा। भारत के खालिन जोशी (71) संयुक्त रूप से 42वें स्थान पर रहे, जबकि विराज मदप्पा (72) संयुक्त रूप से 53वें स्थान पर रहे। पुखराज सिंह गिल (72) संयुक्त रूप से 56वें स्थान पर रहे।   

साउथ अफ्रीका का धमाका: 30 रनों से टीम इंडिया को हराकर किया बड़ा उलटफेर

नई दिल्ली टेंबा बवुमा की अगुवाई वाली साउथ अफ्रीका की टीम ने कोलकाता टेस्ट में बड़ा उलटफेर करते हुए टीम इंडिया को 30 रनों से धूल चटाई। साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 124 रनों का टारगेट रखा था, मगर इस स्कोर के सामने पूरी भारतीय टीम 93 रनों पर ही ढेर हो गई। कप्तान शुभमन गिल चोटिल होने की वजह से दूसरी पारी में भी बैटिंग करने नहीं आए।  वॉशिंगटन सुंदर ने 92 गेंदों पर 31 रनों की पारी जरूर खेली, मगर दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। साउथ अफ्रीका के लिए जीत के हीरो साइमन हार्मर रहे, जिन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर 8 विकेट चटकाए। बता दें, साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने 30 रनों की बढ़त हासिल करते हुए 189 रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी 153 पर सिमटी थी। टेंबा बावुमा ने 55 रनों की शानदार पारी खेली थी। दो मैच की इस सीरीज में अब साउथ अफ्रीका 1-0 से आगे है। साउथ अफ्रीका 30 रनों से जीता केशव महाराज ने मोहम्मद सिराज को आउट कर भारतीय पारी को 93 रनों पर समेट दिया है। साउथ अफ्रीका ने बड़ा उलटफेर करते हुए इस टेस्ट मैच को 30 रनों से अपने नाम किया।

कोलकाता टेस्ट से बाहर हुए शुभमन गिल, अस्पताल में भर्ती, BCCI ने दी जानकारी

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट के बीच भारतीय टीम को बहुत बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल कोलकाता टेस्ट से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने रविवार, 16 नवंबर की सुबह शुभमन गिल की चोट पर ताजा अपडेट दिया। शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बैटिंग करते हुए गर्दन में चोट लगी थी। इस चोट की वजह से उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था और वह फिर बल्लेबाजी करने के लिए नहीं आए। जब टीम के सभी विकेट गिरने के बावजूद गिल बैटिंग करने नहीं उतरे तो उनकी चोट की गंभीरता का पता चला। अब बीसीसीआई ने उनकी इस चोट पर ताजा अपडेट देते हुए बताया कि वह अस्पताल में भर्ती हैं। बीसीसीआई ने X पर अपडेट देते हुए लिखा, “कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन कप्तान शुभमन गिल की गर्दन में चोट लग गई। दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल वह अस्पताल में निगरानी में हैं। वह आगे टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी।” शुभमन गिल को यह चोट भारतीय पारी के 35वें ओवर के दौरान लगी थी। महज तीन गेंदें खेलकर उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और वह फिर वापस खेलने नहीं उतरे। शुभमन गिल की गौरमौजूदगी में ऋषभ पंत टीम की कप्तानी कर रहे हैं। बात मैच की करें तो, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए हैं। उनके पास 63 रनों की बढ़त है। पहली पारी में साउथ अफ्रीका 159 पर सिमट गया था, जिसके बाद भारत ने 30 रनों की बढ़त हासिल करते हुए 189 रन बनाए थे।  

टी20 ब्लाइंड महिला विश्व कप: भारत की शानदार जीत, सेमीफाइनल का टिकट पक्का

बेंगलुरु  भारतीय टीम ने अमेरिका को 10 विकेट से हराकर दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अमेरिका का भारत के खिलाफ बेहद साधारण प्रदर्शन रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 60 रन बना सकी। अमेरिका के लिए तात्याना ने 17 और कैरोलीन ने 12 रन बनाए। इसके अलावा, अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने बेदम नजर आईं। भारत की तरफ से सिमरनजीत कौर, सुनीता सराठे, सिमू दास, और गंगा कदम ने 1-1 विकेट लिए। कई बल्लेबाज रन आउट हुए। 61 रन का सामान्य लक्ष्य भारतीय टीम ने बेहतरीन अंदाज में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए हासिल किया। भारत ने 3.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 61 रन बनाकर मैच 10 विकेट से हासिल कर लिया। सिमरनजीत कौर ने 12 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए, जबकि काव्या एन.आर. ने 12 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। सिमरनजीत कौर प्लेयर ऑफ द मैच रही। भारत की विश्व कप के छठे मैच में ये चौथी जीत थी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अमेरिकी टीम बेहद युवा है। विश्व कप के लिए अमेरिकी टीम को भारत की संस्थाओं के सहयोग से पिछले 1 साल के दौरान तैयार किया है। अमेरिका बेशक हार गई, लेकिन टीम ने वैश्विक स्तर पर खेलने का जज्बा दिखाया और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जगाई। भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। मैच कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए टीम इंडिया कड़ी तैयारी कर रही है। दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप का आयोजन 11 नवंबर से 23 नवंबर तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है। विश्व कप में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीम हिस्सा ले रही है।