samacharsecretary.com

WTC पॉइंट्स टेबल में भारत की स्थिति में बड़ा बदलाव, जानिए नया रैंक

नई दिल्ली भारत और वेस्टइंडीज के बीच समाप्त हुई टेस्ट सीरीज के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. भारत ने घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज को एकतरफा तरीके से हराते हुए तीसरे स्थान पर मजबूती बनाई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया अभी भी अपराजित रहते हुए 100 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है. वहीं, इंग्लैंड और श्रीलंका टॉप-4 में बने हुए हैं, जबकि वेस्टइंडीज अब तक एक भी अंक हासिल नहीं कर पाई है. भारत की दमदार वापसी इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 की ड्रॉ सीरीज के बाद भारत ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहले टेस्ट में एक पारी और 140 रनों से जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी क्लीन स्वीप पूरा किया. इस जीत से भारत ने न केवल अपनी स्थिति मज़बूत की बल्कि 61.90 प्रतिशत अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गया. ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर, श्रीलंका दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को तीनों टेस्ट मैचों में मात देकर अब तक 3 में से 3 मुकाबले जीते हैं. उन्होंने कुल 36 अंक हासिल किए हैं और 100% अंक प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर हैं. दूसरी ओर, श्रीलंका ने दो मुकाबलों में एक जीत और एक ड्रॉ हासिल कर 16 अंक जुटाए हैं और 66.67 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. इंग्लैंड ने पांच टेस्ट मुकाबलों में से दो जीते और दो हारे हैं जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा. इंग्लैंड के खाते में अब तक 26 अंक हैं और उनका प्रतिशत 43.33 है. वहीं, बांग्लादेश ने दो मुकाबलों में एक हार और एक ड्रॉ खेला है और मात्र 4 अंकों के साथ 16.67 प्रतिशत पर है. वेस्टइंडीज की स्थिति फिलहाल सबसे खराब है. उन्होंने अब तक पांच टेस्ट खेले हैं और सभी में हार का सामना किया है. इस कारण उनके अंक 0 हैं और प्रतिशत भी 0.00 है. लगातार हार से टीम पर काफी दबाव बढ़ गया है. वर्तमान WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल: ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच में 3 जीत हासिल की है और तालिका में पहले पायदान पर है. जबकि श्रीलंका 2 में एक मैच जीता है और एक ड्रॉ रहा है. वह दूसरे पायदान पर है. वहीं, भारत ने 7 में से 4 मैच जीते हैं और 2 में उसे हार मिली है. वह तीसरे पायदान पर है. इंग्लैंड 5 में 2 जीत के साथ ही चौथे पायगान पर है.   

जनगणना की तैयारी तेज़: छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में प्री-टेस्ट का काम शुरू

रायपुर नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 25 डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड को छत्तीसगढ़ में जनगणना के लिए नगरीय क्षेत्र में प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के लिए चयनित किया गया है। यह चयन भारत सरकार गृह मंत्रालय जनगणना कार्य निदेशालय के आदेशानुसार किया गया है। नगर निगम जोन 10 के राजस्व विभाग और नगर निवेश विभाग की टीम वार्ड क्रमांक 52 क्षेत्र में स्थित सभी लगभग 8000 जनगणना भवनों में भवन संख्या डालने और भवनों को सूचीबध्द करने का काम प्रारंभ कर दी है। रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन 10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के नेतृत्व एवं नोडल अधिकारी सहायक अभियंता योगेश यदु, सहायक नोडल अधिकारी जोन सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू की उपस्थिति में काम किया जा रहा है। रायपुर नगर निगम ने जोन 10 के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 क्षेत्र की सभी रहवासी जनता से प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के कार्य में टीम को सहयोग देने की अपील की है। भारत सरकार गृह मंत्रालय जनगणना कार्य निदेशालय के आदेशानुसार जनगणना निदेशक ने प्रदेश में जनगणना के लिए नगरीय क्षेत्र में प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के लिए 17 अक्टूबर 2025 को जनगणना निदेशालय में आवश्यक बैठक बुलाई है।

विश्व मानक दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने दिलाई गुणवत्ता शपथ, कहा — हर क्षेत्र में पारदर्शिता, उपभोक्ता अधिकार और नवाचार सर्वोपरि

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में मानकों का पालन पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा वस्तुओं को मानक चिन्ह प्रदान कर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा रही है और इसके माध्यम से मिलावट व नकली वस्तुओं के कारोबार पर प्रभावी रोक लगी है। मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित मानक महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनों को गुणवत्ता शपथ दिलाते हुए मानकीकृत उत्पादों को बढ़ावा देने और बीआईएस के प्रयासों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मानकों की स्थापना में विशेष योगदान देने वाले मानक क्लबों, संस्थाओं और मेंटर्स का सम्मान किया। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था देशभर में गुणवत्ता की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एक समय था जब सोने जैसी धातुओं की शुद्धता का पता लगाना कठिन था, लेकिन आज हर उपभोक्ता बीआईएस हॉलमार्क देखकर ही आभूषण खरीदता है। बीआईएस का हॉलमार्क अब उपभोक्ता भरोसे का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने बताया कि बीआईएस द्वारा बोतलबंद पानी, हेलमेट, खिलौने, गहनों से लेकर करीब 22 हजार वस्तुओं को मानक चिन्ह प्रदान किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं के बीच मानक चिन्हों के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बढ़ावा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मानकों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता और मानकीकरण के कारण आज देश के गांव और कस्बों में बने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित जनों से मानक चिन्हों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि “विकसित भारत का संकल्प उपभोक्ता अधिकारों की मजबूती से ही पूरा होगा।” उन्होंने कहा कि गुणवत्ता ही आत्मनिर्भर भारत की वास्तविक पहचान है। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि विश्व मानक दिवस का उद्देश्य उपभोक्ताओं और समाज में मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह हमारे वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों के प्रयासों को सराहने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है और गुणवत्ता सुधार अब केवल नीति नहीं, बल्कि एक संकल्प बन चुका है। श्री बघेल ने कहा कि “जागो ग्राहक जागो” का संदेश उपभोक्ताओं को सजग और जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को समाज में आगे बढ़ाएं, ताकि उपभोक्ता संरक्षण और अधिक सशक्त हो सके। भारतीय मानक ब्यूरो रायपुर शाखा कार्यालय के निदेशक श्री एस. के. गुप्ता ने कहा कि बीआईएस का प्रत्येक मानक उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा को समर्पित है। उन्होंने बताया कि उत्पाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ब्यूरो इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। श्री गुप्ता ने ब्यूरो द्वारा संचालित गतिविधियों और विभिन्न उत्पादों के मानकीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीआईएस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में निर्मित हर उत्पाद वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरे। मुख्यमंत्री ने मानक महोत्सव में विभिन्न स्टालों का किया अवलोकन विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित मानक महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) तथा अन्य संस्थानों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने मानक स्थापना से जुड़ी गतिविधियों और संस्थाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। सिपेट रायपुर के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि संस्था प्रदेश के युवाओं को लघु एवं दीर्घकालीन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करती है, साथ ही उद्योगों को गुणवत्ता परामर्श और तकनीकी सलाह भी उपलब्ध कराती है। मुख्यमंत्री ने सिपेट की पहल की सराहना की और इसे उद्योग-शिक्षा समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। बीआईएस की रायपुर शाखा द्वारा लगाए गए स्टॉल में उपभोक्ता जागरूकता संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से उपभोक्ता स्वयं आईएसआई, एचयूआईडी और हॉलमार्क युक्त आभूषणों की प्रमाणिकता जांच सकते हैं। ऐप के जरिए उत्पाद की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतें दर्ज करने और आईएसआई मुहर के दुरुपयोग की सूचना देने की सुविधा भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को उपभोक्ता सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया। शैक्षणिक संस्थानों के नवाचारी स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र मानक महोत्सव में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए नवाचार आधारित स्टॉल सभी के आकर्षण का केंद्र बने। मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों का अवलोकन किया और उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी के विद्यार्थियों ने रक्तचाप जांचने की मशीन और मिट्टी की नमी मापने की मशीन तैयार की। पंडित आर. डी. तिवारी गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्रों ने “एक्सप्लोरर रोबोट” प्रस्तुत किया, जो अंधेरे और दुर्गम स्थानों में रास्ता खोजने में सक्षम है। यह रोबोट खदानों और औद्योगिक स्थलों पर उपयोगी सिद्ध हो सकता है। वहीं गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल अंडा के विद्यार्थियों ने स्मार्ट ट्रेन का मॉडल तैयार किया, जो विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से चर्चा की, उनके नवाचारी कार्यों की जानकारी ली और उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा —“युवाओं की सोच में जब गुणवत्ता और नवाचार जुड़ता है, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर होता है।” मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुणवत्ता सिर्फ उद्योग या उत्पादन तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन के हर पहलू का संस्कार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि “मानक केवल नियम नहीं, राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों, संस्थाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे “क्वालिटी को क्वांटिटी से पहले रखें” और छत्तीसगढ़ को मानकीकरण, नवाचार और पारदर्शिता में देश का अग्रणी राज्य बनाएं। उन्होंने कहा —“जब हर नागरिक गुणवत्ता को अपना धर्म समझेगा, तभी सच्चे अर्थों में विकसित भारत का स्वप्न साकार होगा।” … Read more

NHAI की बड़ी योजना: नेशनल हाईवे की फोटो भेजो, पैसों की गारंटी ₹1,000!

नई दिल्ली क्या कभी आपने किसी टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट देखकर नाराज़गी महसूस की है? अगर हां, तो अब यही नाराज़गी आपके लिए इनाम का जरिया बन सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए एक अनोखी योजना की शुरुआत की है, जिसमें यात्रियों को गंदे टॉयलेट की रिपोर्टिंग करने पर ₹1,000 का FASTag रिचार्ज इनाम के तौर पर दिया जाएगा। 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा ये खास ऑफर NHAI की यह पहल देशभर के नेशनल हाईवे नेटवर्क पर लागू होगी और इसकी अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2025 तय की गई है। इस मुहिम का मकसद है-हाईवे यात्रियों को साफ-सुथरे वॉशरूम उपलब्ध कराना और जिम्मेदार नागरिकों को इसमें भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना। कैसे मिलेगा इनाम? जानिए प्रक्रिया इस स्कीम के तहत कोई भी यात्री यदि किसी गंदे टॉयलेट को देखता है तो वह ‘मार्ग यात्री’ मोबाइल ऐप के जरिए उस टॉयलेट की जियो-टैग की गई, टाइम-स्टैम्प्ड असली तस्वीर अपलोड कर सकता है। इसके साथ यात्रियों को अपने नाम, मोबाइल नंबर, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और लोकेशन की जानकारी भी देनी होगी। रिपोर्ट की गई शिकायत की AI और मैन्युअल जांच की जाएगी। अगर रिपोर्ट सही पाई जाती है तो संबंधित वाहन नंबर पर ₹1,000 का FASTag रिचार्ज क्रेडिट कर दिया जाएगा। इन नियमों का रखें ध्यान वरना इनाम नहीं मिलेगा इस योजना को लेकर कुछ सख्त नियम भी तय किए गए हैं: एक वाहन को केवल एक बार इनाम मिलेगा। यानी योजना की पूरी अवधि में कोई भी गाड़ी सिर्फ एक बार रिवॉर्ड के लिए पात्र होगी। एक टॉयलेट पर एक दिन में केवल एक इनाम मिलेगा – अगर कई लोग उसी टॉयलेट की शिकायत करते हैं, तो सबसे पहले सही रिपोर्ट भेजने वाले को ही इनाम मिलेगा। केवल एनएचएआई द्वारा संचालित टॉयलेट्स पर यह स्कीम लागू होगी। ढाबों, पेट्रोल पंपों या अन्य निजी जगहों पर बने टॉयलेट्स इस योजना के दायरे में नहीं आते। एडिट की गई, पुरानी या दोहराई गई फोटो अमान्य होंगी। सिर्फ ऐप से खींची गई असली, स्पष्ट और जियो-टैग्ड तस्वीरें ही स्वीकार की जाएंगी। शिकायत नहीं, अब जिम्मेदारी बनाएं इनाम का जरिया इस स्कीम के जरिए NHAI हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर को स्वच्छ और उपयोगी बनाना चाहता है। अब यात्रियों को न केवल सफाई के लिए आवाज उठाने का मौका मिल रहा है, बल्कि उन्हें इसके लिए आर्थिक प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है। तो अगली बार जब आप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करें और किसी टोल प्लाजा पर गंदा वॉशरूम देखें, तो उसे नज़रअंदाज़ न करें। ‘मार्ग यात्री’ ऐप खोलिए, रिपोर्ट कीजिए और कमाइए ₹1,000 का रिचार्ज!  

संगीता कुमारी और सिद्धार्थ सौरभ ने थामा BJP का दामन, RJD-कांग्रेस में मचा हड़कंप

पटना बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक मिलन समारोह में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की निवर्तमान विधायक संगीता कुमारी और कांग्रेस के निवर्तमान विधायक सिद्धार्थ सौरभ तथा पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा इस मिलन समारोह में मुख्य आयकर आयुक्त रहे सुजीत कुमार भी भाजपा में शामिल हुए। इन सभी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने सदस्यता ग्रहण करवाई और उनका पार्टी में स्वागत किया। गौरतलब हो कि भाजपा में शामिल हुई संगीता कुमारी कैमूर जिले में मोहनिया और सिद्धार्थ सौरभ पटना जिले में बिक्रम क्षेत्र के निवर्तमान विधायक हैं। भाजपा अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि पूरे बिहार में जो माहौल है, उससे साफ है कि बिहार में फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राजग में शामिल सभी पांच दल चट्टानी एकता के साथ चुनावी मैदान में जा रहे हैं, जबकि महागठबंधन में भगदड़ मची है। उन्होंने कहा कि राजग में सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी गई है और जल्द ही उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी जाएगी। जायसवाल ने कहा कि एनडीए के उम्मीदवारों के नामांकन का पर्चा दाखिल करने के दौरान राजग के बड़े नेता, राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के नेता प्रत्येक जिले में रहेंगे और नामांकन सभा आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी और विधान पार्षद संजय मयूख एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी भी उपस्थित थे।  

रांची में मानवता हुई शर्मसार, नाबालिग से गैंगरेप — पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

रांची रांची के रातू इलाके में नौ लोगों ने 14 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने  यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात को हुई और इसमें कथित संलिप्तता के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया, "पुलिस ने सोमवार को कई जगहों पर छापेमारी की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लड़की की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई है।" पुष्कर ने बताया कि अन्य चार आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। रातू थाने के प्रभारी रामनारायण सिंह ने कहा, "पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।"

हादसों पर भड़के मंत्री सिलावट, NHAI को दी सख्त चेतावनी — ‘अब बख्शा नहीं जाएगा’

इंदौर इंदौर देवास बायपास पर लगातार हो रहे हादसों के बीच अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की नींदें भी उड़ने लगी हैं। अमर उजाला द्वारा बायपास पर अंधेरे की वजह से लगातार हो रहे हादसे की खबरों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर देवास रोड पर अर्जुन बड़ौद बायपास पर निर्माणाधीन फ्लाय ओवर ब्रिज और सर्विस रोड का निरीक्षण किया।  तुरंत लाइटें चालू करें मंत्री सिलावट ने यहां पर निर्माण कार्य कर रही कंपनी एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे ओवरब्रिज और सर्विस रोड निर्माण कार्य में गति लाएं। उन्होंने सड़क पर रात में होने वाले अंधेरे और लगातार हो रहे हादसों पर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क की लाइटें तुरंत चालू करवाएं।  दुर्घटना होने पर एनएचएआई के अधिकारी जिम्मेदार होंगे मंत्री सिलावट ने एचएचएआई पर नाराजगी दिखाते हुए कहा कि सर्विस रोड के निर्माण के दौरान दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं, जिससे कई लोगों की जान जा रही है। यहां ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे दुर्घटनाएं न हो। किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर एनएचएआई के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। मंत्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एनएचएआई कंपनी अर्जुन बड़ौद बायपास में निर्माणाधीन फ्लाय ओवर ब्रिज और सर्विस रोड के कार्य में गति लाकर कार्य जल्दी समाप्त करे। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट के साथ सहायक प्रोजेक्ट ऑफिसर राहुल सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेई, हुकुम पटेल, माखन पटेल, थाना प्रभारी कैलाश सिंह सहित क्षेत्रीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।  कलेक्टर ने ली थी बैठक बायपास पर हो रहे हादसों को लेकर हाल ही में कलेक्टर शिवम वर्मा भी बैठक ले चुके हैं। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही कंपनी एनएचएआई के अधिकारियों को कहा है कि बारिश खत्म हो गई है और तुरंत सर्विस लेन का काम पूरा करना है। इसके साथ उन्होंने गड्ढे भरने, लाइटें लगाने और ट्रैफिक जाम को खत्म करने के भी निर्देश दिए हैं।  32 ब्लैक स्पॉट में भी बायपास शामिल कलेक्टर के द्वारा बनाई गई टीम ने पिछले सप्ताह शहर के 32 ब्लैक स्पॉट को चिन्हित किया है। इनमें इंदौर देवास का बायपास भी शामिल है जहां पर लगातार हादसों में लोगों की जान जा रही है। टीम की रिपोर्ट के बाद कलेक्टर ने सुझाव मांगें हैं और जल्द से जल्द इन सभी जगह पर हादसे रोकने के लिए योजना बनाने का कहा है।  

CDS चौहान का बड़ा बयान: ‘आधुनिक युद्ध बदला रूप ले चुका है, भारत आतंकवाद को कभी स्वीकार नहीं करेगा’

ग्वालियर  ग्वालियर पहुंचे देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कहा कि अब युद्ध की परिभाषा बदल चुकी है। अब भारत आतंक को कभी स्वीकार नहीं करेगा। पहले जीत का आधार यह होता था कि कितने सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया या कितने विमान गिराए गए, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर ने इन परंपरागत मानकों को गलत साबित किया है। आधुनिक युद्ध में जीत का नया आधार है स्थिरता और गति, एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की क्षमता, सभी ऑपरेशनों के संयोजन का प्रदर्शन, शुद्धता, सही टाइमिंग और नुकसान का सटीक मूल्यांकन। जनरल अनिल चौहान ग्वालियर के द सिंधिया स्कूल के 128वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान सीडीएस चौहान ने छात्रों को समझाते हुए कहा कि युद्ध किसी देश की नीति की निरंतरता है। सरकार नीति बनाती है और सेना उसका अमल करती है। यही सच्चे नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यह अमृतकाल देश की किस्मत बदलने का समय है, और हर छात्र को अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर देश निर्माण में योगदान देना चाहिए। इसके साथ ही, अपने संबोधन में जनरल चौहान ने लेफ्टिनेंट जनरल सिन्हा का एक उद्धरण साझा करते हुए राजनेता, नौकरशाह और सैनिकों के सोचने के तरीके को बेहद रोचक ढंग से समझाया। जब एक सैनिक ‘न’ कहता है तो उसका मतलब ‘न’ होता है- सीडीएस उन्होंने कहा, जब कोई राजनीतिज्ञ ‘हां’ कहता है तो उसका मतलब ‘शायद’ होता है, ‘शायद’ कहे तो ‘न’ होता है, और यदि ‘न’ कहे तो वह अच्छा राजनीतिज्ञ नहीं है। जब कोई नौकरशाह ‘न’ कहता है तो उसका मतलब ‘शायद’ होता है, ‘शायद’ कहे तो ‘हां’ होता है, और यदि वह शुरुआत में ही ‘हां’ कह दे तो वह नौकरशाह ही नहीं। लेकिन जब एक सैनिक ‘न’ कहता है तो उसका मतलब ‘न’ होता है, और जब वह ‘हां’ कहता है तो वह हर हाल में ‘हां’ पर कायम रहता है। अगर सैनिक ‘शायद’ कहे, तो वह सैनिक नहीं। उन्होंने कहा कि सेना की यही स्पष्टता और प्रतिबद्धता राष्ट्र की असली ताकत है। 'मेरे पूर्वज, महाराजा महादजी सिंधिया ने सेना का आधुनिकीकरण किया' वहीं, इस साल के माधव पुरस्कार विजेता भारत के विदेश सचिव विक्रम मिश्री को दिया गया। इस बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमारे बीच सेना प्रमुख हैं, तो बताना चाहूंगा कि मेरे पूर्वज, महाराजा महादजी सिंधिया ने भारत की सेना का आधुनिकीकरण किया। हजारों सैनिकों को नवीनतम स्तर का प्रशिक्षण दिया और उस सेना को सबसे आधुनिक तोपखाने और हथियारों से सुसज्जित किया। हमारी सेना ने अफगान अहमद शाह अब्दाली को अफगानिस्तान में उसके घर में वापस धकेल दिया। 1771 में दिल्ली के लाल किले की प्राचीर पर झंडा फहराकर छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदू स्वराज के सपने को साकार किया और 1779 में महाराष्ट्र के वारगांव के युद्ध में निर्णायक जीत के साथ पहले आंग्ल-मराठा युद्ध में अंग्रेजों को धूल चटा द      

सांसद कुशवाह ने की उपमुख्यमंत्री शुक्ल से मुलाकात, ग्वालियर की स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई गंभीर चर्चा

भोपाल उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल से ग्वालियर के सांसद  भारत सिंह कुशवाह ने मंत्रालय भोपाल में सौजन्य भेंट की। इस दौरान ग्वालियर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा जन-स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने का लक्ष्य सरकार का सर्वोच्च प्राथमिकता क्षेत्र है। उन्होंने ग्वालियर क्षेत्र की आवश्यकताओं को शीघ्र प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक में ग्वालियर क्षेत्र के अस्पतालों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सहायक चिकित्सकीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सांसद  कुशवाह ने ग्वालियर जिले के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक पदों की शीघ्र पूर्ति एवं चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने का आग्रह किया।  

फ्री में ₹1,000 का FASTag रिचार्ज पाने का मौका, बस करना होगा ये छोटा सा काम

जालंधर  NHAI ने स्वच्छ भारत अभियान को मजबूत करने के लिए एक नई योजना शुरू की है। इसके तहत अगर किसी यात्री को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित किसी टोल प्लाज़ा या NHAI द्वारा संचालित शौचालय में गंदगी दिखाई देती है, तो वह इसकी रिपोर्ट कर 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज प्राप्त कर सकते है। यह योजना पूरे देश के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर लागू है और इसे 31 अक्टूबर, 2025 तक जारी रखा जाएगा। यात्रियों को गंदे शौचालय की जियो-टैग्ड, टाइम-स्टैम्प्ड और स्पष्ट तस्वीर 'मार्ग यात्री' मोबाइल ऐप के माध्यम से अपलोड करनी होगी। साथ ही अपना नाम, मोबाइल नंबर, वाहन पंजीकरण और स्थान भी दर्ज करना आवश्यक है। रिपोर्ट की वेरिफिकेशन AI और मैन्युअल रूप से की जाएगी। वहीं इसके सही पाए जाने पर, वाहन के FASTag में 1,000 रुपये का रिचार्ज किया जाएगा। इस योजना के लिए कुछ नियम भी बनाए गए हैं। बता दें कि प्रत्येक वाहन केवल एक बार ही इनाम के लिए पात्र होगा और किसी शौचालय के लिए प्रति दिन केवल एक ही इनाम मिलेगा। यह सुविधा केवल NHAI संचालित शौचालयों पर लागू है; ढाबे, पेट्रोल पंप या अन्य निजी शौचालय शामिल नहीं हैं। अपलोड की गई तस्वीरें स्पष्ट होनी चाहिए और डुप्लिकेट तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी। NHAI का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।