samacharsecretary.com

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने 1672 पदों पर निकाली भर्ती

चंडीगढ़. हरियाणा में कंप्यूटर विज्ञान के स्नातकोत्तर शिक्षकों (पीजीटी) के 1711 रिक्त पदों को भरने के लिए चल रही भर्ती में सिर्फ 39 युवा साक्षात्कार के लिए चयनित हुए हैं। सात साल से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद ने तूल पकड़ा तो हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने आनन-फानन में बाकी बचे 1672 पदों को भरने के लिए फिर से विज्ञापन जारी कर दिया। इनमें 1594 पद शेष हरियाणा काडर और 78 पद मेवात काडर के हैं। 16 फरवरी से नौ मार्च की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इससे पहले बुधवार को एचपीएससी ने सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट का रिजल्ट जारी किया तो हर कोई हैरान रह गया। करीब पांच हजार अभ्यर्थियाें में से केवल 39 ही पास हुए हैं। वर्ष 2019 में पहले हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और फिर एचपीएससी ने विज्ञापन संख्या (26/2023 व 36/2023) अंतर्गत पीजीटी कंप्यूटर साइंस के 1711 पद विज्ञापित किए थे। इनमें हरियाणा काडर के 1633 व मेवात काडर के 78 पद थे। हरियाणा काडर के 1633 पदों में 898 पद सामान्य वर्ग, 327 एससी, 163 बीसीए, बीसीबी, 163 ईडब्ल्यूएस और मेवात काडर के 78 पदों में से 43 सामान्य, 15 एससी, 8 बीसीए, 4 बीसी बी व 8 पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित किए गए। विगत 15 जून को लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था।

PM मोदी से ‘परीक्षा पर चर्चा’ में हरियाणा के काव्यांश ने सीखे सफलता के मंत्र

अंबाला/बराड़ा. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में इस साल देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में हरियाणा राज्य से इकलौते विद्यार्थी के रूप में अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र के गांव पत्रहेड़ी निवासी काव्यांश का चयन हुआ, जिसने न केवल अपने गांव बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। बारहवीं कक्षा का विद्यार्थी काव्यांश पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहा है और हर कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करता रहा है। परीक्षा पर चर्चा के नौवें संस्करण में उसका चयन होना, उसके लिए गर्व का विषय रहा। कार्यक्रम के दौरान काव्यांश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने और उनसे मार्गदर्शन लेने का अवसर मिला। काव्यांश ने बताया कि पीएम मोदी से मिलकर उसे बहुत कुछ सीखने को मिला। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को एक अच्छे गुरु और अभिभावक की तरह समझाते हुए बताया कि किस प्रकार टाइम टेबल बनाकर नियमित और तनाव-मुक्त पढ़ाई की जा सकती है। उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब बेहद सरल और प्रभावी तरीके से दिए, जिससे सभी विद्यार्थी प्रेरित हुए। काव्यांश ने आगे बताया कि चयन के बाद पहले ही दिन उन्हें पूरी प्रक्रिया समझा दी गई थी कि कार्यक्रम में कैसे भाग लेना है और प्रधानमंत्री से कैसे संवाद करना है। जब वास्तविक मुलाकात हुई तो प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों के प्रश्नों को ध्यान से सुना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। हरियाणा से इकलौता विद्यार्थी होने के कारण काव्यांश के चयन से उसके परिजनों और स्कूल प्रशासन में खासा गर्व और खुशी का माहौल है। सभी ने काव्यांश की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हरियाणा-एनसीआर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी

हिसार. हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली में मौसम धीरे-धीरे करवट बदलता नजर आ रहा है। कड़ाके की ठंड, कोहरा और शीतलहर का दौर अब लगभग समाप्ति की ओर है और फरवरी के साथ तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार इस समय क्षेत्र में मौसम आमतौर पर शुष्क बना हुआ है। दिन व रात के तापमान सामान्य के आसपास पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में ठंड का असर और कमजोर होगा, जबकि दूसरे पखवाड़े में हल्की गर्मी की आहट महसूस होने लगेगी। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ केवल पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित रहेंगे, जिससे हरियाणा एनसीआर में वर्षा की संभावना नहीं है। मौसम के इस बदलाव से दिन के समय सुहावनापन बढ़ने की उम्मीद है। कोहरे से भी मिलने लगेगी राहत हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन डागर के अनुसार हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में कोहरे व शीतलहर का प्रभाव तेजी से कम हो रहा है। दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी से दृश्यता में सुधार दर्ज किया जा रहा है और घने कोहरे की परिस्थितियां फिलहाल नहीं बन रही हैं। शीत दिवस और पाला जमने जैसी गतिविधियां भी लगभग समाप्ति पर हैं। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बने रहने से कहीं-कहीं हल्का कोहरा दिख सकता है।

श्रम विभाग के 1500 करोड़ के वर्क स्लिक घोटाले की जांच तेज

चंडीगढ़. हरियाणा में हाल ही में चर्चा में आए श्रम विभाग के 1500 करोड़ रुपये के वर्क स्लिक घोटाले की जांच अब तेज होगी। जांच के लिए गठित कमेटी की पहली बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ में होने जा रही है। हालांकि यह बैठक तय समयावधि के बाद हो रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कमेटी का गठन करते समय एक माह के भीतर रिपोर्ट देने के लिए कहा था। श्रम मंत्री अनिल विज ने दिसंबर में इस घोटाले को उजागर किया था। शुरू में हिसार, कैथल, जींद, सिरसा, फरीदाबाद और भिवानी जिलों में जांच की गई, जहां बहुत सारी गड़बडिय़ां मिलीं। विभागीय जांच लगभग चार महीने पहले शुरू हुई थी और अब तक 13 जिलों में 100 प्रतिशत जांच पूरी हो चुकी है। 13 जिलों में कुल 5 लाख 99 हजार 758 वर्क स्लिप जारी की गई थीं, जिनमें से सिर्फ 53 हजार 249 ही सही पाई गईं। बाकी 5 लाख 46 हजार 509 वर्क स्लिप गलत निकलीं। गलत वर्क स्लिप और फर्जी मजदूरों के नाम दर्ज इसी तरह, कुल 2 लाख 21 हजार 517 मजदूरों के नाम दर्ज थे, लेकिन जांच के बाद सिर्फ 14 हजार 240 ही सही पाए गए, जबकि 1 लाख 93 हजार 756 मजदूरों के नाम फर्जी निकले। इसका मतलब है कि बहुत बड़ी संख्या में गलत वर्क स्लिप और फर्जी मजदूरों के नाम दर्ज किए गए थे। आरोपों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आइएएस पंकज अग्रवाल की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया था, जिसमें आइएएस राजीव रतन और आइपीएस पंकज नैन सदस्य हैं। एक माह बाद भी कमेटी अपनी रिपोर्ट नहीं दे सकी है। जांच कमेटी गठित इसका बड़ा कारण कमेटी में शामिल अधिकारियों के पास एक से अधिक विभागों की जिम्मेदारी होना है। विभागों की लगातार हो रही मीटिंगों के कारण अधिकारी इस जांच को लेकर समय नहीं दे पाए। सरकार ने कमेटी का गठन तो कर दिया है लेकिन जांच का स्वरूप तय नहीं किया। आइएएस पंकज अग्रवाल के अनुसार बजट सत्र की तैयारियों के कारण सभी अधिकारी व्यस्त हैं। इसके बावजूद छह फरवरी शुक्रवार को कमेटी की पहली औपचारिक मीटिंग बुलाई गई है। इस मीटिंग की सूचना कमेटी में शामिल सभी सदस्यों को दे दी गई है।

हरियाणा में जेल वॉर्डन और हेड को मिलेगा कॉन्स्टेबल वाला भत्ता: CM सैनी

करनाल. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल प्रशिक्षण अकादमी, करनाल में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह को प्रदेश के जेल वार्डरों के लिए ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। उन्होंने जेल वार्डर और पुलिस कॉन्स्टेबल के बीच पदोन्नति, सेवा अवधि और भत्तों में चली आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिससे जेल विभाग के कर्मियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब जेल वार्डर को 18 वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने पर हेड वार्डर के पद पर पदोन्नति मिलेगी। इसके साथ ही सुधारात्मक सेवा पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को एक वर्ष का सेवा-विस्तार दिया जाएगा। जेल वार्डर और हेड वार्डर को भी पुलिस कॉन्स्टेबल के समान भत्ता देने की घोषणा की गई। राशन भत्ता में बढ़ोतरी सीएम नायब सिंह सैनी ने राशन भत्ता बढ़ाकर 1500 रुपये, परिवहन भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 720 रुपये तथा वर्दी भत्ता बढ़ाकर 7500 रुपये करने की घोषणा की। दीक्षांत परेड समारोह में जेल सेवा में नियुक्त हुए 116 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कारागार विभाग के महानिदेशक आलोक मित्तल ने कहा कि करनाल में नवनिर्मित जेल प्रशिक्षण अकादमी विभाग के आधुनिकीकरण और व्यावसायिक दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कैदियों के पुनर्वास पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश की पांच जेलों में आइटीआइ और पालिटेक्निक डिप्लोमा कोर्स शुरू किए हैं, जिनके माध्यम से कैदियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिये रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एमओयू भी किया है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को इस बयान पर तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

हरियाणा के राखीगढ़ी में खुदाई में मिले मिट्टी के डायनिंग टेबल-चूल्हे के अवशेष

हिसार. ऐतिहासिक नगरी राखीगढ़ी में एक बार फिर खोदाई में हजारों साल पुराने अवशेष सामने आ रहे हैं। टीले दो पर चूल्हा, खाना खाने की टेबल और मृदभांड के टुकड़े मिले हैं। इससे यह साबित होता है कि हजारों साल पहले भी हमारे बुजुर्ग खाना खाने के लिए मिट्टी की डायनिंग टेबल का प्रयोग करते थे। हजारों वर्ष पहले ही उन्होंने सुविधाओं से लैस ऐसी वस्तुओं की खोज कर ली थी जिनका प्रयोग आज हम कर रहे हैं। खोदाई में निकल रहे अवशेष ऐसे गवाह के रूप में सामने आ रहे हैं। जो कि हजारों साल पहले दफन हो गए थे। ये अपनी कहानी खुद बयां कर रहे हैं। ये सभ्यता क्यों खत्म हुई थी इस बात का जवाब आज भी इन्हीं टीलों के नीचे दबा है। राखीगढ़ी में हो रही तीन टीलों की खोदाई से यह तस्वीर साफ होगी कि उस समय इस मेगा सिटी शहर का क्या स्वरूप था। टीले दो पर लगातार खोदाई से हर रोज इतिहास की परतें खुल रही हैं। खोदाई के दौरान चूल्हा, बर्तनों के टुकड़े, खाने की मेज (डीस आन स्टैंड) सहित काफी मात्रा में पाटरी (टुकड़े) मिली है। इनको साफ करके कार्बन डेटिंग के लिए भेजा जाएगा। टीले के बाहरी किनारे पर खोदाई में ये अवशेष मिलने से पुरातत्वविद यह अनुमान लगा रहे हैं कि वो किनारों पर भी बसासत करके रहते थे। कच्ची ईंटों की दीवार और चूल्हा इस बात के गवाह हैं। वो लोग यहां सुरक्षा के लिए रहते थे या किसी और कारण से इस अतीत को जानने के लिए अभी इंतजार करना होगा। हालांकि, जिस मकसद से खोदाई की जा रही है। शुरुआत में ही ऐसी चीजें मिलने से शहर का स्वरूप जल्द ही सामने आ जाएगा। टीला नंबर- तीन पर भी खोदाई जारी टीले एक पर पहले जो ट्रेंच लगाया था। वहां पर करीब एक फीट गहराई तक खोदाई हो चुकी है लेकिन अभी तक कोई ठोस अवशेष नहीं मिला। सिर्फ पाटरी ही मिली है। उससे कुछ ही दूरी पर एक ट्रेंच और बनाया गया है। उस पर जल्द ही खोदाई शुरू होगी। टीला नंबर- तीन पर भी खोदाई की जा रही हैं। ताकि टीलों के बाहरी किनारों से हड़प्पाकालीन सभ्यता का राज खुल सके।  

हरियाणा में अब 58 साल में रिटायर होंगे सरकारी कर्मचारी

पंचकूला. हरियाणा के सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों और सरकारी कंपनियों में अब केवल दिव्यांग, नेत्रहीन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और न्यायिक अधिकारी ही 60 साल की आयु तक सरकारी नौकरी कर सकेंगे। अन्य सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को 58 साल का होते ही सेवानिवृत्त होना होगा। मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बिना किसी भी कर्मचारी और अधिकारी को 58 साल की उम्र पूरी होने के बाद सेवा विस्तार नहीं दिया जा सकेगा। वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, सभी मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और एसडीएम को आदेश जारी कर दिया गया है। हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम में संशोधन किया गया है, जिसके अनुसार प्रत्येक सरकारी कर्मचारी उस महीने के अंतिम दिन की दोपहर को सेवानिवृत्त होगा, जिस दिन वह सेवानिवृत्ति आयु प्राप्त कर लेता है। सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष जिस सरकारी कर्मचारी की जन्मतिथि महीने के अंतिम दिन पड़ती है तो उसे दिन की दोपहर को सेवा से सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, नेत्रहीन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और न्यायिक अधिकारियों के लिए सेवानिवृत्ति आयु 60 साल रहेगी, जबकि अन्य सभी कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष है। केवल सार्वजनिक हित और असाधारण परिस्थितियों में ही किसी कर्मचारी को सेवानिवृत्ति आयु के बाद भी सेवा में रखा जा सकेगा, लेकिन इसके लिए भी सरकार की मंजूरी लेनी होगी। एक आंख वाले कर्मचारी को अंधा या दिव्यांग व्यक्ति नहीं माना जाएगा। जब कोई सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्ति के लिए पात्र हो तो सेवानिवृत्ति वाले महीने की सात तारीख को एक कार्यालय आदेश जारी किया जाएगा, जिसकी प्रति हरियाणा के प्रधान महालेखाकार को भी भेजनी होगी। ऐसी स्थिति में निलंबित सरकारी कर्मचारी को पुनः सेवा में बहाल करने की आवश्यकता नहीं है। तीन महीने पहले करना होगा विभागाध्यक्ष को सूचित इसी तरह सेवा में रहते हुए विकलांग हो जाने वाले सरकारी कर्मचारी को 58 वर्ष की आयु प्राप्त करने से कम से कम तीन महीने पहले अपने विभागाध्यक्ष को सूचित करना होगा। उन्हें रोहतक स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक की अध्यक्षता में गठित चिकित्सा बोर्ड या चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआइएमईआर) के निदेशक द्वारा गठित चिकित्सा बोर्ड से चिकित्सा जांच करानी होगी। बोर्ड से चिकित्सा रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियुक्ति प्राधिकारी या विभागाध्यक्ष, जो भी उच्च पद पर हो, ऐसे शारीरिक रूप से विकलांग कर्मचारी को सेवा विस्तार देने या न देने का अंतिम निर्णय लेगा।

पुलिस ने ढूंढे लोगों के एक करोड़ रुपए के 393 मोबाइल

गुड़गांव. पुलिस की साइबर सेल वेस्ट टीम ने सेंट्रल-इक्विपमेंट-आइडेंटिटी-रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से बीते चार माह में आमजन के गुम हुए कुल 393 मोबाईल फोन को ढूंढकर रिकवर करके असल मालिक को लौटाया है। इन मोबाइल को आज डीसीपी वेस्ट करण गोयल के नेतृत्व में उनके असल मालिकों को सौंपा गया। पुलिस के मुताबिक, साइबर सेल वेस्ट सहायक उप-निरिक्षक अमित कुमार की टीम को विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई मोबाईल फोन की गुमशुदा शिकायतों/सूचनाओं पर कार्यवाही करते हुए बीते चार माह के दौरान लोगों के गुम हुए कुल 393 मोबाईल फोन को CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल व पुलिस तकनीकी की सहायता से ढूंढकर बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद किए गए इन मोबाईल फोन की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। डीसीपी करण गोयल ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन लोगों की एक अहम जरूरत बन गई है। स्मार्ट मोबाइल फोन के माध्यम से लोग अपने विभिन्न कार्य आसानी से कर लेते है। लोग फोन को माध्यम बनाकर अपना मनोरंजन भी करते है साथ ही अपने मोबाईल फोन मे ही अपने जरूरी दस्तावेज व जानकारी सुनिश्चित भी रखते है, इसलिए अपने मोबाइल फोन के साथ लोगों के सेंटीमेंट्स भी जुड़े होते है। जब किसी व्यक्ति का फोन गुम हो जाता है तो उसे न केवल आर्थिक नुकसान होता है बल्कि उसे मानसिक रूप से भी बहुत परेशानी होती है। इन सभी को मध्यनजर रखते हुए पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशानुसार गुरुग्राम पुलिस लोगों के गुम हुए मोबाईल फोन को CEIR (सेंट्रल-इक्विपमेंट-आइडेंटिटी-रजिस्टर) पोर्टल व पुलिस तकनीकी की सहायता से ढूंढकर बरामद करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।

हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को बजट सत्र में घेरने के लिए दिल्ली से बुलावा

नई दिल्ली. हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस विधायकों के साथ शुक्रवार को नई दिल्ली में बैठक करेंगे। यह बैठक नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में शाम पांच बजे से होगी, जिसमें हरियाणा के पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में 20 फरवरी से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस विधायकों के साथ नेता प्रतिपक्ष, हरियाणा की नायब सरकार को घेरने के लिए मुद्दों पर बातचीत करेंगे। बैठक की सूचना सभी विधायकों को भेज दी गई है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस विधायकों ने सरकार की नीतियों को लेकर खूब हंगामा किया था। कई बार सदन छोडकर भी चले गए थे। पार्टी के युवा विधायक एक ही तरह की ग्रीन जैकेट पहन कर आए थे, उनकी पोशाक भी चर्चा का विषय बनी थी। शुक्रवार को ही पूर्व मुख्यमंत्री अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर दोपहर के भोज का भी आयोजन कर रहे हैं। इसके लिए दोपहर 12 बजे का आमंत्रण दिया गया है। इस तरह का आयोजन भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर साल जनवरी महीने में करते हैं। भोज कार्यक्रम ने पूर्व सीएम की ओर से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ हरियाणा कांग्रेस के उन नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है, जिनसे पूर्व सीएम के साथ मतभेद रहते हैं। ऐसे में देखना यह होगा कि वह नेता आमंत्रण में आते हैं या नहीं। खाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित इंडी गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है।

हरियाणा में 24 घंटे छाया रहेगा घना कोहरा

हिसार. प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत, भिवानी, करनाल, हिसार, चरखी दादरी और कैथल सहित कई जिलों में दृश्यता शून्य से बेहद कम रही, जिससे हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि राज्य में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। 10 फरवरी के बाद भी धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक ठंड बनी रहेगी, लेकिन 10 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। बुधवार को हरियाणा का औसत तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। किसानों के लिए सलाह-हल्की सिंचाई करें चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने कोहरे और ठंड को देखते हुए सरसों में सफेद रतुआ व अल्टरनेरिया रोग पर निगरानी की सलाह दी है। गेहूं व जौ की फसलों में आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें और पाले से बचाव के उपाय अपनाएं।