samacharsecretary.com

स्मार्टफोन जगत में हलचल! Realme का नया हैंडसेट बना पावरहाउस, बैटरी बैकअप 90 दिन

नई दिल्ली Realme ने दो नए स्मार्टफोन्स का कॉन्सेप्ट पेश किया है, जो अनोखे और दमदार फीचर्स के साथ आते हैं. ब्रांड ने चीन में हुए 828 फैन फेस्टिवल में दोनों ही कॉन्सेप्ट फोन्स को रिवील किया है. इसमें एक फोन 15000mAh की बैटरी के साथ आता है. ये अब तक की किसी फोन में मिलने वाली सबसे बड़ी बैटरी है. ब्रांड ने इस साल की शुरुआत में भी एक कॉन्सेप्ट फोन को पेश किया था, जो 10000mAh की बैटरी से लैस था. कंपनी का कहना है कि 15000mAh बैटरी वाले फोन पर 50 घंटे तक वीडियो प्लेबैक किया जा सकेगा. साथ ही कंपनी ने Chill Fan फोन को पेश किया है. इस स्मार्टफोन में एक फैन लगा हुआ है. आइए जानते हैं इसकी डिटेल्स. क्या है इन फोन्स में खास? Realme 828 फैन फेस्टिवल लाइवस्ट्रीम में कंपनी ने 15000mAh बैटरी वाला स्मार्टफोन दिखाया है. कंपनी इस फोन को पोर्टेबल पावर स्टेशन की तरह बता रही है. इस फोन का इस्तेमाल आप दूसरे स्मार्टफोन और वियरेबल को चार्ज करने में कर सकते हैं. रियलमी के वाइस प्रेसिडेंट Chase Xu की मानें, तो यूजर्स सिंगल चार्ज में इस फोन पर बैक-टू-बैक 25 मूवी देख सकते हैं. सिंगल चार्ज में इस डिवाइस पर 18 घंटे की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है, 30 घंटे गेम खेल सकते हैं या 5 दिनों तक नॉर्मल यूज कर सकते हैं. फ्लाइट मोड में ये तीन महीने का स्टैंड बाय टाइम ऑफर करेगा. क्या होंगे स्पेसिफिकेशन्स? हालांकि, इस फोन के स्पेसिफिकेशन्स के बारे में कंपनी ने ज्यादा जानकारी नहीं दी है. रिपोर्ट्स की मानें, तो ये हैंडसेट Android 15 पर काम करेगा. इसमें MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिया जाएगा, जो 12GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आएगा. इसके साथ ही कंपनी ने Realme Chill फोन को अनवील किया है. इस फोन में बिल्ट-इन कूलिंग फोन होगा. ब्रांड इसे बिल्ट-इन AC बता रहा है. टीजर वीडियो में एक वेंट ग्रिल हैंडसेट के फ्रेम पर दिख रहा है. कंपनी की मानें, तो ये फैन स्मार्टफोन को 6 डिग्री सेल्सियस तक घंटा करेगा.

सरकार से नाराज NHM स्टाफ, सिर मुंडवाकर जताया आक्रोश

सूरजपुर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 16 हजार से ज्यादा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी बीते 18 अगस्त से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. मोदी की गारंटी को आधार बनाते हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है. सरकार की अनदेखी से नाराज कर्मचारियों का हड़ताल आज 11 वें दिन भी जारी है. सूरजपुर बस स्टैंड के पास NHM कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज सिर मुंडवा कर विरोध प्रदर्शन किया है. बता दें, लगातार 11 दिनों से वे अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग जिलों में अलग-अलग ढंग से हड़ताल कर रहे हैं. बीते दिन बुधवार को मनेंद्रगढ़ में NHM कर्मचारियों ने PPE किट पहनकर बाजार में भीख मांगते हुए प्रदर्शन किया. ये वही किट है, जो कोरोना काल में पहनी जाती थी. वहीं स्वास्थ्य कर्मचारियों के लगातार हड़ताल पर रहने से अस्पतालों में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्वास्थ्य संबंधित व्यवस्थाओं में काफी असर पड़ रहा है. ‘मोदी की गारंटी खोज अभियान’ 29 अगस्त से सरकार की अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने अब शुक्रवार से ‘मोदी की गारंटी खोज अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है. इसके तहत सभी कर्मचारी राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर जुटेंगे और वहां से प्रदेशभर में इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे. संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा ने ‘मोदी की गारंटी’ का नारा देकर घोषणा पत्र जारी किया था. उसमें एनएचएम कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने का वादा किया गया था. लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने अब तक 160 से ज्यादा ज्ञापन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की. मजबूर होकर कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा. डॉ. मिरी ने कहा कि शुक्रवार 29 अगस्त को प्रदेशभर से कर्मचारी अपने-अपने जिलों से राजधानी की ओर कूच करेंगे. रास्ते में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में ‘मोदी की गारंटी खोज अभियान’ चलाया जाएगा. इसके लिए विशेष रुप से तैयार किये गए 2 लाख पंपलेट बांटे जाएंगे, जिनके जरिए लोग सरकार से पूछेंगे कि वादा की गई गारंटी आखिर कहां गायब हो गई. आंदोलनकारी कर्मचारी आम जनता, दुकानदारों और परिचितों से मिलकर अपनी पीड़ा भी साझा करेंगे.

भाजपा पर बरसीं ममता, बोलीं- जब तक जिंदा हूं वोटिंग अधिकार सुरक्षित रहेगा

कोलकाता  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को TMC छात्र परिषद की रैली में भाजपा पर जोरदार हमले किए हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि भाजपा 500 लोगों की टीम ले कर बंगाल आई है और लोगों का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लेकिन उनके होते हुए किसी भी बंगाली के मतदान के अधिकार को नहीं छीनने दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने ‘भाषाई आतंकवाद’ का भी जिक्र किया है। CM ममता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाषाई आतंकवाद को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोलकाता में छात्र शाखा की एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, "आपको खुद जांच करनी चाहिए कि आपका नाम अभी भी मतदाता सूची में है या हटा दिया गया है। आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपके पास आधार कार्ड हैं।" उन्होंने आगे कहा, "जब तक मैं ज़िंदा हूं, किसी को भी लोगों का मताधिकार नहीं छीनने दूंगी।" ममता बनर्जी ने इस दौरान चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य सरकार के अधिकारियों को धमका रहा है। उन्होंने दावा किया, "चुनाव आयोग हमारे अधिकारियों को धमका रहा है। आयोग का अधिकार क्षेत्र चुनाव के दौरान केवल तीन महीनों तक ही है, पूरे साल नहीं।" बंगालियों की भूमिका भुलाने की कोशिश ममता बनर्जी ने दावा किया है कि भाजपा स्वतंत्रता आंदोलन में बंगालियों द्वारा निभाई गई भूमिका को भुलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “अगर बंगाली भाषा ही नहीं है, तो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किस भाषा में लिखे गए हैं? वे चाहते हैं कि लोग स्वतंत्रता आंदोलन में बंगालियों द्वारा निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को भूल जाएं। हम इस भाषाई आतंक को बर्दाश्त नहीं करेंगे।” भाजपा के पास 'भ्रष्टाचार भंडार वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी ममता बनर्जी ने जवाब दिया। CM ममता ने दावा किया कि TMC सरकार ने कई सामाजिक कल्याणकारी पहल की हैं। वहीं केंद्र की भाजपा सरकार विकास के नाम पर भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा, "हम महिलाओं के लिए 'लक्ष्मी भंडार' योजना लेकर आए हैं, जबकि भाजपा के पास 'भ्रष्टाचार भंडार' और भाई-भतीजावाद है। वे देश को लूट रहे हैं, जबकि हम महिलाओं को सशक्त बना रहे हैं।"  

ब्रिटिश सांसद का खुलासा: 85 जगहों पर पाकिस्तानी बलात्कारियों के ग्रुप सक्रिय

लंदन  यूनाइटेड किंगडम (UK) के एक सांसद की जांच रिपोर्ट से ब्रिटेन में सनसनी फैल गई है। सांसद ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि देशभर में ऐसे 85 इलाके हैं, जहां पाकिस्तानी बलात्कारियों का गैंग सक्रिय है और भोली-भाली बच्चियों को शिकार बनाता रहा है। निर्दलीय सांसद रूपर्ट लोव द्वारा की गई इस जाँच रिपोर्ट में कहा गया है कि इन 'बलात्कार गिरोह' में मुख्यतः पाकिस्तानी मूल के पुरुष शामिल हैं और ये घिनौनी हरकतों को अंजाम देने में दशकों से सक्रिय हैं। रूपर्ट लोव के 'गिरोह-आधारित बाल यौन शोषण' निजी रिपोर्ट में कहा गया है कि गिरोह के वीभत्स कारनामों के बारे में जितना सोचा गया था, वह उससे कहीं अधिक व्यापक हैं। रिपोर्ट में ब्रिटिश अधिकारियों पर निशाना साधकर होने वाले दुर्व्यवहार के मामलों में कार्रवाई करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया गया है। सोशल मीडिया एक्स पर साझा की गई इस जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तानी पुरुषों के पैटर्न और सार्वजनिक निकायों की घोर लापरवाही पहचाने जाने योग्य हैं। ब्रिटिश सांसद ने ये भी कहा है कि यह बलात्कार गिरोह कांड का अब तक का सबसे बड़ा खुलासा है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर द्वारा जून में सरकार के समर्थन से इसी तरह की जाँच शुरू करने का आदेश दिया गया था लेकिन सांसद रूपर्ट लोव ने उससे पहले ही बलात्कार गिरोह की जाँच करनी शुरू करवा दी थी। उनकी रिपोर्ट ने यह तथ्य उजागर किया है कि ब्रिटेन में इस गिरोह की जड़ें बहुत गहरी हैं। इनमें तो कुछ 1960 के दशक से सक्रिय हैं। रिपोर्ट में ऐसे पाकिस्तानियों को जबरन डिपोर्ट करने का सुझाव दिया गया है। पीड़ितों ने क्या-क्या बताया? गिरोह का खुलासा करने वाले जांच दल ने कहा कि उसके निष्कर्ष सैकड़ों पीड़ितों, रिश्तेदारों और मुखबिरों की गवाही के साथ-साथ सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त हज़ारों अनुरोधों पर आधारित हैं। कई पीड़ितों ने जाँच समिति को बताया कि उन्हें बचपन में ही बहलाया-फुसलाया गया, नशीले पदार्थ दिए गए और बलात्कार किया गया। कुछ ने बताया कि उनकी तस्करी की गई और चुप रहने की धमकी दी गई। कई पीड़ितों, खासकर श्वेत लड़कियों के आरोपों को अधिकारियों ने खारिज कर दिया, क्योंकि वे उनके आरोपों की जांच करने और पीड़ित के रूप में उनकी पहचान करने विफल रहे। लेबर सरकार पर भी आरोप लोव ने कहा, "हमारी जाँच से पता चला है कि यह घिनौना कांड जितना सोचा गया था, उससे कहीं ज़्यादा व्यापक है – मुख्यतः पाकिस्तानी बलात्कार गिरोहों के हाथों लाखों लोगों की ज़िंदगी बर्बाद हो गई है।" लोव ने लेबर सरकार पर तत्काल कार्रवाई का वादा करने के बावजूद इस मुद्दे पर टालमटोल करने का भी आरोप लगाया है।  

ट्रंप के सलाहकार का चीन पर वार – कहा, अक्साई चिन पर हमला किया तो दोस्त कैसे?

वाशिंगटन  दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत और अमेरिका के बीच संबंध इस समय अपने सबसे निचले स्तर पर चल रहे हैं। दोनों देशों की तरफ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापारिक सलाहकार नवारो ने भारत और चीन के बीच रिश्तों में फिर से आती गर्म जोशी को लेकर जहर उगला है। नवारो ने भारत के ऊपर तंज कसते हुए कहा कि वह चीन के साथ दोस्ती बढ़ा रहे हैं, जिन्होंने उनके लद्दाख वाले हिस्से पर हमला किया था। ब्लूमबर्ग टीवी टैनल को दिए एक इंटरव्यू में पीटर नवारो ने कहा, "भारत एक लोकतांत्रिक देश है लेकिन वह तानाशाही वाले देशों… जैसे की चीन और रूस के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है। चीन के साथ आपका (भारत का) पिछले कई दशकों से संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कई हिस्सों पर हमला किया और अक्साई चिन समेत कई हिस्सों को हड़प लिया। वह आपके दोस्त नहीं है… जहां तक रूस की बात है तो, अब मैं क्या ही कहूं।" भारत को कल मिल जाए 25 फीसदी की छूट लेकिन… :नवारो नवारो नहीं रुके उनसे जब पूछा गया कि क्या भारत को टैरिफ में छूट मिलेगी। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "यह बहुत ही आसान है। अगर भारत रूसी तेल को खरीदना बंद कर देता है और युद्ध को बढ़ावा देना बंद कर देता है तो उसे कल ही 25 फीसदी की छूट मिल सकती है। मैं हैरान हूं, मोदी एक महान नेता हैं, भारत एक परिपक्व देश है, जिसे परिपक्व देश चला रहे हैं। इसके बाद भी यह सब हो रहा है।" भारत के बारे में एक बात हमें परेशान कर रही है कि वह अहंकारी होकर लगातार यह बात कह रहे हैं कि यह हमारी संप्रभुता है कि हम जिससे चाहें उससे तेल खरीद सकते हैं। यह सही नहीं है। भारत को टैरिफ का महाराज बता चुके है नवारो गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब नवारो ने भारत के खिलाफ अपने जहर को उगला हो। इससे पहले भी वह भारत को टैरिफ का महाराज कहते रहे हैं। हां… इतना जरूर है कि भारत पर आरोप लगाने से पहले नवारो अमेरिका के इतिहास और वर्तमान को देखने की कोशिश नहीं करते हैं। भारत रूसी तेल खरीद रहा है क्योंकि रूस भारत का मित्र देश है। अमेरिका ने ईरान के बाजार को पहले से ही प्रतिबंधित किया हुआ है। ऐसे में अगर भारत भी रूस से तेल खरीदना बंद कर देता है तो वैश्विक तेल बाजार में भयंकर तेजी आ जाएगी और दाम बढ़ जाएंगे। वहीं दूसरी और भारत को युद्ध पोषित करने वाला अमेरिका दशकों से पाकिस्तान को पालता आ रहा है। रूस के साथ भारत के व्यापार करने वाला अमेरिका खुद भी अपने रूसी व्यापार को बढ़ा रहा है। यहां तक की उसका साझेदार यूरोप भी अपनी ऊर्जा जरूरतों को लिए रूस पर निर्भर है। लोकतांत्रिक देश होने के बाद भी अमेरिका का ज्यादातर व्यापार और सामान तानाशाह देश चीन में बनता है। दशकों की दुश्मनी होने के बाद भी कुछ दिन पहले ही रूस के राष्ट्र्पति व्लादिमीर पुतिन से मिले थे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने की कसमें खाई थी।  

श्रद्धा और आस्था का संगम: गांव में सांपों की निकली शोभायात्रा

राजिम ऋषि पंचमी पर गरियाबंद जिले के देवरी गांव में जहरीले सांपों की शोभयात्रा निकाली गई, जिसे देखने अंचल के हजारों लोग पहुंचे थे. जानकारी के मुताबिक, इस गांव में सांवरा समिति के लोग घरों में सांप निकलने पर उन सांपों को संरक्षित करने के लिए पकड़ते हैं और ऋषि पंचमी पर पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा निकालते हैं. फिर सुरक्षित जंगलों में छोड़ देते हैं. सांपों की पूजा करने उमड़ी लोगों की भीड़ हर साल की तरह इस बार भी सांवरा समिति ने यह विशेष आयोजन किया. परंपरा के अनुसार, घरों और खेतों में निकलने वाले जहरीले सांपों को ग्रामीण सुरक्षित तरीके से पकड़ते हैं. इन्हीं सर्पों की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा निकाली जाती है. गांव-गांव से पहुंचे लोग जगह-जगह पूजा-अर्चना करते हैं और शोभायात्रा का स्वागत करते हैं. शोभायात्रा समाप्त होने के बाद सभी सर्पों को सुरक्षित रूप से जंगलों में छोड़ दिया जाता है. गांव के लोगों का मानना है कि वर्षों से यह परंपरा चल रही है. अब तक किसी भी व्यक्ति के साथ सर्पदंश की कोई अनहोनी घटना नहीं घटी है. सांवरा गुरु पाठशाला में सिखाया जाता है सांपों को पकड़ना देवरी गांव में स्थित सांवरा गुरु पाठशाला इस परंपरा का केंद्र है, जहां युवाओं को सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ना और उन्हें संरक्षित करना सिखाया जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण भी है. देवरी में हर साल होने वाला यह आयोजन अब अंचल की पहचान और श्रद्धा का पर्व बन चुका है, जिसे देखने लोग दूर-दूर से आते हैं.

कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट शिष्यमंडल ने मंत्री संजय सेठ को दिया श्री राधा कृष्ण मंदिर आने का न्योता

रांची झारखंड में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का एक शिष्टमंडल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के अगुवाई में रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से यहां उनके आवास में मुलाकात की। शिष्टमंडल ने उनका अभिनंदन करते हुए श्री राधा कृष्ण की स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें जन्म दिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उनके दीर्घायु की कामना करते हुए पुंदाग स्थित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में सपरिवार आने का आमंत्रण दिया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सररफ ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की ओर से सांसद संजय सेठ को एक ज्ञापन दिया गया जिसमें उनसे पुंदाग गुटवा रोड में स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के सामने सड़क एवं नाली के निर्माण के लिए आग्रह किया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि इस रोड में झारखंड का सबसे बड़ा श्री राधा कृष्ण मंदिर का निर्माण हुआ है जो धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक द्दष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। इसके अतिरिक्त ट्रस्ट द्वारा दिव्यांग एवं निराश्रित जनों के पुर्नवास सेवा एवं देखभाल के लिए अपना घर आश्रम का कुशलता पूर्वक संचालन किया जा रहा है। इस सेवा संस्थान तक पहुंचाने के लिए ना कोई पक्की सड़क है और न ही समुचित जल निकासी, नाली की व्यवस्था है। मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं जिन्हें बहुत ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए संबंधित विभागों को निर्देशित कर श्री राधा कृष्ण मंदिर के सामने शीघ्र ही पक्की सड़क एवं नाली निर्माण की स्वीकृति एवं कार्यवाही सुनिश्चित कराने की कृपा करें। इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, प्रवक्ता संजय सराफ, पूरणमल सर्राफ, मुकेश काबरा आदि शामिल थे।  

जालंधर में फिर हड़ताल पर नगर निगम कर्मचारी!

जालंधर नगर निगम में आज एक बार फिर सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों ने हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया। यह विरोध पंजाब मजदूर फेडरेशन के प्रधान सनी सहोता की अगुवाई में किया गया। सनी सहोता ने आरोप लगाया कि सीवर की सफाई कर रहे कर्मचारियों को न तो सही वर्दी, न बूट और न ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपकरण न होने से उन्हें काम के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान यूनियन की नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि से बातचीत हुई। इसके बाद कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को जल्द ही सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं हाल ही में हादसे का शिकार हुए सीवरमैन का इलाज बेहतर अस्पताल में कराने का वादा भी किया गया। करीब दो घंटे चली इस हड़ताल को कमिश्नर के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। 

BWF विश्व चैंपियनशिप: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने वांग झीयी को हराया

नई दिल्ली  दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने गुरुवार को BWF विश्व चैंपियनशिप में विश्व की नम्बर 2 खिलाड़ी वांग झीयी को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। सिंधु ने झीयी सीधे सेटों में हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।  ओलिंपिक में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकीं सिंधु ने वर्ल्ड नंबर-2 वांग झी के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा। सिंधु ने 5वें हेड टु हेड मैच में वांग को तीसरी बार हराया। वर्ल्ड नंबर 15 सिंधु ने पहला गेम कड़ी टक्कर के बाद 21-19 के अंतर से जीता।  दूसरे गेम में भी सिंधु ने 12-6 के अंतर से बढ़त बनाने के बाद इसे कायम रखा। अंत में सिंधु ने दूसरा सेट 21-15 के अंतर से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना विश्व की नम्बर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी साउथ कोरिया की आन से यंग से हो सकता है।   

राहुल गांधी ने लिया मां जानकी का आशीर्वाद, तेजस्वी यादव रहे मौजूद

सीतामढ़ी लोकसभा नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के सीतामढ़ी में जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और अन्य नेता भी शामिल हुए। बिहार कांग्रेस प्रमुख राजेश कुमार ने कहा कि वे लोगों के कल्याण और राज्य की प्रगति के लिए प्रार्थना करने आए हैं। राजेश कुमार ने बताया, "हम यहां लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना करने आए हैं…देश और बिहार राज्य की प्रगति हो।" बता दें कि 16 दिवसीय 'मतदाता अधिकार यात्रा' आज सीतामढ़ी से फिर से शुरू होगी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य के साथ शामिल होने के लिए तैयार हैं। बुधवार को राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में सत्तारूढ़ (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) पर निशाना साधते हुए कहा, "एनडीए का पूरा नाम 'नहीं देंगे अधिकार' है… लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं। जिस तरह से 'वोट चोरी' हो रही है, जनता जागरूक है और अपने वोटों की रक्षा करेगी। आगामी चुनावों में भाजपा-एनडीए विफल होगी।"