samacharsecretary.com

हरियाणा में 24 घंटे छाया रहेगा घना कोहरा

हिसार. प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत, भिवानी, करनाल, हिसार, चरखी दादरी और कैथल सहित कई जिलों में दृश्यता शून्य से बेहद कम रही, जिससे हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि राज्य में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। 10 फरवरी के बाद भी धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक ठंड बनी रहेगी, लेकिन 10 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। बुधवार को हरियाणा का औसत तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। किसानों के लिए सलाह-हल्की सिंचाई करें चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने कोहरे और ठंड को देखते हुए सरसों में सफेद रतुआ व अल्टरनेरिया रोग पर निगरानी की सलाह दी है। गेहूं व जौ की फसलों में आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें और पाले से बचाव के उपाय अपनाएं।

अलफलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जावद अहमद सिद्दीकी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

फरीदकोट  दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी और अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में अलफलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जावद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया. इस संबंध में एक अधिकारी की ओर से जानकारी दी गई है. अल फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जांच एजेंसी ईडी ने नवंबर 2025 में छापा मारा था. लाल किला विस्फोट मामले के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई थी. धोखाधड़ी के मामले में हुई गिरफ्तारी दिल्ली में विस्फोट के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की शिकायत पर दर्ज दो प्राथमिकी के आधार पर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने अल फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जावद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है. इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कार्यवाही शुरू करने के बाद दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई की है. लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद क्राइम ब्रांच ने प्राइवेट यूनिवर्सिटी के कामकाज से संबंधित कथित अनियमितताओं और धोखाधड़ी के संबंध में मामले दर्ज किए थे. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिद्दीकी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया. इसके बाद यहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. ED भी कर चुकी है जांच इससे पहले ED भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों की जांच कर चुकी है. ED को शक है कि शैक्षणिक अनियमितताओं के जरिए आर्थिक लेन-देन में भी गड़बड़ी हुई है. इसी कड़ी में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ पहले ही हो चुकी थी. 4 दिन की पुलिस कस्टडी दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने जवाद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की है. पुलिस इस दौरान आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और फर्जीवाड़े की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं. अल-फलाह यूनिवर्सिटी के छात्रों और अभिभावकों से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके.

सूरजकुंड मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने 90 हजार दर्शकों का मोहा मन

फरीदाबाद. अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में मंगलवार को खिली धूप के साथ शिल्पकारों के चेहरे भी खिल गए। सुबह से ही माैसम साफ होने की वजह से प्रत्येक गेट से दर्शक प्रवेश करते हुए नजर आए। कार्य दिवस होने के बावजूद स्टाल से लेकर फूड कोर्ट तक दर्शक खाते पीते हुए खरीदारी करते हुए दिखाई दिए। युवाओं ने विदेशी कलाकारों के साथ सेल्फी ली तो बुजुर्ग हरियाणा के अपना घर को देखते हुए नजर आए। पूर्वोतर के राज्यों के स्टाल पर भी दर्शकों ने खरीदारी की। शाम के समय मेला परिसर में निकलने वाले कार्निवल में दर्शक कलाकारों के साथ जमकर झूमे। मेला प्रबंधन की माने तो मंगलवार को मेले में 35 हजार दर्शक पहुंचे। अभी तक तीन दिनों में कुल 90 हजार दर्शक मेला देखने आ चुके हैं। मुख्य चौपाल पर गूंजा वंदे मातरम मंगलवार काे मुख्य चौपाल पर अफ्रीकाी देश काबो वर्दे के कलाकारों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को अपनी शैली में गाकर माहौल देश भक्तिमय कर दिया। उनकी प्रस्तुति को मुख्य चौपाल पर मौजूद प्रत्येक दर्शक ने तालियां बजा कर दाद दी। इससे पूर्व कजाकिस्तान की महिला कलाकारों के नृत्य एवं गायन ने पर्यटकों को खूब मनोरंजन किया। चौपाल की दर्शकदीर्घा में बैठे भले ही कजाकी गीतों के बोल समझ न आ रहे हो, लेकिन उनका जोशीला म्यूजिक और गीत पर्यटकों को उत्साह से भर रहा था। पर्यटक अपने ही स्थान पर झूम रहे थे। वहीं मंगलवार को बृज के हाली के रसिया ने भी पर्यटकों का खूब मनोरंजन किया। अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में मिस्त्र की झलक अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में पार्टनर देश मिस्र की कला को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टाल लगाए गए हैं। जिनके माध्यम से मेले में आए पर्यटकों को थीम कंट्री की संस्कृति की झलक दिखाई दे रही है। इसी क्रम में स्टाल नंबर तीन पर शिल्पकार सनर हासनीन द्वारा प्रदर्शित उत्पाद पर्यटकों को काफी पसंद आ रहे हैं। उनके स्टाल पर हैंडमेड फैब्रिक से बने कपड़े, खजूर के पेड़ के रेशों से बनी पारंपरिक टोकरियां, ऊन से तैयार पारंपरिक मिस्र के कालीन और वार सज्जा की वस्तुएं उपलब्ध है,जो मेले में आए पर्यटकों को खूब लुभा रहे है। पर्यटक इन उत्पादों की जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। बहुरूपियों के साथ दर्शक खिंचवा रहे फोटो मेला परिसर में रावण, यमराज, पीके, गब्बर सिंह और जोकर के वेश में बहुरूपिये घूमते देखे जा सकते हैं। मेले में पहुंचने वाले पर्यटकों में उनके साथ सेल्फी का विशेष उत्साह दिखाई देता है। इन बहुरूपियों के आसपास में पर्यटकों की भीड़ नजर आती है। पर्यटक इन बहुरूपियों के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं।

हरियाणा में जमीन की पेपरलेस के बाद अब होगी फेसलेस रजिस्ट्री

पंचकूला. हरियाणा में पेपरलेस (कागज रहित) प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन को लागू करने के बाद अब फेसलेस (चेहरा रहित, यानी फिजिकल आने की जरूरत नहीं) रजिस्ट्रेशन शुरू करने की तैयारी है। ‘फेसलेस प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सिस्टम’ का पायलट प्रोजेक्ट फरीदाबाद से मार्च अंत तक शुरू किया जाएगा। फरीदाबाद हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल का विधानसभा क्षेत्र है। यहां किया जाने वाला प्रयोग सफल रहा तो इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। हरियाणा के शहरी निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल के निर्देश पर फेसलेस रजिस्ट्रेशन की तैयारी की जा रही है। 'पारदर्शिता को बढ़ाना इसका उद्देश्य' वित्त आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट डिजिटल, फेसलेस और नागरिक-केंद्रित प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वाकांक्षी कदम साबित होगा। इसका मकसद पारदर्शिता को अधिक बढ़ाना, फिजिकल हस्तक्षेप को कम करना और सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाना है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल एक महत्वपूर्ण गवर्नेंस सुधार है जो नागरिकों के भूमि प्रशासन प्रणाली के साथ बातचीत करने के तरीके को बदल देगा। पायलट प्रोजेक्ट फरीदाबाद जिले की एक तहसील में तीन महीने के लिए लागू किया जाएगा। इस अवधि में इसकी कार्यप्रणाली की लगातार निगरानी की जाएगी और परिणामों के आधार पर अन्य जिलों में विस्तार का निर्णय लिया जाएगा। विपुल गोयल के अनुसार नई प्रणाली के माध्यम से पूरी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को डिजिटल किया जाएगा, जिससे तेज प्रोसेसिंग, बेहतर दक्षता और मानवीय हस्तक्षेप में कमी आएगी। फेसलेस सिस्टम से विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी फेसलेस प्रणाली से संपत्ति लेन-देन अधिक पारदर्शी और परेशानी मुक्त बन सकेगा। फेसलेस सिस्टम में उच्च स्तर की डेटा सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी। परियोजना के सुचारू संचालन के लिए राजस्व विभाग एवं कार्यान्वयन एजेंसी द्वारा समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

जिस पत्नी की हत्या में काटी सजा वह जिंदा मिली

फरीदाबाद. फरीदाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी की हत्या के आरोप में पति ने करीब छह साल जेल की सजा काट ली, लेकिन बाद में पत्नी जिंदा मिल गई। इसके बाद कोर्ट ने आरोपी पति को हत्या के प्रयास का दोषी मानते हुए छह साल की सजा सुनाई। चूंकि आरोपी पहले ही छह साल से अधिक समय जेल में बिता चुका था, इसलिए एडिशनल सेशन जज ज्योति लांबा की कोर्ट ने सजा को अंडरगोन मानते हुए 13 हजार रुपए का जुर्माना लगाकर उसे रिहा करने के आदेश दिए। क्या है पूरा मामला नई दिल्ली निवासी मलखान ने सराय ख्वाजा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सुधा की शादी वर्ष 2005 में गांव जनौली किशनपुर (हाथरस, यूपी) निवासी मुकेश उर्फ मनोज से की थी। दंपती के छह बच्चे हैं। शादी के कुछ समय बाद दोनों फरीदाबाद आकर रहने लगे और दिहाड़ी मजदूरी करने लगे। 13 दिसंबर 2019 को सुधा और मुकेश रोज की तरह काम पर निकले थे। शाम को मुकेश अकेला घर लौट आया। बच्चों के पूछने पर उसने बताया कि सुधा मायके गई है। अगले दिन जब बच्चों ने मामा के यहां फोन किया तो पता चला कि सुधा वहां नहीं पहुंची थी। चरित्र पर शक, उस्तरे से रेत दिया गला इसके बाद पिता मलखान ने सराय ख्वाजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान सुधा के पति मुकेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुकेश ने कबूल किया कि उसे सुधा के चरित्र पर शक था। उसने 13 दिसंबर 2019 को काम के बहाने उसे साथ ले जाकर गुरुग्राम नहर के किनारे उस्तरे से उसका गला रेत दिया और चुन्नी से गला घोंट दिया। सुधा को मरा समझकर वह मौके से फरार हो गया। मुकेश की निशानदेही पर पुलिस ने उस्तरा और खून से सना गमछा बरामद किया, लेकिन सुधा का शव नहीं मिला। नहर में भी तलाश की गई, मगर कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में मुकेश को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

हरियाणा में जल्द लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर

हिसार. हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से सभी पुराने बिजली मीटर बदले जाएंगे और उनकी जगह आधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। जैसे मोबाइल सेवाओं में प्रीपेड और पोस्टपेड विकल्प उपलब्ध होते हैं, उसी तर्ज पर स्मार्ट मीटर व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे उपभोक्ता अपनी सुविधा अनुसार प्रीपेड अथवा पोस्टपेड प्रणाली का चयन कर सकेंगे। इससे न केवल बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा मिलेगी। भूमिगत बिजली तारें बिछाने की प्रक्रिया गुरुग्राम और फरीदाबाद में प्रारंभ कर दी गई है। परिस्थितियों के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी अंडरग्राऊंड केबल डाली जाएंगी, जिससे खंभे गिरने या ऊपर से तार टूटने जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी और बिजल आपूर्ति अधिक सुरक्षित एक विश्वसनीय बनेगी। विजने कहा कि लगभग पूरे प्रदेश में बिजली आपूति संतोषजनक रही है और केवल 6 अधीक्षण अभियंताओं से ही स्पष्टीकरण मांगा गया है। खेदड़ में लगेगी बिजली की नई यूनिट कोल आबंटन की मिली मंजूरी: विज ने कहा कि हिसार के खेदड़ में बिजली की नई यूनिट लगाई जाएगी। इसके लिए हमें कोल आबंटन की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा बरसात के समय जिन सब स्टेशनों में पानी भर जाता है, उनको उंचा उठाया जाएगा। अनिल विज ने कहा कि कोई भी थर्मल लगाना है तो उसके लिए कोल की मंजूरी जरूरी होती है और यह हमें मिल चुकी है। ऐसे में अब ये प्रक्रिया आगे बढ़ पाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में कई जगह ये सामने आया कि कई सब स्टेशनों में पानी भर गया और पूरे इलाके की बिजली काटनी पड़ी। ऐसे में हमने निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी सब स्टेशनों को उंचा उठाया जाए। बस ट्रैकिंग सिस्टम औरएप से मिलेगी यात्रियों को सुविधाः हरियाणा रोडवेज के आधुनिकीकरण को लेकर विज ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जा रहा है जिससे बसों की आवाजाही की सटीक जानकारी मिल सकेगी। वहीं उन्होंने कहा राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनावों में भाजपा एक बार फिर प्रचंड जीत दर्ज कर विजयी पताका फहराएगी। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर अनिल विज ने कहा कि मैं पार्टी का एक बहुत छोटा सा कार्यकर्ता हूं। प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।

हरियाणा में दिव्यांग कर्मचारी अब 58 साल में होंगे रिटायर

चंडीगढ़. हरियाणा सरकार ने दिव्यांग और दृष्टिबाधित कर्मचारियों की रिटायरमेंट की आयु में बदलाव किया है। अब इन कर्मचारियों की रिटायरमेंट 60 साल के बजाय 58 साल होगी। वहीं सरकार ने दिव्यांग और दृष्टिबाधित कर्मचारियों के लिए हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) संशोधन नियम, 2026 के रूप में एक नई रोजगार व्यवस्था लागू की है। वित्त विभाग की ओर से इसकी मंजूरी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि 70% या उससे अधिक विकलांगता वाले दिव्यांग कर्मचारी और दृष्टिहीन कर्मचारी" 58 वर्ष की आयु में रिटायर होंगे। हालांकि इस बदलाव में ग्रुप-डी के कर्मचारियों और न्यायिक अधिकारियों को राहत दी गई है। ग्रुप डी के कर्मचारी और न्यायिक अधिकारी 60 वर्ष की आयु में रिटायर होते रहेंगे। नए बदलाव के अनुसार एक-आंख वाले कर्मचारियों को "अंधे" या दिव्यांग व्यक्तियों के रूप में नहीं माना जाएगा। वे भी 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होंगे। यह बदलाव तत्काल प्रभाव से सभी विभागों में लागू कर दिया गया है।

फरीदाबाद में आयकर विभाग ने कई ठिकानों पर दी दबिश

फरीदाबाद. फरीदाबाद जिले में  इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के द्वारा बड़ी कार्रवाही की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के अलग-अलग 6 से 8  ठिकानों पर टीमें छापेमारी कर रही है। इनमें कई स्कूल और कपंनी मालिकों के घर शामिल है। आज सुबह करीब 6 बजे ही फरीदाबाद में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कई टीमें पुलिस बल के साथ शहर में पहुंची। शहर में आने के बाद इन टीमों के सदस्यों को अलग-अलग ठिकानों पर रेड की जा रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट  की तरफ से एक साथ पहली बार इतनी बड़ी रेड की जा रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीमें शहर में अलग-अलग जगह पर छापेमारी कर रही है। जिन जगहों पर छापेमारी की जा रही है। उनमें एनआईटी स्थित हिंदुस्तान सिक्योरिटी का ऑफिस और सेक्टर 21 में निवास शामिल है। इसके अलावा सेक्टर सेक्टर 17 और सेक्टर 28, नहर पार इलाके के कई स्कूल शामिल है। सूत्रों के मुताबिक 6 से 8 ठिकानों पर आईटी की टीमें छापेमारी कर रही है। सेक्टर नौ के मकान नंबर 504-505 में रानी रॉड के मालिक दीपक गुप्ता के यहां भी छापेमारी हो रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ये छापेमारी किसी बड़ी फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन होने के चलते की जा रही है। स्कूलों और कंपनी के रिकॉर्ड को चेक किया जा रहा है।

अनिल विज का ऐलान: हरियाणा में स्मार्ट मीटर, अब बिजली बिल चुकाने का मिलेगा आसान विकल्प

हिसार  हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से सभी पुराने बिजली मीटर बदले जाएंगे और उनकी जगह आधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जैसे मोबाइल सेवाओं में प्रीपेड और पोस्टपेड विकल्प उपलब्ध होते हैं, उसी तर्ज पर स्मार्ट मीटर व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे उपभोक्ता अपनी सुविधा अनुसार प्रीपेड अथवा पोस्टपेड प्रणाली का चयन कर सकेंगे। इससे न केवल बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा मिलेगी। अनिल विज आज हिसार में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भूमिगत बिजली तारें बिछाने की प्रक्रिया गुरुग्राम और फरीदाबाद में प्रारंभ कर दी गई है। परिस्थितियों के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी अंडरग्राउंड केबल डाली जाएंगी, जिससे खंभे गिरने या ऊपर से तार टूटने जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी और बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनेगी। ऊर्जा विभाग में किए जा रहे सुधारों के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि विभाग में एक सुदृढ़ और जवाबदेह प्रणाली विकसित की गई है, जिसके परिणामस्वरूप गर्मियों के दौरान बिजली कटौती की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित रही है। उन्होंने बताया कि सभी अधीक्षण अभियंताओं (एसई) को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक यह जानकारी दें कि उनके क्षेत्र में यदि कहीं बिजली कट लगा है तो उसका कारण, अवधि और परिस्थितियां क्या रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग पूरे प्रदेश में बिजली आपूर्ति संतोषजनक रही है और केवल 6 अधीक्षण अभियंताओं से ही स्पष्टीकरण मांगा गया है। विज ने बताया कि बिजली की मांग के अनुरूप सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने (अपग्रेडेशन) का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही, बरसात के दौरान जलभराव से होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती को रोकने के लिए निचले स्तर पर बने सब-स्टेशनों को ऊंचा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हिसार के खेदड़ में स्थापित की जा रही नई थर्मल यूनिट के लिए कोल लिंकेज की स्वीकृति हरियाणा को प्राप्त हो चुकी है, जो प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हरियाणा रोडवेज के आधुनिकीकरण को लेकर विज ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे बसों की आवाजाही की सटीक जानकारी मिल सकेगी। इस दिशा में सभी बस अड्डों पर डिजिटल डिस्प्ले पैनल लगाए जाएंगे तथा एक मोबाइल ऐप भी विकसित की जा रही है, जिसके माध्यम से यात्री अपनी बस की लोकेशन, रूट और समय की जानकारी मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बसों के बेड़े को बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी हैं। साथ ही, सरकार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने पर भी गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके और एनसीआर क्षेत्र में डीजल की पुरानी बसों पर लगने वाली पाबंदियों से बचा जा सके। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनिल विज ने कहा कि जब केंद्र मजबूत होता है, तो देश भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह बजट एक मजबूत नींव रखता है और देश को “बुलेट ट्रेन की गति” से आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।

HSSC की भर्ती में स्टेनो टाइपिस्ट और स्टेनोग्राफर के पद बढ़े

चंडीगढ़. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने तृतीय श्रेणी पदों की भर्तियों में फेरबदल करते हुए पदों में बढ़ोतरी कर दी है। इन पदों के लिए पहले जहां सोमवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी थी, वहीं अब छह फरवरी से ऑनलाइन आवेदन फार्म भरे जाएंगे। आयोग ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई भर्तियों में यह बदलाव किया है। अलग-अलग कैटेगरी में पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। संशोधन के बाद ग्रुप-2 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पदों की संख्या 486 से बढ़ाकर 586 की गई है। वहीं ग्रुप-3 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पद 696 से बढ़कर 702 किए गए हैं। 260 हुई पदों की संख्या ग्रुप-3 में जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों की संख्या 173 से बढ़ाकर 260 कर दी गई है। इसके लावा आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की तारीख में भी बदलाव किया है। पहले आवेदन दो फरवरी से शुरू होने थे, मगर अब यह छह फरवरी से शुरू होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वह आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन और सभी दिशा- निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर दी गई है। इस भर्ती के तहत ग्रुप संख्या-3 के अंतर्गत आने वाले जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इसमें पहले पदों की संख्या 173 थी, जिसे बढ़ाकर 260 कर दिया गया है।