samacharsecretary.com

300 रुपये के लिए चली गोली! बिहार में बदमाशों का कहर, दुकानदार से 10 हजार लूटे

बाढ़ बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि मात्र 300 रुपये मांगने पर किराना दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं। ताजा मामला लेमुआबाद गांव का है, जहां तीन बदमाशों ने एक जनरल स्टोर संचालक पर गोली चला दी। जानकारी के अनुसार, लेमुआबाद गांव निवासी जवाहर साह अपनी जनरल स्टोर की दुकान पर बैठे थे। तभी तीन युवक दुकान में आए और कुछ सामान खरीदा। सामान की कुल कीमत 300 रुपये थी। जब दुकानदार ने पैसे माँगे, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए भुगतान से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने हथियार निकालकर दुकानदार पर फायरिंग कर दी। गोली जवाहर साह के हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल दुकानदार को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल दुकानदार ने बताया कि उसके काउंटर में रखे दस हजार रुपये भी अपराधियों ने लूट लिए। घटना के बारे में मुखिया प्रतिनिधि सुमित कुमार ने बताया कि वह दुकान के पास खड़े थे। उन्होंने कहा कि तीन युवक दुकान से सामान खरीदने आए और तीन सौ रुपये के सामान का भुगतान मांगने पर दुकानदार को गोली मार दी। साथ ही काउंटर में रखे रुपए लूट लिए। उन्होंने कहा कि एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। थाना अध्यक्ष नवनीत राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन युवक दुकान में आए और तीन सौ रुपये के उधार सामान लेने के बाद दुकानदार पर गोली चलाई गई। सभी आरोपी गांव के ही निवासी हैं और उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हमलावरों की तलाश जारी है।  

रूपक सहनी की हत्या पर प्रशासन सख्त, थानाध्यक्ष निलंबित, जांच में जुटी एसआईटी

समस्तीपुर समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव में बुधवार की देर शाम भाजपा के बूथ अध्यक्ष रूपक सहनी की अंधाधुंध गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसपी अरविंद प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और खुद मामले की जांच में जुट गए। घटना के समय रूपक सहनी मंदिर के पास स्थित एक दुकान में बैठे थे, तभी 3-4 की संख्या में बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां बरसाने के बाद अपराधी वहां से पैदल ही भाग निकले। इस हमले के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घायल रूपक सहनी को स्थानीय लोगों ने तुरंत खानपुर सीएचसी पहुँचाया, जहाँ अस्पताल प्रभारी डॉक्टर राणा नितीश कुमार सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून बरामद हुआ और खून में सने आधा दर्जन से अधिक खोखा भी पुलिस ने जमा किया। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने भी नमूने एकत्रित किए हैं। एसपी ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है और पूरी कार्रवाई तेज़ी से जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

कांग्रेस की ताकत हैं राहुल और प्रियंका, रिश्ता दूध-चीनी जैसा— पप्पू यादव का बयान

पटना  पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का रिश्ता 'दूध और चीनी' जैसा है और लोगों को उनसे भरोसे और रिश्तों से सीखना चाहिए। पप्पू यादव का यह बयान उस वक्त आया है, जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के प्रियंका गांधी को पीएम बनाने की वकालत पर बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने भी सहमति जताई। मीडिया से बातचीत में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा परिवार का हिस्सा हैं और कांग्रेस में फैसले सीडब्ल्यूसी और सीईसी जैसी कांग्रेस की लीडरशिप बॉडी लेती हैं। राहुल गांधी कांग्रेस में सर्वसम्मति से माने जाने वाले नेता और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। प्रियंका गांधी और यहां तक कि मल्लिकार्जुन खड़गे भी प्रधानमंत्री बनने के काबिल हैं। बिहार में आपराधिक घटनाओं पर पप्पू यादव ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि हर दिन इतनी हत्याएं क्यों हो रही हैं। अगर कोई आंखें होते हुए भी अंधा और कान होते हुए भी बहरा बनना चाहता है, तो इसमें मेरी क्या गलती है। पूरी दुनिया देख सकती है कि हालात कैसे हैं। आम लोग और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। जिस समुदाय ने उन्हें वोट दिया, उसे माफिया नहीं माना जाता, जबकि जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया, उन सभी को माफिया करार दिया जाता है। भाजपा नेता नवनीत राणा के बयान, जिसमें उन्होंने हिंदुओं से अपील की है कि कम से कम चार बच्चे जरूर करें, इस पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा नेताओं के परिवारों में भी कई बच्चे हैं। आज भाजपा नेताओं की शादियां सभी समुदायों में हो रही हैं, हिंदू और मुस्लिम दोनों में। हम चाहते हैं कि भाजपा नेता पासवान और ऋषिदेव जैसे दलित समुदायों में भी शादी करें और सच में जाति की दीवारों को तोड़ें। उन्होंने कहा, भाजपा नेताओं को 19 बच्चे या 21 बच्चे पैदा करने से कौन रोक रहा है? वे 21 बच्चे भी पैदा कर सकते हैं। यह उनकी मर्जी है।

निर्माणाधीन विश्वविद्यालय भवनों का CM नीतीश ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मीठापुर में बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एवं बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ० प्रतिमा एस० वर्मा ने बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय तथा स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के भवन के निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी दी। CM नीतीश ने तेजी से निर्माण पूर्ण करने का दिया निर्देश निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के छात्र एवं छात्राओं को उच्च स्तर की तकनीकी शिक्षा प्रदान करने हेतु बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एवं बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एवं बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन सभी संरचनाओं का निर्माण कार्य बेहतर ढंग से और तेजी से पूर्ण करें। मीठापुर के इस क्षेत्र में चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वाविद्यालय, निफ्ट, चाणक्या लॉ यूनिवर्सिटी एवं मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान बनाये गए हैं। यह पूरा क्षेत्र काफी अच्छा हो गया है। इन दोनों विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूर्ण होने से यह क्षेत्र और भी अच्छा दिखेगा। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 27 जुलाई 2022 को बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना की गई तथा इसके भवन के निर्माण हेतु मीठापुर, पटना में 05 एकड़ भूमि आवंटित की गई। मुख्य भवन 04 मंजिल का होगा। इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,11,732 वर्गफीट है। इसके भूतल पर डीन कार्यालय, रजिस्ट्रार का कार्यालय, कैफेटेरिया एवं अन्य कार्यालय, प्रथम तल पर कुलपति कार्यालय, मीटिंग हॉल तथा मूल्यांकन केन्द्र बनाया जा रहा है। द्वितीय तल पर कार्यालय कक्ष, मूल्यांकन केन्द्र, भंडारगृह आदि तृतीय तल पर 05 अभिलेखागार, भंडारगृह आदि तथा चतुर्थ तल पर मूल्यांकन केन्द्र एवं 02 बड़े बहुउद्देशीय हॉल बनाया जा रहा है। साथ ही इस परिसर में 01 अतिथि गृह का भी निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 08 कमरे तथा 04 सुइट रूम का निर्माण किया जाना है। यहां 01 केयर टेकर आवास का भी निर्माण किया जा रहा है। राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा (मेडिकल एजुकेशन) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी योजना के रूप में सात निश्चय-2 योजना के अंतर्गत स्थापित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के नये भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। भवन का कुल क्षेत्रफल 27567 वर्गमीटर है। परियोजना के दो भाग हैं प्रथम भाग मुख्य विश्वविद्यालय भवन, जिसका कुल क्षेत्रफल 12,845 वर्ग मीटर है, जिसके अंतर्गत प्रशासनिक सह शैक्षणिक भवन, परीक्षा कक्ष, औषधालय, बहुउद्देशीय मंच, प्रतीक्षालय कक्ष, सूचना केन्द्र, नामांकन शाखा, कुलाधिपति कक्ष, प्रशिक्षण सह स्थानन शाखा इत्यादि हैं तथा दूसरे भाग उपभवन, जिसका कुल क्षेत्रफल 14822 वर्ग मीटर है, जिसके अंतर्गत कुलपति आवास, विश्वविद्यालय अतिथि गृष्ठ तथा बहुउद्देशीय सभागार की व्यवस्था की गई है।

पैसों की भूख में क्रूरता: कुत्ते का मांस खरगोश बताकर बेचने का आरोप, बिहार में हड़कंप

पटना  बिहार में शराब के पैसों के लिए एक शख्स ने बड़ा कांड कर दिया है। इस शख्स की करतूत को जानकर आप चौंक जाएंगे। घटना मोतिहारी जिले की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां एक शख्स के पास शराब पीने के लिए पैसे नहीं थे तो उसने एक कुत्ते को मार डाला। उसने कुत्ते के मांस को खरगोश का मांस बताकर पूरे गांव में बेचा और लोगों से पैसे भी लिए। इधर कुत्ते का मांस खरगोश का मांस समझ कर खाने से यहां कई लोगों की तबीयत भी खराब हो गई है।   मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोतिहारी के मधुबन प्रखंड के गरहिया बाजार थाना इलाके के गरहिया गांव में रहने वाले मंगरु सहनी नाम के एक युवक ने इस भयानक कांड को अंजाम दिया है। इलाके के कुछ लोगों ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि मंगरु शराब पीने का आदी था। घटना के दिन मंगरु के पास शराब पीने के लिए पैस नहीं थे। आरोप है कि मंगरु सहनी ने इलाके में रहने वाले एक कुत्ते को मार डाला। मंगरु ने इस कुत्ते के कई टुकड़े कर दिए। इसके बाद मंगरु गांव में इन टुकड़ों को यह कहकर बेचने लगा कि यह खरगोश का मांस है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उसने कुत्ते के मांस को 1000 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेच दिया। यह भी कहा जा रहा है कि शराब बेचकर आए पैसों से उसने शराब भी पी थी। इधर मंगरु से मांस खरीदकर खाने वाले कई लोगों की तबीयत भी खराब होने लगी। यह भी कहा जा रहा है कि मंगरु ने खुद गांव में घूम-घूम कर कई लोगों से कहा कि उसने सबको कुत्ते का मांस खिलाया है। इस घटना से गांव में लोग आक्रोशित हैं। आरोपी मंगरु फरार है। हांव के पास ही एक बागवानी में कुत्ते का कटा हुआ सिर भी मिला है। यह सारा मामला अब स्थानीय थाने में भी पहुच चुका है। गांव वालों ने लिखित शिकायत पुलिस को सौंपा है और कार्रवाई की मांग की है।

31 IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन, बिहार में 22 नए DIG नियुक्त; कुंदन कृष्णन बने DG

पटना बिहार सरकार ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 31 अधिकारियों को पदोन्नति दी है। गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर यह जानकारी दी। अधिसूचना के अनुसार ये पदोन्नतियां एक जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी। अधिसूचना में बताया गया कि 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) पद से पदोन्नत कर पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 2008 बैच के आठ आईपीएस अधिकारियों को उप महानिरीक्षक (DIG) से पदोन्नत कर पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है। इनमें किम, निताशा गुरिया, सत्यवीर सिंह, उपेंद्र कुमार शर्मा, विकास बर्मन और मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। अधिसूचना के मुताबिक 2012 बैच के 22 आईपीएस अधिकारियों को उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नति दी गई है।

तेजस्वी यादव पर JDU का बड़ा आरोप, हिस्ट्रीशीटर रमीज संग विदेश घूमने का दावा

पटना जदयू प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष को लेकर बड़ा दावा किया है। नीरज कुमार ने बिहार डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ विदेश भ्रमण पर हिस्ट्रीशीटर रमीज नेमत खान गए हुए हैं। पुलिस को इसपर कड़ी नजर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि मीडिया से यह जानकारी मिली है। उन्होंने कहा है कि रमीज नेतान खान उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं। हत्या के मामले में वह पूर्व में गिरफ्तार भी हो चुके हैं। नीरज कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘DGP, बिहार को पत्र। मीडिया के अनुसार तेजस्वी यादव हिस्ट्री-शीटर रमीज़ नेमत खान के साथ विदेश भ्रमण पर गए हैं। आशंका है कि मोतिहारी विधानसभा से राजद के प्रत्याशी देवा गुप्ता भी उस यात्रा में शामिल हो, जिस पर 28 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं 1 लाख रुपये का इनाम घोषित है।’ कौन है रमीज नेमत खान बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की हार और फिर लालू परिवार की बेटी रोहिणी आचार्या के साथ परिवार में टकरार होने के बाद रमीज नेमत खान का नाम सामने आया था। इस हार के बाद रोहिणी आचार्या ने रमीज और संजय यादव का नाम लिया था औऱ इनपर निशाना साधा था। रमीज के बारे में बताया जाता है कि वो तेजस्वी यादव की तरह ही एक क्रिकेटर रहे हैं। रमीज उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि बिहार चुनाव के दौरान रमीज तेजस्वी यादव की कैंपेनिंग और चुनाव से जुड़े अन्य कार्य संभालते थे। रमीज नेमत खान बलरामपुर के चर्चित नेता रिजवान जहीर के दामाद हैं। रिजवान जहीर पर मर्डर का केस है औऱ वो जेल में बंद हैं। इस मामले में रमीज भी अभियुक्त हैं। रमीज को साल 2022 में गिरफ्तार भी किया गया था। रमीज नेमत खान को तेजस्वी यादव का बेहद करीबी माना जाता है। देवा गुप्ता पर पुलिस ने इनाम रखा है देवा गुप्ता बिहार विधानसभा चुनाव में मोतिहारी जिले से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी थे। उनकी पत्नी मेयर हैं। मेयर पति पर छतौनी थाना क्षेत्र के बढई टोला निवासी देवा गुप्ता पर हत्या के मामले में इनाम की घोषणा की गई है। उसपर जिले के विभिन्न जगहों पर 28 अपराधिक मामले दर्ज हैं। देवा गुप्ता पर एक लाख रुपये इनाम रखा गया है। देवा गुप्ता 2 मामलों में फरार भी बताए जाते हैं।  

ठंड से ठिठुरा बिहार: 14 जिलों में Cold Day का अलर्ट जारी

पटना बिहार के अधिकांश जिलों में इन दिनों गंभीर शीत लहर और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार दिन और रात के तापमान में बेहद कम अंतर रह जाने से राज्यभर में कनकनी काफी बढ़ गई है। फिलहाल पटना, अरवल और औरंगाबाद समेत 14 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) की स्थिति बनी हुई है और अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कई इलाकों में छाया रहेगा घना कोहरा मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार के अलग-अलग हिस्सों में Dense Fog बने रहने के आसार हैं। सुबह और रात के समय कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। 7–8°C के साथ सबसे ठंडा रहा गयाजी बीते 24 घंटों के दौरान गयाजी राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड का प्रकोप और ज्यादा महसूस किया गया। रेल, सड़क और हवाई सेवाएं प्रभावित घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर रेल, सड़क और हवाई यातायात पर पड़ा है। पटना, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से आज भी कई नियमित उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि कुछ फ्लाइट्स देरी से संचालित हो रही हैं। वहीं कोहरे की वजह से लंबी दूरी की कई ट्रेनें अपने तय समय से काफी देरी से चल रही हैं। ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टी तेज ठंड और शीतलहर से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर अहम फैसले लिए हैं—     पटना जिला: कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 27 दिसंबर तक बंद     लखीसराय: कक्षा 8 तक शैक्षणिक गतिविधियां 4 जनवरी 2026 तक स्थगित     कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाएं सावधानी के साथ जारी     शेखपुरा: कक्षा 8 तक के स्कूलों में 26 दिसंबर तक पठन-पाठन पर रोक     प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ठंड से बचाने की अपील की है।

कड़ाके की सर्दी में बड़ा फैसला, पहली से आठवीं तक सभी स्कूलों में छुट्टी

पटना बिहार में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं, ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए जहानाबाद जिला प्रशासन ने बड़ा  फैसला लिया है। जिले में कक्षा 1 से 10वीं तक के सभी स्कूल बंदकर दिए गए हैं। 27 दिसंबर तक बंद रहेंगे स्कूल बता दें कि यह आदेश 24 दिसंबर से प्रभावी होकर 24 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा। जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 वीं तक के सभी सरकारी स्कूल, निजी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 24 से 27 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, बाकी कक्षाएं सुबह 10 से 2 बजे तक चलेंगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। डीएम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, भीषण ठंड की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। एहतियातन प्रशासन ने जिले के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 27 दिसंबर तक रोक लगाने का आदेश जारी किया है। गौरतलब हो कि मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के 14 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है और अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

झारखंड सरकार का बैंक ऑफ इंडिया से करार, कर्मचारियों को मिलेगा 2 करोड़ का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस

रांची झारखंड सरकार ने बैंक ऑफ इंडिया (BOI) के साथ अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन पैकेज को लेकर एक समझौते पर मंगलवार को हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में वित्त विभाग और बैंक के बीच इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगी कई सुविधाएं समझौते के अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया में खाता खोलने वाले सरकारी कर्मचारियों को दो करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा, बच्चों के लिए शैक्षणिक लाभ सहित कई सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा, ‘‘ बैंक ऑफ इंडिया ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की जीवन सुरक्षा पर केंद्रित एक पैकेज तैयार कर बेहद संवेदनशील पहल की है। कर्मचारी चाहे स्थायी हों या संविदा पर, हर कोई चाहता है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह अपना जीवन आराम एवं शांति से बिता सके।'' सोरेन ने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण राज्य के अंतिम व्यक्ति को सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार चाहती है कि उसकी योजनाओं के लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचें। बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुब्रत कुमार ने कहा कि बैंक झारखंड में 494 शाखाओं का संचालन करता है, जिनमें 300 ग्रामीण, 97 अर्ध-शहरी एवं 97 शहरी क्षेत्रों में हैं। राज्य में बैंक के 264 एटीएम हैं। पैकेज का विवरण देते हुए बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) के एक अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के साथ वेतन समझौता तीन वर्गों स्थायी कर्मचारी, सरकारी पेरोल पर संविदा कर्मचारी एवं पेंशनभोगी के लिए किया गया है। तीनों वर्गों के लिए अलग-अलग सुविधाएं हैं। स्थायी कर्मचारियों के लिए इस पैकेज में दो करोड़ रुपये का हवाई दुर्घटना बीमा, एक करोड़ रुपये का सामान्य दुर्घटना बीमा, स्थायी अक्षमता की स्थिति में एक करोड़ रुपये और आंशिक अक्षमता के लिए 50 लाख रुपये का लाभ शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘ इसके अतिरिक्त हम 10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस और 10 लाख रुपये का शैक्षणिक लाभ भी दे रहे हैं। '' उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों को 50 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, स्थायी अक्षमता की स्थिति में 50 लाख रुपये और आंशिक अक्षमता के लिए 25 लाख रुपये का लाभ मिलेगा।