samacharsecretary.com

ऑनलाइन गेमिंग बिल पास होने के अगले दिन ED की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता के घर से करोड़ों जब्त

बेंगलुरु ऑनलाइन गेमिंग बिल संसद में पास होने के सिर्फ एक दिन बाद ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक कांग्रेस नेता के. सी. वीरेंद्र के घर से 12 करोड़ रुपये कैश बरामद किए हैं. कैश के अलावा 6 करोड़ रुपये की ज्वेलरी भी ईडी ने जब्त की है. ईडी ने चितदुर्गा जिले से कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र और अन्य लोगों के खिलाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी के मामले में केस दर्ज किया था. ईडी ने देशभर में 31 जगहों पर छापेमारी की, जिनमें गंगटोक, चितदुर्गा जिला, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा शामिल हैं, गोवा में पांच कैसिनो- पप्पी’स कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसिनो, पप्पी’स कैसिनो प्राइड, ओशन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो-पर भी कार्रवाई की गई. दरअसल ईडी की ओर से कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र और उनके भाई के कुछ ठिकानों पर छापेमारी की गई है. इस छापेमारी की वजह एक गैरकानूनी सट्टेबाजी से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग केस है. इसको लेकर ईडी की ओर से न सिर्फ कर्नाटक बल्कि कई अन्य राज्यों में भी रेड मारी गई है.  चित्रगुप्ता विधानसभा से एमएलए हैं केसी वीरेंद्र बता दें कि केसी वीरेंद्र कांग्रेस की टिकट पर चित्रगुप्ता विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे. केसी वीरेंद्र पर किंग 567, पप्पी के003 और रत्ना गेमिंग जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटों के संचालन का आरोप भी है. इसके साथ ही उनके भाई पर भी कई आरोप लगाए गए हैं. इनमें दुबई से डायमंड साफ्टेक, TRS टेक्नोलॉजी के साथ-साथ प्राइम9 टेक्नोलॉजी नाम की तीन संस्थाओं के संचालन का आरोप है.  शुक्रवार को भी ईडी ने की थी रेड बता दें कि ईडी की ओर से ये रेड शुक्रवार को भी की गई थी. ईडी का कहना है कि वीरेंद्र की ओर से चलाई जा रही संस्थाएं कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग कारोबार से जुड़ी हैं. ईडी ने कर्नाटक के बेंगलूरु के अलावा राजस्थान के जोधपुर, मुंबई और गोवा के कई कैसिनो जैसे ओशन रिवर्स, बिग डैडी पर भी छापेमारी की है.  जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था, जिनके नाम King567, Raja567 आदि हैं. इसके अलावा आरोपी का भाई के. सी. थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियां- डायमंड सॉफ्टटेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज-चलाता है. ये कंपनियां कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग बिजनेस से जुड़ी हुई हैं. छापेमारी के दौरान ईडी को करीब 12 करोड़ रुपये नकद, जिसमें 1 करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा भी शामिल है, लगभग 6 करोड़ रुपये का सोना, 10 किलो चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां मिलीं. इसके अलावा 17 बैंक खाते और 2 लॉकर भी फ्रीज कर दिए गए हैं.

सीएम समेत कई दिग्गज OBC नेता जाएंगे बिहार, चुनावी मैदान में MP का असर

भोपाल  बिहार की सियासत पर जैसे-जैसे चुनावी रंग गहराता जा रहा है, वैसे-वैसे दूसरे राज्यों के बड़े नेता भी वहां की जमीन पर उतरने लगे हैं। मध्य प्रदेश इस बार ख़ास में है, क्योंकि यहां के ओबीसी चेहरे चुनावी मैदान में अहम भूमिका निभाने वाले है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रचार और प्रबंधन की कमान अपने-अपने भरोसेमंद नेताओं को सौंपने की रणनीति बनाई है।  भाजपा से सीएम मोहन और मंत्री शिवराज होंगे स्टार प्रचारक भाजपा सीएम मोहन यादव को बिहार के यादव वोटबैंक के सामने बड़ा चेहरा बनाने की की योजना बना रही है। यूपी-बिहार की राजनीति में यादव वंश के प्रभाव को चुनौती देने का जिम्मा मोहन यादव के कन्धों पर होगा। सीएम यादव इससे पहले महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में प्रचार कर चुके है। वहीँ, केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की किसान हितैषी और संवेदनशील नेता की छवि बिहार में भाजपा के लिए हथियार साबित हो सकती है। मखाना किसानों के लिए उनके प्रयास और गरीबों के प्रति लगाव उन्हें वहां विशेष लोकप्रियता दिलाता है। कांग्रेस चलेगी यादव-पटेल कार्ड दूसरी ओर कांग्रेस भी ओबीसी समीकरण को साधने में कोई कसार नहीं छोड़ना चाहती। कांग्रेस ने एमपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव और उनके भाई सचिन यादव को बिहार चुनावी अभियान में अहम भूमिका देने की तैयारी की है। इसके अलावा राज्य सभा सांसद अशोक सिंह(यादव), पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण पटेल और दिनेश गुर्जर भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस ने बिहार के ओबीसी बहुल इलाकों को टारगेट करने की रणनीति बनाई है। इन नेताओं को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा की जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

होशियारपुर में गैस सिलेंडर फटा, दर्दनाक हादसे में दो की जान गई, घायलों का इलाज जारी

होशियारपुर होशियारपुर-जालंधर राजमार्ग पर मंडियाला गांव के पास हुए एलपीजी टैंकर में विस्फोट में अब तक दो की मौत हो चुकी है। होशियारपुर सिविल अस्पताल के एसएमओ (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) डॉ. कुलदीप सिंह ने शनिवार सुबह इसकी पुष्टि की। होशियारपुर सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने पुष्टि की कि गंभीर रूप से झुलसे कुल 23 घायलों को शुक्रवार रात सिविल अस्पताल लाया गया था। इनमें से 15 को विशेष अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है, जिनमें आदमपुर क्षेत्र के दो घायल भी शामिल हैं, जिन्हें उनके परिवार के सदस्य आदमपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे। अभी तक 7 घायलों का सिविल अस्पताल होशियारपुर में इलाज चल रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि अब तक दो मौतें हो चुकी हैं, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया था और दूसरे घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल एक महिला, कुसुम, ने बताया कि हमारा परिवार 20 सालों से यहां पर रहता है और गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता है। कल हम घर के अंदर थे; उसी समय गैस का टैंकर फट गया। मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है कि यह घटना कैसे हुई। बहुत तेज धमाका हुआ, उसके बाद आग फैल गई। जो गैस फैली उसके कारण चारों तरफ आग फैल गई। बता दें कि होशियारपुर-जालंधर राजमार्ग पर मंडियाला गांव के पास शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक एलपीजी टैंकर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो की मौत हो गई। घायलों को तुरंत होशियारपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया और बिना किसी देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, विधायक ब्रह्मा शंकर जिंपा और उपायुक्त आशिका जैन स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।  

पूर्व CPI नेता सुरवरम सुधाकर रेड्डी के निधन पर CM स्टालिन का शोक संदेश

चेन्नई तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व सीपीआई नेता सुरवरम सुधाकर रेड्डी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सुधाकर रेड्डी का जाना एक बड़ी क्षति है। एमके स्टालिन ने कहा कि सुधाकर रेड्डी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र नेता के रूप में की थी और बाद में संसद सदस्य और भाकपा के राष्ट्रीय नेता के तौर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि सुधाकर रेड्डी ने हमेशा मजदूरों, किसानों और समाज के हाशिए पर पड़े लोगों के लिए अपनी पूरी जिंदगी समर्पित कर दी। सीएम ने कहा, “मैंने तमिलनाडु में उनकी कई यात्राओं में उनके साथ समय बिताया है। इनमें गठबंधन की बातचीत और थलाइवर कलैगनार की स्मृति समारोह जैसी महत्वपूर्ण घटनाएं शामिल थीं। इन मौकों पर मैंने उनकी गर्मजोशी और स्पष्ट विचारों को देखा है।” एमके स्टालिन ने आगे कहा कि सुधाकर रेड्डी का जीवन न्याय और सम्मान के लिए संघर्ष की प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने उनके परिवार, सहयोगियों और साथियों के प्रति संवेदनाएं भी प्रकट कीं। सुरवरम सुधाकर रेड्डी एक सशक्त छात्र नेता, संसद सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया, और उनकी नीतियां और कार्य लोगों के दिलों में आज भी जीवित हैं। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। तमिलनाडु सहित पूरे देश के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की है। सीपीआई नेता सुरवरम सुधाकर रेड्डी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र आंदोलन से की और बाद में संसद सदस्य और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय नेता बने। सुधाकर रेड्डी ने मजदूरों, किसानों और हाशिए पर पड़े समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए पूरी जिंदगी समर्पित की। उनके नेतृत्व में कई सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों को बल मिला। वे अपने स्पष्ट विचारों और संघर्षशील व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे।  

झमाझम बारिश बनी काल: मकान गिरने से मां-बेटे की गई जान, कई घायल

सरायकेला झारखंड के सरायकेला में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां मिट्टी से बना एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा जिसमें मां-बेटे की मौत हो गई है जबकि परिवार के 8 लोग घायल हो गए हैं। मामला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डांडू गांव का है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश से कच्चे मकान कमजोर हो गए हैं जिस वजह से घर ढह गया। घर के भीतर मौजूद पूरे परिवार और आए मेहमान सहित 10 लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के साथ मिट्टी हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां 7 लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई है जबकि 8 घायलों का इलाज जारी है। घायलों में संतोष लोहार (35 वर्ष) मकान मालिक, पत्नी भानु लोहार (32 वर्ष), बेटी प्रतिमा लोहार (19 वर्ष), बेटा सपन लोहार (14 वर्ष), बेटी संध्या लोहार (12 वर्ष), छोटा बेटा शिवम लोहार (4 वर्ष) इसके अलावा संतोष की बहन शांति (27 वर्ष), जो राजनगर के खोखरो गांव की निवासी हैं, अपने मायके आई हुई थीं। वह अपनी बेटी पूनम (12 वर्ष) और बेटे प्रवीण (7 वर्ष) के साथ घर में मौजूद थीं। वहीं संतोष का साला लक्ष्मण बिनधनी (27 वर्ष) शामिल है।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की बधाई

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर देश-प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग के साथ हमारे देश को वर्ष 2023 में आज ही के दिन चंद्रमा पर प्रज्ञान रोवर की स्थापना की ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय अंतरिक्ष मिशन प्रतिदिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रत्येक देशवासी को गर्व है कि हमारे वैज्ञानिकों के सतत् परिश्रम और समर्पण ने भारत को वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित किया है।  

डीआरआई की छापेमारी में बड़ा खुलासा, भोपाल की मेफेड्रोन फैक्ट्री के धंधे में अंडरवर्ल्ड की एंट्री

भोपाल  डीआरआइ के छापे के बाद सुर्खियों में आई राजधानी के जगदीशपुर स्थित मेफेड्रोन फैक्ट्री की जांच अब एनआइए की टीम भी करेगी। इस फैक्ट्री के संचालकों का अंडरवल्र्ड से कनेक्शन मिलने के बाद एऩआइए ने मामले की जांच की तैयारी कर ली है। फैक्ट्री लगाने में अंडरवर्ल्ड ड्रग तस्कर सलीम डोला का नाम सामने आने के बाद संभावना जताई जा रही है कि वही तुर्किए से बैठकर इसका संचालन कर रहा था। सलीम डोला को मुंबई के भगोड़े डॉन दाउद इब्राहिम का करीबी माना जाता है। उसके अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स स्मगलिंग गिरोह से भी संबंध होने की बात सामने आ रही है। मामले के अंडरवल्र्ड और विदेश से जुड़ा होने के कारण एनआइए भी इस केस की जांच करेगी। गुजरात में बनी थी राजधानी में प्लांट बनाने की योजना सलीम डोला ने गुजरात के अंकलेश्वर की फार्मा कंपनी में काम कर रहे अशोकनगर निवासी फैसल कुरैशी को इस काम के लिए चुना। फैसल के पास फार्मेसी डिप्लोमा होने से उसे केमिकल की जानकारी थी। इसके बाद सलीम के गुर्गों ने उसे गुजरात में ही कुछ दिन मेफेड्रोन बनाने की ट्रेनिंग दी। इसके बाद फैसलमध्यप्रदेशआया और गंजबासौदा निवासी रज्जाक खान से मिला। रज्जाक डिप्लोमा होल्डर है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दोनों ने इसके लिए भोपाल के आसपास ही जगह तलाशी, ताकि कच्चा माल आसानी से लाया जा सके। इन्हें जगदीशपुर में मौके की जगह मिली तो पांच लाख अधिक देकर मकान का सौदा कर लिया और एक लाख रिश्वत देकर बिजली कनेक्शन लगवाकर मेफेड्रोन बनाना शुरू कर दिया। फैसल ने मेफ्रेडोन बनाने की तकनीक रज्जाक को भी सिखाई। बाद में डीआरआई ने 16 अगस्त को मकान नंबर-11 पर रेड मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से 61.20 किलो मेफ्रेडोन जब्त किया, बाजार में इसकी कीमत 92 करोड़ रुपए थी। साथ ही 541.53 किलो कच्चा माल भी मिला, जिससे मेफेड्रोन बनाया जाना था। महिला तस्कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में महिला तस्कर सहित सात आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात की महिला तस्कर के बारे में डीआरआइ को नई जानकारी मिली है। वह गुजरात की राज्य स्तर की पहलवान है और राष्ट्रीय खेलों में भी भाग ले चुकी है। सूत्रों के अनुसार गैंग के सरगना इस महिला और गरीब आरोपियों का इस्तेमाल कर रहे थे। 1800 करोड़ के ड्रग्स केस से जुड़ा था सलीम, 1 लाख का इनाम घोषित भोपाल के बगरौदा इंडस्ट्रियल एरिया से दस माह पहले पकड़ाई फैक्ट्री का कनेक्शन सलीम डोला से था। नारकोटिक्स टीम ने जांच के बाद जो आरोप पत्र भोपाल स्पेशल कोर्ट में पेश किया था, उसके अनुसार फैक्ट्री का कर्ताधर्ता सलीम ही था। डोला पर एनसीबी ने दो माह पहले रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद से इंटरपोल उसकी तलाश कर रही थी। एनसीबी ने डोला पर 1 लाख का इनाम घोषित किया है। बगरौदा फैक्ट्री से जो केमिकल मिले वैसे ही जगदीशपुर फैक्ट्री से मिले बगरौदा स्थित फैक्ट्री से जो केमिकल जब्त हुए हैं, ठीक वैसे ही केमिकल जगदीशपुर में भी मिले हैं। इंटेलिजेंस के अनुसार फिलहाल सलीम डोला ने तुर्किए के इस्तांबुल में ठिकाना बना रखा है। राजधानी के जगदीशपुरा में मेफेड्रोन ड्रग्स फैक्ट्री का काम उसका भतीजा मुस्तफा कुब्बावाला देख रहा था। सलीम पहले दाउद के खास इकबाल मिर्ची का सहयोगी रह चुका है।

लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना का भारत दौरा, तय हुआ फ्रेंडली मैच

तिरुवनंतपुरम क्रिकेट के दीवाने देश भारत में फुटबॉल का बुखार चढ़ने वाला है। दुनिया के सर्वकालिक महान फुटबॉलर में शामिल लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम का भारत में दोस्ताना मैच खेलने का कार्यक्रम तय हो चुका है। इस साल नवंबर में मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना एक दोस्ताना मैच खेलने के लिए केरल पहुंचेगी। इसकी जानकारी राज्य के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी। खेल मंत्री ने बताया कि अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) की तरफ से आधिकारिक मेल के माध्यम से अर्जेंटीना टीम के केरल आकर दोस्ताना मैच खेलने की पुष्टि की है। मेसी के भारत आने की खबर ने भारत में फुटबॉल प्रेमियों में जोश और रोमांच भर दिया है। केरल में दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल टीम को लेकर बड़ी दीवानगी है। यहां मेसी और अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की बड़ी लोकप्रियता है। अब यह राज्य उस पल की तैयारी कर रहा है, जिसे कई लोग ‘सपना सच होने’ का क्षण कह रहे हैं। 2022 में फीफा विश्व कप जीतने के बाद अर्जेंटीना फुटबॉल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में केरल के फुटबॉल फैंस को विशेष धन्यवाद दिया था। केरल फुटबॉल संघ (केएफए), अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के साथ मिलकर, आयोजन स्थल के चयन सहित अंतिम तैयारियों पर काम कर रहा है। मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में हो सकता है। यह आगामी मैच 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफायर से पहले अर्जेंटीना के तैयारी कार्यक्रम का हिस्सा होगा। कतर में 2022 में अर्जेंटीना को विश्व कप दिलाने वाले लियोनेल मेसी के टीम की कप्तानी करने की उम्मीद है, हालांकि टीम की सूची की औपचारिक पुष्टि मैच की तारीख के करीब आने पर ही की जाएगी। राज्य सरकार से भी सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आतिथ्य सत्कार की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सहयोग की उम्मीद है। पर्यटन अधिकारियों का मानना है कि लियोनेल मेसी के आगमन से केरल की अंतरराष्ट्रीय छवि को बढ़ावा मिलेगा और देश-दुनिया भर से प्रशंसक और पर्यटक आकर्षित होंगे। केरल सरकार ने दोस्ताना मैच के लिए विशेष तौर पर अर्जेंटीना टीम को निमंत्रण भेजा था।  

बिल्डिंग मटेरियल सस्ता, घर बनवाने का सपना हुआ आसान, सरिया के भाव में आई गिरावट

नई दिल्ली अपने घर का सपना आखिर किसका नहीं होता, हर कोई जी-तोड़ मेहनत करके पैसा जुटाता है और फिर इनसे अपने सपनों का आशियाना तैयार कराता है. लेकिन आज के समय में ये सपना सबसे महंगे सौदों में से एक बन चुका है और जमीन खरीदने से लेकर उस पर अपने मन मुताबिक कंस्ट्रक्शन कराने पर मोटा पैसा खर्च होता है. ऐसे में कई लोग इंतजार करते हैं कि House Construction में इस्तेमाल होने वाले बिल्डिंग मैटेरियल्स के दाम कम हों तब खरीदें. अगर आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है, क्योंकि कंस्ट्रक्शन में सबसे अहम रोल निभाने वाले सरिया की कीमतों में गिरावट (Sariya Rate Fall) आई है और दिल्ली, गोवा, चेन्नई समेत कई शहरों में ये सस्ता हो गया है.   कंस्ट्रक्शन के खर्च में उतार-चढ़ाव लाता है सरिया House Construction पर होने वाले खर्च में सरिया बड़ा किरदार निभाता है और ये महंगे सामानों में से एक है. आखिर हो भी क्यों न आखिर आपके सपनों के आशियाने की मजबूती के लिए सरिया जरूरी जो है. इसकी कीमतों में घट-बढ़ का सीधा असर कंस्ट्रक्शन पर होने वाले खर्च पर पड़ता है. फिलहाल ये सस्ता मिल रहा है, जो अभी खरीद कर रख लेने से अपके हाउस कंस्ट्रक्शन की लगात में कमी आ सकती है.  दरअसल, बरसात के चलते इसकी कीमतों में कमी आई है और हो सकता है कि फिर इसका दाम बढ़ जाए. महज दो महीनों से भी कम समय में दिल्ली में Sariya Price 1000 रुपये प्रति मीट्रिक टन, मुज्जफरनगर में ये 1300 रुपये प्रति मीट्रिक टन सस्ता हुआ है. आइए अन्य शहरों में इसकी कीमतों में आए बदलाव पर नजर डालते हैं.  शहर (राज्य) 28 जून 2025 (प्रति मीट्रिक टन) 22 अगस्त 2025 (प्रति मीट्रिक टन) रायपुर 40,200 रुपये 39,900 रुपये रायगढ़ 40,000 रुपये 39,700 रुपये मुज्जफरनगर 43,300 रुपये 42,000 रुपये भावनगर 44,800 रुपये 44,800 रुपये दुर्गापुर (WB) 40,200 रुपये 40,000 रुपये कोलकाता 40,700 रुपये 40,500 रुपये गोवा 44,500 रुपये 44,200 रुपये जयपुर 43,300 रुपये 42,700 रुपये दिल्ली 44,600 रुपये 43,000 रुपये राउरकेला 41,000 रुपये 40,700 रुपये चेन्नई 46,000 रुपये 45,500 रुपये जालना 44,300 रुपये 43,800 रुपये इंदौर में 28 जून 2025 को सरिया 44,800 रुपये प्रति मीट्रिक टन चल रहा था, जो कि अब 45000 रुपये पर पहुंच गया है. वहीं मुंबई में भी सरिया की कीमतों में इजाफा देखने को मिला है, जहां प्रति मीट्रिक टन Sariya 43,700 रुपये से बढ़कर 45,700 रुपये का हो गया है.  घर बैठे चेक कर सकते हैं अपने शहर में भाव सरिया की कीमतों में (Sariya Rates) में हर रोज बदलाव होता है और अपने शहर में इसके भाव के बारे में लेटेस्ट अपडेट आप घर बैठे पता कर सकते हैं. दरअसल, आयरनमार्ट की वेबसाइट (ayronmart.com) पर जाकर ताजा रेट और इसमें गिरावट या बढ़ोतरी की पूरी जानकारी देखा जा सकता है. यहां ध्यान रहे कि इस पर बताई गई कीमतें सरिया पर लगने वाले 18 फीसदी जीएसटी से अलग होती है और इसके जुड़ने से ये बढ़ जाती हैं.

यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं: अचानक 26 ट्रेनों की रद्दीकरण से मचा हड़कंप

रायपुर  रेल यात्रियों के लिए बुरी खबर है. अगर आप भी त्यौहारी सीजन में रेल सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके काम की साबित हो सकती है. आज से 27 अगस्त तक 26 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है. वहीं 2 ट्रेने रूट बदल कर चलेंगी. इसके अलावा 3 ट्रेनें आधे रास्ते ही रोक दिया जाएगा. रेलवे के इस फैसले के बाद झारखंड जैसे अन्य राज्यों के यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. रेलवे ने जानकारी दी कि बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना का काम तेजी से चल रहा है. अभी तक 206 किमी चौथी लाइन में से 150 किमी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है. इस दौरान रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और रायगढ़-झारसुगुड़ा सेक्शन पर विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा. इसी वजह से 23 से 27 अगस्त तक अलग-अलग दिनों में 26 ट्रेनें कैंसिल रहेगी. ये ट्रेने रहेंगी कैंसिल 23 से 26 अगस्त तक टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस. 24 से 27 अगस्त तक बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस. 23 अगस्त को सांतरागाछी-पुणे. 25 अगस्त को पुणे-सांतरागाछी. 24 अगस्त को मुंबई-हावड़ा मेल. 25 अगस्त को हटिया-पुणे एक्सप्रेस. 27 अगस्त को पुणे-हटिया एक्सप्रेस. 27 अगस्त को पूरी-जोधपुर. 30 अगस्त को जोधपुर-पूरी. 23 अगस्त को उदयपुर-शालीमार . 24 अगस्त को शालीमार-उदयपुर. 27 अगस्त को गया-कुर्ला एक्सप्रेस. 29 अगस्त को कुर्ला-गया एक्सप्रेस. 27 अगस्त को पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस. 29 अगस्त को शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस. 22 अगस्त को वास्को-द-गामा-जसीडीह एक्सप्रेस. 25 अगस्त को जसीडीह-वास्को-द-गामा एक्सप्रेस. 24 अगस्त को रक्सौल-हैदराबाद. 23, 25 और 26 अगस्त को कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस. 25, 27 और 28 अगस्त को शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस. 24 और 27 अगस्त को रायगढ़-बिलासपुर मेमू . 24 और 27 अगस्त को बिलासपुर-रायगढ़ मेमू . 24 और 27 अगस्त को रायगढ़-बिलासपुर मेमू . 23 और 26 अगस्त को बिलासपुर-रायगढ़ मेमू. इन ट्रेनों का बदला रूट 23 अगस्त को हावड़ा-पुणे दूरंतो एक्सप्रेस झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, लाखोली, रायपुर होकर चलेगी. 25 अगस्त को पुणे-हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस रायपुर, लाखोली, टिटलागढ़, झारसुगुड़ा होकर चलेगी. 3 ट्रेनें आधे रास्ते ही रोक दिया जाएगा 24 से 27 अगस्त तक गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी. 23, 25,26 अगस्त को निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर में ही समाप्त होगी. 25, 27, 28 अगस्त को रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना बिलासपुर से ही रवाना होगी. 31 अगस्त से 15 सितंबर तक ये एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस 30 अगस्त से 2 सितंबर तक रद्द. 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 31 अगस्त से 3 सितंबर तक रद्द. 18109 टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 3 सितंबर को रद्द. 18110 इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस 3 सितंबर को रद्द. 20822 सांतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस 30 अगस्त को रद्द. 20821 पुणे-सांतरागाछी एक्सप्रेस 1 सितंबर को रद्द. 22512 कामाख्या-कुर्ला एक्सप्रेस 31 अगस्त को रद्द. 22511 कुर्ला-कामाख्या एक्सप्रेस 2 सितंबर को रद्द. 22846 हटिया-पुणे एक्सप्रेस 29 अगस्त और 1 सितंबर को रद्द. 22845 पुणे-हटिया एक्सप्रेस 31 अगस्त और 3 सितंबर को रद्द. 20813 पूरी-जोधपुर एक्सप्रेस – 27 अगस्त को रद्द. 20814 जोधपुर-पूरी एक्सप्रेस 30 अगस्त को रद्द. 20971 उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस 30 अगस्त को रद्द. 20972 शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस 31 अगस्त को रद्द. 13425 मालदा-सूरत एक्सप्रेस 30 अगस्त को रद्द. 13426 सूरत-मालदा एक्सप्रेस 1 सितंबर को रद्द. 12905 पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस 27 और 28 अगस्त को रद्द. 12906 शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस 29 और 30 अगस्त को रद्द. 17321 वास्को-द-गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 29 अगस्त को रद्द. 17322 जसीडीह-वास्को-द-गामा एक्सप्रेस – 1 सितंबर को रद्द. 22843 बिलासपुर-पटना एक्सप्रेस 29 अगस्त को रद्द. 22844 पटना-बिलासपुर एक्सप्रेस 31 अगस्त को रद्द. 12262 हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस – 2 सितंबर को रद्द. 12261 मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस 3 सितंबर को रद्द. 12101 कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस 29 अगस्त को रद्द. 12102 शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस 31 अगस्त को रद्द. ये पैसेंजर (MEMU) ट्रेनें रद्द 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू – 31 अगस्त से 15 सितंबर तक रद्द. 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू – 31 अगस्त से 15 सितंबर तक रद्द. 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू – 31 अगस्त से 15 सितंबर तक रद्द. 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू 30 अगस्त से 14 सितंबर तक रद्द.