samacharsecretary.com

फरीदाबाद में बड़ा खुलासा! धमाके में इस्तेमाल कार बेचने वाला डीलर गिरफ्तार

फरीदाबाद दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण धमाके के बाद जांच एजेंसियां और पुलिस टीम ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इस बीच लाल किले के पास उस शाम जिस कार में धमाका हुआ था,उसे बेचने वाला मालिक पकड़ा गया है। इस कार डीलर ने फरीदाबाद में बकायदा सेकंड हैंड शोरूम खोल रखा था और उसने ही इस हुंडई आई20 कार बिकवाई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। फरीदाबाद के सेक्टर 37 में कार डीलर अमित का सेकंड-हैंड कार शोरूम, 'रॉयल कार जोन' खोल रखा था। अमित ने इसी शोरूम से उस कार को आतंकियों को बेचा था। शोरूम के मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट होने के तुरंत बाद, रॉयल कार प्लाजा के मालिक अमित को फरीदाबाद पुलिस की सहायता से उनके सेक्टर 37 स्थित कार्यालय से हिरासत में लिया गया। सूत्रों ने कहा, "अमित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस गाड़ी के स्वामित्व (ownership) की पूरी कड़ी का पता लगाने और यह निर्धारित करने की कोशिश कर रही है कि यह संदिग्ध व्यक्ति के हाथों तक कैसे पहुंची। हम यह जांच कर रहे हैं कि कार को अमित के शोरूम तक कौन लाया था और डॉ. उमर नबी उसके संपर्क में किसके माध्यम से आया।" स्पेशल सेल बिक्री में शामिल संभावित बिचौलियों की पहचान करने के लिए डीलरशिप के रिकॉर्ड, लेनदेन विवरण और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। बता दें कि हरियाणा के फरीदाबाद में अल-फलाह विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. उमर नबी विस्फोट के समय कार चला रहा था।  

मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत है निवेशकों का : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कम्पनी मध्यप्रदेश में करेगी 950 करोड़ रूपए का निवेश पदाधिकारियों ने कहा – हम सरकार की निवेश प्रोत्साहन योजना का लेंगे भरपूर लाभ भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पुण्यधरा पर सभी निवेशकों का हृदय से स्वागत है। निवेशकों को सरकार अपनी योजनाओं का लाभ देने के साथ इकाई या कारखाना स्थापित करने में सहयोग भी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में निवेशकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स प्राईवेट लिमिटेड कम्पनी (जापानी समूह द्वारा अधिगृहित) के भारतीय एवं जापानी पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस कंपनी का मुख्यालय जापान एवं पंजाब में है। यह समूह करीब 950 करोड़ रुपए की लागत से धार जिले के पीथमपुर के औद्योगिक प्रक्षेत्र के सेक्टर-7 में करीब 71,200 टन सालाना क्षमता की बीओपीपी एवं सीपीटी फिल्म निर्माण इकाई स्थापित करना चाहता है। यह शत-प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के रूप में होगा। इसी सिलसिले में निवेश की अग्रिम कार्यवाही के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कम्पनी पदाधिकारियों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर कम्पनी के सीएफओ एवं होल टाईम डायरेक्टर श्री अमित जैन, कमर्शियल हेड श्री रितेश तिरखा, मैनेजिंग एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री हिरोशी सुजुकी, जनरल मैनेजर श्री तासुकु सेना, सेक्टर स्टाफ श्री तोमोहिरो कोमा एवं टेक्निकल एडवाईजर श्री तोशीयुकी माकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मध्यप्रदेश में निवेश की अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि कम्पनी द्वारा मध्यप्रदेश पहली बार निवेश किया जा रहा है। कम्पनी मध्यप्रदेश की निवेश प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत उपलब्ध निवेश प्रोत्साहन को अधिक से अधिक प्राप्त करना चाहती है। कम्पनी पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1988 में टोपान समूह की स्थापना एक भारतीय कंपनी के रूप में हुई थी, जिसे आगे चलकर जापानी समूह द्वारा अधिग्रहित किया गया। कंपनी मुख्य रूप से पैकेजिंग फिल्म, लेबल फिल्म, ग्राफिक लेमिनेशन फिल्म के निर्माण का कार्य करती है। इकाई की पंजाब स्थित विनिर्माण इकाई लगभग 45 एकड़ में स्थापित है। इस समूह का वैश्विक टर्नओवर एक लाख 25 हजार करोड़ रूपये (14 बिलियन यू.एस. डॉलर) है। समूह का भारत में टर्नओवर 1500 करोड़ रूपये है। कम्पनी का भारत में सिंगल लोकेशन प्लान्ट पंजाब में है। मध्यप्रदेश में इकाई की स्थापना के लिए औद्योगिक प्रक्षेत्र पीथमपुर सेक्टर-7 में 14 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जिसका प्राथमिक अवलोकन इकाई के प्रतिनिधियों द्वारा किया जा चुका है।  

क्रिकेट कोच मर्डर केस सुलझा, विदेश भागने की कोशिश में था आरोपी

गन्नौर  क्राइम यूनिट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यनिट ने पूर्व क्रिकेट कोच रामकरण की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सुनील लंबू को 7 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को बिसवा मिल से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। जानकारी देते हुए डीसीपी नरेंद्र कादियान में बताया कि आरोपी लंबू ने पूर्व क्रिकेट कोच की गोली मार कर हत्या कर दी थी। जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था। आरोपी हत्या करने के बाद मथुरा तो उसके वाद जम्मू कश्मीर छिप गया था। पुलिस ने देर रात सोनीपत के बिसवा मिल से आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस पूछताछ के आरोपी ने बताया कि चुनावी रंजिश के चलते आरोपी ने रामकरण की गोली मारकर हत्या की है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज है। आरोपी बाहर विदेश जाने की फिराक में था। लंबू का रिकॉर्ड आपराधिक रहा है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश ओर रिमांड पर लगी और पूछताछ करेगी। हत्या में ओर कोन शामिल है और आरोपी से हथियार भी बरामद करेगी।

Punjab University विवाद पर नया मोड़: VC से मीटिंग के बाद Students का बड़ा ऐलान!

चंडीगढ़  पंजाब विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर के साथ छात्र संगठनों की बैठक हुई। बैठक के दौरान छात्र संगठनों ने अपनी मांगों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। संगठनों का कहना था कि हाल ही में छात्रों पर दर्ज किए गए केसों को रद्द किया जाना चाहिए और चुनावों तक अदालती केस वापस ले लिए जाने चाहिए। वाइस चांसलर को कुछ भी थोपना नहीं चाहिए। इस बारे में बातचीत करते हुए पंजाब विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष अशमीत सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी मांगें वाइस चांसलर के सामने रखी हैं और वाइस चांसलर ने उन्हें भरोसा दिया है कि सीनेट चुनाव का शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। अशमीत सिंह का कहना है कि जब तक चुनावों का शेड्यूल नहीं आता, तब तक छात्रों द्वारा मोर्चा जारी रखा जाएगा। छात्रों ने लिखित रूप में चुनावों का शेड्यूल जारी करने की मांग भी की है। एस.एफ.एस. छात्र संगठन के संदीप सिंह ने कहा कि वाइस चांसलर ने भरोसा दिया है कि चुनावों का शेड्यूल एक-दो दिनों में जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा उनकी मांग थी कि सैनेट की गैर-हाजिरी में वाइस चांसलर द्वारा लिए गए सभी फैसलों की समीक्षा की जाए। जब तक सीनेट नहीं चुनी जाती, वाइस चांसलर केवल रूटीन फैसले लें और कोई भी बड़े फैसले न लें। छात्रों ने यह भी मांग की कि सीनेट को लेकर जितने भी छात्रों पर मामले दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाए। इन सभी मांगों को मानने का वाइस चांसलर ने भरोसा दिया है। 

बांग्लादेश लौटने को तैयार शेख हसीना! वापसी की रखी बड़ी शर्त, नोबेल विजेता यूनुस पर जमकर बरसीं

ढाका  बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश वापसी की इच्छा जताई है, लेकिन उन्होंने इसके लिए शर्तें भी रखी हैं। उनका कहना है कि वे तभी स्वदेश लौटेंगी जब देश में भागीदारीपूर्ण लोकतंत्र बहाल हो और उनकी पार्टी आवामी लीग पर लगी पाबंदी हटाई जाए। हसीना स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा समावेशी चुनावों की मांग कर रही हैं। यह बयान उस समय आया है जब आवामी लीग ने 13 नवंबर को बड़े पैमाने पर हड़ताल का एलान किया है। भारत के किसी गुप्त स्थान पर रह रही शेख हसीना ने इंटरव्यू में वर्तमान अंतरिम सरकार और उसके प्रमुख मुहम्मद यूनुस पर भारत के साथ संबंधों को खराब करने तथा चरमपंथी तत्वों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। अपनी विदेश नीति की तुलना अंतरिम सरकार से करते हुए उन्होंने कहा कि ढाका और नई दिल्ली के बीच के 'व्यापक एवं गहन' रिश्तों को यूनुस की मूर्खतापूर्ण कार्रवाइयों का डटकर मुकाबला करना चाहिए। हसीना ने भारत सरकार को शरण प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वे भारत सरकार तथा उसके लोगों के उदार स्वागत के लिए बेहद कृतज्ञ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश लौटने की उनकी प्रमुख शर्त वही है जो बांग्लादेशी जनता की इच्छा है, भागीदारीपूर्ण लोकतंत्र की बहाली। अंतरिम प्रशासन को आवामी लीग पर प्रतिबंध हटाना होगा तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव आयोजित करने होंगे। बांग्लादेश की सबसे लंबे समय तक शासित प्रधानमंत्री रह चुकी हसीना ने 5 अगस्त 2024 को हिंसक सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के कई हफ्तों के बाद देश छोड़ दिया था। इस विशाल आंदोलन के दबाव में उन्हें इस्तीफा देना पड़ा और अंत में भारत पहुंचना पड़ा, जिससे यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का गठन संभव हुआ। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी सरकार ने प्रदर्शनों को सही ढंग से नियंत्रित नहीं किया, तो 78 वर्षीय नेता ने कहा कि निश्चित रूप से स्थिति हमारे नियंत्रण में नहीं थी और यह दुखद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन भयावह घटनाओं से कई सबक मिले हैं, लेकिन कुछ जिम्मेदारी उन तथाकथित छात्र नेताओं की भी है जिन्होंने भीड़ को भड़काया। हसीना ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें दावा किया गया कि उन्होंने अगले साल फरवरी के चुनावों का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आवामी लीग के बिना कोई भी चुनाव वैध नहीं होगा। उनका मानना है कि लाखों लोग उनका समर्थन करते हैं…यह हमारे देश के लिए एक सुनहरा अवसर गंवाना होगा, जहां जनता की सच्ची सहमति से शासन करने वाली सरकार की सख्त जरूरत है। मुझे भरोसा है कि यह मूर्खतापूर्ण प्रतिबंध हटा लिया जाएगा, चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में, आवामी लीग को बांग्लादेश की राजनीतिक प्रक्रिया का अभिन्न अंग बनना चाहिए। हसीना ने कहा कि भारत हमेशा से बांग्लादेश का सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साझेदार रहा है। उन्होंने यूनुस सरकार पर 'मूर्खतापूर्ण एवं आत्मघाती' कूटनीतिक चूक करके नई दिल्ली के साथ संबंधों को जोखिम में डालने का इल्जाम लगाया। उनका कहना था कि यूनुस की भारत विरोधी नीति मूर्खतापूर्ण और स्वयं को नुकसान पहुंचाने वाली है, जो उन्हें एक कमजोर शासक के रूप में चित्रित करती है, जो अनिर्वाचित, अव्यवस्थित और चरमपंथियों के भरोसे पर टिका है।  

सोनी सब के बाल कलाकारों ने बाल दिवस के बारे में अपने विचार साझा किये

मुंबई, सोनी सब के बाल कलाकारों ने बाल दिवस के बारे में अपने विचार प्रशंसकों के साथ साझा किये हैं। सोनी सब के प्रतिभाशाली बाल कलाकार सुभान खान, एकांश कठोरिया, आयशा विंधारा, परी भट्टी और रोशन वालकर ने बताया है कि वे यह दिन कैसे मनाते हैं और अपने साथियों एवं प्रशंसकों के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं। गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में कार्तिकेय का किरदार निभा रहे सुभान खान ने कहा, “बाल दिवस मुझे यह याद दिलाता है कि हर बच्चे में कुछ खास होता है,चाहे वह खेल हो, पढ़ाई हो या दोस्त बनाना। इस साल मैं अपने दोस्तों से कहना चाहता हूं, नई चीज़ों को आज़माने से कभी मत डरना! जब मैं भगवान कार्तिकेय की भूमिका के लिए कलारिपयट्टू सीख रहा था, तो ट्रेनिंग बहुत कठिन थी, लेकिन हर चुनौती ने मुझे और मज़बूत और केंद्रित बनाया। इस किरदार ने मुझे सिखाया कि असली ताकत अनुशासन और दयालुता में है।” गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में भगवान गणेश की भूमिका निभा रहे एकांश कठोरिया ने बताया, “बाल दिवस मेरा पसंदीदा दिन है क्योंकि यह मुझे याद दिलाता है कि बच्चा होना कितना मज़ेदार है। मुझे खेलना, दोस्तों के साथ हँसना और बिना किसी चिंता के खुश रहना बहुत अच्छा लगता है। हर साल मैं इस दिन का इंतज़ार करता हूँ क्योंकि स्कूल में हमें बहुत सारी चॉकलेट्स और ट्रीट्स मिलती हैं। मैं अपने दोस्तों से हमेशा कहता हूं।हर पल का आनंद लो, नई चीज़ें सीखो और खुद पर भरोसा रखो।यही बच्चा होने की सबसे बड़ी खूबसूरती है!” इत्ती सी खुशी में चिड़िया का किरदार निभा रहीं आयशा विंधारा ने कहा, “बाल दिवस पर मेरी यही इच्छा है कि हर बच्चा खुश रहे ।चाहे वह स्कूल में हो, घर पर हो या सेट पर। मैं हमेशा अपने भाई-बहनों की मदद करने और दोस्तों का मन खुश करने की कोशिश करती हूँ। हर बच्चे को यह महसूस होना चाहिए कि उसकी छोटी-छोटी बातों की भी कद्र होती है। ‘चिड़िया’ का किरदार निभाते हुए मुझे एहसास हुआ कि परिवार और दोस्त जीवन के सबसे ज़रूरी हिस्से हैं।” पुष्पा इम्पॉसिबल में स्वरा की भूमिका निभा रहीं परी भट्टी ने कहा, “मेरे लिए बाल दिवस सिर्फ़ जश्न मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह याद करने का भी दिन है कि सपने देखना कितना ज़रूरी है। मैंने हाल ही में स्वरा का किरदार निभाना शुरू किया है, और इसने मुझे सिखाया कि हर बच्चा चुनौतियों का सामना करता है, लेकिन जब हम खुद पर विश्वास करते हैं, तो कुछ भी असंभव नहीं होता। मैं अपने सभी दोस्तों से कहना चाहती हूँ कि एक-दूसरे का साथ दें और मुस्कुराने की वजह हमेशा ढूंढें ,चाहे परिस्थिति कैसी भी हो।” पुष्पा इम्पॉसिबल में रोशन की भूमिका निभा रहे रोशन वालकर ने कहा,“मैंने स्कूल में पढ़ा है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और इसी कारण बाल दिवस मनाया जाता है। जब भी मैं यह सोचता हूँ, मुझे गर्व और खुशी महसूस होती है। मैं हमेशा कुछ नया सीखने की कोशिश करता हूँ और मुझे अभिनय बहुत पसंद है। यह दिन मुझे याद दिलाता है कि जिज्ञासु रहना और दुनिया के प्रति उत्साह बनाए रखना कितना जरूरी है। मेरी यही कामना है कि हर बच्चा इस दिन और हर दिन खुद को खास और प्यारा महसूस करे।”  

आराध्या पोरवाल बनी जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियन-2025, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया सम्मान

आराध्या पोरवाल ने जीती जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप-2025, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी आराध्या को बधाई उज्जैन की बेटी ने प्रदेश और देश का बढ़ाया गौरव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल को जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 (गर्ल्स अंडर-17) का खिताब जीतने पर उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटी आराध्या ने उज्जैन के साथ प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित की गई थी और आराध्या ने इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने आराध्या को शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आराध्या की इस उपलब्धि पर उज्जैन निवासियों सहित प्रदेश और देश दोनों को गर्व है। आराध्या ने इस प्रतियोगिता में अपनी अद्वितीय प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन किया है और जुलाई 2025 से अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में ऑल इंडिया रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं। आराध्या ने अपने स्क्वैश करियर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं, जिनमें एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक और वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में शीर्ष 32 में स्थान शामिल है। उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल दिल्ली में पदस्थ पुलिस के उपायुक्त श्री विक्रम पोरवाल की बेटी है। इस सफलता के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोलछा ने भी उन्हें बधाई दी है।  

पंजाब में वाहनों पर कार्रवाई शुरू, काटे जा रहे धड़ाधड़ चालान

लुधियाना स्पेशल डी.जी.पी. अमरदीप सिंह राय द्वारा बीते दिनों पूरे राज्य के एस.पी. और डी.एस.पी. ट्रैफिक के साथ बैठक कर राज्य में मॉडिफाई वाहन चलाने वाले चालकों को चेतावनी दी गई थी। इसके बाद शहर में मॉडिफाई वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार शुरू कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस की विभिन्न टीमें मॉडिफाई किए गए कमर्शियल और नॉन कमर्शियल वाहनों के लगातार चालान कर रही है। इसके साथ ही कई वाहनों को जब्त भी किया गया है।

17 अक्टूबर से शुरू होगी पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसिलिंग, लंबे इंतजार को मिली मंजूरी

रायपुर 6 माह पहले पदोन्नत ई संवर्ग के प्राचार्यों का पोस्टिंग का इंतजार खत्म हो रहा है. स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग के लिए 17 नवंबर से काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है. काउंसिलिंग में 1 हजार पदोन्नत प्राचार्यों को बुलाया गया है. स्कूल शिक्षा विभाग ने व्याख्याता, व्याख्याता एलबी एवं प्रधान पाठक माध्यमिक ई संवर्ग को कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से प्राचार्य के पद पर पदोन्नति का आदेश 30 अप्रैल को जारी किया था किन्तु पोस्टिंग के पहले ही हाईकोर्ट में याचिका लग गई. हाल ही में हाईकोर्ट ने बाधा खत्म करते हुए प्रकरण का निराकरण कर दिया और शासन के पक्ष में फैसला सुनाया.  कोर्ट के फैसले के बाद 6 माह से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे पदोन्नत प्राचार्यों को राहत मिली. अब लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा पदोन्नत प्राचार्यों पोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टिंग के लिए 17 नवंबर से काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है. राजधानी के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकरनगर में 17 से 21 नवंबर तक काउंसिलिंग रखी गई है. इसमें 1 हजार पदोन्नत प्राचार्यों को शामिल किया गया है. रोजाना 250 प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी. उप संचालक द्वारा जारी सूचना के अनुसार 17 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक पदोन्नत प्राचायों के क्रम 1 से 125 तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक 126 से 250 तक की काउंसिलिंग होगी. इसी तरह 18 नवंबर को सुबह की पाली में सूची क्रम 251 से 375 और दूसरी पाली में 376 से 500 तक, 19 नवंबर को सुबह 501 से 625 तक तथा दूसरी पाली में 626 से 750 तक, 20 नवंबर को सुबह क्रमांक 751 से 875 तक तथा दोपहर को 876 से 1 हजार तक पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग के लिए काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी. 21 नवंबर सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक अनुपस्थिति प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी.

इंदौर के 400 के.वी. सबस्टेशन में घुसे तेंदुए को ट्रांसको टीम ने बहादुरी से पकड़ा, बड़ा हादसा टला

400 के.वी. सबस्टेशन इंदौर में घुसे तेंदुए को बहादुरी से पकड़ा, ट्रांसको टीम की सतर्कता और साहस से टला बड़ा हादसा  इंदौर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) के 400 के.वी. सबस्टेशन, इंदौर में गत दिवस अर्धरात्रि के समय अचानक एक तेंदुआ घुस आया। इस आकस्मिक और जोखिमपूर्ण स्थिति में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने अदम्य साहस, सतर्कता और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटना को टाल दिया। वन विभाग की सहायता से तेंदुए को सकुशल पकड़वाने में सफलता प्राप्त की। ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स सिक्योरिटी गार्ड कृष्णा बघेला, सूरज मोहनिया तथा मेंटेनेंस टीम के सदस्य राम अभिलाष ने यार्ड क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखकर तत्काल सबस्टेशन की ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस टीम को सूचित किया। इन कर्मियों ने अत्यंत धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी कार्मिकों को सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या नुकसान से स्थिति को बचाया। वन विभाग को दी गई त्वरित सूचना कर्मियों को सुरक्षित करने के उपरांत परीक्षण परिचारक के.के. मिश्रा ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सबस्टेशन यार्ड में अस्थायी पिंजरा स्थापित कर रेस्क्यू अभियान आरंभ किया। अथक प्रयासों के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद किया गया। वन विभाग की टीम ने उसे बिना किसी हानि के सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रही इनकी सक्रिय भूमिका इस सराहनीय और अनुकरणीय कार्य में आउटसोर्स कर्मियों के साथ परीक्षण परिचारक के.के. मिश्रा, सहायक अभियंता अतुल पराड़कर, कार्यपालन अभियंता मती नूतन शर्मा एवं अधीक्षण अभियंता जयेश चोपड़ा की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही। प्रबंध संचालक ने की सराहना एम.पी. ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने इस घटना में कर्मियों द्वारा दिखाई गई सतर्कता, टीमवर्क और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल सबस्टेशन में कार्यरत कर्मियों की कार्यकुशलता और समर्पण का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आकस्मिक परिस्थितियों में ट्रांसको कर्मी सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने में पूर्णतः सक्षम हैं। आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा सम्मान प्रबंध संचालक ने कहा है कि इस साहसिक एवं प्रेरणादायी कार्य के लिए एम.पी. ट्रांसको प्रबंधन द्वारा संबंधित आउटसोर्स कर्मियों सहित सभी को सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा।