samacharsecretary.com

1 अक्टूबर का दैनिक राशिफल: आज आपकी किस्मत में क्या है छुपा?

मेष राशि- आज का दिन आपके लिए आर्थिक रूप से अच्छा रहने वाला है। आज किसी करीबी दोस्त की मदद से कुछ व्यापारियों को धन लाभ होने की संभावना है। शाम के समय आपको किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सफलता भरा दिन है, क्योंकि उन्हें लंबे समय से पहचान मिलेगी। आप अपने जीवन का सबसे अच्छा दिन अपने जीवनसाथी के साथ बिताएंगे। वृषभ राशि- आज अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें। आज आपको प्रोजेक्ट में सफलता मिल सकती है। रोमांटिक लाइफ अच्छी रहेगी। परिवार के सदस्यों के साथ अच्छा समय बिताएंगे। कलीग आपके काम की तारीफ करेंगे। आर्थिक रूप से दिन अच्छा रहने वाला है। भाई-बहन के साथ रिश्ते में सुधार होगा। मिथुन राशि- आज खान पान में लापरवाही न बरतें। आज किसी पेंडिंग पेमेंट को कर सकते हैं और आर्थिक लाभ होने से आपकी धन की स्थिति में सुधार होगा। घर में मेहमानों का आगमन होगा। कार्यस्थल पर आपको अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। कर्क राशि- आज आप अपना कर्ज चुकाने में सफल हो सकते हैं। कार्यस्थल पर आपको नई भूमिका अदा करने का अवसर मिलेगा। उच्चाधिकारियों का सहयोग मिलेगा। परिवार को उचित समय दें। जीवनसाथी के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करें। अपनी वाणी पर कंट्रोल रखने की कोशिश करें क्योंकि आपके कठोर शब्द घर की शांति को खराब कर सकते हैं। व्यवसायियों के लिए अच्छा दिन है। सिंह राशि- आज प्रेग्नेंट महिलाओं को अपना खास ध्यान रखने की जरूरत है। कारोबारियों की स्थिति मजबूत होगी। आप कोई अहम फैसले ले सकते हैं। आज आपके लिए प्यार हवा में रहने वाला है। शादीशुदा जातकों के लिए यह लव लाइफ के लिहाज से शानदार दिन रहने वाला है। सिंगल जातकों की लाइफ में किसी खास शख्स की एंट्री हो सकती है। हालांकि खर्च की अधिकता आपके मन को परेशान कर सकती है। कन्या राशि- आज आपका मन प्रसन्न रहेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। संतान की ओर से सुखद समाचार मिल सकता है। माता की सेहत का ध्यान रखें। धर्म में अतिवादी न बनें। पिता के सहयोग से आर्थिक लाभ हो सकता है। तुला राशि- आज आपको शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए दिन की शुरुआत एक्सरसाइज से करनी चाहिए। निवेश के अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। धन की स्थिति में सुधार होगा। व्यापार करने वालों के लिए नए ग्राहकों के साथ बातचीत करने का यह एक शानदार दिन है। यात्रा लाभकारी रहने वाली है। वृश्चिक राशि- आज आपके मन में शांति व प्रसन्नता रहेगी। आत्मविश्वास भी भरपूर रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। सुखद समाचार मिल सकता है। आय में वृद्धि होगी। भूमि, भवन व वाहन की खरीदारी संभव है लेकिन गृहकलह भी हो सकती है। धनु राशि- आज का दिन आपके लिए मौज-मस्ती वाला रहने वाला है। आपको धन लाभ होने की संभावना है। व्यापारियों को आज प्लानिंग के साथ अपने काम के विस्तार में बढ़ना चाहिए। जीवनसाथी की जरूरतों को पूरा करने में सफल रहेंगे। परिवार के साथ धार्मिक यात्रा का योग बन सकता है। मकर राशि- आज आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी लेकिन आय से ज्यादा व्यय होने के कारण मन परेशान भी हो सकता है। माता की सेहत में सुधार होगा। कारोबार में किसी मित्र के सहयोग से बदलाव होगा। यात्रा में लाभ के संकेत हैं। कुंभ राशि- आज आपको प्रेम-संतान का साथ मिलेगा। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। काम पर सीनियर्स का सहयोग मिलेगा। आर्थिक रूप से आपके अच्छे दिनों की शुरुआत संभव है। रिश्तेदारों के कारण आज आपको मानसिक तनाव भी हो सकता है। व्यापारिक स्थिति सुदृढ़ होगी। मीन राशि- आज आपको जीवनसाथी के साथ बहस से बचना चाहिए, वरना इसका असर रिश्ते पर पड़ सकता है। भविष्य के लिए धन बचाने पर जोर दें, वरना आर्थिक परेशानी का सामना करना प़ड़ सकता है। व्यावसायिक रूप से आप अच्छे रहेंगे।

हिमाचल को केंद्र से 1500 करोड़ का फंड नहीं, सीएम सुक्खू ने सीमेंट कीमतों और वेतन मुद्दे पर साधा निशाना

शिमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपदा के समय हिमाचल के लिए 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की थी, लेकिन अब तक पैसा नहीं मिला है। ओक ओवर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि यह पैसा हिमाचल को कब मिलेगा। प्रदेश को आपदा से उबरने के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। प्रदेश गंभीर प्राकृतिक आपदा व बाढ़ से हुए नुकसान का सामना कर रहा है। प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से जहां तक संभव था, आपदा प्रभावितों की हरसंभव मदद की। इस तरह की परिस्थितियों में केंद्र सरकार को वित्तीय सहायता देने का काम करना चाहिए। सीमेंट दाम पर भी दी प्रतिक्रिया सीमेंट दाम और जीएसटी पर सरकार का पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सीमेंट पर कोई अतिरिक्त टैक्स नहीं लगाया है। बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जीएसटी से सबसे अधिक नुकसान हिमाचल जैसे छोटे राज्यों को हुआ है। जीएसटी स्लैब कम किए जाने से राज्य को सालाना एक हजार करोड़ का नुकसान होगा। पहले केंद्र सरकार ने जीएसटी मुआवजा धनराशि बंद की और उसके बाद जीएसटी दरों को संशोधित किया। जिसका परिणाम ये निकला कि प्रदेश को सर्वाधिक नुकसान हो रहा है। लंदन दौरे पर विपक्ष को दिया जवाब, मैं एक बेटी का पिता भी हूं मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने निजी लंदन दौरे को लेकर विपक्ष की आलोचना पर जवाब देते हुए कहा कि यह दौरा पूरी तरह निजी था। मैं अपनी बेटी का एडमिशन कराने गया था। इस दौरान सरकार का एक भी रुपया खर्च नहीं हुआ। मैं एक बेटी का पिता भी हूं और मेरी पारिवारिक जिम्मेदारियां है। बिना मुख्यमंत्री की अनुमति कोई विदेशी दौरा संभव ही नहीं हो सकता उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल के विदेश दौरे पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जिस अधिसूचना को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उस पर किसी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना मुख्यमंत्री की अनुमति कोई विदेशी दौरा संभव ही नहीं हो सकता। प्रदेश में पुलिस महानिदेशक की नियमित नियुक्ति को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि अभी उनका ट्रायल टाइम चल रहा है। कर्मचारियों को समय पर वेतन में देरी मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वीकार किया कि राज्य इस समय आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले चार से पांच महीनों तक राज्य पर्यटन विकास निगम और राज्य पथ परिवहन निगम कर्मचारियों को वेतन मिलने में देरी हो सकती है। हालांकि सरकार पेंशन और वेतन समय पर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वित्तीय संकट का ठीकरा पिछली भाजपा सरकार पर फोड़ा और कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की गलत नीतियों के कारण मौजूदा स्थिति बनी। इसके बावजूद राज्य सरकार आपदा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने का काम जारी रखेगी।  

ED की बड़ी कार्रवाई: 15 ठिकानों पर छापेमारी, 2 करोड़ कैश और विदेशी करेंसी बरामद

गुरुग्राम नया गुरुग्राम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पणजी जोनल कार्यालय ने 28 और 29 सितंबर 2025 को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) 1999 के तहत बड़ी कार्रवाई की। यह छापामारी गोवा, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और राजकोट स्थित 15 ठिकानों पर की गई। यह कार्रवाई मेसर्स गोल्डन ग्लोब होटल्स प्रा लि, मेसर्स वर्ल्डवाइड रिज़ॉर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट प्रा लि. और गोवा के बिग डैडी कसीनो से जुड़े मामलों में हुई। ईडी की तलाशी में लगभग 2.25 करोड़ नकद, 14,000 अमेरिकी डॉलर, और अन्य विदेशी मुद्रा करीब 8.50 लाख के बराबर जब्त किए गए। वहीं, जांच में पता चला कि कसीनो में ग्राहकों को विदेशी मुद्रा के बदले पोकर चिप्स दिए जाते थे और जीत की राशि भी विदेशी मुद्रा में लौटाई जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि पोकर खिलाड़ियों के क्रिप्टो वॉलेट्स का इस्तेमाल लेन-देन के लिए किया जा रहा था। अंगड़िया सेवाओं और क्रिप्टो वॉलेट्स के जरिए दुबई सहित कई देशों में यूएसडीटी ट्रांसफर किए जाते थे। साथ ही कई म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल जुए की रकम जमा और निकालने के लिए किया जा रहा था जिसे बाद में विदेशों में भेजा जाता था। वहीं, कार्रवाई के दौरान 90 लाख से अधिक मूल्य के यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) को फ्रीज किया गया। साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं, जिनसे फेमा के उल्लंघन और हवाला/क्रिप्टो लेन-देन की पुष्टि होती है। ईडी के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।

गाज़ा राहत बेड़े पर विवाद: इजरायल ने लगाया हमास से जुड़े होने का आरोप

तेल अवीव  इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को दावा किया कि गाजा पट्टी में बरामद हमास के आधिकारिक दस्तावेजों से पता चला है कि गाजा जाने वाले 'सुमुद' बेड़े का हमास से सीधा कनेक्शन है। वो ही इसके लिए फंड जुटाता है और अपनी इच्छानुसार इसका उपयोग करता है। इजरायली विदेश मंत्रालय ने सोमवार को हमास के दस्तावेजों के कुछ अंश (अनुवाद और तस्वीरों के साथ) जारी किए, जिनमें फ्लोटिला के कुछ आयोजक वरिष्ठ हमास नेताओं के साथ दिखाई दे रहे हैं। इजरायली विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "गाजा पट्टी में मिले हमास के दस्तावेज, और पहली बार सार्वजनिक किए जा रहे दस्तावेज, फ्लोटिला नेताओं और हमास आतंकवादी संगठन के बीच सीधा संबंध दर्शाते हैं। जहां गाजा पट्टी में हमास आंतरिक गतिविधियों के लिए जिम्मेदार है, वहीं विदेश में बैठा हमास गाजा पट्टी के बाहर की गतिविधियों के लिए जिम्मेदार है। फिलिस्तीनी कॉन्फ्रेंस फॉर फिलिस्तीनी अब्रॉड (पीसीपीए) ऑर्गेनाइजेशन पर ये दस्तावेज खास जोर देते हैं, जो हमास का अधीनस्थ है और आंदोलन की एक शाखा के रूप में कार्य करता है।" बयान के अनुसार, पीसीपीए की स्थापना 2018 में हुई थी, और यह विदेशों में हमास के प्रतिनिधि निकाय के रूप में कार्य करता है और हमास के दूतावासों के रूप में कार्य करता है। बयान में कहा गया है कि यह संगठन नागरिक सुरक्षा के नाम पर काम करता है और हमास की ओर से इजरायल के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों, मार्च और उकसावे की गतिविधियों में शामिल है। मंत्रालय ने कहा, "पहला आधिकारिक हमास दस्तावेज गाजा पट्टी में मिला – 2021 का एक पत्र जिस पर हमास राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख इस्माइल हनीयेह ने हस्ताक्षर किए थे, जिसमें सीधे और स्पष्ट रूप से पीसीपीए अध्यक्ष से एकता का आह्वान किया गया था। पत्र में, हनीयेह ने सार्वजनिक रूप से पीसीपीए संगठन का समर्थन किया है। यह ध्यान देने योग्य है कि इजरायल ने 2021 में पीसीपीए को हमास की एक शाखा होने के कारण एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था।" दूसरा आधिकारिक हमास दस्तावेज पीसीपीए कार्यकर्ताओं की एक सूची है, जिनमें से कुछ उच्च पदस्थ, जाने-माने हमास कार्यकर्ता हैं। बयान में विस्तार से बताया गया है, "सूची में जहीर बिरावी का नाम भी शामिल है, जो यूके में पीसीपीए के हमास सेक्टर के प्रमुख हैं और पिछले 15 वर्षों से गाजा पट्टी में प्रदर्शनकारी बेड़ों के नेता के रूप में जाने जाते हैं (दस्तावेज में उनका नाम 19वां ​​है), और सैफ अबू कश्क (दस्तावेज में उनका नाम 25वां है), जो स्पेन में संगठन का एक कार्यकर्ता है। यह दस्तावेज गाजा पट्टी में हमास की एक चौकी से मिला था और यह बेड़े के नेताओं और हमास के बीच सीधे संबंध को फिर से साबित करता है।" इसमें आगे कहा गया है, "हमास से संबद्ध पीसीपीए कार्यकर्ता होने के अलावा, अबू कश्क स्पेन की एक मुखौटा कंपनी साइबर नेप्च्यून के सीईओ भी हैं, जिसके पास 'सुमुद' बेड़ों में भाग लेने वाले दर्जनों जहाज हैं। इस प्रकार, ये जहाज गुप्त रूप से हमास के स्वामित्व में हैं।"

एकनाथ शिंदे का पलटवार: चिदंबरम का बयान कांग्रेस की हार का स्वीकारोक्ति

मुंबई  पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के 2008 आतंकी हमले को लेकर दिए हालिया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह उनकी नाकामी का सबूत है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा। शिंदे ने पी. चिदंबरम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "यह उनकी नाकामी का सबूत है। उन्होंने अपनी असफलता स्वीकार कर ली है। हमारे लोग मारे गए, और पाकिस्तान के दबाव में न आकर हमला न करना कायरता है।" उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने अपराध किया, लेकिन भारतीय सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्रवाई को मंजूरी देकर देश को गौरव प्रदान किया।" विपक्ष को घेरते हुए शिंदे ने कहा, "विपक्ष हमारी सेना पर सवाल उठाता है, लेकिन उन्हें यह पूछना चाहिए कि कितने नागरिक मारे गए। यह देशभक्ति नहीं, बल्कि पाकिस्तान प्रेम है।" महाराष्ट्र में हाल की बाढ़ ने कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा, "ऐसी कठिन परिस्थितियों में लोगों का सब कुछ बह गया है। सरकार उनके साथ खड़ी है।" उन्होंने बताया कि कैबिनेट बैठक में बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रदान करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। सरकार नियमों और प्रतिबंधों को दरकिनार कर किसानों, महिलाओं और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करेगी। शिंदे ने कहा, "हम भोजन और राशन किट वितरित कर रहे हैं। शिवसेना पीड़ितों के साथ है, यह हमारा कर्तव्य है।" शिंदे ने विपक्ष को घेरते हुए कहा, "कुछ लोग केवल आलोचना करते हैं, लेकिन सरकार जनता के हित में काम कर रही है। बाढ़ राहत कार्यों के साथ-साथ, सरकार ने किसानों के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की। हमारी प्राथमिकता प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुंचाना है।"

एयर होस्टेस नौकरी का झांसा देकर चैतन्यानंद ने लड़कियों को बनाया शिकार, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस

नई दिल्ली लड़कियों के यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार आरोपी बाबा चैतन्यानंद से दिल्ली पुलिस की पूछताछ जारी है। पुलिस जांच में बाबा के मोबाइल फोन से लड़कियों की कई ऐसी तस्वीरें मिली हैं, जो चोरी-छिपे खींची गई लगती हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बाबा ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर लड़कियों से बातचीत की। खासतौर पर एयरलाइंस में एयर होस्टेस बनाने का वादा कर उन्हें फंसाया गया। आरोपी बाबा ने अपने ऑफिस को स्वीट रूम की तरह सजाया था, जहां लड़कियों को टॉर्चर और छेड़खानी का शिकार होना पड़ा। बाबा योग करती लड़कियों को वीडियो और फोटो सेंड करने के लिए बोलता था। लड़कियों को लुभाने के लिए ज्वेलरी गिफ्ट देता था। चैतन्यानंद पर तीन लड़कियों ने आरोप लगाया था। पुलिस उन तीनों लड़कियों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, तीनों आपस में बहन लगती हैं। मोबाइल फोन की जांच में मिली चैट से पता चला है कि बीते गुरुवार और शुक्रवार को भी बाबा लड़कियों से संपर्क में था। आरोपी ने धमकी देने के लिए सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के नाम का भी इस्तेमाल किया। जब पुलिस की गिरफ्त से बाबा फरार था, तब वह लंदन के एक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों महिलाओं से आगे की पूछताछ कर रही है, जिससे पूरी गुत्थी सुलझाई जा सके। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 28 सितंबर को चैतन्यानंद को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

ACC AGM में हंगामा: एशिया कप ट्रॉफी कहां रखी गई, BCCI और मोहसिन नकवी की बयानबाज़ी

दुबई  भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में भारत को एशिया कप 2025 की विजेता ट्रॉफी प्रदान न किए जाने पर ‘कड़ा ऐतराज’ जताया, लेकिन एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अपने रुख पर बरकरार हैं। भारत को रविवार को ट्रॉफी नहीं दी गई थी क्योंकि भारतीय टीम ने पाकिस्तान सरकार में मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस एजीएम में बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेलार ने किया। एशिया कप की ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी के कार्यालय में ही रखी हुई है और यह अब भी स्पष्ट नहीं है कि इसे विजेता टीम के पास कब तक पहुंचाया जाएगा।   ‘नकवी अब भी ट्रॉफी देने पर सहमत नहीं’ एसीसी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘ट्रॉफी न सौंपे जाने और मैच के बाद पुरस्कार समारोह के दौरान एसीसी अध्यक्ष (नकवी) द्वारा किए गए कारनामों पर भारत ने आज की बैठक में कड़ा ऐतराज जताया।’’ सूत्र ने आगे कहा, ‘‘शुक्ला ने स्पष्ट रूप से कहा कि ट्रॉफी विजेता टीम को सौंपी जानी चाहिए। यह एसीसी की ट्रॉफी है और किसी एक व्यक्ति की नहीं है।’’ उन्होंने बताया कि नकवी हालांकि अब भी ट्रॉफी देने पर सहमत नहीं हुए हैं। सूत्र कहा, ‘‘शुक्ला और शेलार ने स्पष्ट रूप से कहा कि ट्रॉफी विजेता टीम को सौंप दी जानी चाहिए। यह एसीसी की ट्रॉफी है और किसी एक व्यक्ति की नहीं है। नकवी ने इससे मना नहीं किया, लेकिन वह जिम्मेदारी टाल रहे थे।’’ ‘नकवी को करनी पड़ी भारत की तारीफ’ उन्होंने कहा, ‘‘नकवी इस बात पर अड़े रहे कि इस मामले पर एजीएम में चर्चा नहीं होनी चाहिए और इसे किसी और समय अलग से उठाया जाना चाहिए। बैठक का एकमात्र एजेंडा उपाध्यक्ष का चुनाव करना था, लेकिन उसे भी टाल दिया गया।’’ यह पता चला है कि नकवी ने एशिया कप जीतने के लिए बीसीसीआई सदस्यों को बधाई नहीं दी लेकिन शेलार द्वारा जोर दिए जाने पर उन्हें सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली अजेय टीम की औपचारिक रूप से प्रशंसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सूत्र ने कहा, ‘‘जब बैठक शुरू हुई, तो अध्यक्ष (नकवी) ने अपनी संक्षिप्त शुरुआती टिप्पणी में वेस्टइंडीज के खिलाफ नेपाल को जीतने और एसीसी सदस्य बनने के लिए मंगोलिया को बधाई देकर अपनी बात समाप्त कर दी।’’ BCCI इस मामले को ICC के पास ले जाएगा उन्होंने कहा, ‘‘तभी शेलार ने यह सवाल उठाया कि ‘आप एशिया कप खिताब के लिए भारत को बधाई क्यों नहीं दे रहे हैं?’ उन्होंने नकवी को बधाई देने के लिए मजबूर किया और पीसीबी प्रमुख सहमत हुए और विधिवत बधाई दी।’’ बीसीसीआई अब इस मामले को आईसीसी के पास ले जाएगा, जिसकी बैठक नवंबर में होनी है। सूत्र ने कहा, ‘‘शुक्ला और शेलार ने तर्क दिया कि एसीसी को ट्रॉफी कार्यालय में रखनी चाहिए और बीसीसीआई उसे वहां से एकत्र करवा लेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम वैध विजेता के रूप में ट्रॉफी चाहते हैं।' नकवी इसके लिए मना नहीं कर रहे थे, लेकिन साथ ही जिम्मेदारी भी टाल रहे थे।’’ 'कार्टून जैसा महसूस कर रहे थे नकवी' सूत्र ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट कर दिया गया था कि बीसीसीआई आईसीसी से शिकायत करेगा और शेलार संक्षेप में बैठक छोड़कर चले गए।’’ सूत्र ने यह भी बताया कि नकवी ने कहा कि वह विजयी भारतीय टीम का मंच पर इंतजार करते समय ‘एक कार्टून जैसा’ महसूस कर रहे थे और शर्मिंदा थे। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ तीन बार खेला और फाइनल सहित हर बार भारत जीता। इस आयोजन के दौरान भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ ‘हाथ न मिलाने की नीति’ अपनाई, जिससे पीसीबी नाराज हो गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच शत्रुता चरम पर है, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 भारतीय पर्यटकों को गोली मार दी थी। भारत ने इसके बाद सीमा पार आतंकी ढांचों को नष्ट करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सैन्य कार्रवाई शुरू की थी।  

ऑफिस में हड़कंप: बोर्ड मीटिंग के दौरान महिला ने कपड़े उतारे, सब रह गए दंग!

वाशिंगटन  अमेरिका के स्कूल में बीते दिनों चल रही एक बोर्ड मीटिंग में एक महिला की वजह से हड़कंप मच गया। दरअसल महिला मीटिंग में बीच अचानक एक-एक कर अपने कपड़े उतारने लगी और सिर्फ बिकनी पहनकर अपना भाषण देने लगी। मामला कैलिफोर्निया का है। न्यू यॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक महिला की पहचान बेथ बॉर्न के रूप में हुई है, जो पहले भी इस तरह के विवाद खड़े कर चुकी है। दरअसल महिला जिले की उस नीति का विरोध कर रही थी, जिसके मुताबिक ट्रांसजेंडर छात्रों को उनकी पसंद के लॉकर रूम और वॉशरूम का इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी गई है। महिला मॉम्स फॉर लिबर्टी नाम की एक संस्था की अध्यक्ष है। यह वाकया बीते 18 सितंबर को हुआ जब वह डेविस जॉइंट यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की मीटिंग में भाग लेने पहुंची थी। कपड़े उतारने हुए महिला कहने लगी, “मैं डेविस यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट की एक अभिभावक हूं, और मैं आज यहां जूनियर हाई स्कूलों के लॉकर रूम के लिए आपकी नीतियों पर बात करने आई हूँ। एमर्सन, होम्स, हार्पर जूनियर हाई। अभी, हम अपने छात्रों को फिजिकल एजुकेशन की क्लासेस के लिए कपड़े उतारने के लिए कहते हैं। इसलिए मैं आपको बस यह बताने जा रही हूं कि जब मैं कपड़े उतारती हूं तो उन्हें कैसा लगता है।” महिला ने कहा है कि वह अपने कपड़े उतारकर यह दिखाना चाहती थीं कि मौजूदा नियमों के तहत लड़कियां कितनी असुरक्षित महसूस कर सकती हैं। जैसे ही उसने अपने कपड़े उतारने शुरू किए, बैठक में अफरा-तफरी मच गई और बोर्ड के सदस्यों ने बैठक स्थगित कर दी।

‘गर्व’ का पल: पुतिन की उपलब्धि और डोनबास को लेकर बढ़ता विवाद

मास्को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। जिसमें एक खास संदेश था। इसमें उन क्षेत्रों का उल्लेख था जो यूक्रेन के प्रभाव में थे और काफी अशांत रहे, बाद में रूस ने उन्हें मान्यता दी। मास्को के आरटी न्यूज ने पुतिन की बात का सार समझाया। जिसके मुताबिक पुतिन ने कहा, “हमने अपने मूल राष्ट्रीय हित, साझा स्मृति, मूल्य, रूसी भाषा, परंपराओं, संस्कृति और धर्म की रक्षा की है। साथ ही, अपने पूर्वजों की उपलब्धियों का सम्मान करना हमारा पवित्र अधिकार है।” 30 सितंबर को रूस 'एकीकरण दिवस' मनाता है। डोनेट्स्क और लुहान्स्क पीपुल्स रिपब्लिक, साथ ही खेरसन और जापोरिज्जिया के रूस से जुड़ाव की बात पुतिन ने कही। पुतिन ने गर्व से कहा, "हमें जो करना था, वह किया, और हमें इस पर गर्व है।" लेकिन इस कहानी में सिर्फ गर्व ही नहीं है। यह कदम 'अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादास्पद' माना गया है। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने इसे कानूनी रूप से मान्यता नहीं दी है। फिर भी, रूस इसे अपने 'ऐतिहासिक और सांस्कृतिक हितों की रक्षा' के रूप में पेश करता है। इस कहानी के दो अहम पहलू हैं! पहला सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव – पुतिन इसे सिर्फ भू-राजनीति नहीं, बल्कि रूसी संस्कृति और परंपराओं के सम्मान के रूप में देखते हैं। दूसरा विवादास्पद अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया – पश्चिमी देश और यूक्रेन इसका विरोध करते हैं तो पुतिन इसे नजरअंदाज करते हैं। 2014 में कीव में तख्तापलट के बाद, मुख्यतः रूसी भाषी क्षेत्रों डोनेट्स्क और लुगांस्क ने स्वतंत्रता की घोषणा के लिए मतदान किया था। उसी वर्ष क्रीमिया ने रूस में शामिल होने के लिए मतदान किया था। यूक्रेन और अधिकांश देश रूस की नई सीमाओं को मान्यता देने से इनकार करते हैं। डोनबास दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन में स्थित एक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षेत्र है, जिसके कुछ क्षेत्रों पर रूस-यूक्रेनी युद्ध के बाद से डोनेट्स्क पीपल्स रिपब्लिक और लुहान्स्क पीपल्स रिपब्लिक जैसे अलगाववादी समूहों का कब्जा रहा। डोनबास शब्द "डोनेट्स कोल बेसिन" का संक्षिप्त नाम है। मार्च 2014 में, यूरोमैडन और 2014 की यूक्रेनी क्रांति के बाद, डोनबास के बड़े इलाकों में तनाव रहा। अशांति को बाद में स्व-घोषित डोनेट्स्क और लुहान्स्क पीपल्स रिपब्लिक से जुड़े रूसी और रूसी समर्थक अलगाववादियों ने युद्ध में बदल दिया। इन दोनों संगठनों को 2022 में रूस ने मान्यता दे दी, लेकिन यूएन से जुड़े किसी भी अन्य देश ने इसे मान्यता नहीं दी। रूस इसे हर तरह की मदद मुहैया कराता है।

परिवहन विभाग डिजिटल प्लेटफार्म से नागरिकों को दे बेहतर सेवाएँ : परिवहन मंत्री श्री सिंह

फेसलेस सेवाओं के विस्तारीकरण का हुआ लोकार्पण भोपाल परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार नागरिकों को गुड गवर्नेंस में बगैर तकलीफ के सेवाएँ देना चाहती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग में ऑनलाइन एवं फेसलेस सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब नागरिकों को कार्यालय आए बिना 51 प्रकार की सेवाएँ दी जायेंगी। इस व्यवस्था से विभाग की कार्य-प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यावसायिक दक्षता बढ़ेगी। परिवहन मंत्री श्री सिंह मंगलवार को भोपाल के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कोकता में फेसलेस सेवाओं के विस्तारीकरण के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राहवीर योजना में बालाघाट के श्री अंकित असाटी को पुरस्कृत किया। श्री असाटी ने बालाघाट में हुई सड़क दुर्घटना में तत्परता दिखाते हुए घायल राहगीर को समय पर अस्पताल पहुँचाने का श्रेष्ठ कार्य किया था। पुरस्कार स्वरूप 25 हजार रुपये की राशि उनके खाते में अंतरित की गयी। परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो पहिया चालकों को हेलमेट भी प्रदान किये। पासपोर्ट कार्यालय के समान परिवहन कार्यालय की होगी कार्य-प्रणाली श्री सिंह ने कहा कि परिवहन विभाग की कार्य-प्रणाली को पासपोर्ट कार्यालय के समान बनाया जा रहा है। नागरिकों के ड्रायविंग लायसेंस एवं अन्य सुविधाएँ घर पहुँचाए जाने की सुविधा सुनिश्चित की जायेगी। परिवहन कार्यालयों में कम्प्यूटर ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। नागरिकों को अब कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि उन्हें आवश्यक दस्तावेजों की कमी की जानकारी भी ऑनलाइन दिये जाने की व्यवस्था होगी। किसी वजह से नागरिक को कार्यालय आना पड़ता हैं, तो इसकी नियमित समीक्षा डेशबोर्ड पर संबंधित परिवहन अधिकारी करेंगे। सचिव परिवहन श्री मनीष सिंह ने बताया कि सेवाओं के विस्तारीकरण से विभाग की छवि में और सुधार आयेगा। परिवहन आयुक्त श्री विवेक शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन सेवाओं के सुधार के लिये एआई तकनीक (ऑर्टीफिशियल एन्टेलीजेंस) का भी उपयोग किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं में और सुधार के लिये पब्लिक फोरम पर आए सुझावों पर अमल किया जाएगा। । विभाग में सारथी एवं वाहन पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम को एनआईसी के श्री कमलेश्वर जोशी ने भी संबोधित किया कार्यक्रम में परिवहन कार्यालयों में नागरिक सेवाओं के सुधार पर केन्द्रित फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।