samacharsecretary.com

रामलला के चरणों में ऋषभ पंत, Lucknow Super Giants टीम के साथ पहुंचे अयोध्या, बेहतर प्रदर्शन की प्रार्थना

अयोध्या एक बार फिर इंडिया का त्योहार यानी आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. मैदान के खिलाड़ी चौके-छक्के उड़ाते दिखाई देंगे. ऐसे में टूर्नामेंट से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कप्तान ऋषभ पंत और उनकी टीम के अन्य सदस्य अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रार्थना की. खिलाड़ियों के साथ टीम के मालिक संजीव गोयनका भी नजर आए. बता दें कि 28 मार्च से आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. हालांकि, लखनऊ की टीम का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के साथ 1 अप्रैल को खेला जाएगा. ऐसे में टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी हो, उसके लिए लखनऊ के सभी खिलाड़ी अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए. सभी खिलाड़ियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. वहीं मंदिर में दर्शन करने के बाद खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही. सभी का कहना था कि टूर्नामेंट से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना अच्छा होगा. वहीं दर्शन के बाद पूरी टीम लखनऊ रवाना हो गई. अब खिलाड़ियों की फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है.

लखनऊ सुपर जायंट्स की मजबूती पर बोले ऋषभ पंत, कोच भरत अरुण को दिया श्रेय

नई दिल्ली आईपीएल के पिछले सत्र में गेंदबाजी लखनऊ सुपर किंग्स की कमजोर कड़ी थी लेकिन कप्तान ऋषभ पंत का कहना है कि सहयोगी स्टाफ में भरत अरूण के आने से इस विभाग में टीम को मजबूत करने में काफी मदद मिल रही है। पंत ने जियोस्टार से बातचीत में लखनऊ टीम के चेन्नई में लगाये गए शिविर और भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच अरूण के जुड़ने से टीम के युवा तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद के बारे में बताया। ऋषभ पंत ने कहा ,'' तेज गेंदबाजों के साथ शिविर बेहतरीन रहा । भरत अरूण सर के आने से काफी मदद मिल रही है । हमने इस पर काफी बात की है कि मैं गेंदबाजों से क्या चाहता हूं और वह इसमें क्या मदद कर सकते हैं ।'' उन्होंने कहा ,''वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कोचों में से एक हैं और उनके साथ काम करने के अनुभव के कारण मुझे पूरा भरोसा है । वह अपने साथ अपार अनुभव लाये हैं । गेंदबाजों को उन पर भरोसा है और वे उनसे बात करते हैं । आपको एक गेंदबाजी कोच से यही चाहिये होता है ।'' पंत ने कहा ,'' पिछले सत्र का प्रदर्शन देखें तो हमें गेंदबाजी में सुधार की जरूरत थी । इसमें अरूण सर हमारी मदद कर सकते हैं और मुझे खुशी है कि वह टीम के साथ हैं ।'' ड्रेसिंग रूम में सबसे मजाकिया इंसान पंत ने कहा कि इससे तनाव के पलों में माहौल हल्का करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा ,'' मुझे लगता है कि हंसी मजाक सबको पसंद है क्योंकि माहौल वैसे ही इतना तनावपूर्ण है । हर कोई एक दूसरे के साथ का आनंद लेना चाहता है। बहुत सारा तनाव लेकर मजा नहीं आता और आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाते।'' टीम प्रबंधन के मुताबिक लखनऊ सुपर जायंट्स के सभी भारतीय खिलाड़ी पहले ही टीम से जुड़ चुके हैं, शुक्रवार से ओवरसीज खिलाड़ियों का आना भी शुरू हो जाएगा। इसके बाद अभ्यास में और तेजी आएगी।  

युवराज से खास ट्रेनिंग ले रहे ऋषभ पंत, IPL 2026 में दिखेगा नया अवतार

नई दिल्ली आईपीएल 2026 से पहले ऋषभ पंत युवराज सिंह के अंडर प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले ऋषभ पंत अपनी बल्लेबाजी पर जमकर काम कर रहे हैं। मुंबई में पंत एक छोटे कैंप में भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह के अंडर ट्रेनिंग करते नजर आए, जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते दिखेंगे। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई वनडे और टी20 सीरीज से पहले बैटिंग के दौरान पंत की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। पिछले कुछ समय से पंत लगातार चोट से जुझ रहे हैं। इसके साथ ही लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में वह भारतीय टीम से भी लगातार अंदर-बाहर होते रहे हैं। पंत ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त 2024 को खेला था। वहीं, क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पंत ने अपना आखिरी मुकाबला 28 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। अब ऋषभ पंत ने अपने बल्लेबाजी को धार देने के लिए और बड़े स्कोर बनाने के लिए युवराज सिंह के शरण में पहुंच गए हैं। युवराज सिंह की देखरेख में पंत बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पंत अच्छी लय में दिख रहे हैं और उनके बल्ले से एक के बाद दमदार शॉट निकल रहे हैं। व्हाइट बॉल में सफल होने पर कर रहे हैं फोकर युवराज वीडियो में पंत की बल्लेबाजी को अंपायर की पोजीशन पर खड़े होकर देख रहे हैं और उन्हें सलाह देते हुए भी नजर आ रहे हैं। आईपीएल से पहले युवराज के अंडर पंत ने जो सेशन किया, उनमें मॉडर्न व्हाइट-बॉल क्रिकेट में सफल होने के लिए स्किल्स और टेम्परामेंट दोनों पर फोकस किया गया। पंत के ट्रेनिंग से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ऋषभ अपने गेम और अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए बहुत कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। अगर आप वीडियो देखेंगे, तो आपको पता लगेगा कि वह पतले भी हो गए हैं। वह अपने व्हाइट-बॉल गेम पर और काम करने के लिए बहुत उत्सुक थे। इसी कारण उन्होंने युवराज से बात की और कहा कि वह तीन-चार दिनों के लिए उनके अंडर ट्रेनिंग करना चाहते हैं। IPL 2025 में पंत का निराशाजनक प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे पंत आईपीएल 2025 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे। पंत 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से सिर्फ 269 रन ही बना सके थे। पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 6 मैच ही जीत सकी थी। उल्लेखनीय है कि लखनऊ ने आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में पंत को 27 करोड़ की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया था।  

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे: पंत से पांड्या तक तीन बड़े खिलाड़ी टीम से बाहर होने की संभावना

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान करने वाला है. इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी एक बार फिर नीली जर्सी में नजर आ सकते हैं. वहीं शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है. हालांकि, टीम के ऐलान से पहले यह चर्चा तेज है कि कुछ बड़े नाम इस सीरीज से बाहर रह सकते हैं. खास तौर पर वर्कलोड मैनेजमेंट और हालिया चयन नीति को देखते हुए तीन स्टार खिलाड़ियों पर सवाल उठ रहे हैं. ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी मुश्किल? विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में चयन मुश्किल नजर आ रहा है. पंत 2024 के बाद से भारतीय वनडे टीम से बाहर हैं. इंग्लैंड सीरीज, चैंपियंस ट्रॉफी और ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों में भी वह बेंच पर बैठे नजर आए. ऐसे में BCCI विकेटकीपिंग के लिए केएल राहुल, संजू सैमसन, ईशान किशन या जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकता है. हार्दिक पंड्या को मिल सकता है आराम हार्दिक पंड्या पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए भी उपलब्ध हैं. इसके बावजूद उन्हें इस वनडे सीरीज में टीम से बाहर रखा जा सकता है. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है. साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए BCCI हार्दिक के वर्कलोड को लेकर सतर्क है. ऐसे में संभावना है कि उन्हें वनडे से ब्रेक देकर टी20 सीरीज पर फोकस कराया जाए. क्यों बाहर हो सकते हैं बुमराह-हार्दिक? दरअसल, बुमराह और हार्दिक दोनों ही टी20 फॉर्मेट में भारत के सबसे अहम खिलाड़ी हैं. इन दोनों ने साल 2024 में भारत को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था. खासकर फाइनल में जैसी गेंदबाजी की थी, उससे साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 ओवर के बाद मैच का रुख पलट गया था. ऐसे में टीम मैनेजमेंट नहीं चाहता कि वर्ल्ड कप से ठीक पहले इन दोनों पर अतिरिक्त बोझ पड़े. वनडे सीरीज से अगर हार्दिक और बुमराह बाहर रहते हैं, तो दोनों खिलाड़ी 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में वापसी करेंगे. यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है. घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं हार्दिक अगर हार्दिक वनडे टीम से बाहर होते हैं, तो फिर वो घरेलू क्रिकेट में नजर आ सकते हैं. वह विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बड़ौदा की ओर से कम से कम दो मुकाबले खेल सकते हैं. यह फैसला BCCI के उस निर्देश से जुड़ा है, जिसमें सीनियर खिलाड़ियों के लिए घरेलू टूर्नामेंट खेलना जरूरी बताया गया था. हालांकि, जसप्रीत बुमराह को फिटनेस कारणों से इस नियम में छूट दी गई है. ऋषभ पंत को क्यों किया जा सकता है बाहर? हार्दिक और बुमराह के अलावा टीम से ड्रॉप होने वाले तीसरे खिलाड़ी का नाम ऋषभ पंत हो सकता है. खबरें हैं कि खराब फॉर्म के चलते पंत को वनडे टीम से ड्रॉप किया जा सकता है. उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन की वापसी लगभग तय मानी जा रही है. अब सभी को 3 या 4 जनवरी का इंतजार है, जब टीम इंडिया का ऐलान होगा.  जसप्रीत बुमराह भी हो सकते हैं बाहर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी उन खिलाड़ियों में शामिल है जिन्हें वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है. ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से बुमराह को वनडे मुकाबलों से दूर रखा गया है. BCCI पहले से ही उनका वर्कलोड मैनेज कर रहा है ताकि वह बड़े टूर्नामेंट्स के लिए पूरी तरह फिट रहें. हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे. संभावित टीम में दिख सकता है नया कॉम्बिनेशन शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर/तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा/अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, आर्शदीप सिंह/प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, कुलदीप यादव.   

इतिहास रचा पंत ने: टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने

नई दिल्ली टीम इंडिय के विस्फोटक विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी कोलकाता टेस्ट में उस समय इतिहास रचा, जब उन्होंने केशव महाराज को लंबा छक्का लगाया। इस एक सिक्स के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जी हां, अभी तक यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था, इंग्लैंड दौरे पर पंत ने सहवाग की बराबरी तो कर ली थी, मगर अब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस रिकॉर्ड को तोड़ नया इतिहास लिखा है। ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में अब भारत के नए सिक्सर किंग बन गए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने अपने करियर में कुल 90 छक्के जड़े थे, वहीं अब 91 छक्कों के साथ ऋषभ पंत पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। टॉप-5 बल्लेबाजों की इस लिस्ट में रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे बड़े नाम भी है जिन्हें ऋषभ पंत पहले ही पछाड़ चुके हैं। भारत के लिए टेस्ट मैचों में सर्वाधिक छक्के 91 ऋषभ पंत 90 वीरेंद्र सहवाग 88 रोहित शर्मा 80 रवींद्र जडेजा 78 एमएस धोनी ऋषभ पंत ने यह उपलब्धिक 38वें ओवर में हासिल की। केशव महाराज की तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्होंने अगली गेंद पर कदमों का इस्तेमाल किया और मिड ऑफ की दिशा में दनदनाता छक्का लगा दिया। पंत अपने इसी बेखौफ अंदाज के लिए टेस्ट क्रिकेट में जाने जाते हैं। बता दें, टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 159 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। जसप्रीत बुमराह ने इस दौरान 5 विकेट हॉल लिया। खबर लिखे जाने तक भारत ने 114 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और केएल राहुल आउट हो चुके हैं। वहीं चोट के चलते शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट हुए थे।  

पंत का धमाका: सहवाग का रिकॉर्ड टूटा, रोहित-विराट भी पीछे छूटे

कोलकाता इस वक्त भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज चल रही है. पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है. इस मैच के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने एक ऐसा कारनामा कर दिया, जिसने टेस्ट क्रिकेट की रिकॉर्डबुक को हिला कर रख दिया. दमदार शॉट्स के लिए मशहूर पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वो अब टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का महारिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में जैसे ही पंत ने 2 छक्के लगाए तो वीरेंद्र सहवाग का पुराना और बेहद प्रतिष्ठित रिकॉर्ड टूट गया. सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट में 90 छक्के लगाए थे, जबकि पंत अब इस आंकड़े को पार करते हुए 92 छक्कों के साथ नंबर-1 पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में पंत, सहवाग के बाद रोहित शर्मा का नाम है, जिन्होंने 88 सिक्स मारे थे. गोली की रफ्तार से तोड़ा रिकॉर्ड सहवाग ने 178 पारियों में 90 छक्के मारे थे, लेकिन पंत ने सिर्फ 83 पारियों में यह कारनामा कर दिखाया. मतबल ये कि उन्होंने गोली की रफ्तार से यह रिकॉर्ड चकनाचूर किया. भारत की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के 92- ऋषभ पंत 90- वीरेंद्र सहवाग 88- रोहित शर्मा 80- रवींद्र जडेजा 78 – एमएस धोनी सिर्फ 27 रन बना सके ऋषभ पंत भारत के लिए नंबर 5 पर बैटिंग करने उतरे पंत केवल 27 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 24 गेंदों पर 2 छक्कों और 2 चौकों सहित अपनी खास आक्रामक शैली का शानदार प्रदर्शन किया. उनकी पारी भले लंबी नहीं रही हो, लेकिन इस पारी में लगाए गए पहले छक्के ने उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.

फॉर्म में लौट रहे थे पंत, लेकिन लगी चोट! जानें मैच के दौरान क्या हुआ

नई दिल्ली टीम इंडिया के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उस समय टीम मैनेजमेंट और फैंस की टेंशन बढ़ा दी जब वह साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ जारी दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दौरान रिटायर हर्ट हो गए। इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद ऋषभ पंत पहली बार इस टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। पहले मैच उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर अपनी वापसी का पैगाम भेजा, दूसरी इनिंग में उन्होंने 90 रनों की पारी खेली थी। मगर दूसरे टेस्ट के दौरान कई बार शरीर पर गेंद लगने के बाद वह रिटायर हर्ट हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।   वीडियो में साफ देखने को मिल रहा है कि पहली बार रिवर्स स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके हेलमेट पर लगी। इसके बाद एक गेंद उनकी कलाई पर तो दूसरी पसली पर जाकर लगी। लगातार शरीर पर गेंद लगने के बाद फिजियो समेत कई लोग मैदान पर पहुंचे और ऋषभ पंत रिटायर हर्ट होकर वापस पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत का चयन 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए हुआ है, वह इस टीम के उप-कप्तान है। सीरीज से कुछ दिन पहले पंत को चोटिल होते देखना चिंता का विषय है। ऋषभ पंत की चोट पर अभी तक बीसीसीआई की ओर से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 255 रन ही बना सकी। ध्रुव जुरेल ने शानदार शतक जड़ते हुए 132 रनों की पारी खेली, उनके अलावा कोई बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया। केएल राहुल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाज फेल हुए, जो आगामी साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने टीम को लीड दिलाने में अहम भूमिका निभाई। प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 तो आकाशदीप और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका ए को 221 रनों पर समेट दिया। अफ्रीकी टीम के लिए कप्तान मार्क्स एकरमैन ने 134 रनों की शानदार पारी खेली। पहली पारी के बाद 34 रनों की बढ़त हासिल कर भारत ने खबर लिखे जाने तक दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए हैं।  

लंबे इंतज़ार के बाद फिर मैदान में दिखेंगे ऋषभ पंत, टेस्ट सीरीज में शामिल

मुंबई  विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी भारतीय टेस्ट टीम में तय मानी जा रही है। वह दक्षिण अफ्रीका के ख़लिाफ 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू हो रही दो मैचों की सीरीज के लिए चयनित होने वाले हैं। चयन बैठक बुधवार को हुई और पंत का एन. जगदीशन की जगह चयन होना लगभग तय है। पंत ने वेस्टइंडीज के ख़लिाफ पिछली टेस्ट सीरीज मिस की थी, क्योंकि वह इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट के दौरान लगी पैर की चोट से उबर रहे थे।  उन्होंने पिछले हफ्ते बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच में भारत ए को जीत दिलाकर अपनी फिटनेस साबित की। पंत ने दूसरी पारी में 90 रन बनाए और भारत ए ने 275 रन का लक्ष्य हासिल किया। भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर इस समय ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज खेल रहे हैं। यह पांच मैचों की सीरीज 8 नवंबर को खत्म होगी, जिसके बाद वे टेस्ट टीम से जुड़ेंगे।  कुलदीप यादव को टी20 टीम से तीसरे मैच के बाद होबार्ट में रिलीज किया गया ताकि वह टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए भारत ए के दूसरे चार दिवसीय मैच में भाग ले सकें, जो 6 नवंबर से शुरू हो रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट खेले जाएंगे। पहला 14 नवंबर से कोलकाता में और दूसरा 22 नवंबर से गुवाहाटी में, जहां पहली बार टेस्ट क्रिकेट का आयोजन होगा। भारत इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप तालिका में 61.90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 50 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान में सीरीज 1-1 से ड्रॉ की थी।   

सिद्धू बोले ऋषभ पंत के बारे में: असंभव को संभव बनाने वाले हैं फीनिक्स जैसे

 नई दिल्ली पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कॉमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की है। स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज पंत अभी दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ बेंगलुरु में चल रहे अनऑफिशियल टेस्ट में भारत ए की अगुआई कर रहे हैं। सिद्धू कहा कि किसी ने सोचा तक नहीं था कि भीषण कार हादसे के बाद ऋषभ पंत दोबारा कभी अपने पैरों पर खड़ा हो पाएगा। उन्होंने स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज की तुलना पौराणिक पक्षी फीनिक्स से की है जो अपने ही राख से फिर जिंदा हो जाती है। ऋषभ पंत फिलहाल फुट इंजरी से उबरकर इंडिया ए की अगुआई कर रहे हैं। इसी साल इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की एक यॉर्कर पर रिवर्स स्वीप खेलने के दौरान उनके पैर की उंगली में फ्रैक्चर हो गया था। इस वजह से वह एशिया कप, वेस्टइंडीज के खिलाफ होम सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी नहीं जा पाए थे. नवजोत सिंह सिद्धू ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, 'ऋषभ पंत फीनिक्स हैं जो राख से उठ खड़ी होती है। किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी कि वह फिर से कभी (कार हादसे के बाद) चल पाएंगे। उनकी निडरता को देखिए, उनकी असाधारण उपलब्धियों को देखिए जिसे उन्होंने हासिल किया है। जिस तरह से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी की थी, जिस तरह उन्होंने इंग्लैंड में हमें मैच जितवाए, वो शानदार है। मैं अब तक जितने भी क्रिकेटर देखें हैं उनमें से वह सबसे अच्छे में एक है। जब मैं उन्हें देखता हूं तो आनंद आता है। ऋषभ पंत ने सभी को सिखाया है कि जिंदगी में मुश्किलों से कैसे पार पाते हैं।' भारत ए बनाम दक्षिण अफ्रीका ए के बीच अनऑफिशियल टेस्ट की बात करें तो गुरुवार को कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ए की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो कप्तान ऋषभ पंत के अलावा साई सुदर्शन, आयुष म्हात्रे, देवदत्त पड्डीकल, रजत पाटीदार, आयुष बडोनी, तनुष कोटियन, अंशुल कंबोज, मानव सुधार, गुरनूर बरार और खलील अहमद शामिल हैं।

ऋषभ पंत ने गंगोत्री में की पूजा, क्रिकेट में वापसी को लेकर जताई आस्था, फैन्स हुए भावुक

उत्तरकाशी भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ख‍िलाड़ी ऋषभ पंत ने गंगोत्री धाम के दर्शन किए. उन्होंने गंगा घाट पर विशेष पूजा-अर्चना की. इसके बाद गंगोत्री मंदिर दर्शन के बाद हर्षिल के लिए रवाना हुए. पंत ने इस दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए प्रार्थना की. भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत राहुल तेवतिया के साथ गुरुवार शाम गंगोत्री धाम पहुंचे. वहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसको के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और धाम में करीब एक घंटा बिताया. उसके बाद दोनों क्रिकेटर हर्षिल के लिए रवाना हुए.   ध्यान रहे 27 वर्षीय पंत इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान इंजर्ड हो गए थे. तब उन्होंने क्रिस वोक्स के खिलाफ रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, जिसके बाद उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया. गेंद लगने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और बाद में वे कंट्रोल्ड एंकल मोशन (CAM) बूट में दिखे. इसके बावजूद, अगले दिन उन्होंने वापसी की और शानदार पचासा जड़ा, जिससे उनकी जुझारू मानसिकता दिखी. हालांकि वो ओवल में हुए अंत‍िम टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे.  चोट से वापसी कर रहे विकेटकीपर ऋषभ पंत के भी दिल्ली के दूसरे दौर के रणजी मैच में खेलने की उम्मीद है. वह हाल में र‍िहैब के लिए बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) गए थे. पंत इंजरी और रिहैब की वजह से हाल में वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ हुई टेस्ट सीरीज में नहीं खेले थे. वहीं ऑस्ट्रेल‍ियाई दौरे से भी बाहर हैं. अब पंत का अगला टारगेट 14 नवंबर से शुरू हो रही साउथ अफ्रीका संग घरेलू टेस्ट सीरीज में खेलना है.