samacharsecretary.com

एशेज 2025 का नतीजा पहले ही बता दिया ग्लेन मैकग्रा ने, बोले— ये टीम नहीं हारेगी एक भी मैच

लंदन  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज शुरू होने में अभी तीन महीने से अधिक का समय बाकी है लेकिन दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने भविष्यवाणी की है कि ऑस्ट्रेलिया इसमें 5-0 से क्लीन स्वीप करेगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह प्रतिष्ठित सीरीज 21 नवंबर को पर्थ में शुरू होगी। मैकग्रा ने कहा कि उनकी भविष्यवाणी भारत के खिलाफ हाल में समाप्त हुई सीरीज में इंग्लैंड के प्रदर्शन पर आधारित है। भारत ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई इस सीरीज में इंग्लैंड को 2-2 से बराबरी पर रोका था।   मैकग्रा ने 'बीबीसी रेडियो' पर कहा, ‘‘मैं अमूमन भविष्यवाणी नहीं करता हूं लेकिन एशेज के लिए मेरी भविष्यवाणी है कि ऑस्ट्रेलिया इसमें 5-0 जीत हासिल करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। जब पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन अपने घरेलू हालात में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो इंग्लैंड के लिए यह काफी मुश्किल होने वाला है। इसके अलावा इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं है।’’ इंग्लैंड इस साल के अंत में पांच मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा। उसने 2015 के बाद से एशेज नहीं जीती है। इसके अलावा इंग्लैंड को 2002-03 के बाद से ऑस्ट्रेलिया में एक सीरीज को छोड़कर बाकी सभी सीरीज में 0-5 या 0-4 से हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट मैच 2010-11 में जीता था। इंग्लैंड ने तब सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया ने 2021-22 में जब इंग्लैंड का आखिरी दौरा किया था, तब 4-0 से जीत हासिल की थी। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपनी धरती पर जो पिछले 15 टेस्ट मैच खेले हैं उनमें से 11 में उसने जीत दर्ज की है। उसने इस बीच केवल दो मैच हारे जबकि दो अन्य मैच ड्रॉ समाप्त हुए थे।  

रायसेन में आज सीएम से मिलेगी 1548 करोड़ के निवेश और विकास परियोजनाओं की भेंट

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव औद्योगिक विकास को धरातल पर उतारने के अपने सतत प्रयासों के क्रम में शुक्रवार को रायसेन जिले के तामोट औद्योगिक क्षेत्र में निवेश संवाद, इकाइयों के भूमिपूजन, लोकार्पण और आशय पत्र वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री तामोट में संचालित सागर मैन्युफैक्चरर प्रा. लि. की इकाई का भ्रमण करेंगे और रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव मेसर्स आनंद टैक लास्ट प्राइवेट लिमिटेड प्लास्टिक पार्क का भ्रमण भी करेंगे। वे उद्योगपतियों से संवाद करेंगे और प्रदेश में बन रहे निवेश अनुकूल वातावरण से उन्हें अवगत कराएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव औद्योगिक क्षेत्र तामोट में 566 करोड़ रुपये के निवेश एवं 1781 रोजगार देने वाली 14 इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण के साथ आशय पत्र वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 416 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे। वे औद्योगिक क्षेत्र तामोट में 300 करोड़ के निवेश एवं 970 रोजगार देने वाली 6 इकाइयों का भूमिपूजन और 116 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश एवं 211 रोजगार देने वाली 6 इकाइयों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री उद्यमियों को भूमि आवंटन से संबंधित आशय-पत्र प्रदान करेंगे और औद्योगिक विकास के प्रति प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह प्रयास निवेशकों को आश्वस्त करने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए रोजगार अवसरों का रास्ता भी खोलेगा। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह प्रदेश की औद्योगिक रणनीति और नीतिगत परिवर्तनों की जानकारी साझा करेंगे। जे.बी.एम, विनप्रो और मंडीदीप औद्योगिक एसोसिएशन जैसे प्रमुख निवेशक समूहों के प्रतिनिधि प्रदेश में निवेश अनुकूल माहौल और प्रदेश की निवेश अनुकूल नीतियों के संबंध में विचार साझा करेंगे। 

जेल प्रहरी से बदसलूकी पर शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ीं, गैर जमानती धाराओं में FIR

रायपुर  छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में जेल में बंद अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर के खिलाफ भी पुलिस ने कई गैर जमानती धाराओं के साथ अपराध पंजीबद्ध कर दिया है. शोएब रायपुर के पूर्व मेयर ऐजाज ढेबर का भतीजा है. उसने बीते दिन केंद्रीय जेल परिसर में जेल प्रहरी से गाली-गलौच की और राजनीतिक धौंस जमाते हुए अपने पिता अनवर से मिलने पहुंचा था. जेल प्रहरी से दुर्व्यवहार करने के बाद जेल अधीक्षक ने शोएब ढेबर के जेल के अंदर मुलाकात कक्ष में जाने पर प्रतिबंध लगा दिया. वहीं दूसरे दिन आज शोएब पर शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, गाली गलौज करने के लिए BNS की धारा 221, 296, 329 के तहत गंज पुलिस थाने में FIR भी दर्ज कर दी गई है.

यूपी: राखी पर्व पर महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा, सहयात्री को भी मिलेगा लाभ

लखनऊ  उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की परंपरा इस साल भी जारी है. परिवहन विभाग की ओर से 8 से 10 अगस्त तक रोडवेज बसों में महिलाओं और बालिकाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा दी जाएगी. इसके साथ ही प्रत्येक महिला के साथ आने वाले एक सहयात्री को भी बिना टिकट यात्रा की छूट दी गई है, यह सुविधा रोडवेज व नगरीय बस सेवा की बसों में मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार अगस्त को बताया था कि हमारी सरकार ने तय किया है, 'रक्षाबंधन' के पावन अवसर पर (8-10 अगस्त) उ.प्र. राज्य सड़क परिवहन निगम और नगर विकास की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा बहन-बेटियों को देने जा रहे हैं. यह पहल 2017 में शुरू हुई थी, जब रक्षाबंधन पर बहनों को आर्थिक बोझ से मुक्त रखते हुए अपने घर या भाइयों के पास पहुंचने का अवसर देने के लिए सरकार ने रोडवेज में मुफ्त सफर का ऐलान किया था. सरकार की ओर से जारी आकंड़ों के मुताबिक आठ साल में इस योजना के तहत 1.23 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभ ले चुकी हैं. इस दौरान परिवहन निगम ने टिकटों के रूप में 101 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च खुद वहन किया. यात्रा की अवधि और नियम अवधि: 8 अगस्त की मध्यरात्रि से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक लाभार्थी: सभी आयु वर्ग की महिलाएं और बालिकाएं अतिरिक्त लाभ: प्रत्येक महिला के साथ एक सहयात्री का टिकट भी माफ लागू बसें: साधारण, जनरथ और कुछ अन्य श्रेणियां रक्षाबंधन पर यात्रा का सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक और भावनात्मक पर्व पर महिलाओं की सुविधा के लिए शुरू हुई यह योजना अब एक सामाजिक परंपरा बन गई है. शुरुआत में इसे केवल एक दिन के लिए लागू किया जाता था, लेकिन समय के साथ यात्रा की अवधि और लाभार्थियों की संख्या बढ़ी. आंकड़ों के अनुसार, 2017 में लगभग 11 लाख महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ लिया, जबकि 2023 में यह संख्या बढ़कर 29 लाख से अधिक हो गई. 2022 में भी 22 लाख से ज्यादा यात्रिणियों ने मुफ्त सफर किया. परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस अवधि में बसों की संख्या और रूट की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाती है, ताकि भीड़ के कारण किसी को असुविधा न हो. सुरक्षा के मद्देनज़र संवेदनशील रूटों पर पुलिस या होमगार्ड के जवान भी तैनात किए जाते हैं. ग्रामीण और दूरदराज की महिलाओं को सबसे अधिक लाभ इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों में रहने वाली महिलाओं को मिलता है, जहां से बड़े शहरों तक की यात्रा का किराया कई बार उनकी सामर्थ्य से अधिक होता है. मुफ्त बस सेवा के कारण वे न सिर्फ भाइयों के पास राखी बांधने जा सकती हैं, बल्कि त्योहार के दिन बिना आर्थिक चिंता के वापसी भी कर पाती हैं. सहयात्री के लिए भी राहत इस बार की घोषणा में महिलाओं के साथ एक सहयात्री के टिकट माफ करने का प्रावधान भी चर्चा में है. कई मामलों में महिलाएं छोटे बच्चों या वृद्ध परिजनों के साथ यात्रा करती हैं, जिनका किराया पहले अलग से देना पड़ता था. यह बदलाव कई परिवारों के लिए सुविधा और बचत दोनों लेकर आया है. हालांकि, यह छूट केवल चुनिंदा बस श्रेणियों में ही लागू होगी, ताकि राजस्व पर अनावश्यक दबाव न पड़े.

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, चार महिलाओं समेत पांच की मौत

बाराबंकी बाराबंकी जिला मुख्यालय से नौ किलोमीटर दूर हैदरगढ़ मार्ग पर रोडवेज की अनुबंधित बस पर गूलर का पेड़ गिर गया। पेड़ बस के अगले हिस्से पर गिरा। हादसे में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। एक महिला की पहचान शहर के मोहल्ला गुलरिया गार्दा की निवासी शिक्षा मेहरोत्रा (53) के रूप में हुई है। तीन अन्य महिलाओं की आयु 40 से 45 साल के मध्य है। पेड़ काटकर लोगों को निकाला गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद कई यात्री खिड़की से कूदकर निकले। बारिश के दौरान हुए हादसे के कारण राहत व बचाव कार्य में देर लगी। सवारियां लेकर बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही बस पर करीब साढ़े 10 बजे जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरख में स्थित राजा बाजार के पास पेड़ गिर पड़ा। पेड़ इतनी तेज गिरा कि बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के बीच में पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। बस के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार दिल को दहला देने वाली थी। पेड़ काटने का काम वन विभाग के कर्मचारियों ने किया। ग्रामीण सहयोग में लगे रहे।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने मलेरिया मुक्त बीजापुर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने के दिए निर्देश

रायपुर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बस्तर संभाग के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान बीजापुर जिले में जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैरमगढ़, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जांगला एवं बालिका पोटा केबिन नैमेड़ का औचक निरीक्षण किया।जायसवाल ने जिला अस्पताल बीजापुर के उमंग मातृ-शिशु संस्थान एमसीएच सहित विभिन्न वार्डाे का निरीक्षण कर मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा, भोजन, इत्यादि की जानकारी ली। इस दौरान जिला अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर बीजापुर जिले में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए मलेरिया मुक्त बीजापुर बनाने के लिए धरातल पर अधिक मेहनत करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने बीजापुर में मलेरिया खत्म करने के लिए डोर-टू डोर मलेरिया जांच एवं धनात्मक मरीजों का उपचार तथा उपचार के दौरान मरीजों को दवाईयों का सेवन कराना सुनिश्चित हो इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिए। वहीं एनिमिया तथा कुपोषण में कमी लाने के लिए गर्भवती माताओं एवं आवासीय विद्यालयों में नियमित रूप से अण्डा वितरण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सुदूर क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही एम्बुलेंस की पहुंच सुनिश्चित करने एवं सुचारू रूप से संचालन तथा बाईक एबुलेंस को पुनः संचालित कर सुदूर क्षेत्रों में एंबुलेस की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बजट में स्वीकृत नवीन 220 बेडेड जिला अस्पताल एवं नर्सिंग कॉलेज का निर्माण हेतु स्थल चयन करने तथा जिला स्तर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भर्ती हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के साथ सीजीएमएससी के चेयनमैन दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर संबित मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे सहित स्वास्थ्य विभाग अधिकारीगण एवं विशेषज्ञ मौजूद थे।

इंग्लैंड से लौटे जुरेल को कप्तानी, गिल को टीम की कमान और कुलदीप को मौका

मुंबई  भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को दलीप ट्रॉफी 2025-26 के लिए नॉर्थ जोन  की टीम का कप्तान बनाया गया है. वहीं ध्रुव जुरेल को सेंट्रल जोन का कप्तान बनाया गया है. कुलदीप यादव को भी इस टूर्नामेंट में अपना जौहर दिखाने का मौका मिलेगा. यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू हो रहा है.  शुभमन गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 754 रन बनाए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे ज्यादा रन सिर्फ सुनील गावस्कर (774 रन, 1971 वेस्ट इंडीज दौरा) ने बनाए थे.  गिल की कप्तानी में नॉर्थ जोन की टीम ईस्ट जोन से भिड़ेगी. अगर गिल को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में चुना जाता है, तो वह सिर्फ पहला मैच खेलेंगे और फिर टीम से बाहर हो सकते हैं. एशिया कप में भारत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अभियान शुरू करेगा, फिर 14 को पाकिस्तान और 19 को ओमान से भिड़ेगा.  वहीं शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह या हर्षित राणा को एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना जाता है, तो उनके विकल्प के तौर पर शुभमन रोहिल्ला, गुरनूर बराड़, और अनुल ठकराल को स्टैंडबाय में रखा गया है. गिल के उपकप्तान अंकित कुमार (हरियाणा) होंगे. जिन्होंने पिछले रणजी सीजन में 14 पारियों में 574 रन बनाए थे. निशांत सिंधु जो बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं, उन्हें भी टीम में मौका मिला है.  दिल्ली के तीन खिलाड़ी इस टीम में चुने गए हैं. इनमें हर्षित राणा, यश ढुल (U-19 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान), और आयुष बडोनी शामिल हैं.  जम्मू और कश्मीर से सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ी टीम में हैं, जिनमें शुभम खजूरिया और आकिब नबी शामिल हैं. आक‍िब ने पिछले रणजी सीजन में 8 मैचों में 44 विकेट लिए थे और वह दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे.  इस बार की दलीप ट्रॉफी फिर से पुराने जोनल फॉर्मेट में खेली जाएगी और यह 2025-26 घरेलू सीजन की शुरुआत होगी.  कुलदीप यादव नॉर्थ जोन की टीम में शामिल सेंट्रल जोन की टीम में कुलदीप यादव भी शामिल हैं, जो इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वह वापसी के लिए तैयार हैं. वो दो और बाएं हाथ के स्पिनरों हर्ष दुबे (विदर्भ) और मानव सुथार (राजस्थान) के साथ मिलकर स्पिन अटैक को मजबूती देंगे. हर्ष दुबे ने पिछले रणजी सीजन में रिकॉर्ड 69 विकेट लिए थे. तेज गेंदबाजी की कमान खलील अहमद के हाथ में होगी, जो इंग्लैंड की काउंटी टीम एसेक्स से निजी कारणों की वजह से लौट आए हैं. वो दीपक चाहर के साथ नई गेंद संभाल सकते हैं. दीपक चोट के कारण आईपीएल के कुछ मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन अब वो फिट हैं.  विदर्भ के यश राठौड़, जिन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी में 960 रन बनाए थे, वो बल्लेबाजी को मजबूती देंगे. उनके साथी दानिश मालेवार जिन्होंने रणजी फाइनल में शानदार पारियां (153 और 73 रन) खेलीं, उन्हें भी टीम में मौका मिला है. टीम के कोच उस्मान गनी होंगे, जो विदर्भ की रणजी जीत के कोच भी थे.  दलीप ट्रॉफी के ल‍िए सेंट्रल जोन की टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर, यूपी), रजत पाटीदार (उपकप्तान, मध्य प्रदेश), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर, यूपी), आयुष पांडे (छत्तीसगढ़), दानिश मालेवार (विदर्भ), शुभम शर्मा (मध्य प्रदेश), संजीत देसाई (छत्तीसगढ़), यश राठौड़ (विदर्भ), कुलदीप यादव (यूपी), हर्ष दुबे (विदर्भ), आदित्य ठाकरे (विदर्भ), मानव सुथार (राजस्थान), दीपक चाहर (राजस्थान), खलील अहमद (राजस्थान), सारांश जैन (मध्य प्रदेश),  स्टैंडबाय खिलाड़ी:मह‍िपाल लोमरोर (राजस्थान), यश ठाकुर (विदर्भ), माधव कौशिक (यूपी), कुलदीप सेन (मध्य प्रदेश), युवराज चौधरी (छत्तीसगढ़), उपेंद्र यादव (विकेटकीपर, रेलवे) दलीप ट्रॉफी के ल‍िए नॉर्थ जोन टीम: शुभमन गिल (कप्तान, पंजाब), अंकित कुमार (उपकप्तान, हरियाणा), शुभम खजूरिया (जम्मू-कश्मीर), आयुष बडोनी (दिल्ली), यश ढुल (दिल्ली), अंकित कालसी (हिमाचल प्रदेश), निशांत सिंधु (हरियाणा), साहिल लोत्रा (जम्मू-कश्मीर), मयंक डागर (हिमाचल प्रदेश), युद्धवीर सिंह चरक (जम्मू-कश्मीर), अर्शदीप सिंह (पंजाब), हर्षित राणा (दिल्ली), अंशुल कम्बोज (हरियाणा), आकिब नबी (जम्मू-कश्मीर), कन्हैया वधावन (विकेटकीपर, जम्मू-कश्मीर)

कन्हैयालाल हत्याकांड पर बनी ‘उदयपुर फाइल्स’, सिनेमाघरों में कड़ी सुरक्षा के साथ प्रदर्शन

जयपुर उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म उदयपुर फाइल्स शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह फिल्म एक संवेदनशील और झकझोर देने वाली घटना को पर्दे पर उतारने का प्रयास है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। राजस्थान में विशेष रूप से उदयपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर समेत तमाम जिलों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फिल्म के प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कन्हैयालाल के बेटे यश ने कहा कि वे परिवार सहित फिल्म देखने जाएंगे और जनता से भी अपील की कि वे इस फिल्म को देखें ताकि सच्चाई सामने आ सके। 10 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाई थी। यह रोक कुछ संगठनों और मोहम्मद जावेद द्वारा दायर याचिका के बाद लगाई गई थी। हालांकि अब फिल्म को प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने वीडियो संदेश में कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी समुदाय को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि यह फिल्म एक सच्ची और भयावह घटना को सामने लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कन्हैयालाल की निर्मम हत्या ने देश को झकझोर दिया था और जनता को यह जानने का हक है कि उस समय क्या हुआ था। फिल्म में अभिनेता विजय राज ने कन्हैयालाल की भूमिका निभाई है। इसके अलावा रजनीश दुग्गल और प्रीति झांगियानी भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। गौरतलब है कि 28 जून 2022 को उदयपुर में एक दर्जी कन्हैयालाल की दुकान में घुसकर गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी थी। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था, जिससे देशभर में आक्रोश फैल गया था। इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अपने हाथ में ली और कुल 11 आरोपियों के खिलाफ यूएपीए और आर्म्स एक्ट के तहत चार्जशीट दाखिल की गई। मामले में आरोपी फरहाद उर्फ बबला और मोहम्मद जावेद को जमानत मिल चुकी है। सलमान और अबू इब्राहिम को पाकिस्तान निवासी बताते हुए फरार घोषित किया गया है। अभी भी यह मामला अदालत में विचाराधीन है। प्रशासन ने फिल्म की रिलीज के चलते हर सिनेमा हॉल के बाहर पुलिस बल तैनात किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हाईकोर्ट में याचिका, एक से अधिक यौन अपराध मामले दर्ज कराने वाली महिलाओं का रिकॉर्ड बनाने की मांग

नई दिल्ली  दिल्ली हाई कोर्ट ने  राजधानी पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यौन अपराधों की बार-बार शिकायत करने वालों का डेटाबेस बनाने की मांग करने वाली याचिका पर जल्द से जल्द निर्णय लें. मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और जस्टिस तुषार राव गेडेला की बेंच एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई कर रही थी.  कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता पहले ही इस मांग को लेकर दिल्ली पुलिस और अन्य अधिकारियों को आवेदन दे चुका है. बेंच ने याचिका के मामले की मेरिट पर कोई टिप्पणी किए बिना याचिका को निपटा दिया. याचिकाकर्ता की मांग पर कोर्ट ने क्या कहा? याचिकाकर्ता की यह मांग थी कि कोर्ट संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे कि वे ऐसे लोगों का डेटाबेस बनाएं जो यौन शोषण के मामलों में एक से अधिक बार शिकायत दर्ज कराते हैं. इस पर कोर्ट ने कहा कि यह फैसला लेना प्रशासन और पुलिस का कार्यक्षेत्र है और 'उन्हें बेहतर पता है कि पुलिसिंग कैसे करनी है.' कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, 'बगैर याचिका में उठाए गए मुद्दों की मेरिट पर कुछ कहे, याचिका को यह निर्देश देते हुए निपटाया जाता है कि संबंधित अधिकारी याचिकाकर्ता की मांग पर जल्द और उचित निर्णय लें.' याचिका में क्या मांग की गई थी? यह पीआईएल शोनी कपूर नामक व्यक्ति की ओर से दाखिल की गई थी, जिनकी ओर से वकील शशि रंजन कुमार सिंह ने पक्ष रखा. याचिका में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को यह निर्देश देने की मांग की गई थी कि प्रत्येक पुलिस जिला मुख्यालय में ऐसे शिकायतकर्ताओं का रिकॉर्ड रखा जाए जिन्होंने बलात्कार या यौन अपराधों के आरोपों से जुड़ी एक से अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं. साथ ही, शिकायत दर्ज कराने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र (प्राथमिकता से आधार कार्ड) अनिवार्य रूप से लिया जाए. याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि बलात्कार कानूनों का दुरुपयोग कुछ शिकायतकर्ताओं की ओर से बड़े पैमाने पर किया जा रहा है.

राज्य स्तरीय बैठक में बनी रणनीति, 13 अगस्त को होगा नशामुक्ति संकल्प

भोपाल केन्द्र सरकार के निर्देश पर “नशामुक्त भारत अभियान (NMBA)” अंतर्गत गठित राज्य स्तरीय नशामुक्ति समिति की बैठक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण प्रमुख सचिव, श्रीमती सोनाली पोंक्षे वायंगणकर की अध्यक्षता में मंत्रालय में संपन्न हुई। बैठक में भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार दिनांक 1 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक चलाए जा रहे वृहद नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी गई। साथ ही 13 अगस्त 2025 को पूरे प्रदेश में एक साथ QR कोड एवं e-Pledge के माध्यम से सामूहिक नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी विभागों से सहभागिता की अपील की गई। नशे से बचाव के लिए जनजागरूकता की दिशा में राज्य शासन के विभिन्न विभागों, धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक संगठनों एवं नशामुक्ति क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा अपने विचार एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार, आयुष, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, अनुसूचित जाति कल्याण, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, जेल, श्रम, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास, जन-अभियान परिषद, राज्य स्काउट-गाइड, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठन – अखिल विश्व गायत्री परिवार, इस्कॉन मंदिर, आर्ट ऑफ लिविंग, रामचन्द्र मिशन एवं नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।