samacharsecretary.com

Rajat Patidar की तूफानी पारी से RCB फाइनल में, GT की शर्मनाक हार

धर्मशाला  आईपीएल 2026 के पहले क्वाल‍िफायर में मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स आमने-सामने हुए. जहां बेंगलुरु ने गुजरात को 92 रनों से पीटकर आईपीएल फाइनल के लिए जगह पक्की कर ली।  वहीं गुजरात की टीम अब क्वाल‍िफायर 2 मुकाबले में खेलने उतरेगी, जहां उसका सामना एल‍िम‍िनेटर में बुधवार (27 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के मैच के व‍िजेता से होगा. क्वाल‍िफायर 2 मुकाबला 29 मई को मुल्लांपुर में होगा।  मुकाबले में टॉस गुजरात टाइटन्स ने जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले खेलते हुए 254/5 का स्कोर बनाया. रजत पाटीदार ने महज 33 गेंदों पर 93 रन बनाए. जवाब में खेलने उतरी गुजरात की पूरी बल्लेबाजी चरमरा गई. और पूरी टीम महज 162(19.3) पर ऑल आउट हो गई।  GT की पारी की हाइलाइट्स  रनचेज में गुजरात की हालत खराब रही और 51 रन तक आते-आते उनके 5 व‍िकेट धड़ाम हो गए. साई सुदर्शन (14), शुभमन ग‍िल (2), जोस बटलर (29) और न‍िशांत स‍िंंधु (5), जेसन होल्डर (0) आउट हो गए. खास बात यह रही कि 51 के स्कोर पर जोस, स‍िंंधु और होल्डर आउट हुए. इसके बाद वॉश‍िंंगटन सुंदर भी अपनी पारी लंबी नहीं कर सके और 8 रन पर चलते बने. इसके बाद गुजरात का लोअर ऑर्डर सरेंडर कर बैठा और तू चल मैं आया क‍ि तर्ज पर आउट होता चला गया. एक तरफ से ट‍िककर राहुल तेवत‍िया (68) ने कुछ हद तक संघर्ष किया, लेकिन उनकी पारी आरसीबी के बड़े स्कोर के सामने मेमना ही साब‍ित हुई।  RCB की पारी की हाइलाइट्स  इस मुकाबले में RCB ने सधी शुरुआत की, लेकिन उनको पहला झटका वेंकटेश अय्यर(19) के रूप में लगा. जो कग‍िसो रबाडा की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद व‍िराट कोहली और देवदत्त पड‍िक्कल ने 72 रनों की पार्टनरश‍िप की, लेकिन पहले कोहली (43) फ‍िर पड‍िक्कल (30) एक ही ओवर में जेसन होल्डर के एक ही ओवर में आउट हो गए.  इसके बाद रजत पाटीदार (93 नाबाद) और क्रुणाल पंड्या (43) ने 95 रनों की पार्टनरश‍िप की. क्रुणाल के आउट होते ही स्कोर  189/4 हो गया. ट‍िम डेव‍िड महज 4 रनों पर आउट हो गए. अंत में आकर ज‍ितेश शर्मा ने भी 5 गेंदों पर 15 रन जड़े. गुजरात की टीम की ओर से कग‍िसो रबाडा और जेसन होल्डर को 2-2 सफलता म‍िलीं। 

पाटीदार के तूफानी 93 रन से बना बड़ा स्कोर, गुजरात को मिला प्लेऑफ का सबसे बड़ा टारगेट

धर्मशाला   रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर खेला जा रहा है। आरसीबी ने धर्मशाला के मैदान पर जीटी के सामाने 255 रनों का ऐतिहासिक टारगेट रखा है। आरसीबी ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए। यह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। कप्तान रजत पाटीदार ने नाबाद 93 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों का सामना करने के बाद पांच चौके और 9 छक्के मारे। आरसीबी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। वेंकटेश अय्यर ने कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 7 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बटोरे। उन्हें कगिसो रबाडा ने दूसरे ओवर में आउट किया। वेंकटेश ने विराट कोहली के साथ 21 रनों की साझेदारी की। इसके बाद, कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के सात मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की पार्टनरशिप की। कोहली और पडिक्कल को जेसन होल्डर ने नौवें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। कोहली ने 25 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के के दम पर 43 रन जोड़े। पडिक्कल ने 19 गेंदों में 30 रन बनाए। उनके बल्ले से पांच चौके आए। कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या ने चौथे विकेट के लिए 95 रनों की पार्टनरशिप की और आरसीबी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रबाडा ने 17वें ओवर में क्रुणाल को अपने जाल में फंसाया। उन्होंने 28 गेंदों में 23 रनों की पारी खेली, जिसें पांच चौके और दो सिक्स हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने 18वें ओवर में टिम डेविड (5 गेंदों में 4) का शिकार किया। पाटीदार ने जितेश शर्मा के साथ छठे विकेट के लिए 40 रनों की अटूट पार्टनरशिप की। जितेश ने 5 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए। गुजरात ने मैच के लिए एक बदलाव किया। अरशद खान की जगह कुलवंत खेजरोलिया को मौका मिला है। आज आरसीबी और जीटी में से जो भी जीतेगा, उसका फाइनल का टिकट कंफर्म हो जाएगा। क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम को दूसरा क्वालीफायर खेलने का मौका मिलेगा। बेंगलुरु और गुजरात ने 18-18 अंक जुटाकर लीग चरण का समापन किया। हालांकि, डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी बेहतर नेट रनरेट के कारण टेबल टॉपर रही जबकि जीटी ने दूसरे नंबर पर फिनिश किया। दोनों टीमें मौजूदा सीजन में तीसरी बार आमाने-सामने हैं। RCB: 254/5 (20 ओवर) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग XI: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम दार। गुजरात टाइटंस की प्लेइंग XI: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

श्रीलंका ने किया नए कप्तान का ऐलान, ODI-T20 टीम में कई बड़े बदलाव

कोलंबो  श्रीलंका की व्हाइट बॉल टीम को अब एक रेगुलर कैप्टन मिल गया है। वनडे और टी20 टीम की कमान कुसल मेंडिस को दी गई है। नए अंतरिम प्रशासन के तहत नवनियुक्त चयन पैनल ने सोमवार 25 मई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम का ऐलान किया। श्रीलंका की टीम को वेस्टइंडीज के दौरे पर दो टेस्ट, 3 वनडे और इतने ही मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। टेस्ट टीम के कप्तान अभी भी धनंजय डिसिल्वा ही हैं। हालांकि, बाएं हाथ के मध्य क्रम के बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस को उप कप्तान बनाया गया है। कमिंदु मेंडिस सीमित ओवरों की दोनों टीमों के भी उपकप्तान हैं। मेंडिस, जिन्होंने पहले 17 ODI मैचों में देश की कप्तानी की थी, अब 50 ओवर के फॉर्मेट और T20I दोनों की कप्तानी संभालेंगे। उन्होंने क्रमशः चरित असलांका और दासुन शनाका की जगह ली है। बल्लेबाज पासिंदु सूरियाबंदरा और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज इसिथा विजेसुंदरा के रूप में टेस्ट टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। सीमित ओवरों की टीम में लंबे कद के दाएं हाथ के बल्लेबाज लसिथ क्रूसपुले को भी जगह मिली है जिन्होंने पिछले महीने न्यूजीलैंड 'ए' टीम के खिलाफ शतक बनाने के बाद चुना गया है। पिछले टी20 विश्व कप में टीम की अगुआई करने वाले दासुन शनाका को केवल टी20 टीम में जगह मिली है जबकि उनके पूर्ववर्ती चरिथ असलंका को केवल एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को टी20 टीम में जगह मिली है। उन्होंने पिछले श्रीलंका क्रिकेट प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर किया था (जब श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने के लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया था)। श्रीलंका की टीम आज यानी मंगलवार 26 मई को वेस्टइंडीज के दौरे पर रवाना होगी। श्रीलंका की टीमें इस प्रकार हैं टेस्ट टीम: पथुम निसांका, लाहिरू उदारा, निशान मदुशंका, दिनेश चांदीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिंडु मेंडिस (उपकप्तान), सोनल दिनुशा, कुसल मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), मिलन रथनायके, प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस, असिथा फर्नांडो, विश्व फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, इसिथा विजेसुंदरा, कसुन राजिथा। ODI टीम: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, पवन रथनायके, कुसल मेंडिस (कप्तान), जनिथ लियानागे, चरिथ असलांका, कामिंडु मेंडिस (VC), मिलन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेल्लालेगे, महेश थीकशाना, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुश्का, ईशान मलिंगा, असिथा फर्नांडो और प्रमोद मदुशंका। T20I टीम: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, लसिथ क्रूसपुले, पवन रथनायके, कुसल मेंडिस (कप्तान), कामिंडू मेंडिस (उपकप्तान), दासुन शनाका, मिलन रथनायके, दुनिथ वेल्लालेज, वानिंदू हसरंगा, महेश थीकशाना, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, बिनुरा फर्नांडो और नुवान तुषारा।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया बड़ा सपना, बोले- T20 में 200 रन बनाना है लक्ष्य

  नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में तूफानी बल्लेबाजी अंदाज से सनसनी मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं. महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसा दावा किया है जिसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के साथ बातचीत में वैभव ने साफ कहा कि उन्हें सिर्फ फिफ्टी या सेंचुरी बनाकर संतुष्टि नहीं मिलती. उनका असली सपना T20 क्रिकेट में 200 रन बनाना है।  जब केविन पीटरसन ने पूछा कि क्या उन्हें अर्धशतक सेलिब्रेट करना पसंद है, तो वैभव सूर्यवंशी ने बेझिझक कहा, 'नहीं, इतना ज्यादा नहीं.' इसके बाद उन्होंने अपनी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा का खुलासा किया. वैभव सूर्यवंशी कहते हैं, 'मैं T20 में 200 रन बनाना चाहता हूं. मैं उनका (गेल) रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूं।  वैभव सूर्यवंशी यहां क्रिस गेल के 175 रन के रिकॉर्ड की बात कर रहे थे. गेल ने आईपीएल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया (PWI) के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे, जो आज भी T20 इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। वैभव सूर्यवंशी को पूरा भरोसा है कि वह यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. वैभव ने बताया, 'अगर मैं किसी मैच में पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करूं, तो 175 रनों का रिकॉर्ड तोड़ सकता हूं.' यही बेखौफ सोच उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है. वैभव ने बताया कि उन्हें नर्वस नाइंटी का भी कोई दबाव महसूस नहीं होता।  वैभव सूर्यवंशी ने आगे कहा, 'नहीं, कभी नहीं. मैं बस अपना नेचुरल गेम खेलता रहता हूं.'वैभव का आत्मविश्वास सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं है. उन्होंने पहले ही कई बड़ी पारियां खेलकर सभी को प्रभावित किया है. इस साललअंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने 175 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी. वहीं विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार के लिए खेलते हुए वह 190 रनों तक पहुंच गए थे।  सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर की सबसे लंबी पारी का जिक्र किया. वैभव ने बताया, 'मैंने अपने राज्य के लिए एक घरेलू मैच में पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी की थी और 335 रन बनाकर नाबाद लौटा था।  महज 15 साल की उम्र में इतना आत्मविश्वास, इतनी बड़ी सोच और आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बना रहा है। 

विराट बनाम रबाडा-राशिद! धर्मशाला में हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर फैंस में उत्साह

धर्मशाला  IPL 2026 का लीग चरण खत्म हो चुका है. अब बारी है उन मुकाबलों की, जहां एक गलती पूरे सीजन की मेहनत पर पानी फेर सकती है. मंगलवार को धर्मशाला में जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) आमने-सामने होंगे, तो दांव सिर्फ जीत का नहीं होगा. दांव होगा सीधे फाइनल में पहुंचने का।  दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने लीग स्टेज 18-18 अंकों के साथ खत्म किया. फर्क सिर्फ नेट रन रेट का रहा, जिसने RCB को टॉप पर पहुंचा दिया. लेकिन अब अंक तालिका का कोई मतलब नहीं. अब सिर्फ 40 ओवर तय करेंगे कि IPL 2026 के फाइनल का पहला टिकट किसे मिलेगा।  RCB: बल्लेबाजी जिसने पूरे सीजन विपक्षियों को डराया अगर IPL 2026 में किसी टीम ने लगातार बड़े स्कोर खड़े कर विरोधियों पर दबाव बनाया है, तो वह RCB रही है।  विराट कोहली ने एक बार फिर साबित किया कि उम्र सिर्फ आंकड़ा है. उनके अनुभव ने टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला, जबकि फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार और मिडिल ऑर्डर की आक्रामक बल्लेबाजी ने कई मुकाबलों को एकतरफा बना दिया।  RCB की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ उसके स्टार खिलाड़ी नहीं, बल्कि उसकी बल्लेबाजी की गहराई है. ऊपर के बल्लेबाज आउट भी हो जाएं तो नीचे रन बनाने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं. यही वजह रही कि टीम ने कई बार 200 का आंकड़ा पार किया।  सबसे अहम बात यह कि पिछले सीजन की तुलना में इस बार RCB की गेंदबाजी भी भरोसेमंद नजर आई. जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने नई गेंद से लगातार विकेट निकाले और बल्लेबाजों के लिए काम आसान कर दिया।  GT: गेंदबाजी जिसने मैचों को स्क्रिप्ट की तरह कंट्रोल किया दूसरी तरफ गुजरात टाइटन्स की कहानी बिल्कुल अलग है।  शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने बल्लेबाजी में मजबूती दी, लेकिन GT को असली खतरनाक टीम उसकी गेंदबाजी ने बनाया।  मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज तिकड़ी ने पूरे सीजन बल्लेबाजों को सांस नहीं लेने दी. नई गेंद से विकेट और डेथ ओवर्स में नियंत्रण….दोनों काम इस यूनिट ने बखूबी किए।  फिर आते हैं राशिद खान और साई किशोर. मिडिल ओवर्स में इन दोनों स्पिनरों ने रन रोककर विपक्षी टीमों को जकड़ लिया. यही वजह है कि GT पूरे टूर्नामेंट में सबसे संतुलित और अनुशासित गेंदबाजी इकाई बनकर उभरी।  चेन्नई सुपर किंग्स पर 89 रन की विशाल जीत के बाद गुजरात का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है।  मुकाबले के भीतर छिपे 4 बड़े मुकाबले विराट कोहली vs कगिसो रबाडा धर्मशाला की अतिरिक्त उछाल और रबाडा की गति. दूसरी तरफ विराट का अनुभव. पावरप्ले में यह जंग मैच का रुख तय कर सकती है।  फिल सॉल्ट vs मोहम्मद सिराज चोट से लौटे सॉल्ट शुरुआत से हमला करना पसंद करते हैं. लेकिन सिराज RCB के पूर्व खिलाड़ी हैं और बल्लेबाजों की मानसिकता को अच्छी तरह समझते हैं।  गिल-साई सुदर्शन बनाम हेजलवुड-भुवनेश्वर GT की बल्लेबाजी काफी हद तक अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर करती है. अगर RCB शुरुआती झटके देने में सफल रही, तो गुजरात पर दबाव बढ़ सकता है।  राशिद खान बनाम RCB का मिडिल ऑर्डर राशिद का एक अच्छा स्पेल किसी भी मैच का नक्शा बदल सकता है. हालांकि रजत पाटीदार स्पिन के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रखते हैं और यही RCB की सबसे बड़ी उम्मीद होगी।  कौन भारी? अगर बल्लेबाजी की गहराई देखी जाए तो RCB थोड़ा आगे नजर आती है. लेकिन अगर गेंदबाजी के अनुशासन और निरंतरता की बात करें तो GT पूरे टूर्नामेंट में नंबर-1 रही है।  यानी यह सिर्फ दो टीमों का मुकाबला नहीं है. यह IPL 2026 की दो सबसे बड़ी ताकतों की टक्कर है- RCB की विस्फोटक बल्लेबाजी बनाम GT की निर्दयी गेंदबाजी मशीन. और शायद यही वजह है कि धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला फाइनल से पहले का फाइनल महसूस हो रहा है. क्योंकि मंगलवार की रात सिर्फ एक टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा… और दूसरी टीम को फिर से एक और इम्तिहान देना पड़ेगा। 

कप्तानी बचाना होगा मुश्किल! IPL 2026 के बाद इन स्टार खिलाड़ियों की छिन सकती है कमान

नई दिल्ली IPL 2026 लीग स्टेज का अंत हो गया है। 10 में से 4 ही टीमों को प्लेऑफ का टिकट मिला है, वहीं 6 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अलावा गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स शामिल हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में ना पहुंचने वाली 6 में से 5 टीमों के कप्तान रडार पर हैं। टीम के साथ-साथ उनकी निजी परफॉर्मेंस भी कुछ खास नहीं रही है, जिस वजह से अगले सीजन उनसे कप्तानी छीनी जा सकती है। आईए जानते हैं इन कप्तानों के बारे में-     हार्दिक पांड्या- गुजरात टाइटंस को एक ट्रॉफी समेत कुल दो बार फाइनल में पहुंचाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या की जब से मुंबई इंडियंस की टीम में वापसी हुई है, तब से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। पांड्या अब कुल तीन सीजन में एमआई की कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें से एक ही बार वह 5 बार की इस चैंपियन टीम को प्लेऑफ तक पहुंचा पाए हैं। बाकी दो बार टीम बॉटम ऑफ द टेबल ही रही है। आईपीएल 2026 में तो हार्दिक पांड्या का गेंद और बल्ले से भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। कप्तानी का दबाव उनके परफॉर्मेंस पर साफ देखने को मिला। अगर एमआई को अपनी साख बचानी है तो अगले सीजन कप्तान बदलने की जरूरत है, हां हार्दिक पांड्या बतौर खिलाड़ी जरूर खेल सकते हैं।     हार्दिक पांड्या IPL 2026- 10 मैच 206 रन और 4 विकेट     रुतुराज गायकवाड़- एमआई के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ने भी आईपीएल की 5 ट्रॉफी जीती है, पिछले तीन सीजन इस टीम के लिए भी काफी खराब रहे हैं। सीएसके पिछले तीन सीजन में एक भी बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है। आईपीएल 2026 उनके लिए ठीक-ठाक रहा। शुरुआत थोड़ी खराब हुई, मगर बीच में टीम ने जरूर वापसी की। हालांकि प्लेऑफ का टिकट उन्हें इस बार भी नहीं मिला। पूरे सीजन कप्तानी का दबाव गायकवाड़ पर दिखा, उनका बैटिंग स्ट्राइक रेट 125 से भी कम का था। इस सीजन धोनी भी उनका मार्गदर्शन करने के लिए नहीं थे। सीएसके के पास संजू सैमसन के रूप में एक तैयार कप्तान है, जो आईपीएल में पहले भी कप्तानी कर चुका है।     रुतुराज गायकवाड़ IPL 2026- 14 मैच 337 रन     ऋषभ पंत- 27 करोड़ के ऋषभ पंत की कप्तानी पर भी तलवार लटकी है। पिछले दो सीजन में देखने को मिला है कि लखनऊ सुपर जाएंट्स सीजन की शुरुआत में काफी खराब खेलती है, उनकी बैटिंग-बॉलिंग दोनों निराश करती है, मगर जैसे ही टीम टूर्नामेंट से बाहर होती है या होने की कगार पर होती है सभी खिलाड़ी फॉर्म में लौट जाते हैं, सभी खुलकर खेलने लगते हैं और अंत में टीम कुछ मैच जीतती भी है। पंत का निजी परफॉर्मेंस हालांकि उनके स्टैंडर्ड के हिसाब से काफी खराब रहा है। एलएसजी उन्हें रिटेन तो कर सकती है, मगर कप्तान बदलने का समय आ गया है। टीम में मिचेल मार्श और एडन मारक्रम जैसे दो अनुभवी इंटरनेशनल कप्तान भी है।     ऋषभ पंत IPL 2026- 14 मैच 312 रन     अक्षर पटेल- अक्षर पटेल एक बेहतरीन खिलाड़ी है, मगर उनमें एक लीडर की झलक नहीं दिखाई देती। दिल्ली कैपिटल्स को एक ऐसे कप्तान की जरूरत है जो आगे आकर टीम को लीड करे और जीत का रास्ता दिखाए। डीसी की टीम में केएल राहुल एक ऐसा नाम है, जो आईपीएल में पहले भी कप्तानी कर चुका है। एलएसजी को वह प्लेऑफ तक लेकर गए हैं। अक्षर का निजी परफॉर्मेंस में भी बतौर कप्तान काफी कमी आई है।     अक्षर पटेल IPL 2026- 14 मैच 173 रन और 11 विकेट     अजिंक्य रहाणे- 2024 की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की किस्मत ट्रॉफी जीतने के बाद मानों अचानक पलट गई। मेंटोर गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बन गए, वहीं टीम ने चैंपियन कप्तान श्रेयस अय्यर को भी रिलीज कर दिया। अय्यर को रिलीज करने के बाद जब केकेआर की टीम नीलामी में उतरी तो उन्हें कोई बड़ा लीडर अपनी टीम में नहीं जोड़ा। अनुभवी अजिंक्य रहाणे को उन्होंने अंत में कप्तानी सौंपी, मगर उनके अंडर टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। केकेआर को एग्रेसिव कप्तान की जरूरत है जो नई सोच के साथ टीम को आगे ले जा सके।    

नोवाक जोकोविच ने रचा इतिहास, फ्रेंच ओपन के पहले मैच में फेडरर का रिकॉर्ड टूटा

पेरिस   टेनिस का बड़ा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट 'फ्रेंच ओपन' 24 मई को पहले राउंड के मैचों के साथ शुरू हो गया. सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविच पहले राउंड में अपना पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की. उन्होंने फ्रांसीसी खिलाड़ी जियोवानी एम्पेटशी पेरिकार्ड के खिलाफ 5-7, 7-5, 6-1 और 6-4 से शानदार जीत दर्ज की।  जोकोविच 2016, 2021 और 2023 में फ्रेंच ओपन जीतने के बाद अब अपना चौथा फ्रेंच ओपन खिताब जीतने का लक्ष्य बना रहे हैं. गौरतलब है कि 2023 यूएस ओपन के बाद से उन्होंने कोई बड़ा खिताब नहीं जीता है, लेकिन वे सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहे हैं।  जोकोविच ने मैच जीतने से पहले ही कोर्ट पर उतरकर इतिहास रच दिया था. 39 साल के इस खिलाड़ी ने रोजर फेडरर का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करा लिया. 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में 82वीं बार हिस्सा ले रहे है, जो की एक रिकॉर्ड उपस्थिति है. जबकि फ्रेंच ओपन में यह उनकी 22वीं उपस्थिति है।  जोकोविच ने रचा इतिहास सर्बियाई टेनिस स्टार ने अब पुरुषों की श्रेणी में किसी ग्रैंड स्लैम के 'मेन ड्रॉ' में सबसे ज्यादा बार हिस्सा लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. पुरुषों के सिंगल्स खिलाड़ियों में, उन्होंने ग्रैंड स्लैम के राउंड ऑफ 128, राउंड ऑफ 64, राउंड ऑफ 32, राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में सबसे ज्यादा बार खेला है. जोकोविच के नाम अब ग्रैंड स्लैम के मेन ड्रॉ में 82 बार हिस्सा लेने का रिकॉर्ड है, जबकि फेडरर के नाम 81 बार हिस्सा लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।  जोकोविच का फ्रेंच ओपन में नया कीर्तिमान इसके अलावा जोकोविच अब रोलांड गैरोस (फ्रेंच ओपन) में सबसे ज्यादा बार हिस्सा लेकर संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. इससे पहले इस नंबर पर फ्रेंच स्टार रिचर्ड गैस्केट थे. जिन्हों 22 बार रोलांड गैरोस टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुके हैं. अब जोकोविच भी 22 बार इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।  सर्बियाई खिलाड़ी के नाम पहले से ही रोलांड गैरोस में सबसे ज्यादा पुरुषों के सिंगल्स मैच खेलने का रिकॉर्ड है, उन्होंने 119 मैच खेले हैं. उन्होंने 2025 के टूर्नामेंट के दौरान राफेल नडाल के रिकॉर्ड (116) को पीछे छोड़ दिया. इस टूर्नामेंट में उनका सफर सेमीफाइनल में जानिक सिनर से हार के साथ खत्म हुआ था। 

मैदान पर खेलते-खेलते थम गई धड़कन, 39 वर्षीय क्रिकेटर की मौत से सदमे में फैंस

 बेंगलुरु पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय (SL Akshay) का रविवार को एक क्लब मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह सिर्फ 39 साल के थे. अक्षय बेंगलुरु में KSCA थर्ड डिवीजन लीग मैच में सैफायर CC की ओर से खेल रहे थे. मैच के दौरान उन्होंने चार ओवर गेंदबाजी की, लेकिन इसके बाद अचानक उन्हें बेचैनी और सीने में दर्द महसूस हुआ।   तबीयत बिगड़ने पर वह मैदान से बाहर चले गए. स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. अक्षय कर्नाटक की उस मजबूत टीम का हिस्सा रहे थे, जिसने 2014-15 सीजन में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाई थी।  ऐसा रहा अक्षय का रिकॉर्ड एसएल अक्षय ने 2011 से 2013 के बीच कर्नाटक के लिए 6 फर्स्ट क्लास, 3 लिस्ट-A और 9 टी20 मुकाबले खेले.फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अक्षय ने 18 विकेट चटकाए और 89 रन बनाए. वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में अक्षय के नाम पर 6 विकेट और 11 रन दर्ज हैं. टी20 क्रिकेट में अक्षर ने 8 विकेट झटकने के अलावा 10 रन स्कोर किए।  एसएसल अक्षय के निधन से भारतीय क्रिकेट में शोक की लहर दौड़ गई है, एसएल अक्षय का करियर ज्यादा लंबा नहीं चला, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ. संन्यास के बाद भी अक्षय लगातार क्रिकेट से जुड़े रहे. वह कोचिंग में सक्रिय थे और कर्नाटक अंडर-19 टीम के साथ युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का काम कर रहे थे।  कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया. KSCA ने बयान जारी कर कहा कि अक्षय ने खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में कर्नाटक क्रिकेट को अहम योगदान दिया और युवा क्रिकेटरों के विकास में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी. अक्षय के अचानक निधन की खबर से कर्नाटक क्रिकेट जगत में शोक का माहौल है. कई खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

केएल राहुल की तूफानी पारी और कुलदीप की फिरकी, दिल्ली ने KKR को घर में दी मात

 कोलकाता इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आखिरी लीग मैच में रविवार (24 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आयोजित मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स पर 40 रनों से जीत दर्ज की. कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के लिए 204 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम 18.4 ओवरों में 163 रनों पर सिमट गई।  दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो गई थी. दिल्ली कैपिटल्स के 14 मैचों से 14 अंक रहे और उसने छठा स्थान हासिल किया. दूसरी ओर तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 14 मैच खेलकर 6 में जीत हासिल की. कोलकाता नाइट राइडर्स 13 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर रही।  रनचेज में कोलकाता नाइट राइडर्स को पहला झटका फिन एलन (20 रन) के रूप में लगा, जो लुंगी एनगिडी की गेंद पर बोल्ड हुए. फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे के बीच पहले विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी हुई. इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने मनीष पांडे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े. मनीष पांडे ने 2 छक्के और दो चौके की मदद से 16 गेंदों पर 25 रनों की पारी खेली. मनीष पांडे का विकेट भी लुंगी एनगिडी ने चटकाया।  कैमरन ग्रीन (2 रन) इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके और कुलदीप यादव की फिरकी में फंस गए. कुलदीप ने फिर अजिंक्य रहाणे और रिंकू सिंह (0 रन) को भी लगातार गेंदों पर पवेलियन लौटा दिया. रहाणे ने 39 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और चार चौके शामिल रहे. यहां से कोलकाता की इनिंग्स ट्रैक पर नहीं लौट पाई. तेजस्वी दहिया (1 रन), अनुकूल रॉय (9 रन), रोवमैन पॉवेल (29 रन), कार्तिक त्यागी (0 रन) और वरुण चक्रवर्ती (5 रन) कुछ खास योगदान नहीं दे पाए. कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने तीन-तीन विकेट झटके. मिचेल स्टार्क को दो सफलताएं मिलीं।  दिल्ली की पारी की हाइलाइट्स मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 203 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रही. अभिषेक पोरेल (22 रन) और केएल राहुल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े. सौरभ दुबे ने अभिषेक पोरेल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. फिर साहिल पारख (24 रन) और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 47 रनों की पार्टनरशिप हुई. साहिल का विकेट स्पिनर सुनील नरेन ने झटका।  इसके बाद केएल राहुल के रूप में दिल्ली कैपिटल्स का तीसरा विकेट गिरा, जो अनुकूल रॉय की फिरकी का शिकार हुए. राहुल ने 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 30 बॉल पर 60 रन बनाए. यहां से कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने तूफानी बल्लेबाजी की, जिसने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. अक्षर ने 25 बॉल पर 39 रनों का योगदान दिया, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं मिलर ने तीन छक्के की मदद से 19 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली. आशुतोष शर्मा 18 रन बनाकर नाबाद रहे. सौरभ दुबे ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए।  इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 मैचों में जीत हासिल की. जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 16 मैचों में जीत नसीब हुई. एक मुकाबले का नतीजा भी नहीं निकल पाया. मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 8 मई 2026 को खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स पर 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।  कोलकाता vs दिल्ली h2h कुल IPL मैच: 37 कोलकाता ने जीते: 20 दिल्ली ने जीते: 16 बेनतीजा: 1  

RR ने मारी बाजी, IPL प्लेऑफ से बाहर हुए पंजाब और KKR… बदल गई पूरी पिक्चर

मुंबई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. 2008 के सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी. राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में रविवार (24 मई) को मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रनों से परास्त किया. मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 206 रनों का टारगेट सेट किया था, जिसका वो सफलतापूर्वक पीछा नहीं कर पाई. राजस्थान रॉयल्स की जीत के साथ ही पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टूर्नामेंट से बाहर हो गई।  डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटन्स (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी थीं. लीग स्टेज के दौरान अंकतालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहला, गुजरात टाइटन्स ने दूसरा और सनराइजर्स हैदराबाद ने तीसरा स्थान हासिल किया. जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे पायदान पर रही।  अब आईपीएल 2026 में क्वालिफायर-1 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच 26 मई (मंगलवार) को खेला जाना है. उस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. जबकि क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा और वो क्वालिफायर-2 खेलेगी. सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में जो टीम जीतेगी, उसे भी क्वालिफायर-2 खेलने का मौका मिलेगा. क्वालिफायर-2 की विजेता टीम का सामना फाइनल में क्वालिफायर-1 की विनर टीम से होगा।  क्वालिफायर-1 धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 मुकाबले क्रमश: 27 मई (बुधवार) और 29 मई (शुक्रवार) को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने हैं. खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में निर्धारित है।  प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल क्वाल‍िफायर 1: 26 मई- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु VS गुजरात टाइटन्स, धर्मशाला एलिमिनेटर: 27 मई- सनराइजर्स हैदराबाद vs राजस्थान रॉयल्स, न्यू चंडीगढ़ क्वाल‍िफायर 2: 29 मई- क्वालिफायर-1 की विजेता vs एलिमिनेटर की विजेता, न्यू चंडीगढ़  फाइनल: 31 मई- क्वालिफायर-1 की विजेता vs क्वालिफायर-2 की विजेता, अहमदाबाद