samacharsecretary.com

सफल ऑपरेशन: सुरक्षाबलों ने कुख्यात माओवादी दंपती सहित 6 नक्सलियों को मार गिराया, 27 लाख का इनाम था घोषित

बीजापुर मंगलवार को नेशनल पार्क के जंगलों में हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने 27 लाख रुपये के इनामी 6 कुख्यात माओवादियों को मार गिराया है। वहीं घटना स्थल से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और माओवादी सामग्री बरामद हुई है। इस नक्सल ऑपरेशन में मोस्ट वांटेड DVCM कन्ना और पापाराव की पत्नी उर्मिला के आतंक का अध्याय अब समाप्त हो गया है। जानकारी के अनुसार, DKSZCM पापाराव, मद्देड़ एरिया कमेटी इंचार्ज DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना, DVCM उर्मिला, DVCM मोहन कड़ती और पश्चिम बस्तर डिवीजन के 50-60 माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। यह मुठभेड़ कांदुलनार-कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में हुई, जो सुबह 10 बजे से शुरू हुई और करीब शाम तक चली। बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि नेशनल पार्क क्षेत्र के कांदुलनार, कचलारम एवं गुज्जाकोंटा के जंगलों में SZCM पापाराव, मड्डेड़ एरिया कमेटी के इंचार्ज DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना, डीवीसीएम उर्मिला, DVCM मोहन कड़ती और पश्चिम बस्तर डिवीजन के 50-60 माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के दौरान 11 नवंबर 2025 की सुबह 10 बजे से डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा एवं एसटीएफ की संयुक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से 6 माओवादियों के शव, ऑटोमैटिक हथियार (इंसास, 9एमएम कार्बाइन, .303 राइफल सहित), विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी साहित्य बरामद हुआ। आज बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ स्मृतिक राजनाला एवं उप महानिरीक्षक केआरपीएफ ऑप्स राकेश चौधरी ने नेशनल पार्क एरिया में संचालित अभियान और मुठभेड़ के संबंध में जानकारी दी। मुठभेड़ में बरामद शव की पहचान DVCM कन्ना उर्फ बुचन्ना – उम्र 35 वर्ष, गुडडीपाल थाना, मोदकपाल जिला बीजापुर। मद्देड़ एरिया कमेटी का प्रभारी। इनाम 8 लाख रुपये। कई नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड, जिसमें ग्रामीणों की हत्या, IED ब्लास्ट, आगजनी, डकैती, मोबाइल टावर जलाना और शिक्षादूतों का अपहरण शामिल है।     DVCM कन्ना उर्फ बुचन्ना, उम्र 35 वर्ष, निवासी गुडडीपाल, थाना मोदकपाल, जिला बीजापुर। पदनाम: डीव्हीसीएम, प्रभारी मद्देड़ एरिया कमेटी। इसपर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। कन्ना उर्फ बुचन्ना माओवादियों के बड़े कैडर में शामिल था और कई नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड रहा। पिछले एक दशक में उसने पुलिस, आम नागरिक और विकास कार्यों को निशाना बनाने वाली कई घटनाओं को अंजाम दिया। उसके खिलाफ बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में 42 आपराधिक मामले और 18 स्थायी वारंट लंबित हैं। DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना ऊर्फ बुचन्ना कुड़ियम के खिलाफ दर्ज प्रमुख घटनाएं कैंप अटैक – जुलाई 2008 में कोंगुपल्ली पुलिस पोस्ट और जनवरी 2016 में नुकनपाल कैम्प हमला में शामिल, जो सुरक्षाबलों की तत्परता से असफल रही। ग्रामीणों की हत्या – पुलिस मुखबिरी के संदेह में 20 से ज्यादा ग्रामीणों की हत्या में शामिल, जिनमें वर्ष 2016 में ग्राम पंचायत चिन्नाकोडेपाल के उपसरपंच की हत्या भी शामिल है। IED ब्लास्ट – कुल छह आईईडी विस्फोटों का मुख्य योजनाकार था । नवंबर 2017 में थाना भद्रकाली क्षेत्र में हुए एक विस्फोट में आरक्षक संतोष यादव शहीद हुए थे। आगजनी – फरवरी 2018 में कांकेर रोडवेज़ की यात्री बस सहित चार वाहनों को आग लगाने की घटनाओं का मास्टरमाइंड था। डकैती – दिसंबर 2024 में थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के ग्राम गुज्जाकोंटा में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। मोबाइल टावर जलाना – चिन्नाकवाली (अप्रैल 2025), आदेड़ (मई 2024) और कांदुलनार (जून 2025) में संचार टावर जलाने की घटनाओं का संचालन किया, ताकि जनता के संपर्क तंत्र को बाधित किया जा सके। शिक्षादूतों का अपहरण और हत्या – वर्ष 2025 में नेशनल पार्क एरिया में पील्लूर एवं टेकामेटा के दो शिक्षादूतो का अपहरण कर हत्या करने की घटना में शामिल था। कन्ना उर्फ बुचन्ना की मौत से क्षेत्र में फैले आतंक का लंबा अध्याय समाप्त हुआ। घटनास्थल से बरामद दस्तावेज़ और डिजिटल सामग्री से पता चलता है कि उसका अर्बन नेटवर्क से गहरा संबंध था। पुलिस अब इस नेटवर्क के तार खंगालने में जुटी है।     DVCM उर्मिला, पत्नी पापाराव (DKSZCM), निवासी चिंतलनार, जिला सुकमा। पदनाम: सचिव, पामेड़ एरिया कमेटी। इसपर 8 लाख रुपये का इनाम था। उर्मिला मोस्ट वांटेड माओवादी कैडर थी और पापाराव की पत्नी थी। वह पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव थी और संगठन की सबसे हिंसक एरिया कमेटियों में सक्रिय रही। उसने माओवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया और PLGA बटालियन की रसद व्यवस्था संभाली। उसकी मौत से पामेड़ एरिया कमेटी और संगठन की आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा।     ACM जगत तामो उर्फ मोटू, निवासी फुल्लोड़, थाना जांगला, जिला बीजापुर। पदनाम: एसीएम, मद्देड़ एरिया कमेटी। 5 लाख रुपये का इनाम था।     PM देवे, निवासी मीनागट्टा, थाना पामेड़, जिला बीजापुर। पदनाम: पार्टी सदस्य, पामेड़ एरिया कमेटी। 2 लाख रुपये का इनाम।     PM भगत, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर। पदनाम: पार्टी सदस्य, मद्देड़ एरिया कमेटी। 2 लाख रुपये का इनाम ।     PM मंगली ओयाम, निवासी पेद्दोजोजेर, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर। पदनाम: पार्टी सदस्य। 2 लाख रुपये का इनाम। मुठभेड़ स्थल से बरामद सामग्री     2 नग इंसास रायफल,05 मैग्जीन, 68 कारतूस     1 नग 9mm काबाईन, 03 मैग्जीन, 22 कारतूस     1 नग .303 रायफल, 01 मैग्जीन 13 कारतूस     1 नग Single Shot Rifle,     1 नग 12 बोर बंदूक, 08 कारतूस     रेडियो, स्केनर, मल्टीमीटर, हेण्ड ग्रेनेड,सेफ्टी फ्यूज, माओवादी साहित्य, पोच, माओवादी वर्दी, मेडिकल सामग्री एवं अन्य सामग्री जनवरी 2024 से अब तक कुल 202 माओवादी ढेर पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में हुए अलग-अलग मुठभेड़ों में 144 माओवादी को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है । वही अलग अलग थाना क्षेत्रों में चलाये गये अभियान में 499 माओवादी गिरफ्तार हुए एवं 560 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया । जनवरी 2024 से अब तक जिले में चलाए गए माओवादी विरोधी अभियान में कुल 202 माओवादी मारे गए, 1002 माओवादी गिरफ्तार हुए और 749 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए।

वृंदावन में होगी मंदिर की तकनीकी जांच, आईआईटी रुड़की ने संभाली कमान

मथुरा  यूपी में मथुरा के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर की इमारत को किसी सुधार की जरूरत है या नहीं इसके लिए आईआईटी रुड़की की टीम ने गुरुवार सुबह बांके बिहारी मंदिर का सर्वे किया। गुरुवार को पहुंची आईआईटी रुड़की की टीम ने मंदिर के हर हिस्से को देखा। गौरतलब है कि बांके बिहारी मंदिर हाईपावर कमेटी ने बांके बिहारी मंदिर का स्ट्रक्चर ऑडिट कराने का निर्णय लिया था। इसी के तहत आईआईटी रुड़की की टीम गुरुवार को यहां पहुंची।   इस बारे में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि हाईपावर कमेटी की टीम द्वारा लिये गये निर्णय के तहत आईआईटी रुड़की से इंजीनियरों की टीम यहां पहुंची है और उसने सर्वे किया है। उन्होंने कहा कि बांके बिहारी मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन को पहुंचते हैं। मंदिर का स्ट्रक्चर कैसा है, इसमें सुधार की कोई जरूरत तो नहीं है, यह देखने के लिए टीम को बुलाया गया है। टीम दो दिन यहां सर्वे करेगी। आईआईटी रुड़की की टीम मंदिर में सर्वे करने के बाद इसके स्थायी समाधान भी खोजेगी ताकि भीड़ पर नियंत्रण रखा जा सके। रुड़की से आई टीम ने आज आकर अपना सर्वे शुरू किया है। टीम के द्वारा सर्वे रिपोर्ट को तैयार किया जाएगा। उसे आगामी 19 नवंबर को हाई पावर्ड कमेटी की बैठक में रखा जाएगा। जिस पर कमेटी कोई ठोस फैसला ले सकती है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में सर्वे के लिए आईआईटी रुड़की की टीम ने प्रवेश के बाद ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी के दर्शन किए। टीम लीडर प्रो. संजय के साथ आईआईटी रुड़की से एक सहायक, सेवायत दिनेश गोस्वामी और मंदिर के मैनेजर मुनीश शर्मा भी रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश करने और निकलने के सभी रास्तों दिखाया। गुरुवार को मंदिर के दोनों जगमोहन, पीछे का आंगन और चबूतरे का बारीकी से अध्यन किया है।

टोल पर हाई वोल्टेज ड्रामा: बस कर्मियों–टोल कर्मचारियों की झड़प से लगा लंबा जाम

हांसी दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे स्थित रामायण टोल प्लाजा पर वीरवार सुबह हरियाणा रोडवेज बस और टोल कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि रोडवेज कर्मियों ने विरोधस्वरूप बसों को हर लेन में खड़ा कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा पूरी तरह जाम रहा और सवारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई और सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर हालात को नियंत्रण में लिया गया। रोडवेज बस चालक महेंद्र ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारियों ने बस रुकवाकर उनके साथ मारपीट की और बस के शीशे तोड़ दिए। वहीं, टोल प्रबंधन का कहना है कि गलती पूरी तरह रोडवेज कर्मियों की थी, जिन्होंने बंद लेन में जबरन बस घुसाई और रोकने पर कर्मचारियों से हाथापाई की। दोषियों पर होगी कार्रवाईः थाना प्रभारी सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद टोल संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, यह रोडवेज बस वीरवार सुबह 7:20 बजे दिल्ली से सिरसा के लिए रवाना हुई थी और करीब 11:00 बजे रामायण टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां यह घटना हुई।  रोडवेज कर्मचारी यूनियन की प्रतिक्रिया आई सामने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान सोनू मोर ने टोल कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों पर हमला करना अत्यंत निंदनीय है, और इसी के विरोध में बसें खड़ी कर जाम लगाया गया। सोनू मोर ने यह भी कहा कि टोल प्लाजा का काम लोगों को सहूलियत देना है, लेकिन यहां आए दिन आम जनता और कर्मियों से झगड़े की घटनाएं हो रही हैं।  

पेंटर शिवकुमार निराला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेंट किया विशिष्ट ‘राजनीतिक मानचित्र’

मुख्यमंत्री ने की सराहना, रचनात्मक प्रतिभा का किया सम्मान रायपुर, मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के ग्राम चकरदा निवासी पेंटर श्री शिवकुमार निराला ने अनूठा ‘राजनीतिक मानचित्र’ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेंट किया। उनकी इस अद्वितीय कला प्रस्तुति ने कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बढ़ा दिया। श्री निराला द्वारा तैयार यह सचित्र मानचित्र छत्तीसगढ़ की सम्पूर्ण राजनीतिक यात्रा का विस्तृत और कलात्मक दस्तावेज है। इसमें राज्य के लोकसभा एवं विधानसभा सदस्यों, मंत्रिमंडल की रूपरेखा, संसदीय क्षेत्रवार विवरण तथा वर्ष 1998 से अब तक हुए सभी लोकसभा और विधानसभा चुनावों का तुलनात्मक विश्लेषण सुव्यवस्थित रूप से दर्शाया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जीत के अंतर, राजनीतिक दलवार जनप्रतिनिधियों का क्रम तथा सीटों के ऐतिहासिक बदलाव को भी कलात्मक शैली में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस रचनात्मक मानचित्र की सराहना करते हुए कहा कि “श्री शिवकुमार निराला ने आंकड़ों और तथ्यों को इतनी सहज, सुंदर और विश्लेषणात्मक शैली में प्रस्तुत किया है कि यह कला-कृति राजनीति के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों—सभी के लिए उपयोगी दस्तावेज बन जाती है।” मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।

बिहार चुनाव 2025 : सीमा पर सट्टेबाजी का खेल: हार-जीत में उड़ रहे लाखों रुपये

फारबिसगंज भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में जनादेश से पहले धनादेश का खेल शुरू हो गया है । बिहार की राजनीति न सिर्फ अब मतदान के मैदान में बल्कि सट्टे के बाजार में भी अपनी किस्मत आजमा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान संपन्न हो चुके हैं और मतपेटियों में अब तक का सबसे बड़ा जनादेश कैद हो चुका है। जहां जनता का फैसला 14 नवंबर को खुलेगा, वहीं फारबिसगंज सहित सीमांचल से लेकर नेपाल और बंगाल की सीमा तक सट्टे का खेल अपने चरम पर है। सीमा पार नेपाल के विराटनगर और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी सहित फारबिसगंज, अररिया, पूर्णिया से लेकर कटिहार तक सट्टा बाजार खूब गर्म है। सटोरिए न सिर्फ हार-जीत पर बल्कि उम्मीदवारों के वोटों के अंतर पर भी लाखों का दांव लगा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि पहले आईपीएल और क्रिकेट मैचों पर दांव लगाते थे मगर अब खासकर व्यापार से जुड़े लोग चुनावी सट्टे के नए बाजार में सक्रिय हो गए हैं। मोबाइल एप्स और ऑनलाइन ग्रुप्स के ज़रिए युवा वर्ग भी इस का हिस्सा बन चुका है। फारबिसगंज और विराटनगर में सैकड़ों युवाओं के मोबाइल फोन पर यह राजनीतिक ट्रेडिंग चल रही है। सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ाई गई है, परंतु सट्टा कारोबार पूरी तरह भूमिगत नेटवर्क से संचालित हो रहा है। नेपाल की खुली सीमा और बंगाल की नज़दीकी के कारण एजेंसियों के लिए इसे रोक पाना मुश्किल साबित हो रहा है। सत्ता के लिए सट्टा—जनादेश से पहले धनादेश का खेल जनता का फैसला अभी ईवीएम में बंद है, पर सत्ता के सौदागर पहले ही अपने-अपने हिसाब से हार-जीत तय कर रहे हैं।बिहार की राजनीति अब न सिर्फ मतदान के मैदान में, बल्कि सट्टे के बाजार में भी अपनी किस्मत आज़मा रही है । जहां हर वोट की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। एनडीए की 200 पार पर ‘ठंडा’ बाजार, इंडिया गठबंधन पर हलचल तेज सट्टा बाजार के रुझानों के अनुसार बिहार में एनडीए को 125 से 135 सीटें, जबकि इंडिया गठबंधन को 100 से 120 सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि एनडीए के 200 पार के नारे पर सट्टा बाजार में खास उत्साह नहीं है। एक सटोरिए ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एनडीए की जीत पर तो भाव अच्छा चल रहा है, लेकिन 200 पार की बात पर कोई पैसा लगाने को तैयार नहीं। बाजार इसे अव्यावहारिक मान रहा है। इसके विपरीत, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव की जीत-हार पर सट्टा बाजार में जबरदस्त दांव लग रहे हैं। दोनों भाइयों की सीटों को हॉट सीट घोषित किया गया है, जहाँ मतों के अंतर पर लाखों रुपये का सट्टा लग चुका है। नेपाल के विराटनगर और बंगाल के सिलीगुड़ी बने सट्टे के अड्डे फारबिसगंज में भाजपा और कांग्रेस के बीच, अररिया में कांग्रेस-जदयू के बीच, नरपतगंज में भाजपा-राजद के बीच और धमदाहा में जदयू की लेसी सिंह और राजद प्रत्याशी पर भारी सट्टा चल रहा है। सहरसा, मधेपुरा और कटिहार की सीटों पर भी जीत-हार के अंतर पर हाई वैल्यू दांव लगाए जा रहे हैं। क्या कहते हैं अधिकारी फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने कहा कि इस तरह के धंधे पर प्रशासन की सख्त नजर है। सीमा पर भी पुलिस सक्रिय है। ऐसे सटोरियों की खैर नहीं है। जो इस तरह के धंधे को अंजाम दे रहे हैं ,पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जानकार बताते हैं कि सीमा पार नेपाल के विराटनगर स्थित मारवाड़ी अतिथि सदन के पास मंगलवार की शाम से ही सटोरियों की भीड़ जुट रही है। सूत्रों के अनुसार मतदान खत्म होते ही यहां राजनीतिक सट्टे की बड़ी मंडी सज गई। वहीं सिलीगुड़ी के एक होटल में भी करोड़ों रुपये के दांव खेले जा रहे हैं। राजस्थान से आए कुछ कारोबारी इस अवैध धंधे के प्रमुख संचालक बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कई भारतीय व्यापारी जो नेपाल में कारोबार करते हैं, वे भी इस राजनीतिक सट्टे में खास दिलचस्पी ले रहे हैं।

Vaishno Devi ट्रेन रूट में बदलाव! पंजाब से सफर करने वालों के लिए नई सूचना

जालंधर ट्रेनों की देरी के क्रम में विभिन्न ट्रेनों अपने निधार्रित समय से घंटों की देरी के साथ सिटी व कैंट स्टेशनों पर पहुंची जिसके चलते यात्रियों को लंबा इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा। इसी क्रम में 15707 आम्रपाली एक्सप्रैस जालंधर के अपने निधार्रित समय सुबह साढ़े 10 से 4 घंटे लेट रहते हुए दोपहर अढ़ाई बजे सिटी स्टेशन पर पहुंची। रि-शैड्यूल होकर देरी से चलने वाली अमृतसर क्लोन स्पैशल 04651 करीब 10 घंटे लेट रही। वहीं, अमृतसर से वैष्णों देवी कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस 26405/ 26406 बुधवार को भी रद्द रही और 13 नवम्बर को भी रद्द रहेगी। इसी तरह 14504 वैष्णों देवी कालका व 22461 श्री शक्ति सुपरफास्ट रद्द रही। वहीं आपको बता दें कि रेलवे द्वारा फिरोजपुर कैंट से दिल्ली जंक्शन के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रैस संख्या 26462/26461 का संचालन किया गया है। इस नई सेवा का शुभारंभ 8 नवंबर को फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से किया जा चुका है।   

छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: सुरक्षाबलों ने 6 नक्सलियों को किया ढेर, एक पर था 8 लाख का इनाम

रायपुर बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिज़र्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान छह नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए। इसमें ₹8 लाख का इनामी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना भी शामिल है, जो लंबे समय से इस क्षेत्र में हिंसा, भय और नक्सल गतिविधियों को संचालित कर रहा था। सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी सराहना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों की इस सफलता की सराहना करते हुए एक्स पर लिखा – बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान छह माओवादी न्यूट्रलाइज हुए हैं। इसमें आठ लाख रुपये का इनामी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना भी शामिल है। जिसके न्यूट्रलाइज होने से इस क्षेत्र में फैले माओवादी आतंक के एक लंबे अध्याय का अंत हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों की इस सफलता की सराहना करते हुए एक्स पर लिखा – यह उपलब्धि पुलिस बलों के उत्कृष्ट समन्वय, साहस और सटीक रणनीति का परिणाम है। लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में यह कार्रवाई एक निर्णायक पड़ाव है। उन्होंने कहा- छत्तीसगढ़ सरकार, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में, 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ इस मिशन को पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता से आगे बढ़ा रही है। राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां एकजुट होकर इस लड़ाई को निर्णायक अंत तक ले जाएंगी।

बढ़ती ठिठुरन ने बढ़ाई चिंता: मौसम विभाग ने रायपुर सहित कई इलाकों में दी चेतावनी

रायपुर छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर, पेण्ड्रारोड, राजनांदगांव, दुर्ग शीत लहर की चपेट में है. उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग ने आज उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीत लहर चलने की संभावना जताई है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसी के साथ ही सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. इन इलाकों में शीतलहर की चेतावनी प्रदेश के जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और कोरबा में एक दो पॉकेट में शीत लहर चलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन लगातार जारी है. इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. सरगुजा संभाग और उससे लगे जिले, राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में एक दो पैकेट्स में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी. वहीं 17 नवंबर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ में ठंड से कुछ राहत मिलने की सम्भावना बन रही है. प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके अलावा अगले एक सप्ताह तक वर्षा की सम्भावना नहीं है. रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम? राजधानी रायपुर मैं आज आकाश साफ रहने की संभावना बताई गई है. वही अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

ऐतिहासिक निर्णय: अब यूपी में महिलाओं को नाइट शिफ्ट पर डबल पेमेंट, सुरक्षा बंदोबस्त भी पुख्ता

लखनऊ  उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लिया है। इस नए फैसले के तहत अब यूपी में महिलाएं रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक फैक्ट्रियों और उद्योगों में काम कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें अपनी सहमति देनी होगी।     डबल सैलरी और सुरक्षा का वादा योगी सरकार द्वारा जारी नए आदेश में महिलाओं की सुरक्षा और हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। रात की शिफ्ट (शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक) में काम करने वाली महिला कर्मचारियों को सामान्य वेतन से डबल सैलरी दी जाएगी। ओवर टाइम की सीमा 75 घंटे से बढ़ाकर 144 घंटे प्रति तिमाही कर दी गई है, जिसके लिए भी सामान्य दर से डबल रेट पर भुगतान होगा। रात में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा गार्ड, CCTV निगरानी और Transport सुविधा अनिवार्य रूप से मुहैया कराई जाएगी। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को रात की शिफ्ट में काम करने से रोकने के बजाय उन्हें सुरक्षित माहौल में काम करने की सुविधा देना है। फैक्ट्री एक्ट में भी किया संशोधन महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्योगों को लचीलापन देने के लिए Factories Act, 1948 में संशोधन किया गया है। अब काम के घंटे 9 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे तक किए जा सकते हैं, बशर्ते हफ्ते में कुल कार्य घंटे 48 से अधिक न हों। यह आदेश केवल सामान्य उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि 29 श्रेणियों के जोखिमभरे उद्योगों पर भी लागू होगा। अब इन खतरनाक उद्योगों में भी महिलाएं अपनी सहमति से काम कर सकती हैं, लेकिन स्वास्थ्य और सुरक्षा के विशेष प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा। यूपी सरकार का यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ता है, जिससे उनकी रोजगार भागीदारी और आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार होगा।  

खेसारी लाल का बयान: जीत-हार नहीं, व्यवस्था सुधार मेरा लक्ष्य

पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने  के एक दिन पहले पहले भोजपुरी सुपरस्टार व छपरा विधानसभा सीट से RJD के प्रत्याशी खेसारी लाल यादव विंध्याचल धाम पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा मैं हमेशा से मां विंध्यवासिनी का दर्शन करते आ रहा हूं। मैं चुनाव के लिए मां का दर्शन करने नहीं आया हूं। फायदे के लिए अगर भगवान का पूजा करें तो कोई मतलब नहीं। RJD के छपरा से प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने कहा कि कल रिजल्ट क्या होगा , क्या नहीं होगा यह मेरे लिए विषय नहीं है। इस बार पलायन, बेरोजगारी तथा शिक्षा को लेकर लोगों ने वोट किया है। 70 प्रतिशत वोट पड़ना कोई आम बात नहीं है इसलिए, अधिक वोट पड़ना मतलब सरकार बदलती है। इस बार महा गठबंधन की सरकार बनेगी। मेरे लिए चुनाव जीतना मायने नहीं रखता है। जिस व्यवस्था के लिए मैं लड़ रहा था जब वह व्यवस्था सुधर जाएगी उस दिन मेरी जीत हो जाएगी। बता दें कि छपरा सीट से आरजेडी ने भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को चुनावी मैदान में उतारा था। वहीं एनडीए ने बीजेपी की छोटी कुमारी को मैदान में उतारा है। अब कल यानी शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को मतदान के बाद नतीजें सामने आएंगे।