samacharsecretary.com

दिल्ली पुलिस का आतंक पर वार: प्रतिबंधित संगठन का आतंकी पकड़ा गया

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बार फिर से अपनी प्रभावी कार्रवाई के जरिए आतंकवाद के खतरे को चुनौती दी है. बुधवार को पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल  से जुड़े एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया. इस व्यक्ति की पहचान आकाशदीप के रूप में हुई है, जो कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है. ग्रेनेड हमले से दिल्ली तक हथियारों की तस्करी आकाशदीप का नाम पंजाब के बटाला में 7 अप्रैल को किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर हुए भयानक ग्रेनेड हमले से जुड़ा हुआ है. इसके अलावा, वह दिल्ली में अपराधियों को अवैध हथियारों की आपूर्ति करने के धंधे में भी शामिल था. सूत्रों के अनुसार, यह व्यक्ति आतंकवादी गतिविधियों में कुशल था और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था. स्पेशल सेल की मुस्तैदी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपनी चतुराई और मेहनत से आकाशदीप को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी आतंकवाद के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता है और दिल्ली तथा पंजाब में अपराध की दुनिया पर एक गंभीर प्रहार भी है. पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आकाशदीप के नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की पहचान की जा सके. बब्बर खालसा इंटरनेशनल क्या है बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) एक सिख अलगाववादी संगठन है, जिसे पाकिस्तान का समर्थन प्राप्त है. इसे भारत, कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, जापान और मलेशिया जैसे कई देशों द्वारा आतंकवादी संगठन के रूप में मान्यता दी गई है. इस संगठन का मुख्य उद्देश्य भारत के पंजाब क्षेत्र में खालिस्तान नामक एक स्वतंत्र सिख राज्य की स्थापना करना है.

खेलों को बढ़ावा: ओलंपिक में गोल्ड लाने पर अब दिल्ली देगी 7 करोड़ और नौकरी

नई दिल्ली  दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने ओलंपिक और पैरा-ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए बड़ा एलान किया है। जीतने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है। दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत ऐतिहासिक फैसला लिया है। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने जानकारी दी है कि ओलंपिक में जीतने वाले विजेताओं को सरकार की ओर से कैश रिवॉर्ड को बढ़ा दिया गया है।  प्रेस वार्ता में मंत्री आशीष सूद ने बताया कि ओलंपिक गेम्स में गोल्ड जीतने वाल खिलाड़ी को सात करोड़ रुपये, सिल्वर मेडल जीतने वालों को पांच करोड़ रुपये और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालों को तीन करोड़ रुपये दिए जाएंगे। आगे कहा कि ओलंपिक गेम्स में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने वालों को ग्रुप ए की नौकरी और ब्रॉन्ज मेडलिस्ट को ग्रुप बी की नौकरी दिल्ली सरकार की ओर से दी जाएगी। जानकारी के लिए बता दें पहले दिल्ली सरकार की ओर से ओलंपिक और पैरा-ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को तीन करोड़, दो करोड़ और एक करोड़ रुपये दिए जाते थे। लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हुआ हादसा- लैंड होते ही एयर इंडिया विमान में अचानक लगी आग

नई दिल्ली  दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे (IGI) पर मंगलवार को हादसा हो गया। आईजीआई पर लैंडिंग के ठीक बाद एयर इंडिया विमान के पीछे वाले हिस्से में अचानक आग लग गई। इस हादसे में विमान को कुछ नुकसान हुआ। यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए। एयरलाइन के अनुसार, मंगलवार, 22 जुलाई को हांगकांग से दिल्ली जाने वाली उड़ान AI 315 में लैंडिंग और गेट पर पार्क होने के तुरंत बाद सहायक विद्युत इकाई (APU) में आग लग गई। एयर इंडिया ने कहा कि विमान को आगे की जांच के लिए रोक दिया गया है और नियामक को सूचित कर दिया गया है। लैंड करते ही एयर इंडिया के प्लेन की पॉवर यूनिट में लगी आग इस घटना को लेकर एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि 22 जुलाई 2025 को हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली उड़ान AI 315 में लैंडिंग और गेट पर पार्क होने के तुरंत बाद सहायक विद्युत इकाई (APU) में आग लग गई। यह घटना तब हुई जब यात्री उतरने लगे थे। सिस्टम डिजाइन के अनुसार APU स्वचालित रूप से बंद हो गया।   यात्री और चालक दल सुरक्षित प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में विमान को कुछ नुकसान हुआ है। हालांकि, यात्री और चालक दल के सदस्य सामान्य रूप से उतर गए और सुरक्षित हैं। विमान को आगे की जांच के लिए रोक दिया गया है और नियामक को सूचित कर दिया गया है। दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) ने कहा कि आग बुझा दी गई है और मामले की जांच जारी है। आपको बता दें कि एयर इंडिया सोमवार को दो अलग-अलग विमान दुर्घटनाओं के कारण सुर्खियों में रही। कोलकाता जाने वाले एयर इंडिया के एक विमान को दिल्ली हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी के कारण उड़ान रद्द करनी पड़ी। वहीं एक अन्य घटना में कोच्चि से मुंबई जा रहा एयर इंडिया का विमान AI2744, मुंबई हवाई अड्डे पर भारी बारिश के बीच उतरते समय रनवे से फिसल गया। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, विमान सुरक्षित रूप से गेट तक पहुंच गया और सभी यात्री और चालक दल के सदस्य उतर गए। विमान को जाँच के लिए रोक दिया गया है।

6 वर्षों से चुनावी मैदान से दूर 27 पार्टियों से जवाब तलब, आयोग ने मांगा स्पष्टीकरण

नई दिल्ली  दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 27 पंजीकृत राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इन पार्टियों को पिछले छह सालों से कोई भी चुनाव न लड़ने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्वाचन आयोग ने कहा, यह जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन है। आगे इन पार्टियों को चुनाव आयोग की लिस्ट से हटाया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि इन पार्टियों के अध्यक्षों और महासचिवों को लिखित में जवाब देने और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने पेश होने का समय दिया गया था, लेकिन सिर्फ चार पार्टियों ने जवाब दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने कहा कि वे 27 जुलाई तक चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज देंगे। 27 पार्टियों ने 2019 से नहीं लड़ा कोई चुनाव अधिकारी के अनुसार, चुनाव आयोग में राजनीतिक पार्टियों जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 29 के तहत रजिस्टर होती हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद वह चुनाव में भाग ले सकती हैं। इन पार्टियों को विशेष प्रकार की छूटें भी दी जाती है। जिसमें टैक्स में छूट, चुनाव चिह्न और स्टार प्रचारक जैसी सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन दिल्ली में 27 पार्टियों ने 2019 से कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है। राजनीतिक पार्टियों की लिस्ट से हटाया जा सकता है नोटिस में कहा गया है, पिछले छह सालों से चुनाव न लड़ने से साफ है कि पार्टी ने धारा 29A के तहत राजनीतिक पार्टी के तौर पर काम करना बंद कर दिया है। इसलिए, आयोग भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 29A के तहत इन राजनीतिक पार्टियों को लिस्ट से हटाने का प्रस्ताव रखता है। निर्वाचन आयोग द्वारा जिन पार्टियों को नोटिस भेजा गया है, वही सभी पार्टियां लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम के चुनावों में हमेशा दिखती है लेकिन कुछ खास वोट नहीं पाती हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और उसके साथियों को 47.2 प्रतिशत वोट मिले, आप को 43.6 प्रतिशत और कांग्रेस को 6.3 प्रतिशत वोट मिले। बाकी राष्ट्रीय पार्टियों, गैर-मान्यता प्राप्त पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर सिर्फ 2.4 प्रतिशत वोट मिले। इन पार्टियों को भेजा गया नोटिस जिन पार्टियों को नोटिस भेजा गया है, उनमें भारतीय रोजगार पार्टी, जन आंदोलन मोर्चा, मानव जागृति मंच, नवयुग पार्टी, ओजस्वी पार्टी, राष्ट्रीय जन कल्याण पार्टी, जनता सरकार पार्टी, ऑल इंडिया वीमेन यूनाइटेड पार्टी और आजाद भारत कांग्रेस शामिल हैं। चुनाव अधिकारी ने पार्टियों को 18 जुलाई तक जवाब देने का समय दिया था।  

दिल्ली में मरीज के पेट से निकला 10.6 किलो वजनी ट्यूमर, डॉक्टरों की बड़ी सफलता

नई दिल्ली  दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। डॉक्टरों की टीम ने मरीज के पेट से 10.6 किलो वजनी Gastrointestinal Stromal Tumor (GIST) को निकालने में सफलता प्राप्त की। ट्यूमर पिछले 8 महीनों से मरीज के शरीर में था और धीरे-धीरे पूरे पेट में फैल गया था। यह ट्यूमर इतना बड़ा हो गया था कि उसने पेट के सभी हिस्सों को घेर लिया था और दोनों तरफ की एक्सटर्नल इलिएक वेसल्स को अपनी चपेट में ले लिया था। इसकी वजह से मरीज को राइट हाइड्रोनेफ्रोसिस (Hydronephrosis) हो गया था। डॉक्टरों के लिए यह सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि ट्यूमर कई अहम अंगों, ओमेंटम और ब्लैडर डोम से जुड़ा हुआ था। इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व डॉ. शिवानी बी. परुथी ने किया। सर्जरी में उनका साथ डायरेक्टर डॉ. संदीप बंसल, डॉ. चारु भांबा (MS), सर्जरी विभाग की HOD डॉ. कविता, और डॉ. आरके चेजारा ने दिया। टीम ने आपसी तालमेल और सटीक योजना से इस बड़े ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालने में कामयाबी पाई। सर्जरी की सफलता पर डॉ. संदीप बंसल ने कहा, 'इतना बड़ा GIST ट्यूमर निकालना हमारे अस्पताल में मेडिकल एडवांसमेंट और टीमवर्क का बड़ा उदाहरण है। ऐसी जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक करना पूरे मेडिकल स्टाफ के समर्पण का नतीजा है। हम आगे भी इस तरह के केस को चुनौती मानकर मरीजों को बेहतर इलाज देने की कोशिश करेंगे।'   गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्ट्रोमल ट्यूमर (GIST) एक दुर्लभ प्रकार का ट्यूमर है, जो पाचन तंत्र की संयोजी ऊतकों में पैदा होता है और Interstitial Cells of Cajal (ICC) से विकसित होता है। सफल सर्जरी के बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई है और अब Medical Oncology Team उसकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है। इस ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित किया कि सही तकनीक, अनुभवी टीम और समर्पण से किसी भी जटिल केस को सफल बनाया जा सकता है।

21 जुलाई को जनता के लिए दिल्ली के कुछ प्रमुख पोस्ट ऑफिस रहेंगे बंद

नई दिल्ली  अगर आप 21 जुलाई को दिल्ली में पोस्ट ऑफिस से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो आपको एक दिन रुकना पड़ सकता है। डाक विभाग (India Post) ने 19 जुलाई को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है कि दिल्ली के कुछ प्रमुख पोस्ट ऑफिस 21 जुलाई (रविवार) को जनता के लिए बंद रहेंगे। इस दिन इन शाखाओं में कोई भी सार्वजनिक लेन-देन नहीं होगा, क्योंकि यहां के कंप्यूटर सिस्टम को नए सॉफ्टवेयर वर्जन APT 2.0 में अपग्रेड किया जा रहा है। क्यों बंद रहेंगे पोस्ट ऑफिस? डाक विभाग के मुताबिक, यह तकनीकी अपग्रेड डिजिटल सेवाओं को और अधिक बेहतर, तेज और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। नए APT 2.0 प्लेटफॉर्म की मदद से ग्राहकों को सुविधाजनक और आधुनिक सेवाएं मिल सकेंगी। इस दौरान डेटा माइग्रेशन, सिस्टम टेस्टिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं की जाएंगी, जिस कारण 21 जुलाई को एक दिन के लिए इन पोस्ट ऑफिस को ऑफलाइन रखा जाएगा। कहां-कहां रहेगा असर? यहां देखें बंद रहने वाले पोस्ट ऑफिस की सूची डाक विभाग ने बताया कि जिन पोस्ट ऑफिस में यह सिस्टम अपग्रेड होगा और जो 21 जुलाई को बंद रहेंगे, वे हैं:- अलीगंज, अमर कॉलोनी, एंड्रयूजगंज, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, दरगाह शरीफ, डिफेंस कॉलोनी, साकेत जिला अदालत परिसर, ईस्ट ऑफ कैलाश, गौतम नगर, गोल्फ लिंक, गुलमोहर पार्क, हरी नगर आश्रम, हजरत निजामुद्दीन, जंगपुरा, कस्तूरबा नगर, कृष्णा मार्केट, लोधी रोड, लाजपत नगर, मालवीय नगर, नेहरू नगर, पंचशील एनक्लेव, सादीक नगर, साकेत, साउथ मालवीय नगर, श्रीनिवासपुरी और जीवन नगर।  

चुनावी पोस्टर लगे वाहन में मिली भारी मात्रा में शराब, जांच में जुटी पुलिस

रोहतास रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरावरपुर गांव के पास शनिवार सुबह एक वाहन दुर्घटना के बाद उस वक्त हड़कंप मच गया जब उसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। खास बात यह रही कि उक्त वाहन पर जन सुराज पार्टी के पोस्टर लगे हुए थे, जिससे कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने वाहन सहित शराब की खेप को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के बाद उजागर हुआ मामला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जन सुराज पार्टी के पोस्टर लगे एक बोलेरो वाहन और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जब वाहन को देखा, तो उसमें शराब की खेप पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही काराकाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस ने बोलेरो और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है और कागजातों की जांच की जा रही है। जांच के घेरे में कई सवाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या शराब की यह खेप किसी राजनीतिक कार्यकर्ता से जुड़ी थी या किसी तस्कर ने पहचान छिपाने के लिए राजनीतिक पार्टी का पोस्टर वाहन पर चिपकाया था। फिलहाल वाहन मालिक की पहचान की जा रही है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

छात्रा की जान गई, शारदा यूनिवर्सिटी में बवाल; परिजनों का आरोप, दो शिक्षक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में बीडीएस कोर्स की एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। खुदकुशी से पहले छात्रा द्वारा लिखे एक सुसाइड नोट में दो टीचरों द्वारा उसे प्रताड़ित और अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना नॉलेज पार्क थाना अंतर्गत शारदा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल के रूम में बीडीएस की एक छात्रा ने शुक्रवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के विरोध में मृतक छात्रा के परिजनों और अन्य छात्रों ने यूनिवर्सिटी में जमकर हंगामा किया। यूनिवर्सिटी स्टाफ पर छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम की रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा ज्योति, शारदा यूनिवर्सिटी से बीडीएस की पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार की रात छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। छात्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट में यूनिवर्सिटी स्टाफ को जिम्मेदार ठहरा गया है। छात्रा ने सुसाइड नोट में उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर शुक्रवार की रात यूनिवर्सिटी में जमकर हंगामा हुआ। छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा– ''मेरी मौत के जिम्मेदार महेंद्र सर और शार्ग मैम हैं। इन्होंने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, अपमानित किया।'' ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि छात्रा के परिजनों द्वारा थाना नॉलेज पार्क पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर यूनिवर्सिटी के स्टाफ के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें 2 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। छात्रा के परिजनों व यूनिवर्सिटी के छात्रों में शारदा यूनिवर्सिटी प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश है, जिसे पुलिस अधिकारियों द्वारा वार्ता कर शांत कराया गया है। मौके पर फिलहाल शांति है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  

प्रयागराज-वाराणसी के लिए चेतावनी! IMD का यलो अलर्ट, दिल्ली-मुंबई में पहले से बारिश जारी

नई दिल्ली  हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश ने खूब तबाही मचाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमाचल में अब तक 55 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जान-माल का करोड़ों का नुकसान भी हुआ है। आज कहाँ-कहाँ होगी बारिश? मौसम विभाग (IMD) ने 16 जुलाई के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली में आज यानी 16 जुलाई को बारिश की संभावना है। राजौरी गार्डन, मुंडाका, कंझावला, बवाना, बुद्ध जयंती पार्क, रोहिणी, पश्चिम विहार और दिल्ली कैंट जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है। पिछले कई दिनों से राजधानी में बादल छाए हुए हैं, और 18 तारीख तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है. कहीं-कहीं बादलों की गरज भी सुनाई दे सकती है। उत्तर प्रदेश में बारिश का अपडेट उत्तर प्रदेश में, नोएडा समेत कई इलाकों में पिछले दिनों बारिश हुई थी, और आज भी यह सिलसिला जारी रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुजफ्फरनगर, किठौर, संभल, गढ़मुक्तेश्वर, सियाना, जहांगीराबाद, बहजोई, नरौरा, प्रयागराज, वाराणसी, सहसवान, अनूपशहर, खतौली, सकौती टांडा, हस्तिनापुर, कासगंज और एटा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, हरियाणा के असंध, सफीदों, सोनीपत, खरखौदा, कैथल, राजौंद, पानीपत और गोहाना में भी बारिश का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और अलर्ट हिमाचल प्रदेश के कई जिलों, जैसे कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और शिमला में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।  

तीन दिन, पांच बम अलर्ट: दिल्ली के स्कूलों में दहशत का माहौल

नई दिल्ली दिल्ली के 5 प्राइवेट स्कूलों को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद दहशत फैल गई और इन्हें खाली कराना पड़ा। यह लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली के स्कूलों को ईमेल से बम रखे होने की धमकी दी गई है। इससे पहले पिछले दो दिन में कुछ स्कूलों में बम रखे होने की धमकी जांच में झूठी साबित हुई है। लगातार तीन दिन से मिल रही धमकियों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर जोरदार प्रहार किया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि भाजपा दिल्ली में जगलराज बनाने पर तुली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चार इंजन वाली सरकार है, लेकिन किसी को चिंता नहीं है। केजरीवाल ने एक्स पर पर लिखा, 'लगातार तीसरे दिन आज फिर से दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। दिल्ली के लोगों और उनके बच्चों की ना तो गृहमंत्री अमित शाह जी को कोई चिंता है और ना ही उनकी चार-चार इंजन वाली सरकारों को। दिल्ली को जंगलराज बनाने पर तुली है बीजेपी।' केजरीवाल ने एक दिन पहले भी धमकी मिलने पर निशाना साधते हुए कहा था कि बीजेपी की चार इंजन वाली सरकारें फेल हो चुकी हैं। आम आदमी पार्टी ने भी निशाना साधते हुए कहा कि अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। यदि किसी दिन एक भी धमकी सच निकली तो कौन जिम्मेदार होगा। एक्स पर पार्टी ने कहा, 'दिल्ली में लगातार तीसरे दिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है लेकिन BJP की पुलिस और जांच एजेंसियां अभी तक एक सुराग तक नहीं ढूंढ़ सकी हैं। BJP ने पुलिस और अपनी सभी जांच एजेंसियों को विपक्षी पार्टियों के नेताओं को परेशान करने और उन्हें फर्जी केसों में फंसाने में लगा रखा है। अगर गलती से भी किसी दिन एक भी धमकी सच निकली और हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? केंद्र और दिल्ली की BJP सरकार आख़िर कब जागेगी?' आज किन स्कूलों को धमकी फायर ब्रिगेड एक अधिकारी ने बताया कि द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुबह पांच बजकर 26 मिनट पर इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। उन्होंने बताया कि वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल को सुबह साढ़े छह बजे, हौज खास स्थित मदर इंटरनेशनल को सुबह 8.12 बजे और पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल को सुबह 8.11 बजे धमकी भरा ईमेल मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय को भी धमकी भरा ईमेल मिला है। उन्होंने बताया कि स्कूल की गहन जांच की गई और अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अभिभावकों को भेजे गए एक ईमेल में स्कूल अधिकारियों ने कहा, ‘आज सुबह बम की धमकी मिलने के कारण और पुलिस की सलाह के अनुसार सरदार पटेल विद्यालय आज बंद रहेगा। बम निरोधक दस्ता परिसर की गहन जांच कर रहा है।’ सेंट थॉमस स्कूल को दो बार धमकी, अब तक 9 स्कूलों में दहशत सेंट थॉमस स्कूल को बम से उड़ाने की यह धमकी 24 घंटे से भी कम समय में दूसरी बार दी गई है। कुल मिलाकर दिल्ली के नौ स्कूलों को बम धमकी के 10 ईमेल प्राप्त हुए हैं। इन स्कूलों में रात में भी रहने वाले कर्मचारियों को एहतियात के तौर पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और साइबर विशेषज्ञों की टीम स्कूलों में पहुंचीं और उन्होंने गहन तलाशी ली। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।