samacharsecretary.com

मांगों को लेकर वेरका मिल्क व कैटलफीड आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन CM आवास घेराव की तैयारी में

चंडीगढ़  वेरका मिल्क और कैटलफीड प्लांट आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन ने चंडीगढ़ वेरका प्लांट के गेट पर रैली की और पंजाब सरकार व मिल्कफेड प्रबंधन के खिलाफ  नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान रूपिंदर सिंह ने बताया कि इसी तरह की रैलियां वेरका के अन्य प्लांटों में भी आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यूनियन की मांगें लंबित हैं और प्रबंधन पिछली बैठकों में स्वीकार की गई मांगों को भी लागू नहीं कर रहा है। जायज मांगों को मानने की बजाय पंजाब सरकार की शह पर यूनियन नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। रूपिंदर सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता के साथ हुई बैठक के दौरान यूनियन नेताओं को मुकदमे दर्ज करने और जेल भेजने की धमकियाँ दी गई थीं। इसके विरोध में सूबा कमेटी ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। यूनियन ने घोषणा की कि 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर “ठेका संघर्ष मोर्चा” के बैनर तले पंजाब के मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यूनियन ने 6 अक्टूबर 2025 से लगातार तीन दिन तक विरोध प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया। प्रधान रूपिंदर सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी जायज़ माँगें स्वीकार नहीं होतीं, तब तक यह शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस दौरान किसी भी प्लांट को नुकसान होता है तो उसकी ज़िम्मेदारी पंजाब सरकार और वेरका प्रबंधन की होगी। इस अवसर पर पवित्र सिंह, रविंदर सिंह, इंदरजीत सिंह, हरमिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे।

हरियाणा की महिला आईपीएस अधिकारी अब सीबीआई में सेवाएं देंगी

चंडीगढ़ हरियाणा की महिला आईपीएस अधिकारी अब सीबीआई में सेवाएं देंगी। वर्ष 2013 बैच की आईपीएस आस्था मोदी की केंद्रीय जांच ब्यूरो में एंट्री हो गई है। आस्था मोदी एनआईए के पूर्व डीजी और सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक वाईसी मोदी की बेटी हैं। आस्था मोदी को प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, वह 5 वर्षों की प्रारंभिक अवधि या अगले आदेश तक इस पद पर नियुक्त रहेंगी। आस्था मोदी हरियाणा में कई जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

सीमा सुरक्षा बल की कार्रवाई: अमृतसर में 25 किलो हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा गया

चंडीगढ़ अमृतसर में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर के पास से 25 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह बरामदगी बुधवार रात बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान की गई। बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ और पंजाब पुलिस के स्वापक-रोधी कार्यबल की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल सवार इस व्यक्ति को रोका और उसके पास से 25.9 किलोग्राम हेरोइन के 23 पैकेटों से भरा एक बड़ा बैग बरामद किया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल और दो मैगजीन भी बरामद की गई। अधिकारी के अनुसार, आरोपी अमृतसर के बेहरवाल गांव का निवासी है।

बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी: पंजाब सरकार देगी 2000 नौकरियां

चंडीगढ़  पंजाब के औद्योगिक विकास को और प्रोत्साहन देने और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में कारोबार करने को सुगम बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि हैपी फोर्जिंग्स लिमिटेड (एचएफएल) पंजाब के जिला लुधियाना में 1000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। हैपी फोर्जिंग्ज़ लिमिटेड ऑटो और इंजीनियरिंग विशेष उत्पादों के निर्माण में एक प्रमुख इकाई है तथा देश में इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है। मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि एचएफएल कंपनी का काम घरेलू और निर्यात बाजार दोनों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की फोर्जिंग और मशीनिंग पर केंद्रित है, जो कि वाणिज्यिक वाहन, यात्री वाहन, कृषि उपकरण, ऑफ हाईवे सेगमेंट, बिजली उत्पादन, रेलवे, तेल और गैस, विंड टरबाइन उद्योगों और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करता है। दिसंबर 2023 में स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने के बाद, एचएफएल वित्तीय वर्ष 2024-25 में 10,000 करोड़ रुपए के मार्केट कैपिटलाइजेशन और 1,409 करोड़ रुपए के राजस्व के साथ पंजाब की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में से एक बनकर उभरी है। पंजाब एचएफएल के निर्माण कार्यों का प्रमुख केंद्र है संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब एचएफएल के निर्माण कार्यों का प्रमुख केंद्र है, जिसने 30 जून 2025 तक 1,500 करोड़ रुपए के पूंजी निवेश से लगभग 4000 लोगों को सीधा रोजगार दिया है। यह कंपनी भारत के साथ-साथ भारत से बाहर भी सभी प्रसिद्ध ओईएम (निम्नलिखित अनुसार )के लिये एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है, जो निम्नलिखित प्रमुख ग्राहकों के साथ वाणिज्यिक वाहन, कृषि उपकरण, ऑफ-हाइवे और औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करती हैः- कंपनी की भविष्य की योजना के बारे में जानकारी देते हुए आशीष गर्ग ने कहा कि एचएफएल अपने विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार करने के लिए चरणबद्ध तरीके से 1000 करोड़ रुपए से अधिक का महत्वपूर्ण निवेश करने जा रही है। हालांकि कंपनी को अन्य राज्यों से भी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, लेकिन एचएफएल राज्य सरकार और उसकी नीतियों में पूरा विश्वास रखते हुए पंजाब में ही अपना निवेश जारी रखना चाहती है। इस महत्वपूर्ण निवेश से राज्य में 300 से अधिक इंजीनियर पदों सहित 2000 से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। इसके अलावा कई सहायक इकाइयों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और स्टील की खपत में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन को और मजबूती मिलेगी। प्रस्तावित निवेश एशिया की सबसे आधुनिक फोर्जिंग सुविधाओं में से एक एचएफएल के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष गर्ग ने कहा कि यह उत्साहजनक है कि पंजाब सरकार हाल ही में बनाई गई सेक्टोरल समितियों के तहत नई औद्योगिक नीति ला रही है और हमें पूरा विश्वास है कि ये नीतियां उद्योग की जरूरतों के अनुरूप होंगी। प्रस्तावित निवेश एशिया की सबसे आधुनिक फोर्जिंग सुविधाओं (1000 किलोग्राम से 3000 किलोग्राम भार वाले एक टुकड़े का उत्पादन करने में सक्षम) में से एक होगा, जो एशिया में पहला और विश्व में दूसरा सबसे बड़ा होगा। एयरोस्पेस, रक्षा और परमाणु संबंधित क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम आशीष गर्ग ने आगे कहा कि इन क्षमताओं में निवेश से एचएफएल रणनीतिक रूप से गैर-ऑटोमोटिव औद्योगिक उत्पादों जैसे एयरोस्पेस, रक्षा और परमाणु संबंधित क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई जीएसटी पंजीकरण के अंतर्गत प्रोत्साहनों से जुड़े तकनीकी मुद्दों के कारण कंपनी मौजूदा जीएसटी पंजीकरण के तहत ही अपने मौजूदा प्लांट के विस्तार हेतु और पूंजी निवेश करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हम एक सफल दीर्घकालिक साझेदारी की उम्मीद कर रहे हैं।

अमृत भारत ट्रेन अब छेहरटा-सहरसा रूट पर भी दौड़ेगी

फिरोजपुर  उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन छेहरटा और सहरसा के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने जा रहा है। इस ट्रेन का नियमित संचालन होने से इस रूट पर रेलयात्रियों की यात्रा और भी सुगम और सुलभ होगी। छेहरटा और सहरसा के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन सेवा (14628) का संचालन 20 सितंबर से किया जा रहा है। न संख्या 14628 छेहरटा से सहरसा के लिए प्रत्येक शनिवार को खुलेगी। ट्रेन छेहरटा से रात्रि 22:20 बजे प्रस्थान करके लगभग 35 घंटे की यात्रा के बाद सुबह 10:00 बजे सहरसा पहुंचेगी। अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन 14627 का नियमित संचालन दिनांक 22 सितंबर से किया जाएगा। सहरसा से छेहरटा के लिए प्रत्येक सोमवार को ट्रेन खुलेगी। ट्रेन सहरसा से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करके लगभग 38 घंटे की यात्रा के बाद सुबह 03:20 बजे छेहरटा पहुंचेगी। मार्ग में यह अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा,अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, चंदौसी, सीतापुर,बुढ़वल, गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाज़ार, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़ और सुपौल रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इस अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस में शयनयान (स्लीपर) श्रेणी के 8 कोच, सामान्य (जनरल) श्रेणी के 11 कोच के अलावा पैंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध है।

भाजपा ने बताया सुरक्षा कारण, पाकिस्तान यात्रा पर लगी रोक

चंडीगढ़  गुरु नानक देव के ‘प्रकाश पर्व’ समारोह के लिए नवंबर में सिख जत्थों को पाकिस्तान जाने की अनुमति देने से इनकार करने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान द्वारा केंद्र की आलोचना करने के एक दिन बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि पड़ोसी देश में सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका है। उन्होंने मान से यह भी पूछा कि अगर पाकिस्तान में किसी भारतीय तीर्थयात्री के साथ कुछ गलत हुआ तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। मान ने सोमवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप टी-20 क्रिकेट मैच को मंजूरी देने, लेकिन नवंबर में गुरु नानक देव की जयंती समारोह के लिए पड़ोसी देश में सिख जत्था भेजने की अनुमति देने से इनकार करने के लिए हमला बोला। भाजपा नेता सिंह ने कहा कि केंद्र को सूचना मिली है कि पाकिस्तान में तीर्थयात्रियों के साथ कुछ गलत हो सकता है। सिंह ने तीर्थयात्रियों की पाकिस्तान यात्रा को लेकर लगायी गयी वर्तमान रोक पर कहा कि सुरक्षा को खतरा होने की आशंका है। उन्होंने ध्यान दिलाया कि कोई भी देश क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाता। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कई देशों ने अपने नागरिकों को पर्यटन के उद्देश्य से भी पाकिस्तान न जाने की सलाह जारी की है।

पीने के साफ पानी की किल्लत, ग्रामीणों की सेहत पर संकट

संगरूर  पंजाब में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक अनूठी पहल के तहत, पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सुनाम विधानसभा क्षेत्र के चीमा कस्बे में बहुउपयोगी बस स्टैंड का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि अमन अरोड़ा की कल्पना पर आधारित यह अभिनव सुविधा राज्य में पहली बार सार्वजनिक परिवहन को समर्पित खेल परिसर के साथ एकीकृत करती है। जनता को यह सुविधा समर्पित करते हुए अरोड़ा ने कहा कि 5.06 करोड़ की लागत से 16,555 वर्ग फुट में निर्मित यह अत्याधुनिक बस स्टैंड केवल परिवहन केंद्र न होकर सामुदायिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र है।  उन्होंने कहा, खेल सुविधाओं से युक्त यह बस स्टैंड मॉडल सार्वजनिक उपयोगिता को अधिकतम करने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए बनाया गया है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए छह बस काउंटर, विशाल प्रतीक्षालय, छह व्यावसायिक दुकानें, अड्डा फ़ीस कार्यालय, लोडिंग-अनलोडिंग प्लेटफार्म, सार्वजनिक पार्किंग और आधुनिक शौचालय ब्लॉक शामिल हैं। इससे यात्रियों और स्थानीय व्यवसायियों दोनों को सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।

पीने के पानी की किल्लत से गांव में फैली बीमारियाँ, प्रशासन बेखबर

लंबी  लंबी हल्के के गांव मिठड़ी बुद्धगिर के वार्ड एक में दर्जनों परिवारों के लिए साफ पानी की कमी दशक से भी अधिक समय से गंभीर चुनौती बनी हुई है। पानी सप्लाई पाइपों की गलत लेवलिंग के कारण 12 साल से वॉटर वर्क्स का पानी यहां नहीं पहुंचा। मजबूरीवश लोग सबमर्सिबल पंपों से 950 टीडीएस से अधिक वाला दूषित ज़मीन का पानी पी रहे हैं। दूषित पानी का सबसे बड़ा असर ग़रीब परिवारों पर पड़ा है। 70 वर्षीय जसदेव कौर को दूषित पानी पीने से गठिया की बीमारी हो गई और उनके हाथ-पांव टेढ़े-मेढ़े हो चुके हैं। अन्य परिवार भी त्वचा और बालों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित हैं। इसी मध्य, लगभग 10 लाख रुपये की ग्रांट बीडीपीओ दफ़्तर लंबी में एक साल से पड़ी है, लेकिन स्थानीय आम आदमी पार्टी के दो धड़ों के बीच टकराव के कारण यह रुकी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक धड़ा ज़िद पर अड़ा है कि ग्रांट तभी जारी होगी, जब अकाली सरपंच, मंत्री की हाज़री लगाएगा। इस राजनीतिक अड़ंगे ने ग़रीब परिवारों की स्वास्थ्य व और दोनों को बर्बाद कर दिया है। लोगों को रोज़ाना 30-50 रुपये का आरओ पानी ख़रीदना पड़ता है और महीने में कई बार 1,000 रुपये प्रति टैंकर पानी मंगवाना पड़ता है। वार्ड निवासी अमनदीप कौर, बलदेव कौर, सरबजीत कौर और अन्य ने कहा कि ग़रीबी के साथ पानी की समस्या दोहरा नरक बन गई है। विधवा वीरपाल कौर ने बताया कि वह दो दिव्यांग पुत्रों का दुख झेल रही है। उसे पहले रोज़ाना घरों में झाड़ू-पोचा करना पड़ता है और बाद में पानी के लिए मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं। भोली नामक महिला ने बताया कि पानी सप्लाई न आने के कारण उसने 8 हज़ार रुपये का कर्ज़ लेकर घर में बोरवेल लगवाना पड़ा है। भाकियू एकता उगराहां के नेता दलजीत सिंह व तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि पाइपों की बिगड़ी लेवलिंग के कारण यहां कभी पानी नहीं पहुंच सका, जबकि सरकारी ग्रांट होने के बावजूद नई पाइपलाइन नहीं डलवाई जा रही। वॉटर वर्क्स से बिना फ़िल्टर पानी सप्लाई 10 लाख रुपये की ग्रांट न लगने के कारण वॉटर वर्क्स का फ़िल्टर मीडिया फेल हो चुका है। इस वजह से गांव को बिना फ़िल्टर किया पानी ही सप्लाई किया जा रहा है। वार्डवासियों ने इस मुद्दे पर हाल ही में बीडीपीओ दफ़्तर लंबी के बाहर धरना भी दिया था।

बाढ़ पीड़ितों के बीच राहुल गांधी का सानिध्य, बाबा बुड्ढा साहिब गुरुद्वारे में श्रद्धांजलि

चंडीगढ़ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज पंजाब दाैरे पर हैं। वे प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। राहुल गांधी अमृतसर के श्री गुरु रामदास इंटरनेश्नल एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां से अजनाला, रमदास के गांव में जाकर लोगों से मिले। राहुल गांधी रमदास स्थित गुरुद्वारा श्री समाध बाबा बुड्ढा जी साहिब में भी नतमस्तक हुए। इसके बाद वह गुरदासपुर गए और वहां के हालातों का जायजा लिया। इस दाैरान उन्होंने ट्रैक्टर की सवारी की। राहुल गांधी हवाई सर्वे के बजाय सीधे गांव-गांव जाकर लोगों से रुबरु हो रहे हैं। बिट्टू ने कसा तंज, बोले, बाढ़ के समय मना रहे थे छुट्टियां राहुल गांधी के पंजाब दौरे पर लुधियाना के पूर्व सांसद और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तंज कसा है। बिट्टू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी पंजाब आ रहे हैं। जब उपराष्ट्रपति के लिए चुनाव हो रहे थे, तब वह छुट्टियों का आनंद लेने में व्यस्त थे। जब पंजाब डूब रहा था और लोग रो रहे थे तो वह मलेशिया में ऐश कर रहे थे। यह दौरे लोगों का दर्द मिटाने के लिए नहीं, सियासी स्टेज पर ड्रामेबाजी करने के लिए लग रहे हैं।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने उतरी यूथ कांग्रेस, चंडीगढ़ में उठाएगी प्रमुख मुद्दे

चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय बैठक में संगठनात्मक मजबूती, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और आगामी रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की गई। महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक लुबाना ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और चंडीगढ़ प्रभारी अयाज चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एचएस लक्की, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह उपस्थित रहे। अयाज चौधरी ने युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा दी और कहा कि देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा, पर्यावरण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जनता के बीच जाकर काम करें।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवाओं की शक्ति में विश्वास रखती है और यूथ कांग्रेस को हर स्तर पर पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने युवाओं को पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पार्षद गुरप्रीत सिंह ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के कार्यों में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया और युवाओं से आग्रह किया कि वे जमीनी मुद्दों को समझें और उनका समाधान करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। दीपक लुबाना ने बताई योजना अध्यक्ष दीपक लुबाना ने आगामी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि कालेजों और यूनिवर्सिटी में बड़े स्तर पर युवाओं से संवाद कार्यक्रम होंगे। महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता अभियान चलेगा। सदस्यता अभियान से संगठन का विस्तार होगा। नए कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर और कार्यशालाएं होंगी। सोशल मीडिया के माध्यम से युवा संवाद और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।