samacharsecretary.com

सोनी सब के कलाकारों ने नवरात्रि पर अपनी यादगार यादें साझा की

मुंबई, सोनी सब के कलाकारों ने नवरात्रि के अवसर पर अपनी सबसे प्यारी यादें ताज़ा की है। जैसे-जैसे नवरात्रि का रंगीन पर्व नजदीक आ रहा है, पूरे भारत में खुशी, भक्ति और उत्सव का माहौल बन गया है। मां दुर्गा की आराधना और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक यह पर्व हर वर्ग के लोगों के दिलों में एक खास स्थान रखता है। इसी भाव को मनाते हुए, सोनी सब के कलाकारों ने नवरात्रि से जुड़ी अपनी खास यादें और अनुभव साझा किए हैं। पुष्पा इम्पॉसिबल में दीप्ति की भूमिका निभा रहीं गरिमा परिहार ने कहा, “नवरात्रि मेरे दिल के बहुत करीब है। मेरी मां हमेशा पूजा करती हैं और मैं बचपन से ही देवी मां की भक्त रही हूं। मां के साथ व्रत रखना और छोटी बच्चियों को भोजन कराना मेरे लिए बहुत यादगार पल होते हैं। इस साल पुष्पा इम्पॉसिबल की शूटिंग के कारण मैं दोस्तों के साथ गरबा रातों का आनंद नहीं ले पाऊंगी, लेकिन नवरात्रि की सकारात्मक ऊर्जा और देवी मां के प्रति मेरी श्रद्धा इस त्योहार को मेरे लिए हमेशा खास बना देती है।” उफ़्फ… ये लव है मुश्किल में कैरी शर्मा की भूमिका निभा रहीं आशी सिंह ने कहा, “नवरात्रि हमेशा से मेरे लिए बहुत खास पर्व रहा है। मेरे लिए ये नौ दिन केवल उत्सव नहीं बल्कि भक्ति, अनुशासन और आत्मबल का प्रतीक हैं। मुझे बहुत अच्छा लगता है जब चारों तरफ गरबा और डांडिया की धुनों से माहौल जीवंत हो जाता है। बचपन में मैं रंग-बिरंगी चनिया-चोली पहनकर दोस्तों के साथ नाचने के लिए हमेशा उत्साहित रहती थी। आज भी, शूटिंग शेड्यूल कितना भी व्यस्त हो, मैं कम से कम एक गरबा रात में जरूर शामिल होने की कोशिश करती हूं।” उफ़्फ… ये लव है मुश्किल में लता की भूमिका निभा रहीं ऋधिमा पंडित कहती हैं, “मेरे लिए नवरात्रि का मतलब है सकारात्मकता और भक्ति। बचपन में मुझे याद है कि मैं मां के साथ पूजा के दौरान प्रसाद बनाने में मदद करती थी और इन पारिवारिक परंपराओं से हमें बहुत करीब ला देती थीं। मुझे इस त्योहार की सबसे खास बात यही लगती है कि यह हर उम्र के लोगों को साथ लाकर एक परिवार की तरह जोड़ देता है। सब मिलकर नाचते, गाते और प्रार्थना करते हैं। मेरे लिए नवरात्रि आत्मचिंतन का भी समय होता है, जब मैं मां दुर्गा की शक्ति और करुणा को याद करती हूं। मैं हर साल इस साहस और सकारात्मकता को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करती हूं। मैं हमेशा पंडालों में जाकर उस आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करती हूं, और मुझे अच्छा लगता है जब चारों तरफ गरबा और डांडिया का जीवंत माहौल बन जाता है।” इत्ती सी खुशी में नंदिता की भूमिका निभा रहीं गौरी टोंक ने कहा, “मैं पहले ठाणे में रहती थी और नवरात्रि के दौरान हमारी सोसाइटी दफ्तर में देवी मां की सुंदर प्रतिमा स्थापित करती थी और रोज पूजा होती थी। मुझे पूजा और त्योहार बहुत पसंद हैं ।लोग मुझे मजाक में पंडित भी कहते हैं! लोगों से मिलना, आरती और पूजा करना, ये सब इतना सकारात्मक और उत्साहजनक वातावरण बनाते हैं जिसे मैं बहुत संजोती हूं। बचपन में हम माता रानी की प्रतिमा के सामने पूजा करते और गरबा खेलते थे, और आज मैं अपने बच्चों को भी नवरात्रि के दौरान पंडालों में दर्शन कराने ले जाती हूं ताकि वे भी इस अनुभव से जुड़ सकें। शूटिंग का शेड्यूल व्यस्त होने के बावजूद, मैं हमेशा समय निकालती हूं क्योंकि नवरात्रि साल में सिर्फ एक बार आती है, और हम इसे गरबा और डांडिया खेलकर समाप्त करते हैं — यह हमेशा बहुत सुखद अनुभव होता है।” इत्ती सी खुशी में संजय की भूमिका निभा रहे ऋषि सक्सेना कहते हैं, “सच कहूं तो मैंने नवरात्रि का असली भव्य रूप मुंबई आकर ही देखा। बचपन में मेरे लिए ये बस स्थापना पूजा और व्रत तक ही सीमित था, लेकिन मुंबई ने मुझे इसकी रंगीनियां, व्यंजन, गरबा और अंतहीन उत्सवों से परिचित कराया। जब भी समय मिलता है, मुझे लोगों को सजा-धजा देखना, सुंदर सजावटें और गरबा रातों का जोश और ऊर्जा देखना बहुत अच्छा लगता है। यहां का माहौल हमेशा इतना जीवंत, खुशहाल और उमंग से भरा होता है ।यही चीज मुझे नवरात्रि में सबसे ज्यादा पसंद है।”  

मोहनलाल को मिलेगा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, सिनेमा जगत में खुशी की लहर

नई दिल्ली, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की फैन फॉलोइंग बेहद मजबूत है। 5 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 9 स्टेट अवॉर्ड, पद्म भूषण और पद्मश्री जैसे सम्मानों से नवाजे जा चुके मोहनलाल अब तक 400 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। भारतीय सिनेमा में उनके अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार 2023 से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि चयन समिति की सिफारिश पर मोहनलाल को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। मंत्रालय ने उनके शानदार फिल्मी सफर को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी बेमिसाल प्रतिभा और मेहनत ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर मोहनलाल के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा, मोहनलाल जी केरल की संस्कृति के प्रति गहरी आस्था रखते हैं। वे मलयालम सिनेमा और रंगमंच के अग्रदूत हैं और तेलुगु, तमिल, कन्नड़ व हिंदी फिल्मों में भी बेहतरीन अभिनय कर चुके हैं। उनका सिनेमाई कौशल सचमुच प्रेरणादायक है। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर उन्हें हार्दिक बधाई। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहें। कब मिलेगा पुरस्कार? यह प्रतिष्ठित सम्मान मोहनलाल को 23 सितंबर 2025 को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। 1980 में फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले मोहनलाल ने 45 वर्षों में करीब 400 फिल्में की हैं, जिनमें से ज्यादातर हिट साबित हुईं। गौरतलब है कि पिछले साल यह पुरस्कार बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दिया गया था।  

67 साल के टिम बर्टन और गर्लफ्रेंड का ब्रेकअप, 2 साल बाद टूटा रिश्ता

लॉस एंजिल्स फिल्ममेकर टिम बर्टन और इटली की खूबसूरत एक्ट्रेस मोनिका बेलुची पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे। खबर है कि दोनों ने अपना रिश्ता खत्म कर लिया है। दोनों का कहना है कि 'रिश्ता खत्म हुआ है, लेकिन इज़्ज़त और ख्याल हमेशा रहेगा।' टिम बर्टन और मोनिका बेलुची की पहली मुलाकात साल 2006 में कान फिल्म फेस्टिवल में हुई थी, लेकिन तब कहानी आगे नहीं बढ़ी। उस वक्त दोनों अपने-अपने पार्टनर्स के साथ कमिटेड थे। इसके बाद दोनों साल 2022 में दोबारा मिले और धीरे-धीरे उनकी लव स्टोरी आगे बढ़ी। स्पेन की गलियों से लेकर रोम फिल्म फेस्टिवल तक, दोनों की तस्वीरे सोशल मीडिया पर खूब वायरल होने लगीं। 2023 में कन्फर्म हुआ था रिश्ता साल 2023 में टिम बर्टन और मोनिका का रिलेशनशिप तब ऑफिशियल हो गया, जब दोनों रोम फिल्म फेस्टिवल में साथ नजर आए। टिम बर्टन ने मोनिका को साल 2024 में आई अपनी फिल्म Beetlejuice में ‘डेलोरेस’ का किरदार दिया था, जो 1988 की कल्ट क्लासिक फिल्म का सीक्वल है। टिम बर्टन की अथाह संपत्ति और नेट वर्थ पर्सनल लाइफ में भले ही टिम का रिश्ता टूट गया हो, लेकिन प्रोफेशनल लाइफ में उनकी चमक बरकरार है। टिम बर्टन की कुल संपत्ति करीब 100 मिलियन डॉलर (करीब8,809,935,000 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। वह हॉलीवुड की फिल्मों में बड़ा नाम हैं और कई फिल्में डायरेक्ट-प्रोड्यूस कर चुके हैं। टिम बर्टन के पास अथाह संपत्ति है। उनके पास इंग्लैंड और अमेरिका में आलीशान प्रॉपर्टी है। हाल ही उन्होंने अपनी एक ऑक्सफोर्डशायर की प्रॉपर्टी लगभग 50 करोड़ रुपये में बेचने का ऐलान किया है। एक्टर विन्सेंट कैसल की पत्नी थीं मोनिका बेलुची टिम बर्टन 2001 से 2014 तक अभिनेत्री हेलेना बोनहम कार्टर के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। दोनों ने शादी नहीं की, लेकिन उनके दो बच्चे हैं। टिम और हेलेना लंदन में पास-पास के घरों में रहते थे और कई फिल्मों में साथ काम किया। हेलेना से अलग होने के बाद, टिम ने उन्हें 166 करोड़ रुपये की एलिमनी दी थी। वहीं, मोनिका बेलुची पहले फ्रेंच एक्टर विन्सेंट कैसल की पत्नी थीं। उन्होंने 1999 में शादी की थी और 2013 में दोनो अलग हो गए थे। उनके भी दो बच्चे हैं। टिम बर्टन की जिंदगी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती, एक तरफ़ प्यार और ब्रेकअप की कहानी, दूसरी तरफ दौलत और शोहरत का खेल।

कपिल शर्मा शो पर बड़ी कार्रवाई, कानूनी नोटिस से मचा हड़कंप

मुंबई कपिल शर्मा का शो मुश्किलों में घिरता हुआ नजर आ रहा है। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ का तीसरा सीजन अपने फिनाले की ओर बढ़ रहा है, जिसमें अक्षय कुमार विशेष मेहमान होंगे। लेकिन फिनाले से ठीक पहले शो कानूनी विवाद में फंस गया है। मिली जानकारी अनुसार निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला ने नेटफ्लिक्स और शो के निर्माताओं को 25 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि कॉमेडियन किकू शारदा ने शो में परेश रावल द्वारा निभाए गए आइकॉनिक किरदार ‘बाबूराव गणपत राव आपटे’ की नकल बिना अनुमति के की। यह कापीराइट और किरदार अधिकारों का उल्लंघन है। नोटिस में 2 दिन के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने, विवादित स्किट हटाने और नुकसान की भरपाई करने की मांग की गई है। नाडियाडवाला ने बयान में कहा, बाबूराव सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि हमारी हेरा-फेरी की रूह है। इस विरासत को बिना अनुमति कोई छू नहीं सकता। किसी को भी व्यापारिक लाभ के लिए इसका दुरुपयोग करने का अधिकार नहीं है। यह हमारी मेहनत, सोच और रचनात्मकता का नतीजा है। कानूनी नोटिस में कापीराइट एक्ट 1957 की धारा 51, ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 29 और कापीराइट एक्ट की धारा 14 का उल्लंघन बताया गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि पालन न करने पर सिविल और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

क्या कैटरीना कैफ हैं प्रेग्नेंट? वायरल तस्वीर पर सोशल मीडिया में मचा हलचल

मुंबई  कैटरीना कैफ बीते एक साल से फिल्मी पर्दे से दूर हैं. पिछली बार एक्ट्रेस फिल्म मैरी क्रिसमस में दिखी थीं, जो साल 2024 में रिलीज हुई थी. इसके बाद से कैटरीना को किसी भी फिल्म में नहीं देखा गया है. ऐसे में लंबे समय से पर्दे से दूर रहने की वजह उनका प्रेग्नेंट होना बताया जा रहा है. बार-बार कैटरीना की प्रेग्नेंसी की खबरें उड़ रही हैं. अब सोशल मीडिया पर कैटरीना कैफ की एक तस्वीर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में कैटरीना का बेबी बंप होने का दावा किया जा रहा है. अब इस वायरल पोस्ट पर कैटरीना के फैंस बहुत खुश हैं और खुद को कमेंट्स करने से रोक नहीं पा रहे हैं. तेज हुईं कैटरीना कैफ की प्रेग्नेंसी की अटकलें अब जैसे जैसे ये अटकलें तेज हो रही हैं और कैटरीना कैफ की प्रेग्नेंसी की चर्चा तेज हो रही है, फैंस बस इंतजार कर रहे हैं कि आखिरकार विक्की और कैटरीना कब ऐलान करेंगे. 30 जुलाई को कैटरीना कैफ की प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें शुरू हुईं, जब मुंबई के एक फेरी पोर्ट पर कैटरीना और विक्की का वीडियो वायरल हुआ. कैटरीना ने ढीली सफेद शर्ट और बैगी पैंट पहनी थी, और उनके आरामदायक कपड़े और सावधानी से चलने के तरीके ने कई फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या वह प्रेग्नेंट हैं. पोस्ट पर “क्या वह प्रेग्नेंट हैं?” और “लगता है वह जरूर प्रेग्नेंट हैं” जैसे कमेंट्स की बाढ़ आ गई, जिससे इंटरनेट पर चर्चा शुरू हो गई. इससे पहले, कैटरीना के न्यू ईयर ईव पोस्ट में पोल्का-डॉट ड्रेस ने भी प्रेग्नेंसी की बातें शुरू कर दी थीं. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके लुक को बॉलीवुड के “पोल्का-डॉट प्रेग्नेंसी मिथ” से जोड़ते हुए अनुष्का शर्मा और दीपिका पादुकोण के साथ तुलना की, जो प्रेग्नेंसी के दौरान इसी तरह के प्रिंट में देखी गई थीं. हालांकि, एक ढीली ड्रेस और एक वायरल वीडियो से ही प्रेग्नेंसी की पुष्टि नहीं होती, और ये अटकलें ज्यादातर बेबुनियाद रहीं. रेडिट पर वायरल इस तस्वीर में कैटरीना कैफ को मरून रंग के गाउन में देखा जा रहा है. वह कैमरा से अलग खड़ी हुई हैं. वहीं, गुड न्यूज यह है कि इस तस्वीर में कैटरीना कैफ का बेबी बंप नजर आ रहा है. अब उनके फैंस इस तस्वीर को देख बहुत खुश हैं और उन्हें अब कैटरीना के पहले बच्चे का इंतजार है. इससे पहले खबर आई थी कि कैटरीना और विक्की बहुत जल्द अपने पहले बच्चे के पेरेंट्स बनने जा रहे हैं. कहा जा रहा है कि विक्की-कैटरीना अक्टूबर या नवंबर में मां-बाप बन जाएंगे. वहीं, प्रेग्नेंसी की अफवाहों के बीच कैटरीना फिल्मी पर्दे से गायब हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो मां बनने के बाद कैटरीना कैफ मैटरनिटी लीव पर रहेंगी और अपने बच्चे को संभालेंगी.

मंदोदरी के किरदार में दिखेंगी पूनम पांडेय, लव-कुश रामलीला में रावण की भूमिका पर चर्चा

नई दिल्ली एक्ट्रेस पूनम पांडेय शोबिज में काफी वक्त से नहीं दिखी हैं. वो पैप्स के कैमरों में जरूर स्पॉट होती हैं. मगर किसी शो या मूवी में नजर नहीं आई हैं. पूनम को स्क्रीन पर देखने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए गुडन्यूज है. एक्ट्रेस को वो पर्दे पर तो नहीं लेकिन रामलीला में एक्टिंग करते हुए देख पाएंगे. पूनम को रामलीला में मिला अहम रोल पुरानी दिल्ली में होनी वाली लव कुश रामलीला में पूनम पांडे रावण की पत्नी मंदोदरी का रोल प्ले करेंगी. रामलीला में एक्टर आर्य बब्बर रावण का रोल निभाएंगे. रामलीला में मंदोदरी का अहम रोल प्ले करने का मौका मिलने पर पूनम ने खुशी जताई है. उनका एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने रामलीला समिति का आभार जताया है. पूनम ने जताया आभार पोस्ट में लिखा है- लव कुश रामलीला समिति की ओर से मुझे इस पावन अवसर पर आमंत्रित करने के लिए मैं दिल से धन्यवाद करती हूं. ये मेरे लिए खुशी और गर्व की बात है. मुझे इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन का हिस्सा बनने का जो मौका मिला है. रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और पंरपरा का उत्सव है. इसमें सम्मिलित होकर मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं. मैं पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ इस इवेंट का हिस्सा बनने का इंतजार कर रही हूं. आर्य बब्बर बने रावण  दिल्ली में होने वाली लव कुश रामलीला सबसे फेमस रामलीला में गिनी जाती हैं. इसका मंच लाल किले के मैदान में तैयार किया जाता है. आर्य बब्बर ने 2015 में आए टीवी शो 'संकट मोचन महाबली हनुमान' में रावण का रोल प्ले किया था. इस किरदार को रामलीला के मंच पर फिर से निभाने के लिए वो सुपर एक्साइटेड हैं. फैंस पूनम पांडेय और आर्य बब्बर की जोड़ी को लेकर उत्साहित हैं.  वर्कफ्रंट पर पूनम को आखिरी बार स्क्रीन पर वेब सीरीज 'हनीमून सुइट रूम नंबर 911' में देखा गया था. इससे पहले वो रियलिटी शो 'लॉकअप' में दिखी थीं. पूनम में 2013 में मूवी 'नशा' से बॉलीवुड में कदम रखा था. उनका एक्टिंग करियर काफी कोशशों के बावजूद नहीं चल सका. पूनम का अपना यूट्यूब चैनल और ऐप है, जहां वो अपनी बोल्डनेस का तड़का लगाती हैं. एक्ट्रेस अपनी लव लाइफ और तलाक के कारण लाइमलाइट में रहीं. 

सोनारिका भदौरिया ने समंदर किनारे शेयर कीं खूबसूरत तस्वीरें, बेबी बंप के साथ दिखीं ग्लोइंग

मुंबई  'देवों के देव महादेव' फेम सोनारिका भदौरिया के घर भी अब जल्द ही नन्हा मेहमान आने वाला है। एक्ट्रेस प्रेग्नेंट हैं और वह मां बनने वाली हैं। उन्होंने अपने बेबी बंप के साथ कई सारी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं, जिसमें वह अपने पति विकास पराशर के साथ नजर आ रही हैं। दोनों समंदर किनारे एक-दूसरे का हाथ थामे दिखाई दे रहे हैं और लोगों ने भी इनके पोस्ट पर भर-भरकर प्यार लुटाया है। कुछ ने तो ये तक कहा है कि बेटे के रूप में भगवान गणेश या फिर भगवान कार्तिकेय का जन्म होगा। सोनारिका भदौरिया हैं प्रेग्नेंट सोनारिका भदौरिया ने 14 सितंबर को इंस्टाग्राम पर पति विकास पराशर के साथ करीब 14 तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ कैप्शन लिखा, 'हमारा अब तक का सबसे बड़ा एडवेंचर।' समंदर किनारे हुए इस फोटो शूट में एक्ट्रेस ने सफेद रंग का अटायर कैरी किया था, जिसमें उनका बेबी बंप साफ-साफ नजर आ रहा था। वह उसे बखूबी फ्लॉन्ट कर रही थीं। और तरह-तरह के पोज दे रही थीँ। कुछ में तो उनके पतिदेव ने भी उसे पकड़ा था। सोनारिका भदौरिया की प्रेग्नेंसी पर रिएक्शन सोनारिका के पोस्ट पर आरती सिंह ने रेड हार्ट के साथ खुशी जताते हुए लिखा, 'बेबी।' वहीं, एक यूजर ने लिखा, 'छोटे विनायक या अशोक सुंदरी आने वाले हैं।' एक ने लिखा, 'माते, आपको मां बनने की इस पावन यात्रा पर हार्दिक बधाई। मेरी शुभकामनाएं हैं कि शीघ्र ही आपके जीवन में पुत्र रूप में भगवान श्रीगणेश या भगवान कार्तिकेय का आगमन हो। यह आपके लिए और आपके परिवार के लिए अपार आनंद और आशीर्वाद लेकर आए।' इसके अलावा, बाकियों ने उन्हें इस खास पल के लिए शुभकामनाएं दीं। सोनारिका भदौरिया ने विकास को 7 साल डेट किया था बता दें कि सोनारिका भदौरिया ने फरवरी, 2024 में राजस्थान में विकस पराशर से शादी की थी। और डेढ़ साल बाद ही अब वह मां बनने जा रही हैं। उन्होंने पहली एनिवर्सरी पर एक पोस्ट किया था, जिसमें बताया था कि वह 7 साल तक गर्लफ्रेंड रहीं और 2 साल तक विकास की मंगेतर। इसके बाद उन्होंने शादी की। यानी इनका रिश्ता 8-9 साल पुराना है। एक्ट्रेस ने जिसे प्यार किया, उसी संग सात फेरे लिए और अब उनके ही बच्चे की मां बनने जा रही हैं।  

‘या अली’ गायक जुबिन गर्ग का दुखद निधन, स्कूबा डाइविंग के दौरान हुआ हादसा

असम  मशहूर गायक जुबिन गर्ग का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते वक्त उनके साथ दुखद हादसा हुआ और वह इस दुनिया को हमेशा के लिए छोड़कर चले गए। बता दें, जुबिन गर्ग बॉलीवुड फिल्म ‘गैंगस्टर’ के सुपरहिट गाने ‘या अली’ से पूरे देश में लोकप्रिय हुए थे। मंत्री अशोक सिंघल ने की पुष्टि असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा, “हमारे प्रिय जुबिन गर्ग के असमय निधन से गहरा दुख पहुंचा है। असम ने न केवल एक आवाज खोई है, बल्कि एक धड़कन भी। जुबिन दा केवल एक गायक नहीं थे, वे असम और देश के गौरव थे, जिनके गीतों ने हमारी संस्कृति को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनकी विरासत सदैव प्रेरणा देती रहे। ओम शांति।” सिंगापुर में कैसे हुआ हादसा? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन गर्ग स्कूबा डाइविंग कर रहे थे तभी अचानक हादसा हो गया। पुलिस ने तुरंत उन्हें समुद्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में होनी थी प्रस्तुति जुबिन गर्ग सिंगापुर नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने पहुंचे थे। लेकिन उससे पहले ही यह त्रासदी घट गई। उनकी अचानक मौत ने न सिर्फ उनके फैंस बल्कि पूरे असमिया समुदाय और भारतीय संगीत जगत को गहरे शोक में डाल दिया है।

जाह्नवी कपूर का बोल्ड काउगर्ल लुक वायरल, स्ट्रैपलेस आउटफिट में दिखा स्टाइल और ग्लैमर का कॉम्बो

मुंबई  'परम सुंदरी' में अपनी दमदार एक्टिंग और खूबसूरत लुक्स से लोगों का दिल जीतने वाली जाह्नवी कपूर अब अपनी अगली फिल्म 'सनी संस्कारी कीतुलसी कुमारी' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं. इन दिनों वह फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रही हैं और अलग-अलग लुक्स कैरी करके सबका ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं. इसी क्रम में उन्होंने एक ऐसा बोल्ड लुक कैरी किया, जिसमें उन्हें देखकर सभी वाह-वाह कर रहे हैं. हाल ही में वो काउगर्ल स्टाइल आउटफिट पहना. उनका ये लुक बोल्ड और ग्लैमरस दोनो था. जाह्नवी की ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या पहना. स्ट्रैपलेस कॉर्सेट में बोल्ड लगीं जाह्नवी जाह्नवी ने काउगर्ल लुक कैरी करने के लिए ब्राउन स्ट्रैपलेस कॉर्सेट टॉप पहना था, जिसमें आगे लेस-टाईअप डिटेल थी. ये कॉर्सेट जाह्नवी की बॉडी पर अच्छे से फिट हो रहा था और उनकी टोंड बॉडी को और निखारने का काम कर रहा था. कॉर्सेट के ब्राउन कलर और स्ट्रक्चर्ड डिजाइन ने उनके लुक को बोल्ड और स्टाइलिश बनाया, जिससे उनका स्टाइल एलिवेट हो रहा था. बूट्स से काउगर्ल लुक किया एलिवेट एक्ट्रेस ने अपने ब्राउन कॉर्सेट के साथ शाइनी मेटैलिक स्नेकस्किन प्रिंट शॉर्ट्स पहने थे. इस छोटे और शाइनी शॉर्ट्स ने उनके आउटफिट में एक बोल्ड टच जोड़ दिया था. शॉर्ट्स की शाइन और कॉर्सेट की मैट फिनिश का कंट्रास्ट उनके लुक को स्टाइलिश और मॉडर्न बना रहा था. अपने लुक को पूरा करने के लिए जान्हवी ने नुकीले क्रीम रंग के काउबॉय बूट्स पहने थे, जिससे उनके आउटफिट को एक शार्प और स्टाइलिश लुक मिला. बूट्स ने काउगर्ल स्टाइल को और ज्यादा निखारा. खूब जचां ब्रोंज मेकअप जाह्नवी द्वारा पहनी गई एक्सेसरीज की बात करें तो अपने इस बोल्ड लुक को सिंपल मगर स्टाइलिश जूलरी के साथ पेयर किया. उन्होंने इसके साथ चंकी ब्रेसलेट पहना हुआ था. एक्ट्रेस ने मिड पार्टिंग के साथ हल्का कर्ल करते हुए खुला रखा. एक्ट्रेस के न्यूड लिप्स और ब्रोंज्ड मेकअप उनके चेहरे के फीचर्स को उभार रहा था. 

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला: यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुंबई  बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में दिल्ली की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने 2 शूटरों को गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी दिल्ली से हुई है. दोनों शूटरों पर इनाम था और दोनों फायरिंग केस में फरार चल रहे थे, लेकिन पुलिस को दोनों एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते नजर आए. जिसके बाद दोनों को ट्रेस करके काउंटर इंटेलिजेंस ने दबोच लिया. दोनों को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. बता दें कि मामले में आरोप 2 शूटरों का UP पुलिस की STF गाजियाबाद में एनकाउंटर कर चुकी है. 11 और 12 सितंबर को हुई थी फायरिंग बता दें कि एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर लगातार 2 दिन फायरिंग की गई थी. 11 सितंबर को बाइक सवार 2 नाबालिग लड़कों ने गोलियां चलाई थीं, जिन्हें 19 सितंबर को दिल्ली से पकड़ा गया है. अगले दिन 12 सितंबर को फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों का पुलिस ने 17 सितंबर को एनकाउंटर कर दिया था. उत्तर प्रदेश की STF ने गाजियाबाद में दोनों को एनकाउंटर में मार गिराया था. दोनों मृतकों की पहचान रविंद्र पुत्र कल्लू निवासी गांव कहनी जिला रोहतक और अरुण पुत्र राजेंद्र निवासी इंडियन कॉलोनी निवासी गोहाना रोड जिला सोनीपत के रूप में हुई थी. गाजियाबाद में हुआ था शूटरों का एनकाउंटर बता दें कि दिशा पाटनी के घर फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली थी. साथ ही जांच में पता चला था कि हमलावरों को पुर्तगाल से निर्देश दिए जा रहे थे. गाजियाबाद में शूटरों के एनकाउंटर के बाद रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखी थी. पोस्ट में गाजियाबाद में एनकाउंटर में मारे गए शूटरों को शहीद बताया था. वहीं अब गैंगस्टर रोहित गोदारा पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पलटवार किया है. लॉरेंस गैंग ने रोहित गोदारा को नकली सनातनी बताया है. दिशा पाटनी के मामले में लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट लिखी है.   गैंगस्टर हैरी ने किया गोदारा पर पलटवार रोहित गोदारा ने अपने 2 शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर कहा था कि जिन लोगों ने उनके शूटरों को मरवाया वो असली सनातनी नहीं हैं, इसके जवाब में लॉरेंस गैंग ने लिखा कि समाज के कुछ जयचंद आज एक महान योगी, जिन्होंने पूरे भारत के युवाओं के मन एवं आत्मा में हिन्दुत्व की ज्वाला उत्पन्न की, उनको सनातन धर्म का ज्ञान देने की कोशिश कर रहे हैं. हमारे ग्रुप का नाम लेकर युवाओं को बरगलाकर हमारे समाज की बहन बेटियों को अपमानित और डराने की कोशिश कर रहे हैं. अगर कोई सनातन धर्म पर उंगली उठाता है तो उसका जवाब हर हिन्दू देना जानता है, किसी गद्दार के ज्ञान की आवश्यकता नहीं है. सभी भाइयों को सूचित किया जाता है कि गद्दारों के बहकावे में आकर अपना नुकसान न कराएं. इन लोगों का सिर्फ अपना जेब खर्च चलाना है और इन्हीं हरकतों के कारण इनको ग्रुप से लात मारकर निकाला गया है.