samacharsecretary.com

मकर राशि को मिलेगा बड़ा लाभ! जानें 17 अक्टूबर को आपकी राशि का क्या है योग

मेष राशि- आज मेष राशि वालों को मानसिक शांति की प्राप्ति होगी। धन लाभ होने की संभावना है, लेकिन आपको अपने गुस्से पर काबू रखना होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे और भविष्य के बारे में बातचीत कर सकते हैं। नौकरी पेशा करने वालों को कलीग का सहयोग और तारीफ मिलेगी। व्यापार करने वालों के लिए शुभ दिन है। वृषभ राशि- आज आपको अपने खानपान पर नजर रखनी चाहिए, क्योंकि सेहत बिगड़ सकती है। यात्रा के संकेत हैं, लेकिन फलीभूत नहीं होगी। आज का दिन आपको थकाने वाला और तनावपूर्ण साबित हो सकता है, लेकिन आर्थिक तौर पर फायदेमंद भी साबित होगा। अपने जीवनसाथी के साथ सुकून, आराम और प्यार पाएंगे। किसी नई स्किल को सीख सकते हैं। मिथुन राशि– आज आपके जीवन में खुशियों का आगमन होगा। कार्यक्षेत्र या व्यापार में कोई भी लापरवाही आज आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। बच्चों की सेहत पर नजर रखें। आप अपने सपनों को साकार होते देखेंगे। आज आप अपने खाली समय का सदुपयोग करेंगे और उन अधूरे कामों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। व्यापारिक स्थिति सुदृढ़ होगी। कर्क राशि- आज आपकी सेहत अच्छी रहेगी। धन के मामलों में सावधानी बरतें, वरना नुकसान हो सकता है। परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताना सुखद रहेगा। आज प्यार में अनबन का सामना करना पड़ सकता है। आज आपको बॉस का सहयोग मिलेगा, जिसका फायदा अप्रेजल में मिलेगा। जीवनसाथी आपको कोई खास सरप्राइज दे सकता है। सिंह राशि- आज आपको ध्यान और योग का फायदा मिलेगा, मानसिक तनाव दूर होगा। अगर आप छात्र हैं और विदेश में पढ़ाई करना चाहते हैं, तो घर की आर्थिक तंगी आज आपको परेशान कर सकती है। कुछ जातकों की दोस्ती रोमांस में बदल सकती है। कार्यस्थल पर आपकी मेहनत आज रंग लाएगी। आज आपको लोगों के साथ गपशप करने से बचना चाहिए। कन्या राशि- आज आपके घर पर मेहमानों का आगमन हो सकता है। भाग्य का साथ मिलेगा, जिससे धन का आगमन होगा। जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। जीवनसाथी के साथ किसी पुरानी याद को ताजा कर मन खुश होगा। व्यापारिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। तुला राशि- ऑफिस में आपको तनाव का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि ज्यादा काम लेने से बचें। आज आपको अपना धन खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। व्यवसायियों को अपने प्रमोटरों से धन लाभ हो सकता है।। अपने जीवनसाथी के साथ कुछ समय बिताना भी बहुत जरूरी है। धन लाभ के संकेत हैं। वृश्चिक राशि– आज आपकी यात्रा लाभकारी रहेगी। आज निवेश के अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। कार्यक्षेत्र में चीजें आपके लिए काफी बेहतर हो सकती हैं। आप अपने जीवनसाथी के साथ एक बेहतरीन शाम बिता सकते हैं। आर्थिक लाभ के संकेत हैं। धनु राशि- आज आपको धन लाभ हो सकता है। आपको अपनी लीडरशिप स्किल दिखाने का मौका मिलेगा। दूसरों को प्रभावित करने की आपकी क्षमता आपको सकारात्मक परिणाम दिलाएगी। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। व्यापारियों को विदेश यात्रा का मौका मिल सकता है। मकर राशि- आज आपको भाई-बहन से आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। महत्वपूर्ण टास्क या कार्यों को पूरा करने के लिए दिन अनुकूल रहने वाला है। साहसिक कदम और फैसले अनुकूल परिणाम लाएंगे। परिवार के साथ यात्रा के योग हैं। जीवनसाथी आपके साथ समय बिताकर खुश होगा। कुंभ राशि- आज आपको किसी पारिवारिक मामले को हल करना पड़ सकता है। पुराने निवेशों से इनकम में वृद्धि होने की संभावना है। दोस्त और जीवनसाथी आपके लिए खुशियां लाएंगे। काम के सिलसिले में भागदौड़ करनी पड़ सकती है। आज आप अपने वैवाहिक जीवन के सबसे खास दिन का अनुभव करेंगे। ऑफिस में अपने कार्यों को निपटा लें। मीन राशि– आज आपको अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए। किसी भी जरूरी कागजात या धन से जुड़े मामले पर साइन करते समय सावधानी बरतें, वरना नुकसान हो सकता है। महत्वपूर्ण लोगों से मुलाकात हो सकती है। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा।

ट्रंप के दावे पर भारत का पलटवार! कहा—मोदी से कोई बातचीत नहीं हुई

नई दिल्ली  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक फोन कॉल का जिक्र कर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें पीएम मोदी की तरफ से यह कहा गया है कि भारत अब रूस से कच्चे तेल का व्यापार नहीं करेगा। अब डोनाल्ड ट्रंप के इन दावों पर भारत का जवाब सामने आया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्रंप के दावों पर एक सवाल का जवाब देते हुए स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें ट्रंप के दावों में जिक्र किए गए किसी भी फोन कॉल की जानकारी नहीं है। जायसवाल ने बताया, "अमेरिका से ऊर्जा को लेकर जो टिप्पणी आई है उसे पर भारत ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। जहां तक टेलीफोन की बात है, तो मैं यह कह सकता हूं कि मेरी जानकारी के हिसाब से प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कल कोई बातचीत नहीं हुई है।” भारत का दो टूक जबाव वहीं इससे पहले विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर ट्रंप के दावों पर अमेरिका को दो टूक जवाब दिया था। रूस से तेल आयात बंद करने के अमेरिकी दबावोंं के बीच भारत ने अपने रूख को एक बार फिर स्पष्ट करते हुए कहा है कि अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारत अपने लोगों के हितों की रक्षा करेगा और देश की आयात नीति इसी उद्देश्य को पूरा करने पर आधारित हैं। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा, “भारत तेल और गैस का एक महत्वपूर्ण आयातक है। अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना हमारी निरंतर प्राथमिकता रही है। हमारी आयात नीतियां पूरी तरह इसी उद्देश्य से निर्देशित होती हैं।" बयान में आगे कहा गया कि स्थिर ऊर्जा मूल्य और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना भारत की ऊर्जा नीति के लक्ष्य रहे हैं। इसमें ऊर्जा स्रोतों का व्यापक आधार बनाना और बाजार की स्थितियों के अनुरूप विविधता लाना भी शामिल है। वहीं अमेरिका से तेल आयात के संबंध में बयान में कहा गया," जहां तक अमेरिका का संबंध है, हम कई वर्षों से अपनी ऊर्जा खरीद का विस्तार करने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले दशक में इसमें लगातार प्रगति हुई है। मौजूदा अमेरिकी सरकार ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को गहरा करने में रुचि दिखाई है। इस पर चर्चा जारी है।" ट्रंप का अजब-गजब दावा गौरतलब है कि गुरुवार सुबह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार अजब गजब दावा किया। ट्रंप ने कहा उनके मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। ट्रंप ने बुधवार को अपने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका इस बात से खुश नहीं है कि भारत रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि इससे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध के लिए पैसा मिलता है। ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मोदी मेरे मित्र हैं, हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। हम उनके द्वारा रूस से तेल खरीदे जाने से खुश नहीं थे क्योंकि इससे रूस को यह बेतुका युद्ध जारी रखने का मौका मिला। इस युद्ध में उन्होंने लाखों लोगों को खो दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बात से खुश नहीं था कि भारत तेल खरीद रहा है और मोदी ने आज मुझे आश्वासन दिया कि वे रूस से तेल नहीं खरीदेंगे। यह एक बड़ा कदम है। अब हमें चीन से भी यही करवाना होगा।’’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘‘उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि रूस से कोई तेल नहीं खरीदा जाएगा। मुझे नहीं पता, शायद यह बड़ी खबर हो। क्या मैं ऐसा कह सकता हूं?… वह रूस से तेल नहीं खरीद रहे हैं। यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वह इसे तुरंत नहीं कर सकते…लेकिन यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।’’  

RSS पर शिकंजा कसने की तैयारी, कर्नाटक कैबिनेट ने शैक्षणिक संस्थानों में गतिविधियों पर लगाया प्रतिबंध

बेंगलुरु  कर्नाटक मंत्रिमंडल ने सरकारी स्कूलों और कॉलेज परिसरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की गतिविधियों को रोकने के लिए नियम लाने का फैसला किया है। राज्य के मंत्री प्रियांक खरगे ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को कर्नाटक कैबिनेट ने राज्य के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के परिसरों में RSS की गतिविधियों को रोकने के लिए नियम लाने का फैसला किया है। खरगे की यह टिप्पणी कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की उस टिप्पणी के बाद आई है, जिसमें उन्होंने एक दिन पहले ही कहा था कि उनकी सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि कैसे सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी संगठन लोगों को परेशान न करे। खरगे ने सीएम सिद्धारमैया को लिखी थी चिट्ठी कर्नाटक कैबिनेट के इस फैसले से राज्यभर के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और कॉलेजों के परिसरों में अब आरएसएस की बैठकों और अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध लगने की संभावना है। RSS केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा की मातृ संस्था कही जाती है। बता दें कि प्रियांक खरगे ने ही मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी मंदिरों में आरएसएस की गतिविधियों पर रोक लगाने का आग्रह किया था, और इस संगठन पर युवाओं का ब्रेनवॉश करने और संविधान के विरुद्ध काम करने का आरोप लगाया था। खरगे के इस अनुरोध के बाद उन्हें धमकी भरे फोन कॉल आ रहे थे। धमकी देने पर एक व्यक्ति गिरफ्तार इस बीच, बेंगलुरु पुलिस ने महाराष्ट्र के एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर प्रियांक खरगे को फोन किया था और सार्वजनिक स्थानों पर आरएसएस की गतिविधियों को बैन करने के लिए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को पत्र लिखने को लेकर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं। इस आरोपी ने जब खरगे को फोन किया था तब मंत्री ने इस बातचीत का वीडियो बना लिया था। उसके बाद सदाशिवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद ‘बेंगलुरु सेंट्रल डिवीजन’ और कलबुर्गी पुलिस के संयुक्त अभियान में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। खरगे को धमकी देने वाला शख्स कौन? पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी की पहचान धनेश नरोने उर्फ ​​दानप्पा नरोने के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के सोलापुर का रहने वाला है। सोलापुर कर्नाटक की सीमा से लगा हुआ एक जिला है। खरगे को फोन पर गालियां देने के बाद आरोपी अपने शहर से भागकर लातूर में छिप गया था। लेकिन बेंगलुरु और कलबुर्गी की पुलिस टीम ने उसका पता लगाया, उसे गिरफ्तार किया और बेंगलुरु ले आई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि धनेश बिस्कुट और कन्फेक्शनरी बनाने वाली कंपनियों के लिए मार्केटिंग एजेंट के तौर पर काम करता है। उसने एक सर्च इंजन की मदद से खरगे का फ़ोन नंबर हासिल किया था। खरगे ने बुधवार को एक वीडियो पोस्ट किया था बेंगलुरु पुलिस धनेश के पिछले रिकॉर्ड और ऐसे अपराधों में उसकी संलिप्तता की जांच के लिए पूछताछ कर रही है। खरगे ने बुधवार को एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें कथित तौर पर धनेश द्वारा की गई कॉल शामिल है। आरोपी ने मंत्री को उनके उस पत्र के लिए गाली दी जिसमें उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर आरएसएस की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की थी। भाजपा ने बैन लगाने की दी चुनौती मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया था जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति फोन कॉल पर उन्हें गालियां और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। सिद्धरमैया ने कहा कि उनकी सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी, जबकि राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। दूसरी तरफ, भाजपा ने खरगे के इस रुख की कड़ी आलोचना की और उन्हें राज्य में आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की चुनौती भी दी।  

कपिल शर्मा के कैफे पर तीसरी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कहा – ये तो शुरुआत है

मुंबई  कपिल शर्मा के “कॅप्स कैफे” पर एक बार फिर गोलीबारी हुई है। यह तीसरी बार है जब कॉमेडियन के कनाडा स्थित कैफे को निशाना बनाया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू (नेपाली) ने गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली है। तीन राउंड फायरिंग मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कैफे पर कम से कम तीन राउंड गोलियां चलाई गई हैं। हालांकि किसी के भी घायल होने की खबर नहीं आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने के कुछ पल बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है। ऐसे में स्थानीय पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। सर्रे में है कैफे कपिल का कैफे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सर्रे में है। यह कपिल का पहला कैफे है जिसके जरिए उन्होंने रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में कदम रखा है। बता दें कि जब कपिल ने अपने कैफे की ओपनिंग की अनाउंसमेंट की थी तब सभी सेलेब्स ने उन्हें बधाई दी थी। लोग भी वहां जाने के बाद कैफे की तारीफ कर रहे थे।  

टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलियाई ट्रेंनिंग कैंप शुरू, कोहली-रोहित की जोड़ी फिर दिखी एक्शन में

नई दिल्ली  सीनियर स्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पर्थ पहुंचते ही जमकर अभ्यास किया और रविवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के पहले ट्रेनिंग सत्र के दौरान नेट्स पर काफी पसीना बहाया। सभी की निगाहें रोहित और कोहली पर है जो पिछली बार भारत के लिए फरवरी-मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान खेले थे और अब केवल 50 ओवर के प्रारूप में ही उपलब्ध हैं। दोनों पूर्व भारतीय कप्तान ने नेट्स में करीब 30 मिनट तक बल्लेबाजी की। भारतीय टीम 29 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन वनडे और पांच टी20 मैच के सीमित ओवरों के दौरे के लिए बुधवार और गुरुवार को दो ग्रुप में पर्थ पहुंची। रोहित को नेट्स में समय बिताने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते भी देखा गया। भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल बारबडोस में विश्व कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा था। यह आखिरी बार हो सकता है जब ये दोनों महान खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में खेलें। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में सभी की निगाहें रोहित और कोहली के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। यह सीरीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दोनों के भविष्य को लेकर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विश्व कप 2027 में इन दोनों की भागीदारी अभी तय नहीं है क्योंकि उस समय उनकी फॉर्म और फिटनेस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। हालांकि नए कप्तान शुभमन गिल ने दोनों सुपरस्टार्स के अपार अनुभव को देखते हुए उनका समर्थन किया है। नेट सत्र के बाद कोहली को गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ बातचीत करते देखा गया जिसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ भी बात की। टीम का शुक्रवार और शनिवार को एक ट्रेनिंग सत्र है।  

बड़ी खबर! 7500 MP पुलिस कॉन्स्टेबल पदों में पहली बार ट्रांसजेंडरों के लिए मौका

भोपाल मध्य प्रदेश पुलिस इस बार अपनी आरक्षक भर्ती में ट्रांसजेंडरों को भी अवसर देने जा रही है। कर्मचारी चयन मंडल ने बुधवार देर शाम जारी अधिसूचना में संशोधन किया और लिंग विकल्प में पुरुष, महिला के साथ ‘अन्य’ शामिल किया। इससे पहले भर्ती अधिसूचना में केवल पुरुष और महिला के लिए विकल्प थे। नए बदलाव के तहत आवेदन प्रक्रिया अब 16 अक्टूबर से शुरू होकर 22 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 23 अक्टूबर तक आवेदन पत्र में संशोधन किए जा सकेंगे और 29 अक्टूबर तक प्रमाणपत्र अपलोड किया जा सकेगा।   7500 आरक्षक पदों पर चयन  इस भर्ती के माध्यम से 7500 आरक्षक पदों पर चयन किया जाएगा। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है और आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित है। कर्मचारी चयन मंडल ने बताया कि इस बदलाव के पीछे सर्वोच्च न्यायालय का 2014 का निर्णय है, जिसमें ट्रांसजेंडरों को तीसरे लिंग के रूप में मान्यता दी गई और सरकारी सेवाओं में भर्ती का रास्ता खोला गया। हालांकि, प्रदेश पुलिस में अभी तक कोई ट्रांसजेंडर कर्मचारी नहीं हैं। केवल दो महिला कर्मियों को लिंग परिवर्तन कर पुरुष बनने की अनुमति मिली थी। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस भर्ती प्रक्रिया में कोई ट्रांसजेंडर सफल होता है, तो वह प्रदेश पुलिस में अपने समुदाय का पहला सदस्य बनेगा। कई राज्यों में ट्रांसजेंडरों की पुलिस भर्ती पहले ही शुरू देश के अन्य राज्यों में ट्रांसजेंडरों की पुलिस भर्ती पहले ही शुरू हो चुकी है। तमिलनाडु ने 2017 में पहली सब-इंस्पेक्टर की नियुक्ति की थी। 2022 में छत्तीसगढ़ में 13 ट्रांसजेंडर आरक्षकों की भर्ती हुई थी। बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, बंगाल और महाराष्ट्र में भी ट्रांसजेंडरों को पुलिस भर्ती में शामिल किया जा चुका है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस बार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे फिर से शुरू किया है ताकि ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी अवसर का लाभ उठा सकें। कर्मचारी चयन मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया में सभी आवश्यक दिशा-निर्देश और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अधिसूचना में उपलब्ध है। प्रदेश पुलिस में सामाजिक समावेशन को मिलेगा बढ़ावा इस बदलाव से प्रदेश पुलिस में सामाजिक समावेशन को बढ़ावा मिलेगा। ट्रांसजेंडर समुदाय के युवाओं को सरकारी सेवाओं में आने का रास्ता खुलेगा और समान अवसर मिलेंगे। यह कदम न्यायालय के निर्णय के अनुसार उचित अवसर देने और भर्ती प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवार 16 अक्टूबर से आवेदन शुरू कर सकते हैं और 22 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योग्य उम्मीदवारों को पात्रता मानदंडों का पालन करना होगा और सभी प्रमाणपत्र समय पर अपलोड करना आवश्यक होगा।

बड़ी चुनौतियों के बीच नेतन्याहू ने जताई उम्मीद, शांति के अवसर कम नहीं

तेल अवीव इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने 'दुश्मनों की बड़ी चुनौतियों' के बीच भी 'शांति के बड़े अवसर' की बात की है। माउंट हर्जल में आयोजित एक राजकीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ये विचार रखे। युद्ध में मिली सफलता की सराहना करते हुए, नेतन्याहू ने कहा, "हमारे दुश्मन अभी भी एक बड़ी चुनौती हैं। वे फिर से हथियार उठाने की फिराक में हैं।" उन्होंने स्पष्ट तौर पर ईरान का नाम नहीं लिया, लेकिन द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार इशारा उन्हीं की ओर था। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए नेतन्याहू ने कहा, "बड़ी चुनौतियां—और उनके साथ-साथ, शांति के दायरे को व्यापक बनाने के और बड़े अवसर हैं। हम अपने इस दावे को दोहराते हैं कि युद्ध के बाद इजरायल पड़ोसी अरब देशों के साथ रिश्तों को सामान्य बनाने और शांति समझौतों का विस्तार करने के लिए तैयार है।" नेतन्याहू ने माना कि राष्ट्रीय एकता जरूरी है। वे बोले, "हम एक साथ दोनों स्तरों पर काम कर रहे हैं, और दोनों ही स्तरों पर एकता जरूरी है, युद्ध में भी और शांति में भी। हम अपने सभी लक्ष्य हासिल करेंगे, सिर्फ आंतरिक एकजुटता, आपसी जिम्मेदारी और उन बंधनों को मजबूत करके जो तोड़ते नहीं बल्कि जोड़ते हैं।" इससे पहले उन्होंने हर बंधक (शव) को वापस लाने की बात कही। बोले, "हम हर एक बंधक को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा, "संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है। लेकिन आज एक बात स्पष्ट है: जो कोई भी हमारे खिलाफ हाथ उठाएगा, वह पहले से ही जानता है कि उसे अपनी आक्रामकता की बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम उस जीत को हासिल करने के लिए दृढ़ हैं जो आने वाले कई वर्षों तक हमारे जीवन की दिशा तय करेगी।" उन्होंने शहीद सैनिकों के परिवारों से कहा, "मैं आपके दुख की गंभीरता को समझता हूं। मैं युद्ध में लड़ने वाले सभी सैनिकों—यहूदियों, ड्रूज, ईसाइयों, मुसलमानों, बेडोइन, सर्कसियन, और अन्य समूहों के सदस्य जो कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे—का राष्ट्र की ओर से आभार व्यक्त करता हूं।"

सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई: जम्मू-कश्मीर में आतंकी मोहम्मद शरीफ की संपत्ति जब्त

जम्मू-कश्मीर  जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने आतंकी नेटवर्क पर बड़ा एक्शन लिया है. जिला पुलिस रियासी ने एसएसपी रियासीपरमवीर सिंह (जेकेपीएस) की देखरेख में पाकिस्तान-आधारित आतंकी मोहम्मद शरीफ मीरासी पुत्र गुलाम मोहम्मद संपत्ति को कुर्क किया है. आतंकी मोहम्मद शरीफ सिलधर महोर का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ मीरासी ने वर्ष 2000 में आतंकी संगठनों का रुख किया था. इसके बाद वर्ष 2010 में पाकिस्तान भाग गया, जहां उसने भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के उद्देश्य से हथियार, गोला-बारूद प्राप्त करने और आतंकी प्रशिक्षण लेने का कार्य किया. शुरुआत में वह हिजबुल मुजाहिदीन संगठन से जुड़ा रहा, बाद में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़कर सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने लगा. UAPA और IMCO के तहत हुई कार्रवाई पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के तहत सिलधर महोर स्थित खसरा नंबर 138 और 150 में दर्ज कुल 3 कनाल और 6 मरला भूमि को गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम [UAPA] की धारा 25 के तहत कुर्क किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस थाना महोर में दर्ज एफआईआर संख्या 70/2024 से जुड़ी है, जिसमें धारा 61(2), 148, 149 बीएनएस और धारा 13, 18, 20, 38 UAPA के साथ-साथ IMCO अधिनियम की धारा 2/3 के प्रावधान शामिल हैं. राष्ट्र-विरोधियों के सशक्त संदेश इस संबंध में एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने कहा, “यह निर्णायक कदम आतंकवादी संगठनों और उनके सीमा पार संचालकों के लॉजिस्टिक, आर्थिक और संचालन तंत्र को ध्वस्त करने की हमारी व्यापक रणनीति का हिस्सा है. संपत्ति की कुर्की उन सभी के लिए एक सशक्त संदेश है जो देश के भीतर या बाहर से राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं या उनका समर्थन करते हैं.” आतंकवादी संगठनों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बार फिर दोहराया है कि वह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के अपने संकल्प पर अडिग है. वह आतंकवादी संगठनों के बुनियादी ढांचे और सहयोगी नेटवर्क को समाप्त करने के लिए निरंतर अभियान जारी रखेगी.  

मोदी-शाह के साथ पवन सिंह मैदान में, भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

पटना  भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भोजपुरी स्टार पवन सिंह, निरहुआ, मनोज तिवारी और रवि किशन का नाम भी शामिल है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को भी स्टार प्रचारक बनाया है। बिहार भाजपा के स्टार प्रचारकों की पूरी लिस्ट यहां देखें-     नरेंद्र मोदी     जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा)     राजनाथ सिंह     अमित शाह     नितिन गडकरी     शिवराज सिंह चौहान     धर्मेंद्र प्रधान     गिरिराज सिंह     योगी आदित्यनाथ     देवेंद्र फडणवीस     हिमंता बिस्वा सरमा     मोहन यादव     रेखा गुप्ता     स्मृति ईरानी     केशव प्रसाद मौर्य     सी.आर. पाटिल     दिलीप कुमार जायसवाल     सम्राट चौधरी     विजय कुमार सिन्हा     रेणु देवी     प्रेम कुमार     नित्यानंद राय     राधामोहन सिंह     साध्वी निरंजन ज्योति     सतीश चंद्र दुबे     राज भूषण चौधरी     अश्विनी कुमार चौबे     रवि शंकर प्रसाद     नंद किशोर यादव     राजीव प्रताप रूडी     संजय जायसवाल     विनोद तावड़े     बाबुलाल मरांडी     प्रदीप कुमार सिंह     गोपालजी ठाकुर     जनक राम     पवन सिंह     मनोज तिवारी     रवि किशन     दिनेश लाल यादव "निरहुआ" 5 राज्यों के सीएम बिहार में भाजपा का प्रचार करेंगे भाजपा ने बिहार चुनाव में पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी स्टार प्रचारक बनाया है। यूपी के योगी आदित्यनाथ, एमपी के मोहन यादव, असम के हिमंता बिस्वा सरमा और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नाम भी लिस्ट में शामिल है। इनमें से योगी की सबसे ज्यादा रैलियां होने की संभावना है, क्योंकि यूपी सीएम की सभा के लिए कई प्रत्याशियों ने मांग भाजपा नेतृत्व से की है। 4 भोजपुरी सितारे भी स्टार प्रचारक भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में 4 भोजपुरी सिनेमा के स्टार को भी शामिल किया है। पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन और निरहुआ बिहार चुनाव में भाजपा का प्रचार करेंगे। पवन सिंह पिछले दिनों ही भाजपा में शामिल हुए थे।  

पहली बार बीजेपी को हराने वाले पिता की राह पर, नगरोटा में देवयानी कमल करेंगी मुकाबला

जम्मू- कश्मीर बिहार में विधानसभा चुनाव के शोर के बीच कई राज्यों की कुछ सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं, इसमें जम्मू- कश्मीर की 2 सीटें शामिल हैं. बडगाम के अलावा नगरोटा सीट पर सभी की नजर है. नगरोटा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था और विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद यहां पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं. पार्टी ने देवेंद्र सिंह की बेटी देवयानी राणा को टिकट दिया है. जबकि शिया मुस्लिम नेता आगा सैयद मोहसिन को बडगाम सीट से उतारा गया. देवेंद्र सिंह राणा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे और उनका पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था. तब से यह सीट खाली थी. देवेंद्र सिंह साल 2014 में जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर चुनाव जीतने में कामयाब रहे. तब उन्होंने बीजेपी के प्रत्याशी और 2 बार के विधायक नंद किशोर को हराया था. बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए. धारा 370 के समर्थन में छोड़ दी थी पार्टी दो बार विधायक रहे देवेंद्र सिंह पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में थे. उन्हें जम्मू में एनसी का बड़ा चेहरा माना जाता था. जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के विरोध में, गुप्कर घोषणापत्र गठबंधन (PAGD) के तहत कश्मीरी पार्टियों- जिनमें उनकी अपनी एनसी भी शामिल थी- के एकजुट होने के बाद, उन्होंने साल 2021 में कॉन्फ्रेंस से इस्तीफा दे दिया था. बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए. जम्मू-कश्मीर में पिछले साल विधानसभा चुनाव कराया गया तो बीजेपी ने नगरोटा सीट से देवेंद्र सिंह राणा को टिकट दिया. इस बार उन्होंने जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह को 30,472 मतों के अंतर से हराया था. हालांकि चुनाव जीतने के कुछ समय ही लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया. ऐसे में अब इस सीट से उनकी बेटी देवयानी राणा को पार्टी ने उतारा है. अमेरिका से पढ़ाई, पिता का बिजेनस पिछले साल अक्टूबर में अपने पिता के निधन के बाद सक्रिय राजनीति में आईं देवयानी राणा को इस साल जनवरी में भारतीय जनता युवा मोर्चा का जम्मू-कश्मीर उपाध्यक्ष बना दिया गया. वह एक व्यवसायी भी हैं और काफी समय से पिता के साथ बिजनेस देखती थीं. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की भतीजी, देवयानी राणा ने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में बैचलर की डिग्री हासिल की है. देवयानी 3 भाई-बहनों (2 बहनों और एक भाई) में सबसे बड़ी हैं और व्यवसायी भी हैं. वह अपने पिता के निधन से पहले भी उनके बिजनेस का मैनेजमेंट देखा करती थीं. इस दौरान वह नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र का नियमित दौरा भी करती रही हैं. अपने क्षेत्र में लगातार सक्रियता की वजह से पहले से ही उन्हें इस सीट का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा था.