samacharsecretary.com

खेत में टमाटर तोड़ने घुसे पिता-पुत्र आए करंट की चपेट में, दोनों की मौत

कवर्धा जिले के रणवीरपुर चौकी अंतर्गत कोहड़िया गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में लगे हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जहुरु निषाद और उसका बेटा श्रवण निषाद खेत में टमाटर चोरी करने घुसे थे. इसी दौरान खेत मालिक विशाल पटेल के फसल की सुरक्षा के लिए चारों ओर लगाए गए हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.सुबह जब खेत मालिक खेत पर पहुंचा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े मिले. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहारा भेज दिया. इधर घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

लगातार बारिश से बिगड़े हालात, बच्चों की छुट्टी घोषित

बहराइच यूपी के बहराइच में भारी बारिश को देखते हुए आज यानी मंगलवार को कक्षा एक से लेकर आठ तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने सभी स्कूलों को इस पर अमल करने के निर्देश जारी किए हैं। नेपाल व तराई के पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश का असर अब दिखने लगा है। जिले में सरयू नदी उफान पर है, एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। बीती रात चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी बैराज से सरयू नदी में छोड़े गए 1.70 लाख क्यूसेक पानी और अन्य बैराजों से कुल मिलाकर छोड़े गए 3.10 लाख क्यूसेक पानी ने जिले के तटीय गांवों में बाढ़ का संकट खड़ा कर दिया है। मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के करीब 13 गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। इनमें जंगल गुलरिया ग्राम पंचायत के संपत पुरवा, धर्मपुर रेतिया, रामपुर रेतिया और सुजौली ग्राम पंचायत के खैरीपुरवा, टिलवा व श्रीराम पुरवा गांवों में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर हो गई है। गावों में तेजी से घुस रहा बाढ़ का पानी इसी तरह सुजौली के दिलवा, मुजवा व खैरीपुरवा में तेजी से बाढ़ का पानी घुस रहा है। ऐसे ही महसी के पूरे प्रसाद व जानकीनगर में लोगों के घरों में पानी घुस चुका है, जबकि दलकारा गांव की ओर बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रातभर पानी खेतों में भरता रहा और सुबह होते-होते लोगों को अपने घर छोड़कर ऊंचे स्थानों की ओर जाना पड़ा। ग्रामीण अपने साथ जरूरी सामान, मवेशी और बच्चों को लेकर अस्थायी ठिकानों की ओर निकल चुके हैं। बाढ़ के पानी की तेज रफ्तार ने गांवों में अफरा-तफरी मचा दी है। कैसरगंज और महसी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में भी सरयू नदी का पानी तेजी से फैल रहा है। खेतों में पानी भरने लगा है और ग्रामीणों के चेहरों पर डर साफ देखा जा सकता है। यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो ये क्षेत्र भी पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। प्रशासन ने किए दावे, पर अब तक मदद नहीं पहुंची बाढ़ की सूचना मिलते ही एसडीएम मिहींपुरवा प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचने और रेस्क्यू टीम भेजने की बात कही है। प्रशासनिक टीम ने प्रभावित गांवों का निरीक्षण शुरू कर दिया है और दावा किया है कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी तक किसी तरह की मदद उन्हें नहीं मिल पाई है। हालात खुद संभालने पड़ रहे हैं। बढ़ते जलस्तर और ग्रामीणों के पलायन को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति तेजी से बिगड़ रही है। यदि प्रशासन समय रहते प्रभावी राहत कार्य नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में यह बाढ़ जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर सकती है।

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की कोर्ट में पेशी, अब 3 सितंबर को अगली सुनवाई

हिसार   पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा आज 95 दिन के बाद जेल से बाहर आई और हिसार की अदालत में उसकी पेशी हुई. अब 3 सितंबर को मामले में अगली सुनवाई होगी.पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को सोमवार (25 अगस्त) को हिसार कोर्ट में पेश किया गया। वह 95 दिन बाद जेल से बाहर आकर कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हुई। ये उसकी 10वीं पेशी थी। कोर्ट से लौटते वक्त उसने हाथ हिलाया। ज्योति मल्होत्रा की पेशी : पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा 95 दिनों के बाद जेल से बाहर आई. इससे पहले ज्योति मल्होत्रा 22 मई को व्यक्तिगत तौर पर कोर्ट में पेश हुई थी. हिसार पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा को आज हिसार कोर्ट में पेश किया. इस दौरान अदालत में ज्योति मल्होत्रा की ओर से एडवोकेट कुमार मुकेश ने कोर्ट के सामने अपनी बातें रखी. ज्योति मल्होत्रा की आज हिसार कोर्ट में पेशी 3 सितंबर को होगी अगली सुनवाई : एडवोकेट कुमार मुकेश ने बताया कि ज्योति मल्होत्रा को अब 3 सितंबर को कोर्ट में फिजिकल तौर पर पेश किया जाएगा. अगली सुनवाई 3 सितंबर को होगी. पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा केस की जांच करते हुए 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. आपको बता दें कि जासूसी के आरोप में ज्योति मल्होत्रा को 15 मई को घर से गिरफ्तार किया गया था. तभी से ज्योति मल्होत्रा जेल में है. पुलिस सोर्सेज से चार्जशीट को लेकर 5 अहम खुलासे हुए..     सवालों के सीधे जवाब नहीं देती, डेटा डिलीट किया: चार्जशीट को लेकर जांच का हिस्सा रहे एक अधिकारी ने बताया कि ज्योति काफी शातिर है और वह सवालों के सीधे जवाब नहीं देती। यहां तक कि गिरफ्तारी का उसे पहले ही आभास हो गया था, इसलिए उसने कुछ डेटा डिलीट कर दिया था।     भागने से पहले पकड़ी गई ज्योति मल्होत्रा: गिरफ्तार होने की सूचना उसको पाकिस्तानी एजेंटों ने ही पहुंचाई। इस सूचना के मिलते ही वह भागने की तैयारी कर थी, लेकिन इससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया। ज्योति ने जो डेटा डिलीट किया, उसमें से कुछ रिकवर कर लिया गया है, लेकिन कुछ रिकवर होना बाकी है।     राजस्थान में आर्मी कैंप के वीडियो भी पहुंचाए: ज्योति ने न केवल कश्मीर डैम के वीडियो बनाए बल्कि राजस्थान के बॉर्डर एरिया में जाकर सैन्य शिविरों के भी वीडियो पाकिस्तानी एजेंटों तक पहुंचाए। वह लगातार पाकिस्तानी एजेंटों से बातचीत करती थी।     इंडियन ट्रैवल एडवाइजरी का उल्लंघन किया: पुलिस का दावा है कि ज्योति को पाकिस्तान यात्रा से पहले ही ट्रैवल एडवाइजरी बता दी गई थी। इसके बावजूद ज्योति ने उसका उल्लंघन किया। पाकिस्तानी एजेंटों से नंबर शेयर किए। उनसे मीटिंग भी की।     4 पाकिस्तानी एजेंटों से लगातार टच में थी ज्योति: पुलिस का दावा है कि ज्योति के मोबाइल फोन से पाकिस्तान उच्चायोग के अफसर एहसान-उर-रहीम दानिश अली के साथ व्यापक बातचीत का पता चला है। इसके अलावा आईएसआई के गुर्गे शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लों के साथ नियमित संपर्क का भी पता चला है। पुलिस की गाड़ी में ज्योति मल्होत्रा  "ज्योति पर लगे आरोप गलत" : ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा अपनी बेटी पर लगे आरोपों को गलत बता चुके हैं. वे उससे कई बार जेल जाकर मिल भी चुके हैं. वे राष्ट्रपति को पत्र लिखकर न्याय की गुहार भी लगा चुके हैं. ज्योति मल्होत्रा केस में अब तक क्या-क्या हुआ ? :     16 मई को ज्योति मल्होत्रा को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया     ज्योति मल्होत्रा को पुलिस ने पांच दिन की रिमांड पर लिया     22 मई को पुलिस ने दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया था     26 मई को हिसार के कोर्ट ने ज्योति को न्यायिक हिरासत में भेजा     9 जून को ज्योति की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई     ज्योति को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     10 जून को ज्योति की जमानत याचिका लगाई गई     11 जून को ज्योति की जमानत याचिका खारिज की गई     23 जून को ज्योति की कोर्ट में पेशी, 7 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया     7 जुलाई को ज्योति मल्होत्रा की वीसी से सुनवाई, न्यायिक हिरासत में भेजा गया     21 जुलाई को ज्योति मल्होत्रा की वीसी से सुनवाई, न्यायिक हिरासत में भेजा गया     4 अगस्त को ज्योति मल्होत्रा की वीसी के जरिए पेशी, फिर से न्यायिक हिरासत में भेजा गया     5 अगस्त को ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई     14 अगस्त को पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ 2500 पेज की चार्जशीट पेश की     18 अगस्त को ज्योति मल्होत्रा की फिर से पेशी, न्यायिक हिरासत में भेजा गया     25 अगस्त को फिजिकल पेशी, अब 3 सितंबर को होगी अगली सुनवाई 

पीएम-सीएम हटाने वाले बिल पर अमित शाह ने जताई कड़ी नाराजगी, विपक्ष पर निशाना

नई दिल्ली संसद में पेश किए गए संविधान (130वां संशोधन) विधेयक पर जारी विवाद के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस बिल का विरोध करके लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है और जनता को बताना चाहिए कि क्या कोई मुख्यमंत्री (CM), प्रधानमंत्री (PM) या मंत्री जेल से सरकार चला सकता है. उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि उन्हें जेल से सरकार चलाने का विकल्प मिले. अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा, "आज भी ये कोशिश कर रहे हैं कि अगर कभी जेल गए तो जेल से ही आसानी से सरकार बना लेंगे. जेल को ही CM हाउस, PM हाउस बना देंगे और DGP, मुख्य सचिव, कैबिनेट सचिव या गृह सचिव जेल से ही आदेश लेंगे." गृह मंत्री ने साफ कहा कि इस बिल के प्रावधान लोकतंत्र की गरिमा के लिए आवश्यक हैं. उनके मुताबिक, अगर कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री गंभीर आरोपों में गिरफ्तार होता है और 30 दिन के भीतर उसे जमानत नहीं मिलती, तो उसे पद छोड़ना होगा. उन्होंने पूछा, "अगर जमानत मिल जाती है तो वे वापस शपथ लेकर पद संभाल सकते हैं, लेकिन जेल से सरकार चलाना क्या लोकतंत्र के लिए उचित है?" 'पीएम मोदी ने PM के पद को शामिल करने पर दिया जोर' अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस बिल में PM का पद शामिल करने पर जोर दिया. उन्होंने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने 39वें संशोधन में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और स्पीकर को न्यायिक समीक्षा से बाहर रखा था, लेकिन मोदी सरकार इसके उलट कदम उठा रही है. विपक्ष द्वारा संसद में बिल पेश करने से रोकने पर शाह ने कहा, "क्या संसद केवल शोरगुल के लिए है या बहस के लिए? हमने भी अतीत में विरोध किया है लेकिन किसी बिल को पेश ही न होने देना अलोकतांत्रिक मानसिकता है. विपक्ष को इसका जवाब जनता को देना होगा." अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा कांग्रेस पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि जब मनमोहन सिंह सरकार ने लालू यादव को बचाने के लिए अध्यादेश लाया था, तब राहुल गांधी ने उसे सार्वजनिक रूप से फाड़ दिया था. उन्होंने पूछा, "अगर उस दिन नैतिकता थी, तो क्या आज नहीं है क्योंकि कांग्रेस लगातार तीन चुनाव हार चुकी है?" AAP नेता सत्येंद्र जैन और कांग्रेस द्वारा RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव को समर्थन देने का हवाला देते हुए शाह ने विपक्ष पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह सरकार के अध्यादेश को बकवास बताया और फाड़ दिया, लेकिन आज वही कांग्रेस, सरकार बनाने के लिए लालू यादव को गले लगा रही है." गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के 'ब्लैक बिल' कहकर विरोध करने पर कहा कि वे और बीजेपी पूरी तरह इस विचार को खारिज करते हैं कि देश को किसी एक व्यक्ति के बिना चलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा, "एक सदस्य हटेगा तो पार्टी के अन्य सदस्य सरकार चलाएंगे. जब उन्हें जमानत मिलेगी, वे फिर से पद ग्रहण कर सकते हैं. इसमें आपत्ति क्या है?" उन्होंने उम्मीद जताई कि विधेयक पारित होगा और कांग्रेस और विपक्ष में भी कई लोग नैतिक आधार पर इसे समर्थन देंगे.

आगर मालवा: सियासी उलटफेर, नगर परिषद अध्यक्ष ने बदला पार्टी दामन

आगर मालवा मध्य प्रदेश के आगर मालवा की नगर परिषद सुसनेर में बड़ा सियासी उलटफेर सामने आया है। नगर परिषद सुसनेर की अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। बताया जाता है कि विधायक भैरोसिंह परिहार एवं अन्य कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में लक्ष्मी सिसोदिया ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। पार्षदों ने खोला था मोर्चा दरअसल, नगर परिषद की अध्यक्ष लक्ष्मी सिसोदिया के खिलाफ दो दिन पहले तक भाजपा और कांग्रेस के पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में थे। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने सिसोदिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू की थी। दोनों दल के पार्षदों ने अध्यक्ष लक्ष्मी सिसोदिया पर भ्रस्टाचार के आरोप लगाते हुए पद छोड़ने को लेकर मुहिम चला रखी थी। इसके लिए कलेक्टर कार्यलय समेत एसडीएम को पत्र भी लिखा जा चुका था। कलेक्टर कार्यालय में दिया था आवेदन इन पार्षदों ने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दिया था। शनिवार को इन्हीं पार्षदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिसोदिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। सुसनेर में 15 पार्षद हैं। इनमें से 12 पार्षदों ने अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। पार्षदों ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लागते हुए अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू की थी। इसमे भाजपा के 8 और कांग्रेस के 4 पार्षद शामिल थे। ई-रिक्शा ओर डीजल घोटाले के आरोप शनिवार को रेस्ट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्षदों ने ई रिक्शा से लेकर डीजल घोटाले के आरोप लगाए थे। पार्षदों का आरोप था कि अध्यक्ष और उनके परिजनों के निजी वाहनों में नगर परिषद से डीजल भरवाया गया। इसके सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। पार्षदों का आरोप था कि एक व्यक्ति से नौकरी के नाम पर 1 लाख रुपए लिए गए। घोटाले का आरोप पार्षदों का दावा था कि उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने लाखा प्रवेश द्वार को बेच दिया गया है। ई-रिक्शा कचरा वाहन खरीदी में घोटाला हुआ है। लोकायुक्त की जांच में इसकी पुष्टि हुई है। हाथ ठेला कचरा गाड़ी में भी गबन किया गया है। धार्मिक ग्रंथ ओर देवी देवताओं की खाई कसम प्रेस वार्ता के बाद सभी पार्षदों ने धार्मिक ग्रंथों और देवी-देवताओं की कसम खाकर अध्यक्ष को हटाने का संकल्प लिया था। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र सांवला ने बताया कि नगर परिषद कार्यालय से एलईडी लैंप चोरी का मामला दर्ज है। नए बसस्टैंड तालाब से जलकुंभी हटाने पर लाखों खर्च किए गए। जलकुंभी कंठाल नदी में फैलकर किटखेड़ी तक पहुंच गई है। इससे नलजल योजना का पानी दूषित हो रहा है। एक दिन पहले हुई थी प्रेस कॉन्फ्रेंस  सुसनेर डाक बंगला स्थित विश्राम गृह पर आयोजित प्रेस वार्ता में सत्तापक्ष के भीतर गहराते असंतोष को को लेकर पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने एक स्वर में अध्यक्ष पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्हें कुर्सी से हटाने की कसम खाई। उनको कहना था कि अब उनका धैर्य जवाब दे चुका है। वे अध्यक्ष को हटाने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। इस बार विपक्षी कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा के पार्षद भी अध्यक्ष के विरोध में खड़े दिख रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए आरोप प्रेस वार्ता के दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि परिषद में ई-रिक्शा की खरीदी से लेकर लोहे की हाथ गाड़ियों, एलईडी लाइटों और मरम्मत कार्यों में बड़े पैमाने पर कथित तौर पर अनियमितताएं हुई हैं। पार्षदों ने कहा कि मरम्मत के नाम पर दो वर्षों में लगभग 20 लाख रुपए का भुगतान किया गया, लेकिन सुधार कार्य कहीं दिखाई नहीं दे रहे। लक्ष्मी सिसोदिया ने नकारे आरोप सुसनेर पार्षदों के आरोपों को परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया सिरे से नकार दिया। उनका कहना है कि पार्षदों के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। विकास और निर्माण कार्य नियमानुसार हुए हैं। विधायक भैरोंसिंह परिहार ने कहा कि सिसोदिया को उनकी ही पार्टी के लोग पद से हटाने की कोशिश कर रहे थे। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी।

सड़क किनारे बोरियों से बरामद हुई 2 लाशें, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर/बिलासपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार को बोरी में भरी हुई लाशें मिली है. संदिग्ध परिस्थियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है. रायपुर में बोरी में युवक की मिली लाश राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह युवक की बोरी में लाश मिली है. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है. न्यायधानी में बोरी में महिला की लाश बरामद बिलासपुर जिले के शिवटिकरी गांव में नदी किनारे महिला की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिली है. बोरी में भरी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. डेड बॉडी को लेकर स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जता रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. मृतिका की शिनाख्त करने में पुलिस जुटी हुई है.

इंदौर में बड़े बदलाव की तैयारी, शहर को आर्थिक शक्ति बनने का लक्ष्य

इंदौर  मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर आने वाले पांच वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छूने जा रही है। शहर की जीडीपी को दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है। इस दिशा में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रमुख विभागों, विशेषज्ञों और स्टेकहोल्डर्स ने हिस्सा लिया। फार्मा और मेडिकल टूरिज्म पर जोर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत" और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के "प्रगतिशील मध्यप्रदेश" के सपनों को पूरा करने में इंदौर अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि फार्मा इंडस्ट्री और मेडिकल टूरिज्म को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इंदौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए मेडिकल सुविधाओं और अस्पतालों का विस्तार किया जाएगा। ऑटोमोबाइल, आईटी और स्टार्टअप्स को बढ़ावा प्रस्तुति के दौरान सांसद लालवानी ने कहा कि ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर को ग्रीन एनर्जी के साथ बढ़ावा देकर इंदौर को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाया जाएगा। आईटी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत कर युवाओं को इनोवेशन और रिसर्च आधारित शिक्षा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि फूड प्रोसेसिंग और नमकीन उद्योग को भी वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की योजना है। कलेक्टर का बयान कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि यह अभियान शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और सभी विभागों के आपसी तालमेल से ही सफल हो पाएगा। उन्होंने पारंपरिक व्यवसायों को ग्लोबल ब्रांड बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर व ट्रांसपोर्टेशन को मजबूत करने पर जोर दिया। रेल, रोड और एयर कनेक्टिविटी को सशक्त कर इंदौर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ा जाएगा। अर्थशास्त्रियों के सुझाव डॉ. जयंतीलाल भंडारी ने कहा कि इंदौर देश का पहला ऐसा शहर बन सकता है, जो पांच वर्षों में अपनी जीडीपी को दोगुना करे। उन्होंने सुझाव दिया कि निर्यात-उन्मुख उद्योगों, उच्च मूल्यवर्धन वाले सेक्टर और विदेशी निवेश को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई। साझा संकल्प और आगे की दिशा बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इंदौर को देश का "आर्थिक ग्रोथ इंजन" बनाने की दिशा में अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक क्षेत्रों पर फोकस, नई तकनीक, शिक्षा, कनेक्टिविटी, औद्योगिक विस्तार और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने का रोडमैप तैयार किया जाएगा। अधिकारियों और विशेषज्ञों की मौजूदगी बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ आर.पी. अहिरवार, रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. जयंतीलाल भंडारी और डॉ. अनिल भंडारी भी शामिल हुए। 

गौसेवा की दान पेटी चोरी, थाने के सामने घटी वारदात से पुलिस पर सवाल

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में चोर ने पुलिस थाने के सामने ही दिन-दहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित महावीर थाली रेस्टोरेंट में रखी गई गौसेवा दान पेटी को एक बुजुर्ग चोर दिनदहाड़े लेकर फरार हो गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि चोर पहले काउंटर पर रखी सौंफ खाता है और फिर मौके का फायदा उठाकर बेहद आराम से दान पेटी लेकर भीड़ में गायब हो जाता है. रेस्टोरेंट संचालक ने चोरी की शिकायत तत्काल कोतवाली थाने में दर्ज करवाई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बुजुर्ग की तलाश कर रही है. वहीं थाने के ठीक सामने हुई इस चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

महिला सी-2500 मीटर कयाकिंग में दीपिका का कमाल, रजत पदक से सीहोर की बढ़ी शान

 सीहोर कभी पिता का कर्ज चुकाने के लिए नाव चलाने वाली सीहोर जिले की मंडी गांव की 15 वर्षीय बेटी दीपिका ढीमर ने आज पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया। जम्मू-कश्मीर की डल झील में आयोजित 'प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025' में दीपिका ने महिला वर्ग सी-2500 मीटर कयाकिंग-केनोइंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सीहोर का नाम रोशन किया। 21 से 23 अगस्त तक चले इस फेस्टिवल में मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स केनो स्लालम और रोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते। झील की लहरों पर हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले खिलाड़ियों की मेहनत और कौशल का साक्षात उदाहरण बने। कर्ज चुकाने नाव चलाती थीं बेटियां दीपिका और उनकी बड़ी बहन कावेरी ढीमर का बचपन संघर्ष से भरा रहा। कभी वे इंदिरा सागर बांध के किनारे नाव चलाकर मछलियां पकड़ा करती थीं, ताकि पिता का कर्ज उतारा जा सके। वही नाव चालन आज उनकी ताकत बन गया और खेल की दिशा में उनकी नई पहचान गढ़ी। बहन कावेरी बनी प्रेरणा दीपिका की बड़ी बहन कावेरी ढीमर पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियन हैं। महज 13 साल की उम्र में कावेरी ने वॉटर स्पोर्ट्स की शुरुआत की और अब नौसेना में भी उनका चयन हो चुका है। कावेरी ने ही दीपिका को अकादमी से जोड़कर खेल की राह दिखाई। दोनों बहनों की यह प्रेरणादायक कहानी पूरे प्रदेश की बेटियों के लिए मिसाल है। प्रदेश को गौरवान्वित किया खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के समापन पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह जीत मध्यप्रदेश के खेल भविष्य की नई दिशा तय करेगी। दीपिका और प्रगति शर्मा की जोड़ी ने महिला वर्ग में पदक जीतकर प्रदेश की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। सीहोर की पहचान बनी 15 वर्षीय दीपिका अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुकी हैं। उनकी सफलता न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। संघर्षों से निकली यह बेटी आज सीहोर की पहचान बन गई है। 

प्यार का खौफनाक अंत : 67 वर्षीय प्रेमी ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी

धमतरी शक, अफेयर और मर्डर! छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से 67 साल के आशिक द्वारा 37 साल छोटी प्रेमिका की हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या की वजह शक होना बताया गया है। बुजुर्ग बॉयफ्रेंड को इस बात का शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी अन्य के साथ अफेयर चल रहा है। इसलिए उसने मौका पाकर चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी। पूरा मामला धमतरी जिले के करेली बड़ी चौकी इलाके का है। बुजुर्ग बॉयफ्रेंड का नाम जगन्नाथ मारकंडे है। वह हसदा गांव का रहने वाला है। पेशे से किसान जगन्नाथ के ऊपर 30 साल की अपनी प्रेमिका पुष्पा मारकंडे की हत्या का आरोप है। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दरअसल महिला का पति बीती साल से जेल में बंद था। तब से जगन्नाथ का महिला के घर आना-जाना लगा रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दूरियां कम हुईं और प्रेम संबंध बढ़ने लगा। मगर सब कुछ ठीक नहीं रहा। बुजुर्ग बॉयफ्रेंड को अपनी प्रेमिका पर शक होने लगा। उसे शक था कि उसकी प्रेमिका किसी अन्य के साथ भी अवैध संबंध बनाए हुए है। जगन्नाथ ने इसी शक के चलते अपनी प्रेमिका की चाकू से गोद गोदकर हत्या कर दी। उसने महिला की पीठ और पेट पर कई वार किए। इस दौरान महिला का बेटा भी मौजूद था। उसने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया तो उसे भी चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे को मगरलोड अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।