samacharsecretary.com

आज का राशिफल (24 अगस्त 2025): भाग्य चमकेगा इन राशियों का, सफलता और प्रतिष्ठा दोनों साथ

मेष आज आपको लंबी दूरी की यात्रा से बचना चाहिए। परिवार के सदस्यों का साथ मिलेगा। आर्थिक रूप से आप अच्छे रहेंगे। व्यापारिक स्थिति अच्छी होगी। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। आपको ऑफिस में अपनी स्किल को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा। वृषभ आज किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। शादीशुदा लोगों को जीवनसाथी का साथ मिलेगा। परिवार की स्थिति अच्छी होगी। अपनों के सहयोग से आर्थिक लाभ हो सकता है। खाली समय पर अपने महत्वपूर्ण टास्कों को निपटाने की कोशिश करें। आर्थिक मामले उतार-चढ़ाव भरे हो सकते हैं। मिथुन आज आपको अपनी नौकरी में तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे। धन की स्थिति में सुधार होगा। परिवार के लोगों के सपोर्ट से किसी काम में सफलता मिल सकती है। उन्नति के योग हैं। जीवनसाथी के खराब मूड के कारण आज का दिन थोड़ा परेशानी भरा हो सकता है। कर्क धार्मिक और आध्यात्मिक रुचि अपनाने के लिए भी आज का दिन अच्छा है। आज किसी पुराने कर्ज से मुक्ति मिल सकती है। सोशल एक्टिविटी से आपको मन बहलाने का मौका मिलेगा। संतान के साथ अच्छा समय बिताएंगे। आपको किसी अटके हुए धन की वापसी हो सकती है। व्यापारिक स्थिति अच्छी होगी। सिंह आज आपको किसी पुराने मित्र का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। सिंगल जातकों की लाइफ में किसी खास शख्स की एंट्री हो सकती है। रोमांटिक जीवन के लिहाज से यह दिन बेहतर रहेगा। व्यापार में सुधार होगा। कन्या आज आपको मानसिक शांति बनेगी। आपको आर्थिक लाभ मिलने की पूरी संभावना है। किसी व्यवसाय करने से बचें। आपकी मानसिक शांति के लिए यह महत्वपूर्ण है कि आप ऐसी किसी भी एक्टिविटी में शामिल न हों। परिवार का कोई सदस्य आज आपके खिलाफ बोल सकता है, जिससे आपकी फीलिंग्स को गहरी ठेस पहुंचेगी। तुला आज बच्चों की सेहत पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें। कोई पुराना दोस्त आज आपसे आर्थिक मदद मांग सकता है। घरेलू कार्यों के कारण आज आप बिजी रहेंगे। नौकरी में तरक्की के साथ आय में वृद्धि मिल सकती है। नौकरी की तलाश करने वालों के लिए आज का दिन अच्छा है। वैवाहिक जीवन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। वृश्चिक जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। पैसे को रियल एस्टेट में निवेश करना चाहिए। शरीर को फिट रहने के लिए एक्सरसाइज से दिन की शुरुआत करें। आज आपको अपने जीवन में सच्चे प्यार की कमी महसूस होगी। फ्रेंड्स के साथ गॉसिप करने से बचें। धनु आज आपको अपनी फीलिंग्स को कंट्रोल में रखने की जरूरत है। विवाहित जातकों को जीवनसाथी का साथ मिलेगा। आज आपको अचानक किसी अनचाही यात्रा पर जाना पड़ सकता है, जिससे परिवार के साथ समय बिताने का आपका प्लान खराब हो सकता है। किसी बड़े खर्च को लेकर जीवनसाथी के साथ आपकी अनबन हो सकती है। मकर आज आपको महत्वपूर्ण फैसला में आसानी होगी। आज आपके लिए धन संबंधी समस्याओं का सामना करना संभव है। लव लाइफ में थोड़े बदलाव सामने आ सकते हैं। परिवार के साथ समय बिताना मूड को बेहतर बनाएगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा बर्ताव करें। व्यापारिक स्थिति उतार-चढ़ाव भरी हो सकती है। कुंभ आज आपको धन के मामलों को लेकर सतर्क रहना चाहिए। पैसों का लेन-देन दिन भर लगातार होता रहेगा और दिन ढलने के बाद आप पर्याप्त बचत करने में भी सफल रहेंगे। परिवार के लिए अपना समय निकालें। अनावश्यक विवादों में न पड़ें। आज आप अपने जीवनसाथी के साथ अच्छी बातचीत करेंगे। मीन आज पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। शैक्षिक कार्यों में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। संतान की ओर से सुखद समाचार मिल सकता है। बौद्धिक कार्यों से आय में वृद्धि हो सकती है। परिवार का साथ मिलेगा। खर्चों की अधिकता रहेगी। किसी मित्र के साथ यात्रा पर जा सकते हैं।

यूपी में बन रहा फोर लेन हाईवे रुका, भूमि अधिग्रहण बना बड़ी चुनौती

परसपुर (गोंडा) चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही पूरी न होने के कारण शुरू नहीं हो सका है। गोंडा के पांच गांवों में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही चल रही है। विभागीय अधिकारी 15 सितंबर के बाद निर्माण शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं। केंद्र सरकार ने अयोध्या की चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2019 में दी थी, इसका नाम 227 नेशनल हाईवे है। चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग को फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी। 3350 करोड़ रुपये की लागत से 275 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण कराया जाना है, जिसे छह खंडों में बांटा गया है। वर्ष 2021 में कार्यदायी संस्था ने सेटेलाइट व ड्रोन से सर्वे का काम शुरू किया। बस्ती, अंबेडकरनगर, अयोध्या, बाराबंकी व गोंडा इस मार्ग का निर्माण होना है, जिसमें गोंडा जिले में 75 किलोमीटर लंबा हाईवे बनाया जाएगा। जिले में घाघरा नदी पर पुल बनने के साथ ही बहुअन मदार मांझा, चरसडी, राजापुर, खैरा,अल्लीपुर खांडेराय, बखरिहा,बरौली, होकर परिक्रमा मार्ग निकाला जाएगा। जमीन पर पत्थर भी लगा दिया गया है लेकिन, परिक्रमा मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हो रहा है। एनएचएआइ के सहायक अभियंता वेदप्रकाश ने कहा कि बस्ती, अंबेडकरनगर, अयोध्या व बाराबंकी में भूमि अधिग्रहणपूरा हो चुका है जबकि, गोंडा में बहुअन मदार मांझा, राजापुर, खैरा, अल्लीपुर खांडेराय व अमदही में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही चल रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का निर्माण छह पैकेज में होना है। पैकेज एक व दो का कार्य बस्ती में, पैकेज तीन में आंबेडकरनगर, चार में अयोध्या, पांच में बाराबंकी व छठे पैकेज में गोंडा में कार्य होगा। परियोजना का निर्माण 15 सितंबर के बाद शुरू होने की उम्मीद है। 

लापरवाही से भड़के स्वास्थ्य मंत्री, मरीज को स्ट्रेचर पर सड़क पार कराने पर जताई नाराज़गी

अंबिकापुर सरगुजा संभाग के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक महिला मरीज को ऑक्सीजन लगाकर स्ट्रेचर से सड़क पार कर ले जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रसारित वीडियो ने यह उजागर कर दिया कि अस्पताल के दोनों हिस्सों के बीच मरीजों को सड़क पार कराना ही एकमात्र विकल्प है। वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना को गंभीर मानते हुए विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत जांच के आदेश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री के निर्देश के बाद संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा ने अस्पताल अधीक्षक को नोटिस जारी कर तत्काल जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, वहीं अस्पताल प्रशासन ने नर्सिंग स्टाफ की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रकरण में नर्सिंग सिस्टर किरण बेक को नोटिस जारी कर जबाब मांगा गया है कि जब मरीजों को लाने ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था है तो उसका उपयोग क्यों नहीं किया गया?    स्वास्थ्य मंत्री की सख्त चेतावनी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। अस्पताल अधीक्षक डाक्टर आरसी आर्या ने कहा कि अस्पताल दो हिस्से में है। दोनों हिस्से में अलग-अलग वार्ड है। मरीजों को एक हिस्से से दूसरे हिस्से के वार्ड में लाने ले जाने के लिए एक एंबुलेंस की व्यवस्था है। संवाद की कमी आई सामने इस प्रकरण में संवाद की कमी परिलक्षित हुई है। उस समय एक दूसरे मरीज को लेकर एंबुलेंस गया था। स्वजन थोड़ी देर प्रतीक्षा करते तो एंबुलेंस मिल जाती, लेकिन उन्होंने स्वयं मरीज को ले जाने की सोची। उन्होंने कहा कि पुराने कर्मचारियों को सारी व्यवस्थाओं की जानकारी थी। वर्तमान में कुछ नए आउटसोर्सिंग के कर्मचारी आए हैं। अस्पताल के सामने अव्यस्थित यातायात को दुरुस्त करने लगातार पुलिस अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है।

हनुमानगंज बाईपास खुला, अब वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर नहीं फंसेगा ट्रैफिक

वाराणसी  वाराणसी-सुलतानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-56) करीब तीन वर्ष के इंतजार के बाद पूरी तरह फोरलेन हो गया है। सुलतानपुर से करीब छह किलोमीटर आगे (जौनपुर की तरफ) सड़क डायवर्जन किया गया था क्योंकि हनुमानगंज बाईपास अधूरा पड़ा था, जिसे एक माह पहले ही चालू किया गया है। डायवर्जन की वजह से वाहन पुराने दो लेन मार्ग से गुजारे जा रहे थे, ऐसे में हनुमानगंज रेलवे क्रासिंग पर जाम लगता लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। करीब 4.70 किमी. डायवर्जन मार्ग लोहरामऊ से शुरू होकर दोमुहां (पखरौली) में फोरलेन सड़क पर जुड़ता था, लेकिन अब 5.97 किमी. बाईपास शुरू होने से जाम की समस्या दूर हो गई है। गोपालपुर के पास नया आरओबी भी बनाया गया है, इसके कारण वाहनों की निर्बाध आवाजाही मुमकिन हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने फोरलेन बाईपास का निर्माण 19 अक्टूबर 2022 को करीब 80 करोड़ लागत से शुरू कराया था लेकिन परियोजना विलंबित हो गई। यह प्रोजेक्ट अप्रैल 2024 में ही पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन कई बार समय सीमा बढ़ानी पड़ी।    विधानसभा की आश्वासन समिति के समक्ष मामला उठाया गया था, यह समिति प्रोजेक्ट की निगरानी कर रही थी। हर महीने रिपोर्ट तलब होती। 15 जुलाई को प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया गया और ट्रैफिक चालू कर दिया गया। दिल्ली की कंपनी विद्या इन्फ्रास्ट्रक्चर को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया था। विलंबित परियोजना के चलते कंपनी पर जुर्माना लगाने की भी तैयारी चल रही है। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक पंकज मिश्रा ने बताया कि पुराने मार्ग की तुलना में बाईपास की 1233 मीटर लंबाई बढ़ाई गई है। परियोजना विलंबित होने से वाहनों को रेलवे क्रासिंग पार करते हुए जाना पड़ता था लेकिन अब समस्या नहीं होगी।  

दाचीगाम नेशनल पार्क में ऑपरेशन सफल, आतंकी ठिकाने को सुरक्षा बलों ने किया तबाह

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित दाचीगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सेना के जवानों ने एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। आतंकी ठिकाने नष्ट होने की तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें दिख रहा है कि दाचीगाम नेशनल पार्क में बने मत्सय पालन विभाग के फार्म के ऊपरी हिस्से में जंगल में आतंकी ठिकाना बना हुआ था। इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।

पंडित प्रदीप मिश्रा की मुश्किलें बढ़ीं, कुबरेश्वर धाम विवाद अब अदालत में

सीहोर मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में स्थित कुबरेश्वर धाम वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा व कुबरेश्वर धाम की विटलेश सेवा समिति के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की गई है। कोर्ट ने इस याचिका पर पुलिस को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं साथ ही मामले में पर कोर्ट में अगली सुनवाई के लिए 13 सितंबर का दिन तय किया है। इंदौर के एक वकील ने सीहोर आकर ये याचिका दायर की है। पंडित प्रदीप मिश्रा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें इंदौर के एडवोकेट प्रकाश यादव ने सीहोर के कुबरेश्वर धाम में बीते दिनों हुए कार्यक्रम में अव्यवस्था व अलग अलग कारणों से सात लोगों की मौत होने के बाद सीहोर आकर मंडी थाना पुलिस में शिकायत पत्र दिया था। जब शिकायत पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो एडवोकेट प्रकाश यादव ने सीहोर जिला न्यायालय में याचिका लगाई। जिसमें पंडित प्रदीप मिश्रा और विटलेश सेवा समिति को विभिन्न धाराओं में आरोपी बनाने की मांग की गई। अब कोर्ट ने मंडी थाना पुलिस को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं और मामले की अगली सुनवाई के लिए 13 सितंबर का दिन तय किया है।   कुबरेश्वर धाम में हुई थीं मौतें बता दें कि बीते दिनों कुबेरेश्वर धाम में कांवड़ यात्रा व रूद्राक्ष वितरण का कार्यक्रम हुआ था। इन कार्यक्रमों के दौरान अलग अलग कारणों से सात लोगों की मौत हो गई थी। लोगों की भारी भीड़ कुबरेश्वर धाम में जुटी थी और भारी अव्यवस्थाओं की खबरें भी सामने आई थीं। कांवड़ यात्रा के दौरान इंदौर-भोपाल रोड पर लंबा जाम भी लगा था जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मात्र डीजे संचालकों पर मामला दर्ज किया था।

लगातार चार घंटे की बारिश ने थराली में मचाई तबाही, शव बरामद

थराली/नारायणबगड़ शुक्रवार जनपद चमोली के थराली और नारायणबगड़ विकासखंड में अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने के बाद भारी नुकसान हुआ है। थराली के सगवाड़, टुंडरी और नारायणबगड़ के जूडा गांव में बादल फटने के बाद गदेरों में आया बरसाती मलबा घरों और आवासीय दुकानों में जा घुसा। जिससे पूरी रात क्षेत्रवासियों ने दहशत में गुजारी। यही नहीं बरसाती गदेरे का रूख ब्लाक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, राडीबगड़ तहसील और एसडीएम आवास होने से मलबा आबादी क्षेत्र में कहर बन कर आया। चार घंटे बरसे बादल और फ‍िर… दरअसल थराली और नारायणबगड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम 6 बजे से बादल बरसने शुरू हुए जो चार घंटे तक जमकर बरसे, लेकिन एकाएक रात 11 बजे जैसे ही आसमानी बिजली चमकना शुरू हुई तो क्षेत्रवासी सहम गए और एक दूसरे को मोबाइल के माध्यम से सचेत और सुध लेते रहे। स्थानीय निवासी रमेश चंद्र कहते हैं एकाएक आसमानी बिजली की तेज आवाज गुंजी तो सगवाड़ और टुूंडरी गदेरे मेंं पानी का उफान बढ़ा, जिससे चारों ओर लोगों के चिल्लाने की आवाजें आने लगी। इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने नुकसान और बादल फटने की जानकारी साझा की। देखते-देखते अलग-अलग स्थानों पर बरसाती बदेरे के साथ मलबा कहर बन कर पहुंच गया और अंधेरे में लोग मदद के लिए चीखते रहे। थराली के ब्लाक मुख्यालय, टुंडरी गदेरे चेपडो, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिवाई गदेरे राडीबगड़ के तीन किमी क्षेत्र में रात 11 बजे से दो बजे के बीच भारी बारिश के बाद थराली से चेपडो के क्षेत्र में पूरा भूगोल ही बदल गया। जगह-जगह लगे मलबे के ढेर और दुकानों और आवासीय भवनों  में घुसे मलबे के बीच लोगों के दबने की खबरें आने लगी। मदद के लिए लोगों ने प्रशासन और पुलिस को फोन किया। अतिवृष्टि के चलते मलबा तहसील सहित एसडीएम आवास में घुस गया था। बावजूद इसके एसडीएम थराली पंकज भट्ट ने आपदा में फंसे लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन और एसडीआरएफ, पुलिस को तत्काल मदद की सूचना भेजी और स्वयं भी मौके पर पहुंचे। थराली थराली के राडीबगड़- थराली डूंगरी मोटर मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास, चेपड़ो बाजार में कई मकान दुकान वाहन मलबे की चपेट में आए। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। चेपड़ो में एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। सगबाड़ा में प्रधान नरेंद्र सिंह के घर में भी भारी मलबा आने उनकी 20 वर्षीय पुत्री कविता दब गई और उसकी मौत हो गई। चेपड़ो के गंगा दत्त जोशी भी मलबे की चपेट में आने से लापता हो गए हैं। चेपड़ो में लक्ष्मी जोशी, महावीर शाह , महिपाल सिंह , दर्शन सिंह शाह, गंगा सिंह शाह, प्रदीप बुटोला, महिपाल शाह, विकास जोशी , हर्षवर्धन बुटोला , देवेंद्र सिंह शाह वस्वानन्द जोशी , हरेंद्र सिंह शाह , नरेंद्र सिंह शाह, जोशी टी स्टाल, आदि दुकानें पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गयी है। बारिश बाद आए मलबे से चेपडों-से विजयपुर को जोड़ने वाला पिंडर नदी पर बना पुल भी मलबे से भर गया, जिससे आवाजाही प्रभावित रही। जबकि पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ने ने नदी तट से लगे भवनों को पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सूचना पहले ही दे दी थी। नारायणबगड़ नारायणबगड़ विकासखंड के जूड़ा गांव में ग्रामीणों की शुक्रवार रात दहशत में गुजरी। यहां हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। अचानक हुई इस आपदा में तीन आवासीय मकानों को गंभीर क्षति पहुंची, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, संपर्क मार्ग, पेयजल लाइन और विद्युत लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण शिशुपाल सिंह, नवीन चंद्र डिमरी और गुड़ु गौड़ ने बताया कि शुक्रवार देर रात बादल फटने से नरेश डयूंडी के मकान का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही भारी मलबा रविदत्त मलेठा और हंसराम डुंयूडी के मकानों से टकराते हुए त्रिलोक सिंह के मकान के ऊपर जा पहुंचा। सौभाग्य से इन मकानों में उस समय कोई नहीं रह रहा था, अन्यथा यह हादसा बड़ी त्रासदी का रूप ले सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना से पूरा गांव दहशत में रहा और लोग पूरी रात घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे और रात खुलने का इंतजार करते रहे। थराली ओर नारायणबगड़ में बादल फटने के बाद बिजली सप्लाई गुल होने से समस्या विकट बनी रही विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से गांव में अंधेरा छा गया। थराली में सुबह बिजली आपूर्ति कुछ क्षेत्रों में बहाल हो ग,ई लेकिन पेयजल योजनाओं के टूट जाने से जलसंकट गहरा गया है।  

झमाझम बारिश से बदला दिल्ली-एनसीआर का मिजाज

नई दिल्ली दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शनिवार को शाम को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। कई इलाकों में झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में यलो अलर्ट जारी किया था। इस बारिश की वजह से लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली है। झमाझम बारिश होने की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दस दिनों से जेवर क्षेत्र में वर्षा न होने से लोगों का उमस भरी गर्मी से हाल बेहाल था। वहीं धान सहित खरीफ की सभी फसलों में सिंचाई को लेकर किसानों ने तैयारियां शुरू कर दी थी। लेकिन शनिवार दोपहर तेज हवा के साथ बादलों का रूख बदला और रिमझिम वर्षा शुरू हो गई। शाम होते होते जोरदार वर्षा से मौसम सुहावना हो गया जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। किसानों के खेतों में खड़ी धान,गन्ना, बाजरा व ज्वार सहित सभी फसलों में सिंचाई का काम भी पूरा हो गया जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है।  

राजनीतिक विचार भिन्नता लोकतंत्र का हिस्सा, लेकिन अपशब्द अस्वीकार्य—संजय निरुपम

मुंबई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर ने देश में सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। इस मुद्दे पर शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने बड़ा बयान दिया है। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने तेजस्वी यादव की टिप्पणी को अनुचित ठहराते हुए कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन मर्यादा तोड़कर अभद्र टिप्पणियां करना अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा, “विरोध करना हर नेता का अधिकार है, लेकिन किसी पर व्यक्तिगत लांछन लगाना गलत है। तेजस्वी यादव की टिप्पणी सभ्य समाज के लिए शोभनीय नहीं है। नेताओं को संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और इस प्रकार की टिप्पणी से बचना चाहिए।” संजय निरुपम ने सभी नेताओं से संयमित भाषा का उपयोग करने और ऐसी टिप्पणियों से बचने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति में मर्यादा और शालीनता बरकरार रखना आवश्यक है, ताकि जनता के बीच सही संदेश जाए। वहीं, कर्नाटक में एक अलग घटनाक्रम ने सियासी हलचल मचा दी है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रार्थना गाकर सभी को हैरान कर दिया। इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में तमाम तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया हैं। इस पर टिप्पणी करते हुए शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा, “यदि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री या कोई अन्य व्यक्ति आरएसएस का प्रार्थना गाता है, तो इसमें कोई पाप नहीं है। आरएसएस 1925 से देश में व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने का कार्य कर रहा है। यह एक लोकप्रिय और राष्ट्रवादी संगठन है।” उन्होंने कहा कि आरएसएस को गलत ठहराने वाले ज्यादातर वामपंथी और उनके प्रभाव में कांग्रेस से जुड़े लोग हैं। संजय निरुपम ने जोर देकर कहा कि किसी विचारधारा से असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन उसे देशविरोधी करार देना उचित नहीं है।

जान की परवाह किए बिना ड्यूटी निभाई, हिमाचल की नर्स ने दिखाई बहादुरी

शिमला  हिमाचल प्रदेश में बरसात कहर बरपा रही है। नदी-नाले उफान पर हैं। कई इलाकों में पुल और सड़कें बह चुकी हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसी बीच मंडी जिला की चौहारघाटी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सबको हैरान कर दिया। वीडियो में स्टाफ नर्स कमला उफनते नाले को पत्थरों पर छलांग लगाकर पार करती नजर आ रही हैं। ड्यूटी पर पहुंचने के लिए जान जोखिम में डाली मंडी जिला की चौहारघाटी की सुधार पंचायत में तैनात स्टाफ नर्स कमला टिक्कर गांव की रहने वाली हैं। कमला ने बताया कि उन्हें रोजाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुधार में ड्यूटी देनी होती है। लेकिन भारी बारिश से क्षेत्र के छह फुट ब्रिज बह चुके हैं, जिससे रोजाना ड्यूटी पर पहुंचना मुश्किल हो गया है। ऐसे हालात में कमला ने जान की परवाह किए बिना उफनते गढ़ नाले को छलांग लगाकर पार किया और समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गईं। उन्हें ड्यूटी के लिए रोजाना करीब चार किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ रहा है। लेकिन जान की परवाह किए बगैर उन्होंने उफनते नाले को कूदकर पार किया। तब जाकर वह समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ड्यूटी के लिए पहुंच पाई। हाल ही में भारी बारिश से चौहारघाटी की सिल्हबुधानी और तरस्वाण पंचायतों में भारी नुकसान हुआ है। यहां कई सड़कें और पुल बह गए हैं। मजबूरी में लोगों को नाले और खड्ड पैदल ही पार करने पड़ रहे हैं। यही कारण है कि नौकरीपेशा लोग भी रोजाना खतरों का सामना करने को मजबूर हैं। बारिश से मंडी में भारी तबाही इस मानसून सीजन में मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है। यहां बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ से भारी तबाही हुई है। बीते 30 जून की रात को ही करीब 12 जगह बादल फटने की घटनाएं हुई थीं। हाल ही में सराज क्षेत्र में भी एक महिला और पुरुष नाले को पार करते समय बह गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। प्रदेशभर में बंद पड़ी 338 सड़कें राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शनिवार को प्रदेशभर में 338 सड़कें भूस्खलन और मलबा आने से बंद हैं। इनमें मंडी जिला में 162, कुल्लू में 105 और कांगड़ा में 21 सड़कें शामिल हैं। कुल्लू जिले का नेशनल हाईवे 305 भी कई जगह बंद पड़ा है। इसके अलावा 172 बिजली ट्रांसफार्मर और 133 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। मानसून सीजन में अब तक 295 मौतें प्रदेश में 20 जून से शुरू हुए मानसून सीजन ने गहरे जख्म दिए हैं। अब तक 295 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें मंडी में 48, कांगड़ा में 47, चंबा में 35 और शिमला में 27 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 37 लोग अभी भी लापता हैं और 350 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। 2,976 मकान क्षतिग्रस्त, 391 दुकानें गिरीं आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक अब तक 2,976 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें 658 पूरी तरह ढह गए हैं। 391 दुकानें और 2,685 पशुशालाएं भी नष्ट हो चुकी हैं। 1,821 पालतू पशु और 25,755 पोल्ट्री पक्षी मारे गए हैं। प्रदेश को अब तक 2,326 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है, जिसमें लोक निर्माण विभाग को 1,306 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 753 करोड़ का नुकसान हुआ है। 26 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 23 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 24 से 26 अगस्त तक भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट रहेगा। बीते 24 घंटों में सोलन के नालागढ़ और हमीरपुर के नादौन में 60-60 मिमी, जोगिंद्रनगर में 50 मिमी और जतौन बेरेज में 40 मिमी वर्षा दर्ज की गई।