samacharsecretary.com

कोचिंग पर युवराज सिंह का बयान: योगराज की तरह नहीं, नई सोच के साथ

नई दिल्ली  भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि उनकी कोचिंग स्टाइल उनके पिता योगराज सिंह से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि वह किसी खिलाड़ी पर अपने विचार थोपने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि उसकी सोच और परिस्थितियों को समझना ज़रूरी मानते हैं।  “जब मैं 19 साल का था, किसी ने मेरी चुनौतियां नहीं समझीं” युवराज ने कहा कि जब वह खुद 19 साल के थे, तब उन्हें मानसिक रूप से कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आज जब वह 19 या 20 साल के खिलाड़ियों जैसे शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के साथ काम करते हैं, तो उन्हें अपनी पुरानी यादें याद आती हैं। वह कहते हैं, 'मैं जानता हूं कि इस उम्र में खिलाड़ी के दिमाग में क्या चलता है — इसलिए पहले सुनो, फिर सिखाओ।' कोच नहीं, मेंटर बनने में विश्वास रखते हैं युवराज युवराज ने कहा कि कोच का काम सिर्फ तकनीक सिखाना नहीं है, बल्कि खिलाड़ी के आत्मविश्वास को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट मानसिक मजबूती का खेल है, इसलिए वह कोशिश करते हैं कि हर खिलाड़ी मैदान में सहज और आत्मविश्वासी महसूस करे। युवराज ने कहा कि असली कोचिंग तब होती है जब खिलाड़ी खुद अपनी गलतियों को पहचानना सीख जाए। योगराज की सख्ती, युवराज की सहानुभूति युवराज ने स्वीकार किया कि उनके पिता योगराज सिंह बेहद सख्त कोच रहे हैं। उन्होंने कभी हार या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया। लेकिन युवराज ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से अनुशासन तो सीखा, मगर अपने तरीके में भावनात्मक जुड़ाव और सहजता जोड़ी। 'मैं पिता जैसा नहीं हूं। मैं चाहता हूं कि खिलाड़ी खेल का मज़ा लें और खुद सोचें' उन्होंने कहा। वर्ल्ड कप हीरो अब युवाओं के ‘मेंटॉर’ युवराज सिंह ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक पल दिए, 2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा बने, 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ छह छक्के जड़े, और 2011 वर्ल्ड कप में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ बने। कैंसर जैसी बीमारी से लड़कर वापसी करने वाले युवराज अब अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सिखा रहे हैं कि जीत का रास्ता 'समझ और संयम' से होकर गुजरता है।  

आप तो बहुत ग्लो करते हैं सर… हरलीन देओल की बात पर शरमा गए प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली बार विश्व विजय करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चैंपियन खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चैंपियन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ उनके टैटू से लेकर इंस्टा अकाउंट की खास बातों तक तमाम चीजों पर चर्चा की। महिला क्रिकेटरों ने भी इस दौरान पीएम मोदी से सवाल किए। इस दौरान हंसी-ठहाके भी देखने को मिले। शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हरलीन देओल ने तो पीएम मोदी से उनके ग्लो करने का राज पूछ लिया, जिस पर वह थोड़े शरमाते हुए भी दिखे और पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।   हरलीन देओल ने पूछा, ‘सर मेरे को आपकी स्किनकेयर रूटीन पूछनी है। आप बहुत ग्लो करते हो सर।’ इस पर वहां मौजूद सभी खिलाड़ी ठहाके लगाने लगीं और पीएम मोदी शरमाते हुए अपने दाहिने हाथ से चेहरे को छिपाते हुए नजर आए। कुछ क्षण रुकने के बाद उन्होंने इसका जवाब दिया और इसे देशवासियों के प्यार से जोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आवास पर मुलाकात के दौरान भारतीय महिला क्रिकेटरों ने न सिर्फ विश्व कप में अपने विजयी अभियान पर बातचीत की बल्कि इस दौरान टैटू और यहां तक ​​कि त्वचा की देखभाल को लेकर भी चर्चा हुई। भारत ने पिछले सप्ताह नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला वैश्विक खिताब जीता था। इसके बाद टीम ने मुख्य कोच अमोल मजूमदार और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ बुधवार को यहां प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री द्वारा गुरुवार को साझा किए गए बातचीत के वीडियो में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे अभी भी याद है जब हम 2017 में आपसे मिले थे। उस समय हम ट्रॉफी लेकर नहीं आए थे। लेकिन यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है कि इस बार हम ट्रॉफी यहां लेकर आए हैं जिसके लिए हम इतने वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे थे।’ उन्होंने कहा, ‘हमारा लक्ष्य है कि हम भविष्य में आपसे बार-बार मिलें तथा आपके और आपकी टीम के साथ बार-बार तस्वीरें लें।’ भारतीय महिला टीम 2017 में महिला विश्व कप फाइनल में इग्लैंड से नौ रन से हार गयी थी, जिसके बाद टीम ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। मोदी ने कहा, ‘आपने बहुत अच्छा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं है। एक तरह से यह भारत के लोगों की ज़िंदगी बन गया है। अगर क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है तो भारत को अच्छा लगता है और अगर क्रिकेट में थोड़ा सा भी कुछ ग़लत होता है, तो पूरे भारत को बुरा लगता है।' इसके बाद प्रधानमंत्री ने टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान वाले टैटू के बारे में पूछा जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लेकिन जिस क्षण पूरा हॉल ठहाकों से गूंजा, वह तब था जब शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हरलीन देओल ने मोदी से उनकी त्वचा की देखभाल की दिनचर्या के बारे में पूछा। मोदी ने इस पर हंसकर जवाब दिया, ‘मैं इन सब चीजों के बारे में नहीं सोचता हूं।’

ये सिर्फ जीत नहीं, इतिहास है—अमोल मजूमदार ने बताए भारतीय महिला टीम के असली हीरो

नई दिल्ली  महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार का मानना है कि हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम का पहला वर्ल्ड कप खिताब देश में सिर्फ क्रिकेट के लिए ही नहीं बल्कि भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक पल है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले हफ्ते नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतकर देश के खेल इतिहास में सुनहरा अध्याय लिखा। इस जीत को भारत में महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल बताया जा रहा है जिसकी तुलना पुरुष टीम की 1983 की ऐतिहासिक विश्व कप जीत से की जा रही है।   मजूमदार ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘1983 के पल की बात करें तो मुझे लगता है कि यह महिला वर्ल्ड कप ना केवल पूरे भारतीय क्रिकेट के लिए, पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए, बल्कि भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक पल है।’’ यह जीत और भी खास है क्योंकि एक समय भारत लगातार तीन हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर था लेकिन भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर वर्ल्ड कप में सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। कोच ने कहा, ‘‘इसमें कोई शक नहीं है कि अब जब हमने वर्ल्ड कप जीत लिया है तो इसके असली हीरो खिलाड़ी और मेरा सहयोगी स्टाफ है।’’ मजूमदार ने कहा, ‘‘सभी ने अपना योगदान दिया है और बहुत ही पेशेवरपन के साथ अपना काम किया है। यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों या सहयोगी स्टाफ के लिए नहीं बल्कि हर भारतीय के लिए है।’’ अपने शानदार घरेलू करियर में 171 फर्स्ट क्लास मैचों में 30 शतक और 60 अर्धशतक सहित 11,000 से अधिक रन बनाने के बावजूद मजूमदार को कभी भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला। मजूमदार ने कहा, ‘‘मेरे भारत के लिए नहीं खेलने की बात- मैंने यह बात 2014 में संन्यास लेने के बाद ही छोड़ दी थी। वह अब इतिहास है। लगभग 11 साल हो गए हैं और यह वहीं रुका हुआ है। यह जीत मेरे बारे में नहीं है। यह टीम और देश के बारे में है।’’ आगे की योजना के बारे में बात करते हुए मुंबई के इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि उन्हें अगले चरण की योजना बनाने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘24 अक्टूबर 2024 को मैंने दो नवंबर 2025 तक की योजना बनाई थी। उसके आगे मैंने कुछ भी योजना नहीं बनाई है। मैं इस पल में रहना चाहता हूं।’’  

इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया: भारत की बल्लेबाजी शुरू, अभिषेक शर्मा का छूटा कैच, 2 ओवर के बाद स्कोर 13/0

नई दिल्ली  इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला आज खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। ऑस्ट्रेलिया ने चार बदलाव किए हैं। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में एडम जैम्पा, ग्लेन मैक्सवेल, जोश फिलिप और बेन ड्वारशुईस आए हैं। भारत बिना किसी बदलाव के उतरा है। सीरीज 3 मैचों के बाद 1-1 की बराबरी पर है। अगर किसी भी टीम ने इस मैच को जीत लिया तो वह टीम सीरीज नहीं हारेगी। अभिषेक का छूटा कैच अभिषेक शर्मा पहली गेंद पर स्टेप आउट करके मारना चाहते थे, लेकिन बल्ले और बॉल का संपर्क नहीं हुआ। दूसरी गेंद पर संपर्क हुआ तो गेंद हवा में चली गई। हालांकि, उनका कैच छूट गया। भारत की बल्लेबाजी शुरू भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। बेन ड्वारशुईस गेंदबाजी कर रहे हैं। 

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक बोले: धोनी का IPL 2026 में खेलना अब अनिश्चित

चेन्नई   इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के समाप्त होते ही ये चर्चा शुरू हो गई कि चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे या नहीं. वहीं इस बात पर जब-जब धोनी से सवाल किया गया, तब-तब माही ने इस सवाल के जवाब को देने के लिए कुछ वक्त मांगा. लेकिन अब सीएसके के मालिक काशी विश्वनाथन ने एमएस धोनी के अगले आईपीएल 2026 में खेलने के बारे में बड़ा अपडेट दिया है. CSK के मालिक ने धोनी पर क्या कहा? महेंद्र सिंह धोनी और सीएसके के लिए आईपीएल 2025 कुछ खास नहीं रहा. इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 10वें नंबर पर रही. इसी के साथ धोनी के आईपीएल से रिटायर होने की अटकलें भी लगाई जाने लगीं. लेकिन अब सीएसके के मालिक ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है. काशी विश्वनाथन का कहना है कि एमएस धोनी आईपीएल का अगला सीजन जरूर खेलेंगे. प्रोवोक लाइफस्टाइल के यूट्यूब चैनल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक बच्चा सीएसके के सीईओ से सवाल करता है कि क्या धोनी जल्दी ही रिटायर हो जाएंगे. तब काशी विश्वनाथन जवाब देते हैं कि 'धोनी रिटायर नहीं होंगे. मैं इस बारे में भी उनसे पूछूंगा और फिर आपको बताता हूं'. सीएसके मालिक ने टीम के अगले सीजन में परफॉर्म करने को लेकर कहा कि 'हम जीतने के लिए स्ट्रेटजी बना रहे हैं, लेकिन जीतेंगे या नहीं, इस बारे में नहीं पता है'. CSK के लिए बेकार रहा IPL 2025 आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने अपना पहला टाइटल हासिल किया. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे आखिर में 10वें नंबर पर रही. इस सीजन एमएस धोनी के बल्ले से भी रन देखने को नहीं मिले. धोनी ने आईपीएल 2025 में खेले 14 मैचों की 13 पारियों में 24.50 की औसत से 196 रन बनाए. धोनी का आईपीएल के 18वें सीजन में बेस्ट स्कोर नाबाद 30 रन रहा.

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: बढ़त हासिल करने उतरेगा टीम इंडिया, उप-कप्तान शुभमन गिल पर निगाहें

नई दिल्ली  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20I मैच की सीरीज का तीसरा मैच गुरुवार को खेला जाएगा। सीरीज में बराबरी करने का बाद भारतीय टीम बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। ऑस्ट्रेलिया टीम फिलहाल 'कमजोर' हो गई है। टीम ने जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड को रिलीज कर दिया है। पांच मैचों की सीरीज में बराबरी करने के बाद भारतीय टीम की नजरें गुरुवार को होने वाले चौथे टी20 मुकाबले में पहले से 'कमजोर' ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त बनाने पर होंगी। पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया को जोश हेजलवुड की कमी खली और इस मुकाबले में उसके आरंभिक बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी नहीं खेलेंगे। हेड को एशेज की तैयारियों के लिए टीम से रिलीज किया गया है और वह शेफील्ड शील्ड में खेलेंगे। ऐसे में भारतीय टीम का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। भारत ने पिछले मैच में अपने संयोजन में सुधार के संकेत दिए, खासकर नंबर आठ पर ऑलराउंडर शामिल कर संतुलन साधा।   गिल को बनाने होंगे रन हालांकि, टीम प्रबंधन को उप-कप्तान शुभमन गिल की फार्म को लेकर चिंता बनी हुई है। वह पिछले छह पारियों में अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं और उनका स्कोर 10, 9, 24, 37*, 5 और 15 रहा है। गिल लगातार फुलर गेंदों पर संघर्ष कर रहे हैं और वह वही आत्मविश्वास नहीं दिखा पा रहे हैं, जिसने उन्हें स्टार बल्लेबाज बनाया। दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने शानदार अर्धशतक और तेज शुरुआतों के साथ अपनी उपयोगिता साबित की है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले और तीसरे मैच में अच्छी शुरुआत की, लेकिन अब वे भी बड़ी पारी खेलना चाहेंगे, क्योंकि अगली सीरीज से पहले उन्हें लंबा ब्रेक मिलेगा। गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह की वापसी से टीम अधिक संतुलित नजर आ रही है। कुलदीप यादव को साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वापस भेजा गया है। टीम मैनेजमेंट की रणनीति के अनुसार, कुलदीप और अर्शदीप को एक साथ खेलाना मुश्किल होता है। तीसरे मैच में वॉशिंगटन सुंदर ने 23 गेंदों पर 49 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई थी, जिससे उनका स्थान लगभग पक्का दिखता है। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब मिशेल मार्श और टिम डेविड पर बल्लेबाजी का भार रहेगा। हेड की अनुपस्थिति में मैथ्यू शार्ट पारी की शुरुआत कर सकते हैं। गेंदबाजी में बदलाव की संभावना है, क्योंकि सीन एबाट पिछले मैच में प्रभावी नहीं रहे। उनकी जगह बेन ड्वारशुइस या माहिल बीयर्डमैन को मौका मिल सकता है। अर्शदीप अनुभवी गेंदबाज भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बुधवार को कहा कि अर्शदीप सिंह को चयन मामलों में भले ही परेशानी का सामना करना पड़ा हो, लेकिन यह तेज गेंदबाज इस बात को अच्छी तरह से समझता है कि टीम प्रबंधन बड़ी तस्वीर को देखते हुए अलग-अलग संयोजन आजमा रहा है। अर्शदीप पहले दो मैचों में नहीं खेले थे, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तीन विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। मोर्कल ने मैच की पूर्व संध्या में कहा, अर्शदीप अनुभवी हैं और उन्हें पता है कि हम बड़ी तस्वीर को देख रहे हैं और अलग-अलग संयोजनों को आजमा रहे हैं। उन्हें पता है कि वह विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और उन्होंने पावरप्ले में अधिकतर विकेट लिए हैं। हम जानते हैं कि वह टीम के लिए कितने अमूल्य खिलाड़ी है लेकिन हमें अन्य संयोजनों पर भी गौर करने की जरूरत है और वह इस बात को समझते हैं।  

राम-हनुमान से लेकर क्रिकेट तक! पीएम मोदी की वर्ल्ड चैंपियन बेटियों संग दिलचस्प मुलाकात

नई दिल्ली  भारत की वर्ल्ड चैंपियन महिला क्रिकेट टीम जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पहुंची, तो माहौल भावनाओं, हंसी और प्रेरणा से भर गया. बुधवार शाम 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि खेल, जज़्बे और जीवन के अनुभवों पर खुली बातचीत थी. पीएम मोदी ने टीम को विश्व कप जीत पर बधाई दी और कहा कि “आपकी जीत हर भारतीय के गर्व की जीत है.” यह वही टीम है जिसने कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में मुंबई में इतिहास रचते हुए दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराया था. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खिलाड़ियों ने जिस तरह हार के सिलसिले और सोशल मीडिया ट्रोलिंग के बाद वापसी की, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है. आपने दिखाया कि असली चैंपियन वो होते हैं, जो कभी हार नहीं मानते-PM पीएम मोदी ने कहा कि हर खिलाड़ी ने न सिर्फ मैदान पर खेल दिखाया, बल्कि मानसिक मजबूती की मिसाल भी पेश की. उन्होंने टीम की तारीफ करते हुए कहा, “आपने साबित किया कि असली चैंपियन वो हैं जो गिरकर भी उठते हैं और इतिहास रचते हैं.” प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात यह भी उल्लेख किया कि शुरुआती झटकों के बाद खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने अद्भुत मानसिक मजबूती दिखाते हुए शानदार वापसी की और इतिहास रचा.  2017 वर्ल्ड कप के बाद प्रधानमंत्री से हुई पिछली मुलाकात को याद करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि तब टीम बिना ट्रॉफी के आई थी, लेकिन इस बार वे सफलता के साथ लौटी हैं और उम्मीद जताई कि आगे भी उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने के और मौके मिलेंगे. PM मोदी से महिला क्रिकेट टीम की मुलाकात हरमनप्रीत ने मोदी से पूछा कि वह हर समय चीजे कैसे मैनेज करते हैं. प्रधानमंत्री ने जवाब दिया कि समय के साथ यह उनकी जिंदगी का हिस्सा और आदत बन गई है. वहीं टीम की उपकप्तान स्मृत‍ि मंधाना ने कहा कि पीएम मोदी के शब्दों से मोट‍िवेशन मिला.  हरमनप्रीत की अगुवाई वाली टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए मंगलवार शाम को दिल्ली पहुंची थी. इससे दो दिन पहले ही उसने नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीता था.  दीप्त‍ि शर्मा से किया हनुमान जी का जिक्र  बातचीत के दौरान टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि वह 2017 से ही उनसे मिलने का इंतजार कर रही थीं. उन्होंने याद किया कि उस वक्त टीम से कहा था कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करती रहें.  जब प्रधानमंत्री ने दीप्ति के इंस्टाग्राम बायो में लिखे “जय श्री राम” और उनके हाथ पर बने भगवान हनुमान के टैटू का जि‍क्र किया, तो दीप्ति मुस्कुराईं और बोलीं कि इन्हीं से उन्हें शक्ति मिलती है.  हरलीन के कैच को पीएम मोदी ने याद किया पीएम मोदी ने इस मुलाकात के दौरान कुछ यादगार पलों को भी याद किया, जिनमें 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ हरलीन देओल का शानदार कैच भी शामिल था, जिसके बारे में उन्होंने उस समय सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.  हरमन के लास्ट बॉल कैच को याद किया प्रधानमंत्री ने उस पल का जिक्र किया जब हरमनप्रीत कौर ने विश्व कप फाइनल के बाद गेंद अपनी जेब में रख ली थी. इस पर हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह खुशकिस्मत थीं कि वह गेंद उनके पास आ गई.  अमनजोत के जगल‍िंग कैच पर क्या बोले PM मोदी  प्रधानमंत्री मोदी ने फाइनल में अमनजोत कौर के Juggling कैच का भी जिक्र किया.  उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “जब तुम कैच ले रही थीं, तब गेंद को देख रही होंगी, लेकिन कैच लेने के बाद जरूर ट्रॉफी को देख रही होंगी.” क्रांत‍ि गौड़ के भाई को दिया बुलावा क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनके भाई उनके बहुत बड़े प्रशंसक हैं, इस पर मोदी ने उन्हें मिलने के लिए खुला निमंत्रण दिया.   वहीं प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से ‘फिट इंडिया’ संदेश को देशभर में, खासकर लड़कियों के बीच, फैलाने की अपील की. उन्होंने मोटापे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और फिटनेस व शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर जो दिया.   उन्होंने खिलाड़ियों से यह भी कहा कि वे अपने स्कूलों का दौरा करें और बच्चों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करें.  अब खिलाड़ी अपने-अपने गृह नगर लौटेंगे. हालांकि, शेफाली वर्मा नागालैंड जाएंगी, जहां वह आगामी इंटर-जोनल टी20 टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन टीम की कप्तानी करेंगी.  भारत की वर्ल्ड कप जीत देश में महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल साबित हुई, जिसने सालों की मेहनत और अधूरे सपनों को साकार किया. हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम इंडिया ने मजबूत साउथ अफ्रीका को हराकर ओडीआई खिताब जीतने वाली चौथी टीम बनने का गौरव हासिल किया. 

टीम इंडिया की कमान दिनेश कार्तिक के हाथों में, हांगकांग सिक्सेज़ 2025 की टीम घोषित

हांगकांग क्रिकेट हांगकांग चाइना ने हांगकांग सिक्सेज़ 2025 टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया की पूरी टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 7 से 9 नवंबर तक टिन क्वोंग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कमान अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को सौंपी गई है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कुछ दमदार घरेलू प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर भी शामिल किए गए हैं। दिनेश कार्तिक अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और दबाव की स्थितियों में शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। रॉबिन उथप्पा, जिन्होंने पिछले साल टीम इंडिया की कप्तानी की थी, इस बार भी टीम का हिस्सा होंगे। 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता उथप्पा ने 2024 संस्करण में ओमान के खिलाफ मात्र 13 गेंदों पर 52 रन की विस्फोटक पारी खेली थी और टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल रहे थे। भरत चिपली, जो पिछले संस्करण में भारत के शीर्ष स्कोरर रहे थे, इस बार भी टीम में बरकरार हैं। 42 वर्षीय चिपली ने 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 गेंदों पर नाबाद 53 रन की शानदार पारी खेली थी और कुल 156 रन बनाए थे। स्टुअर्ट बिन्नी एक ऑलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन प्रदान करेंगे। भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों प्रारूपों में खेल चुके बिन्नी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने में सक्षम हैं, जो इस छोटे प्रारूप में टीम के लिए अहम साबित होगा। गेंदबाजी की अगुवाई अभिमन्यु मिथुन करेंगे, जिन्होंने भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों खेले हैं। 330 से अधिक प्रथम श्रेणी विकेट लेने वाले मिथुन घरेलू क्रिकेट में बेहद अनुभवी हैं। झारखंड के शहबाज नदीम बाएं हाथ के स्पिनर के रूप में टीम में विविधता और नियंत्रण जोड़ेंगे। 2019 में भारत के लिए टेस्ट पदार्पण करने वाले नदीम लगातार घरेलू क्रिकेट में विकेट लेते रहे हैं। टीम में प्रियंक पांचाल भी शामिल हैं, जो तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज हैं और हाल ही में घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। 8,800 से अधिक प्रथम श्रेणी रन बनाने वाले पांचाल टीम को स्थिरता प्रदान करेंगे। भारत की पूरी टीम: दिनेश कार्तिक (कप्तान), रॉबिन उथप्पा, भरत चिपली, स्टुअर्ट बिन्नी, अभिमन्यु मिथुन, शहबाज नदीम, प्रियंक पांचाल टीम इंडिया मैनेजर: कपिल अरोड़ा भारत इस बार टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन कर अपने दूसरे हांगकांग सिक्सेज़ खिताब पर निशाना साधेगा। टीम इंडिया ने इससे पहले 2005 में यह खिताब जीता था। हांगकांग सिक्सेज़ एक तेज़ रफ्तार प्रारूप है, जिसमें हर टीम छह खिलाड़ियों की होती है और प्रत्येक पारी छह ओवर की होती है। 2025 संस्करण 7 से 9 नवंबर तक हांगकांग में खेला जाएगा।  

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में जडेजा बना सकते हैं नया इतिहास, अश्विन का रिकॉर्ड टकरा सकता है चुनौती से

नई दिल्ली भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज 14 नवंबर को शुरू होगी. टीम इंडिया कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस का सामना करेगी. इसके बाद दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी के बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत की नजर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में वेस्टइंडीज के बाद अफ्रीकी टीम को हराने पर होगी. वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है. अफ्रीकी टीम की बात करें तो वह चौथे स्थान पर है. टेस्ट सीरीज में जडेजा पर नजर इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने जोरदार वापसी की. उसने होमग्राउंड पर वेस्टइंडीज का 2 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया. अब उसकी नजर एक और क्लीन स्वीप वाली सीरीज जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को मजबूत करने पर होगी. इस सीरीज में भारत के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की नजर एक बड़े रिकॉर्ड पर होगी. वह अपने पूर्व साथी रविचंद्रन अश्विन से आगे निकल सकते हैं. पहले स्थान पर अश्विन जडेजा साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन सकते हैं. अश्विन इस मामले में फिलहाल पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 2025 से 2029 तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय मैदानों पर 7 मैचों में 46 विकेट लए. उन्होंने पारी में 5 विकेट 5 बार झटके और मैच में 10 विकेट 1 बार लिया. उनके बाद दूसरे स्थान पर हरभजन सिंह (42) और तीसरे स्थान पर अनिल कुंबले (39) हैं. जडेजा को चाहिए 11 विकेट जडेजा अगर आगामी सीरीज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह अश्विन से आगे निकल जाएंगे. जडेजा ने अब तक होमग्राउंड पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 मैच खेले हैं और इस दौरान 36 विकेट झटके हैं. उन्होंने पारी में 5 विकेट दो बार लिए हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ होमग्राउंड पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय रविचंद्रन अश्विन- 7 मैच- 46 विकेट हरभजन सिंह– 7 मैच- 42 विकेट अनिल कुंबले– 9 मैच- 39 विकेट रवींद्र जडेजा– 7 मैच- 36 विकेट जवागल श्रीनाथ– 5 मैच- 21 विकेट 

साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज: पंत फिर टीम में शामिल, मोहम्मद शमी को नहीं मिली जगह

नई दिल्ली  बीसीसीआई ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्कॉड का ऐलान कर दिया। 15 सदस्यीय टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे। दो मैचों की सीरीज 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू होगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी हुई है। वह इंग्लैंड दौरे पर पांचवें और आखिरी टेस्ट में चोटिल हो गए थे। उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था। वह भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान हैं। पंत फिलहाल दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ सीरीज में भारत ए की कप्तानी कर रहे हैं। तेज गेंदबाज आकाश दीप की भी टीम में वापसी हुई है। वह कंधे की चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाए थे।   आकाश भारत ए टीम का भी हिस्सा हैं, जो गुरुवार से बेंगलुरू में शुरू हो रहे दूसरे चार दिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका ए से खेलेगी। केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज भी भारत ए टीम का हिस्सा हैं। पंत की अनुपस्थिति में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले ध्रूव जुरेल दक्षिण अफ्रीका सीरीज में दूसरे विकेटकीपर हैं। राहुल, यशस्वी जायसवाल, सुदर्शन और कप्तान शुभमन शीर्ष चार में खेल सकते हैं जबकि पंत के पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है। रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल स्पिन ऑलराउंडर हैं। कुलदीप यादव अन्य स्पिन विकल्प हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज शामिल हैं। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच मार्च 2025 में खेला था। शमी को ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया था, जिसके बाद चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और अनुभवी गेंदबाज के बीच बयानबाजी हुई थी। अगरकर ने कहा था कि उन्हें शमी की फिटनेस का कोई अपडेट नहीं है। शमी ने कहा कि वह टखने की सर्जरी से ठीक होने के बाद वह पूरी तरह फिट हैं और सभी फॉर्मेट के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के दो मैचों में 15 लेकर दमखम दिखाया लेकिन वह तीसरे मैच में कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर) (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराग, अक्षर पटेल, नीतीश रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।