samacharsecretary.com

परियोजना को मिली हरी झंडी, पंजाब के कदम से तेज होगा विकास का पहिया

चंडीगढ़  पंजाब सरकार ने बहुप्रतीक्षित 1,878 करोड़ रुपये की जीरकपुर-पंचकूला बाइपास परियोजना के लिए आखिरकार बड़ा कदम उठा लिया है। वन सचिव ने लंबे समय से लंबित स्टेज-2 वन मंजूरी की सिफारिश करते हुए फाइल को औपचारिक स्वीकृति के लिए वन मंत्री के पास भेज दिया है। इसके बाद परियोजना के अगले चरण में आगे बढ़ने की राह साफ हो गई है। यह कदम उस समय उठाया गया, जब द ट्रिब्यून ने हाल ही में एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित कर पंजाब वन विभाग द्वारा परियोजना (Zirakpur-Panchkula Bypass Project) को लेकर हो रही देरी को उजागर किया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट समिति (CCEA) से आठ महीने पहले मंजूरी मिलने के बावजूद स्टेज-2 क्लीयरेंस अटका हुआ था। पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि वन मंत्री की मंजूरी मिलते ही फाइल आगे बढ़ा दी जाएगी। इस देरी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को बोली प्रक्रिया बार-बार टालनी पड़ी और हाल ही में छठी बार इसकी समय-सीमा बढ़ानी पड़ी थी। NHAI अधिकारियों के अनुसार, वन मंत्री की स्वीकृति के बाद फाइल पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के एकीकृत क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ भेजी जाएगी, जहां से अंतिम स्टेज-2 वन क्लीयरेंस प्रमाण पत्र जारी होगा। करीब 19.2 किलोमीटर लंबी छह लेन वाली यह बाइपास परियोजना ट्राइसिटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें 6.195 किलोमीटर का एलिवेटेड सेक्शन, फ्लाईओवर, अंडरपास, पुल और रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं। यह परियोजना जीरकपुर और पंचकूला में NH-5 और NH-7 पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के साथ-साथ प्रस्तावित ट्राइसिटी रिंग रोड का अहम हिस्सा है।

उत्तर भारत में ठंड का डबल अटैक: पंजाब-हरियाणा व चंडीगढ़ के कई इलाकों में घना कोहरा

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा इन दिनों तेज ठंड की चपेट में हैं। शनिवार को दोनों राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले का बल्लोवाल सौंखड़ी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अन्य इलाकों में लुधियाना में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री, अमृतसर में 5.1 डिग्री (सामान्य से दो डिग्री अधिक) और पटियाला में 7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में क्रमशः 5.4, 6, 4.9 और 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, हरियाणा में गुरुग्राम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अन्य शहरों में अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री (सामान्य से तीन डिग्री अधिक), हिसार में 5 डिग्री और करनाल में 8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से दो डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। वहीं नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में क्रमशः 5.5, 7.2, 6.5 और 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

मजीठिया अरेस्ट टीम के पूर्व हेड SSP सस्पेंड, अमृतसर में टेंडर घोटाले का आरोप

अमृतसर  पंजाब सरकार ने अमृतसर के SSP विजिलेंस लखबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई एक सीनियर IAS अधिकारी की शिकायत के बाद की गई है। हालांकि, अभी तक किसी उच्च अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, SSP को निलंबित करने के पीछे शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह पहला मामला नहीं है जब अमृतसर में SSP पर ऐसे आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर चल रही खबरों के माध्यम से ही उन्हें इस बारे में जानकारी मिल रही है। चर्चा यह भी है कि इस मामले से जुड़ी एफआईआर को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। गौरतलब है कि लखबीर सिंह की तैनाती अप्रैल महीने में अमृतसर में हुई थी। उनके कार्यकाल के दौरान ब्लैकमेलिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े कई बड़े आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले को लेकर स्थिति फिलहाल अस्पष्ट बनी हुई है। पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई गौरतलब है कि इससे पहले इसी वर्ष अप्रैल महीने में पंजाब सरकार ने विजिलेंस ब्यूरो के चीफ डायरेक्टर समेत दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया था। उस समय आरोप था कि इन अधिकारियों ने कथित ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले में समय रहते कार्रवाई नहीं की और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उस कार्रवाई के बाद सरकार ने यह स्पष्ट संकेत दिया था कि भ्रष्टाचार, लापरवाही और कर्तव्य में कोताही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे अधिकारी कितना ही वरिष्ठ क्यों न हो। रंजीत एवेन्यू प्रोजेक्ट में करोड़ों का गबन सूत्रों के मुताबिक, अमृतसर के प्रमुख इलाके रंजीत एवेन्यू में 55 करोड़ रुपये के एक टेंडर प्रोजेक्ट में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। इसके बजाय, करोड़ों रुपये का गबन किया गया और पैसे कई लोगों में बांट दिए गए। इस मामले की शिकायत सरकार तक पहुंच चुकी थी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। यह कदम राज्य प्रशासन की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। गौरतलब है कि लखबीर सिंह को इसी वर्ष मार्च में अमृतसर में विजिलेंस विभाग का एसएसपी नियुक्त किया गया था। 25 जून 2025 को चर्चित  विक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी से जुड़ी कार्रवाई में भी उनकी अहम भूमिका बताई जाती रही है। लेकिन कुछ ही महीनों के भीतर उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप सामने आए, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। इससे पहले भी अमृतसर देहाती  के एसएसपी मनिंदर सिंह को निलंबित किया जा चुका है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल बनी हुई है।   

हिंदू युवक की हत्या पर गुस्सा, जालंधर में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन और पुतला दहन

जालंधर  बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र की निर्मम हत्या के विरोध में जालंधर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका और हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर कड़ा रोष जताया।  जालंधर शहर में यह प्रदर्शन हुआ, जहां विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है और दीपू चंद्र की हत्या उसी का एक गंभीर उदाहरण है। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय असुरक्षित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिपू चंद्र की हत्या ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उनका कहना था कि वहां धार्मिक आधार पर हिंसा बढ़ती जा रही है, लेकिन बांग्लादेश सरकार इस पर आंखें मूंदे बैठी है। इसी के विरोध में आज यह पुतला दहन कर सरकार को चेतावनी दी गई है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं ने मांग की कि भारत सरकार इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दीपू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन नारेबाजी के दौरान माहौल काफी गर्म दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी तरह की हिंसा फैलाना नहीं, बल्कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करना है। अंत में प्रदर्शनकारियों ने दीपू चंद्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं को न्याय और सुरक्षा नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।  

धुंध से प्रभावित यातायात, अमृतसर-चंडीगढ़ उड़ानें रद्द, जालंधर में सड़क हादसा

अमृतसर   पंजाब में कोहरे का असर न सिर्फ रोड ट्रैफिक बल्कि एयर ट्रैफिक पर भी पड़ने लगा है। आज पंजाब के साथ-साथ चंडीगढ़ के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी जीरो रही। इस घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर एयर ट्रैफिक पर पड़ा है। जानकारी के मुताबिक, कोहरे की वजह से अमृतसर एयरपोर्ट पर कुल चार फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। हालात तब और बिगड़ गए जब दिल्ली से अमृतसर जा रही पैसेंजर्स से भरी एक फ्लाइट को कोहरे की वजह से लैंड नहीं करने की इजाजत नहीं  मिली और उसे वापस लौटना पड़ा। इसके अलावा, कतर एयरवेज की फ्लाइट जो सुबह 4:20 बजे अमृतसर से दोहा के लिए निकलने वाली थी, वह भी टेक ऑफ नहीं कर सकी। दिल्ली, श्रीनगर, बेंगलुरु, हैदराबाद और शिमला समेत दूसरे शहरों से आने-जाने वाली कई घरेलू फ्लाइट्स भी देरी से शुरू हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। जालंधर में नेशनल हाईवे पर चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की बस की ट्रक से टक्कर हो गई। जिसकी चपेट में एक कार भी आ गई। वहीं मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए पंजाब सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें लोगों को 10 सलाह जारी की गई हैं। हिमाचल में न्यू ईयर पर बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 29 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। न्यू ईयर से पहले 30 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे 31 दिसंबर और एक जनवरी 2026 को ज्यादा बर्फबारी होने के आसार है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर क्या हुआ कोहरे की वजह से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी फ्लाइट्स पर असर पड़ा। चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली सुबह 5:45 बजे की फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। इसके अलावा जयपुर से सुबह 7:15 बजे आने वाली फ्लाइट और बेंगलुरु से सुबह 7:30 बजे आने वाली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। अबू धाबी से सुबह 7:45 बजे आने वाली फ्लाइट भी देर से पहुंची। इसके अलावा सुबह 9:00 बजे तक जाने वाली सभी फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं।  मौसम से जुड़े बड़े अपडेट्स…     100KM/घंटे की स्पीड से दौड़ाई बस, ट्रक से टकराई: जालंधर में हाईवे पर चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज बस की टिप्पर से टक्कर हो गई। इससे सवारियों में चीखपुकार मच गई। ड्राइवर भी घायल हो गया। टिप्पर ड्राइवर भूपिंदर सिंह ने कहा कि हम तो आराम से हाईवे पर जा रहे थे, रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। एएसआई मक्खन सिंह ने बताया कि बस ड्राइवर 100KM/घंटे की स्पीड से बस चला रहा था। उसे सवारियों ने भी कई बार गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा था। इस घटना में एक कार को भी बस ने नुकसान पहुंचाया है। बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई होगी।     अमृतसर एयरपोर्ट से 3 फ्लाइट लौटाईं, एक उड़ान नहीं भर सकी: अमृतसर एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह दिल्ली से आई यात्रियों से भरी फ्लाइट हवा में ही चक्कर काटती रही। उसे लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। इसके बाद फ्लाइट दिल्ली वाला लौट गई। इसके अलावा मुंबई से अमृतसर पहुंची एयर इंडिया की उड़ान को भी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने घनी धुंध के चलते लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद विमान को जयपुर की ओर भेज दिया गया।     रात करीब 1 बजे दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-192 को घनी धुंध के चलते दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। शनिवार सुबह 4:20 बजे अमृतसर से दोहा रवाना होने वाली कतर एयरवेज की फ्लाइट भी उड़ान नहीं भर सकी।     चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 5 फ्लाइटें कैंसिल: चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 5 फ्लाइटें कैंसिल करनी पड़ीं। इनमें दिल्ली, पुणे, हैदराबाद की फ्लाइटें शामिल हैं। इसके अलावा 3 फ्लाइटें डायवर्ट करनी पड़ीं। अगले तीन दिन तक ऐसा रहेगा मौसम…     28 दिसंबर – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम ड्राई बना रहने की संभावना है।     29 दिसंबर – होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में अलग-अलग स्थानों पर बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है, जबकि फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट और मुक्तसर में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। मौसम ड्राई बना रहने की संभावना है।     30 दिसंबर – अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम ड्राई बने रहने की संभावना है।

महिला प्रचारकों के विरोध में बयानबाजी, निहंग ने दलेर AK47 और प्रभलीन पर टिप्पणी की

 फतेहगढ़ पंजाब में महिला सिख धर्म प्रचारक बीबी दलेर कौर के समागम के विरोध का मुद्दा गर्माता जा रहा है। एक तरफ फतेहगढ़ में हुई शहीदी सभा में भी बीबी दलेर कौर का मुद्दा उठा। निहंग जत्थेबंदी के सिंह साहिबान ने बीबी दलेर कौर के सोशल मीडिया पर आंसू बहाने का विरोध।  दूसरी तरफ एक और महिला सिख धर्म प्रचारक प्रभलीन कौर बीबी दलेर कौर के समर्थन में आ गईं। प्रभलीन ने कहा कि सिखी बाणे वाली महिलाओं को धमकाया जा रहा है। हमसे अच्छी तो वो हैं जो नंगी होकर वीडियो डालती हैं। घटना के बाद से दलेर कौर डिप्रेशन में हैं। वह ढंग से सो नहीं पा रही हैं। बता दें कि 22 दिसंबर को बीबी दलेर कौर का गुरदासपुर के पंजगराइयां में धार्मिक समागम था। इसमें बीबी दलेर कौर ने कहा कि जब दशम पिता ने चमकौर की गढ़ी छोड़ी तो अपना कलगी तोड़ा बाबा संगत सिंह को दिया। सिख इतिहास की इस बात पर निहंगों ने बीबी दलेर कौर का विरोध कर दिया। इसकी वजह ये है कि कुछ सिख विद्वान मानते हैं कि दशमेश पिता ने कलगी तोड़ा भाई जीवन सिंह को दिया था। बीबी दलेर कौर को लेकर निहंग जत्थेबंदी ने क्या कहा…     दलेर को जवाब देना चाहिए था, वक्त मांग लेती:  फतेहगढ़ साहिब में पहुंची निहंग जत्थेबंदी के निहंग सिंह ने कहा कि किसी ने सवाल पूछ ही लिया तो गलत क्या है। दलेर को ऊंचा नहीं बोलना चाहिए था, सवाल का जवाब देना चाहिए था। सवाल से भागना क्यों। जवाब नहीं था तो वक्त मांग लेतीं। वैसे तो बीबी दलेर कौर खुद को इंटरनेशनल प्रचारक के तौर पर प्रमोट करती हैं। AK-47 की बातें करती हैं और अब सोशल मीडिया पर रो रही हैं। सारा पंजाब भी उसके आंसू देखकर और भावुक होकर उसके साथ खड़ा हो गया है।     भुच्चो वाले साध के खिलाफ क्यों नहीं बोली: निहंग जत्थेबंदी के निहंग सिंह ने कहा कि मैं बीबी दलेर कौर से पूछना चाहता हूं कि जब भुच्चो वाला साध श्री गुरु ग्रंथ साहिब के बराबर कुर्सी लगाकर बैठ गया था तब क्यों नहीं बोली। अब तो सोशल मीडिया पर बहुत रो रही हैं। मेरी इस बात पर बहुत से विद्वान चीखेंगे। मैं सवाल पूछना चाहता हूं कि अगर बाबा संगत सिंह चमकौर की गढ़ी में शहीद हुए तो उनका शहीदी स्थान क्यों नहीं बना, उनकी यादगार क्यों नहीं बनी। आज अगर बीबी से किसी ने सवाल पूछ लिया तो सारा पंजाब बोल रहा है। हमें तो समझ नहीं आ रहा कि बीबी के साथ क्या धक्का हो गया। सवाल ही तो पूछा था, जवाब दे देती। नहीं पता था तो कह देती कि विचार करके बताउंगी। सवाल से क्यों भागना चाहिए।     शहीदी दिहाड़ा भूल लोग बीबी के पीछे लगे: निहंग जत्थेबंदी ने कहा कि बीबी दलेर कौर का मसला इतना बड़ा नहीं है। हम शहीदी दिहाड़ा भूलकर बीबी के पीछे लगे हैं। बिना मतलब से ये मुद्दा बना लिया गया है। बात दो बाटों में अमृत छकने के खिलाफ होनी चाहिए। जात-पात के खिलाफ बोलना चाहिए। निहंगों ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब भी पवित्र स्थान है, इसे भी पवित्र शहर का दर्जा दिया जाना चाहिए। वैसे पंजाब गुरुओं का है, अगर गुजरात सराकर पूरे गुजरात को ड्राई घोषित कर सकती है, तो पंजाब को क्यों नहीं। क्या पंजाब के CM की टांगों में जान नहीं है।

घटिया सड़क निर्माण पर मुख्यमंत्री मान का कड़ा रुख, ठेकेदार से मांगा जवाब

जालंधर/चंडीगढ़  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ग्रामीण क्षेत्रों में बनाई जा रही संपर्क सड़को की क्वालिटी की चैकिंग करते हुए उसमें पाई गई अनियमितताओं को देखते हुए तत्काल प्रभाव से जहां एक तरफ ठेकेदार की क्लास लगाई वहीं पर सरकार की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी करवा दिया है। मुख्यमंत्री मान जब चंडीगढ़ जा रहे थे तो उन्होंने बन रही सड़क की क्वालिटी चैक करने के लिए अपना काफिला रुकवा लिया और मौके पर ही सड़क पर डाली गई लुक को खुदवा कर स्वयं निरीक्षण किया। मौके पर ही सड़क बना रहा ठेकेदार भी मौजूद था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि सड़क की क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क को कहीं से भी उखाड़ कर क्वालिटी चैक की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने तुरंत मौके पर अधिकारियों से कहा कि ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि इस ठेकेदार ने और भी सड़के जहां-जहां बनवाई है वहां सड़कों की क्वालिटी को चैक किया जाए।  उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए मापदंडों की अवहेलना की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठेकेदार की पेमैंट रोक दी गई है और भविष्य में इस ठेकेदार को और कोई भी काम नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सड़क बनाने के बदले कोई रिश्वत किसी भी ठेकेदार से नहीं मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को पुरानी आदतें पड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सड़क निर्माण में कम मटीरियल का प्रयोग किया गया तो वह उसे ठीक कर लें अन्यथा वह पंजाब भर में सड़कों की क्वालिटी को चैक करेंगे। 

रेल सफर हुआ महंगा: आज से लागू नई दरें, लंबी दूरी की यात्रा पर असर

पंजाब  रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आज से झटका लगा है। गुरुवार देर रात 12 बजे के बाद रेलवे किरायों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है। नई दरों के अनुसार 215 किलोमीटर से अधिक दूरी का सफर अब प्रति किलोमीटर 1 से 2 पैसे महंगा हो गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, किरायों में की गई इस बढ़ोतरी से रेलवे को सालाना करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होने का अनुमान है। हालांकि राहत की बात यह है कि किराये के अलावा अन्य सभी शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारतीय रेलवे के यात्री विपणन (समन्वय) प्रभाग के निदेशक प्रवीण कुमार द्वारा इस संबंध में रेलवे के सभी जोनों को परिपत्र जारी कर दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि संशोधित किराए वस्तु एवं सेवा कर (GST) से जुड़े पहले से जारी निर्देशों के अनुसार ही प्रभावी होंगे। किराया बढ़ने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। 

पंजाब में मान सरकार का बड़ा ऐलान, इन लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

चंडीगढ़ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सरकार आश्रित और अनाथ बच्चों की सुरक्षित, सम्मानजनक और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार उचित कदम उठा रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार ने अब तक राज्य के आश्रित और अनाथ बच्चों के लिए 314.22 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की है, जिससे हजारों बच्चों के जीवन में सुरक्षा और स्थिरता आई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत राज्य के 2 लाख 37 हजार 406 आश्रित और अनाथ बच्चों को नियमित वित्तीय सहायता दी जा रही है ताकि ये बच्चे वित्तीय सहायता से पढ़-लिखकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें और आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकें। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आश्रित और अनाथ बच्चे सिर्फ सरकारी आंकड़े नहीं हैं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार यह पक्का कर रही है कि कोई भी बच्चा मजबूरी, अनदेखी या आर्थिक कमजोरी की वजह से अपनी पढ़ाई और सपनों से दूर न रहे। पंजाब सरकार ऐसे हर बच्चे के साथ संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी के साथ खड़ी है। कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि इस स्कीम का फ़ायदा वे बच्चे उठा सकते हैं जिनकी उम्र 21 साल से कम है और जिनके माता-पिता या तो दोनों गुज़र चुके हैं या दोनों घर से दूर हैं या शारीरिक और मानसिक विकलांगता की वजह से परिवार की देखभाल करने में असमर्थ हैं। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मान सरकार की यह पहल सिर्फ़ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के हर बच्चे को सुरक्षित, सम्मानित और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाने का साफ़ और पक्का वादा दिखाती है। 

ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी: पंजाब में तापमान गिरा, फरीदकोट में सबसे ज्यादा सर्दी

चंडीगढ़ पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी ने अब अपना असली असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं और घने कोहरे की चादर के साथ हुई। हालांकि दोपहर के समय कुछ इलाकों में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवाओं ने घर से बाहर निकलने वालों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग चंडीगढ़ द्वारा 25 दिसंबर को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट से ठंड और तेज हो गई। गुरदासपुर, पठानकोट और बल्लोवाल सौंखड़ी में घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि आदमपुर में शीत लहर देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में औसतन अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस समय फरीदकोट जिला ठंड का केंद्र बना हुआ है, जहां राज्य का सबसे कम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिलचस्प बात यह रही कि दिन के समय सबसे अधिक तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस भी फरीदकोट में ही दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर पटियाला में दिन के समय काफी ठंड महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान मात्र 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी कम है। इसके अलावा अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में 6.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.5 डिग्री, होशियारपुर में 5.1 डिग्री और बठिंडा (एयरपोर्ट) में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5 दिनों तक घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी पंजाब के लोगों को आने वाले दिनों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, लेकिन साथ ही चेतावनी भी जारी की है। 26 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच पंजाब के कई हिस्सों में ‘घने से बहुत घने कोहरे’ के साथ शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में भी अगले 5 दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ घना कोहरा रहने की उम्मीद है। चंडीगढ़ शहर में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।