samacharsecretary.com

दुर्गा पूजा मेले में भारी बारिश से दुकानदारों का नुकसान, व्यापारियों में बढ़ी चिंता

रांची झारखंड में भारी बारिश ने न सिर्फ दुर्गा पूजा उत्सव मनाने वालों के उत्साह को कम कर दिया, बल्कि त्योहारी खरीदारी से बेहतर लाभ की उम्मीद लगाए बैठे छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी बड़ा झटका दिया। व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य की राजधानी रांची, औद्योगिक केंद्र जमशेदपुर और कोयला क्षेत्र धनबाद के व्यापारियों को डर है कि उनके नुकसान 25 प्रतिशत से 60 प्रतिशत के बीच हो सकते हैं। ‘फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज' (एफजेसीसीआई) के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ​​ने को बताया कि हालिया जीएसटी कटौती के कारण व्यापारियों को पिछले साल की तुलना में अधिक बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने उनकी योजनाओं पर पानी फेर दिया। मल्होत्रा ​​ने कहा, ‘‘हमें त्योहारों के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद थी और प्रमुख औद्योगिक इकाइयों ने पूजा से पहले बोनस की घोषणा की थी। केंद्र द्वारा हाल ही में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती की घोषणा किए जाने से उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतें भी कम हुई हैं। हालांकि, मूसलाधार बारिश के कारण हमारी सारी उम्मीदें धराशायी हो गईं।'' व्यापारी संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि भारी बारिश के कारण दुर्गा पूजा के दौरान रांची में व्यापार में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत तक का नुकसान हुआ है। यह स्पष्ट रूप से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में खुदरा विक्रेताओं के लिए हाल के वर्षों में त्योहार के दौरान सबसे खराब बिक्री का आंकड़ा था। यहां 300 से अधिक दुर्गा पूजा आयोजित की गई थी। ‘सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज' के एक वरिष्ठ पदाधिकारी विजय आनंद मूनका ने कहा, ‘‘बारिश के कारण लोग दुकानों पर नहीं आए और अपनी जरूरत की चीज़ें ऑनलाइन ऑर्डर कर दीं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार 25 प्रतिशत का नुकसान हुआ है।'' बड़ी संख्या में कोयला खदानों वाले धनबाद में व्यापारियों ने अन्य वर्षों की तुलना में 60 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान लगाया है। ‘फेडरेशन ऑफ धनबाद जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज' के सचिव अजय नारायण लाल ने छोटे दुकानदारों की परेशानियों के बारे में कहा, ‘‘बारिश के कारण उनका कारोबार चौपट हो गया, जिससे वे बेहद परेशान हैं। उन्होंने सामान खरीदने, पूजा पंडालों के पास जगह बुक करने और स्टॉल पर कर्मचारियों की व्यवस्था करने में भारी निवेश किया था। हालात ऐसे हैं कि वे अपने कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार नुकसान 60 प्रतिशत तक पहुंच गया है।'' रांची मौसम कार्यालय ने कहा कि राज्य में सितंबर तक 17 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश हुई है।  

राज्य के विकास व चुनाव मामलों पर सीएम हेमंत से हुई आयुक्तों की चर्चा

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज यहां कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दो अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात हुईं। पहली मुलाकात झारखंड की राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने मुख्यमंत्री से की, जिसमें दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। यह मुलाकात एक पारंपरिक शिष्टाचार भेंट थी, जिसमें चुनाव संबंधी प्रशासनिक विषयों पर चर्चा हुई। वहीं, दूसरी शिष्टाचार मुलाकात विकास आयुक्त, झारखंड अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से की। इस अवसर पर सिंह ने मुख्यमंत्री को विभिन्न विकास परियोजनाओं और योजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। सोरेन ने भी संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। सोरेन ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए सहयोग और वैश्विक तौर पर सकारात्मक परिवर्तनों के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।  

आज झारखंड में तेज़ बारिश की संभावना, नागरिक रहें सतर्क

  रांची मौसम विभाग ने झारखंड में आज से 5 अक्टूबर तक भारी से भारी वर्षा की संभावना को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। इस अवधि में राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ वज्रपात भी हो सकता है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण यह वर्षा प्रणाली सक्रिय हो रही है। समुद्र तल से 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैले इस चक्रवाती परिसंचरण के अगले 12 घंटे में अवदाब में तब्दील होने की संभावना है। यह सिस्टम 3 अक्टूबर की सुबह दक्षिण ओडिशा तथा उत्तर आंध्र प्रदेश तटों को पार कर सकता है, जिसके प्रभाव से झारखंड में भी भारी वर्षा होने की संभावना बढ़ गई है। 2 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में भारी वर्षा होगी। आज धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी वर्षा देखी जा सकती है। वहीं चतरा, गढ़वा और पलामू में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। आज दुमका, गोड्डा, पाकुर, साहिबगंज, चतरा, गढ़वा और पलामू जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है। नारंगी चेतावनी वाले क्षेत्रों में भूस्खलन, आपूर्ति एवं परिवहन बाधित होने, फसल और वृक्षों को नुकसान, साथ ही जीवन एवं संपत्ति के नुकसान का जोखिम रहता है। पीले रंग के क्षेत्रों में फसलों को मामूली क्षति और जलजमाव की आशंका है। मौसम विभाग ने सावधानी के तौर पर नदी में मछली पकड़ने और कैंपिंग से बचने, छप्पर वाले मकानों को मजबूत बनाने, भूस्खलन या निचली घाटियों से तुरंत दूर चलने एवं खड़ी ढलानों के पास घर न बनाने की सलाह दी है।

झारखंड में रावण को मिला एक दिन का जीवनदान, 65 फीट ऊंचा पुतला आज होगा दहन

रांची बीते गुरुवार को हुई बारिश ने दशहरे के उत्सव को फीका कर दिया। सिंदरी के ऐतिहासिक शहरपुरा शिव मंदिर परिसर में दशकों से चली आ रही राम-रावण युद्ध इस साल बारिश की वजह से एक दिन टल गया है। जानकारी के मुताबिक शिव मंदिर परिसर में आज रावण दहन होगा क्योंकि बीते गुरुवार को लगातार मूसलाधार बारिश से 65 फीट ऊंचा रावण का पुतला पूरी तरह भीग गया। लोगों का कहना है कि सुबह से ही लोग रावण दहन को लेकर काफी उत्साहित थे, लेकिन सुबह से लगातार बारिश के कारण सभी का उमंग फीका पड़ गया है। लोगों ने बताया कि यह सब स्वयं इंद्र देव के हस्तक्षेप के कारण हुआ है। परिसर में खड़े रावण के पुतले को एक दिन का और जीवनदान मिल गया है। शहरपुरा मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मौसम को देखते हुए अब रावण दहन कार्यक्रम अगले दिन आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा व श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रख यह निर्णय लिया गया है।  

झारखंड प्रशासन में बड़ा बदलाव: अविनाश कुमार को मिली मुख्य सचिव की जिम्मेदारी

रांची झारखंड सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया है। बता दें कि झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी बीते मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गईं। अलका तिवारी के स्थान पर विकास आयुक्त और ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही अविनाश कुमार को अपर स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के अवर सचिव विनोद कुमार ने इस आशय की अधिसूचना जारी की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के नए मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता व अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी। सीएम ने उम्मीद जताई कि इससे सरकार के जनसेवा के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। सीएम ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए सरकार की नीतियों के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। अनुभव और योगदान को देखते हुए अलका तिवारी को राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में नामित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उन्होंने राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती दी। उल्लेखनीय है कि अविनाश कुमार 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के रूप में भी कार्यरत हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। ज्ञातव्य है कि अलका तिवारी ने एक नवंबर 2024 को झारखंड के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। उनके पति डी के तिवारी भी झारखंड के मुख्य सचिव रह चुके हैं।  

माओवादियों ने किया जोरदार विरोध, बातचीत से इंकार के बाद पांच राज्यों में हड़ताल बुलाई

राँची  तिबंधित संगठन भाकपा माओवादियों ने झारखंड समेत पांच राज्यों में 15 अक्तूबर को बंद बुलाया है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बातचीत से इनकार किये जाने के बाद माओवादियों ने ये कदम उठाया है. जिन पांच राज्यों में बंद बुलाया गया है उसमें झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तरी छत्तीसगढ़ शामिल हैं. वहीं संगठन ने इन राज्यों में आठ अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक प्रतिरोध सप्ताह मनाने की भी घोषणा की है. इस संबंध में संगठन के पूर्वी रीजनल ब्यूरो के प्रवक्ता संकेत की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गयी है. प्रतिरोध सप्ताह मनाने और एक दिन के बंद का आह्वान संगठन ने केंद्र के निर्देश पर जारी ऑपरेशन कगार के तहत बर्बर पुलिसिया अभियान के खिलाफ प्रतिरोध सप्ताह मनाने और एक दिन के बंद का आह्वान किया है. बंद से दूध गाड़ी, प्रेस की गाड़ी और मरीज ले जानेवाली एंबुलेंस को मुक्त रखा गया है. प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि 15 सितंबर 2025 को संगठन के केंद्रीय कमेटी और इआरबी सदस्य सहदेव सोरेन, बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम और जोनल कमेटी सदस्य राम खेलावन गंझू को फर्जी मुठभेड़ में मारा गया है. नक्सलियों ने दी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी माओवादियों ने इसी तरह अन्य घटनाओं में भी संगठन से जुड़े नक्सलियों और सदस्यों को पुलिस द्वारा मारे जाने का आरोप लगाया गया है. वहीं गिरफ्तार नक्सली सदस्यों को अविलंब कोर्ट में पेश करने और मुठभेड़ से बचने की सलाह दी गयी है, नहीं तो विरोध में दंडात्मक कार्रवाई की भी चेतावनी दी गयी है. उधर, खुफिया विभाग ने भी नक्सलियों के बंद के मद्देनजर सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है. साथ ही सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया है. क्या कहना है झारखंड के डीजीपी का     नक्सलियों की यह गीदड़ भभकी है. ये लोग जहां छिपे हैं, वहां से बाहर आते ही मारे जायेंगे, जैसे इनके बाकी साथी मारे गये हैं. चुनौतियों के मद्देनजर झारखंड पुलिस पूरी तरह तैयार है.     अनुराग गुप्ता, डीजीपी झारखंड

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा पंडाल से दी शुभकामनाएं, बोले – विकास की राह पर चलता रहेगा झारखंड

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज आर0आर0 स्पोर्टिंग क्लब, रातू रोड एवं पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति हरमू, रांची स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर सोरेन ने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। मौके पर मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। रिमझिम बारिश के बीच सभी मातारानी के भक्तजन काफी उमंग और उत्साह के साथ दशहरे का यह पावन त्यौहार मना रहे हैं। सोरेन ने कहा कि मैं अपनी ओर से समस्त झारखंड वासियों एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दुर्गा उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। सभी के जीवन में मां दुर्गा की कृपा सदैव बनी रहे। झारखंड प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।  

कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया निरस्त, झारखंड पुलिस अब नए नियमों से करेगी बहाली

रांची झारखंड पुलिस में सिपाही पदों पर नियुक्ति की जो प्रक्रिया चल रही थी, उसे पुलिस मुख्यालय ने रद्द कर दिया है। कुल 4919 रिक्त पदों पर भर्ती होनी थी, जिनमें 3799 पद नियमित स्तर के और 1120 पद बैकलॉग स्तर के थे। हालांकि, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अभी तक परीक्षा कोई भी स्तर पर शुरू नहीं हो पाई थी। अब इस भर्ती को नई संयुक्त भर्ती नियमावली-2025 के तहत पुनः: शुरू किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के लिए पूर्व में जारी विज्ञापन संख्या-17/2023 को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इस परीक्षा के लिए जारी अधियाचन को भी वापस ले लिया गया है। इससे पहले ऑनलाइन आवेदन 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक लिए गए थे, जिनमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, लेकिन अब नई नियमावली के मुताबिक ही भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई नियमावली के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को पहले से भुगतान की गई फीस को फिर से नहीं देना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के लिए आवेदन शुल्क दिया था, उन्हें पुन: आवेदन के समय कोई भी शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इसके लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) विकल्प उपलब्ध कराएगा जिससे आवेदन करना आसान हो जाएगा। अधिकारियों ने आज यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट दी जाएगी ताकि वे पिछले विज्ञापन के साथ-साथ नए विज्ञापन के अंतर्गत भी योग्य बने रहें। आयु की गणना के लिए पूर्व में विज्ञापित आयु सीमा ही मान्य होगी। इस फैसले से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है क्योंकि अब उनकी पात्रता के आधार पर बिना अतिरिक्त शुल्क के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।  

खेलों की दुनिया में झारखंड की अलग छवि, सीएम सोरेन ने किया मेगा कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। सोरेन ने कहा कि इसके लिए जो भी आवश्यक प्रक्रियाएं हैं, वह जल्द से जल्द पूरी की जाए। मुख्यमंत्री हेमन्त ने कहा कि स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी के खुलने से यहां के खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्लेटफार्म मिलेगा। सोरेन झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला- संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार की उपस्थिति में खेल विभाग एवं सीसीएल के वरीय अधिकारियों के साथ मेगा स्पोट्र्स काम्प्लेक्स, होटवार, रांची के प्रस्तावित उन्नयन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने खेलगांव में अवस्थित सभी स्टेडियम के अद्यतन हालात की विस्तृत जानकारी ली। सोरेन ने कहा कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से झारखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान मिली है। देश में बहुत कम ही ऐसे स्पोर्ट्स सेंटर है, जहां अलग-अलग खेलों के स्टेडियम एक ही परिसर में अवस्थित हैं। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित होती आ रही है। ऐसी कई खेल प्रतियोगिताओं का सफल और शानदार आयोजन हम कर चुके हैं। राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की हमें निरंतर मेजबानी मिलती आ रही है, ऐसे में हमारे स्टेडियम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के सभी मानकों के अनुकूल हों, इसके लिए खेलगांव में स्थित सभी स्टेडियमों में आधुनिक सुविधाओं के साथ सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। सोरेन ने कहा कि मेगा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में सालों भर कोई ना कोई खेल प्रतियोगिता आयोजित होती रहती है। यहां खिलाड़ियों के नियमित प्रैक्टिस की भी व्यवस्था है। ऐसे में इस स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का बेहतर से बेहतर इस्तेमाल हो, इसके लिए यहां स्थित स्टेडियमों में जो भी खामियां है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। साथ ही खेल आयोजनों को लेकर जो भी जरूरी संसाधनों की जरूरत हो, उसे उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अपग्रेडेशन में अंतरराष्ट्रीय खेल मानकों के अनुरूप आधुनिक तौर- तकनीक और तरीकों का इस्तेमाल होना चाहिए। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों के स्पेशलाइज्ड एजेंसीज का सहयोग लें। इस बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार, सचिव अरवा राजकमल, खेल निदेशक शेखर जमुआर, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के अभियन्ता प्रमुख संजय कुजूर, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक अविनाश कुमार दीपक, सीसीएल के सीएमडी एनके सिंह, निदेशक (एचआर ) एचएन मिश्रा, जेएसएसपीएस के सीईओ एनके झा और मास एंड वॉइड एजेंसी के ग्रुप हेड प्रणव कुमार मौजूद रहे।

सोनभद्र में झारखंड का कुख्यात नक्सली दबोचा गया, सुरक्षाबलों से हुई मुठभेड़ में था सक्रिय

रांची उत्तर प्रदेश के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने झारखंड के कुख्यात, 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली को सोनभद्र जिले में गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएस ने पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली उमेश खरवार उर्फ नगीना उर्फ डॉक्टर को मंगलवार की शाम सोनभद्र जिले में झारखंड की सीमा के नजदीक गिरफ्तार किया। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि विगत 14 सितंबर को पलामू में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में खरवार भी पकड़ा गया था, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग निकला था। उन्होंने बताया कि झारखंड एटीएस को पता लगा था कि खरवार उत्तर प्रदेश में कहीं छुपा है। यह जानकारी उन्होंने उत्तर प्रदेश के एटीएस को दी जिसके आधार पर एटीएस ने मोबाइल सर्विलांस एवं अन्य माध्यमों से जानकारी ली और मंगलवार को सोनभद्र जिले में झारखंड की सीमा पर स्थित गांव से खरवार को गिरफ्तार कर लिया।