samacharsecretary.com

बठिंडा की एक स्थानीय अदालत ने दोहरे बम विस्फोट मामले में युवक को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

फिरोजपुर बठिंडा की एक स्थानीय अदालत ने 19 वर्षीय एक युवक को बृहस्पतिवार को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जिसे उसके गांव स्थित उसके घर पर हुए दोहरे बम विस्फोट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। जीदा गांव का कानून का छात्र गुरप्रीत सिंह 10 सितंबर को अपने घर में कुछ ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ इकट्ठा करते समय घायल हो गया था। उसे पर यह भी आरोप है कि वह ऑनलाइन कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करता था। गुरप्रीत को एम्स बठिंडा से छुट्टी मिलने के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। उसे बठिंडा की अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जिला पुलिस प्रमुख अमनीत कोंडल ने कहा कि सेना का एक बम निरोधक दल भी घटनास्थल का निरीक्षण करेगा। इस मामले के पाकिस्तान से किसी संबंध के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा कोई संबंध सामने नहीं आया है।

स्विमिंग स्टार वंश सुहाग ने 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 में किया गोल्ड पर कब्ज़ा

रोहतक  महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय (एमडीयू) के यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने जबरदस्त जोश और दमखम का प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में मौजूद विद्यार्थियों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन सचिव मनोज हुड्डा के ने बताया कि 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 वर्ग में डीपीएस वसंत कुंज, नई दिल्ली के वंश सुहाग ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में जैन हेरिटेज स्कूल, केमपापुरा के शरण एस ने पहला स्थान पाया जबकि अंडर-14 वर्ग में उसी स्कूल के श्रेयस सुनील शीर्ष पर रहे। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में बेंगलोर किड्स हाई के चेतन नागराजा (अंडर-14), एयर फोर्स स्कूल हेब्बल के शैलेश किन्नी (अंडर-17) और डीपीएस साउथ के यश एच. पाल (अंडर-19) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रिले मुकाबलों में डीपीएस शारजाह, शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर और जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा ने शानदार तालमेल दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। कुल अंकों के आधार पर जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा 48 अंकों के साथ शीर्ष पर, डीपीएस साउथ 30 अंकों के साथ दूसरे और शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर 19 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ग्रुपवार नतीजों में अंडर-19 में यश एच. पाल (डीपीएस साउथ), अंडर-17 में शैलेश किन्नी (एयर फोर्स स्कूल हेब्बल), अंडर-14 में चेतन नागराजा (बैंगलोर किड्स हाई) और अंडर-11 में योगानिथी (सेंट बरीटोज एकेडमी, चेन्नई) अव्वल रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को डीन, सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कैंपस स्कूल निदेशिका प्रो. सुनीता सैनी, आयोजन सचिव मनोज हुड्डा, इंचार्ज विवेक कौशल, सीबीएसई आब्जर्वर जगदीप सिंह आहलूवालिया, तकनीकी डेलीगेट सुरेश देसवाल सहित आयोजन समिति सदस्य मौजूद रहे।

रायपुर : महानदी परियोजना लवन शाखा नहर के कार्यों के लिए 9 करोड़ रूपए से अधिक राशि स्वीकृत

रायपुर छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा रायपुर जिले के आरंग विकासखण्ड की महानदी परियोजना के अंतर्गत लवन-शाखा नहर के वितरक शाखा क्रमांक-एक के कोण्डापार माईनर, रसौटा एवं केसला माईनर के रिमॉडलिंग, सी.सी. लाईनिंग और पुनःनिर्माण, जीर्णोद्धार कार्य के लिए 9 करोड़ 6 लाख 68 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के कार्य पूर्ण होने पर योजना की रूपांकित सिंचाई 1953.28 हेक्टेयर में 462.61 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। योजना के कार्यों को कराने जल संसाधन मंत्रालय महानदी भवन से मुख्य अभियंता महानदी परियोजना जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

गरबा में गैर-हिंदू युवाओं की एंट्री पर सख्त रामेश्वर शर्मा, कहा – अगर आना है तो माता-पिता को भी लाएं साथ

भोपाल  मध्य प्रदेश में नवरात्रों से पहले अब गरबा की 'सनातनी क्रांति' शुरू हो गई है. गरबा उत्सव कार्यक्रमों में गैर हिंदुओं के प्रवेश को बेन करने को लेकर हिंदू संगठन से लेकर विधायक तक सामने आ गए है. हिंदू संगठनों ने गरबा संचालकों से कहा है गरबा पंडाल के बाहर वराह अवतार की फोटो लगाकर उसकी पूजन कर ही लोगों को प्रवेश दें जिससे गैर हिंदू प्रवेश न कर सके. दरअसल, प्रदेश में 'लव जिहाद', 'लैंड जिहाद', 'धर्म जिहाद' की खबरों के बीच अब हिंदू संगठन और भाजपा के विधायक 'गरबा जिहाद' रोकने की बात कर रहे हैं. नवरात्रि के पहले ही गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर एमपी में अब जमकर राजनीति शुरू हो गई है. हिंदू संगठन सख्त विरोध कर रहे हैं किसी भी कीमत पर गैर हिंदुओं को पंडालों में प्रवेश न दिया जाए नवरात्रि और गरबा में दूसरे धर्मों के लोगों की एंट्री को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, ''गरबे में गैर हिंदुओं का प्रवेश नहीं होना चाहिए, अगर आना है तो अपनी मां को अपनी अम्मी, बहन, मौसी, अब्बा और चच्चा को लेकर आओ. देवी का प्रसाद खाओ. आशीर्वाद लो और हिंदू धर्म स्वीकार करो.'' नवरात्रि का पर्व आने वाला है. 22 सितंबर से यह पर्व शुरू होगा. हिंदू मां दुर्गा के 9 रूपों की उपासना करते हैं. नवरात्रि पर गरबे का बड़ा महत्व होता है. जगह-जगह गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है लेकिन राजधानी भोपाल में इसपर एक अलग ही तरह का विवाद छिड़ा हुआ है. गरबे में भाईजान की एंट्री को लेकर एक तरफ हिंदू संगठन चेतावनी दे रहे हैं कि कोई भी गैर-हिंदू गरबे में दिखाई दिया, तो उसे बजरंग दल की शैली में जवाब दिया जाएगा. वहीं भाजपा नेता भी अलग-अलग बयान दे रहे हैं. भाजपा विधायक ऊषा ठाकुर ने कहा कि यह सनातन का पर्व है. मां शक्ति की उपासना की जाती है. इस्लाम को मानने वाले मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखते हैं. वे लोग हमारे त्योहारों में आते ही क्यों हैं और अगर आना हैं, तो सनातन अपना लो, जनेऊ धारण करो. इतना ही नहीं, भाजपा विधायक ने आगे कहा कि चार-पांच पीढ़ी ऊपर देखेंगे, तो इनके पूर्वज भी सनातनी ही निकलेंगे. 'मुसलमान गरबे में जाता ही क्यों है?' वहीं, 'भाईजान' की एंट्री पर पाबंदी लगाने के बयानों के बाद कांग्रेस के मुस्लिम विधायक भी सामने आए. भोपाल मध्य सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा, ''मुसलमान गरबे में जाता ही क्यों है? उसे नहीं जाना चाहिए. बाकी बीजेपी को हर त्योहार से पहले विवाद खड़ा करने की आदत है.  नवरात्रि से पहले मध्य प्रदेश की सियासत में गरबा पर सियासी संग्राम छिड़ गया है. बीजेपी नेताओं ने गरबा पंडालों में दूसरे धर्म के लोगों पर बैन लगाने की मांग की है. भोपाल से बीजेपी सांसद आलोक शर्मा ने पंडालों में भाईजान की एंट्री पर बैन लगाने की बात कही, तो इंदौर से बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि आयोजक गरबा पंडालों में एंट्री से पहले आईडी चेक करें. विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि नवरात्रि पर घर वापसी अभियान चला रहे हैं. हम तो अब सनातन का प्रचार-प्रसार तेजी से बढ़ा रहे हैं. गरबे में कोई भी आए, आपत्ति नहीं है. जो लोग ईसाई, मुसलमान बन गए हैं, अगर वे सनातन धर्म में वापसी करते हैं, तो कोई दिक्कत नहीं है. अकेले लड़के क्यों आ रहे हैं, अपनी बहन, अब्बा-अम्मी को भी लेकर आएं. वे आएं, उन्हें गंगाजल पिलवाएंगे. जय श्रीराम, जय गुरुनानक के नारे लगवाएंगे. दुर्गा जी की आरती करवाएंगे. तिलक लगाएंगे. कब तक दूर-दूर रहेंगे, आ जाएं सभी लोग, सनातन में उनका स्वागत है. वहीं गरबा को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि बीजेपी नेता त्योहारों से पहले जान-बूझकर इस तरह की बयानबाजी करते हैं. भाजपा के लोग माहौल खराब करने के लिए बयानबाजी करते हैं. जब मुस्लिम गरबे में जाता ही नहीं है, उसका गरबे से कोई लेना-देना ही नहीं है, नवरात्रि मनाता ही नहीं है, तो फिर क्यों हम धर्म परिवर्तन कर लें. बीजेपी अभियान चलाए, परिचय पत्र चेक करें, आधार चेक करें. सरकार आपकी है, कानून आपका है, अगर कोई जान-बूझकर ऐसा करता है और गरबा कार्यक्रम में घुसता है, तो उसपर कार्रवाई कीजिए. माहौल बनाने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जाती है. हमारा गरबे से कोई लेना-देना नहीं है. मुस्लिम समाज को कोई समिति आमंत्रण नहीं भेजती है. मुस्लिमों को भी गरबे में नहीं जाना चाहिए. जबा मना है, तो नहीं जाना चाहिए. बताते चलें कि खंडवा में इस बार नवरात्रि पर गरबा कार्यक्रमों में न फिल्मी गाने बजेंगे और न ही महिलाएं बैकलेस ड्रेस पहन सकती हैं. गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर भी बैन लगाया गया है. आयोजक खुद सुरक्षा इंतजाम करेंगे. संस्कृति, देशभक्ति और नारी शक्ति पर फोकस रहेगा. हिंदू संगठनों ने कहा कि अगर सनातन धर्म के त्योहारों का मजाक बना, तो जिसकी करनी होगी, वही भुगतेगा.  

मध्य प्रदेश में मानसून एक्टिव! भोपाल से इंदौर तक आज होगी बारिश, चार दिन तक बना रहेगा मौसम का मिजाज

भोपाल  मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वर्तमान में पूर्वी बिहार और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मराठवाड़ा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है।अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश में वर्षा हो रही है। अगले 4 दिन तक हल्की बरसात का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान 25 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।  एक बार फिर शुरू होगा तेज बारिश का दौर मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून की विदाई के दौरान भी पूरे प्रदेश में तेज बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल 4 दिन तक तेज बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि, गुरुवार को दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की एक्टिविटी प्रदेश में रही। इस वजह से कुछ जिलों में बारिश का दौर चला। शुक्रवार को सिस्टम कमजोर पड़ सकता है। जिससे तेज बारिश का दौर थम सकता है। इधर मानसून की वापसी भी होने लगी है। आधे राजस्थान से मानसून लौट चुका है। वहीं, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों से भी मानसून लौटा है। गुरुवार को भी कई जिलों से मानसून लौट गया। यदि वापसी ही यही रफ्तार रही तो एमपी के भी कई जिलों में ऐसी स्थिति बन सकती है। मध्य प्रदेश में अब तक 43.2 इंच बारिश दर्ज मध्यप्रदेश में अब तक औसत 43.2 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 35.8 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 7.4 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया है। इस सीजन में इंदौर और उज्जैन संभाग की स्थिति ठीक नहीं है। यहां सबसे कम पानी गिरा है। सबसे कम बारिश वाले टॉप-5 जिलों में बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन और शाजापुर शामिल हैं। 

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पहुंचा जैसलमेर तक, 50 लोगों को मिली पहली किश्त – आप कैसे करें आवेदन?

जैसलमेर  प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत अंगीकार अभियान व योजना 2.0 की प्रथम वर्षगांठ शुक्रवार को नगर परिषद परिसर में आवास दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर 50 लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में कुल 25 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। विधायक छोटू सिंह भाटी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह और अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम ने लाभार्थियों को सांकेतिक चेक सौंपे। आयुक्त नगर परिषद ने बताया कि योजना के अंतर्गत किश्तों का वर्गीकरण तय किया गया है। पात्र आवेदकों को समय-समय पर किस्तों में राशि दी जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र परिवारों से योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने की अपील की। कार्यक्रम में अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने देखा। इस मौके पर आवास प्रभारी सुशील कुमार यादव, नवदीप सिंह नाथावत सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कौन कर सकता है आवेदन? -शहरी क्षेत्र में रहने वाले परिवार, जिनके पास पक्के घर नहीं हैं। -बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) और ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) से जुड़े परिवार। -निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग के लोग, जिनकी वार्षिक आय 18 लाख रुपये तक है। -ऐसे परिवार जिनके नाम पर पहले से कोई पक्का मकान या सरकारी आवासीय योजना का लाभ न लिया गया हो। आवेदन कैसे करें? -इच्छुक आवेदक pmaymis.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। -आवेदन के लिए आधार कार्ड, पहचान पत्र, परिवार की आय का प्रमाण, बैंक पासबुक और निवास प्रमाण-पत्र जरूरी होगा। -नगर परिषद या शहरी निकाय कार्यालय में भी पात्र लोग आवेदन जमा कर सकते हैं, जहां फॉर्म भरने और जानकारी देने की सुविधा उपलब्ध है।

अब नेताओं के घर भी होंगे हाई-टेक, स्मार्ट मीटर से घटेगा बिजली बिल का झंझट

चंडीगढ़ हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने प्रदेश में बिजली क्षेत्र को आधुनिक बनाने की बड़ी घोषणा की है। विज ने बताया कि प्रथम चरण में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे और शुरुआत सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों, विधायक, सांसद, मंत्रियों और मुख्यमंत्री आवासों से होगी। इसके बाद योजना आम उपभोक्ताओं तक विस्तारित होगी। मंत्री ने कहा कि जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। सोसायटीज में भी हर उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर देने पर विचार चल रहा है। विज ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह मोबाइल उपभोक्ता प्रीपेड या पोस्टपेड चुनते हैं, उसी तरह बिजली उपभोक्ता भी अपनी सुविधा अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। प्रदेश में बिजली डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर करीब 7500 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। विज ने बताया कि इस वसूली को लेकर जल्द ही अधिकारियों की विस्तृत बैठक बुलाई जाएगी। बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा – मैंने पहले ही निर्देश दिए थे कि तीन माह के भीतर वसूली की प्रगति की समीक्षा होगी। अब सभी अधीक्षण अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी। विज ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी भवनों और संस्थानों में बकाया भुगतान टालने वालों पर भी कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। गांवों में सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता ऊर्जा मंत्री ने बताया कि गांवों में सोलर पावर हाउस स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। भूमि की पहचान कर ली गई है और इसे पायलट आधार पर शुरू किया जाएगा। हाल ही में उत्तर भारत के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में इस विचार को व्यापक समर्थन मिला। विज ने कहा – यदि हर गांव के लोड के हिसाब से सोलर पावर हाउस स्थापित किया जाए तो गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और प्रदेश बिजली उत्पादन में सरप्लस स्थिति तक पहुंच सकता है। पंचायत भूमि पर सोलर पावर हाउस बिजली मंत्री विज ने बताया कि अंबाला की एक पंचायत ने अपनी भूमि पर सोलर पावर हाउस लगाने का प्रस्ताव दिया है। विज ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस योजना लेकर आएगी।

इंदौर में मेट्रो का ट्रायल फिर शुरू: इस बार 4 KM तक दौड़ी ट्रेन, पिछली बार तय किए थे 6 KM

इंदौर  इंदौर में  सुबह मेट्रो ट्रेन का सफर आगे बढ़ा है। दो साल पहले छह किलोमीटर का ट्रायल रन हुआ था। अब चार किलोमीटर तक ट्रेन को चलाया गया। अब तक कुल दस किलोमीटर से ज्यादा का ट्रायल रन हो चुका है। आने वाले दिनों में गांधी नगर स्टेशन से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो का 17 किलोमीटर तक ट्रायल रन होगा।  मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन एमआर-10 बस स्टेशन तक होना था, लेकिन एक किलोमीटर पहले ही ट्रेन फिर लौट गई। पहली बार ट्रेन ने दस किलोमीटर तक का सफर तय किया। इस कारण ट्रेन की गति दस किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई। अब धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाकर ट्रायल रन किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा विशेषज्ञों से चार किलोमीटर तक के रन की अनुमति मिली थी। इससे पहले अफसर 17 किलोमीटर तक ट्राॅली रन भी चार बार कर चुके है।  सालभर बाद रेडिसन चौराहा तक होगा संचालन अभी मेट्रो का संचालन छह किलोमीटर हिस्से में हो रह है,लेकिन यह आबादी क्षेत्र नहीं है। इस कारण मेट्रो को अब ज्यादा यात्री नहीं मिल रहे है। शुरुआती दिनों में मेट्रो ट्रेन को देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। अब तक दो लाख से ज्यादा यात्री मेट्रो में सफर कर चुके है, लेकिन अब यात्री नहीं मिल रहे है। अगले साल तक मेट्रो के संचालन का लक्ष्य रेसिसन चौराहे तक करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां तक मेट्रो चलेगी तो यात्री संख्या भी बढ़ेगी,क्योकि विजय नगर, सुखलिया ग्राम व आसपास से सुपर काॅरिडोर की आईटी कंपनियों व काॅलेजों में कर्मचारी व विद्यार्थी जाते है, हालांकि अब पांच से ज्यादा मेट्रो स्टेशनों का काम बाकी है। उसे जल्दी पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

ED का खुलासा: ‘BIG BOSS’ वॉट्सएप ग्रुप के जरिए घोटालों की प्लानिंग, चैतन्य के लिए पप्पू और सौम्या के लिए दीपेंद्र पहुंचाते थे पैसा

रायपुर  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताजा चार्जशीट ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। कोर्ट में पेश चार्जशीट में दावा किया गया है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 'बिग बास ग्रुप' नामक एक संगठित गिरोह सक्रिय था, जिसमें बड़े अधिकारी, कारोबारी, नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल और उनके करीबी मित्र शामिल थे। यह नेटवर्क शराब, कोयला और ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसे अवैध कारोबार से अरबों रुपये की कमाई के साथ-साथ अधिकारियों के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचता था। चार्जशीट में दर्ज चैट्स और दस्तावेजों से ईडी का कहना है कि यह गैंग फिल्मी स्क्रिप्ट और मनगढ़ंत कहानियों का सहारा लेकर अफसरों की छवि को खराब करने में लगा था। खासकर एक विवादित आइपीएस की 'कल्पनाओं पर आधारित डायरी' को हथियार बनाकर ईमानदार अधिकारियों के खिलाफ अफवाहें फैलाकर उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की गई। इससे कई अधिकारियों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और वे मानसिक रूप से प्रताड़ित हुए। वॉट्सएप ग्रुप में शराब घोटाले से जुड़ी चर्चा और पैसों के लेन-देन की बातें हैं। ED ने अपनी चार्जशीट में खुलासा किया है कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रही सौम्या चौरसिया शराब सिंडिकेट के लोगों से बातचीत के दौरान IAS अफसरों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करती थी, उन्हें गाली देती थी। इसके साथ ही उन्होंने कई बार सिंडिकेट के कुछ सदस्यों काे हिसाब किताब की जानकारी नहीं देने की बात भी लिखी है। चैट में इस बात का भी जिक्र है कि चैतन्य के लिए पप्पू बंसल, सौम्या के लिए दीपेंद्र कुरियर बॉय का काम करता था, ये उन्हें पैसे पहुंचाते थे, जिसे वह डिलीवर कहकर बात करते थे। चैट्स से खुला सिंडिकेट का राज, चैतन्य का नंबर बिट्टू नाम से सेव था शराब घोटाले में गिरफ्तार अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और सौम्या चौरसिया के मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले राजफाश हुए हैं। अनवर के मोबाइल में चैतन्य बघेल का नंबर 'बिट्टू' नाम से सेव था, जिसमें पैसों की डीलिंग से लेकर नकली होलोग्राम बनाने तक की बातचीत सामने आई है। ईडी की चार्जशीट के अनुसार, ‘बिग बॉस’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में चैतन्य बघेल, अनवर ढेबर, सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा और पुष्पक जैसे प्रमुख सदस्य जुड़े थे। इस ग्रुप के जरिए शराब घोटाले की प्लानिंग, मनी लाड्रिंग, रकम के वितरण और हेराफेरी की सूचनाएं साझा की जाती थी। चैट्स में कब, किसे कॉल किया गया और कितनी देर बातचीत हुई, इसका पूरा विवरण भी चार्जशीट में शामिल है। 1000 करोड़ का कैश मैनेज किया भिलाई के शराब कारोबारी पप्पू बंसल ने ईडी की पूछताछ में बताया है कि उसने चैतन्य के साथ मिलकर 1000 करोड़ से अधिक कैश मैनेज किया। यह राशि अनवर ढेबर से दीपेन चावड़ा होते हुए कांग्रेस नेताओं रामगोपाल अग्रवाल और केके श्रीवास्तव तक पहुंचाई गई। बंसल ने यह भी माना कि उसे तीन महीने में 136 करोड़ रुपये मिले थे। पप्पू बंसल ने खोला राज दुर्ग-भिलाई के शराब कारोबारी और भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू बंसल ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने माना कि उन्होंने और चैतन्य ने मिलकर 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश को मैनेज किया। बंसल ने बताया कि यह रकम अनवर ढेबर से दीपेंद्र चावड़ा और फिर कांग्रेस नेताओं रामगोपाल अग्रवाल और केके श्रीवास्तव तक पहुंचाई जाती थी। बंसल ने यह भी स्वीकार किया कि तीन महीने की अवधि में ही उन्हें 136 करोड़ रुपए मिले। रियल एस्टेट में लगाया ब्लैक मनी ED ने आरोप लगाया कि चैतन्य ने अपने विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट और बघेल डेवलपर्स एंड एसोसिएट्स में शराब घोटाले की रकम निवेश की। असल खर्च 13-15 करोड़ रुपए था, लेकिन दस्तावेजों में मात्र 7.14 करोड़ दिखाया गया। वहीं डिजिटल डिवाइस की जांच से पता चला कि एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ रुपए कैश में भुगतान किया गया, जिसका हिसाब रिकॉर्ड में नहीं था। इसी प्रोजेक्ट में त्रिलोक सिंह ढिल्लों ने 19 फ्लैट खरीदे, लेकिन भुगतान खुद किया। ED के मुताबिक यह सब ब्लैक मनी को सफेद दिखाने के लिए किया गया। मोबाइल चैट्स से खुलासा ED ने जब अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और सौम्या चौरसिया के मोबाइल की जांच की तो चौंकाने वाले चैट्स मिले। अनवर के मोबाइल में चैतन्य का नंबर ‘बिट्टू’ नाम से सेव था। इसमें पैसों की डीलिंग और नकली होलोग्राम बनाने तक की चर्चा थी।

एसएचओ सहित 3 पुलिसकर्मियों पर हमला, तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

बठिंडा बठिंडा जिले के रायके कलां गांव में पुलिस टीम पर हमले की बड़ी खबर सामने आई है। यह घटना उस समय घटी जब बुधवार देर रात को रायके कलां गांव में चल रहे बाबा दाता बाबा हरि दास जी के मेले के दौरान युवकों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान थाना नंदगढ़ पुलिस ने हुडदंग करने वाले लोगों को रोकने की कोशिश की, तो नौजवानों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में नंदगढ़ थाने के एसएचओ रविंदर सिंह और दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद, स्थिति कंट्रोल से बाहर होता देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, इस उपद्रव पर उतारू लोगों ने जमकर ईंट व पत्थर बारसाए। इस दौरान करीब 9-10 फायर राउंड कर भीड़ को तितर-बितर किया गया और अन्य थानों की पुलिस बुलाकर स्थिति को कंट्रोल किया गया। एसएसपी बठिंडा अमनीत कोंडल ने मीडिया को बताया कि रायके कलां में चल रहे तीन दिवसीय मेले के दौरान पुलिस को लड़कों के दो गुटों में झगड़े की सूचना मिली थी। जहां बलकरण सिंह नंबरदार के घर में घुसे युवक को बाहर निकालने के लिए भारी भीड़ जमा थी। जिसके बाद थाना प्रमुख इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे, जब पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो इस भीड़ ने पुलिस पार्टी पर ही हमला कर दिया। जिसमें थाना प्रमुख रविंदर सिंह और अन्य कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में फायरिंग और लाठीचार्ज भी करना पड़ा। इस बीच, बठिंडा से मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया।