samacharsecretary.com

नर्सिंग एडमिशन मामले में हाई कोर्ट सख्त, रजिस्ट्रार काउंसिल के अधिवक्ता को कोर्ट में हाजिर होने के निर्देश

भोपाल मध्य प्रदेश में एमएससी नर्सिंग प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितताओं और काउंसिल की लापरवाही को लेकर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। याचिकाकर्ता एनएसयूआइ (NSUI) उपाध्यक्ष रवि परमार एवं अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के अधिवक्ता को 15 दिसंबर 2025 को व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। वेबसाइट गैर-कार्यशील, हजारों पात्र छात्र परेशान मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हुए अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय ने न्यायालय को बताया कि एमएनआरसी द्वारा एमएससी नर्सिंग और पोस्ट बीएससी की काउंसलिंग के लिए समय-सारणी तो जारी की गई है, लेकिन परिषद की वेबसाइट पूरी तरह से गैर-कार्यशील है, जिससे हजारों पात्र छात्र परेशान हैं।   कोर्ट ने पूछा, एमएससी नर्सिंग को इससे अलग क्यों रखा गया न्यायालय ने इस बात पर गंभीर सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट ने तीन दिसंबर 2025 के आदेश से नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दी थी, तो एमएससी नर्सिंग को इससे अलग क्यों रखा गया है। भारतीय नर्सिंग परिषद से भी स्पष्टीकरण मांगा हाईकोर्ट ने भारतीय नर्सिंग परिषद (आइएनसी) से भी इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। याचिकाकर्ता रवि परमार ने कहा कि वेबसाइट बंद होने और अस्पष्ट फैसलों के कारण हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। याचिकाकर्ता ने कोर्ट में क्या की मांग? याचिकाकर्ता रवि परमार ने मांग की है कि एमएससी नर्सिंग में भी प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ाई जाए। हाईकोर्ट ने एमएनआरसी के अधिवक्ता अभिजीत अवस्थी को अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने की व्यवस्था स्पष्ट करने का आदेश दिया है।  

स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, सामूहिक कर्तव्य है: स्वच्छता योद्धाओं के सम्मान का आह्वान – भजनलाल शर्मा

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है तथा राज्य सरकार प्रदेश को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आमजन स्वच्छता योद्धाओं का सम्मान और सहयोग कर इनका मनोबल बढ़ाएं ताकि ये स्वच्छता की मुहिम में और तेज गति से कार्य कर सकें। उन्होंने आह्वान किया कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। शर्मा रविवार को जल महल की पाल पर आयोजित राज्य स्तरीय स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल महल हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है। अपनी धरोहरों, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एक बड़ी चुनौती है। इसी क्रम में राज्य सरकार प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक की रोकथाम के लिए एक्शन प्लान लेकर आई है। इस अवसर पर शर्मा ने ऐतिहासिक जल महल की पाल पर श्रमदान व पौधारोपण कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने झाडू लगाई और कचरा संग्रहित किया तथा उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। शर्मा ने स्वच्छता योद्धाओं को पीपीई किट और चयनित लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के चेक वितरित करने के साथ ही रोड स्वीपिंग मशीन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ‘इंप्लिमेंटेशन प्लान फॉर सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री सिटीज’ पुस्तिका का विमोचन किया तथा स्वच्छता के कर्तव्य पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। प्रधानमंत्री की स्वच्छ भारत मुहिम, आमजन की आदतों में आया बड़ा बदलाव मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन से राष्ट्रीय जागृति की शुरुआत की, जिससे देश में सड़कें और नालियां साफ होने के साथ ही लोगों की आदतों में भी बड़ा बदलाव आया। इस अभियान के तहत अब तक देशभर में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालयों का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यह मिशन जन स्वास्थ्य, महिलाओं के सम्मान और पर्यावरण जिम्मेदारी के प्रति दृष्टिकोण को नया आकार दे रहा है। साथ ही, प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2017 में शुरू किया गया ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम इस मिशन के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरा है। राजस्थान के 42 हजार 492 गांव ओडीएफ प्लस घोषित मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के जनआंदोलन में राजस्थान प्रमुखता से कार्य कर रहा है। प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 2 लाख 62 हजार व्यक्तिगत तथा 4 हजार से अधिक सामुदायिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। वहीं 42 हजार 492 से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर संचालित किए गए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान ने जल स्रोतों, राजकीय कार्यालयों, अस्पतालों एवं विद्यालयों आदि की साफ-सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं, भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के रोजगार के सपनों को प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। दो वर्ष के कार्यकाल में 92 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी गई है। आगामी दिनों में 20 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं, 1 लाख 53 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय में कई पेपर लीक हुए, जबकि हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। राज्य सरकार ने भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की है। किसान, घरेलू उपभोक्ता और उद्यमियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों पर प्राथमिकता से कार्य किया है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास, माही बांध, सोम-कमला-अंबा सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में जल संचयन तथा पानी की उपलब्धता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, घरेलू उपभोक्ताओं और उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन के समय में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स हो रहे सशक्त मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को नई आशा, दिशा और ऊर्जा मिली है। यह योजना उन लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बना रही है, जो देश की असंगठित अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन डॉ. देबाशीष पृष्टी, जयपुर नगर निगम प्रशासक पूनम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश के विदिशा में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, नदी में गिरने से 28 छात्रों को आई चोटें

विदिशा विदिशा जिले के नटेरन थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहद गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बंगला चौराहा स्थित एक निजी स्कूल की बस, जिसमें करीब 48 छात्र सवार थे, सगड़ नदी पुल पार करते समय अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। यह घटना (Vidisha School Bus Accident) सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। नदी में पानी नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। बस नीचे पत्थरों पर गिरी, जिससे लगभग 28 छात्र घायल हो गए। इनमें कुछ छात्रों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए राजीव गांधी शासकीय जन चिकित्सालय, गंजबासौदा लाया गया।   गंभीर रूप से घायल लगभग पांच छात्रों की हालत को देखते हुए उन्हें विदिशा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल छात्रों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बताया गया है कि सभी बच्चे स्कूल की ओर से पिकनिक मनाने सांची जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। विदिशा पुलिस ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुल की संकरी चौड़ाई और चालक द्वारा सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के प्रयास के दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत अभिभावकों को सूचना दी और घायलों के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि यह घटना छात्रों के लिए बेहद भयावह रही, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र की जान को खतरा नहीं है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में संकरे पुलों और सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें और स्कूल बसों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

सियासी घमासान: कांग्रेस की रैली में लगे आपत्तिजनक नारे, BJP ने वीडियो जारी कर जताई नाराज़गी

नई दिल्ली  दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रविवार को वोट चोरी के आरोपों पर बड़ी रैली हो रही है। इसमें भाजपा ने एक वीडियो के हवाले से आरोप लगाया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की मौत को लेकर नारे लगाए हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी तेरी कब्र खुदेगी की नारेबाजी की है। इसको लेकर न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें कुछ महिलाएं पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही हैं।   भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नारा लगाया कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। आज यह स्पष्ट हो गया है कांग्रेस की सोच माओवादी वाली सोच है। अतीत में जब इस तरह के नारे लगाए थे, तब देश की जनता ने कहा था कि मोदी तेरा कमल खिलेगा। लेकिन आज पीएम मोदी के खिलाफ देशविरोधी इस तरह की टिप्पणी करते हैं और आज कांग्रसे द्वारा ऐसा बोलने से साफ हो गया है कि कांग्रेस इतनी हताश है। पीएम मोदी देशविरोधियों और भारत के बीच में एक चट्टान के रूप में खड़े हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता यह भी अंदाजा लगा रहे हैं कि जैसे दूसरे देशों में लोग सड़कों पर उतरे और लोकतंत्र को अस्थिर करने की कोशिश की, वैसा ही कुछ भारत में भी हो सकता है। रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा आयोजित 'घुसपैठिया बचाओ रैली' में सिर्फ एक बात कॉमन है: कांग्रेस पार्टी देश की जनता के खिलाफ है… कांग्रेस पार्टी का असली मकसद देश में अस्थिरता पैदा करना है।''   वहीं, भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि एजेंडा क्लियर है। यह एसआईआर के खिलाफ नहीं है, बल्कि संविधान पर वार है। कांग्रेस के नेता नारे लगा रहे हैं, ''कब्र खुदेगी मोदी की, आज नहीं तो कल खुदेगी।'' शहजाद पूनावाला ने आगे लिखा, ''हाल ही में रागिनी नायक ने एआईवीडियो शेयर किया था, जिसमें चायवाले के रूप में दिखाया गया। तो एसआईआर के नाम पर वे पीएम मोदी को खत्म करना चाहते हैं? हाल ही में राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग को धमकी दी थी। अभी तक कांग्रेस ने पीएम मोदी को 150 से ज्यादा बार गालियां दी हैं।''  

शीतलहर के साथ कोहरे का साया, सड़कों से लेकर रेल तक थमी चाल

जलालाबाद उत्तरी भारत में दिन-ब-दिन बढ़ रही ठंड ने सीमावर्ती क्षेत्र में भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और आज इलाके में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने भी अपना असर दिखाया, जिससे आम ज़िंदगी पर काफी असर पड़ा और जिंदगी की रफतार थमी-थमी प्रतीत हुई। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में लगातार ठंड पड़ रही है। हालांकि आसमान में धूप निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलती रही है। लेकिन आज सुबह इलाके में आसमान पर छाई घने कोहरे की सफेद चादर ने दोपहर तक सूर्य को ढके रखा। वहीं, घने कोहरे की वजह से आम ज़िंदगी पर काफी असर पड़ा और वाहन चालक वाले अपनी गाड़ियों की लाइट जलाकर धीमी रफ़्तार से अपनी मंज़िल की ओर बढ़ते दिखे। आज के घने कोहरे ने ज़िंदगी की रफ़्तार धीमी कर दी और लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले कई बार सोचने के लिए मजबूर कर दिया। जहां कुछ लोगों को कोहरे की वजह से अपने काम टालने पड़े तथा कुछ लोगों का ज़रूरी सफ़र का विचार भी बदलना पड़ा। जो लोग घरों से बाहर निकले, वह भी गाड़ियों में सफ़र करते समय प्रमात्मा को याद करते ही दिखाई दिए। हालांकि, दोपहर में सूरज निकलने से लोगों को कोहरे से राहत मिली और लोगों को घरों से बाहर निकलने का मौका मिला जिससे दोपहर बाद शहर के बाजारों में कुछ चहल-पहल देखी गई।  स्थानीय फिरोजपुर-फाजिल्का मुख्य मार्ग पर यात्रियों को लाने-ले जाने का जिम्मा संभालने वाली रोडवेज बसों में भी आज सुबह आम दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या कम देखी गई। गौरतलब है कि एफ.एफ रोड पर चलने वाली रोडवेज बसें अक्सर यात्रियों से खचाखच भरी रहती हैं। लेकिन आज कोहरे के कारण आम दिनों के मुकाबले ज्यादातर लोगों ने बसों में सफर करना पसंद नहीं किया। इसका मुख्य कारण कोहरा और ठंड तो है ही, लेकिन दूसरा कारण रविवार को छुट्टी का दिन और जिला परिषद, ब्लॉक समिति के चुनाव भी माने जा रहे हैं। इसका कारण जो भी हो, यात्रियों की भीड़ से तंग आ चुके ड्राइवरों और कंडक्टरों को आज यात्रियों की भारी भीड़ से कुछ राहत जरूर मिली है। लेकिन इसके बावजूद कोहरे में बस चलाना और यात्रियों को उनकी मंज़िल तक पहुंचाना बस ड्राइवरों के लिए एक बड़ी चुनौती है और बस ड्राइवर और कंडक्टर इस ज़िम्मेदारी को बखूबी निभाते भी हैं। 

हरियाणा में नई IMT की सौगात, इन गांवों के लोगों को मिलेंगे रोजगार और विकास के अवसर

हरियाणा  हरियाणा की औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) ने खरखौदा इंडस्ट्रियल माडल टाउन (IMT) के फेज-2 के विस्तार की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। पहले चरण में इसके लिए जमीन की मूल्यांकन का काम होगा। इसके बाद IMT का विस्तार सोनीपत के साथ झज्जर की ओर होगा। जिसके चलते किसानों की जमीन को चिन्हित किया जाएगा।  बताया जा रहा है कि आईएमटी बनाने के लिए 5800 एकड़ जमीन पर काम शुरू होगा। एचएसआइआइडीसी की ओर से जो योजना बनाई गई है, उसके हिसाब से IMT को विस्तार देने के लिए जमीन का चयन इस प्रकार किया गया है, जिससे कि KMP एक्सप्रेसवे को क्रास न करना पड़े। इसे दिल्ली-जम्मू कटरा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि भविष्य में यहां स्थापित होने वाले उद्योगों को दोनों एक्सप्रेसवे का सीधा लाभ मिल सकेंगे। वहीं सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के पांच गांवों की जमीन पर IMT का विस्तार होगा। जिसके चलते झज्जर के छह गांवों में 3,625 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है, जबकि सोनीपत के पांच गांवों की 2,175 एकड़ जमीन को शामिल किया गया है। आसपास के गांवों में जमीन के दाम 8 से 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ पहुंच चुके हैं।   

चुनाव आयोग पर राहुल गांधी का हमला, बोले— सत्य की लड़ाई में भाजपा का साथ दे रहा है आयोग

नई दिल्ली  कांग्रेस की रामलीला मैदान में आयोजित वोट चोरी महारैली के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, ये सत्य और असत्य की लड़ाई और चुनाव आयोग इस लड़ाई में बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।   उन्होंने कहा कि जब तक सत्ता है केवल तभी तक अमित शाह बहादुर हैं। संसद में उनके हाथ कांप रहे थे। राहुल गांधी ने कहा, मैंने वोट चोरी को लेकर सवाल किए थे। उसकी सफाई कुछ दिनों बाद अमित शाह ने संसद में दी। उन्होंने कहा, सफाई देते हुए उनके हाथ कांप रहे थे। राहुल गांधी ने कहा, भाजपा के पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं, चुनाव के समय वे 10 हजार रुपये देते हैं, उनके चुनाव आयुक्त हैं- ज्ञानेश कुमार, डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी। चुनाव आयोग-भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इनके लिए कानून बदला, नया कानून लेकर आए और कहा कि चुनाव आयुक्त कुछ भी करे उनपर एक्शन नहीं लिया जा सकता, उनपर कार्रवाई नहीं हो सकती। हम इस कानून को बदलेंगे और आपके खिलाफ एक्शन लेंगे क्योंकि हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं और आप असत्य के साथ खड़े हो।  

युवा टीम इंडिया का जलवा, U19 एशिया कप में पाकिस्तान को करारी शिकस्त

नई दिल्ली  भारतीय टीम ने रविवार को U19 एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को 90 रनों से शिकस्त दी। अंडर-19 एशिया कप के पांचवें मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 240 रन बनाए। इसके जवाब में दुबई के आईसीसी अकैडमी ग्राउंड पर पाकिस्तान की टीम 41.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से हुजैफा अहसन ने सर्वाधिक 70 रन बनाए। भारत के लिए दीपेश और कनिष्क ने 3-3 विकेट लिए।   241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने धीमी शुरुआत की। टीम ने 8 ओवर तक कोई विकेट नहीं गंवाया और 21 रन बनाए। लेकिन 9वें और 11वें ओवर में दीपेश ने पाकिस्तान को डबल झटके दिए। दीपेश ने समीर (9) और अली हसन (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद अहमद 4 रन ही बना सके। सलामी बल्लेबाज उसमान खान 42 गेंद में 16 रन ही बना सके। कप्तान फरहान यूसुफ ने 34 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। हमजा 4 रन ही बना सके। अब्दुल ने 6 रन बनाए। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 240 रन बनाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। भारत की ओर से आरोन जॉर्ज ने शानदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया, लेकिन वह शतक से चूक गए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद सय्याम, अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट चटकाए। निकाब शफीक ने दो विकेट हासिल किए। वैभव सूर्यवंशी सस्ते में आउट हुए, वहीं कप्तान आयुष म्हात्रे ने तेज तर्रार शुरुआत तो दिलाई, मगर वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। म्हात्रे ने 38 रन बनाे। नंबर-3 पर उतरे आरोन जॉर्ज ने 85 रनों की शानदार पारी खेली, मगर वह शतक से चूक गए।

महायुति में शामिल लेकिन संघ से परहेज? RSS कार्यक्रम में अजित पवार की गैरमौजूदगी पर सियासी घमासान

मुंबई  महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में शामिल अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से दूरी बनाकर रखी है। रविवार को संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के नागपुर स्थित स्मारक पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तो पहुंचे लेकिन एनसीपी से कोई नजर नहीं आया। इस बारे में जब पार्टी नेता से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि एनसीपी महायुति में राज्य के विकास के लिए शामिल हुई है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब अजित पवार और उनकी पार्टी के विधायकों ने हेडगेवार के स्मारक पर जाने से परहेज किया हो।   प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा कि पार्टी की विचारधारा छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले और बी आर आंबेडकर जैसे समाज सुधारकों की प्रगतिशील सोच पर आधारित है। उन्होंने दोहराया कि यह पहली बार नहीं है जब अजित पवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के स्मारक पर जाने से दूरी बनाई है। उन्होंने कहा, “हम अपने सिद्धांतों पर कायम हैं और हमारा ध्यान राज्य के विकास पर है।” महायुति में उठी इस दरार का फायदा उठाने के लिए कांग्रेस की तरफ से तुरंत ही एक बयान सामने आ गया। पार्टी के प्रवक्ता सचिन सावंत ने दावा किया कि राकांपा मंत्रिमंडल बैठकों में आरएसएस की “विचारधारा” सुन रही है और अगर पवार की पार्टी उससे सहमत नहीं होगी, वह सत्ता में नहीं रह सकती। सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरएसएस की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने वाली विचारधाराओं को बढ़ावा देता है। शिंदे और शिवसेना विधायकों के हेडगेवार स्मारक जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनका ध्यान “पैसा बांटकर सत्ता हासिल करने और संवैधानिक लोकतंत्र को नष्ट करने” पर है। कांग्रेस नेता ने यह दावा भी किया कि सौ साल से अधिक समय से अस्तित्व में रहने के बावजूद आरएसएस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि हिंदुत्व का वास्तविक अर्थ क्या है। उन्होंने कहा, “कम से कम अब उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि हिंदुत्व वास्तव में क्या है।” इससे पहले रविवार सुबह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सत्तारूढ़ भाजपा एवं शिवसेना के विधायकों ने हेडगेवार के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, लेकिन अजित पवार और उनके नेतृत्व वाली राकांपा के नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इस समय नागपुर में महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र जारी है। हर साल इस सत्र के दौरान भाजपा के मंत्री और विधायक रेशिमबाग में स्थित स्मृति मंदिर में आरएसएस के संस्थापक हेडगेवार और दूसरे सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर के स्मारक पर जाते हैं। विधानसभा में 41 विधायकों वाली राकांपा की ओर से पिछले साल केवल विधायक राजू करेमोरे और राजकुमार बडोले स्मृति मंदिर पहुंचे थे।  

सिडनी का बॉन्डी बीच बना कत्लेआम का मैदान, अंधाधुंध फायरिंग में 10 की जान गई

सिडनी ऑस्ट्रेलिया स्थित सिडनी के बांडी बीच पर कई लोगों को गोलियों से भून दिया गया है। इस घटना में अभी तक 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर दो की संख्या में आए थे। इन लोगों ने करीब 50 राउंड फायर किया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहाकि घटनास्थल पर दृश्य काफी चौंकाने वाला और वीभत्स है। पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं बांडी बीच पर लोगों की जान बचाने में जुटी हुई हैं। प्रधानमंत्री ने सभी प्रभावितों के साथ अपनी सहानुभूति जताई है। गोलियां चलने की घटना आठ दिनों के यहूदी त्योहार हनुक्का की पहली रात को हुई। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने रिपोर्ट किया कि बंदूकधारियों ने शाम 6.30 बजे (ऑस्ट्रेलियाई समय) के तुरंत बाद गोलीबारी शुरू कर दी, जब सैकड़ों लोग यहूदी त्योहार की शुरुआत का जश्न मनाने के लिए समुद्र तट पर एक कार्यक्रम में इकट्ठा हुए थे। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहाकि मैंने अभी एएफपी कमिश्नर से बात की है। हम एनएसडब्लू पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। जैसे ही आगे की कोई जानकारी आती है, हम लोगों को बताएंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि लोग एनएसडब्लू पुलिस से मिली सूचना को फॉलो करें। सिडनी के समाचार पत्र सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने स्थानीय लोगों के हवाले से कहा कि बोंडी में लोगों ने 50 से ज्यादा गोलियों के चलने की आवाज़ सुनी। अख़बार ने एक स्थानीय शख्स हैरी विल्सन के हवाले से कहा कि उसने ज़मीन पर कई लोगों को गिरे हुए देखा और चारों ओर ख़ून बिखरा हुआ था। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोंडी बीच पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने लोगों से उस क्षेत्र में जाने से बचने का अनुरोध किया है और वहां मौजूद लोगों से शरण लेने के लिये कहा है।