samacharsecretary.com

कोर्ट ने पिता को दी 4 साल की बेटी की कस्टडी, स्कूल इवेंट्स में होंगे दोनों साथ

रायपुर/बिलासपुर पति पत्नी के बीच सालों से चल रहा विवाद हाई कोर्ट में आपसी सहमति से सुलझ गया. दरअसल, बेटी की कस्टडी के मामले को लेकर विवाद को हाई कोर्ट ने मध्यस्थता से सुलह का प्रयास करने की पहल करते हुए दोनों को प्रशिक्षित मध्यस्थ के पास भेजा था. कई दौर की बैठकों के बाद दोनों आखिरकार सहमति से विवाद सुलझाने पर सहमत हो गए. वहीं, बेटी के जन्मदिन और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में दोनों की उपस्थिति अनिवार्य होगी. रायपुर निवासी और वर्तमान में जबलपुर के डूमना एयरपोर्ट में पदस्थ सीआईएसएफ के जवान रवि कुमार राय ने धमतरी के फैमिली कोर्ट के आदेश के फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. दरअसल, मां के पास रह रही 4 साल की बेटी की कस्टडी की मांग करते हुए फैमिली कोर्ट में मामला प्रस्तुत किया गया था. फैमिली कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था. इसके खिलाफ हाई कोर्ट में अपील की. जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की डिवीजन बेंच ने आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की पहल करते हुए दोनों को प्रशिक्षित मध्यस्थ एडवोकेट बीनू शर्मा के पास भेजा. मध्यस्थ की मौजूदगी में दोनों के बीच बातचीत हुई, इसके बाद दोनों ने सहमति से विवाद सुलझाने का निर्णय लिया. महीने मे एक बार मिल सकेगी मां नाबालिग बेटी की कस्टडी पिता को दे दी गई है. मां को महीने में एक बार मुलाकात का अधिकार होगा. मुलाकात का समय और स्थान फोन पर आपसी सहमति से तय किया जाएगा. मां चाहे तो वीडियो कॉल पर भी बात कर सकेगी. मां को छुट्टियों में बेटी को अपने साथ ले जाने का अधिकार होगा, लेकिन पिता को इसकी पूर्व सूचना देनी होगी. स्कूल रिकॉर्ड में मां सह अभिभावक बेटी को दिए गए उपहारों का उपयोग करने का अधिकार होगा. बेटी के जन्मदिन और स्कूल की पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में मां की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. स्कूल रिकॉर्ड में मां का नाम सह अभिभावक के रूप में दर्ज होगा. पुराने केस वापस लेगी पत्नी इसके अलावा मां ने घरेलू हिंसा अधिनियम और अन्य लंबित प्रकरणों को वापस लेने पर भी सहमति जताई. दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से तय किया कि भविष्य में एक-दूसरे पर कोई नया केस दर्ज नहीं करेंगे.

गोलू अग्निहोत्री की संपत्ति पर ईडी का बड़ा कदम, 34 करोड़ की प्रॉपर्टी हुई अटैच

इंदौर  इंदौर के कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री पर प्रवर्तन निदेशालय(ईडी)ने शिकंजा कसा है। दस माह पहले गोलू के घर और दफ्तर में ईडी ने छापा मारा था। उस पर आनलाइन सट्टा चलाने व डिब्बा ट्रेडिंग का आरोप है। तब उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था। ईडी ने गोलू सहित उसके छह साथियों की 34 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। इसमें नकदी के अलावा कृषि भूमि, फ्लैट, पेट्रोल पंप, प्लाॅट सहित अन्य संपत्ति शामिल है।   गोलू के साथ उसके व्यापारिक साझेदार हितेश अग्रवाल, तरुण श्रीवास्तव, करण सोलंकी, धवल जैन, श्रीनिवास व अन्य है। ईडी की जांच में पता चला था कि गोलू व उसके साझेदारों ने कई प्लेफार्मों का संचालन कर सट्टा व डिब्बा ट्रेडिंग से करोड़ों रुपये कमाए। निवेशकों व प्रतिभागियों को पैसा हवाला चैनलों व क्रिप्टो के जरिए दिया जाता था। मनी लांड्रिंग कर पैसा इधर-उधर खपाया जाता था। गोलू की इंदौर के अलावा महाराष्ट्र व दूसरे शहरों में भी संपत्ति है। इसके अलावा मुबंई और पुणे में भी दफ्तार है।उसका भी पता लगाया जा रहा है। गोलू व उसके साथियों के तार दुबई तक सट्टा कारोबार से जुड़े है। कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष रह चुका है गोलू अग्निहोत्री शहर कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष रह चुका है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र का एक बार टिकट भी मिला था, लेकिन विरोध के कारण फिर प्रत्याशी बदला गया था। गोलू की गिनती कमल नाथ समर्थकों में होती है। गोलू के भाई राजा अग्निहोत्री व गोलू की पत्नी भी पार्षद रह चुकी है।  

बिहार में पेंशनधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी, CM नीतीश ने तुरंत ट्रांसफर किया 1100 रुपए

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अन्तर्गत 1263.95 करोड़ रूपये की राशि एक करोड़ 13 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी) के माध्यम से हस्तांतरित की। नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग स्थित‘संकल्प'में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को अगस्त माह की 1100 रूपये की पेंशन राशि उनके खाते में हस्तांतरित की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जून माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को हर माह मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरू से ही सभी वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएँ चलाई हैं। समाज के कमजोर तबकों के हित के लिए सरकार निरंतर काम कर रही हैं। वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं की सहूलियत के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनायें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य सामाजिक पेंशनधारी छूटे नहीं इसका विशेष ख्याल रखें। आज सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को अगस्त माह की 1100 रुपये की पेंशन राशि उनके खाते में अंतरित की गई है। सरकार सभी के जीवन को सम्मानजनक तथा बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग सभी योग्य सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को इसका ससमय लाभ दिलाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि माह जून एवं जूलाई 2025 की बढ़ी हुई दर से पेंशन राशि का हस्तांतरण मुख्यमंत्री के द्वारा पहले किया जा चुका है। अगस्त माह का मासिक पेंशन राशि का भुगतान 1100 रूपये प्रति माह की दर से आज डीबीटी की माध्यम से किया गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पिछले माह की तुलना में एक लाख 23 हजार नये लाभुकों को स्वीकृति प्रदान की गई है। माह जून से अगस्त तक कुल पेंशनधारियों की संख्या में 2.22 लाख की वृद्धि हुई है। गौरतलब है कि आज 06 सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों के खाते में राशि अंतरित की गई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशनधारियों की संख्या 35,38,296 है, जिनके खाते में आज कुल 389 करोड़ 30 लाख 96 हजार रूपये की राशि अंतरित की गयी है। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत पेंशनधारियों की संख्या 51,98,211 है, जिनके खाते में आज 585 करोड़ 86 लाख 97 हजार 900 रूपये की राशि अंतरित की गयी है। इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशनधारियों की संख्या 6,35,719 है, जिनके खाते में आज 70 करोड़ 31 लाख 93 हजार 100 रूपये की राशि अंतरित की गयी है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के अन्तर्गत पेंशनधारियों की संख्या 1,10,319 है, जिनके खाते में आज 12 करोड़ 13 लाख 79 हजार 700 रूपये की राशि अंतरित की गयी है। लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशनधारियों की संख्या 8,81,680 है, जिनके खाते में आज 97 करोड़ 97 लाख 82 हजार 700 रूपये की राशि अंतरित की गयी है। बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के तहत पेंशनधारियों की संख्या 9,78,483 है, जिनके खाते में आज 108 करोड़ 33 लाख 2 हजार 300 रूपये की राशि अंतरित की गयी है। यह समावेशी विकास और सामाजिक न्याय को दर्शाता है। कार्यक्रम में  बंदना प्रेयषी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की निदेशक रंजीता, समेकित बाल विकास सेवायें निदेशालय के निदेशक अमित कुमार पांडेय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं लाभार्थीगण कार्यक्रम से जुड़े थे।

ज्वेलरी केस में बड़ा खुलासा: व्यापारी की 11 करोड़ की ज्वेलरी जब्त, खर्चा-पानी के आरोप पर SP ने टीआई को किया निलंबित

रायपुर/खैरागढ़ 500 करोड़ रुपए से अधिक का टर्नओवर करने वाले राजधानी रायपुर के एक बड़े सराफा व्यापारी की 11 करोड़ से अधिक की ज्वेलरी को रोककर वसूली करने के आरोप में खैरागढ़ एसपी ने टीआई समेत 3 को तत्काल निलंबित कर दिया है. जानकारी के मुताबिक जंगल के रास्ते से करीब 10 किलो Gold ज्वेलरी लेकर आ रही कार को पुलिस चेकिंग पाइंट पर पकड़ने के बावजूद छोड़ दिया गया. जानकारी के मुताबिक इस मामले में टीआई और अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है और पुलिस पर लेन-देन के भी आरोप लगे है. जिसके बाद खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने गातापार थाना प्रभारी आलोक साहू, एसआई नंदकिशोर वैष्णव और प्रधान आरक्षक तैजान ध्रुव को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. कैसे पकड़ा गया मामला शनिवार रात गातापार में वाहनों की जांच के लिए बैरियर लगाया गया था. इसी दौरान मध्यप्रदेश से आ रही एक कार को रोका गया. तलाशी में सीट के भीतर से सोने के करीब 10 किलो का जखीरा मिला. दावा ये है कि कार सवारों के पास सोने से जुड़े किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मौजूदगी नहीं थी, दावा एक ये भी है कि उस व्यापारी के पास इसके बिल मौजूद है और व्यापारी रायपुर सराफा बाजार का एक बड़ा व्यापारी है और वे सालाना 500 करोड़ से अधिक का टर्नओवर करते है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह सोना महाराष्ट्र से एमपी होते हुए गातापार के जंगल के रास्ते छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था. योजना इसे खैरागढ़ के ग्रामीण इलाकों से होकर रायपुर तक पहुंचाने की थी. गाड़ी का नंबर ट्रेस कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी गई है. कुछ सूत्रों ने गोल्ड की ज्वेलरी के जगह कच्चे सोने की बात भी कही है, ये पुलिस की जांच में पता चलेगा कि ये ज्वेलरी थी या कच्चा सोना. चेकिंग पाइंट पर हुई डील? जानकारी के मुताबिक, कार को चेक पाइंट में लंबे समय तक रोके रखा गया. इस दौरान कुछ स्थानीय व्यापारी वहां पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की. थाना प्रभारी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को देने के बजाय मात्र 2 हजार रुपए का चालान काटकर गाड़ी को छोड़ दिया. घटना की भनक लगते ही एसपी लक्ष्य शर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया.

टीकमगढ़ में 18 कॉलोनियों पर रोक, कलेक्टर ने अवैध घोषित किया प्लॉट और नामांतरण; राजनीतिक कॉलोनी भी प्रभावित

टीकमगढ़ टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने शहर की 18 कॉलोनियों को अवैध घोषित करते हुए उनके प्लॉट विक्रय और नामांतरण पर तत्काल रोक लगा दी है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश नगर पालिका नियम 2021 के तहत की गई है। आदेश के अनुसार, ये कॉलोनियां अनधिकृत तरीके से विकसित की गई थीं और नगर पालिका के मानकों का पालन नहीं कर रही थीं। कलेक्टर ने बताया कि कॉलोनी विकसित करते समय नियमों के अनुसार केवल 65% एरिया ही बेचा जा सकता है। शेष भूमि पर सड़क, गार्डन, मंदिर और सीवर लाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, लेकिन किसी भी कॉलोनी में इन नियमों का पालन नहीं किया गया। इस कार्रवाई में भाजपा नेता की कॉलोनी सहित 18 लोगों के नाम शामिल हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह पहली कार्रवाई है, जिसके तहत प्लॉट विक्रय और नामांतरण पर रोक लगाई गई है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दूसरी कार्रवाई में मामले दर्ज होंगे और तीसरी कार्रवाई के तहत अवैध कॉलोनियां तोड़ी जाएंगी। कलेक्टर ने कहा कि नियमों की अनदेखी से भविष्य में आम नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड को भी पत्र लिखा है ताकि शहर को नियमों के अनुसार विकसित किया जा सके। भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत ने कहा कि वह इस मामले पर कलेक्टर से चर्चा करेंगी। 

हरियाणा के नाम नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब

रोहतक  हिमाचल प्रदेश के ऊना में आयोजित नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हरियाणा की महिला और पुरुष टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने दिल्ली को 3-0 से हराया। हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र सिंह और महासचिव अजय सिंघानिया ने खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी। सिंघानिया ने बताया कि पुरुष टीम में गगन, मनराज सिंह, गौतम अरोड़ा सहित 10 खिलाड़ी और महिला टीम में उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब, देविका सिहाग समेत 10 खिलाड़ी शामिल थे। टीम के कोच रवि सिंगला रहे। उल्लेखनीय है कि नेशनल महिला सिंगल खिताब पिछले तीन वर्षों से हरियाणा के पास है।

पुलिस विभाग में हलचल: जहानाबाद के 47 अधिकारियों का स्थानांतरण

जहानाबाद जहानाबाद जिले में आगामी दशहरा पूजा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के आदेश पर जिले के 47 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया, जिनमें 19 थानाध्यक्ष शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कदम जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और थानों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी थाना अध्यक्षों का निरीक्षण किया गया और जिन अधिकारियों ने अपने कार्यों में पर्याप्त सजगता नहीं दिखाई, उन्हें नए पदों पर स्थानांतरित किया गया। इस फेरबदल के बाद उम्मीद है कि सभी थाना अध्यक्ष अपने कार्य के प्रति अधिक सजग रहेंगे और जिले में पुलिसिंग में पारदर्शिता और गति बढ़ेगी। तबादले के प्रमुख विवरण इस प्रकार हैं:     सदर थाना प्रभारी दिवाकर कुमार विश्वकर्मा को मखदुमपुर थाना का प्रभारी बनाया गया।     मखदुमपुर थाना प्रभारी ओम प्रकाश को सदर अंचल निरीक्षक बनाया गया।     शकुराबाद थाना प्रभारी मोहन प्रसाद को सदर थाना, हुलासगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार को टेहटा, टेहटा थाना प्रभारी सुमन को कड़ौना, और कड़ौना थाना प्रभारी पवन कुमार दास को ओकरी स्थानांतरित किया गया।     घोषी थाना प्रभारी ददन प्रसाद को कल्पा, सदर अंचल निरीक्षक परमानंद लाल करण को घोसी का प्रभारी बनाया गया।     अन्य स्थानांतरण में काको, परसबिगहा, अनुसूचित जनजाति थाना, भेलावर, उमता, वाणावर, सिकरिया, विष्णुगंज और पाली थाना शामिल हैं। इस बड़े फेरबदल के बाद जिले में पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। सभी स्थानांतिरत अधिकारियों को तुरंत नए पदों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इस कदम से जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही पुलिसिंग में गति और पारदर्शिता बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।

नरेंद्र सिंधु की वीरता को सलाम: कुलगाम में शहीद हुए जवान को लोगों ने किया भावभीनी श्रद्धांजलि

कैथल जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के गुद्दार ऑपरेशन में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए कैथल जिले के नरेंद्र सिंधु (28) का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर उनके पैतृक गांव रोहेड़ा पहुंचा, जहां हजारों नम आंखों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। घर पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरा वातावरण भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। शहीद नरेंद्र सिंधु अमर रहे के नारों से पूरा गांव मानों गूंज रहा हो। नरेंद्र की शहादत के बाद उनकी मां रोशनी देवी गुमसुम बैठी हैं। नम आंखों से उन्होंने कहा कि बचपन में बेटा कहता था कि बड़ा होकर सेना में जाऊंगा और उसने अपना सपना पूरा कर लिया। परिजनों के मुताबिक नरेंद्र करीब आठ साल पहले फौज में भर्ती हुए थे। इस समय वे राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। चार साल पहले ही उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में हुई थी। वे अभी अविवाहित थे। नरेंद्र अंतिम बार करीब साढ़े तीन महीने पहले अपने घर पर छुट्टी पर आए थे। करीब एक महीना घर रहने के बाद करीब तीन महीने पहले वे अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। गत सोमवार को उनके शहीद होने की सूचना कैथल पहुंची थी। इसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नरेंद्र ने अपनी 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की और बाद में सेना की तैयारी की और सेना में भर्ती हो गए। उनके परिवार में पिता दलबीर सिंह किसान हैं और माता रोशनी देवी गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। बहनों की शादी हो चुकी है। उधर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जम्मू कश्मीर के कुलगांव में आतंकवादियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए हरियाणा की माटी के वीर सपूत गांव रोहेड़ा निवासी शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि इस दुख की घड़ी में हम सब शहीद परिवार के साथ एकजुट हैl पिता किसान, मां गृहिणी, दो बहनें और एक भाई नरेंद्र का जन्म 5 अक्टूबर 1996 को गांव रोहेड़ा में हुआ था। उन्होंने अपनी 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई गांव के एक प्राइवेट स्कूल से की थी। पिता दलबीर सिंह किसान हैं और माता रोशनी देवी गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। बहनों की शादी हो चुकी है। नरेंद्र का छोटा भाई वीरेंद्र अमेरिका में रहता है। वह 2023 में अमेरिका में गया था, जहां अब वह एक होटल में सहायक की नौकरी करता है। 4 साल पहले ही श्रीनगर हुई थी पोस्टिंग वर्तमान में नरेंद्र राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। 4 साल पहले ही उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में हुई थी। अभी तक नरेंद्र की शादी नहीं हुई थी। ताऊ के बेटे विक्रम ने बताया कि नरेंद्र की शादी के बारे में परिवार के लोगों की बातचीत चल रही थी। परिवार का कहना था कि जम्मू कश्मीर में नरेंद्र की ड्यूटी का समय पूरा होने वाला था। उन्होंने नया घर बनाया था। वह अक्टूबर में छुट्टी आने वाले थे।

भाजपा उज्जैन: नगर और ग्रामीण स्तर के नए जिला पदाधिकारी घोषित, देर रात हुई सूची जारी

उज्जैन  राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चा के बीच भाजपा की नगर व ग्रामीण स्तर पर नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों(MP BJP District Executive) की सूची मंगलवार देररात 12.30 बजे जारी की। इसमें नगर में 5 उपाध्याक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, एक कोषाध्यक्ष और एक जिला कार्यालय मंत्री के रूप में 18 पदाधिकारी के नामों की घोषणा की गई। इसी तरह ग्रामीण में 7 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 6 मंत्री, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय मंत्री के रूप में 17 पदाधिकारी घोषित किए। नगर कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी की सहमति से भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने उज्जैन ग्रामीण के नवनियुक्त पदाधिकारियों(MP BJP District Executive) की घोषणा की, वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी नगर स्तर के नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। शहर कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े नामों की प्रमुखता है। नगर पदाधिकारियों में उमेश सिंह सेंगर, कल्याण शिवहरे, सोनल जोशी, अशोक कैथवास और शैलेंद्र शर्मा को उपाध्यक्ष बनाया। आनंद सिंह खिंची, जगदीश पांचाल और कमल बैरवा को महामंत्री, सुभाष डोडिया, विजय चौधरी, जितेंद्र कृपलानी, प्रेमलता बैंडवाल, कांता विश्वकर्मा, वर्षा कछवाय, विजय दीक्षित और पवन विश्वकर्मा को मंत्री बनाया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रकाश यादव और कार्यालय मंत्री अनिल शिंदे को सौंपी है। उज्जैन ग्रामीण उज्जैन ग्रामीण में पदम सिंह पटेल, राजेंद्र अवाना, संदीप व्यास, पंकज यादव, महिपाल सिंह उमठ, अनिल यादव, अश्विन दिंडोरकर को जिला उपाध्यक्ष, राकेश यादव, श्याम शर्मा जिला महामंत्री, विजय चौधरी, रितु पाटीदार, कृष्णा सूर्यवंशी (अजा), वर्षा पाटोदी, अजीता परमार (अजा), निरंजन मेहता को जिला मंत्री बनाया गया। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी ज्योति पलोड़ को दी गई है। सुमेर सिंह कालूहेड़ा को जिला कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं। सूची जारी होते ही शहर में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी। वायरल सूची को नकारते रहे एक सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी, जिसमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री सहित अन्य पदों के नाम सामने आए थे। विशेष बात यह रही कि वायरल सूची से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। उत्सव की तैयारी जैसे ढोल-बाजे व आतिशबाजी तक की खबरें सामने आईं, लेकिन भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और प्रचार प्रमुख दिनेश जाटवा ने इसे आधिकारिक नहीं बताया। प्रचार प्रमुख ने स्पष्ट किया था कि सूची अभी प्रदेश स्तर पर होल्ड पर है और जल्द जारी की जाएगी। फिर देर रात 12:30 बजे दोनों नगर व ग्रामीण पदाधिकारी सूची आधिकारिक रूप से जारी की गई।

इरफान अंसारी ने 91 CHO को नियुक्ति पत्र दिए, कहा- नौकरी के साथ सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी

रांची झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित भव्य समारोह में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आप सबको चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन डरना मत, हम नौकरी दिए हैं तो आपकी हिफाजत भी करेंगे।उन्होंने कहा कि पदभार संभालने के बाद से लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाने का काम हो रहा है। पिछले 25 वर्षों में जो सुधार नहीं हो पाया, उसे अब तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। बोकारो दौरे का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि लोगों ने मुझे बताया कि अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन नहीं होने से कितनी आर्थिक और मानसिक पीड़ा उठानी पड़ती है। यह बात मुझे दिल पर लगी। मैंने तुरंत फ़ैसला किया – अब सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। डॉ. अन्सारी ने अपने संबोधन में जोश और जज़्बे के साथ कहा कि मैं जो कहता हूं, वो करके दिखाता हूं। यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के लिए सख़्त फ़ैसले लेने पड़ेंगे। कुछ लोग इसका विरोध करेंगे, अफवाह फैलाएंगे। उन्होंने शायरी सुनाकर माहौल गूंजा दिया, कहा- यहां मजबूत से मजबूत लोहा टूट जाता है, कई झूठे इकट्ठा हों तो सच्चा टूट जाता है।'' मंत्री ने कहा कि राज्य में 2100 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल बनने जा रहा है। अब किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों और किडनी ट्रांसप्लांट के लिए झारखण्ड के लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने मेडिको सिटी और छह नए मेडिकल कॉलेजों को समय पर पूरा करने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मेरे सभी संकल्प आने वाले 1-2 सालों में नतीजे के रूप में सामने होंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखण्ड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य ने बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं।''