samacharsecretary.com

ट्रैफिक सिस्टम फेल! इंदौर में पुलिसकर्मी गायब, रास्ते जाम में फंसे लोग

इंदौर नगरीय सीमा में ट्रैफिक बल की कमी का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। तीन लोगों की मौत के बाद यातायात प्रबंधन की चर्चाएं हो रही हैं। अफसर तो खुलकर भले ही न बोलें, मुख्यालय को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। सबसे बड़ी कमी ट्रैफिक निरीक्षकों की है। शासन ने 53 पद स्वीकृत तो कर दिए पर पोस्टिंग सात निरीक्षकों की है। यातायात प्रबंधन अभी भी 46 निरीक्षकों की कमी से जूझ रहा है। शिक्षक नगर (एरोड्रम) से बड़ा गणपति (मल्हारगंज) के बीच हुआ ट्रक हादसा पुलिस की गैर मौजूदगी के कारण हुआ था। अफसरों के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि जिन पुलिसकर्मियों को चौराहे पर मौजूद रहना था वो धार्मिक गुरु के कार्यक्रम में गए थे।   46 निरीक्षक अभी भी कम अफसरों का दावा है कि एक कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने के लिए किसी एक चौराहे का बल कम करना ही पड़ता है। कमिश्नोरेट में शासन ने जिन पदों की स्वीकृति दी, उनकी पूर्ति ही नहीं की गई। सूत्रों के अनुसार दिसंबर 2021 में कमिश्नर प्रणाली लागू करने के साथ यातायात प्रबंधन के लिए निरीक्षकों के 53 पद स्वीकृत किए गए थे। इसमें सिर्फ सात की पोस्टिंग हुई। 46 निरीक्षक अभी भी कम है। प्रधान आरक्षक 105 चाहिए। 850 की जरूरत, मगर 679 ही पदस्थ: इसी तरह 19 चालकों की जगह अभी भी खाली है। कुल मिलाकर यातायात प्रबंधन के लिए 850 पुलिसकर्मी व अधिकारियों की आवश्यकता है जिनमें 679 ही पदस्थ हैं। विभाग को 193 लोगों की आज भी जरूरत है। इसी तरह आठ सूबेदार, दो एएसआई, 13 आरक्षकों की भी आवश्यकता है।  

इंटरव्यू में CM भगवंत मान ने बताया पंजाब में बाढ़ की पीछे का कारण

पंजाब  पंजाब में आई बाढ़ और उसके बाद पैदा हुए हालातों को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इंटरव्यू में विस्तृत जानकारी दी है. सीएम भगवंत मान ने कुछ विदेशी मीडिया की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है कि सिंधु जल समझौता रद्द किए जाने की वजह से ही पंजाब में बाढ़ आई. भगवंत मान का कहना है कि अभी पानी रोकने में काफी वक्त लगेगा. पंजाब में बाढ़ का पानी ऊपर (हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर) से आया है. पंजाब के सीएम ने कहा कि सिंधु जल समझौते का पानी अभी कहां रोका गया है. उसे रोकने में काफी समय लगेगा. झेलम का पानी सीधे पाकिस्तान जाता है. हमारे यहां पानी ऊपर से बहुत आया है. दरिया अपना रास्ता खुद बनाते हैं, उन्हें कैसे रोक सकते हैं. हरियाणा के साथ हमारा 100 क्यूसिक पानी का झगड़ा था और भाखड़ा डैम में रोजाना डेढ़ लाख लीटर पानी आ रहा था. पंजाब सीएम ने कहा कि अभी भी भाखड़ा में 80 हजार क्यूसिक पानी आ रहा है. इसके साथ ही पोंग डैम और रणजी सागर डैम को हमने सुरक्षित रखा लेकिन ऊपर से पूरे पहाड़ ही बहकर आ गए. उत्तराखंड में भारी नुकसान हुआ है.   भगवंत मान ने कहा कि पीएम ने हमें 1600 करोड़ दिया है और 2300 गांव हमारे डूबे हैं. गांव वालों को अगर घर के पैसे भी देने हों तो वो भी पूरा नहीं होगा. ये मजाक करके गए हैं. हमारा अनुमान है कि 13800 करोड़ का नुकसान हुआ है और उसमें 1600 करोड़ रुपये मिले हैं. ये क्या मजाक है? सीएम का कहना है कि SDRF में 5012 करोड़ आए हैं, उसमें से 3800 रुपये खर्च हुए हैं. उसमें सिर्फ 1200 का ही गैप है. ये जीरो लगाकर 12 हजार बना रहे हैं. SDRF के अनुसार, बाढ़ से बर्बाद हुए घर का 6800 रुपये, भैंस के लिए 1500 रुपये मिलते हैं. क्या भैंस की कीमत 1500 रुपये ठीक है?  

VHP का विवादित फैसला: सिर्फ हिंदुओं को गरबा में प्रवेश, केंद्रीय मंत्री अठावले ने चेताया

नई दिल्ली  नवरात्रि शुरू होने से पहले ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गरबा कार्यक्रमों को लेकर दिए गए बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. VHP ने आयोजकों को सलाह दी है कि केवल हिंदुओं को ही प्रवेश दिया जाए और पहचान सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड चेक किए जाएं. इस पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने सख्त आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आह्वान से समाज में हिंसा फैल सकती है और त्योहार का माहौल खराब हो सकता है. विश्व हिंदू परिषद शनिवार को बयान जारी किया था, जिसमें आयोजकों से कहा गया था कि गरबा कार्यक्रमों में केवल हिंदुओं को ही आने दिया जाए. साथ ही यह भी कहा गया कि लव जिहाद जैसी घटनाओं से बचने के लिए आधार कार्ड की जांच होनी चाहिए. VHP ने कहा कि लव जिहाद जैसी घटनाएं न हों पाए इसलिए गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाना आवश्यक है.   गरबा-डांडिया कार्यक्रमों पर नया विवाद नवरात्रि का त्योहार 22 सितंबर से शुरू हो रहा है और यह 1 अक्टूबर तक मनाया जाएगा. मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई नवरात्रि मंडलों में इस बार बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने गरबा और डांडिया कार्यक्रमों के आयोजकों से कहा है कि पंडालों में केवल हिंदुओं को ही प्रवेश दिया जाए. संगठनों ने आयोजकों को कुछ नियम बताए हैं, जिसमें गरबा में आने वाले युवाओं से आधार कार्ड दिखाने को कहा जाए, प्रवेश से पहले सभी को तिलक लगवाकर देवी की पूजा करनी होगी, पंडाल के गेट पर वराह अवतार की तस्वीर रखी जाए और पूजा करने के बाद ही प्रवेश दिया जाना शामिल है. VHP और बजरंग दल का आरोप मुंबई के मालाड वेस्ट के डायमंड मार्किट के नवरात्रि उत्सव मंडल ने इस साल पूरे प्रांगण में ऐसे पोस्टर्स और बैनर्स लगाए है, जिसमें मुस्लिमों के बैन, लव जिहाद और हिन्दू वाहिनी के मैसेजेस लिखे हुए है. इन पोस्टर्स में साफ लिखा गया है कि लव जिहाद करने वाले मुस्लिमों की एंट्री बैन है, जो भी गरबा प्रेमी गरबा खेलने इस पंडाल में आएगा उसे एक तिलक लगाया जाएगा, मुख्यद्वार पर इस तिलक को गौमूत्र के साथ चंदन और कुमकुम में मिलाकर बनाया जाएगा. बजरंग दल और विहिप का आरोप है कि गैर हिंदू खासकर मुस्लिम युवक नकली नाम से गरबा में आते हैं और हिंदू लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें लव जिहाद के जाल में फंसाते हैं. पकड़े जाने पर पुलिस को सौंपा जाएगा संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई मुस्लिम युवक गरबा में पकड़ा गया तो उसे तुरंत पुलिस को सौंपा जाएगा. गरबा नवरात्रि पंडाल के आसपास मटन और मीट की दुकानों को बंद रखने की मांग भी की है और कहा है कि मीट की दुकानें जबरन बंद कराएंगे. विपक्षी दलों का विरोध जहां कुछ लोग इन नियमों का समर्थन कर रहे हैं वहीं विपक्षी दलों और समाज के एक हिस्से ने इसे भेदभाव और विभाजन की राजनीति बताया है, उनका कहना है कि संविधान सबको समान अधिकार देता है, ऐसे में किसी धार्मिक कार्यक्रम में जाति-धर्म देखकर रोक लगाना गलत है. कई पंडाल समितियों ने पुलिस से अनुमति ली है, लेकिन अगर किसी जगह तनाव बढ़ा तो प्रशासन हस्तक्षेप कर सकता हैॉ. फिलहाल पुलिस और स्थानीय अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके.  

न्यायपालिका में नई पहचान: पवन कुमार बजंथरी ने ली पटना हाईकोर्ट की कमान

पटना  पटना उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। पवन कुमार बजंथरी ने पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के तौर पर पद औऱ गोपनीयता की शपथ ले ली है। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पवन कुमार बजंथरी को शपथ दिलाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल थे। सीएम नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण समारोह की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। इन तस्वीरों को शेयर कर सीएम नीतीश कुमार ने लिखा, ‘ पटना उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश (मनोनीत) न्यायमूर्ति पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी जी के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुआ।’ पवन कुमार बजंथरी 27 अगस्त, 2025 से पटना उच्च न्यायालय के कार्यकारी न्यायाधीश के तौर पर अपना दायित्व संभाल रहे थे। दरअसल तत्कालीन मु्ख्य न्यायाधीस जस्टिस बिपुल एम. पंचोली के सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने के बाद से यह रिक्त हो गया था। जिसके बाद पवन कुमार बजंथरी पटना उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाल रहे थे। अब पटना में शपथ ग्रहण के बाद वो पू्र्णकालिक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर पटना उच्च न्यायालय में न्यायिक प्रशासन का नेतृत्व करेंगे। जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक में जन्मे पवन कुमार बजंथरी ने बेगलुरु के एलजेआरसी लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई की थी। इससे पहले वो कर्नाटक हाईकोर्ट के जज रह चुके हैं। आपको बता दें कि हाल ही में पी.बी बजंथरी को लेकर पटना हाईकोर्ट के वकीलों की नाराजगी भी सामने आई थी। दरअसल दो वकीलों पर हुए कथित हमले में उचित कार्रवाई नहीं करने को लेकर वकील पी.बी. बजंथरी से खफा थे। उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ समन्वय समिति के अनुसार यह कदम तब उठाया गया जब अधिवक्ता अंशुल आर्यन और उनकी पत्नी मनोग्या सिंह के साथ एक निजी स्कूल के कर्मचारियों द्वारा अदालत जाते समय कथित तौर पर मारपीट की गई। वकीलों ने कहना था कि 10 सितंबर को कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश बजंथरी और न्यायमूर्ति आलोक कुमार सिन्हा की पीठ ने सुनवाई के दौरान आदेश पर सवाल उठाते हुए थाना प्रभारी की व्यक्तिगत उपस्थिति का निर्देश हटा दिया था।  

राजनीतिक तकरार तेज: पाठक ने राहुल और अखिलेश पर साधा निशाना

बरेली  बरेली पहुंचे यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी सत्ता में जब भी आई, राज्य में जंगल राज कायम रहा। उप्र में पुलिस मुठभेड़ पर सपा प्रमुख के आरोपों पर करारा प्रहार करते हुए पाठक ने कहा कि जब-जब अखिलेश यादव की पार्टी सत्ता में आई, उनकी सत्ता में गुंडे माफिया फले फूले, लेकिन जब हम सत्ता में आए तब गुंडे माफिया प्रदेश छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुये पाठक ने कहा कि राहुल गांधी को स्वयं ही नहीं पता है कि वह कहां खड़े हैं और क्या करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म दिवस से लेकर महात्मा गांधी की जयंती तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है और आज देश भर में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है। पाठक ने बताया कि मैराथन दौड़ में हजारों की तादाद में युवा अपनी भागीदारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में जन-जन की सेवा के तहत कार्य किया जा रहा है, जिसका फायदा सीधे तौर पर जनता को मिल रहा है। डिप्टी सीएम ने मैराथन दौड़ का किया शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत रविवार को बरेली में स्पोर्ट्स स्टेडियम में नमो मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पांच किलोमीटर की इस मैराथन दौड़ का शुभारंभ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया। ‎भाजपा युवा मोर्चा महानगर के तत्वावधान में आयोजित नमो युवा रन के आयोजन में हजारों की संख्या में शामिल हुए बच्चों ने इस पांच किलोमीटर लंबी मैराथन में जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सुबह 6:30 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन स्टेडियम से शुरू होकर आईवीआरआई गेट तक गई और वहीं से वापस लौटकर स्टेडियम में समाप्त हुई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5100, 3100, 2100 के नकद पुरस्कार दिए गए। तीन अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार स्वरूप 1000-1000 की धनराशि दी गई। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रतिभाग प्रमाणपत्र भी दिए गए। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा के नेतृत्व में आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। बच्चों के लिए चाय-नाश्ता, पानी और मेडिकल सुविधा की पूरी तैयारी पहले से की गई थी।  

नोबेल मेरे लिए बनता है – US राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-पाक संघर्ष को बताया रोकथाम का कारण

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को व्यापार के माध्यम से सुलझाने का एक बार फिर दावा किया और कहा कि उन्हें ‘‘सात युद्धों को समाप्त कराने'' के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। ट्रंप ने कहा, ‘‘वैश्विक मंच पर हम एक बार फिर ऐसे काम कर रहे हैं जिससे हमें उस स्तर का सम्मान मिल रहा है जो पहले कभी नहीं मिला।'' ट्रंप ने शनिवार को ‘अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टिट्यूट फाउंडर्स डिनर' के वार्षिक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम शांति समझौते करा रहे हैं और युद्ध रोक रहे हैं। तो हमने भारत-पाकिस्तान और थाईलैंड-कंबोडिया के बीच युद्ध को रोका है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचिए, आप जानते हैं कि मैंने इसे कैसे रोका – व्यापार के जरिए। वे व्यापार करना चाहते हैं और मैं दोनों नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं।'' अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया, ‘‘जरा देखिए भारत-पाकिस्तान, थाईलैंड-कंबोडिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, कोसोवो-सर्बिया, इजराइल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया, रवांडा-कांगो- हमने इन देशों के बीच के संघर्ष को रोक दिया और इनमें से 60 प्रतिशत को व्यापार के कारण ही रोका जा सका।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैंने भारत से कहा था कि देखिए आप दोनों के पास परमाणु हथियार हैं। यदि आप युद्ध की शुरुआत करते हैं तो हम आपके साथ कोई व्यापार नहीं करेंगे। मेरे इतना कहने पर वे रुक गए।'' ट्रंप ने कहा, जैसा कि उन्हें बताया गया था कि यदि वह रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष को रोकने में सफल रहते है तो उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा, अच्छा, बाकी सातों का क्या? मुझे हर एक के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए तो उन्होंने कहा, अगर आप रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष रुकवा दें तो आपको नोबेल मिल जाना चाहिए। मैंने कहा कि मैंने सात युद्ध रोके हैं।''

भूकंप की आफत: पड़ोसी देश में आए झटके, मेघालय में भी हिली ज़मीन

ढाका  भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में रविवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिससे देश के मेघालय राज्य तक धरती हिल गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। बांग्लादेश में रविवार को चार तीव्रता का भूकंप का झटका आया है। बांग्लादेश में भूकंप आने के बाद इसके झटके मेघालय में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश से लगती मेघालय की सीमा के पास भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11.49 बजे भूकंप महसूस किया गया। उन्होंने कहा कि मेघालय में किसी भी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। वहीं, गुजरात के कच्छ में भी रविवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया। यहां 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। आईएसआर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि भूकंप दोपहर 12 बजकर 41 मिनट पर आया और इसका केंद्र भचाऊ से लगभग 12 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। सुबह लगभग छह बजकर 41 मिनट पर भी कच्छ में 2.6 तीव्रता का भूकंप आया था। सुबह आए भूकंप का केंद्र धोलावीरा से 24 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि इसमें जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कच्छ जिला ‘अत्यधिक जोखिम’ वाले भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है, जहां कम तीव्रता के भूकंप नियमित रूप से आते रहते हैं। कच्छ में वर्ष 2001 में आया भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत का तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। साल 2001 में आए भूकंप में लगभग 13,800 लोगों की मौत हो गई थी और 1.67 लाख लोग घायल हुए थे।  

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पीछे छोड़ा, ICC वुमेंस वनडे रैंकिंग में बड़ा बदलाव

नई दिल्ली हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। शनिवार, 20 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए हाईस्कोरिंग मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भरात के सामने 413 रनों का विशाल टारगेट रखा था। हालांकि भारत ने रनचेज में दमखम दिखाया और स्मृति मंधाना के तूफानी शतक के दम पर 369 तक पहुंची। टीम इंडिया को इस निर्णायक मैच में 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ टीम इंडिया ने सीरीज तो गंवाई ही साथ ही उन्हें आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान हुआ। दिल्ली में खेले गए इस मैच से पहले भारत दूसरे तो ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान पर था। ऑस्ट्रेलिया इस जीत के बाद भी नंबर-1 की पोजिशन पर बना हुआ है, वहीं भारत दूसरे से तीसरे पायदान पर खिसक गया है। भारत की हार से इंग्लैंड को फायदा हुआ है जो अब दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया को हालांकि रेटिंग्स में नुकसान हुआ है। मैच से पहले उनकी रेटिंग 167 थी जो अब 164 की रह गई है। वहीं भारत की रेटिंग अब 126 है। 30 सितंबर से वुमेंस वर्ल्ड कप का आगाज हो रहा है, ऐसे में उससे पहले रैंकिंग में यह नुकसान खिलाड़ियों को मनोबल को जरूर हिलाएगा। रैकिंग    टीम    रेटिंग 1    ऑस्ट्रेलिया    164 2    इंग्लैंड    126 3    भारत    126 4    न्यूज़ीलैंड    96 5    दक्षिण अफ़्रीका    93 6    श्रीलंका    82 7    बांग्लादेश    79 8    पाकिस्तान    74 9    वेस्ट इंडीज़    71 10    आयरलैंड    51 स्मृति मंधाना ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, भारत ने हार के बावजूद रचा इतिहास स्मृति मंधाना ने इस रनचेज में इतिहास रचा, उन्होंने मात्र 50 गेंदों में शतक ठोका। वह अब मेंस और वुमेंस क्रिकेट मिलाकर सबसे तेज वनडे शतक जड़ने वाली भारतीय बन गई है। भारत ने इस हार के बावजूद इतिहास रचा। भारत ने महिला वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाने का कारनामा अंजाम दिया है। ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहली बार 300 का आंकड़ा छुआ गया है। भारत ने इंग्लैंड का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जो 2022 में ऑस्ट्रेलिया के सामने 298/8 के स्कोर तक पहुंचा था।  

रेल ट्रैक पर भगदड़! कोतमा में मालगाड़ी की दो बोगियां पलटने से रेलवे संचालन प्रभावित

अनूपपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत कोतमा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कोयला खदान कोयला लोड करने जा रही एक मालगाड़ी के 6 बोगियां पटरी से उतर गई, जिनमें से दो पलट भी गई। शनिवार रात 11:30 का यह घटनाक्रम है। कोतमा रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर दूरी पर मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतर गईं। कोतमा से एसईसीएल के गोविंदा कालरी साइडिंग जब मालगाड़ी जा रही थी तभी का यह मामला है। रेलवे के इंजीनियरिंग और संचालन विभाग द्वारा रात को ही पहुंचकर क्षतिग्रस्त मालगाड़ी की बोगियों को पटरी से हटाने और पटरी पर खड़ा करने का काम शुरू कर दिया था। सुबह बिलासपुर से भी रेलवे की एक टीम कोतमा पहुंचकर रेल ट्रैक को सही करने के कार्य में जुट गई थी। यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई जानकारी अनुसार शनिवार रात चिरमिरी से बिलासपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बैहा टोला रेलवे स्टेशन में रोका गया था। जबकि अंबिकापुर से दुर्ग जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बिजुरी स्टेशन में रोक दिया गया था। कोतमा से अंबिकापुर रोड चिरमिरी रेल लाइन के साथ अनूपपुर के लिए रेल लाइन गुजरती है। हालांकि यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई सुबह सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से निकली। रविवार सुबह क्षतिग्रस्त पटरी से उतरी बोगियों को ट्रैक पर लाने का काम किया जाता रहा, वहीं जेसीबी मशीन से बोगियों को रेल लाइन से हटाने का काम किया गया। रेल बोगियों के पलटने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि इस घटना के बाद कुछ मालगाड़ियों के परिचालन में देरी हुई।  

देश की तरक्की में हरियाणा की भूमिका अहम – नायब सैनी की राय

पंचकूला  पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित करते हुए। –   मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प से ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संकल्प है, जो हमें आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है। यही भारत की असली ताकत है और इसी ताकत को पहचानते हुए पीएम मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि 25 सितंबर से लेकर 25 दिसंबर तक 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' चलेगा। इस अभियान की चर्चा हर गली और घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर ‘सुराज’का भी आधार है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वराज का सपना देखा था, उसे सुराज में बदलने के लिए हम पिछले 11 साल से लगातार कोशश कर रहे हैं। इस ‘सुराज’ का मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिखाया था और वे आजीवन इसके लिए काम करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता के इकोनॉमी, इंफ्रास्ट्रक्चर, सिस्टम, डेमोग्राफी और डिमांड ये पांच स्तंभ बताए हैं। इन पांच स्तंभों के माध्यम से देश नयी बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं, तो हरियाणा का नाम गर्व से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसे ग्रोथ इंजन कहा है। सैनी ने कहा कि प्रदेश में ’आत्मनिर्भर हरियाणा-आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अन्तर्गत ’हरियाणा आत्मनिर्भर पोर्टल’ शुरू किया गया है। कोई भी व्यक्ति या व्यवसायी अपना नया काम-धंधा शुरू करने के लिए इस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं का लाभ उठा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश में पदमा कार्यक्रम को लागू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में व्यापार करने में आसानी के लिए 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियमों को समाप्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला को राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया के अलावा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित सांसद, विधायक, मंत्री, जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी तथा आत्म निर्भर भारत संकल्प की टीम मौजूद रही।