samacharsecretary.com

प्रियंका गांधी वाड्रा 26 अगस्त को बिहार की वोटर अधिकार यात्रा में करेंगी भागीदारी

पटना बिहार में इन दिनों सियासत का तापमान बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की 'वोटर अधिकार यात्रा' राज्य की सड़कों पर जारी है। इस यात्रा के जरिए विपक्ष 'वोट चोरी' का आरोप लगा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने आईएएनएस से कहा, "अगर आपने कहीं 1-2 किलोमीटर की चमचमाती सड़क बना दी है, तो क्या आपने अपने पैसे से बनाई है? क्या ये कोई एहसान है? ये तो आपकी जिम्मेदारी है। बिहार के मंत्रियों की भाषा बेहद अहंकारी और शर्मनाक है। बिहार में सरकार बदलने जा रही है।" कांग्रेस महिला मोर्चा प्रमुख अलका लांबा ने बताया कि यात्रा कटिहार से पूर्णिया की तरफ बढ़ रही है। उन्होंने ऐलान किया कि 26 अगस्त को प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस यात्रा में शामिल होंगी। अलका लांबा ने कहा, "25 अगस्त को यात्रा में ब्रेक रहेगा, लेकिन 26 को प्रियंका गांधी वाड्रा खुद बिहार आएंगी। इंडिया गठबंधन के सभी मुख्यमंत्री इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे। माहौल बन चुका है, ये सरकार अब बदल जाएगी। हम वोट की पूरी पहरेदारी करेंगे और 'वोट चोरी' करने वालों को घुटनों पर लाएंगे।" अलका लांबा ने बिहार की सड़कों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "सड़कें तो हैं, लेकिन क्या वो बेटियों के लिए सुरक्षित हैं? क्या उन रास्तों से बेरोजगारों को रोजगार मिल रहा है? सड़क का क्या फायदा जब उस पर चलकर इंसान दवाई, पढ़ाई या कमाई के लिए ही नहीं जा सकता?" सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर बात करते हुए अलका लांबा ने कहा, "राजनीतिक दलों में कमियां हैं और हम उन्हें सुधारने की जिम्मेदारी खुद ले रहे हैं।" कांग्रेस नेता शकील अहमद ने कहा, "इस यात्रा से बिहार के लोगों को एक नई उम्मीद मिली है। चुनाव आयोग को बार-बार सुप्रीम कोर्ट की फटकार मिल रही है। बिहार के युवा जाग चुके हैं। हर वर्ग बोल रहा है, वोट चोर, गद्दी छोड़।" राजद के एमएलसी कारी सोहैब ने कहा, "इस यात्रा में लाखों लोग शामिल हो रहे हैं। जनता को अब मालूम हो चुका है कि यह सरकार 'वोट चोरी' करके बनी है। इस बार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी और हम 'वोट चोरी' नहीं होने देंगे।"

US नागरिकों से 130 करोड़ की ठगी, भारत में फर्जी कॉल सेंटर पर ED की छापेमारी

नई दिल्ली भारत में संचालित फर्जी कॉल सेंटरों के माध्यम से विदेशी, खासतौर से अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर की जा रही साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़े हैं। एक अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में हर साल इंटरनेट से जुड़ी ठगियों के कारण कई हजारों करोड़ रुपये का नुकसान होता है, जिसमें से एक बड़ा हिस्सा भारत आधारित कॉल सेंटरों से जुड़ा है। इसी को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गुरुग्राम जोनल ऑफिस टीम ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इससे पहले पुणे में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। जांच एजेंसी ने बुधवार को गुरुग्राम और नई दिल्ली में सात स्थानों पर छापेमारी की और करोड़ों की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अहम सबूत अपने कब्जे में लिए। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत की गई। जानकारी के मुताबिक, कुछ युवाओं ने मिलकर अमेरिकी नागरिकों से 2-3 वर्षों में 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर (130 करोड़ रुपये से अधिक) की ठगी की। ईडी की जांच में सामने आया है कि तीन युवक- अर्जुन गुलाटी, दिव्यांश गोयल और अभिनव कालरा नोएडा और गुरुग्राम में अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे। ये कॉल सेंटर तकनीकी सहायता के नाम पर मुख्यतः अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाते थे। आरोपी पीड़ितों के बैंक खातों तक अनधिकृत पहुंच बनाकर पैसे विदेशी खातों में ट्रांसफर करते थे और बाद में जटिल लेनदेन के जरिए उन रकम को भारत में वापस लाते थे। 130 करोड़ रुपये की ठगी ईडी के मुताबिक, नवंबर 2022 से अप्रैल 2024 के बीच इस गिरोह ने लगभग 1.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 130 करोड़ रुपये) की ठगी की। जांच में अब तक 200 से अधिक बैंक खातों की जानकारी सामने आई है जिनका इस्तेमाल धन शोधन के लिए किया गया। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने कई अहम डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज जब्त किए। साथ ही, 30 बैंक खाते फ्रीज किए गए, आठ लग्जरी कारें और महंगी घड़ियां जब्त की गईं। ईडी का कहना है कि आरोपी आलीशान मकानों में रहते थे और अवैध कमाई से 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित कर चुके थे। यह जांच सीबीआई, आईओडी दिल्ली द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू हुई। एफआईआर में अज्ञात आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता, 1860 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था। आरोप था कि दिल्ली और आसपास अवैध कॉल सेंटर चलाकर अमेरिकी नागरिकों को टेक सपोर्ट स्कैम के जरिए धोखा दिया जा रहा था। ईडी ने बताया कि आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की जांच जारी है। पुणे में भी ऐसी ही कार्रवाई हाल ही में पुणे पुलिस ने भी एक बड़े साइबर अपराध का पर्दाफाश करते हुए एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था, जिसके जरिए हजारों अमेरिकी नागरिकों से लाखों डॉलर की ठगी की गई। पुलिस के अनुसार, यह कॉल सेंटर पुणे के एक व्यावसायिक क्षेत्र में संचालित हो रहा था और इसमें शामिल लोग खुद को तकनीकी सहायता कर्मचारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाते थे। पुणे पुलिस की साइबर क्राइम शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में एक अवैध कॉल सेंटर संचालित हो रहा है। इसके बाद, पुलिस ने छापेमारी कर इस गिरोह का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान, कॉल सेंटर से कंप्यूटर, सर्वर, फर्जी दस्तावेज और अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया। मई में एक गुप्त सूचना के आधार पर, एसीपी गणेश इंगले और वरिष्ठ निरीक्षक स्वप्नाली शिंदे, शब्बीर सैय्यद और अजय वाघमारे के नेतृत्व में 150 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की एक टीम ने रात करीब 10 बजे खराडी स्थित आलीशान प्राइड आइकॉन प्रोजेक्ट की नौवीं मंजिल पर स्थित कॉल सेंटर पर छापा मारा। पुलिस ने पाया कि "मैग्नेटल बीपीएस एंड कंसल्टेंट्स एलएलपी" के नाम से कथित अवैध कॉल सेंटर में जुलाई 2024 से 12 महिलाओं और 111 पुरुषों सहित 123 कर्मचारी काम कर रहे थे। इस बीच, लगभग दस घंटे चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 64 लैपटॉप, 41 मोबाइल फोन, चार राउटर जब्त किए, जिनकी कीमत 13.74 लाख रुपये है। पुलिस को जब्त लैपटॉप में संदिग्ध ऑनलाइन एप्लिकेशन, वीपीएन सॉफ्टवेयर और लाखों अमेरिकी नागरिकों का डेटा मिला।  

खाटूश्यामजी दर्शन के लिए शुरू हुई हेलिकॉप्टर सेवा, दिल्ली से मिनटों में पहुंचेंगे भक्त

नई दिल्ली  दिल्ली-एनसीआर के श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! बाबा श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन अब पहले से कहीं अधिक आसान और शानदार हो गए हैं। 23 अगस्त 2025 को दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ हुआ। इस सेवा का उद्घाटन प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉ कुमार विश्वास ने अपने परिवार के साथ पहली यात्रा करके किया। यह सेवा श्रद्धालुओं को एक ही दिन में दोनों प्रमुख धामों के दर्शन का अवसर प्रदान करती है, जिसमें लग्जरी यात्रा और VIP सुविधाएं शामिल हैं। बता दें, पहली उड़ान शनिवार सुबह 9:30 बजे रोहिणी हेलीपोर्ट से रवाना हुई और खाटूश्यामजी से 9 किलोमीटर दूर जालूण्ड हेलीपैड पर उतरी। वहां से श्रद्धालुओं को कारों के जरिए खाटूश्यामजी मंदिर ले जाया गया, जहां उन्हें बिना कतार के गर्भगृह में VIP दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दर्शन के बाद यात्री हेलिकॉप्टर से सालासर बालाजी रवाना हुए और शाम तक दिल्ली वापस लौट आए।   किराया और सुविधाएं इस हेलिकॉप्टर सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 95,000 रुपये निर्धारित किया गया है। यह किराया केवल हेलिकॉप्टर की लग्जरी यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई विशेष सुविधाएं भी शामिल हैं। यात्रियों को दोनों मंदिरों में VIP दर्शन की सुविधा मिलती है, जिससे लंबी कतारों से बचा जा सकता है। हेलिकॉप्टर में आरामदायक सीटिंग, हवाई नजारे का आनंद और अनुभवी पायलटों की देखरेख में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जाती है। इसके अलावा, खाटूश्यामजी में होटल में ट्विन-शेयरिंग आधार पर फ्रेश-अप के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। अलग कमरे के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन की व्यवस्था भी की जाती है। साथ ही, यात्रियों को दोनों मंदिरों के इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाती है। कुमार विश्वास का अनुभव पहली यात्रा के यात्री डॉ. कुमार विश्वास ने इस सेवा को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रथम यात्री के रूप में बाबा श्याम के दर्शन का सौभाग्य मिला। यह दैवीय विधान है कि जब बाबा बुलाते हैं, तभी दर्शन संभव होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में आध्यात्मिकता के प्रति लोगों, खासकर युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। इस साल ताजमहल की तुलना में राम मंदिर, वृंदावन और खाटूश्यामजी जैसे तीर्थस्थलों पर अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। कुमार विश्वास ने कहा कि यह सेवा भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिदृश्य के उदय का प्रतीक है। खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जैसे तीर्थस्थल भक्तों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। यह हेलिकॉप्टर सेवा न केवल समय बचाती है, बल्कि श्रद्धालुओं को एक अनूठा और आरामदायक अनुभव भी प्रदान करती है। सेवा का संचालन और महत्व गौरतलब है कि यह हेलिकॉप्टर सेवा स्पंदन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है, जो देशभर में निजी चार्टर सेवाओं, सरकारी सर्वेक्षण और लग्जरी ट्रैवल में पहचान रखती है। फिलहाल, प्रतिदिन एक उड़ान संचालित होगी, जो सुबह शुरू होकर शाम तक पूरी हो जाएगी। खाटूश्यामजी में 52 बीघा पार्किंग क्षेत्र में हेलीपैड बनाया गया है। यह सेवा दिल्ली-एनसीआर के उन श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी।

भोपाल हाट में दो दिवसीय आजीविका फ्रेश मेले का उद्घाटन किया राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने

स्व-सहायता समूहों के स्टॉल पर मिल रहे हैं रसायन रहित कृषि उत्पाद बेडई, भुट्टे का कीस, कोदो की खीर, हर्वल पेय, सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों का स्वाद एवं मनोरंजन भी 24 अगस्त को भी रहेगा मेला भोपाल  मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूहों का दो दिवसीय आजीविका फ्रेश मेला भोपाल हाट में 23 एवं 24 अगस्त को आयोजित किया गया है। मेले का शुभारंभ आज पंचायत एवं ग्रामीण विकासराज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने किया। मेले में विभिन्न जिलों से आई स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा रसायन रहित एवं जैविक तरीके से उगाये हुये कृषि उत्पादों, दुग्ध उत्पादों सहित अन्य उत्पादों का विक्रय सह प्रदर्शन किया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ कर उद्वोधन दिया। तत्पश्चात मेला भ्रमण कर समूहों की दीदियों से चर्चा की, उत्पाद देखे,कला प्रदर्शन करने वाली दीदियों का हौसला बढाया तथा व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इसके पूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन श्रीमती हर्षिका सिंह ने स्वागत उद्वोधन देते हुये मेले के संबंध में जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को वृहद बाजारों से जोडने के लिये अनेक प्रयास आजीविका मिशन द्वारा किये जा रहे हैं। इसी क्रम में स्व-सहायता समूहों का दो दिवसीय आजीविका फ्रेश मेला अरेरा हिल्स पर स्थित भोपाल हाट परिसर में आयोजित किया गया है,मेला प्रात: 11 बजे से रात्रि 09.30 बजे तक चलेगा। मेले में विभिन्न जिलों से आई ग्रामीण स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा स्टॉल लगाये गये हैं, समूहों से जुडेपरिवारों को कम लागत में अधिक उपज हेतु कृषि एवं पशुपालन की उन्नत तकनीकि अपनाने के लिये कृषि सखियों व पशुपालन सखियों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। विशेष रूप से प्राकृतिक पद्धति से रसायन रहित जैविक उत्पाद तैयार करने के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन प्रयासों के फलस्वरूप समूहों द्वारा रसायन रहित उत्पाद तैयार किये जा रहे हैं जिन्हें इस मेले में खास तौर से लाया गया है। इनमें मुख्य रूप से अनाज,दलहन, तिलहन, सब्जियां एवं फल दुग्ध आधारित उत्पादों में देशी गाय एवं गिर गाय का घी, पनीर, सोयाबीन उत्पादों में टोफू, सोयाबडी, मशरूम आधारित उत्पादोंमेंसूखा मशरूम, अचार, पाउडर, कुकीज, जंगल की शुद्ध शहद, महुआ उत्पादों में महुआ कुकीज, लड्डू , नमकीन महुआ, लघु वनोपज में आंवला कैंडी, मुरब्बा, मिलेट उत्पादों में कोदो, कुटकी, चावल कुकीज, लड्डू, खीर, सहित जैविक खाद,जैविक कीटनाशक, गौ आधारित उत्पादों में गोवर की मूर्ति, दीये, कंडे आदि शामिल हैं। सब्जियों में श्योपुर एवं अलीराजपुर जिले के ककोडे लोगों की पसंद बने हुये हैं। क्षेत्रीय प्रसिद्ध कृषि उत्पादों में नरसिंहपुर जिले की तुअर (अरहर) दाल एवं गुड, बालाघाट जिले का चिनौरी चावल, सिवनी जिले का जीरा शंकर चावल की खरीददारी तथा क्षेत्रीय खान-पान में मालवा, निमाड, चंबल-ग्वालियर, विंध्य, बुंदेल खण्ड, बघेल खण्ड आदि क्षेत्रों के प्रसिद्ध खान-पान व्यंजनों तथा हर्वल पेय का आनंद इस मेले में लिया जा रहा है।मेले के पहले दिन आद सैलानियों ने दालवाटी-चूरमा, मंगोडे, चटपटी बेडई, भुट्टे का कीस, कोदो-कुटकी की खीर सहित मिलेट के अनेकों व्यंजनों का स्वाद चखा। कला में रूचि रखने वालों के लिये यहां पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन देखने एवं सीखने का अवसर भी मिल रहा है। यहां धार जिले के सुप्रसिद्ध बाग प्रिंट, जरी-जरदोजी, सहित पिथौरा पेटिंग आदि गोंडी आर्ट को सीखने का मौका भी मिल रहा है।भोपाल शहर एवं आस-पास के क्षेत्रों से मेले में खरीददारी के लिये आने वाले परिवारों के मनोरंजन के लिये सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।  

रेखा गुप्ता का संदेश: चुनौतियों से डरना नहीं, साहस से सामना करना चाहिए

नई दिल्ली  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने विरोधियों को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी आसुरी शक्ति से डरने वाली नहीं हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के वार्षिक दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं। अपनी व्यक्तिगत यात्रा साझा करते हुए, सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में एक छात्र नेता के रूप में अपने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा, "मुझे तूफानों से जूझने की आदत है। जब मैं डूसू प्रेसिडेंट थी, तो एक बार एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंकते समय एक समझदार व्यक्ति ने केरोसिन की जगह पेट्रोल डाल दिया था, जिसके कारण मेरा चेहरा जल गया। मुझे एक-डेढ़ महीने इस हालात से गुजरना पड़ा था।" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा, "छोटी उम्र में भी, मेरा मानना ​​था कि आगे बढ़ते रहना चाहिए। आज दिल्ली की जनता की शक्ति और आशीर्वाद से मैं चुनौतियों का साहस के साथ सामना कर रही हूं।" उन्होंने खुद को शक्तियों का अंबार बताते हुए कहा कि मैं किसी भी असुरी शक्ति से डरने वाली नहीं हूं। मुख्यमंत्री ने कहा, "जब तक दिल्ली को उसके अधिकार नहीं मिल जाते, मैं लगातार संघर्ष करती रहूंगी। न डरूंगी, न थकूंगी और न ही हार मानूंगी।" उन्होंने यह भी कहा कि अपने ऊपर हुए हमले के बावजूद उनकी हिम्मत और संकल्प पहले से और मजबूत हुए हैं। श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) ने शनिवार को अपना 99वां वार्षिकोत्सव मनाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहीं। रेखा गुप्ता अपने ऊपर हुए हमले के बाद सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कॉलेज का शताब्दी लोगो लॉन्च किया। इस मौके पर सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन पर बल देते हुए कहा कि देश और दिल्ली को बेहतर बनाने में हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एसआरसीसी के 99वें वार्षिकोत्सव पर परिसर में शिक्षकों और छात्रों से संवाद का अवसर मिला। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को ढेरों शुभकामनाएं। एशिया के सर्वश्रेष्ठ कॉमर्स कॉलेज का यह गौरवशाली सफर हम सबके लिए गर्व का विषय है। कॉलेज जीवन की यादें सचमुच सुनहरी होती हैं। चाहे जीवन में हम कितनी भी ऊंचाइयां क्यों न छू लें, वे दिन हमेशा मन में ताजा रहते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा रही हूं, इसलिए यह वातावरण मुझे अपने ही पुराने दिनों में लौटा ले गया।"

NDA का विधानसभा में हंगामा तय, सूर्या हांसदा ‘एनकाउंटर’ मौत पर होगी चर्चा

रांची विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को कहा कि वह झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर हमला तेज करने के साथ आदिवासी नेता सूर्या हंसदा की ‘फर्जी' मुठभेड़ में मौत की सीबीआई जांच की मांग करेगा। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने विधायक दल की दो घंटे की बैठक के बाद हंसदा की मुठभेड़ को ‘नृशंस हत्या' करार दिया। जायसवाल ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी जी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में सात सदस्यीय तथ्यान्वेषी दल का गठन किया था, जिसने सूर्या हंसदा के रिश्तेदारों और ग्रामीणों से मुलाकात की थी। रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को सौंप दी गई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी भी तरह से मुठभेड़ नहीं लगती, बल्कि वास्तव में यह एक नृशंस हत्या है। राजग विधानसभा में मांग करेगा कि सरकार इस घटना की सीबीआई जांच का आदेश दे।'' कई आपराधिक मामलों में वांछित हांसदा को 10 अगस्त को देवघर के नावाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया था और कथित मुठभेड़ उस समय हुई जब उन्हें छिपे हुए हथियार बरामद करने के लिए राहदबदिया पहाड़ियों पर ले जाया जा रहा था। हंसदा ने कथित तौर पर पुलिस से एक हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जायसवाल ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को सदन में और विधानसभा के बाहर भी प्रमुखता से उठाएगी, जब तक कि सरकार मामले की जांच सीबीआई को नहीं सौंप देती। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने पर तुली हुई है। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में राजग के 24 विधायक हैं।

रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

रीवा में दो दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कृष्णाराज कपूर आडिटोरियम रीवा में दो दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। रक्त फैक्ट्री में नहीं बनता उसका निर्माण मानव शरीर में ही संभव है जब हम रक्तदान करते हैं तो उससे पीड़ित को जीवनदान मिलता है। स्वयं के स्वस्थ के लिए भी रक्तदान लाभकारी होता है। हर स्वस्थ्य व्यक्ति तीन माह में एक बार रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन में जो पुण्य के कार्य किये हैं उनमें रक्तदान सर्वोंपरी है। रीवा में अब रक्त को संधारित करने की पर्याप्त सुविधा हो गयी है। सभी नागरिक समय-समय पर रक्तदान करके पीड़ितों की जान बचाने में सहयोग दें। रक्तदान शिविर का आयोजन जिला प्रशासन और प्रजापिता ब्राम्हकुमारी ईश्वरी संस्थान द्वारा किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रजा पिता ब्राम्हकुमारी संस्थान देश में आध्यात्मिक चेतना के विकास और समाज सेवा में सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्थान का माउंटआबू मुख्यालय आध्यात्मिक ऊर्जा का केन्द्र है। संस्थान की दादी प्रकाशमणि भौतिक रूप से हमारे बीच अब नहीं हैं लेकिन उनका स्नेह आशीर्वाद और आध्यात्मिक चेतना हमेशा सदैव प्रेरणा देती रहेगी। अपने लिए तो सभी जीते हैं ब्राम्हकुमारी संस्थान ने हमें दूसरों के लिए जीना सिखाया है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री श्री नितिन गड़करी ने जबलपुर में विभिन्न निर्माण कार्यों के साथ रीवा को भी सिरमौर डभौरा रोड तथा रीवा बाईपास 8 लेन निर्माण का शिलान्यास करके बड़ी सौगात दी है। बाईपास और बेला सिलपरा रिंग रोड का निर्माण आगामी मार्च माह तक पूरा हो जायेगा। इससे रीवा रिंग रोड की सुविधा वाला प्रदेश का पहला शहर बन जायेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रक्तदान करने वाले नागरिकों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्व. प्रकाशमणि को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. आरपी सिंह, ब्राम्हकुमारी संस्थान के श्री बी.के. प्रकाश एवं बड़ी संख्या में संस्थान पदाधिकारी तथा रक्तदान करने वाले उपस्थित रहे।  

पीएम पर आपत्तिजनक बयान देने वाले तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR दर्ज

ललितपुर प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ तालबेहट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत ने दर्ज कराया है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमे बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से ज्ञात हुआ कि देश के प्रधानममंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ तेजस्वी यादव एवं अन्य लोगों ने अभद्र टिप्पणी की है। पुलिस ने तेजस्वी यादव व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मालूम हो कि राजद के एक्स हैंडल से आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। पोस्ट में प्रधानमंत्री की तस्वीर भी लगाई गई थी। शिकायतकर्ता ने पोस्ट की कॉपी को मुकदमे में सबूत के तौर पर पेश किया है। तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गलियारों में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।

IAS अधिकारी के मुरीद बने ज्योतिरादित्य सिंधिया, खूब सराहा कामकाज

अशोकनगर मध्यप्रदेश की गुना शिवपुरी सीट से सांसद और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्यप्रदेश के एक IAS के कायल हो गए हैं। सिंधिया ने भरे मंच से IAS की तारीफ करते हुए उनके लिए तालियां बजवाईं और उन्हें धन्यवाद भी दिया। पूरा वाक्या अशोकनगर का है जहां ज्योतिरादित्य सिंधिया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए पहुंचे थे। बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह के काम की जमकर तारीफ की है। कलेक्टर के कायल हुए सिंधिया बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री कार्यक्रम वितरण के दौरान मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से कहा कि सरकार आपके साथ खड़ी है और आपके पास तो ऐसे कलेक्टर हैं जो गाड़ी में बैठकर बत्ती नहीं चलाते वह तो साइकिल पर बैठकर अशोकनगर से चंदेरी पहुंच जाते हैं। इन के लिए तालियां बजाएं। इस पर मंच पर मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कलेक्टर आदित्य सिंह की तारीफ करते हुए सिंधिया को बताया कि कलेक्टर कीचड़ में एक-एक घर तक पहुंचे थे जिससे सिंधिया और भी प्रभावित हुए और फिर से कलेक्टर के लिए तालियां बजवाईं।   कलेक्टर ने कहा थैंक्यू ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस दौरान मंच से ये भी कहा कि हमारे नाम भी एक ही हैं ये आदित्य हैं और मैं ज्योतिरादित्य हूं। बाढ़ के समय कलेक्टर आदित्य सिंह ने कलेक्टर की तरह नहीं बल्कि परिवार के सदस्य की तरह आप लोगों की सेवा की है। सिंधिया के द्वारा की गई इस तारीफ पर कलेक्टर आदित्य सिंह ने भी मुस्कुरा कर उन्हें थैंक्यू कहा। बता दें कि आदित्य सिंह 2014 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के IAS हैं। उन्होंने करीब 4 महीने पहले अशोकनगर कलेक्टर का पद संभाला और लगातार कार्रवाई करने के लिए चर्चाओं में रहे। उन्होंने साइकिल से अशोकनगर जिले में 65 किमी. का दौरा भी किया जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी।

TV सीरियल का सपना दिखाकर नाबालिग से 24 लाख की ठगी, ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार

नई दिल्ली दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाना पुलिस ने बॉलीवुड फिल्म ‘बंटी और बबली’ की तर्ज पर ठगी करने वाले दो शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरुण शेखर शर्मा और आशा सिंह उर्फ भावना के रूप में हुई है. दोनों खुद को टीवी सीरियल्स के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर बताकर लोगों को स्टार प्लस और हॉट स्टार पर प्रसारित होने वाले धारावाहिकों में ब्रेक दिलाने का झांसा देते थे. भोले-भाले युवाओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने यूट्यूब वीडियो देखकर ठगी करना सीखा था. आलीशान जीवन जीने की चाह में दोनों देशभर के महंगे होटलों में रुकते थे और ऐशोआराम की जिंदगी बसर करते थे. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक कितने लोगों को इन दोनों ने अपने झांसे में लेकर चूना लगाया है. पुलिस ने बताया कि मामला तब सामने आया जब डाबरी के रघु नगर निवासी एक व्यक्ति ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि उनकी नाबालिग बेटी एकता कपूर की एकेडमी से एक्टिंग और मॉडलिंग का डिप्लोमा कर रही है. सीरियल्स में काम पाने की तलाश में वह इंटरनेट खंगाल रही थी. इसी दौरान उसे फेसबुक पर एक पेज मिला, जिसमें स्टार प्लस के एक मशहूर धारावाहिक के लिए नए कलाकारों की तलाश का दावा किया गया था. यहीं से आरोपी युवती और उसके परिवार से संपर्क में आए और खुद को फर्जी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर बताकर विश्वास जीत लिया. बाद में ठगी की पूरी कहानी सामने आई. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने ठगी करने की ट्रेनिंग यूट्यूब वीडियो से ली थी और आलीशान जिंदगी जीने के लिए देशभर के महंगे होटलों में ठहरते थे. शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता ने फेसबुक पेज पर दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो वह सीधे एक वॉट्सऐप नंबर पर रीडायरेक्ट हो गई. उस नंबर से जुड़े शख्स ने खुद को पीयूष शर्मा बताया. उसने दावा किया कि वह एमटीवी स्प्लिट्सविला का पूर्व प्रतिभागी रह चुका है और अब डायरेक्टर के तौर पर काम करता है. पीयूष शर्मा ने नाबालिग युवती से उसका पोर्टफोलियो मांगा और आगे भरोसा जीतने के लिए उसे टीवी जगत के फेमस डायरेक्टर-प्रोड्यूसर राजन शाही का नंबर दिया. उसने युवती से कहा कि वह इस रेफरेंस से संपर्क करे, जिससे उसे स्टार प्लस के लोकप्रिय सीरियल में काम मिलने का मौका मिल सकता है. राजन शाही के नाम पर बने फर्जी प्रोफाइल ने भी युवती से पोर्टफोलियो मांगा और उसे सिंटा (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) की कथित एचआर डायरेक्टर अनीता से संपर्क करने को कहा. इसके बाद रोल दिलाने का वादा किया गया और अलग-अलग बहानों से बड़ी रकम मांगी जाने लगी. धीरे-धीरे पीड़िता ने लगभग 24 लाख रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए. जैसे ही रकम पूरी तरह हाथ लग गई, आरोपियों ने युवती और उसके परिवार को ब्लॉक कर दिया. यूट्यूब से सीखी ठगी, आलीशान जिंदगी जी रहे थे आरोपी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी की ट्रेनिंग यूट्यूब वीडियो देखकर ली थी. आलीशान जिंदगी जीने के लिए वे देशभर के महंगे होटलों में ठहरते और ऐशोआराम करते थे. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने टेक्निकल सर्विलांस, डिजिटल फुटप्रिंट और मनी ट्रेल का गहन विश्लेषण किया. जांच में पता चला कि आरोपी पीड़ितों से बातचीत के लिए सिर्फ वॉट्सऐप का इस्तेमाल करते थे और लखनऊ, गुजरात, मध्य प्रदेश, केरल और कर्नाटक के होटलों से ठगी को अंजाम दे रहे थे. वे लगातार अपना ठिकाना बदलते रहते थे ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सकें. रणनीतिक निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से आखिरकार पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि कितने और लोग इनके शिकार बने हैं. तरुण लखनऊ का निवासी तो आशा दिल्ली की रहने वाली मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई. टेक्निकल सर्विलांस, डिजिटल फुटप्रिंट और मनी ट्रेल की मदद से आरोपियों का लोकेशन ट्रेस किया गया. लगातार निगरानी के बाद टीम ने कर्नाटक, बेंगलुरु में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया. उस समय आरोपी एक दो कमरों के सर्विस अपार्टमेंट में रह रहे थे. पुलिस ने उनके कब्जे से 7 स्मार्टफोन, 10 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, 15 बैंक चेकबुक और पासबुक बरामद किए हैं. इनमें कई आपत्तिजनक सबूत भी मिले हैं. आरोपियों का बैकग्राउंड तरुण शेखर शर्मा (32 वर्ष): लखनऊ, उत्तर प्रदेश के निराला नगर का रहने वाला. आशा सिंह उर्फ भावना (29 वर्ष): दिल्ली के नांगलोई, बक्करवाला की निवासी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके जाल में और कितने लोग फंसे हैं और कुल कितनी रकम हड़पी गई है. आलीशान लाइफस्टाइल और नेटवर्क पुलिस ने बताया कि आरोपी देशभर के द ललित, क्राउन प्लाजा, वेलकम होटल जैसे महंगे होटलों में ठहरते थे. ठगी के लिए उन्होंने करीब 15 बैंक अकाउंट खोले और 10 से ज्यादा सिम कार्ड अलग-अलग राज्यों के पते से जारी करवाए थे. पुराने मामलों में भी वॉन्टेड पकड़े गए दोनों आरोपी पहले से ही चार अन्य मामलों में संलिप्त पाए गए हैं — उत्तर प्रदेश: 2 केस दिल्ली: 1 केस जम्मू-कश्मीर: 1 केस (अब भी वॉन्टेड) पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके जाल में और कितने लोग फंसे हैं तथा कितनी रकम ठगी गई है. FIR और अन्य शिकायतें दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाने में बीएनएस की धाराओं 318(4)/319(2)/61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. अब तक की पड़ताल में देशभर से जुड़ी 20 एनसीआरपी शिकायतें पुलिस के हाथ लगी हैं. मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के नेटवर्क का पूरा पता लगाने में जुटी है.