samacharsecretary.com

‘ये कॉकरोच हैं…’, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष के बयान पर विवाद

रायपुर/छतरपुर. छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त राजीव लोचन दास जी महाराज ने CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन को लेकर तीखा और विवादित बयान दिया है। छतरपुर में अपने प्रथम नगर आगमन के दौरान उन्होंने CJP पर जमकर निशाना साधा और यहां तक कह दिया कि इस बार रावण दहन के साथ इन कॉकरोच का भी दहन कर देना चाहिए। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। गौरतलब है कि राजीव लोचन दास छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर के महंत भी हैं। उनका रविवार को पहली बार छतरपुर नगर आगमन हुआ, जिसे लेकर उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। इस दौरान मंदिर के ट्रस्ट संचालक राजेंद्र अग्रवाल समेत नागरिकों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने तीखे शब्दों में विरोधियों पर प्रहार किया। मीडिया से चर्चा के दौरान CJP के प्रदर्शन पर कड़ा रुख अपनाते हुए राजीव लोचन दास ने कहा कि हमारा देश नेपाल या भूटान नहीं है, यहां की जनता सब जानती है। उन्होंने प्रदर्शन करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि यह लोग कॉकरोच की तरह हैं जो खुले आसमान के नीचे नहीं रह सकते, बल्कि केवल गंदगी में ही जीवित रहते हैं और उनका असली स्थान वही है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि मैं आह्वान करता हूं कि इस बार रावण दहन के साथ-साथ हम इन कॉकरोच का भी दहन कर दें। वहीं उनके इस बयान के बाद प्रदेश में सियासी उठापटक होने के पूरी संभावना है।

संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भारत ने दिया करारा जवाब, CJP प्रोटेस्ट को लेकर विवाद

नई दिल्ली भारत ने संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत जीना रोमेरो के उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिनमें उन्होंने कहा था कि भारत में युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य या लैंगिक न्याय पर चर्चा करने के कारण बदले की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजनयिक अनुज स्वरूप ने कड़े शब्दों में जवाब देते हुए कहा कि ये आरोप गुमनाम और असत्यापित जानकारियों पर आधारित हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की तीसरी समिति के 81वें सत्र के दौरान अनुज स्वरूप ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को ये स्वतंत्रताएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा, "भारत ने शांतिपूर्ण सभा और संगठन की स्वतंत्रता पर विशेष दूत की रिपोर्ट पर ध्यान दिया है। भारत में संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत हर नागरिक को इन स्वतंत्रताओं के साथ-साथ बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी दी गई है। इनकी सुरक्षा एक स्वतंत्र न्यायपालिका, एक स्वतंत्र प्रेस और एक सशक्त राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा की जाती है।" भारत ने यूएन की दूत के दावे पर सवाले उठाए रोमेरो की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने भारत के युवाओं के बारे में किए गए दावों के आधार पर सवाल उठाए। आपको बता दें कि यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब भारत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ युवाओं का बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। मनमानी रिपोर्टिंग आपको बता दें कि जीना रोमेरो का दावा है कि भारत में युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य या लैंगिक न्याय पर चर्चा करने के लिए बदले की कार्रवाई या सामाजिक कलंक का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसके समर्थन में केवल फुटनोट में कुछ गुमनाम जानकारियों का हवाला दिया है। भारत ने इसके जवाब में कहा कि इस तरह की मनमानी रिपोर्टिंग ही वह मुख्य कारण है जिसकी वजह से संयुक्त राष्ट्र और उसकी संस्थाओं की विश्वसनीयता कम हो गई है। उन्होंने रोमेरो की रिपोर्ट को बिना किसी आधार वाली सुनी-सुनाई बातें करार दिया। किस देश में ऐसे आंदोलन की इजाजत? स्वरूप ने कहा, "विडंबना यह है कि इसी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय युवाओं ने एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन शुरू किया। किस दमनकारी देश में युवाओं का कोई ऐसा व्यंग्यात्मक समूह सरकार से सवाल पूछ सकता है, राजधानी तक मार्च कर सकता है और फिर देश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर बातचीत कर सकता है?" उन्होंने जुलाई के विरोध-प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय मंत्रियों और 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बातचीत का जिक्र किया। UN के मानवाधिकार आयुक्त के बयान का जिक्र उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयुक्त वोल्कर तुर्क के पिछले महीने दिए गए एक बयान का हवाला देते हुए कहा, "मानवाधिकार उच्चायुक्त ने पिछले महीने मानवाधिकार परिषद में कहा था कि भारत में युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलनों के संदर्भ में युवा नेताओं के साथ बातचीत करना कहीं अधिक प्रभावी होता है। शायद यह बात उनके ध्यान से छूट गई होगी।" स्वरूप ने कहा कि सरकार ने युवाओं के साथ सकारात्मक बातचीत की है और परीक्षा में होने वाली धांधली को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, "अध्यक्ष महोदय एक ऐसी प्रतिनिधि जो 1.4 अरब लोगों के बारे में कोई सामान्य राय बनाने के लिए गुमनाम जानकारियों पर निर्भर रहती है वह अपने ही जनादेश के साथ अन्याय कर रही है। हम इस विशेष प्रतिवेदक से आग्रह करते हैं कि किसी की आलोचना करने से पहले वे तथ्यों की जांच कर लें और अपनी रिपोर्ट में पूरी गंभीरता तथा निष्पक्षता लाएं।"

तिरंगा यात्रा में हंगामा, अभिजीत दीपके के खिलाफ नारेबाजी

 नई दिल्ली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की तिरंगा यात्रा के बीच कनॉट प्लेस पर एक ऐसा समय भी आया जब अभिजीत दीपके का ही विरोध होने लगा। कुछ लोग इकट्ठा होकर ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न देने की मांग करने लगे और मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) के सेंट्रल पार्क पर तिरंगा यात्रा बुलाई। शुक्रवार शाम होते ही सीपी पर प्रदर्शनकारी इकट्ठा होने लगे, लेकिन इस बीच, एक ऐसा पल भी आया, जब वहां पर खुद कॉकरोच जनता पार्टी और अभिजीत दीपके का ही विरोध होने लगा। अभिजीत दीपके के खिलाफ नारे लगने लगे। दरअसल, पालिका बाजार मेट्रो के गेट के सामने खड़े होकर कुछ लोग ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न देने की मांग करने लगे। प्रदर्शन करने वाले लोग मोदी-मोदी के नारे भी लगा रहे थे। एक शख्स ने कहा कि हमारी मांग है कि ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। हम भारतीय हैं और किसी भी पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सच का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे। सीजेपी का प्रदर्शन करने वालों में पालिका बाजार के दुकानदार भी थे। ये सभी लोग सीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। सीजेपी के प्रोटेस्ट में उतरे लोग सीजेपी के प्रोटेस्ट के चलते दिल्ली की सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस ने सीपी और आसपास बीएनएनस की धारा 163 लागू की है। इसके अलावा, इंटरनेट को भी धीमा कर दिया गया है। हालांकि, इन सबके बाद भी सीजेपी के बुलावे पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शाम होते ही सीपी के आसपास पहुंचने लगे। लोगों के हाथों में तिरंगा था। अभिजीत दीपके जिस घर में रुके हुए थे, वहीं से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया तो लेफ्ट संगठन आईसा की छात्रनेता नेहा बोरा मंडी हाउस तक पहुंचने में कामयाब रहीं। उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। एनडीएमसी ने शुक्रवार और शनिवार, दो दिनों के लिए सेंट्रल पार्क को बंद कर दिया है। पुलिस ने सीजेपी के तिरंगा मार्च को इजाजत नहीं दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कनॉट प्लेस में केंद्रीय उद्यान में 16 अक्टूबर को तिरंगा लेकर जुटने की अपील के मद्देनजर इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि सीजेपी ने 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लेकर जुटने की अपील सोशल मीडिया और संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से की है।

मैरी मिलबेन ने अभिजीत दिपके और कॉकरोच जनता पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप, अमेरिकी डोनर्स की फंडिंग का किया दावा

नई दिल्ली     फेमस अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके के खिलाफ आवाज उठाई है. उन्होंने देश के युवाओं से अभिजीत दिपके की पार्टी के खिलाफ स्टैंड लेने की गुहार लगाई है. मैरी मिलबेन का आरोप है कि अमेरिका के डोनर भारत में एंटी-मोदी ताकतों को फंडिंग दे रहे हैं।  मैरी मिलबेन का CJP को लेकर दावा मैरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने वाले अमेरिकी डोनर अभिजीत दिपके और उनके ग्रुप को फंडिंग कर रहे हैं. उनका दावा है कि वो लोग इंडिया की व्यवस्था को खंडित करना चाहते हैं. भारत के विकास में बाधा डालने के लिए ये सब कोशिशें की जा रही हैं. सिंगर ने यूथ को आगाह करते हुए कहा कि इंडिया में हो रही एंटी मोदी एक्टिविस्ट की फंडिंग उनके देश से हो रही है. मैरी का ये बयान इंडिया में चल रहे प्रोटेस्ट के इरादों पर सवाल उठाता है।  कॉकरोच जनता पार्टी इन दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है. उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और SIR में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने की मांग की है. 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर CJP ने प्रोटेस्ट का ऐलान किया था. लेकिन अनुमति न मिलने की वजह से पुलिस कार्रवाई के चलते ऐसा संभव नहीं हो पाया. अभिजीत समेत उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था. पुलिस कार्रवाई के बाद सौरव दास, आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया।  वहीं कुछ महीनों पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने NEET परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ प्रोटेस्ट किया गया था. उनके इस देशव्यापी प्रदर्शन में सेलेब्स भी शामिल हुए थे. प्रकाश राज, शबाना आजमी, स्वरा भास्कर जैसे कई सेलेब्स ने दिपके को सपोर्ट किया था. CJP के हालिया प्रोटेस्ट को भी सेलेब्स का सपोर्ट मिला है. मुंबई में कई सितारों ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था. आमिर खान के भांजे इमरान खान भी पहुंचे थे. पुलिस ने बाकी प्रदर्शनकारियों के साथ इमरान को भी डिटेन किया. इस प्रोटेस्ट के बाद से यूएस की नागरिकता रखने वाले इमरान को देश से बाहर निकालने की मांग उठने लगी है। 

CJP के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, राजा वड़िंग ने राहुल गांधी के कार्यकर्ताओं को लेकर दिया बयान

चंडीगढ़. दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि सीजेपी के लीडरों की गिरफ्तारी के बाद प्रोटेस्ट हो नहीं पाया। अब इस प्रोटेस्ट में कांग्रेस ने भी छलांग लगा दी है और पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर ऐलान कर दिया है कि वो चुप रहने वाले नहीं हैं। जंतर-मंतर पर पहली बार कब हुआ प्रदर्शन – देश की राजधानी दिल्ली के बीचों-बीच स्थित जंतर-मंतर एक ऐसी जगह रही है जो सालों से भारत के लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने की जगह रही है। सालों से यह जंतर-मंतर शोषितों की व्यथा का गवाह रहा है और यहीं से कई ऐसे आंदोलन हुए जिसने कई बार सरकारों को झुकाया और सत्ता परिवर्तन हुए। अब एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों से रोक लगा दी गई है। दरअसल 12 अक्तूबर 2026 को दिल्ली पुलिस ने आदेश जारी करते हुए जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में डिनोटिफाई कर दिया है। इसका मतलब ये है कि अब यहां कोई धरना-प्रदर्शन आदि नहीं हो सकेगा।

दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट पर विवाद, मौलाना का ऐलान- जंतर-मंतर पर कोई न जाए

 नई दिल्ली जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में माहौल बदल रहा है. एक तरफ प्रशासन ने सीजेपी को प्रोटेस्ट के लिए अनुमति नहीं दी है तो इसी बीच एक मौलाना ने मस्जिद से ऐलान करके लोगों से प्रोटेस्ट में शामिल न होने के लिए कहा है।  उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में एक मस्जिद से मौलाना ने लोगों के लिए ऐलान किया है. मौलाना ने लोगों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल न हों. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जंतर-मंतर पर धारा 163 लागू की है और वहां होने वाला विरोध प्रदर्शन अवैध है।  मस्जिद से किए गए ऐलान में मौलाना ने कहा कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में कोई भी व्यक्ति शामिल न हो. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।  मौलाना ने क्या कहा? मौलाना ने अपने ऐलान में कहा कि सरकार ने जंतर-मंतर पर धारा 163 लगाई है. ऐसे में वहां किसी को नहीं जाना चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति प्रदर्शन में शामिल होने जाता है और उसके साथ कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की नहीं, बल्कि संबंधित व्यक्ति की होगी.मौलाना ने लोगों से 8, 9 और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर नहीं जाने की अपील की. उन्होंने दोहराया कि प्रस्तावित प्रदर्शन अवैध है और लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।  बता दें कि, दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. संयुक्त पुलिस आयुक्त नुपुर प्रसाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदर्शन का आवेदन बहुत कम समय पहले मिला, जबकि नियम के मुताबिक कम से कम 10 दिन पहले पुलिस को सूचना देनी होती है. पुलिस ने यह भी कहा कि पहले जब पार्टी को अनुमति दी गई थी, तब उसने नियमों और अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया था. नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

अभिजीत दीपके से क्यों भिड़े मनीष ब्रह्मभट्ट? जानें कौन हैं CJP-D बनाने वाले नेता

नई दिल्ली कॉकरोच जनता पार्टी बनी और टूटकर दो हिस्से होने की कगार पर भी है। खबर है कि सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ब्रह्मभट्ट ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी D का ऐलान कर दिया है। इसका मतलब 'डेमोक्रेटिक' या 'लोकतांत्रिक' से है। उन्होंने सीजेपी पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। कौन हैं ब्रह्मभट्ट जो सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद अब अलग सीजेपी की शुरुआत कर रहे हैं। ब्रह्मभट्ट के आरोप हैं कि संगठन अब AAP यानी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के करीबी लोगों की 'मनमाने ढंग से चुनी गई टीम' बन गया है। साथ ही कहा कि इसमें आंदोलन में शामिल रहे लोगों को प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिल रहा है। ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम कॉकरोच जनता पार्टी-लोकतांत्रिक की शुरुआत कर रहे हैं।' कौन हैं मनीष ब्रह्मभट्ट एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के माय नेता पर दर्ज जानकारी के अनुसार, ब्रह्मभट्ट गुजरात के पालनपुर के हैं। उन्होंने हेमचंद्राचार्य यूनिवर्सिटी से साल 2006 में एलएलबी की है। इससे पहले इसी विश्वविद्यालय से 2005 में बीकॉम की थी। खास बात है कि वह चुनावी राजनीत में भी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिली। उन्होंने साल 2022 में पालनपुर सीट से ही गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ा था। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे ब्रह्मभट्ट को हार का सामना करना पड़ा था और महज 964 वोट ही हासिल किए थे। इस सीट पर तब भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार अनिकेत ठक्कर ने 95 हजार से ज्यादा वोट लेकर जीत हासिल की थी। अलग होकर क्या बोले मनीष ब्रह्मभट्ट CJP-डेमोक्रेटिक के फाउंडर ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम 'कॉकरोच जनता पार्टी डेमोक्रेटिक' लॉन्च कर रहे हैं… हमें ऐसा क्यों करना पड़ा? यह आंदोलन देश का था। यह इसलिए सफल हुआ क्योंकि लोगों ने इसमें अपना खून-पसीना बहाया था, लेकिन आंदोलन की सफलता के बाद इसे बेच दिया गया और इसका राजनीतिकरण कर दिया गया। अब यह 'टीम केजरीवाल' बन गई है क्योंकि अभिजीत दीपके और अन्य लोगों ने अपने घरों में आराम से बैठकर 12 सदस्यों की टीम बना ली।' उन्होंने कहा, 'आंदोलन की सफलता के बाद किसी भी वॉलंटियर या प्रदर्शनकारी को न तो बुलाया गया और न ही उनसे राय ली गई। सोशल मीडिया या इंस्टाग्राम से जुड़े लोगों से भी जरूरी शर्तों के बारे में नहीं पूछा गया। इसके बजाय उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़े आठ लोगों, एक महिला मित्र और कॉलेज के दोस्तों को शामिल करके टीम बना ली।' उन्होंने कहा, 'हम चाहते थे कि यह एक राष्ट्रीय टीम हो, जिसमें हर राज्य से पांच लोग हों और उन क्षेत्रों से प्रदर्शनकारियों और वॉलंटियर्स को चुना जाए। हमने इच्छा जताई थी कि चयन प्रक्रिया 'हाई कमांड' या किसी मनमाने अधिकारी के इशारे पर न हो, लेकिन उन्होंने इस इच्छा को ठुकरा दिया और मनमाने ढंग से टीम बना ली। इस टीम को बनाने का विचार भी अरविंद केजरीवाल का ही था क्योंकि वे शुरू से ही धोखेबाज रहे हैं। जब अन्ना आंदोलन शुरू हुआ, तो उन्होंने अन्ना का फायदा उठाया…।'