samacharsecretary.com

इंडिगो का उड़ान शेड्यूल प्रभावित: जयपुर से 7 उड़ानें आज भी कैंसल

जयपुर  बीते 3 दिनों से देश भर के एयरपोर्ट्स पर इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से कोहराम मचा हुआ था। सोमवार को जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमानों ने उड़ान भरनी शुरू कर दी। राजस्थान से इंडिगो की प्रतिदिन करीब 90 उड़ाने संचालित होती हैं। हालांकि आज भी देश भर में इंडिगो की कई उड़ाने कैंसल हो गई हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर  इंडिगो की करीब 7 उड़ाने रद्द हुई हैं। इनमें जयपुर से कोलकाता जाने वाली  (6E 207 JAI-CCU)  जयपुर से हैदराबाद के लिए  (6E-815 JAI-HYD) कोलकाता से जयपुर (6E-715 CCU-JAI), चेन्नई से जयपुर  (6E-6113 MAA-JAI) जयपुर से चेन्नई (6E-5362 JAI-MAA) , दिल्ली से जयपुर ( 6E-5337 DEL-JAI) और बॉम्बे से जयपुर  (6E-5052 BOM-JAI) की उड़ानें रद्द की गई हैं।  इसके अलावा भी देश भर में 100 से ज्यादा उड़ानें आज रद्द होने की जानकारी मिली है। बीते 3 दिनों में जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर करीब 60 से ज्यादा उड़ाने रद्द हुई जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीजीसीए की तरफ से इंडिगो को फ्लाइट कैंसिलेशन को लेकर नोटिस जारी किया जा चुका है तथा कंपनी को निर्देशित किया गया है कि यात्रियों का रिफंड तुरंत जारी किया जाए। इन फ्लाइट्स ने भरी उड़ान     सुबह 5:35 बजे: बेंगलुरु की फ्लाइट 6E-839     सुबह 5:45 बजे: गोवा की फ्लाइट 6E-6977     सुबह 5:50 बजे: चंडीगढ़ की फ्लाइट 6E-7742     सुबह 6:10 बजे: हैदराबाद की फ्लाइट 6E-752     सुबह 6:25 बजे: इंदौर की फ्लाइट 6E-7744     सुबह 6:40 बजे: गुवाहाटी की फ्लाइट 6E-748     सुबह 6:40 बजे: उदयपुर की फ्लाइट 6E-7465     सुबह 9:05 बजे: जयपुर से कोलकाता फ्लाइट 6E-6247     सुबह 9:20 बजे: जयपुर से जैसलमेर फ्लाइट 6E-7675     सुबह 9:45 बजे: जयपुर से चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-7718

317 नई महिला कांस्टेबलों ने राजस्थान पुलिस में सेवा की शपथ, भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न

जयपुर  राजस्थान पुलिस अकादमी में महिला आरक्षी बैच 98 और 99 का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आज शानदार माहौल में शुरू हुआ। कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। परेड ग्राउंड में जोश, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। समारोह में कुल 317 महिला कांस्टेबल वतन की सेवा की शपथ ले रही हैं, जिनमें 76 दूरसंचार (टेलीकॉम) कांस्टेबल 241 जनरल ड्यूटी महिला कांस्टेबल आज से आधिकारिक रूप से पुलिस सेवा में शामिल हो रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत डीजीपी के परेड निरीक्षण से हुई। परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई, जिसने समारोह में गर्व और देशभक्ति का माहौल भर दिया। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।समारोह में डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल, RPA निदेशक संजीब कुमार नार्जरी, अतिरिक्त निदेशक शंकर दत्त शर्मा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित हैं। यह दीक्षांत समारोह राजस्थान पुलिस में नारी शक्ति के नए दमखम और नई ऊर्जा का प्रतीक है। महिला शक्ति अब पूरी तैयारी, समर्पण और गर्व के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे बढ़ रही है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक: जानिए CM भजनलाल और प्रदेशाध्यक्ष ने क्या कहा

जयपुर जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर सुबह नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों, रणनीतियों और प्रदेश में विकास से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और नई जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यों का समुचित वितरण सुनिश्चित करना था। CM ने पारदर्शी शासन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर दिया जोर मुख्यमंत्री शर्मा ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और प्रदेश सरकार के संकल्पों को घर-घर तक पहुंचाना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठनात्मक सक्रियता को मजबूती देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। प्रदेशाध्यक्ष ने संगठन और कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी की शक्ति प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने आने वाले महीनों में कार्यक्रमों को मजबूत स्वरूप देने तथा जनता से लगातार संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट में डिजिटल रणनीति पर मार्गदर्शन इसी क्रम में दोपहर 11:30 बजे कृषि अनुसंधान केंद्र, दुर्गापुरा में सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट आयोजित हुई। इस सत्र में भी मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में सोशल मीडिया टीम को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी उपस्थिति, सही जानकारी जनता तक पहुंचाने और दुष्प्रचार का जवाब देने संबंधी रणनीतियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

मेवाड़ ने किया इंस्पेक्टर महेश नागदा का सम्मान, ऑपरेशन सिंदूर की वीरता को नमन

उदयपुर बीएसएफ के इंस्पेक्टर महेश नागदा के उदयपुर पहुंचते ही ओल्ड सिटी देशभक्ति के रंग में डूब गई। ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, क्षेत्रवासी और उनके मित्र मौजूद रहे। भट्टियानी चौहट्टा निवासी नागदा को भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में प्रदर्शित साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा के लिए डायरेक्टर जनरल डिस्क व कमेंडेशन रोल से सम्मानित किया जाएगा।   रंगनिवास से जगदीश मंदिर तक निकला सम्मान जुलूस इंस्पेक्टर नागदा का स्वागत रंगनिवास चौकी से शुरू होकर जगदीश मंदिर तक भव्य जुलूस के रूप में किया गया। रास्तेभर लोगों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जुलूस के दौरान आतिशबाजी, पगड़ी, उपरणा और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर उनके पिता रेवाशंकर नागदा भी मौजूद रहे।   भावुक कर देने वाला पिता–पुत्र का क्षण समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब बिना पूर्व सूचना पिता रेवाशंकर नागदा को बताया गया कि उनका पुत्र महेश उदयपुर पहुंच चुका है और शहर उनका सम्मान कर रहा है। पिता-पुत्र के इस मिलन ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। स्वागत से अभिभूत इंस्पेक्टर नागदा ने कहा कि वे सदैव भारत की माटी और मेवाड़ की धरा का मान बनाए रखने के लिए समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, गोपाल जोशी, अजय पोरवाल, देवेंद्र जांवलिया, जगदीश शर्मा, मनु राव, कुलदीप सिंह गहलोत, कैलाश सोनी, कुलदीप जोशी, शिवराज धाबाई, गोपाल नागर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।  

हाड़ कंपाने वाली सर्दी ने बढ़ाई ठिठुरन, फतेहपुर में पारा लुढ़का

जयपुर राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर और आसपास के इलाकों में हल्के बादलों के रूप में दिखाई दिया, हालांकि कहीं भी बारिश नहीं हुई। बादल छाने और पश्चिमी हवाएं चलने से उत्तर से आने वाली बर्फीली हवा कुछ कमजोर पड़ी है। इस विक्षोभ का आंशिक प्रभाव अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक राज्यभर में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे शेखावाटी, बीकानेर और जयपुर संभाग के इलाकों में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर से राहत मिल सकती है। शेखावाटी में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक ठंड महसूस की गई। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि माउंट आबू और सीकर में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अलवर में 5 और दौसा में 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और गंगानगर सहित कई पश्चिमी जिलों में धूप कमजोर रही। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 29.3, जैसलमेर में 28.3, बीकानेर में 23.3 और चूरू में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में सुबह हल्की धुंध छाई रही और शीतलहर के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो-तीन दिनों तक कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे शीतलहर से राहत मिलेगी। अगले तीन-चार दिनों में शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और बाकी हिस्सों में 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

देश के लिए अटूट निष्ठा रखने वाले वीर सैनिक हमारे गर्व का प्रतीक : भजनलाल शर्मा

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारे वीर जवान अपने परिवार से दूर रहकर, कठिन परिस्थितियों में निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा करते हैं। उनके अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही हम सभी देशवासी चैन और सुकून से रह पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व सैनिक केवल सेवानिवृत व्यक्ति नहीं, बल्कि अनुभव और अनुशासन के प्रतीक हैं। उनकी राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा हम सब के लिए प्रेरणादायी है। यह देश के हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह जवानों को उचित मान-सम्मान दें। शर्मा ने रविवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर थलसेना की दक्षिण पश्चिमी कमान की ओर से पूर्व सैनिकों की वीरता और बलिदान के सम्मान में आयोजित ‘ऑनर रन’ मैराथन को फ्लैग ऑफ किया।  यह मैराथन सेना दिवस (15 जनवरी) के उपलक्ष्य में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के क्रम में आयोजित की गई। मैराथन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ हमारे राष्ट्र के उन अमर सपूतों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इसका उद्देश्य हमारे पूर्व सैनिकों के साहस, बलिदान और अदम्य भावना का सम्मान करना है, जिन्होंने निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनर रन के माध्यम से हम यह सन्देश देना चाहते हैं कि राजस्थान अपने सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि ऑनर रन का आयोजन हमारी सामूहिक चेतना की अभिव्यक्ति है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे हमारे जांबाज सैनिकों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर देश के निर्माण में अपना योगदान दें। ‘ऑनर रन’ में नजर आया भारी उत्साह और जोश अल्बर्ट हॉल पर आयोजित ऑनर रन मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की 3 श्रेणियों की दौड़ आयोजित की गई। मैराथन में सेना के जवानों, पूर्व सैनिकों एवं आमजन ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। देशभक्ति के तरानों के बीच भारत माता की जयकार से माहौल जोश से भर उठा। कार्यक्रम में सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान पूर्व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल माधवेन्द्र सिंह एवं जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में सेना के जवान, पूर्व सैनिक एवं आमजन उपस्थित रहे।

राजस्थान में ‘ऑनर रन मैराथन’ का जोश चरम पर, प्रतिभागियों ने दी शहीदों को सम्मान की सलामी

जयपुर रविवार सुबह जयपुर में सेना की दक्षिण पश्चिम कमान द्वारा पूर्व सैनिकों की वीरता और बलिदान को नमन करते हुए आयोजित ‘ऑनर रन मैराथन’ का भव्य आगाज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। अल्बर्ट हॉल से मैराथन को फ्लैग ऑफ करते हुए सीएम ने कहा कि यह आयोजन शहीदों और वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है, और युवा पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सेना के साहस, अनुशासन और बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सेना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता भाव रखे। इलाका पूरी तरह छावनी में तब्दील रहा मैराथन के फ्लैग ऑफ समारोह में दक्षिण पश्चिम कमान के जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह तथा पूर्व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल माधवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। अल्बर्ट हॉल परिसर और आसपास का इलाका पूरी तरह छावनी में तब्दील दिखा, जहां बड़ी संख्या में सेना के जवान, धावक और आयोजक टीम मुस्तैद रहे। मैराथन तीन श्रेणियों में आयोजित हुई कार्यक्रम के तहत मैराथन तीन श्रेणियों 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर में आयोजित की गई। सुबह 6 बजे 21 किलोमीटर हाफ मैराथन की शुरुआत हुई, जिसमें इंडियन आर्मी के धावक धर्मेंद्र पूनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 1 घंटा 3 मिनट 10 सेकेंड में दौड़ पूरी की। धर्मेंद्र पूनिया वर्तमान में इंडियन आर्मी में सेवाएं दे रहे हैं और आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ पुणे में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। पूर्व सैनिकों का उत्साह देखने लायक रहा 10 किलोमीटर मैराथन में बनारस की धाविका नीता पटेल ने 33 मिनट 11 सेकेंड में दूरी पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, 5 किलोमीटर श्रेणी में भी युवाओं, फिटनेस उत्साहियों और पूर्व सैनिकों का उत्साह देखने लायक रहा।   भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया आयोजन को देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। सिंधी कैंप से चलने वाली बसों तथा दिल्ली-आगरा रूट पर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। आम लोगों से समानांतर मार्ग अपनाने की अपील भी की गई। सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति और वीर सैनिकों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि राजस्थान हमेशा से वीरों की धरती रहा है और ऐसे आयोजन समाज में देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनाते हैं।

CID-आईबी कांस्टेबल परीक्षा: जयपुर में PET-PST की तैयारी, निर्देश जारी

जयपुर जयपुर में कांस्टेबल भर्ती 2025 के अंतर्गत सीआईडी-आईबी में 79 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण चरण शुरू होने जा रहा है। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने इस भर्ती प्रक्रिया की प्रारंभिक स्क्रीनिंग पूरी कर ली है, जिसके बाद कुल 395 अभ्यर्थियों को आगामी चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) एवं शारीरिक माप तौल (पीएसटी) के लिए पात्र घोषित किया गया है। पात्र अभ्यर्थियों की यह सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। 11 दिसंबर को होगा पीईटी/पीएसटी बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सभी 395 पात्र अभ्यर्थियों के लिए पीईटी और पीएसटी का आयोजन 11 दिसंबर को किया जाएगा। यह परीक्षण जयपुर के चित्रकूट, वैशाली नगर स्थित श्री प्रताप यादव स्टेडियम में सुबह 6 बजे से शुरू होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षण के सभी चरण पूर्व निर्धारित समयानुसार ही संपन्न होंगे, इसलिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। ई-प्रवेश पत्र उपलब्ध, निर्देशों का कड़ाई से पालन आवश्यक विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों के ई-प्रवेश पत्र अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। उम्मीदवारों को तुरंत प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दिए गए “अभ्यर्थियों के लिए सामान्य निर्देश” को ध्यानपूर्वक पढ़ने और ज्यों का त्यों पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य रखा गया है। बिना दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षण में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अनुपस्थित अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा दूसरा अवसर पुलिस अधीक्षक, आसूचना एवं सदस्य सचिव सतवीर सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि पीईटी और पीएसटी इस भर्ती प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसके लिए कोई अतिरिक्त तिथि प्रस्तावित नहीं है। जो भी अभ्यर्थी 11 दिसंबर को अपने निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित नहीं होगा, उसे दोबारा कोई मौका नहीं मिलेगा। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि लापरवाही या विलंब अभ्यर्थियों के चयन अवसर को प्रभावित कर सकता है। भर्ती बोर्ड ने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे पूर्ण तैयारी के साथ, समय से पहले स्थल पर पहुंचें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए परीक्षण में शामिल हों।  

ठिठुर रहा राजस्थान: फतेहपुर में तापमान शून्य के पास, मौसम विभाग ने चेताया

जयपुर उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ा दी है। शेखावाटी में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे खेतों में ओस जमने के बाद पाला पड़ना शुरू हो गया है और फसलें प्रभावित हो रही हैं। शुक्रवार को राज्य के 15 से ज्यादा शहरों का पारा सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। जयपुर में भी इस सीजन पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी जारी रहने की चेतावनी दी है। फतेहपुर सबसे ठंडा पिछले 24 घंटों में सीकर का फतेहपुर 1.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। बीकानेर के लूणकरणसर में 3.2, सीकर में 3, नागौर में 3.1, अलवर में 5.4, दौसा में 4.6 और झुंझुनूं में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और अलवर में रातें बेहद ठंडी बनी हुई हैं। सर्द हवा और फीकी धूप के चलते अधिकतम तापमान कई शहरों में 25 डिग्री से नीचे रहा। सिरोही शुक्रवार को सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आगे कैसा रहेगा मौसम? मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा। शेखावाटी में रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक रहने के साथ कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।  

बायोडीजल के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, 2700 लीटर तेल और कई सिलेंडर बरामद

सिरोही सिरोही जिले में रसद विभाग ने अवैध बायोडीजल की बिक्री और घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने 2700 लीटर अवैध बायोडीजल का भंडारण पकड़ा और इसके साथ डिस्पेंसिंग यूनिट, मोटर, ड्रम सहित कई उपकरण जब्त किए। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई अब नियमित रूप से जारी रहेगी।   जिला रसद अधिकारी जगदीश विश्नोई के अनुसार मंडार के गुजरात बॉर्डर पर स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप के पास अवैध बायोडीजल बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसके आधार पर विभाग ने छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में बायोडीजल और उससे जुड़े उपकरण मिले। सभी सामग्री को आवश्यक कार्रवाई के बाद जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी विनोद परमार, प्रवर्तन निरीक्षक अस्मिता मीणा और सोनल राणावत मौजूद रहे।   इसी दौरान विभाग ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों की भी जांच की। मंडार के निकट हाईवे पर संचालित ढाबों पर आकस्मिक निरीक्षण में कई जगह घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। कार्रवाई के बाद सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की जांच जारी रहेगी और घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विभागीय सख्ती के दावों के विपरीत आबूरोड, माउंट आबू, सिरोही, सरूपगंज, पिंडवाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से व्यावसायिक उपयोग हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।