samacharsecretary.com

लक्ष्मी राजवाड़े के खिलाफ साजिश? मंत्री और परिवार को खुलेआम धमकी

सूरजपुर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और उनके परिवार को चौराहे पर सार्वजनिक रूप से घोटाले में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकी देना युवक को भारी पड़ गया. ग्रामीण की शिकायत पर आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दरअसल, कसकेला के रहने वाले रवि यादव ने भटगांव थाने में लिखित शिकायत दी थी कि गांव में रहने वाले रविन्द्र यादव ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं उनके परिवार के घोटाले में फंसाने और सामने आने पर जान से मारने की धमकी दी है. भटगांव पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच की, जिसके बाद कार्रवाई करते आरोपी युवक को गिरफ्तार में किया है. मामले में पुलिस सौंपा गया शिकायत पत्र सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है.

होम्बले फिल्म्स ने कंतारा: चैप्टर 1 से दमदार झलक शेयर की

मुंबई, होम्बले फिल्म्स ने अपनी आने वाली फिल्म कंतारा: चैप्टर 1 से दमदार झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है। होम्बले फिल्म्स की सबसे ज्यादा इंतेज़ार की जाने वाली फिल्म कंतारा: चैप्टर 1 इस साल की सबसे बड़ी रिलीज में से एक मानी जा रही है। कंतारा, वर्ष 2022 में प्रदर्शित हुयी थी। यह फिल्म साल की सबसे सफल फिल्म बनने के साथ बॉक्स ऑफिस पर स्लीपर हिट बन गई। अब दर्शक बेसब्री से इसके प्रीक्वल को सिल्वर स्क्रीन पर देखने का इंतज़ार कर रहे हैं। मेकर्स ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कंतारा: चैप्टर 1 की एक झलक शेयर की है, जिसमें ऋषभ शेट्टी का इंटेंस अवतार देखने लायक है। इस पोस्ट के ज़रिए मेकर्स ने फिल्म की रिलीज में बचे सिर्फ 27 दिनों का काउंटडाउन शुरू कर दिया है और साथ ही एक दिलचस्प अपडेट आने की तरफ भी इशारा किया है ,बीते समय की पवित्र गूंज 02 अक्टूबर 2025 को पूरी दुनिया में गूंजेगी। होम्बले फिल्म्स की कंतारा: चैप्टर 1 सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है।होम्बले फिल्म्स 2022 की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की विरासत को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मेकर्स ने 'कंतारा: चैप्टर 1' के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्पेशलिस्ट के साथ एक बड़ा वॉर सीक्वेंस तैयार किया है, जिसमें 500 से ज़्यादा कुशल फाइटर्स और 3,000 लोग शामिल हैं। यह सीक्वेंस 25 एकड़ में फैले एक पूरे शहर में, ऊबड़-खाबड़ इलाके में 45-50 दिनों के दौरान फिल्माया गया था, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े सीक्वेंसेज में से एक बनाता है।यह फिल्म 02 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।  

एस जयशंकर बोले: अमेरिका के साथ मजबूत रिश्तों को प्राथमिकता, मोदी-ट्रंप के संबंध हैं शानदार

नई दिल्ली  विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को भारत-अमेरिका संबंधों की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के साथ साझेदारी को अत्यधिक महत्व देते हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब आज ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती की तारीफ की थी, लेकिन कुछ मुद्दों पर असहमति भी जताई थी।जयशंकर ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के साथ हमारी साझेदारी को अत्यधिक महत्व देते हैं। जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप की बात है, पीएम मोदी के उनके साथ हमेशा बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। फिलहाल मैं इतना ही कह सकता हूं कि हम अमेरिका के साथ निरंतर संवाद बनाए हुए हैं।” वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था, “मैं हमेशा प्रधानमंत्री मोदी का दोस्त रहूंगा। वे एक महान प्रधानमंत्री हैं। लेकिन मुझे इस वक्त उनकी कुछ नीतियां पसंद नहीं हैं। हालांकि भारत और अमेरिका के बीच बहुत विशेष रिश्ते हैं। चिंता की कोई बात नहीं है, कभी-कभी ऐसे पल आ जाते हैं।” प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, “मैं राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे रिश्तों के सकारात्मक आकलन की गहराई से सराहना करता हूं और उसे पूरी तरह से प्रत्युत्तर देता हूं। भारत और अमेरिका के बीच एक बहुत ही सकारात्मक और भविष्य उन्मुख व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।” टैरिफ पर तनातनी ये बयान ऐसे समय आए हैं जब दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर तनाव गहराया हुआ है। अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगाया है, जिसमें 25% पारस्परिक टैरिफ और 25% अतिरिक्त शुल्क रूस से तेल खरीदने पर शामिल है। भारत ने इसे अनुचित और अव्यवहारिक बताते हुए कहा है, “किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।”  

आर के म्यूजिक प्रा. लि. की फिल्म नौ देवी नव दुर्गा का फर्स्ट लुक रिलीज

मुंबई, आर के म्यूजिक प्रा. लि. की फिल्म "नौ देवी नव दुर्गा” का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। फिल्म “नौ देवी नव दुर्गा” का निर्माण रौशन सिंह के प्रोडक्शन हाउस से किया जा रहा है। निर्देशक संजय श्रीवास्तव हैं, जबकि शार्मिला आर. सिंह सह-निर्माता के रूप में जुड़ी हैं। फिल्म की कहानी सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा ने मिलकर लिखी है। रौशन सिंह ने कहा कि “नौ देवी नव दुर्गा” सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म के जरिए नवरात्रि और देवी शक्ति की महिमा को बड़े पर्दे पर साकार करने की कोशिश की गई है, ताकि दर्शक न सिर्फ मनोरंजन करें बल्कि अपनी संस्कृति और परंपरा से भी गहराई से जुड़ सकें। फिल्म में बतौर मुख्य कलाकार रिंकू घोष और रितेश उपाध्याय नजर आने वाले हैं। इनके साथ आस्था सिंह, समरथ चतुर्वेदी, विनोद मिश्रा, देव सिंह, रूपा मिश्रा, श्रद्धा नवल और सोनिया मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा राजेश टोमेरा, महिमा सिंह, पल्लवी सिंह, रितु चौहान, तोशी द्विवेदी, रचना सिंह, माधवी श्री, अखिलेश वर्मा, अनीता ओझा, अनामिका पांडे, सोनी राज, जे पी सिंह और अवधेश मुखिया जैसे कई चर्चित चेहरे भी इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को खास संदेश देने वाले हैं। फिल्म का म्यूजिक ओम झा और आदर्श सिंह ने तैयार किया है।गीतकार शेखर मधुर, राकेश निराला, विनय निर्मल, ओम झा, न्यू नागेंद्र यादव और शुभदयाल सोहरा हैं।  

जमीन खरीदी-बिक्री में अड़चन, 5 डिसमिल रजिस्ट्री पर रोक और ऑनलाइन सिस्टम बना मुसीबत

रायपुर प्रदेश में जब से 5 डिसमिल से कम की कृषि जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगी है, तब से मानों जमीन खरीदी-बिक्री पर लगाम सी लग गई है. रायपुर जिले की बात करें तो पहले रोज रजिस्ट्री 200 से अधिक होती थी, लेकिन अब आंकड़ा बमुश्किल 150 पार हो रहा है. उल्लेखनीय है कि अधिकांश लोग 1000 वर्गफीट, 1500 वर्गफीट, 2000 वर्गफीट के प्लाट खरीदते हैं, लेकिन 5 डिसमिल से कम की जमीन की रजिस्ट्री बंद हो जाने से लोग छोटे साइज के प्लाट नहीं खरीद पा रहे हैं. दूसरी ओर बिल्डरों के प्रोजेक्ट को फायदा मिल रहा है. रजिस्ट्री को सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई हैं, लेकिन इससे भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. सभी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने और अपॉइंटमेंट लेने के बाद भी रजिस्ट्री पूरी नहीं हो पा रही है. कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटरों को भी उतनी जानकारी नहीं रहती है. कई मामले उप पंजीयकों के हस्ताक्षर नहीं होने के चलते रुक गए हैं. उप पंजीयकों के छुट्टी में चले जाने से रजिस्ट्री जारी नहीं हो पाती है. भले ऑनलाइन से प्रक्रिया पूरी हो जाए. हाउसिंग बोर्ड, आरडीए के मामले अटक रहे हाउसिंग बोर्ड और आरडीए से मकान, फ्लैट, जमीन खरीदने वालों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है. रजिस्ट्री कराने के लिए कई लोग चक्कर काट रहे है. दरअसल लोगों को फ्लैट, मकान और प्लाट बेचे गए हैं, वे हाउसिंग बोर्ड या आरडीए के नाम पर – नहीं चढ़े हैं. इस कारण उसकी र रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है. ऐसे सैकड़ों 1 मामले पेंडिंग है. इसका अब तक समाधान नहीं निकाल पाए हैं. अवैध प्लाटिंग पर लगी रोक छोटे प्लाट की रजिस्ट्री पर लगने से आम लोगों की परेशानी बढ़ी है, तो दूसरी ओर अवैध प्लाटिंग में कमी दिख रही है. हालांकि, अवैध प्लाटिंग बंद नहीं हुई है. शहर के पुराना धमतरी रोड, सरोना, विधानसभा, कचना, नवा रायपुर, मंदिरहसौद आदि इलाकों में अवैध प्लाटिंग का खेल चल रहा है. लगातार छुट्टियों का भी असर लगातार सरकारी छुट्टी का भी असर रजिस्ट्री पर पड़ा है. शनिवार-रविवार के अलावा बीच के अन्य दिनों में अवकाश होने से रजिस्ट्री प्रभावित हुई है. इस सप्ताह भी शुक्रवार, शनिवार और रविवार को अवकाश हो गया. इसके बाद पितृपक्ष शुरू हो जाएगा, तो उसमें भी जमीन की खरीदी-बिक्री प्रभावित रहेगी.

जिम्बाब्वे का आखिरी दांव: श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत ही है विकल्प

नई दिल्ली जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टी20 सीरीज का दूसरा वनडे मैच खेला जाना है। तीन मुकाबलों की सीरीज में बने रहने के लिए जिम्बाब्वे को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। जिम्बाब्वे की टीम सीरीज का पहला मुकाबला चार विकेट से हार चुकी है। अगर मेजबान टीम ने दूसरा मैच भी गंवा दिया, तो सीरीज उसके हाथों से निकल जाएगी। इस मैच में श्रीलंका काफी मजबूत नजर आ रही है। इस टीम को पथुम निसांका और कुसल मेंडिस से बल्लेबाजी में खासा उम्मीदें होंगी। वहीं, गेंदबाजी में नुवान तुषारा और महीश थीक्षाना मुकाबले का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा पर काफी हद तक निर्भर करती है। गेंदबाजी में रिचर्ड नगारवा और ट्रेवर टीम को मजबूती देते नजर आ सकते हैं। हरारे की पिच पर बल्लेबाज जमकर रन बना सकते हैं। हालांकि, अच्छी उछाल के कारण तेज गेंदबाज भी अपना दबदबा दिखा सकते हैं। स्पिनर पिच से टर्न हासिल कर सकते हैं। शनिवार को यहां दोपहर के समय बादल छाए रहने का अनुमान है। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका नहीं है। श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच साल 2008 से अब तक कुल सात टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें छह मैच श्रीलंका के पक्ष में रहे। वहीं, एक मुकाबले में जिम्बाब्वे को जीत नसीब हुई है। जिम्बाब्वे ने 16 जनवरी 2024 को पहली और आखिरी बार श्रीलंका के विरुद्ध टी20 मैच जीता था। जिम्बाब्वे टीम: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), सीन विलियम्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, टोनी मुनयोंगा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, डायोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर, क्लाइव मदांडे और ट्रेवर। श्रीलंका टीम: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, चरिथ असलंका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, दुशान हेमंथा, दुशमंथा चमीरा, महीश थीक्षाना, नुवान तुषारा, चमिका करुणारत्ने, डुनिथ वेलालागे, बिनुरा फर्नांडो, मथीशा पथिराना, कामिल मिशारा, विशेन हलंबगे।  

PM के जन्मदिन पर सेवा सप्ताह की शुरुआत, हरियाणा के CM ने की तैयारी बैठक

चंडीगढ़  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को पूरे देश में अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में हरियाणा में भी 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा शुरू होगा, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसको लेकर आज चंडीगढ़ में अहम बैठक बुलाई है। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारी को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा भाव के साथ मनाना गर्व की बात है। मुख्यमंत्री नायब सैनी पहले ही साफ कर चुके हैं कि इस सेवा पखवाड़े को लेकर प्रदेश में पूरी तैयारी चल रही है। शहरों और सरकारी अस्पतालों की सफाई व्यवस्था को लेकर कई बैठकों का आयोजन हो चुका है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और RWA से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रदेश के अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की जाएगी, जिससे सरकारी अस्पतालों को निजी अस्पतालों के बराबर बनाया जा सके। हरियाणा में PM के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़े की शुरुआत सेवा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य न सिर्फ सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई ऊंचाई देना है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस दौरान MRI, डिजिटल एक्स-रे, डायलिसिस जैसी सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएंगी। 17 सितंबर को आधुनिक अस्पतालों के पहले चरण का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा, हरियाणा सरकार इस सेवा पखवाड़े के दौरान राज्य के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग भी तय करेगी, जैसे कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर करती है। इससे नगर निकायों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा बैठक में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं ने विपक्ष की राजनीति को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार गरीबों और देश के विकास के लिए ठोस योजनाएं बनी हैं। विपक्ष केवल झूठ की राजनीति कर रहा है।

JPSC 11वीं, 12वीं और 13वीं परीक्षा की कट-ऑफ लिस्ट आई, इतने अभ्यर्थी पास

रांची झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने 11वीं, 12वीं और 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा की कट-ऑफ आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। यह कट-ऑफ लिस्ट फाइनल रिजल्ट के 40 दिन बाद आई है, जिसमें कुल 342 उम्मीदवार सफल हुए हैं। कट-ऑफ अंक श्रेणी और सेवा के अनुसार घोषित किए गए हैं। फाइनल कट-ऑफ में सामान्य वर्ग (यूआर) के लिए अंक 652, ओबीसी-2 के लिए 653.25, ओबीसी-1 के लिए 623.75, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ई डबूएस) के लिए 590.50, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 565.25 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 580.25 अंक निर्धारित किए गए हैं। मुख्य परीक्षा और सेवावार कट-ऑफ भी अलग-अलग सेवा के अनुसार जारी किए गए हैं, जैसे प्रशासनिक सेवा में यूआरका कट-ऑफ 652, पुलिस सेवा में यू आर का कट-ऑफ 674.50, वित्त सेवा में 656.25 और शिक्षा सेवा में 658.50 अंक है। परीक्षार्थियों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही। रांची की नीलू कुमारी ने आज कहा कि कट-ऑफ देर से आया लेकिन अब तैयारी का स्तर समझ में आया है, जबकि हजारीबाग के आकाश कुमार ने इसे ग्रामीण छात्रों के लिए चुनौतीपूर्ण बताया। आयोग ने कट-ऑफ जारी करने में तकनीकी जांच और डेटा सत्यापन को कारण बताया है और कहा कि पारदर्शिता प्राथमिकता है। अब चयनित उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें सभी सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कागजी कार्यवाही पूरी करनी होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती कट-ऑफ अंक इस बात का संकेत है कि प्रतियोगी परीक्षाएं दिन-ब-दिन कठिन होती जा रही हैं।

भारी बारिश के बाद लुधियाना में तनाव, लोग मांग रहे भाखड़ा जलस्तर नियंत्रण

पंजाब  चंडीगढ़ व पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार तड़के सुबह शुरू हुई तेज और लगातार बारिश ने एक बार फिर लोगों में दहशत फैला दी है। गांव ससराली कॉलोनी स्थित धुस्सी बंध, जहां पहले से ही हालात नाजुक बने हुए हैं, लगातार हो रही बारिश से फिर खतरे में आ सकता है। न केवल बांध की मरम्मत का काम प्रभावित होगा, बल्कि यदि रोपड़ से और पानी छोड़ा गया तो हालात काबू से बाहर हो सकते हैं। उपायुक्त हिमांशु जैन ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया, “कुछ जगहों पर दरारें आई थीं, लेकिन ग्रामीणों, सेना और एनजीओ की मदद से बनाए गए रिंग बंध ने पानी रोक लिया। अब यह इस पर निर्भर करेगा कि भाखड़ा से कितना पानी छोड़ा जाता है।” ससराली गांव के ग्रामीण, जहां बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, लगातार भगवान से बारिश रुकने की प्रार्थना कर रहे हैं। सरपंच सुरेंद्र सिंह नामधारी ने कहा कि बारिश के चलते बंध को मजबूत करने का काम ठप हो गया है क्योंकि न ट्रक और न ही ट्रॉली वहां तक पहुंच पा रही है। उन्होंने सरकार से अपील की कि बंध को मजबूत करने का काम पूरा करने दिया जाए और 2–3 दिन तक भाखड़ा से पानी न छोड़ा जाए। इस बीच, लगातार बारिश से लोग भी परेशान हो चुके हैं। चंदर नगर पुल, जनकपुरी, सलेम टाबरी, बस्ती जोधेवाल, शेरपुर, ग्यासपुरा आदि इलाकों में बारिश लोगों के लिए आफत साबित हो रही है। दिहाड़ी मजदूरों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दिहाड़ी मजदूर मिस्त्री राम अनुज ने कहा, “बारिश न थमने से लोगों ने निर्माण कार्य रुकवा दिए हैं, जिससे हमारा गुजारा करना मुश्किल हो गया है।” लगातार हो रही बारिश से दूध, सब्जी, अखबार आदि की नियमित आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। सुबह 4:30 बजे से जारी बरसात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

जोकोविच का बड़ा बयान: अभी नहीं लूंगा टेनिस से संन्यास, करियर जारी रहेगा

न्यूयॉर्क यूएस ओपन के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को कार्लोस अल्काराज के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी, जिसके बाद सर्बियाई खिलाड़ी ने संन्यास की अटकलों को खारिज कर दिया। जोकोविच ने पुष्टि की है कि वह अगले साल एक पूर्ण ग्रैंड स्लैम सीजन खेलना चाहते हैं। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने 38 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी को 6-4, 7-6(4), 6-2 से शिकस्त देकर अपने सातवें और न्यूयॉर्क में दूसरे मेजर फाइनल में प्रवेश किया है। आर्थर ऐश स्टेडियम में करीब 2 घंटे 25 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में कार्लोस अल्काराज ने इस साल के ऑस्ट्रेलियन ओपन और 2024 पेरिस ओलंपिक में जोकोविच से मिली हार का बदला लिया। सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने कहा, “मैं अब भी ग्रैंड स्लैम खेलना चाहता हूं। मैं अगले साल पूरा ग्रैंड स्लैम सीजन खेलना चाहता हूं। देखते हैं कि ऐसा होता है या नहीं। लेकिन स्लैम तो स्लैम होते हैं। यह किसी भी अन्य टूर्नामेंट से अलग हैं। ये हमारे खेल के स्तंभ हैं। यह हमारे सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हैं।” नोवाक जोकोविच ने कहा, “मैं अपने टेनिस के स्तर से खुश हूं, लेकिन यह शारीरिक क्षमता की बात है। जैसा कि मैंने क्वार्टर फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, मैं अपने शरीर को इस स्तर और लय को कई घंटों तक बनाए रखने के लिए तैयार करने की पूरी कोशिश करूंगा, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था। अपने करियर के इस पड़ाव पर यह ऐसी चीज है, जिस पर मेरा नियंत्रण नहीं है।” 100 टूर-लेवल खिताब जीत चुके नोवाक जोकोविच ने माना कि जब वह शारीरिक रूप से अपना स्तर बनाए नहीं रख पाते तो यह निराशाजनक होता है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उनकी उम्र में यह अपेक्षित है। जोकोविच ने कहा, “यह समय और उम्र के साथ आता है। मैं अब भी प्रतिस्पर्धा का रोमांच महसूस करता हूं। इस मैच में दर्शकों से काफी सपोर्ट मिला। इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। मैंने खेल का भरपूर आनंद लिया। यही एक बड़ी वजह है कि मैं खेलता जा रहा हूं। पिछले कुछ वर्षों में मुझे दुनियाभर से जो प्यार मिला, वह अद्भुत है।” कार्लोस अल्काराज अपने छठे ग्रैंड स्लैम खिताब और पीआईएफ एटीपी रैंकिंग में नंबर 1 पर वापसी की राह पर कायम हैं।