samacharsecretary.com

जिम लवर कांग्रेस नेता की मौत, साइलेंट अटैक ने लिया जान, जालंधर में शोक की लहर

जालंधर जालंधर में कांग्रेस नेता और जिम लवर मनोज मल्होत्रा (मनु वड़िंग) का निधन हो गया, वे 48 साल के थे। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उनको साइलेंट अटैक आया। परिवार उनको लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मनु वड़िंग सांसद और पूर्व सीएम चरनजीत चन्नी के करीबी और कांग्रेस प्रदेश महासचिव थे। इसके अलावा राजनीति में सक्रिय होने के साथ ही रियल एस्टेट कारोबारी थे। वे अपनी फिटनेस को लेकर बहुत अवेयर रहते थे। निधन से एक दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फिटनेस का वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो के जरिए युवाओं को फिटनेस के लिए मोटिवेट किया था। उधर, उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उनके घर जुटने शुरू हो गए। दीप नगर में दोपहर के समय उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अचानक तबीयत बिगड़ी, अस्पताल ले जाने से पहले मौत पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मनु वड़िंग की सुबह 4 बजे के करीब अचानक तबीयत बिगड़ी। उनको सीने में तेज दर्द महसूस हो रहा था। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी ही चल रही थी कि उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे से उनका परिवार और समर्थक गहरे सदमे में हैं। मनु वडिंग के निधन पर शहर की विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संस्थाओं ने दुख प्रकट किया है। दीप नगर में दोपहर में होगा अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर को मनु वडिंग का अंतिम संस्कार दीप नगर स्थित रामबाग श्मशानघाट में होगा। उनकी अंतिम विदाई में शहर के कई बड़े राजनेताओं, कारोबारियों के शामिल होने की उम्मीद है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जानकारी के अनुसार, मनु वड़िंग वर्तमान में पंजाब कांग्रेस के महासचिव थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाते थे। मनु बड़िंग जालंधर के वड़िंग इलाके से संबंध रखते थे और राजनीति में कई सालों से सक्रिय थे। उनकी पत्नी परवीना भी पार्षद रह चुकी हैं। एक दिन पहले जिम का वीडियो शेयर किया हैरानी की बात यह है कि निधन से ठीक एक दिन पहले (29 जनवरी को) मनु बड़िंग ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिटनेस से जुड़ा एक वीडियो साझा किया था। वह नियमित रूप से जिम जाते थे और फिटनेस को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते थे। वे रोजाना व्यायाम करते थे और अपने खान-पान का भी पूरा ख्याल रखते थे। मनु बड़िंग की आकस्मिक मौत से कांग्रेस में शोक का माहौल है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया है।

ऑरेंज अलर्ट जारी: पंजाब में ठंड और धुंध, कल से बारिश के आसार,फरीदकोट का तापमान 3 डिग्री रहा

चंडीगढ़ पंजाब और चंडीगढ़ में आज शुक्रवार को धुंध और शीत लहर को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हालांकि, 31 तारीख से मौसम में बदलाव आने की संभावना है और एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इस समय सुबह और शाम को भले ही ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन के दौरान तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है. दिन के समय पिछले कुछ दिनों से धूप निकल रही है जिसके कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत महसूस होती है. अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की वृद्धि हुई है और अब यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है. सबसे कम तापमान फरीदकोट में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. 9 जिलों में शीत लहर का अलर्ट आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर और मलेरकोटला में कहीं-कहीं शीत लहर चलने की संभावना है. वहीं फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कहीं-कहीं घना कोहरा पड़ने के आसार हैं. इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में भी घने कोहरे की संभावना है. मौसम सूखा रहने की उम्मीद जताई गई है. आगे फिर बदल सकता है मौसम जम्मू और आसपास के इलाकों में इस समय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है. यह हवा में एक चक्र की तरह बना हुआ है, जो जमीन से काफी ऊंचाई पर मौजूद है. ऊपरी हवाओं में भी इसका असर बना हुआ है, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. फिलहाल यह सिस्टम कायम रहेगा. इसके अलावा 30 जनवरी 2026 की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है, जिससे आगे मौसम फिर बदल सकता है. 31 से शुरू होगा बारिश का दौर मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि राज्य में 1 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 31 जनवरी और 2 और 3 फरवरी को भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा. इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई गई है. आने वाले दिनों में मौसम ऐसा रहेगा 31 जनवरी: पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 1 फरवरी: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. 2 फरवरी: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

PAK को करारा जवाब: BSF की ताबड़तोड़ फायरिंग से भागे तस्कर, बड़ी साजिश नाकाम

चंडीगढ़ पंजाब के फाजिल्का में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान से भेजा गया हथियारों और हेरोइन का भारी जखीरा बरामद किया गया है। बीएसएफ की बीओपी जी-जी-3 के इलाके में देर रात पाकिस्तानी तस्कर इस खेप को सीमा पार करने की फिराक में थे। लेकिन पहले से अलर्ट बीएसएफ जवानों ने उनके मंसूबे नाकाम कर दिए। बीएसएफ जवानों ने तस्करों पर 60 राउंड फायरिंग की, जिस से डर कर वे पाकिस्तान की तरफ भाग गए। इसके बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च के दौरान पाकिस्तान से भेजा गया हथियारों और हेरोइन का भारी जखीरा बरामद हुआ। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर दी।   विदेशी पिस्टल और हेरोइन की बड़ी खेप मिली फाजिल्का में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बीएसएफ की बीओपी जी-जी-3 इलाके में देर रात हलचल हुई। यहां पाकिस्तानी तस्कर दो बैगों में भर कर हथियार और हेरोइन की बड़ी खेप भारत में भेजने की फिराक में थे। बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देख तुरंत कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसके बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान की ओर भागने में कामयाब हो गए। सर्च के दौरान पाकिस्तान से भेजा गया हथियारों और हेरोइन का भारी जखीरा बरामद किया गया। पुलिस ने 2 किलो 160 ग्राम हेरोइन,11 ग्लॉक पिस्टल व 22 मैगजीन,1 बरेटा पिस्टल व 1 मैगजीन ,5 जिगाना पिस्टल व 10 मैगजीन, 3 नॉरिंको पिस्टल व 5 मैगजीन,1 गफ्फर सिक्योरिटी पिस्टल व 1 मैगजीन, कुल 20 पिस्टल, 39 मैगजीन, एक गन और 310 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। स्टेट स्पेशल सेल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अमृतसर के सीमावर्ती गांव में चार हैंड ग्रेनेड और 40 किलो हेरोइन बरामद उधर, अमृतसर के हलका राजासांसी के गांव ओठियां के पास पुलिस ने चार हैंड ग्रेनेड और 40 किलो हेरोइन बरामद की है। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से यह खेप भेजी गई थी। एक पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। यह खेप गांव ओठियां के समीप गिरी थी, जिसे कुछ युवक मोटरसाइकिल पर लेकर जा रहे थे। उस समय गांव में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने जब युवकों को रोका तो वे घबरा गए और मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल सहित आसपास के इलाके की तलाशी ली। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मेयर चुनाव में बीजेपी का दांव सफल, सौरभ जोशी ने कड़े मुकाबले में मारी बाजी

चंडीगढ़ चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। बीजेपी के उम्मीदवार सौरभ जोशी शहर के नए मेयर चुने गए हैं। उन्होंने त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों को करारी शिकस्त दी। बीजेपी पार्षद सौरभ जोशी 18 वोट पाकर चंडीगढ़ के मेयर चुने गए हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गब्बी को 7 वोट मिले, जबकि AAP के योगेश ढींगरा को 11 वोट मिले। इसके अलावा, भाजपा के ही जसमनप्रीत सिंह सीनियर डिप्टी मेयर चुने गए हैं। दरअसल सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मुकाबला भी दिलचस्प था। सीनियर डिप्टी मेयर के लिए बीजेपी ने जसमनप्रीत सिंह, AAP ने मुनव्वर खान और कांग्रेस ने सचिन गलाव को नॉमिनेट किया था। चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए वोटिंग सुबह 11 बजे शुरू हुई। बीजेपी ने सौरभ जोशी को, कांग्रेस ने गुरप्रीत सिंह गब्बी को और AAP ने योगेश ढींगरा को मैदान में उतारा था। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए, तीनों पार्टियों के उम्मीदवारों के साथ-साथ एक निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे। BJP के पास 18 पार्षद हैं, AAP के पास 11 और कांग्रेस के पास 6 तथा सांसद (मनीष तिवारी) का एक अतिरिक्त वोट है। चुनाव हाथ उठाकर करवाया गया और अगर टाई बना रहता तो म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट के तहत टॉस का प्रावधान था। पिछले साल के विपरीत, इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर चुनाव नहीं लड़ा। दोनों पार्टियों के अलग-अलग उम्मीदवार उतारे। 2022 में मौजूदा सदन के गठन के बाद यह पहली बार है कि तीनों पार्टियां मेयर चुनाव में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा। नगर निगम में 35 चुने हुए पार्षद हैं और शहर के सांसद को भी वोट देने का अधिकार है, जिससे कुल वोटर्स की संख्या 36 हो जाती है। इस लिहाज से मेयर चुने जाने के लिए उम्मीदवार को 19 वोटों की जरूरत होती है।  

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर आधी रात को हेरोइन की बड़ी खेप बरामद

अमृतसर. पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित राजासांसी के ओठियां इलाके में हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद की है। दो तस्कर बाइक पर सवार होकर इस कंसाइनमेंट को आधी रात को ठिकाने लगाने जा रहे थे। यह नशे की कंसाइनमेंट 30 से 35 किलो ग्राम के आसपास बताई जा रही है। घटना के बारे में पता चलते ही आम आदमी पार्टी की माझा जॉन की इंचार्ज सोनिया मानवी मौके पर पहुंच गई। पता चला है दो स्मगलर बाइक पर सवार होकर कच्चे रास्ते से निकल रहे थे। जैसे ही वह पक्के सड़क पर चढ़ने लगे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे बताया कि यह भारी भरकम बाग से लगी हुई बाइक इतनी ऊंचाई पर नहीं चढ़ पाएगी। पुलिस कर्मी की यह बात सुनकर दोनों समगरूल बाइक और नशे की कंसाइनमेंट वहीं छोड़कर फरार हो गए। जब पुलिसकर्मियों ने दोनों बाग खोले तो उसमें पाकिस्तान से भेजी गई हेरोइन की 30 से 35 किलो कंसाइनमेंट बरामद की है।

पंजाब में BSF ने बॉर्डर के रास्ते घुस रहे घुसपैठिये का किया एनकाउंटर

गुरदासपुर. गुरदासपुर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के दौरान गुरुवार तड़के देश की अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा कर रहे बीएसएफ के जवानों ने भारतीय सीमा में घुस रहे पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएफ की 113 बटालियन बीओपी धनिया के एरिया में भारत-पाक आईईबी को पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पाकिस्तान घुसपैठियों को मार गिराया। इस घटना की खबर सुनकर बीएसएफ और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

होशियारपुर में पूर्व मंत्री सुंदर शाम के घर पर ED का छापा

होशियारपुर. कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आयकर विभाग की टीम ने शिकंजा कसा है। बुधवार सुबह ईडी और आयकर विभाग की टीम ने होशियारपुर के जोधामल रोड स्थित उनके आवास पर दबिश दी। इस समय अरोड़ा घर में ही थे। घर को सील करके टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू की। सुबह शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चलती रही। इस दौरान टीम ने अरोड़ा और उनके पारिवारिक सदस्यों को घर से बाहर नहीं जाने दिया। पता चला है कि चंडीगढ़ और जालंधर की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। रात आठ बजे के करीब एक गाड़ी अरोड़ा के घर में दाखिल हुई। उसमें गद्दे और कंबल थे। इससे साफ हो गया था कि केंद्रीय एजेंसियों की टीमें रात में अरोड़ा के घर ही रुकेंगी। सूत्रों के मुताबिक मनी लांड्रिंग की बात सामने आ रही है, जिसमें सात से आठ करोड़ रुपये से ज्यादा के लेन-देन की बात बताई जा रही है। भारत भूषण आशु भी मौके पर पहुंचे इसके अलावा जमीन के खरीद-फरोख्त से भी कुछ तार जुड़े नजर आ रहे हैं। ईडी की कार्रवाई के दौरान लुधियाना से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु भी मौके पर पहुंचे लेकिन उन्हें अंदर नही जाने दिया तो वे वहीं से ही लौट गए। ईडी ने रिटायर्ड तहसीलदार वरिंदर सिंह धूत के खिलाफ मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था। करीब डेढ़ माह पहले धूत की मौत हो गई थी। बुधवार शाम को धूत के माल रोड स्थित आवास पर आयकर विभाग ने नोटिस चस्पा है जिस टीम ने नोटिस चस्पा है, वह टीम अरोड़ा के घर दबिश देने में शामिल है।सूत्रों के मुताबिक चूंकि धूत की मौत हो चुकी है। इसलिए ईडी की ओर से दर्ज एफआइआर रद होगी। इसलिए रिकवरी के लिए आयकर विभाग ने धूत की पत्नी के नाम से नोटिस चस्पा किया है।

चंडीगढ़ में सिविल और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी

चंडीगढ़. चंडीगढ़ में वीरवार सुबह एक बार फिर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सिविल सचिवालय सेक्टर-1 और मिनी सचिवालय सेक्टर-9 को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मॉक ड्रिल है या वास्तविक धमकी। बुधवार को 30 स्कूलों को मिली थी धमकी गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, बुधवार को चंडीगढ़ के करीब 30 स्कूलों को ईमेल के ज़रिए बम धमकी मिली थी। उस दौरान सभी स्कूलों को एहतियातन खाली करवा दिया गया था और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया। वीरवार सुबह फिर धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट बुधवार की घटना के ठीक अगले दिन वीरवार सुबह सिविल सचिवालय और मिनी सचिवालय को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। दोनों परिसरों को खाली करवा कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी धमकी ईमेल के ज़रिए मिलने के कारण पुलिस की साइबर सेल मामले की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं यह सिलसिला किसी मॉक ड्रिल का हिस्सा तो नहीं, या फिर यह किसी शरारती तत्व द्वारा फैलाया गया डर है। आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ़ हो पाएगी।

केंद्र की बड़ी पहल, दोराहा-धुरी में रेल ओवरब्रिज से बढ़ेगी पंजाब की कनेक्टिविटी, रवनीत बिट्टू खुश

चंडीगढ़  पंजाब को केंद्र सरकार की बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घोषणा की कि दोराहा और धुरी में रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। रवनीत सिंह बिट्टू ने इसे पंजाब के इंफ्रास्ट्रक्चर सफर में मील का पत्थर बताया और कहा कि ये प्रोजेक्ट सड़कों को जोड़ने से ज्यादा पंजाब की आर्थिक खुशहाली को रफ्तार देंगे। उन्होंने बताया कि ये परियोजनाएं लंबे समय से राजनीतिक कारणों से लटकी हुई थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने प्राथमिकता देकर मंजूरी दी। लोग वर्षों से धरने-प्रदर्शन कर रहे थे।  अब जल्द काम शुरू होगा। कुल 124 करोड़ रुपए की इन परियोजनाओं से दोनों इलाकों में यातायात की पुरानी परेशानियां दूर होंगी। दोराहा (लुधियाना जिले में) में 70 करोड़ रुपए की लागत से आरओबी बनेगा। यह लेवल क्रॉसिंग नंबर 164ए के पास होगा, जो अंबाला-लुधियाना रेल खंड पर है। यहां ट्रेन गुजरने पर फाटक बंद रहते हैं, जिससे जाम लगता है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ब्रिज बनने से सड़क यातायात सुचारू होगा, समय बचेगा और दुर्घटनाएं कम होंगी। धुरी (संगरूर जिले में) में 54 करोड़ रुपए से आरओबी का निर्माण होगा। यह बठिंडा सेक्शन के नॉन-इंटरलेवल क्रॉसिंग क्षेत्र में बनेगा, जहां जनरल अरेंजमेंट ड्रॉइंग (जीएडी) को मंजूरी मिल चुकी है। धुरी में फाटक बंद होने से शहर दो हिस्सों में बंट जाता है। कई बार 3-4 घंटे जाम रहता है, जिससे स्कूल, बाजार और रोजमर्रा का काम प्रभावित होता है। इस ब्रिज से एक लाख से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा होगा। ये परियोजनाएं पंजाब में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं। आरओबी से यातायात बेहतर होगा, व्यापार और परिवहन बढ़ेगा तथा दैनिक जीवन आसान बनेगा। केंद्र सरकार की यह पहल राज्य के विकास में बड़ा योगदान देगी। बिट्टू ने पंजाब के लोगों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि ये बदलाव आर्थिक प्रगति को नई गति देंगे।

CUET UG 2026 को लेकर NTA का नोटिस- ‘उम्मीदवार समय पर पूरी करें आवेदन प्रक्रिया’

अमृतसर. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए एक अहम सार्वजनिक सूचना जारी की है। एजेंसी ने उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है, ताकि आखिरी समय की परेशानी से बचा जा सके। NTA के अनुसार, CUET (UG) 2026 की परीक्षा संभावित रूप से 11 मई से 31 मई 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के अलावा भारत से बाहर 15 शहरों में भी कराई जाएगी। CUET UG 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 30 जनवरी 2026 रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है। NTA ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन पूरा कर लें। किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार NTA हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। CUET परीक्षा के माध्यम से देश की विभिन्न केंद्रीय और अन्य विश्वविद्यालयों में अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाता है।