samacharsecretary.com

13 नवंबर 2025 राशिफल: मकर राशि के लिए शुभ संकेत, बाकी राशियों पर क्या रहेगा सितारों का असर

मेष-कारोबार में भी कमी हो सकती है। आय में कमी और खर्च में अधिकता की स्थिति हो सकती है। मन परेशान रहेगा। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। नौकरी में तरक्की के मार्ग प्रशस्त होंगे। कार्यक्षेत्र में बदलाव होगा। परिश्रम अधिक रहेगा। सेहत का ध्यान रखें। वृषभ-मन अशांत हो सकता है। पिता की सेहत का ध्यान रखें। परिवार का साथ मिलेगा। कारोबार में कुछ सुस्ती देखने को मिल सकती है। यात्रा लाभप्रद रहेगी। मन में उतार-चढ़ाव रहेंगे। परिवार की सेहत का ध्यान रखें। खर्च की अधिकता रहेगी। मिथुन-मन में अचानक खुशी और दुख के भाव आ सकते हैं। इस समय अपनी हेल्थ का ध्यान रखें। करियर में अच्छे योग हैं, आपको प्रोफेशनल लाइफ में थोड़ा सावधान रखें। बिजनेस को लेकर यात्रा लाभप्रद रहेगी। आर्थिक तौर पर आपको लाभ मिलेगा। खर्च की अधिकता रहेगी। कर्क-दिन आपको लंबा और थकाऊ लग सकता है। इस समय आपको मौन रहना होगा। खुले रहें, लेकिन उजागर न हों। कोई पर्सनल बात आपके सामने आ सकती है, या आप किसी नए फीलड में कदम रख सकते हैं। यह अच्छी बात है, लेकिन ऐसा सोच-समझकर करें ।आपको इस समय अनुशासन में रहना होगा। सिंह-तब भी जब कोई देख न रहा हो, तब तक आप बड़े कदम के लिए तैयारी करें। अपनी लाइफ में जो लक्ष्य आपको अचीव करने हैं, उनको पाने के लिए मेहनत करें। किसी भी छोटी-मोटी झुंझलाहट को अपने अंदर न आने दें और अपने लक्ष्य से दूर न होने दें। तुला-जब भी आप किसी पर फोकस करते हैं जिस पर आपका कंट्रोल है, तो एनर्जी बदलती है। इमोशंस को लेकर आपकी लाइफ में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। हर चीज को ठीक करने की कोशिश मत कीजिए। धनु-इस समय फालतू चीजों पर फोकस नहीं करना चाहिए, जो आपके हाथ में है उस पर फोकस कीजिए। शांत रहें और धैरय से प्लानिंग करें। एक साधारण काम या बस एक छोटा सा कदम आपकी लाइफ को और भी बेहतर बना सकता है। मकर-आपको उन बातों का एहसास हो सकता है जो अब आपके लिए सही नहीं हैं। यह ऐसी चीज़ है जिसे आपने पहले स्वीकार कर लिया होगा। बिना किसी जल्दबाजी आपको शांत तरीके से फैसला लेना है। पर्सनल लाइफ में कुछ अच्छा होगा। कुम्भ-आप यात्रा जा सकते हैं, इससे आपको लाभ होगा। पर्सनल लाइफ में कुछ उतारचढ़ाव आ सकते हैं। प्रोफेशनल लाइफ में अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा। अपनी तुलना किसी और से ना करें। कन्या-प्रोफेशनल लाइफ में गॉसिप से बचें। जब कुछ गड़बड़ लगे, तो अपनी आंतरिक मन पर भरोसा करें। अपना रुटीन रोज फॉलो करें। अपनी भावनाओं को आपको अंतर्दृष्टि की ओर ले जाने दें। धीरे-धीरे और सावधानी से आगे बढ़ें। वृश्चिक-आपको अपने गति खुद बनानी है, इसके लिए खुद से एफर्ट करने होंगे, बाकी आपसे आगे निकल रहे हैं, इससे निराश ना हो, अपने में बदलाव लाएं। आर्थिक और हेल्थ के मामले आप आज अच्छे हैं। मीन-मीन वालों के लिए पर्सनल लाइफ में अच्छा समय है। अपनी हेल्थ पर ध्यान दें। आपके लिए आगे बढ़ने का समय आ रहा है। धन के मामले में अभी बड़ा फैसला लेने से बचें।

रूस का रुख नरम! इस्तांबुल में यूक्रेन से वार्ता के लिए तैयार मास्को

इस्तांबुल  मास्को यूक्रेन के साथ शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कभी भी बातचीत को तैयार है। तुर्की में रूस के अंतरिम प्रभारी के हवाले से रूसी मीडिया एजेंसी तास ने जानकारी दी है। अंतरिम प्रभारी एलेक्सी इवानोव ने संवाददाताओं को बताया कि रूस इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ शांति प्रक्रिया पर बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। 16 मई, 2 जून, 23 जुलाई को भी इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच वार्ता हुई थी लेकिन नतीजे कुछ खास सकारात्मक नहीं आए थे। तास के अनुसार उन्होंने कहा, "रूसी पक्ष ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि हम यूक्रेनी पक्ष और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बातचीत जारी रखने के लिए तैयार हैं। हमारे तुर्की साझेदारों ने भी लगातार इस बात पर जोर दिया है कि इस्तांबुल मंच हमारे लिए उपलब्ध है, यहां दरवाजे खुले हैं।" राजनयिक ने आगे कहा, "अगर कीव राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाता है, तो हम किसी भी समय ऐसी बातचीत के लिए तैयार हैं।" इवानोव ने बताया कि रूसी पक्ष ने पिछले दौर की बातचीत के दौरान कई प्रस्ताव रखे थे। उन्होंने आगे कहा, "तीन ऑनलाइन कार्य समूहों की स्थापना सहित कई पहलों को आगे बढ़ाया गया था। दुर्भाग्य से, हमें अभी तक यूक्रेनी पक्ष से इन पहलों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।" बता दें, जुलाई के बाद से दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने कोई वार्ता नहीं हुई है। हाल के दिनों में ये ऐसा दूसरा संकेत है जो रूस की ओर से शांति की वकालत करता है। रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के करीबी और रूस के खास दूत किरील दिमित्रियेव ने 24 अक्टूबर को ही सीएनएन को दिए इंटरव्‍यू में संकेत दिया था कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका अब 'कूटनीतिक समाधान के काफी करीब' हैं। दिमित्रियेव अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक के लिए अमेरिका में थे। उन्‍होंने कहा, 'रूस वास्तव में सिर्फ संघर्षविराम नहीं चाहता बल्कि इस संघर्ष का अंतिम समाधान चाहता है। संघर्षविराम अक्सर कम समय के होते हैं। कई लोग इसका इस्तेमाल पुनःसैन्यीकरण और संघर्ष को फिर से शुरू करने के लिए कर सकते हैं।'

राजधानी में हड़कंप! दिल्ली पुलिस लाल कार की तलाश में, विस्फोट मामले की जांच तेज

नई दिल्ली  दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए ब्लास्ट की घटना में जांच तेज हो गई है। जांच के क्रम में पुलिस अब एक लाल रंग की गाड़ी की तलाश में है। जानकारी के अनुसार, यह कार उमर के नाम पर रजिस्टर्ड है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जिस लाल रंग की गाड़ी की तलाश की जा रही है, वह उमर नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। यही उमर वह शख्स है, जिस पर ब्लास्ट से जुड़ी आई20 कार चलाने का शक जताया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कई सीसीटीवी फुटेज में उमर को आई20 कार चलाते हुए देखा गया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि उमर की कार दिल्ली के ही एक पते पर रजिस्टर्ड है। पुलिस की टीमें अब उस गाड़ी की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है और दिल्ली पुलिस की पांच टीमें लाल रंग की कार की तलाश में जुटी हुई हैं। दिल्ली के सभी पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और सीमा चौकियों को इस कार की तलाश के लिए अलर्ट कर दिया गया है। इसी तरह, उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी लाल रंग की कार के बारे में अलर्ट भेजा गया है। इससे पहले, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट की जांच के लिए 10 अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन किया था। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 10 सदस्यीय विशेष टीम का नेतृत्व एनआईए के एडीजी विजय सखारे करेंगे और इसमें एक आईजी, दो डीआईजी, तीन एसपी और बाकी डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। बता दें कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में यह धमाका हुआ था। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियां 1 हजार से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। उन्हें संदेह है कि कार विस्फोट ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया एक आत्मघाती हमला हो सकता है। जांच ​​एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं और दिल्ली भर के कई स्थानों से मोबाइल फोन डंप डेटा एकत्र कर रही हैं। साथ ही, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिल्ली ब्लास्ट पर कैबिनेट का सख्त रुख, आतंकी घटना की निंदा करते हुए पारित किया प्रस्ताव

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट मीटिंग हुई। इस बैठक में दिल्ली में हुए ब्लास्ट मामले में पर चर्चा की गई और आतंकियों का सिंडेकेट खत्म करने का प्रण लिया गया। वहीं, कैबिनेट ने इस ब्लास्ट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और 2 मिनट का मौन रखा। कैबिनेट की बैठक के बारे में ब्रीफिंग करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दोहराई है। केंद्रीय कैबिनेट ने इस घटना की निंदा की कैबिनेट ब्रीफिंग में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कैबिनेट इस नृशंस और कायराना कृत्य की स्पष्ट रूप से निंदा करता है, जिसके कारण निर्दोष लोगों की जान गई है। कैबिनेट सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराता है। दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लाल किले के पास हुए दिल्ली विस्फोट की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट निर्देश देता है कि इस घटना (दिल्ली विस्फोट) की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके से की जाए ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और उनके प्रायोजकों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके। 'हर स्थिति पर रखी जा रही नजर' बताया गया कि सरकार के उच्चतम स्तर पर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मंत्रिमंडल राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के प्रति अपनी स्थायी प्रतिबद्धता के अनुरूप, सभी भारतीयों के जीवन और कल्याण की रक्षा के लिए सरकार के दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है।  

Cyber Slavery Racket का भंडाफोड़! CBI ने दो एजेंट पकड़े, फर्जी नौकरी के नाम पर युवाओं को म्यांमार भेजा

नई दिल्ली केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए म्यांमार में स्थित साइबर अपराध घोटाले के परिसरों (Cyber Crime Scam Compounds) में अवैध रूप से भारतीय नागरिकों की तस्करी से संबंधित दो मामले दर्ज किए हैं। इस मामले में दो मुख्य एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है। ये मामले मानव तस्करी और गलत तरीके से बंधक बनाने (Wrongful Confinement) जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित हैं, जिनके लिए आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। हाल ही में, भारत सरकार ने म्यांमार से साइबर गुलामी (Cyber Slavery) के शिकार हुए कई पीड़ितों को छुड़ाने में मदद की थी। सीबीआई की जाँच में पता चला कि विदेशी स्कैम कंपाउंडों की ओर से कई एजेंट भारत में सक्रिय थे। सीबीआई ने ऐसे ही दो एजेंटों की पहचान की, जिन्होंने राजस्थान और गुजरात से पीड़ितों को फंसाकर इन कंपाउंडों में भेजा था। इन दोनों आरोपियों को बचाए गए पीड़ितों के साथ भारत लौटते ही तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। थाईलैंड के रास्ते म्यांमार तक जालः जाँच से पता चला है कि अंतर्राष्ट्रीय संगठित सिंडिकेट भोले-भाले भारतीय नागरिकों को विदेशों में उच्च-वेतन वाली नौकरियों और आकर्षक रोजगार के अवसरों का झूठा वादा करके फंसाता है। उन्हें अक्सर थाईलैंड के रास्ते म्यांमार ले जाया जाता है। एक बार देश से बाहर ले जाने के बाद, उन्हें म्यांमार में एक जगह पर गलत तरीके से बंधक बना लिया जाता है और बड़े पैमाने पर साइबर धोखाधड़ी (Cyber Fraud) अभियानों में भाग लेने के लिए मजबूर किया जाता है। इन धोखाधड़ियों में डिजिटल अरेस्ट स्कैम, निवेश घोटाले और रोमांस फ्रॉड शामिल हैं, जो दुनिया भर के लोगों, यहाँ तक कि भारतीय नागरिकों को भी निशाना बनाते हैं। तस्करी के शिकार लोगों को धमकी, कैद और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया जाता है, और उन्हें अपनी इच्छा के विरुद्ध अवैध साइबर अपराध गतिविधियों में शामिल होने के लिए विवश किया जाता है। इन पीड़ितों को ही आमतौर पर "साइबर गुलाम" (Cyber Slaves) कहा जाता है। सीबीआई ने कहा है कि वह घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वय से साइबर गुलामी और अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के इस उभरते खतरे का मुकाबला करने के लिए प्रतिबद्ध है। सीबीआई ने सभी नागरिकों, विशेषकर युवा नौकरी तलाशने वालों से आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया, ऑनलाइन विज्ञापनों या अनधिकृत एजेंटों के माध्यम से दिए जा रहे विदेशी रोजगार के किसी भी प्रस्ताव के खिलाफ अत्यधिक सावधानी बरतें।

कांग्रेस संगठन में बदलाव: संजना जाटव और रेहाना चिश्ती बनीं राष्ट्रीय सचिव

जयपुर कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नौ नेताओं को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है, वहीं पांच सचिवों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इनमें राजस्थान से दो चेहरों,भरतपुर सांसद संजना जाटव और महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कांग्रेस ने युवा सांसद संजना जाटव को राष्ट्रीय सचिव बनाकर मध्य प्रदेश प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी के साथ जोड़ा है। संजना जाटव की गिनती कांग्रेस के सक्रिय और युवा नेताओं में होती है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में भरतपुर सीट से बीजेपी के रामस्वरूप कोली को 51,983 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में वे कठूमर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थीं और मामूली 409 वोटों से हार गई थीं। अब मध्य प्रदेश में प्रभारी और सह-प्रभारी दोनों ही राजस्थान से होंगे — हरीश चौधरी और संजना जाटव। पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती को कांग्रेस ने राष्ट्रीय सचिव बनाकर महाराष्ट्र प्रभारी महासचिव के साथ अटैच किया है। रेहाना रियाज लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं और महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय पदाधिकारी के रूप में भी काम कर चुकी हैं। अन्य राज्यों में भी नियुक्तियां कांग्रेस ने कुल 9 नए राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की है और 5 के कार्यक्षेत्र बदले हैं। नई नियुक्तियों में —     श्रीनिवास बी.वी. (पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष) – गुजरात     सचिन सावंत – तेलंगाना     हिना कावड़े व सूरज ठाकुर – पंजाब     जेट्टी कुसुम कुमार – ओडिशा     निवेदिता आल्वा – तमिलनाडु     उषा नायडू – मध्य प्रदेश     भूपेंद्र माड़वी – झारखंड     परगट सिंह – जम्मू-कश्मीर     मनोज यादव – उत्तराखंड देवेंद्र यादव को गुजरात की जिम्मेदारी राजस्थान के सह-प्रभारी सचिव रहे देवेंद्र यादव को अब गुजरात की जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल के साथ कांग्रेस ने यह संकेत दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को नई ऊर्जा और संतुलन के साथ मजबूत करना चाहती है।  

Agniveer Recruitment 2025: अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म, इस तारीख तक जारी होगा रिजल्ट

ग्वालियर प्रदेश के 10 जिलों के उन युवाओं के लिए खुशखबरी है, जिन्होंने भारतीय सेना में अग्निवीर बनने के लिए अगस्त माह में शारीरिक परीक्षा दी थी। अब परीक्षा परिणाम आने वाला है। 15 नवंबर तक परीक्षा परिणाम आ सकता है। एक माह ट्रेनिंग आगे बढ़ने के चलते ही परीक्षा परिणाम विलंब से आ रहा है। परीक्षा परिणाम आने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा। लिखित परीक्षा में चयनित हुए 10500 अभ्यर्थी देशभर के आठ ट्रेनिंग सेंटरों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को भेजा जाएगा। दिसंबर के पहले सप्ताह या दूसरे सप्ताह से इनकी रवानगी शुरू हो जाएगी। प्रदेश के ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह, सागर के करीब 33 हजार अभ्यर्थियों ने अग्निवीर बनने के लिए लिखित परीक्षा दी थी। लिखित परीक्षा में 10500 अभ्यर्थी चयनित हुए। इनकी शारीरिक परीक्षा अगस्त माह में शिवपुरी में हुई। शारीरिक परीक्षा में अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। इसके बाद कुल प्राप्तांकों के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी होगी।   दौड़ को लेकर हुआ है बदलाव इस बार नया बदलाव हुआ था। पहले 5.30 मिनट से 5.45 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होती थी। जो इस समयावधि में दौड़ पूर्ण कर लेता था, उसे ही उत्तीर्ण माना जाता था। लेकिन इस बार 1600 मीटर दौड़ के लिए 5.30 मिनट से 6.10 मिनट तक का समय दिया गया। अलग-अलग अवधि में दौड़ पूर्ण करने वालों को नंबर दिए जाएंगे। इसके आधार पर ही मेरिट लिस्ट जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग सेंटर के लिए रवाना किया जाएगा लिखित और शारीरिक परीक्षा में प्राप्तांकों के आधार पर ही मेरिट लिस्ट जारी होगी। फिर दस्तावेजों का परीक्षण सेना भर्ती कार्यालय पर शुरू होगा। 15 दिन में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज परीक्षण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग सेंटर के लिए रवाना किया जाएगा। अग्निवीर भर्ती परीक्षा का परिणाम 15 नवंबर तक आ सकता है। इसके बाद दस्तावेज परीक्षण होगा, फिर ट्रेनिंग सेंटर पर भेजा जाएगा। कर्नल पंकज कुमारनिदेशक, सेना भर्ती कार्यालय।

मोहाली में मुठभेड़ का महायुद्ध! देर रात चलीं गोलियां, दहशत में लोग

मोहाली मोहाली जिले के डेराबस्सी इलाके में घग्गर पुल के पास पुलिस द्वारा बड़ा एनकाउंटर किए जाने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा यहां दो गैंगस्टरों के साथ मुठभेड़ की गई है। पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुए इस मुकाबले के दौरान पूरा इलाका गोलियों से गूंज उठा है। फायरिंग में दोनों गैंगस्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों गैंगस्टर एक खतरनाक गैंग से जुड़े हुए थे। फिलहाल उनसे पूछताछ के दौरान बड़े खुलासे होने की संभावना है।  

टोल टैक्स से छूट: किसानों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, यहां फ्री में कर सकेंगे आवागमन

सोनीपत  सोनीपत गोहाना जींद राज्यमार्ग पर बना मोहाना टोल प्लाजा लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।कई दिन पहले यहां आसपास के ग्रामीणों ने बवाल काटा तो आज किसान संगठन के नेता और कार्यकर्ता इक्कठा होकर टोल प्लाजा पर पहुंचे।   किसानों का आरोप है कि टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा किसान संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा बदसलूकी की जा रही है । आज सोनीपत पुलिस की मौजूदगी में पंचायत हुई और टोल प्लाजा कर्मचारियों ने माफी मांगी और कर्मचारियों ने माना कि आगे से टोल प्लाजा कर्मचारी किसी के साथ कोई बदसलूकी नहीं की जाएगी। बता दे कि सोनीपत गोहाना जींद राज्यमार्ग पर बना मोहाना टोल प्लाजा पहले तो कई दिन पहले टोल प्लाजा पर रियायत मांगने को लेकर जमकर बवाल काटा, तो अब भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के नेता और कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा कर्मचारियों पर आरोप लगाए कि टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा किसानों के साथ बदसलूकी की जा रही है ।किसानों की सेवा करने वालों से जबरदस्ती टोल वसूला जा रहा है और इसी को लेकर आज यहां पंचायत हुई और टोल प्लाजा कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में अपनी गलती मानी । किसानों को टोल प्लाजा से गुजरने के लिए छूट देने पर सहमति बनी। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ और वीरेंद्र पहल ने कहा कि हमारे द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र को गलत बता रहे थे और अगर कोई हमारे पहचान पत्र का गलत प्रयोग करेगा तो उसपर कर्रवाई की जाएगी। किसान पंचायत को लेकर पुलिस बल भी टोल प्लाजा पर तैनात किया गया था और इस पर एसीपी राहुल देव ने बताया कि किसानों के साथ टोल प्लाजा कर्माचरियों की बैठक थी इसलिए यहां पुलिस की तैनाती की गई थी दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। 

बिहार में वोटों की रखवाली! स्ट्रॉन्ग रूम पर तीन चक्र की सख्त निगरानी, गिनती की पूरी तैयारी

पटना बिहार विधानसभा चुनाव में मंगलवार को अंतिम चरण के मतदान के बाद सभी लोगों की नजर 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है। इससे पहले तमाम एजेंसियों द्वारा जारी एग्जिट पोल में फिर से एनडीए सरकार आने की संभावना जताई गई है। इधर, दूसरे चरण के मतदान के बाद मतगणना की तैयारी तेज कर दी गई है। सभी मतदान केंद्रों के समीप स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा सख्त रखी गई है। पटना में भी मतदान को लेकर आवश्यक तैयारी की जा रही है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने कहा कि 14 नवंबर को मतगणना होनी है, जिसकी तैयारी चल रही है। स्ट्रॉन्ग रूम (वज्र गृह) में तीन चक्र की सुरक्षा व्यवस्था है। वज्रगृह की सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक (सीएपीएफ), बिहार विशेष सशस्त्र बल (बीएसएपी) तथा जिला सशस्त्र पुलिस (डीएपी) की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। तीन अपर पुलिस अधीक्षकों, पुलिस उपाधीक्षकों तथा 13 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती है। नियंत्रण कक्ष क्रियाशील है। अभ्यर्थियों को भी एसओपी के अनुसार स्ट्रॉन्ग रूम का भ्रमण कराया जाता है। मतगणना के दिन जो भी मतगणना अभिकर्ता होंगे, उन्हें जांच कर अंदर लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना के दिन क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की मूवमेंट बढ़ाई जाएगी, जिससे उस दिन किसी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या होने पर सख्ती से निपटा जा सके। मोकामा और दानापुर जैसे क्षेत्र पहले से हम लोगों की नजर में हैं। वहां किसी भी समस्या को सख्ती से निपटा जाएगा। बिहार निर्वाचन विभाग के मुताबिक, मतगणना केंद्रों पर तय समय पर सभी ईवीएम लाई जाएंगी और वोटों की गिनती की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को 122 सीटों के लिए मतदान हुआ। इससे पहले छह नवंबर को पहले चरण में 121 सीटों पर वोट डाले गए थे। मतगणना 14 नवंबर को होनी है।