samacharsecretary.com

इतिहास रच दिया! महिला टीम ने इंग्लैंड में पहली बार T20 सीरीज अपने नाम की

मैनचेस्‍टर  हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय वुमेंस क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में उस समय इतिहास रचा जब उन्होंने मेजबान टीम को चौथी T20I में 6 विकेट से धूल चटाई। इंग्लैंड की सरजमीं पर पहली बार 2006 में T20I मैच खेलने वाली टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम को उन्हीं के घर पर पहली बार 2 या उससे अधिक मैच की टी20 सीरीज में धूल चटाई है। यह कारनामा टीम इंडिया अपने स्पिनर्स के दम पर करने में कामयाब रही। भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को मात्र 126 के स्कोर पर रोक दिया, इसके बाद इस स्कोर का पीछा उन्होंने 6 विकेट और तीन ओवर रहते आसानी से कर लिया। राधा यादव को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में ही टीम ने 38 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद श्री चरणी और राधा यावद ने अपनी घूमती गेंदों के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों की एक ना चलने दी। भारत की कसी हुई गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कोई भी इंग्लिश बैटर 25 रन का आंकड़ा नहीं छू पाई। श्री चरणी और राधा यादव ने मिलकर 4 विकेट चटकाए और इंग्लैंड को निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 126 के स्कोर पर रोका। राधा यादव ने इस दौरान अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 15 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए। 127 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को स्मृति मंधाना (32) और शैफाली वर्मा (31) की ओपनिंग जोड़ी ने धाकड़ शुरुआत दी। 7 ओवर में दोनों ने मिलकर 56 रन जोड़ जीत की नींव रखी। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स (24) और हरमनप्रीत कौर (26) ने छोटी-छोटी पारी खेल टीम को जीत के नजदीक पहुंचाया। भारत ने 18 गेंदें और 6 विकेट रहते मैच को अपने नाम किया और 5 मैच की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बनाई।

यमन में झेली दरिंदगी, निमिषा प्रिया ने खोले तलाल के जुल्मों के राज, दोस्तों के साथ संबंध बनाने को मजबूर करता था

 पलक्कड़ केरल के पलक्कड़ जिले की रहने वाली नर्स निमिषा प्रिया को 16 जुलाई को यमन में फांसी होने वाली है। भारत सरकार उनकी जान बचाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है। निमिषा ने गलती से बिजनेस पार्टनर की हत्या कर दी थी। यमन का रहने वाला तलाल अब्दो महदी निमिषा का बिजनेस पार्टनर था, लेकिन बाद में उसकी बुरी नजर प्रिया पर पड़ गई और खूब प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यहां तक कि वह रात में अपने घर पर दोस्तों को बुलाता और निमिषा को उनके साथ भी संबंध बनाने के लिए मजबूर करता। उसने अस्पताल में सभी के सामने कई बार निमिषा को प्रताड़ित किया और यहां तक कि उस पर थूकता भी था। जब निमिषा को तलाल की हत्या के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई, तब जेल से उसने तलाल की कई पोल खोली थी। 'द न्यूज मिनट' वेबसाइट से बात करते हुए निमिषा ने पूर्व में बताया था कि तलाल ने सभी लोगों से यहां तक बताना शुरू कर दिया था कि वह उसकी पत्नी है, जबकि निमिषा की पहले ही केरल में थॉमस नामक शख्स से शादी हो चुकी थी और दोनों के एक बच्ची थी। साल 2015 में यमन में सिविल वॉर शुरू होने के बाद तलाल में बदलाव आने लगे और फिर दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होने लगी। निमिषा ने बताया था, ''क्लिनिक की शुरुआत अच्छी रही थी। महीनेभर के अंदर ही मुझे अच्छी कमाई होने लगी। तलाल ने शुरू में मेरी मदद की थी, जैसे कि पैसे और सामान को लाने में। पर जब मेरी अच्छी कमाई होने लगी तो तलाल ने उसमें से हर महीने शेयर मांगना शुरू कर दिया। यहां तक कि उसने क्लिनिक के शेयरहोल्डर में भी अपना नाम जुड़वा लिया।'' 'मुझे अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने को कहता था' सजा पाने के बाद जेल से ही बात करते हुए निमिषा ने बताया था, ''उसने मुझे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह क्लिनिक के कर्मचारियों के सामने मुझे पीटता और मुझपर थूकता था। 2016 में मैंने पुलिस थाने में उसकी शिकायत दर्ज करवाई। उसने मेरा पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया और अपने साथ रहने पर मजबूर करने लगा। वह नशा करके घर आता और मुझे मारता-पीटता।'' भारतीय नर्स ने आगे कहा, ''वह रात में अपने दोस्तों को भी घर पर लाता और मुझे उनके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। मैं खुद को बचाने के लिए बाहर भागती थी। मैं उससे बचने के लिए यमन की सड़कों पर रात में अकेले भागती थी, जबकि यह एक ऐसी जगह है, जहां रात में सड़क पर कोई महिला नहीं दिखाई देती।'' इन सबके बाद साल 2017 में निमिषा ने उसे नशीली दवा देकर बेहोश करने की कोशिश की, जिससे वह अपना पासपोर्ट वापस ले सके। पहली बार में वह इतने नशे में था कि उस पर दवा ने कोई असर नहीं किया। दोबारा नशे की दवा का ओवरडोज ज्यादा होने की वजह से तलाल की मौत हो गई। इसके बाद, पुलिस ने निमिषा को गिरफ्तार किया और बाद में उसे फांसी की सजा सुनाई गई।

नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन, सभी महापौर और आयुक्त हुए शामिल

 महापौरो और आयुक्तों के इंदौर शहर के अध्ययन भ्रमण का छत्तीसगढ़ को मिलेगा लाभ: उप मुख्यमंत्री अरुण साव  महापौरो और आयुक्तो ने शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ किया मंथन नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन, सभी महापौर और आयुक्त हुए शामिल उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने दिया मार्गदर्शन अन्य नगरीय निकायों के अध्यक्षों और सीएमओ को भी स्वच्छ्तम शहरों के अध्ययन भ्रमण पर भेजा जायेगा रायपुर   प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौरो एवं आयुक्तों की आज नवा रायपुर स्थित सर्किट हॉउस में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई । कार्यशाला में सभी नगर पालिक निगमों के महापौर एवं आयुक्त ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष अपने इंदौर अध्ययन भ्रमण के अनुभवों को साझा किया । साथ ही प्रदेश में स्वच्छता अभियान को लेकर भविष्य की योजनाओं तथा विभिन्न नवाचारो पर चर्चा की गयी तथा आगे की रणनीति पर मंथन किया गया । उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कार्यशाला में कहा कि एक महापौर अपने शहर का प्रथम नागरिक और  मुखिया  होता है, महापौर को अपने निगम क्षेत्र में असीमित अधिकार एवं संसाधन प्राप्त है, किसी और जन प्रतिनिधि के पास इतने अधिकार एवं संसाधन नहीं होते है, उन्होंने आगे कहा की जब हम अपने लिए घर बनाते है तब हम विचार करते है की घर भले ही छोटा हो लेकिन साफ स्वच्छ एवं सुविधायुक्त हो, इसी प्रकार हमें अपने शहर की भी कार्य योजना बनाते समय ध्यान रखना होगा कि शहर साफ, स्वच्छ एवं सुविधापूर्ण हो, जिसमे आम नागरिको के लिए आवश्यक सुविधाओ की कमी न रहे | उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यशाला में कहा कि किसी राज्य की छवि उसके शहरों से बनती है, यदि आपका शहर साफ स्वच्छ एवं सुविधापूर्ण होगा तो आपके प्रदेश की छवि भी सुधरेगी | एक मुखिया होने के नाते पूरा शहर आपका घर है और घर को साफ स्वच्छ एवं सुविधा पूर्ण बनाना मुखिया की जिम्मेदारी होती है| साव ने आगे कहा की इंदौर शहर विगत सात वर्षो से भारत सरकार की स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है| इसीलिए महापौरों एवं आयुक्तों को  इंदौर शहर के भ्रमण पर भेजा गया था कि आप खुद जाकर वहां की कार्यप्रणाली का अवलोकन करे और उन अनुभवों  को अपने शहर में क्रियान्वित करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य नगरीय निकायों के अध्यक्षों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी देश के स्वच्छ्तम शहरों के अध्ययन भ्रमण पर भेजा जायेगा|    कार्यशाला में रायपुर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इंदौर भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां की सबसे अच्छी बात शहर की नालियों का पूरी तरह से कवर्ड और अंडरग्राउंड होना है जिससे कचरा नालियों में नहीं जाता है और नालियां जाम  नहीं होती है| उन्होंने बताया कि इंदौर शहर की स्वच्छता में जनप्रतिनिधि और जनता का पूरा समन्वय दिखाई देता है| इसके लिए आवश्यक है कि जनप्रतिनिधि भी जनता के बीच जनजागरूकता लाने हेतु प्रयास करे, केवल सरकार के भरोसे यह संभव नहीं है|  नगर निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने इंदौर भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए बताया कि भ्रमण के दौरान पूरे शहर में उन्हें कहीं  भी सड़क पर मवेशी या कुत्ता दिखाई नहीं दिया,   सड़क किनारे बने नालियों के ऊपर ठेले-खोमचे वाले भी नहीं दिखे, यह केवल निगम, जनप्रतिधि तथा जनता के बीच परस्पर समन्वय से ही संभव हो सकता है|  कार्यशाला में नगर निगम  कोरबा की महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत ने कहा की इंदौर शहर में बैनर एवं होर्डिंग्स पर विशेष प्रावधान लागू किया गया है, बैनर तथा होर्डिंग्स लगाने वालों को चाहे वह राजनीतिक  हो या गैर राजनीतिक उन्हें २४ घंटे के भीतर स्वयं हटाना पड़ता है| इससे भी शहर को साफ-सुथरा रखने में मदद मिलती है| इंदौर की मोनिटरिंग प्रणाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ए-आई आधारित मोनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से सभी गाडियों की लोकेशन ट्रेस की जाती है जिससे निर्धारित समय पर कचरे का संग्रहण किया जा सकता है| उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम में भी इंदौर से प्राप्त अनुभवों को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है| नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक आर.एक्का, सुडा के अतिरिक्त सीईओ दुष्यंत कुमार रायस्त और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य भी कार्यशाला में मौजूद थे।

मौसम विभाग ने बताया- भोपाल में दो दिन नहीं होगी बारिश, रविवार से बढ़ेगा मानसून का असर

भोपाल राजधानी में आगामी दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि वर्तमान में भोपाल के आसपास कोई सक्रिय द्रोणिका नहीं है, जिसके चलते शुक्रवार और शनिवार तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि कहीं-कहीं हल्की फुल्की बारिश जरूर हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि फिलहाल राजधानी में किसी बड़े मौसमी सिस्टम की सक्रियता नहीं है, जिससे शुक्रवार और शनिवार को मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। तापमान में भी ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। शहरवासियों को इस दौरान राहत रहेगी, लेकिन उमस बनी रह सकती है।   17 मिमी बारिश दर्ज सुरेंद्रन ने आगे बताया कि रविवार और सोमवार से राजधानी में फिर से भारी बारिश की संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी की ओर से नया सिस्टम बनने की स्थिति में राजधानी में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। गुरुवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक एयरपोर्ट रोड पर 17.01 मिमी और अरेरा हिल्स में 17.02 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मध्यप्रदेश में वर्षों बाद संरक्षित क्षेत्र में कैराकल की पुष्टि गर्व की बात

भोपाल गाँधी सागर अभ्यारण्य मंदसौर में दुर्लभ प्रजाति के “स्याहगोश’’ (कैराकल) की उपस्थिति दर्ज हुई है। गाँधी सागर वन्य-जीव अभ्यारण्य में “कैराकल’’ जिसे स्थानीय रूप से “स्याहगोश’’ कहा जाता है कैमरा ट्रैप में दिखाई दिया। यह मांसाहारी प्रजाति का अत्यंत शर्मीला, तेज गति से दौड़ने वाला और सामान्यत: रात्रिचर वन्य-जीव है। यह मुख्यत: शुष्क, झाड़ीदार, पथरीले और खुली घास वाले इलाकों में पाया जाता है। भारत में अब यह प्रजाति विलुप्तप्राय श्रेणी में रखी गयी है और इसकी उपस्थिति बहुत ही दुर्लभ मानी जाती है। गाँधी सागर अभ्यारण्य के वन अधिकारी ने बताया कि वन मण्डल मंदसौर में लगाये गये कैमरा ट्रैप में एक वयस्क नर कैराकल की उपस्थिति दर्ज हुई है जो जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अभ्यारण्य में संरक्षित आवासों की गुणवत्ता और संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण भी है। कैराकल की उपस्थिति यह दर्शाती है कि गाँधी सागर क्षेत्र के शुष्क और अर्द्ध-शुष्क पारिस्थितिकीय तंत्र अब भी इतने समृद्ध और संतुलित हैं जो इस दुर्लभ प्रजाति को आश्रय दे सकते हैं। मध्यप्रदेश में पिछले कई वर्षों बाद किसी संरक्षित क्षेत्र में कैराकल की पुष्टि हुई है जो प्रदेश के लिये गर्व की बात है। यह खोज न केवल वन्य-जीव शोध के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है, बल्कि हमारे संरक्षण प्रयासों की सफलता का भी प्रमाण है। इस उपलब्धि के लिये वन विभाग एवं गाँधी सागर वन्य-जीव अभ्यारण्य के अधिकारी-कर्मचारियों के विशेष प्रयासों से विविध पारिस्थितिकी संरक्षित रह पायी है जिससे आज यह अभ्यारण्य दुर्लभ प्रजातियों के लिये भी एक सुरक्षित आश्रय-स्थली बना हुआ है।  

आजीविका के साथ आधुनिकता के संगम से समृद्ध बनेंगे मछुआरे : राज्यमंत्री पंवार

भोपाल  मत्स्य पालन एवं मछुआ कल्याण राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह पंवार ने निषाद समाज की समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रही सकारात्मक पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि निषादराज सम्मेलन से राज्य सरकार निषाद समाज की परंपराओं को सम्मान दे रही है। उनके जीवन और आजीविका को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का कार्य भी कर रही है। यह एक ऐसा प्रयास है जिसमें इतिहास की प्रेरणा और भविष्य की योजना दोनों साथ चल रहे हैं। यह सम्मेलन मछुआ समाज के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में होने जा रहे निषादराज सम्मेलन से निषाद समाज के गौरव को एक मंच मिलने जा रहा है। निषादराज सम्मेलन और उज्जैन की पवित्र नगरी में इसके आयोजन की पौराणिक संदर्भ में व्याख्या करते हुए राज्य मंत्री श्री पंवार ने कहा कि रामायण के लोकनायक श्रीराम जब 14 वर्षों के वनवास पर निकले, तब मार्ग में उन्हें जो प्रथम सच्चा मित्र मिला, वह था निषादराज गुह। न कोई राजसी वैभव, न कोई अधिकार फिर भी निषादराज ने जो आत्मीयता, श्रद्धा और समर्पण दिखाया, वह आज भी भारतीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यमंत्री श्री पंवार ने कहा कि जब श्रीराम, लक्ष्मण और सीता जी गंगा के तट पर पहुंचे, तब निषादराज ने न केवल उन्हें विश्राम दिया, बल्कि अपनी संपूर्ण भक्ति से उनके चरण धोए। यह दृश्य केवल एक राजा की अतिथि सेवा नहीं था। यह सामाजिक समरसता का वह अद्वितीय पल था, जब एक वनवासी और एक राजकुमार के बीच भेदभाव की सारी रेखाएं मिट गईं। निषादराज और श्रीराम की मित्रता का यह आदर्श हमें आज भी यह सिखाता है कि भक्ति और मित्रता में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, केवल भावना की विशालता ही सबसे बड़ा मूल्य है। निषादराज सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति इस आयोजन को विशेष बना रही है। इस मंच के माध्यम से न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह सम्मेलन सरकार और समाज के बीच सहभागिता का नया अध्याय रचेगा। मत्स्य संपदा में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश मध्यप्रदेश आज मत्स्य उत्पादन और मछुआ समाज के सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना जैसे नवाचारों ने हजारों मछुआरों के जीवन में नई आशा की किरण जगाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव देंगे विकास कार्यों की सौगात राज्य मंत्री श्री पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 22.65 करोड़ रूपये की लागत के 453 स्मार्ट फिश पार्लर, 40 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे अत्याधुनिक अंडर वॉटर टनल सहित एक्वापार्क और 91.80 करोड़ रूपये की लागत से इंदिरा सागर जलाशय में 3060 केजेस का वर्चुअली भूमि-पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 430 मोटर साइकिल विद आइस बॉक्स के स्वीकृति पत्र एवं 100 यूनिट्स का वितरण, 396 केज के स्वीकृति पत्र का प्रदाय, फीडमील के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का प्रदाय एवं उत्कृष्ट कार्य कर रहे मछुआरों एवं मत्स्य सहकारी समितियों को पुरस्कार वितरण करेंगे। इस अवसर पर महासंघ के मछुआरों को 9.63 करोड़ रूपये के डेफर्ड वेजेस का सिंगल क्लिक से अंतरण करने के साथ ही रॉयल्टी चेक प्रदाय करेंगे।  

सावन की सौगात: महाकाल भक्तों के लिए भोपाल से शुरू हुई विशेष ट्रेन सेवा

भोपाल  सावन के पवित्र महीने में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर तराना रोड और उसके आसपास रहने वाले बाबा महाकाल के भक्तों को भारतीय रेलवे की ओर से खुश कर देने वाली सौगात दी गई है। रेलवे द्वारा भोपाल और उज्जैन के बीच आज से स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। गाड़ी नंबर 09313 उज्जैन-भोपाल स्पेशल  31 अगस्त तक चलेगी। ये ट्रेन भोपाल से रात 2:15 बजे रवाना होगी और उज्जैन से रात 9:00 बजे लौटेगी, जो रात 1:05 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। भोपाल, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन के यात्रियों को इस ट्रेन से विशेष सुविधा मिलेगी। सावन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को इस स्पेशल ट्रेन का फायदा मिलेगा। इससे उनकी यात्रा और भी सुगम और आरामदायक होगी।   भोपाल उज्जैन स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या- 09314) आज 10 जुलाई से रोजाना रात 2.15 बजे चलेगी। इसके बाद संत हिरदाराम नगर पर रात 2.38 बजे, सीहोर रात 3.10 बजे, कालापीपल रात 3.40 बजे, शुजालपुर सुबह 4.20 बजे, अकोदिया सुबह 5.40 बजे, कालीसिंध सुबह 5.10 बजे, बेरछा सुबह 5.25 बजे, मक्‍सी सुबह 5.55 बजे, तराना रोड सुबह 6.20 बजे और उज्जैन सुबह 7.20 बजे पहुंचेगी। उज्जैन से भोपाल यात्रा वहीं, उज्जैन से भोपाल लौटते समय (गाड़ी संख्या- 09313) उज्‍जैन से रोजाना रात 9 बजे चलेगी। यहां से तराना रोड पर रात 9.30 बजे पहुंचेगी। फिर मक्‍सी रात 9.45 बजे, बेरछा रात 10.02 बजे, कालीसिंध रात 10.15 बजे, अकोदिया रात 10.35 बजे, शुजालपुर रात 10.48 बजे, कालापीपल रात 11.05 बजे, सीहोर रात 11.36 बजे, संत हिरदाराम नगर रात 12.40 बजे और भोपाल रेलवे स्टेशन रात 1.05 बजे पहुंचेगी। इस दौरान दोनों ओर से ये ट्रेन प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो मिनट के लिए रुकेगी। इसी अवधि में यात्रियों को अपने स्टेशन से चढ़ना और उतरना रहेगा।

‘हमने ही पाले आतंकी’ – बिलावल भुट्टो के बयान से पाकिस्तान की पोल खुली

कराची  पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने माना है कि उनके देश ने आतंकी संगठनों को बढ़ावा दिया है। हालांकि हमेशा की तरह हकीकत को खारिज करने की कोशिश करते हुए बिलावल ने कश्मीर में आतंकवाद फैलाने की बात से इनकार कर दिया है। उन्होंने भारतीय पत्रकार करण थापर को दिए इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान किसी भी आतंकी समूह को बढ़ावा नहीं देता। पाकिस्तान तो खुद ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। हम आतंक से जंग में 92 हजार लोगों को खोज चुके हैं। एक साल में ही करीब 2 हजार लोग मारे गए हैं। इसी साल की बात करें तो पाकिस्तान के इतिहास का यह सबसे खूनी वर्ष है। उनसे पूछा गया कि आपके पिता ने 2009 में माना था कि पाकिस्तान ने आतंकी संगठनों को तैयार किया था। इस पर बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि यह जिया उल हक की नीति थी, जिन्होंने जिहादिफिकेशन की बात कही थी। पाकिस्तान और भारतीय उपमहाद्वीप में जो आतंकवाद है, वह अफगानिस्तान में चली जंग के चलते है। अफगानिस्तान में लंबे समय तक जिहाद चला और उसका असर है कि पाकिस्तान को भी भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि 9/11 आतंकी हमले के बाद इसमें इजाफा हुआ। इन लोगों की शुरुआत तो अफगानिस्तान से ही हुई थी, लेकिन फिर इन आतंकी संगठनों ने कश्मीर जिहाद शुरू कर दिया। इसके आगे अहम तथ्य को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा हुआ है कि पाकिस्तान के कुछ संगठनों और लोगों को अफगानिस्तान के जिहाद में लगाया गया। लेकिन यहां आधी बात ही बिलावल ने स्वीकार की और कश्मीर में आतंकवाद फैलाने में सेना, आईएसआई और यहां तक कि सरकार के रोल को नकार दिया। भुट्टो ने कहा कि आतंकी संगठनों ने अफगानिस्तान में जिहाद शुरू किया था, फिर उन्होंने कश्मीर की ओर रुख कर लिया। पहलगाम आतंकी हमले में लश्कर से जुड़े द रेजिस्टेंस फोर्स का हाथ होने की बात पर बिलावल भुट्टो ने कहा कि हमने आतंकी संगठनों पर ऐक्शन लिया है। मुंबई आतंकी हमले पर पाकिस्तान ने क्या ऐक्शन लिया? क्या बोले बिलावल उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने माना है कि हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं। फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स ने भी यह स्वीकार किया है। बिलावल ने कहा कि हमारे पीएम ने पहलगाम आतंकी हमले पर लगे आरोपों को लेकर कहा था कि हम किसी भी जांच का हिस्सा बनने को तैयार हैं। इस पर करन थापर ने पूछा कि आखिर मुंबई हमले से लेकर अब तक आपने किन आतंकी संगठनों और लोगों के खिलाफ ऐक्शन लिया है। जबकि जनरल महमूद दुर्रानी ने खुद स्वीकार किया था कि अजमल कसाब भारत का रहने वाला है। हाफिज सईद पर बोले बिलावल- उसे जेल में रखा था इस पर बिलावल ने कहा कि हाफिज सईद की बात है तो वह जेल में रह चुका है। उसके खिलाफ पाकिस्तान में जांच भी की गई थी। मसूद अजहर को लेकर बिलावल ने कहा कि वह फिलहाल अफगानिस्तान में है। यदि वह पाकिस्तान में होता तो उसके खिलाफ ऐक्शन लिया जाता। बिलावल ने कहा कि मैं मानता हूं कि आतंकवाद पाकिस्तान और भारत दोनों के लिए ही खतरा है। बता दें कि हाफिज सईद को एक बार जेल में बंद भी किया गया था, लेकिन वह मुंबई आतंकी हमले के मामले में नहीं बल्कि टेरर फंडिंग के नाम पर जेल गया था।

आजीविका मिशन एवं हथकरघा विकास निगम की सहायता से ली हैंडलूम की हेमलता ने ट्रेनिंग

सफलता की कहानी भोपाल  मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली हेमलता खराड़े आज महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। कभी गांव-गांव में मजदूरी कर महीने भर में मुश्किल से 800 रुपये कमाने वाली हेमलता ने अपनी मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास से खुद की दुनिया ही बदल दी। आज वे न सिर्फ सफल उद्यमी हैं, बल्कि 15 महिलाओं को रोज़गार देकर उन्हें भी आत्मनिर्भरता की राह पर ले जा रही हैं। सीखा लूम पर काम करना हेमलता का जीवन बदला आजीविका मिशन और हथकरघा विकास निगम की मदद से वर्ष 2008 में उन्होंने निगम की ओर से 6 माह की ट्रेनिंग ली, जिसमें उन्होंने लूम पर काम करना सीखा। इसके बाद वे हथकरघा भवनों में काम करने लगीं और अपने कौशल से पहचान बनाते हुए वर्ष 2012 में खुद का हथकरघा समूह शुरू किया। शासन ने उनके आत्मविश्वास और काम को देखते हुए वर्ष 2016 में भवन भी उपलब्ध कराया। हेमलता ने महेश्वर की पारंपरिक माहेश्वरी साड़ियों को अपनी कला से नई पहचान दी है। आज वे देश के विभिन्न शहरों – मुंबई, दिल्ली, चंडीगढ़, गुवाहाटी, इंदौर और भोपाल आदि में आयोजित हैंडलूम एग्जीबिशनों में हिस्सा लेती हैं। उनकी मासिक आय करीब 25,000 रुपये है और सालाना लगभग 2.5 लाख रुपये तक की कमाई हो जाती है। साड़ी पर उकेरी नर्मदा की लहरें हेमलता बताती हैं कि उनके स्व-सहायता समूह में तैयार साड़ियों में महेश्वर किले की झलक, झरोखा बूंटी, जाली बूटी, कैरी बूटी, असरफी बूटी जैसे पारंपरिक डिज़ाइन बुनाई जाते हैं। खास बात यह है कि वे नर्मदा नदी की लहरों को भी साड़ियों की बॉर्डर में सजाकर उसकी प्राकृतिक छटा को परिधानों में पिरोती हैं। उनकी साड़ियाँ तीज-त्योहारों से लेकर शादी-ब्याह तक हर अवसर पर खूब पसंद की जाती हैं। संघर्ष से सफलता की इस यात्रा में हेमलता ने साबित कर दिया कि अवसर, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए तो कोई भी महिला अपनी पहचान खुद बना सकती है।  

11 शुक्रवार 2025, सूर्य की तरह चमकेगा इन राशियों का भाग्य

मेष: स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें। निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। फैमिली और दोस्तों का सपोर्ट मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। ऑफिस में अतिरिक्त कार्यों की जिम्मेदारी मिल सकती है। रोजाना योग और मेडिटेशन करें। इससे आप मेंटली और फिजिकली हेल्दी रहेंगे। वृषभ: धन लाभ के नए मौके मिलेंगे। आज आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। घर में मांगलिक कार्यों का आयोजन संभव है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। घर के जरूरी दस्तावेजों को संभालकर रखें। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता हासिल करने के लिए खूब मेहनत करना चाहिए। फैमिली के साथ टाइम स्पेंड करें। लव लाइफ में खुशनुमा माहौल रहेगा। मिथुन: अपने डेली रूटीन से थोड़ा ब्रेक लें। रोजाना योग व मेडिटेशन करें। शैक्षिक कार्यों में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। घर में मांगलिक कार्यों का आयोजन संभव है। प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों से छुटकारा मिलेगा। प्रोफेशनल लाइफ में काफी बिजी शेड्यूल रहेगा। कार्यों का दबाव बढ़ेगा। ऑफिस का स्ट्रेस घर न लाएं। कर्क: हेल्दी डाइट मेंटेन करें। रोजाना योग और एक्सरसाइज करें। आज ऑफिस में कार्यों की चुनौतियों बढ़ सकती है। लंबे समय से बकाया हुआ धन वापस मिलेगा। पारिवारिक जीवन में खुशनुमा माहौल रहेगा। करियर में तरक्की के नए अवसर मिलेंगे। काम के सिलसिले में लंबी यात्रा के योग बनेंगे। अपने करियर गोल्स पर फोकस करें। सफलता प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करें। सिंह: आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। ऑफिस में सहकर्मियों के साथ मिलकर किए गए कार्यों में सफलता हासिल करेंगे। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में सबकुछ अच्छा रहेगा। कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। रिश्ते मधुर होंगे। तरक्की के नए अवसर प्राप्त होंगे। खर्चों की अधिकता से मन परेशान रहेगा। घर-परिवार में कोई बड़ा फैसला लेने पड़ सकता है। कन्या: ऑफिस में सीनियर्स का सपोर्ट मिलेगा। माता-पिता के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। फैमिली के साथ मौज-मस्ती भरे पलों को एंजॉय करें। विदेश यात्रा के योग बनेंगे। अगर आप नई प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं, तो यह उत्तम समय है। जॉब चेंज करने का अवसर मिलेगा। प्रोफेशनल लाइफ में महत्वपूर्ण बदलाव होंगे। ऑफिस परफॉर्मेंस शानदार रहेगी। तुला: कार्यों में बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। नई चुनौतियों के लिए तैयार रहें। परिस्थिति के अनुकूल ढलें और तनाव से बचें। ऑफिस में नए कार्यों की जिम्मेदारी लें। इससे तरक्की के नए अवसर मिलेंगे। ऑफिस में बॉस कार्यों की प्रशंसा करेंगे। ऑफिस पॉलिटिक्स से दूर रहें। अपने काम पर फोकस करें। नए कार्य की जिम्मेदारी लेने में संकोच न करें। इससे करियर ग्रोथ के चांसेस बढ़ेंगे। रिलेशनशिप की दिक्कतें दूर होंगी। लव लाइफ में नए रोमांचक मोड़ आएंगे। वृश्चिक: स्वास्थ्य में सुधार आएगा। आय के नए स्त्रोतों से धन लाभ संभव है। कार्यों में जल्दबाजी से बचें। व्यवस्थित ढंग से सभी काम निपटाएं। भावुक न हों। काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। सीनियर्स बच्चों के बीच धन का बंटवारा कर सकते हैं। पर्सनल ग्रोथ के कई अवसर मिलेंगे, लेकिन जीवन में कई चुनौतियों से भी सामना होगा। धनु: ऑफिस में कार्यों की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलेगी। रिलेशनशिप की गलतफहमी को बातचीत के जरिए सुलझाएं। बिना सोचे-समझे कुछ भी न बोलें। लाइफ पार्टनर के संग क्वालिटी टाइम स्पेंड करें। धैर्य बनाए रखें और क्रोध से बचें। किसी भी परिस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया न दें। मकर: साथी से अपनी फीलिंग्स ईमानदारी से व्यक्त करें। सिंगल जातक नए लोगों से मिलने के लिए तैयार रहें। आज का दिन नए कार्यों की शुरुआत करने के शुभ रहेगा। रिलेशनशिप की गलतफहमियों को बातचीत के जरिए सुलझाएं। शांत रहें और जल्दबाजी में कोई फैसला न लें। फैमिली के सपोर्ट से कार्यों की बाधाएं दूर होंगी। नौकरी-कारोबार में तरक्की के योग बनेंगे। कड़ी मेहनत का फल मिलेगा। कुंभ: मन प्रसन्न रहेगा। यह कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने का आदर्श समय है। मानसिक तनाव से बचें। अपने काम पर फोकस करें। इससे हर क्षेत्र में तरक्की के मार्ग खुलेंगे। मैनेजमेंट में अच्छी छवि बरकरार रहेगी। रोमांटिक लाइफ बढ़िया रहेगी। जीवनसाथी संग रिश्ता मजबूत होगा। आज आर्थिक मामलों में थोड़ी सावधानी बरतें। जरूरत पड़ने पर फाइनेंसशियल एक्सपर्ट की सलाह लेने में संकोच न करें। मीन: करियर में सफलता हासिल होगी। धन का प्रबंधन होशियारी से करें। इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कार्यों की चुनौतियों का डटकर सामना करेंगे। भावनाओं में उतार-चढ़ाव संभव है। जीवनसाथी का सपोर्ट मिलेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों से छुटकारा मिलेगा। पारिवारिक जीवन में खुशनुमा माहौल रहेगा। फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करेंगे।