samacharsecretary.com

शारदीय नवरात्रि में गोरक्षपीठाधीश्वर ने मां के चरणों में लगाई हाजिरी

गो माता को खिलाया गुड़, बच्चों से मिले, दी चॉकलेट मंदिर में आये श्रद्धालुओं का किया अभिवादन, व्यवस्थाओं का लिया जायजा लखनऊ गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को बलरामपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां पाटेश्वरी मंदिर में रात्रि विश्राम किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं व नवरात्रि मेले की तैयारियों की जानकारी ली।  इसके बाद गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार प्रातः तुलसीपुर में देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन, पूजन-अर्चन किए। मां की आरती उतारी। मुख्यमंत्री ने मां से सुखी, स्वस्थ व प्रसन्नचित्त उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री गोशाला गए, जहां उन्होंने गायों को गुड़ व चारा खिलाया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।  इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में आये श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। बच्चों को देखकर उनके पास पहुंचे और हालचाल जाना। फिर उन्हें चॉकलेट भी दी और खूब मन लगाकर पढ़ने को कहा। इस दौरान मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी मंदिर गोरखपुर के महंत रवींद्र दास भी मौजूद रहे।

मां बमलेश्वरी धाम: पार्किंग माफिया पर भारी कार्रवाई, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

डोंगरगढ़  नवरात्र मेले की भीड़ में मां बमलेश्वरी धाम पहुंचे श्रद्धालुओं की जेब पर डाका डालने वालों की अब खैर नहीं. डोंगरगढ़ में कुछ पार्किंग संचालक भक्तों से तय शुल्क से ज्यादा वसूली कर रहे थे. शिकायतें लगातार बढ़ीं तो प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया. एसडीएम एम. भार्गव और मुख्य नगर पालिका अधिकारी खिरोद भोई ने शनिवार देर शाम औचक निरीक्षण कर हकीकत का खुलासा किया. कई जगह भक्तों से ओवर रेट वसूला जा रहा था. एक पार्किंग स्थल पर तो हाल और भी शर्मनाक था—न रेट लिस्ट, न सीसीटीवी कैमरा. कार्रवाई के दौरान संचालकों पर जुर्माना लगाते हुए शोकॉज नोटिस जारी किया गया. अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि मां के दरबार में आए श्रद्धालुओं को ठगने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. मुख्य नगर पालिका अधिकारी खिरोद भोई ने कहा “निरीक्षण में शिकायतें सही पाई गई हैं. दोषी पार्किंग संचालकों पर जुर्माना लगाया गया है. नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई होगी.” आस्था के इस महापर्व में जहां लाखों भक्त मां बमलेश्वरी के चरणों में माथा टेक रहे हैं, वहीं श्रद्धालुओं की लूट पर गिरी यह गाज पार्किंग माफिया के लिए कड़ा सबक बन गई है.

विद्यार्थियों के लिए जरूरी अपडेट: आधार अभियान का दूसरा चरण अब अक्टूबर से

दूसरे चरण में 26 लाख विद्यार्थियों के किये जायेंगे आधार अपडेट भोपाल  प्रदेश में 26 लाख विद्यार्थी अब तक अपने आधार में आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट नहीं करा पाए हैं। अपडेट विद्यार्थियों के 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अनिवार्य होता है। आधार में नवीनतम बायोमेट्रिक दर्ज होने के बाद ही विद्यालय प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को सहज रूप से मिल सकेगा। विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईएडीएआई) और स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 अगस्त 2025 को ‘विद्यार्थी के लिए "आधार, अब विद्यालय के द्वार" अभियान प्रारंभ किया था। अभियान के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर लगाए गए थे। अब प्रदेश के सभी जिलों में एक अक्टूबर से इस अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ किया जा रहा है। दूसरे चरण में उन विद्यालयों को प्राथमिकता दी गई है, जहाँ सबसे अधिक विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट लंबित हैं। साथ ही, ऐसे बड़े विद्यालयों का भी चयन किया गया है, जिनके आसपास अन्य विद्यालय भी संचालित होते हैं, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। यूआईएडीएआई और शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के आधार का बायोमेट्रिक स्टेटस देखने के लिये यू-डाइस+ पोर्टल पर विशेष सुविधा विकसित की है। इसके माध्यम से विद्यालय आसानी से उन विद्यार्थियों की पहचान कर सकेंगे जिनका अपडेट लंबित है। अभियान के सफल संचालन के लिए 26 सितम्बर को जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, ब्लॉक रिसोर्स सेंटर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रशिक्षित किया गया। इससे पूर्व यूआईएडीएआई आधार ऑपरेटरों को भी प्रशिक्षित कर चुका है। विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यू-डाइस+ पोर्टल से लंबित विद्यार्थियों की सूची प्राप्त करें। सूची में शामिल विद्यार्थियों को पूर्व सूचना दें और शिविर के लिए रोस्टर तैयार करें। साथ ही, विद्यार्थियों को नजदीकी आधार सेवा केंद्रों में भी बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए प्रेरित करें।  

भारत एक्सप्रेस का धमाका: बिहार से चल रही है सबसे ज्यादा अमृत वाली ट्रेन!

पटना  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा में एक भव्य समारोह में ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह देश की 12वीं अमृत भारत एक्सप्रेस है। बिहार में वर्तमान में सबसे ज़्यादा 10 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं, और आने वाले दिनों में तीन और ट्रेनें शुरू होने वाली हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से राज्य के सामान्य और मध्यम वर्ग के यात्रियों को आधुनिक रेल यात्रा सुविधाएं किफायती दर पर मिलेंगी। बिहार से चलने वाली प्रमुख अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें     दरभंगा–आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस     सहरसा–लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस     राजेंद्रनगर टर्मिनल–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस     बापूधाम मोतिहारी–आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस     दरभंगा–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस     मालदा टाउन–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस     सीतामढ़ी–दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस     गया–दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस     जोगबनी–ईरोड–जोगबनी अमृत भारत एक्सप्रेस     सहरसा–छैहरटा (अमृतसर)–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस     मालदा टाउन–सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस     ब्रह्मपुर–उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस     मुज़फ़्फ़रपुर–चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (शीघ्र परिचालन)     छपरा–दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) अमृत भारत एक्सप्रेस (शीघ्र परिचालन)     दरभंगा–मदार (अजमेर) अमृत भारत एक्सप्रेस (शीघ्र परिचालन) इन ट्रेनों के परिचालन से बिहार देश के लगभग हर बड़े शहर से तेज़ और सुविधाजनक रूप से जुड़ जाएगा। क्यों खास है अमृत भारत एक्सप्रेस     अमृत भारत एक्सप्रेस उन ट्रेनों की श्रेणी में आती है, जो नॉन-एसी कोचों में भी विश्वस्तरीय सुविधा प्रदान करती हैं। इस ट्रेन के मुख्य आकर्षण हैं कवच सिस्टम, सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम। साथ ही इस ट्रेन के नॉन-एसी कोच में भी पहली बार फायर डिटेक्शन सिस्टम दिया गया है।     सुविधाजनक कोच: फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, आरामदायक सीटें, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स।     शौचालय और सफाई: इलेक्ट्रो–न्यूमेटिक फ्लशिंग, ऑटोमैटिक सोप डिस्पेंसर, दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय।     ट्रेन ऊर्जा की बचत करने वाली और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों से लैस है। साथ ही इसमें यात्रियों कि सुविधा के लिए फास्ट चार्जिंग पोर्ट, पेंट्री कार, टॉकबैक यूनिट और गार्ड रूम में रिस्पॉन्स यूनिट। मध्यम वर्ग और आम जनता के लिए बड़ी सौगात भारतीय रेलवे का दावा है कि अमृत भारत एक्सप्रेस के माध्यम से प्रति 1000 किलोमीटर केवल ₹500 में यात्रा संभव होगी। बिहार के लिए यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य से लोग शिक्षा, नौकरी और व्यापार के लिए देश के कई बड़े शहरों की ओर जाते हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों को न केवल सस्ता, बल्कि तेज और सुरक्षित सफर भी मिलेगा। यह मध्यम वर्ग के लिए यात्रा की लागत कम करने के साथ-साथ समय की बचत भी सुनिश्चित करेगा। देश कि रेल यात्रा में क्रांति लाएगी ये ट्रेन प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वंदे भारत और नमो भारत के बाद अमृत भारत ट्रेन देश की रेल यात्रा में एक नई क्रांति लाएगी। उन्होंने इसे “आधुनिकता और आत्मनिर्भर भारत की झलक” बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन बिहार और देश के अन्य हिस्सों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की नई परिकल्पना को साकार कर रही है। और भी रूटों पर चलेगी ट्रेन रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में बिहार से और भी रूटों पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य है कि राज्य के हर जिले और प्रमुख जंक्शन को आधुनिक रेल सुविधा से जोड़ा जाए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेनें न केवल आम जनता बल्कि पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के प्रति सजग तकनीक से भी लैस हैं।

बलरामपुरवासियों को 825.29 करोड़ की 124 परियोजनाओं के जरिए विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे सीएम योगी

256 करोड़ की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण, 568 करोड़ की 62 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास सड़क, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन विकास, सेतु, परिवहन समेत अनेक परियोजनाओं की देंगे सौगात  बलरामपुर/लखनऊ मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ जी द्वारा नवरात्रि में मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन के उपरांत जनपद को विकास की बड़ी सौगात देंगे। रविवार को मुख्यमंत्री यहां 825.29 करोड़ की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री बलरामपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक का लोकार्पण भी करेंगे। सड़क, पुल, शिक्षा, परिवहन, गृह, पुलिस आदि से जुड़ीं इन परियोजनाओं का लाभ मंडलवासियों को मिलेगा। रविवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारी की जा चुकी है।   जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री रविवार सुबह मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन-पूजन व गोसेवा के उपरांत जनपदवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  जनपदवासियों को शिक्षा क्षेत्र में बड़ी सौगात देंगे। सीएम ने 17 फरवरी 2020 में राजकीय पॉलीटेक्निक घुघुलपुर, बलरामपुर के भवन का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। 2029 लाख रुपये खर्च कर यह कार्य पूरा हो चुका है। रविवार को इसका लोकार्पण किया जाएगा।  256 करोड़ से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे सीएम योगी  मुख्यमंत्री 256 करोड़ से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के आवासीय भवनों के लिए टाइप-4 के छह आवास, टाइप-3 के 12 आवास व टाइप-2 के 12 आवासों का लोकार्पण करेंगे। बलरामपुर में ट्रांजिट हॉस्टल का भी शुभारंभ करेंगे। राजकीय आईटीआई बेलीकलान तुलसीपुर व विशुनपुर विश्राम में 100-100 सीटेड महिला व पुरुष छात्रावास का लोकार्पण भी करेंगे। थाना कोतवाली देहात, थाना पचपेड़वा, थाना महराजगंज व हरैया में हास्टल, बैरक व विवेचना कक्ष की भेंट देंगे। इसके अलावा बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में ओपीडी, गैसड़ी के कार्यालय भवन का निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। चाउरखाता मंदिर स्थल का पर्यटन विकास व देवीपाटन मंदिर में फसाड लाइटिंग कार्य का भी शुभारंभ होगा।   568 करोड़ की 62 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास तुलसीपुर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, उन्हें जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ओवरब्रिज का भी शिलान्यास करेंगे। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लिए फोरलेन मार्ग के निर्माण का शिलान्यास करेंगे। 261 करोड़ रुपये से 1.75 किमी. लंबे इस फोरलेन कार्य का जल्द ही शुभारंभ हो जाएगा।  घुघुलपुर में बस स्टेशन का होगा निर्माण, बरात घर, निर्माण कार्य का भी होगा शिलान्यास बलरामपुर के उतरौला तहसील में टाइप 3 के चार आवासीय भवन व राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, बालापुर बलरामपुर में शिक्षक व शिक्षणेत्तर कार्मिकों के कुल 15 आवासों के निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री बलरामपुर के घुघुलपुर में बस स्टेशन के निर्माण के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही राजकीय नवीन हाईस्कूल लौकीखुर्द, त्रिलोकपुर, रेहराचौकी का भी शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम परिसर में कंप्यूटर व सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास करेंगे। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालाय दत्तगंज, उतरौला, रेहरा बाजार में भी शैक्षणिक भवन व छात्रावास ब्लॉक की सौगात देंगे। इसके अलावा गैसड़ी में बरात घर, उतरौला ग्रामीण छिपिया में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की नींव रखेंगे।

पटना का रेल कनेक्शन मजबूत: अमृत भारत ट्रेनें जोड़ेंगी राजस्थान और तेलंगाना, 3 नई पैसेंजर ट्रेनें

पटना रेल मंत्रालय ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की घोषणा की है। एक ट्रेन बिहार के दरभंगा से राजस्थान के अजमेर तक का सफर कराएगी। दूसरी ट्रेन बिहार के मुजफ्फरपुर से तेलंगाना के हैदराबाद तक का सफर कराएगी। इन दोनों ट्रेनों का फायदा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों को भी मिलेगा। इसके अलावा, रेलवे ने बिहार की राजधानी पटना में लोकल ट्रेनों के नए रेलवे स्टेशन की शुरुआत से पहले पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ा दी है। दरभंगा से अजमेर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन की घोषणा की गई है।  उद्घाटन ट्रेन दरभंगा से 29 सितंबर को खुलेगी। दरभंगा के बाद कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, बगहा, पनियहवा, सिसवा बाजार, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, बाराबंकी, गोमती नगर लखनऊ, बादशाह नगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, फफूंद, इटावा, टूंडला, ईदगाह आगरा, बिठूर, जयपुर के रास्ते अजमेर तक जाएगी। यह ट्रेन कब से रेगुलर चलेगी, इसकी जानकारी अभी नहीं आई है। मुजफ्फरपुर से हैदराबाद के लिए भी नई अमृत भारत ट्रेन दी गई है। उद्घाटन वाली ट्रेन मुजफ्फरपुर से 29 सितंबर को चलेगी। इसके बाद यह ट्रेन 14 अक्टूबर से मुजफ्फरपुर से शुरू होगी। हैदराबाद के चारलापल्ली स्टेशन से यह ट्रेन 16 अक्टूबर को पहली बार चलेगी। ट्रेन नंबर 15293 मुजफ्फरपुर सुबह 10:40 में यह ट्रेन खुलेगी। यहां से हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, न्यू वेस्ट केबिन, प्रयागराज छिवकी, मनिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, जुझारपुर केबिन, नागपुर, बलहरशाह, सिरपुर कागजनगर, बेलमपल्ली, रामगुंडम, पेडापल्ली, काजीपेट होते हुए चरलापल्ली तक जाएगी। 14 अक्टूबर को यह मुजफ्फरपुर से चलेगी। उसके साथ ही हर मंगलवार को यह मुजफ्फरपुर से खुलेगी। लौटते समय 16 अक्टूबर से हर गुरुवार को ट्रेन नंबर 15294 चारलापल्ली से खुलेगी। इस ट्रेन की शुरुआत के साथ ही ट्रेन नंबर 05293 का 14 अक्टूबर से मुजफ्फरपुर चरलापल्ली स्पेशल ट्रेन का परिचालन बंद हो जाएगा। 16 अक्टूबर से चरलापल्ली मुजफ्फरपुर स्पेशल का भी परिचालन बंद हो जाएगा।  

इन्वेस्ट यूपी पवेलियन में निवेशकों और एमएसएमई प्रतिनिधियों ने लिया मार्गदर्शन

यूपीआईटीएस 2025 सीएम युवा पवेलियन युवाओं के लिए बना व्यावहारिक बिज़नेस सीखने का मंच ग्रेटर नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2025 में इन्वेस्ट यूपी पवेलियन व्यापारिक संवाद और निवेश की संभावनाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यह पवेलियन निवेशकों, उद्यमियों और एमएसएमई प्रतिनिधियों को आकर्षित कर रहा है, जो उत्तर प्रदेश में निवेश, क्षेत्रीय नीतियों, प्रोत्साहन योजनाओं, भूमि उपलब्धता और ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। राज्य की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी के रूप में, इन्वेस्ट यूपी व्यवसाय स्थापित करने या विस्तार करने के इच्छुक लोगों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। इसके संवादात्मक सत्र और सक्रिय सहभागिता राज्य की नवाचार, उद्यमिता और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। ओडीओपी और स्थानीय हस्तशिल्प ने खींचा ध्यान 25–29 सितंबर तक चल रहे इस शो में ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) पहल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मिर्जापुर के कालीन, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच का समान, कन्नौज का इत्र और बनारस की साड़ी जैसी उत्कृष्टता वाले उत्पाद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। राज्य के स्थानीय उत्पादों की यह झलक न सिर्फ उनकी कला और कौशल को प्रदर्शित करती है, बल्कि उद्यमियों और निवेशकों के लिए व्यावसायिक अवसर भी खोलती है। सीएम युवा पवेलियन: युवाओं के लिए लॉन्चपैड सीएम युवा पवेलियन ने युवाओं के लिए व्यावहारिक बिज़नेस मॉडल, मेंटरशिप, फंडिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें प्रेरित किया। यह पवेलियन युवा उद्यमियों के लिए सीखने और नेटवर्किंग का मंच बनता जा रहा है, जो उन्हें भविष्य में अपने व्यवसाय को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा और साधन प्रदान करता है। UPITS 2025 के तीसरे संस्करण ने राज्य की औद्योगिक, सांस्कृतिक और उद्यमशीलता शक्ति को प्रदर्शित करते हुए यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश निवेशकों, युवा उद्यमियों और वैश्विक कारोबारियों के लिए तेजी से विकसित हो रहा है।

पढ़ाई का नया शेड्यूल: पंजाब के स्कूलों ने बदला समय, माता-पिता और छात्रों के लिए जरूरी जानकारी

चंडीगढ़ मौसम में बदलाव को देखते हुए पंजाब में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। 1 अक्टूबर से स्कूल नए समय पर खुलेंगे। यह आदेश केवल अक्टूबर महीने के लिए है, जिसके बाद एक बार फिर स्कूलों के समय में बदलाव किया जाएगा। जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर से राज्य के सभी प्राथमिक स्कूल सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक खुलेंगे। इसी तरह, सभी मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक खुलेंगे। यह आदेश 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक लागू रहेगा। 1 नवंबर से फिर बदलेगा समय 1 नवंबर से स्कूलों के समय में फिर बदलाव किया जाएगा। फिर सभी प्राइमरी स्कूल सुबह 9 बजे खुलेंगे और दोपहर 3 बजे छुट्टी होगी। इसी तरह, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक रहेगा। यह आदेश 1 नवंबर से 28 फरवरी तक लागू रहेगा। 

खदान में मधुमक्खियों के झुंड का हमला, 11 मजदूर घायल

बालोद दल्ली राजहरा बीएसपी माइंस में रविवार सुबह मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. ड्यूटी पर पहुंचे कई कर्मचारी घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए बीएसपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के मुताबिक, भिलाई स्टील प्लांट की खदान में जनरल शिफ्ट के कर्मचारी आज सुबह जैसे ही माइंस गेट के पास पहुंचे. मधुमक्खियों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया. घटना के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. मधुमक्खियों के हमले में 11 कमर्चारी घायल हुए हैं. अस्पताल में इलाज जारी सभी घायल कर्मचारियों को दल्ली राजहरा स्थित बीएसपी अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टर्स की निगरानी में घायलों का इलाज जारी है.

ओडीओपी पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, दूसरे दिन 46 हजार लीड्स और ₹20.77 करोड़ के हुए सौदे

यूपीआईटीएस 2025  सीएम युवा कॉन्क्लेव ने बढ़ाया जोश, तीन दिन में 5.5 हजार बिजनेस पूछताछ और 101 बी2बी बैठकें संपन्न नीति दिवस पर कृषि व ग्रामीण विकास केंद्रित, फूड प्रोसेसिंग और ब्लू रिवोल्यूशन को मिला बल खादी फैशन शो ने खादी को दी आधुनिक पहचान, परंपरा और फैशन का संगम बना आकर्षण सांस्कृतिक संध्या में लोकगायन और नृत्यों ने बांधा समां, मालिनी अवस्थी के सुरों से हुआ भव्य समापन ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस 2025) के तीसरे दिन शनिवार को प्रदर्शनी स्थल पर रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। कुल 1,25,204 आगंतुकों ने ट्रेड शो का हिस्सा बनकर इसकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। इनमें 35,368 बी2बी और 89,836 बी2सी आगंतुक शामिल रहे। कुल मिलाकर इन तीन दिनों में 2.65 लाख से ज्यादा विजिटर्स, 76 हजार से ज्यादा बी2बी बायर्स और 1.89 लाख से ज्यादा बी2सी विजिटर्स इस मेगा इवेंट का हिस्सा बन चुके हैं। इससे यह साबित हो गया कि यूपीआईटीएस 2025 अब भारत के सबसे बड़े राज्य-नेतृत्व वाले व्यापार मंचों में शुमार हो चुका है।  सबसे खास उपलब्धि रही अंतरराष्ट्रीय खरीदार-विक्रेता बैठक, जिसे फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (FIEO) ने आयोजित किया। इस मंच पर सीमा-पार सहयोग की नई राहें खुलीं और उत्तर प्रदेश सहित देशभर के निर्यातकों को वैश्विक खरीदारों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। परिणामस्वरूप 288 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए जिनकी कुल व्यावसायिक राशि ₹89 करोड़ रही। इसने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। ओडीओपी पवेलियन में 46 हजार से ज्यादा मिलीं लीड्स  ओडीओपी पवेलियन, जहां 466 स्टॉल संचालित हुए, विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पहले दिन अपेक्षाकृत मामूली कारोबार हुआ, लेकिन दूसरे दिन आंकड़े अभूतपूर्व उछाल पर पहुंचे। 11,305 विज़िटर्स से 46,005 लीड्स उत्पन्न हुईं और कुल ₹20.77 करोड़ के सौदों पर सहमति बनी। यह वित्तीय प्रतिबद्धता पहले दिन की तुलना में कई गुना अधिक थी और इसने यूपी के उद्यमिता व निर्यात की क्षमता को उजागर किया। डिजिटल सशक्तिकरण और निर्यात संर्वधन पर गहन चर्चा तीसरे दिन के सत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण और निर्यात संवर्धन पर गहन चर्चा हुई। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स द्वारा आयोजित “ई-कॉमर्स: भारतीय निर्यात के लिए नई सीमा” विषयक सत्र ने दिखाया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म किस प्रकार छोटे और मध्यम उद्यमों को वैश्विक मंच पर ला सकते हैं। इसमें औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने भाग लिया। राकेश सचान ने समानांतर रूप से “लोकल से ग्लोबल” विषयक सत्र की अध्यक्षता की, जिसमें ओडीओपी की ताकत और वैश्विक स्तर पर इसकी संभावनाओं को सामने रखा गया। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर जिले के विशिष्ट उत्पाद को विश्व मानचित्र पर स्थापित किया जाए और इसके लिए डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। सीएम युवा में तीन दिन के अंदर 5.5 हजार से ज्यादा बिजनेस पूछताछ  यूपीआईटीएस 2025 में आयोजित सीएम युवा कॉन्क्लेव तीसरे दिन का एक और बड़ा आकर्षण रहा। इस मंच ने युवाओं को उद्यमिता की दिशा में न केवल प्रेरित किया बल्कि उनके विचारों को आकार देने का अवसर भी दिया। पहले तीन दिनों में कुल 5,525 बिज़नेस पूछताछ दर्ज हुईं, जिनमें से अकेले तीसरे दिन ही 2,200 पूछताछ सामने आईं। इस दौरान 101 बिज़नेस-टू-बिज़नेस बैठकें आयोजित की गईं और 39 बिज़नेस प्रेज़ेंटेशन युवाओं ने निवेशकों और मेंटर्स के सामने दिए। तीन दिनों में 3,500 पंजीकरण प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि यह मंच युवाओं के लिए नेटवर्किंग और निवेश का सशक्त साधन बन चुका है। ग्रामीण विकास और कृषि आधारित उद्योगों पर विशेष फोकस  तीसरे दिन ग्रामीण विकास और कृषि आधारित उद्योगों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने “उत्तर प्रदेश की फूड बास्केट का लाभ उठाना” विषय पर चर्चा की और राज्य की खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के उद्देश्यों को रेखांकित किया। इसका मकसद आपूर्ति श्रृंखला का औद्योगीकरण, फार्म-टू-मार्केट लिंकेज को मजबूत करना और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना है। इसी क्रम में मत्स्य पालन विभाग ने “ब्लू रिवोल्यूशन” के तहत जलीय कृषि की संभावनाओं को सामने रखा। उत्तर प्रदेश के विशाल जल संसाधनों का उपयोग करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रोटीन आपूर्ति और रोजगार सृजन को बढ़ाने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। खादी फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बटोरी सुर्खियां तीसरे दिन का सबसे बहुप्रतीक्षित आकर्षण था खादी फैशन शो। इस आयोजन ने खादी को केवल पारंपरिक कपड़े के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक परिधान और स्थायी फैशन के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। शो ने खादी को ‘राष्ट्र के वस्त्र’ से ‘फैशन के वस्त्र’ में बदलने का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री राकेश सचान ने भाग लिया और खादी के वैश्विक महत्व को रेखांकित किया। शाम का समय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। कथक की शास्त्रीय सुंदरता, थारू और बधावा नृत्यों की जीवंतता और लोकगायन की भावपूर्ण गूंज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पद्मश्री मालिनी अवस्थी के सुरमयी गायन ने न केवल दिन का, बल्कि पूरे तीन दिवसीय आयोजन का भव्य समापन किया।