samacharsecretary.com

हड़ताल पर NHM स्टाफ? अब वेतन न मिलने की चेतावनी जारी

रायपुर नियमितीकरण सहित अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं, अब स्वास्थ्य विभाग ने एनएचएम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने फैसला किया है। साथ ही विभाग ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को नो वर्क नो पेमेंट का नोटिस जारी किया है। बता दें कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा था कि एनएचएम कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति दी जा चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि संविदाकर्मी के काम नहीं करने पर पेमेंट नहीं मिलता है। एनएचएम कर्मचारी कई दिनों से लापता हैं, इसलिए विभाग ने नो वर्क नो पेमेंट का नोटिस जारी किया है। बता दें कि एनएचएम कर्मचारियों की मांगो को पूरा किए जाने के संबंध में हेल्थ मिनिस्टर जायसवाल ने कहा कि, एनएचएम कर्मियो के लिए 22% वेतन वृद्धि, ट्रांसफर नीति बनाने की सहमति और 30 दिनों के चिकित्सकीय अवकाश जैसी मांगों पर सहमति दी जा चुकी है। जहाँ तक एनएचएम कर्मियों के नियमितीकरण का सवाल है तो यह मांग भारत सरकार की सहमति से पूरी हो पाएगी। इस तरह स्वास्थ्य मंत्री ने रेग्यूलाइजेशन का गेंद केंद्र के पाले में डाल दिया है।

सियासी घमासान: बघेल बोले- ‘BJP को वोट देने पैदा करेंगे बच्चे?’ चंद्राकर ने दिया जवाब

रायपुर RSS प्रमुख मोहन भागवत के 3 बच्चे पैदा करने की सलाह को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसा था. उन्होंने कहा था कि देश की जनसंख्या वैसे ही 140 करोड़ से अधिक है, युवा बेरोजगार हैं. उन्हें नौकरी मिल नहीं रही है, तो क्या तोड़फोड़ करने के लिए, गुंडागर्दी करने के लिए, या भारतीय जनता पार्टी को वोट देने के लिए बच्चा पैदा करेंगे ? उनके इस बयान पर अब विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है. विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि 3 बच्चे पैदा करना है या नहीं, यह अपना-अपना विचार है. आज के कांग्रेस के नेता छत्तीसगढ़ के जनहित के मुद्दे भूल चुके हैं. छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री बनाने को लेकर कांग्रेस ने हाईकोर्ट का रुख किया है. इसे लेकर  विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में 14 मंत्री बनाए गए, तब कांग्रेस कहा थी? हरियाणा में 14 मंत्री कैसे बने? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले हरियाणा के हाई कमान से पूछना चाहिए. वहीं उन्होंने CM साय के विदेश दौरे को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री साय की पहली विदेश यात्रा थी. दक्षिण एशिया के देशों का दौरा हुआ, जो औद्योगिक स्तर पर आगे हैं. जापान छोटा सा देश है, लेकिन अर्थव्यवस्था मजबूत है. इस पहल से छत्तीसगढ़ के आद्यौगिक गतिविधि में गति आएगी और रोजगार बढ़ेगा.

महापौर ने किया कड़ा आदेश: बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या का तुरंत समाधान करें

दुर्ग  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के स्ट्रीट लाइटों के बंद रहने से अंधेरे की शिकायतों को महापौर अल्का बाघमार ने गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को वार्डों में जाकर बिजली व्यवस्था की जांच व निगरानी के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि निगम कर्मचारी या तो सीधे वार्डों में जाकर प्रकाश व्यवस्था की जांच करें अथवा संबंधित पार्षदों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। इससे अंधेरे वाले क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल सुधार कार्य किया जा सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने सफाई व्यवस्था के लिए यही व्यवस्था अपनाने की बात कही। मेयर इन काउंसिल की बैठक में दिए निर्देश मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर अल्का बाघमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कमिश्नर सुमित अग्रवाल भी मौजूद थे। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, विकास कार्यों, निर्माण प्रस्तावों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नया बस स्टैंड परिसर में आवंटित दुकानों को तोड़कर अतिरिक्त निर्माण कर लिए जाने की शिकायत सामने आई है। इस पर निगम प्रशासन ने दुकानदारों से अतिरिक्त निर्माण के एवज में अतिरिक्त प्रीमियम राशि व बिना अनुमति तोडफ़ोड़ पर जुर्माना लगाने का फैसला किया है। नाली और सड़क निर्माण को मंजूरी बैठक में अन्य विभागीय प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। जिनमें विभिन्न वार्डों में नाली-निर्माण, सड़क मरमत और जनसुविधा से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

मोहन भागवत का आज बिलासपुर दौरा, काशीनाथ स्मारिका का होगा विमोचन

बिलासपुर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज बिलासपुर में रहेंगे। वे यहां पर आरएसएस के पूर्व विभाग संघ चालक और वरिष्ठ समाजसेवी रहे स्व. काशीनाथ गोरे की स्मृतियों को संजोने वाली स्मारिका का विमोचन शाम 6:30 बजे सिम्स सभागार करेंगे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। वहीं विशेष अतिथि के तौर पर संघ के मध्यक्षेत्र क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना करेंगे आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव बृजेन्द्र शुक्ला ने चर्चा में बताया कि यह स्मारिका स्व. गोरे के सामाजिक कार्यों, राष्ट्रसेवा और पारिवारिक संस्मरणों को समर्पित है। समाजसेवा और संगठनात्मक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले काशीनाथ गोरे की स्मृतियों को यह स्मारिका जीवंत करेगी। इसमें उनके जीवन के वे प्रसंग भी शामिल किए गए हैं, जो नई पीढ़ी को प्रेरणा देंगे। सरसंघचालक डॉ. भागवत कार्यक्रम के बाद स्व. गोरे के घर भोजन करने जाएंगे। रात्रि विश्राम शहर के संघ कार्यालय में होगा। इससे पहले सुबह 11 बजे से 12 बजे तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख दीपक विस्पुते सिम्स ऑडिटोरियम में महाविद्यालयीन छात्रों को संबोधित करेंगे।

हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: MBBS-BDS कोर्स में अब मान्य होगा एडिट ऑप्शन

बिलासपुर नीट यूजी की काउंसलिंग प्रक्रिया और आवंटन के खिलाफ दायर याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। इसके साथ ही आगे की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ के डीएमई द्वारा जारी मेरिट लिस्ट को वैध मानते हुए हाईकोर्ट ने उसके आधार पर की गई सीट आवंटन प्रक्रिया को मान्य किया है। नीट यूजी की काउंसलिंग में एक अभ्यर्थी द्वारा प्रथम चरण की काउंसलिंग में सीजीडीएमई द्वारा दिए गए श्रेणी, संवर्ग इत्यादि में एडिट ऑप्शन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। याचिका में मांग की गई थी कि ऑप्शन के उपरांत कैटिगरी, संवर्ग इत्यादि को बदलने की सुविधा को अमान्य किया जाए। साथ ही इसके आधार पर 12 अगस्त को जारी मेरिट लिस्ट को भी मान्य न करने की मांग की गई थी। सीजीडीएमई का पक्ष और पूरे प्रकरण को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया। 23 अगस्त 2025 को काउंसलिंग का प्रथम चरण सपन्न हो गया है। केंद्रीय एजेंसी, चिकित्सा काउंसलिंग समिति (एमसीसी) द्वारा काउंसलिंग की द्वितीय चरण की तिथि आगे बढ़ाई गई है। अत: राज्य की काउंसलिंग का दूसरा राउंड जो कि पूर्व में 27 अगस्त से प्रारंभ होने वाला था, कोभी एमसीसी द्वारा जारी दिशा निर्देश के अनुसार आगे बढ़ाया गया है। डीएमई ऑफिस की वेबसाइट पर 26 अगस्त को ही एमसीसी द्वारा जारी सूचना के साथ यह सूचना प्रकाशित कर दी गई थी। अगली काउंसलिंग की तिथि जल्द जारी होगी एमसीसी से काउंसलिंग की नई तिथि के दिशा-निर्देश प्राप्त होने पर द्वितीय चरण एवं आगामी चरणों की नई समय सारणी डीएमई द्वारा तत्काल जारी की जाएगी। नई समय सारणी के लिए अभ्यर्थियों को सीजीडीएमई की वेबसाइट का समय-समय पर अवलोकन करते रहने की सलाह दी गई है।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित, जिले से 7 युवाओं ने मारी बाजी

रायपुर  बलौदाबाजार जिले में संचालित नि:शुल्क नवप्रेरणा कोचिंग से होमगार्ड परीक्षा में सफल हुए जिले के सभी 7 अभ्यर्थियों का शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर दीपक सोनी, जिपं अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। इसके पूर्व सभी चयनित अभ्यर्थियों ने कलेक्टर दीपक सोनी से मुलाकात की और नवप्रेरणा कोचिंग संचलित करने पर जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। कलेक्टर सोनी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रोत्साहित किया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। जिले में संचालित नि:शुल्क नवप्रेरणा कोचिंग के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर लाभान्वित हो रहे हैं। इस कोचिंग से जिले के 7 अभ्यर्थियों ने होमगार्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। चयनित अभ्यर्थियों में भोजकुमारी साहू, तनु वर्मा, निशा वर्मा, शनिला मनहरे, सुनीता पैंकरा, खेमेश्वरी मिरी और संगीता शामिल हैं। नि:शुल्क नवप्रेरणा कोचिंग संस्थान का संचालन कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा निर्देश एवं जिला शिक्षाधिकारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यह संस्थान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग और छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी हेतु सहायता प्रदान कर रहा है।

CGPSC को मिला नया नेतृत्व, रीता शांडिल्य बनीं कार्यकारी अध्यक्ष

रायपुर  पूर्व आईएएस अधिकारी रीता शांडिल्य को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। रीता शांडिल्य अभी सीजीपीएससी की कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। पहली बार आयोग में कोई महिला अध्यक्ष नियुक्त की गई है। इससे पहले टामन सोनवानी आयोग के अध्यक्ष रहे। अब तक आयोग में 8 अध्यक्ष हो चुके हैं जिनमें एक मात्र महिला रीता शांडिल्य हैं। किन विभागों में दे चुकी हैं सेवाएं रीता शांडिल्य नौकरी में रहते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग में सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।  घोटाले के बाद नई नियुक्ति बता दें है कि पूर्व अध्यक्ष टामन सोनवानी के कार्यकाल के दौरान CGPSC में बड़ा घोटाला सामने आया था। यह मामला विधानसभा चुनाव के दौरान भी राजनीतिक विवाद का बड़ा मुद्दा बना। नई सरकार के गठन के बाद इस मामले की सीबीआई जांच कराई गई। जांच के बाद तत्कालीन अध्यक्ष सोनवानी समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार भी किया गया था। विवाद खत्म करने का करेंगी प्रयास अब रीता शांडिल्य को स्थायी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आयोग की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और विश्वास योग्य बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। राज्य सरकार को भरोसा है कि उनकी नियुक्ति से आयोग की छवि सुधरेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवाद खत्म होंगे। आयोग में सुधार की उम्मीदें विशेषज्ञों का मानना है कि रीता शांडिल्य के नेतृत्व में CGPSC में प्रशासनिक सुधार की नई शुरुआत होगी। घोटाले से हिल चुकी आयोग की साख को बहाल करना और युवाओं के विश्वास को कायम करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी। साथ ही आयोग में समयबद्ध परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना भी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

छत्तीसगढ़ व्यापम में स्टाफ नर्स भर्ती 2025, ऐसे करें आवेदन 225 पदों पर

रायपुर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से स्टाफ नर्स के 225 पदों के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। लिखित भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थी 3 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 4 से 6 सितंबर तक त्रुटि सुधार कर सकेंगे। परीक्षा 21 सितंबर को संभावित है। रायपुर में 55, बिलासपुर में 55, सरगुजा में 57 और बस्तर में 58 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदनकर्ता को छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी को बीएससी नर्सिंग या पीबीबीएससी नर्सिंग या जनरल नर्सिंग एवं वरिष्ठ प्रसूति विज्ञान प्रशिक्षण उत्तीर्ण होना चाहिए।

CM साय का सख्त बयान: PM के खिलाफ टिप्पणी देशवासियों का अपमान है

रायपुर  बिहार में प्रधानमंत्री पर की गई अभद्र टिप्पणी का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इसकी निंदा की है। इसी कड़ी में CM साय सोशल मीडिया में वीडियो जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत की आत्मा और संस्कृति पर चोट है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का जीवन हर भारतवासी के लिए प्रेरणा है। एक साधारण परिवार से निकलकर, मां के संघर्षों और संस्कारों से गढ़ा पुत्र आज पूरी निष्ठा से राष्ट्र सेवा में समर्पित है और विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है। ऐसे में उनका अपमान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है।” सीएम साय ने आगे कहा कि बिहार की जनता निश्चित रूप से इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति को खारिज करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने इस घटना को भारतीय राजनीति के स्तर के पतन का “काला धब्बा” करार दिया।

बीजापुर में नक्सली आतंक! शिक्षादूत को अगवा कर दी दर्दनाक मौत

बीजापुर नक्सलियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. शिक्षादूत लगातार उनके निशाने पर आ रहे हैं. शुक्रवार को नक्सलियों ने गंगालूर क्षेत्र में पदस्थ एक शिक्षादूत को अपहरण कर जंगल ले गए और उसकी हत्या कर दी. नक्सलियों की बढ़ती हिंसक वारदातें पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक, नेन्द्रा में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती को नक्सलियों ने शुक्रवार शाम को स्कूल से लौटते समय अगवा कर लिया था.  देर रात अपहरण के बाद उसकी हत्या कर दी गई. मृतक मूल रूप से तोड़का गांव का निवासी था. 27 अगस्त को सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक शिक्षादूत की निर्मम हत्या कर दी थी. घटना सिलगेर इलाके के मंडीमरका में हुई, मृतक का नाम लक्ष्मण बारसे बताया गया. वह मूल रूप से बीजापुर के ग्राम पेगड़ापल्ली का निवासी था और लक्ष्मण सिलगेर में शिक्षादूत के रूप में कार्यरत था. बता दें कि क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान नक्सलियों की यह दूसरी कायराना करतूत है. शुक्रवार को जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूरी पर ही एक 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी. बंद पड़े स्कूलों के पुनः संचालन के बाद से बीजापुर जिले में 6 और सुकमा जिले में 5 शिक्षादूतों की नक्सलियों द्वारा हत्या की जा चुकी है. लगातार नक्सलियों के खूनी खेल से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.