samacharsecretary.com

उसे ढूंढ निकालो! — महादेव बेटिंग ऐप मामले में सुप्रीम कोर्ट का ईडी को कड़ा निर्देश

नई दिल्ली महादेव बेटिंग ऐप घोटाले में फरार चल रहे सह-संस्थापक रवि उप्पल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सख्त निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि ऐसे आरोपी कानून और जांच एजेंसियों के साथ खेल नहीं सकते। कोर्ट ने उप्पल की याचिका खारिज करते हुए टिप्पणी की, यह चौंकाने वाला मामला है, अदालत को अब कुछ करना ही होगा। उसे ढूंढ निकालो। दुबई से भी फरार हुआ आरोपी रवि उप्पल, जो लंबे समय से दुबई में रह रहा था, भारतीय एजेंसियों के प्रत्यर्पण प्रयासों के बीच वहां से भी फरार हो गया। अब उसकी मौजूदगी का कोई स्पष्ट सुराग नहीं है। सुप्रीम कोर्ट की बेंच जस्टिस एम.एम. सुंद्रेश और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने ईडी को उसकी तलाश की जिम्मेदारी सौंपी है। अदालत ने कहा कि उप्पल की पहुंच काफी लंबी है, तभी वह लगातार जगह बदल रहा है। ईडी का पक्ष और कोर्ट की प्रतिक्रिया अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने अदालत को बताया कि रवि उप्पल को 2023 में दुबई में हिरासत में लिया गया था, लेकिन वह दुबई की जेल से भी फरार हो गया है। इस पर जस्टिस सुंद्रेश ने सख्त लहजे में कहा, वह हर बार भाग नहीं सकता। अंततः उसे इस प्रक्रिया का हिस्सा बनना ही पड़ेगा। साथ ही, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत के सवाल पर हम नरमी बरतने को तैयार हैं, लेकिन सही समय आने पर ही उस पर विचार किया जाएगा। महादेव ऐप घोटाला महादेव बेटिंग ऐप कथित रूप से एक ऑनलाइन सट्टेबाज़ी नेटवर्क है, जिसके जरिए देशभर में हजारों करोड़ रुपए के लेन-देन किए गए। ईडी का आरोप है कि ऐप के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग, टैक्स चोरी और विदेशी निवेश नियमों का उल्लंघन किया गया। रवि उप्पल और उसका सहयोगी सौरभ चंद्राकर इस पूरे नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड बताए जाते हैं।

नशे की लत ने छीना करियर! पूर्व कप्तान विलियम्स हुए राष्ट्रीय टीम से बाहर

हरारे जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान सीन विलियम्स अब कभी अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की तरफ से नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उन्होंने खुलासा किया है कि नशे की लत के कारण उन्होंने कुछ मैच नहीं खेले थे। जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुसार विलियम्स को राष्ट्रीय टीम से हमेशा के लिए बाहर कर दिया गया है। ज़िम्बाब्वे क्रिकेट ने इस बात की जांच की कि सितंबर में टी-20 विश्व कप क्वालीफाइंग प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर विलियम्स ने अचानक टीम से नाम वापस क्यों ले लिया था। ज़िम्बाब्वे क्रिकेट ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच के दौरान विलियम्स ने खुलासा किया कि वह नशे की लत से जूझ रहे हैं और स्वेच्छा से रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजरना चाह रहे हैं।’’ ज़िम्बाब्वे ने आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट की मेज़बानी की थी और उसमें जीत हासिल करके अगले साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था। विलियम्स ने 2005 में ज़िम्बाब्वे के लिए पदार्पण किया और 20 साल तक अपने देश के लिए खेलते रहे। उन्होंने 24 टेस्ट, 164 एकदिवसीय और 85 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।   

तेजस्वी को रितु जायसवाल की चुनौती, कहा– पप्पू यादव जैसा जवाब दूंगी

पटना  सीतामढ़ी जिले की परिहार सीट से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की बागी नेता और निर्दलीय कैंडिडेट रितु जायसवाल ने पार्टी के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव से कहा है कि जनता परिहार को पूर्णिया बना देगी। राजद महिला मोर्चा अध्यक्ष रहीं रितु राजद के टिकट पर 2020 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की गायत्री देवी से 1569 वोटों के अंतर से परिहार में हार गई थीं और दोबारा लड़ना चाहती थीं। रितु को राजद ने शिवहर से लोकसभा चुनाव लड़ाया था, लेकिन जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की लवली आनंद ने उन्हें 29143 वोट से हरा दिया। लालू यादव ने अपने पुराने सहयोगी रामचंद्र पूर्वे की बहू स्मिता गुप्ता पूर्वो को इस बार परिहार से टिकट दिया है।   रितु जायसवाल को तेजस्वी यादव ने सीतामढ़ी जिले की ही बेलसंड विधानसभा सीट से लड़ने के लिए कहा था लेकिन उन्होंने दूसरी सीट से लड़ने से मना कर दिया और बागी होकर निर्दलीय ही मैदान में उतर गई हैं। परिहार में दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान है। राजद नेता तेजस्वी की बुधवार को परिहार में चुनावी सभा है।  तेजस्वी की सभा से पहले रितु जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर लोकसभा चुनाव में निर्दलीय पप्पू यादव के हाथों पूर्णिया में राजद की बीमा भारती की हार की याद दिलाई है। तब पप्पू कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे, लेकिन राजद ने कांग्रेस खाते की सीट लेकर बीमा को जेडीयू से बुलाकर लड़ा दिया था। पप्पू के खिलाफ तेजस्वी ने पूर्णिया में कैंप भी किया था। बीमा भारती हारी तो हारीं, कुछ हजार वोट के साथ जमानत भी गंवा दी।   रितु जायसवाल ने अपने पोस्ट में लिखा है- ‘आज तेजस्वी परिहार आ रहे हैं- उस उम्मीदवार के लिए वोट मांगने, जो अभी तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ रही हैं। राजद ने परिहार की सीट उस दिन ही गंवा दी थी, जिस दिन कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज करके परिहार का सिंबल बांटा गया था। जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज मैं परिहार की बदहाली के लिए जिम्मेदार विधायक के खिलाफ मजबूती से डटी हुई हूं। तेजस्वी से बस इतना कहना है- बिहार की बाकी 242 सीटों पर ध्यान दीजिए, परिहार को पूर्णिया बनाने का फैसला यहां की जनता पहले ही कर चुकी है।’  

भारतीय बाज़ार में चीनी पाइप का दबदबा! इस साल दोगुना हुआ आयात

नयी दिल्ली चीन से ‘सीमलेस पाइप’ और ‘ट्यूब’ का आयात वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर दो गुना से अधिक होकर 4.97 लाख टन रहा। घरेलू विनिर्माताओं के संगठन एसटीएमएआई ने यह जानकारी दी। उद्योग जगत के आंकड़ों के अनुसार, देश ने वित्त वर्ष 2023-24 में चीन से 2.44 लाख टन ‘सीमलेस पाइप’ व ‘ट्यूब’ का आयात किया था। वित्त वर्ष 2022-23 में आयात 1.47 लाख टन था जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 82,528 टन रहा था। सीमलेस ट्यूब मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसटीएमएआई) के अध्यक्ष शिव कुमार सिंघल ने कहा कि गत वित्त वर्ष में चीन के पाइप का आयात वित्त वर्ष 2021-22 की तुलना में लगभग पांच गुना बढ़ा है। सिंघल ने कहा, ‘‘घरेलू ‘सीमलेस पाइप’ उद्योग की सुरक्षा के लिए भारत सरकार द्वारा विभिन्न सुरक्षा उपायों के माध्यम से किए गए मजबूत समर्थन के बावजूद चीन के पाइप आयात में समय के साथ तेजी से वृद्धि हुई है। चीन से आयात पर अंकुश लगाने में ये प्रयास काफी हद तक अप्रभावी साबित हुए हैं।’’ उद्योग संगठन ने कहा कि चीन की कंपनियां भारतीय बाजार में ‘सीमलेस पाइप’ की डंपिंग कर रही हैं। साथ ही भारतीय सीमा शुल्क पर अधिक ‘बिलिंग’ के माध्यम से करों और शुल्कों की चोरी कर रही हैं। सिंघल ने कहा, ‘‘कथित तौर पर चीनी आयातक सीमा शुल्क निकासी के समय बढ़ा-चढ़ाकर ‘बिल’ मूल्य घोषित कर रहे हैं जबकि बाद में उन्हीं उत्पादों को भारतीय बाजार में घरेलू विनिर्माताओं की तुलना में काफी कम दामों पर बेच रहे हैं। यह प्रथा निष्पक्ष व्यापार को कमजोर करती है और भारतीय उत्पादकों को गंभीर नुकसान पहुंचाती है।’’ चीन न केवल बाजार में अत्यधिक सस्ते पाइप पहुंचा भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है बल्कि ताप विद्युत, परमाणु ऊर्जा तथा तेल एवं गैस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को घटिया सामग्री की आपूर्ति करके गंभीर सुरक्षा चिंताएं भी उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ये गतिविधियां भारत के भविष्य के ऊर्जा व बुनियादी ढांचे के परिदृश्य के प्रमुख घटकों में घुसपैठ करने और संभावित रूप से समझौता करने के रणनीतिक प्रयास का संकेत देती हैं। ऐसे घटनाक्रमों पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि ये भारत की आर्थिक संप्रभुता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक जोखिम खड़ा कर सकते हैं।’’ सिंघल ने बताया कि ‘सीमलेस पाइप’ का न्यूनतम आयात मूल्य 85,000 रुपये प्रति टन है और भारतीय बाजारों में छोटी मात्रा में चीन के पाइप का बाजार मूल्य 70,000 रुपये प्रति टन है। इसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर डंपिंग के कारण स्वदेशी क्षमता का कम उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसके रोजगार के अवसरों में भी कमी आई है।   

सिख धर्मावलंबियों के लिए खुशखबरी! गुरुपर्व पर पंजाब सरकार की बड़ी घोषणा

पठानकोट  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज शाहपुर कंडी डैम प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट लंबे समय से निर्माणाधीन था और अब इसके पूरा होने से माझा क्षेत्र के लिए यह लाइफलाइन साबित होगा। इस प्रोजेक्ट से लाखों लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस डैम से जहां बिजली उत्पादन होगा, वहीं सिंचाई की सुविधाएं भी बढ़ेंगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस डैम की कुल लागत 3394.49 करोड़ रुपए है, जिसमें 80 फीसदी हिस्सा पंजाब सरकार और 20 फीसदी केंद्र सरकार का है। इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 3171 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है, जिनमें से 1643.77 एकड़ पंजाब की और बाकी जम्मू-कश्मीर की जमीन है। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि यहां 206 मेगावॉट क्षमता के दो पावर हाउस बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, इस डैम से बनने वाली तीन नई नहरों का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि एक बड़ी झील भी तैयार की गई है, जिसे पर्यटन केंद्र (टूरिस्ट हब) के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। 

उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने देखा एयर शो

रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आज नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित एरोबेटिक "सूर्यकिरण" की टीम ने रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। देश के उप राष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ हजारों लोगों ने अद्भूत और रोमांचक एयर शो का आनंद लिया। आज प्रदेशवासियों के लिए वायु सेना का एयर शो कमाल का अनुभव रहा। सेंध जलाशय के ऊपर वायु सेना के फाइटर प्लेन्स ने एक के बाद एक कई हवाई करतब दिखाए। आसमान में पंछियों के झुंड की तरह बिल्कुल क्रम से उड़ने वाले फाइटर प्लेन्स के माध्यम से वायु सेना के जाबांजों ने अपने नियंत्रण और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन किया। विमानों के माध्यम से जब आकाश में तिरंगा लहराया तो सेंध जलाशय भारत माता की जय के नारे से गूंज उठा। एयर शो के दौरान "सूर्यकिरण" टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन श्री अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़वासियों को रजत महोत्सव की बधाई दी। वहीं छत्तीसगढ़ निवासी भारतीय वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर श्री गौरव पटेल ने सेंध जलाशय के ऊपर अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित विभिन्न निगमों, मंडलों और आयोगों के पदाधिकारी भी एयर शो देखने पहुंचे थे। "सूर्यकिरण" टीम ने अनुशासन, परस्पर विश्वास, सटीकता और उत्साह के साथ एक घंटे तक वायु सेना के विमानों के साथ कलाबाजी दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नवा रायपुर के सेंध जलाशय में मौजूद हजारों दर्शक पायलटों के हैरतअंगेज साहस और करतबों को देखकर मंत्रमुग्ध होते रहे। विंग कमांडर श्री ए.व्ही. सिंह के नेतृत्व में वन-एफ-9 और वन-एफ-8 हेलीकॉप्टर यूनिट ने वी-17 और वी-5 हेलीकॉप्टरों से स्लीपरी और स्काई-ऑपरेशन के करतब दिखाए। 'आदिदेव' नाम के इन हेलीकॉप्टरों से केवल 15 मीटर ऊंचाई पर स्थिर रहकर 14 गरूड़ कमांडोज रस्सी के सहारे नीचे उतरे। वहीं स्काई-ऑपरेशन के दौरान आठ गरूड़ कमांडोज रस्सी पर लटककर हेलीकॉप्टर से दर्शकों के सामने से आकाश में उड़ते हुए गुजरे। इन दोनों ऑपरेशनों को लड़ाई और आपदा के दौरान जनसामान्य को बचाने के लिए किया जाता है। एयर शो में "सूर्यकिरण" की टीम के नौ हॉक-मार्क-123 फाइटर विमानों ने आसमान में हार्ट, डायमंड, लूप, ग्रोवर, डान लाइट, कॉम्बैट तेजस जैसे शानदार फार्मेशन बनाकर लोगों को रोमांचित किया। नीले आसमान में उड़ते लाल-सफेद जेट विमानों द्वारा तिरंगे की आकर्षक ट्रेल छोड़ने पर सेंध जलाशय परिसर तालियों और जय-हिंद के नारों से गूंज उठा। हज़ारों की संख्या में मौजूद नागरिक, युवा और बच्चे लगातार विमानों की कलाबाजियों को अपने कैमरों और मोबाइलों में कैद करते रहे। वायु सेना के जाबांज फाइटर पायलटों ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर 25वें राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों से डीएनए की आकृति बनाकर तिरंगे के प्रति अपना सम्मान प्रस्तुत किया। उन्होंने 360° में फाइटर जेट उड़ाते हुए उल्टा जेट भी उड़ाया। तेजस और युवाओं को समर्पित अंग्रेजी अक्षर 'वाई' की आकृति बनाने के साथ ही कई करतब दिखाए। टीम का प्रदर्शन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में देशप्रेम, साहस और भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा की प्रेरणा जगाने का संदेश भी देता है। एयर शो में छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर श्री गौरव पटेल का शामिल होना राज्यवासियों के लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का पल था। आसमान में अपने विमान को तेज गति से उड़ाते हुए श्री पटेल ने अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का जय घोष किया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट सुश्री कंवल संधू ने अपनी लाइव कमेंट्री के दौरान एयर शो के रोमांचक वर्णन के साथ ही पायलटों के अनुशासन, समर्पण, प्रशिक्षण और जोखिम प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी दी। 'सूर्यकिरण' एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम, 1996 में हुई थी स्थापना भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team) एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम है। यह विशिष्ट टीम भारत में ही निर्मित एचएएल (HAL) लाइसेंस प्राप्त हॉक एमके-132 (Mk-132) विमान उड़ाती है। इन विमानों के ज़रिए भारतीय वायु सेना की सटीकता, पेशेवर उत्कृष्टता और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन करती है, जिसमें रोमांचक हवाई करतब और बेहद सटीक फॉर्मेशन शामिल होते हैं। सूर्यकिरण टीम को उसका मिशन विशेष बनाता है। देश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर देशसेवा के लिए प्रेरित करना इनका मिशन है। सूर्यकिरण टीम की स्थापना वर्ष 1996 में की गई थी। तब से यह टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम होने का गौरव रखती है और दुनिया की कुछ चुनिंदा शीर्ष एरोबैटिक टीमों में शामिल है। यह असाधारण टीम अब तक भारत भर में 700 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है। साथ ही चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय एयर शोज़ में भी किया है। टीम मंं कुल 13 पायलट, 3 इंजीनियरिंग अधिकारी, 1 उद्घोषक (कमेन्टेटर) और 1 चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं। सूर्यकिरण टीम भारतीय वायुसेना की उस भावना को दर्शाती है जो उत्कृष्टता, अनुशासन और टीमवर्क पर आधारित है। टीम के सभी पायलट अत्यंत कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हैं, जिसमें जटिल एरोबैटिक मूवमेंट्स का महीनों तक अभ्यास किया जाता है। उनका बेदाग़ तालमेल और नियंत्रण ही क्लोज़ फॉर्मेशन फ्लाइंग की नींव है जहाँ नौ विमान मानो एक ही आत्मा से संचालित प्रतीत होते हैं।

बाराचट्टी में चुनावी बवाल! HAM प्रत्याशी ज्योति देवी पर हमला, माहौल गरमाया

गया  गयाजी की बाराचट्टी सीट से जीतन राम मांझी की हम (सेक्यूलर) की प्रत्याशी ज्योति देवी पर हमला हुआ है। चुनाव प्रचार के दौरान सुलेबट्टा क्षेत्र में कुछ लोगों ने हमला बोला। ज्योति देवी का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की ज्योति देवी समधन हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि खुली जीप में ज्योति देवी चुनाव प्रचार कर रही थीं। इसी दौरान भीड़ से कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके थे। जिसमें एक पत्थर उन्हें लगा था। फिलहाल ज्योति खतरे से बाहर हैं। बाराचट्टी सीट पर दूसरे चरण में वोटिंग है। आपको बता दें एनडीए के सीट बंटवारे में जीतन राम मांझी की HAM को 6 सीटें मिली थी। जिसमें 3 टिकट उन्होने अपने परिवार के लोगों को दिए। जिसमें बहू दीपा कुमारी को इमामगंज से प्रत्याशी बनाया। वहीं बाराचट्टी से समधन ज्योति देवी को कैंडिडेट बनाया, और जमुई जिले की सिकंदरा सीट से प्रफुल्ल कुमार मांझी को पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है। जो जीतन राम मांझी के दामाद हैं। भूमिहार बिरादरी से आने वाले अनिल कुमार के परिवार को 2 टिकट दिए है। गया की टिकारी सीट से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार को उतारा है तो उनके भतीजे रोमित कुमार को इसी जिले की अतरी सीट से टिकट दिया है।  

PCC अध्यक्ष बैज ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात, रेल हादसे पर जताया गहरा दुख

बिलासपुर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज बिलासपुर के रेलवे अस्पताल पहुंचे, जहां रेल हादसे के घायलों से मुलाकात कर हाल-चाल जाना. इलाज को लेकर डॉक्टरों से बातचीत की. साथ ही अफसरों से घटना के बारे में जानकारी ली. बैज ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, रेल हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. केंद्र और प्रदेश दोनों सरकार फेल है. अगर दोनों सरकारें ठीक से ध्यान देती तो ऐसा हादसा नहीं होता. रेल हादसे में हुई मौतों के लिए केंद्र व राज्य सरकार जिम्मेदार है. मृतक परिवारों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख देने की मांग दीपक बैज ने डिप्टी सीएम अरुण साव के बयान पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा, हम राजनीति करने नहीं आए हैं. 11 लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन है. कोयला गाड़ी को प्राथमिकता दी जा रही है, यात्री ट्रेनों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. छत्तीसगढ़ से सबसे ज्यादा आय देने वाला रेलवे जोन है. एक जान की कीमत 10 लाख रुपए दिया जा रहा है. मृतक परिवारों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख रुपए दिया जाना चाहिए.

Make in India को नई गति: रोमानियाई फ़र्मों को सहयोग के लिए भारत का आमंत्रण

नई दिल्ली भारत के वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत इस समय दुनिया की तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने रोमानिया की कंपनियों को आमंत्रित किया कि वे भारत के निर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और नवाचार से जुड़े बढ़ते उद्योग क्षेत्र का हिस्सा बनें। इसके लिए उन्होंने मेक इन इंडिया और पीएलआई (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव) योजनाओं का उल्लेख किया। मंत्री प्रसाद ने भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ब्रासोव में आयोजित भारत–रोमानिया व्यापार सम्मेलन में किया। यह कार्यक्रम ब्रासोव चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भारत के बुकारेस्ट स्थित दूतावास और डीपीआईआईटी की साझेदारी में हुआ। इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच निवेश और औद्योगिक सहयोग को बढ़ाना था। इसमें ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों की कंपनियों ने भाग लिया। बैठक में भारत के हाल के नीतिगत सुधारों, व्यवसाय करने में आसानी से जुड़े कदमों और उद्योग क्षेत्रों में राज्यों द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहनों की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर भारतीय और रोमानियाई कंपनियों के बीच आपसी सहयोग के लिए कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए और नई तकनीकी साझेदारी तथा संयुक्त उपक्रम पर चर्चा हुई। मंत्रालय के अनुसार, ब्रासोव में हुआ यह सम्मेलन मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत के व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दोनों देशों ने लंबे समय तक टिकाऊ विनिर्माण, हरित ऊर्जा और उच्च तकनीकी क्षेत्रों में साथ मिलकर आगे बढ़ने की इच्छा जताई। इससे पहले, मंत्री प्रसाद ने बुकारेस्ट में रोमानिया की विदेश मंत्री ओआना-सिल्विया सोयू से द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्षों ने व्यापार बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखलाएं मजबूत करने पर चर्चा की। वाणिज्य मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, दोनों पक्ष इस वर्ष के भीतर, चल रही वार्ताओं के लिए निर्धारित राजनीतिक दिशा के अनुरूप, एक निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करने पर सहमत हुए। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024–25 में भारत का रोमानिया को निर्यात 1.03 अरब डॉलर से अधिक रहा, जबकि दोनों देशों के बीच कुल व्यापार लगभग 2.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया।  

प्रदेश के गौरव को मिलेगा सम्मान, 41 हस्तियों को उपराष्ट्रपति करेंगे अलंकृत

रायपुर  नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन राज्य अलंकरण समारोह होगा. इस साल 34 राज्य अलंकरण दिया जाएगा. संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में राज्य अलंकरण से सम्मानित होने वाले लोगों की लिस्ट भी जारी की है. अलग-अलग क्षेत्रों में इन्हें मिलेगा सम्मान इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान हिरेश सिन्हा को आदिवासी चेतना के लिए प्रदान किया जाएगा, जबकि यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के लिए दिया जाएगा. खेल के क्षेत्र में, गुंडाधूर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव को मिला है. महिला एवं बाल विकास में महत्वपूर्ण कार्य के लिए, मिनीमाता सम्मान ललेश्वरी साहू को दिया जाएगा. गुरु घासीदास सम्मान भुवनदास जांगड़े और शशि गायकवाड़ को दिया जाएगा. ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, डोम को सहकारिता के लिए प्रदान किया जाएगा. हबीब तनवीर सम्मान डॉ. कुंज बिहारी शर्मा को समकालीन रंगकर्म के लिए, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान चांदनी साहू को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन (तीरंदाजी) के लिए और पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान चित्तरंजन कर को हिंदी साहित्य, चक्रधर सम्मान पं. कीर्ति माघव लाल व्यास को शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए, दाऊ मंदराजी सम्मान रिखी क्षत्रिय को लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए, डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार थनेन्द्र कुमार साहू और वामन कुमार टिकरिहा को कृषि के लिए दिया जाएगा. वहीं महाराजा अग्रसेन सम्मान राजेंद्र अग्रवाल को सामाजिक समरसता के लिए दिया जाएगा. पत्रकारिता (प्रिंट मीडिया हिंदी) में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार डॉ. संदीप कुमार तिवारी को दिया जाएगा. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिन्दी) के लिए यह पुरस्कार डॉ. सोमेश कुमार पटेल और प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए अभिषेक शुक्ला को मिलेगा. मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार भावना पांडेय को प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए दिया जाएगा. दानवीर भामाशाह सम्मान नीरज कुमार बाजपेयी को दानशीलता, सौहार्द और अनुकरणीय सहायता के लिए, धन्वंतरि सम्मान अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा और शोध एवं अनुसंधान के लिए, श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार सुखदेव दास को मछली पालन के लिए, डॉ. भंवरसिंह पोर्ट आदिवासी सेवा सम्मान जंगो रायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था को आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के लिए, रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार मिथलेश कुमार आदिल एवं अग्रसर टीम जिला दुर्ग और एनटीपीसी लिमि. लारा, सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, पुसौर को श्रम के लिए, पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान  योगेश कुमार साहू को अपराध अनुसंधान के लिए, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान मनीष तिवारी को देश के बाहर अप्रवासी भारतीय द्वारा सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधान, निकाय और आर्थिक के लिए, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रोहित कुमार कोसरिया को पंथी नृत्य के लिए दिया जाएगा. किशोरी मोहन त्रिपाठी पुरस्कार सुनील सोनी को, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान राकेश तिवारी को, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा को और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण अनुराग बसु  को हिंदी/छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए प्रदान किया जाएगा. बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान खेम चंद, डॉ. सुरेश मणि त्रिपाठी, डॉ. भूपेंद्र करवन्दे, भरतलाल सोनी को दिया जाएगा। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रेमशीला बघेल को महिलाओं की वीरता, शौर्य, साहस और आत्मबल को सशक्त के लिए, माता बहादुर कलारिन सम्मान शिल्पा पांडेय सृष्टि को महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान के लिए, पं माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मक सम्मान अवधेश कुमार को रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के लिए और संस्कृति भाषा डॉ. दादू भाई त्रिपाठी को संस्कृत भाषा के लिए दिया जाएगा.