samacharsecretary.com

बंपर वोटिंग के बाद CM हेमंत सोरेन बोले—घाटशिला की जनता का दिल से धन्यवाद

घाटशिला  झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर बीते मंगलवार को हुए उपचुनाव में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग संपन्न हुई। सुबह 7 बजे से मतदान की शुरुआत हुई और शाम 5 बजे तक मतदाता उत्साह के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे। सीएम हेमंत ने घाटशिला के लोगों का धन्यवाद दिया है। सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "घाटशिला उपचुनाव को लेकर हुए मतदान में सभी वर्गों – खासकर हमारी मईयां, भाइयों-बहनों, बड़े-बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। आप सभी का लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनने के लिए हार्दिक आभार और जोहार। आज इस अवसर पर झामुमो परिवार के जुझारू सिपाहियों को भी मैं हार्दिक धन्यवाद देता हूं। साथ ही उपचुनाव प्रक्रिया के शामिल सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी बहुत-बहुत आभार और जोहार।" बता दें कि घाटशिला विधानसभा सीट पर कुल 73.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के औसत से अधिक है। इस उपचुनाव में कुल 2,55,823 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें महिलाओं की संख्या 1,30,921 और पुरुष मतदाता 1,24,899 रही। यानी इस बार महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। इस उपचुनाव में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत अब EVM (Electronic Voting Machine) में कैद हो चुकी है। अब सभी की निगाहें मतगणना के दिन पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि घाटशिला की जनता ने किसे अपना जनप्रतिनिधि चुना है। मतगणना 14 नवंबर को होगी।  

रामनगरी में हड़कंप! संदिग्ध बैग मिलने से मचा हंगामा, बम डिस्पोजल टीम ने किया जांच शुरू

अयोध्या  दिल्ली में ब्लास्ट के बीच रामनगरी अयोध्या में सर्किट हाउस के समीप रोडवेज बस स्टैंड के पास एक लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। हाई अलर्ट होने से सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं। कोतवाली नगर क्षेत्र के बस स्टॉप पर करीब दो घंटे से एक काला बैग एक ही जगह पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही अयोध्या पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। 

BMC चुनाव की तैयारी शुरू: बीजेपी ने मुंबई में लगाए नए दांव, 4 महासचिवों की हुई नियुक्ति

मुंबई  बिहार में विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही केंद्र की सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने अब अपना फोकस अगले साल होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव पर केंद्रित कर दिया है। इसी सिलसिले में पार्टी ने वहां बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। राज्य की सत्ता में भी काबिज भाजपा ने मुंबई इकाई में चार नए महासचिव नियुक्त किए हैं। दिन लोगों को महासचिव बनाया गया है, उनमें राजेश शिरवाडकर, गणेश खापरकर, आचार्य पवन त्रिपाठी और श्वेता पारुलेकर शामिल हैं। ये नियुक्तियां भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष और विधायक अमीत साटम ने की हैं। बता दें कि जनवरी 2026 में बीएमसी चुनाव होने वाले हैं। सभी दलों ने इसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। राज्य का सत्ताधारी गठबंधन महायुति मिलकर चुनाव लड़ने की बात कर रही है, जबकि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी में इस मुद्दे पर एकता नहीं दिख रही है। अभी दो दिन पहले हीं महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि उनकी पार्टी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा, "हमारे बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के नेताओं ने फ़ैसला किया है कि हम स्थानीय निकाय चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे। आलाकमान से चर्चा के बाद स्थानीय स्तर पर यह फ़ैसला लिया गया है। हमें बीएमसी में हमेशा 30 से 35 सीटें मिलती हैं। सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की तीनों पार्टियां भी अलग-अलग लड़ रही हैं।" उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अगर समान विचारधारा वाली पार्टियों की ओर से कोई प्रस्ताव आता है, तो उस पर विचार किया जायेगा।  

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में हरियाणा आगे, 9 सुधारों से निवेशकों को बड़ी राहत

13 सुधारों पर काम जारी, निवेश और रोजगार दोनों को रफ्तार देने की कोशिश   नई दिल्ली  हरियाणा सरकार ने कारोबार शुरू करने और चलाने की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए उद्योगों और निवेशकों के लिए माहौल और बेहतर कर दिया है। राज्य सरकार ने अपने विनियमन-मुक्ति अभियान के तहत 9 बड़े सुधार लागू कर दिए हैं, जबकि 13 और सुधारों पर तेजी से काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि साल के अंत तक सभी 23 सुधार पूरे कर लिए जाएं, ताकि राज्य में नए उद्योग लगें, निवेश बढ़े और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलें। केंद्र सरकार के औद्योगिक और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की हाल की रिपोर्ट में हरियाणा को सुधारों के क्रियान्वयन और अनुपालन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया है। इन सुधारों की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को चंडीगढ़ में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। कैबिनेट सचिवालय के विशेष सचिव केके पाठक और हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। बैठक में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष विनीत गर्ग, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह और उद्योग विभाग के सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कागज़ी झंझट कम, मंजूरी में तेजी अब हरियाणा में उद्योग लगाने के लिए पहले जैसी लंबी कागज़ी प्रक्रिया नहीं रहेगी। भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया गया है। पहले जहां 19 दस्तावेज़ जमा करने पड़ते थे, अब सिर्फ तीन जरूरी कागज़ -स्वामित्व प्रमाण, परियोजना रिपोर्ट और क्षतिपूर्ति बांड ही पर्याप्त होंगे। इसी तरह, मंज़ूरी मिलने में पहले औसतन एक से डेढ़ महीना लगता था, जो अब घटकर लगभग 36 दिन रह गया है। नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग ने मिश्रित उपयोग विकास की अनुमति देकर ज़ोनिंग को भी लचीला बना दिया है। यानी अब एक ही इलाके में रिहायश, दुकानदारी और छोटे उद्योग एक साथ चल सकेंगे। इससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों दोनों को फायदा होगा। निवेशकों के लिए एक ही मंच हरियाणा ने अपने सभी उद्योग संबंधित अनुमतियों, लाइसेंसों और प्रोत्साहन योजनाओं को एक ही ऑनलाइन मंच पर जोड़ दिया है। अब किसी उद्यमी को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सारी मंज़ूरियां एक ही स्थान पर ऑनलाइन मिल जाएंगी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि हरियाणा ने केंद्र सरकार के जन विश्वास अधिनियम के अनुरूप अपना ढांचा भी लागू किया है। इसके तहत छोटे व्यापारिक उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से हटाकर दंडनीय गलती की श्रेणी में रखा गया है, ताकि उद्यमियों पर अनावश्यक कानूनी बोझ न पड़े और वे बिना डर के कारोबार कर सकें। नाइट शिफ्ट में काम कर सकेंगी महिलाएं श्रम विभाग ने भी कई अहम सुधार किए हैं। अब महिलाएं सभी क्षेत्रों में रात की पाली (शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक) में काम कर सकेंगी। चाहे फैक्टरी हो या दुकान। साथ ही, फैक्टरी बंद करने और कर्मचारियों की छंटनी जैसी प्रक्रियाओं को भी सरल बनाया गया है। इन कदमों से उद्योगों को कामकाज में ज्यादा सुविधा मिलेगी और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। प्रदूषण नियंत्रण की प्रक्रिया भी हुई सरल हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी उद्योगों के लिए मंज़ूरी प्रक्रिया में तेजी लाई है। अब स्थापना की अनुमति (सीटीई) और संचालन की अनुमति (सीटीओ) सिर्फ 21 दिनों में मिल जाएगी, जबकि पहले इसमें 30 दिन तक लगते थे। हरित श्रेणी (ग्रीन कैटेगरी) के उद्योगों को अब 15 साल तक स्वचालित नवीनीकरण की सुविधा दी गई है। इसके अलावा, 734 गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को श्वेत श्रेणी (व्हाइट कैटेगरी) में रखा गया है, जिन्हें अब नियमित निरीक्षणों से छूट मिलेगी। सरकार ने स्व-प्रमाणन (सेल्फ सर्टिफिकेशन) और तीसरे पक्ष द्वारा सत्यापन की व्यवस्था भी शुरू की है, जिससे कामकाज अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगा। उद्योगों और आईटी पार्कों को राहत राज्य सरकार ने हरियाणा भवन संहिता में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की है। इसमें डेटा केंद्रों और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पार्कों के लिए भूमि उपयोग के नियमों को आसान करने, निर्माण क्षेत्र अनुपात (एफएआर) बढ़ाने और सेटबैक दूरी कम करने का प्रस्ताव है। इससे तकनीकी उद्योगों और बड़े औद्योगिक परिसरों को फायदा मिलेगा। सरकार ने अनुमतियों और शिकायत निवारण के लिए एक ऑनलाइन डैशबोर्ड और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित चैटबॉट शुरू किया है। अब निवेशक अपने आवेदन की स्थिति या किसी समस्या का समाधान ऑनलाइन देख सकेंगे, जिससे कारोबार में पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़ेगा।

गोविंदा को मिली राहत, अस्पताल से डिस्चार्ज — डॉक्टरों ने दी खास सलाह

मुंबई हिंदी सिनेमा से पिछले कुछ दिनों में एक के बाद एक दिल को दुखाने वाली खबरें ही सामने आ रही हैं. पहले संजय खान की पत्नी सुजैन खान के निधन से सभी को सदमा लगा. फैंस इससे उबर ही रहे थे कि धर्मेंद्र के गंभीर तौर पर बीमार होने की खबर आ गई. साथ ही पता चला कि दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा भी बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. इन सबके बीच बुधवार को फैंस तब हैरान रह गए जब पता चला कि गोविंदा भी बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. हालांकि अब अच्छी खबर ये है कि गोविंदा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. बीती रात गोविंदा मुंबई में अपने घर पर ही थे, जहां अचानक उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अच्छी खबर ये है कि गोविंदा अब ठीक हैं. उन्हें दोपहर करीब एक बजे अस्पताल से छुट्टी मिली. उन्हें दो दिन बेड रेस्ट की भी सलाह दी गई है. उनके डॉक्टर दीपक नामजोशी ने बताया, “गोविंदा को डिस्चार्ज कर दिया गया है. हमने उन्हें इसलिए भर्ती किया था क्योंकि वो असहज महसूस कर रहे थे और उनका ब्लड प्रेशर भी ऊपर नीचे हो रहा था. पर हमने चेक कर लिया है, उनकी रिपोर्ट सामान्य हैं.” मैनेजर ने कही थी ये बात गोविंदा कल दिन में धर्मेंद्र का हालचाल लेने के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे थे. वहां से उनकी जो तस्वीरें सामने आई थीं, उनमें गोविंदा एक दम ठीक लग रहे थे. गोविंदा अपनी गाड़ी भी खुद ही चलाते दिखाई दे रहे थे. हालांकि रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. गोविंदा के मैनेजर ने बताया कि उन्हें तेज सिरदर्द और सिर में भारीपन महसूस हो रहा था. साथ में चक्कर भी आ रहे थे. मैनेजर ने कहा कि उन्हें एक न्यूरोलॉजिस्ट से मिलने की सलाह दी गई है. दिन में भी बिगड़ी थी तबीयत गोविंदा के दोस्त ललित बिंदल ने बताया कि एक्टर की तबीयत दिन में ही ठीक नहीं लग रही थी. उन्होंने कहा कि दिन में गोविंदा कमजोरी महसूस कर रहे थे और कुछ देर के लिए बेहोश से हो गए थे. इसके बाद उन्हें फैमिली डॉक्टर ने एक दवा लेने की सलाह दी थी, जो उन्होंने खा ली थी. हालांकि जब रात में वो अपने कमरे में गए तो उन्हें अच्छा महसूस नहीं हुआ. इसके बाद ललित गोविंदा के घर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.  

संदिग्ध हालात में युवक का सुसाइड, मौके से शराब और कोल्ड ड्रिंक बरामद

कोरबा शहर के एईसीएल कॉलोनी में युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. मृतक की पहचान (32 साल) फणीभूषण ध्रुव के रूप में हुई है. वह रिटार्यड सहायक उप निरीक्षक कलम सिंह ध्रुव का बेटा और पुलिस विभाग में पदस्थ नारायण धुव्र कंप्यूटर ऑपरेटर का भाई था. सभी घर वाले कहीं बाहर गए हुए थे. इसी बीच उसने यह खौफनाक कदम उठाया. मंगलवार शाम को पड़ोसियों ने शक होने पर घर में देखा तब फंदे पर फणीभूषण की लटकी हुई लाश मिली. जिसके बाद परिजनों को घटना की सूचना मिली और मातम छा गया. जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला दीपका थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी का है. दिनभर घर से कोई बाहर नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ. मंगलवार शाम को जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. अंदर देखा तो फंदे पर युवक का शव लटका हुआ मिला. उन्होंने पुलिस और परिजनों को घटना की जानकारी दी. शादी के लिए ढूंढ रहे थी लड़की बताया जा रहा है कि मृतक फणीभूषण ध्रुव की शादी नही हुई थी. उसके लिए परिवार वाले लड़की ढूंढ रहे थे. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम के पश्चात बुधवार को मृतक का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम लालपुर (लोरमी) में किया गया. इस घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुराहाल है. कमरे से मिली शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतल सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के कमरे से शराब और कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. दीपका पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. दीपका थाना के प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बयान दर्ज किया है. आगे की कार्रवाई जारी है.

रेल हादसा: आदित्यपुर यार्ड में दो मालगाड़ियाँ भिड़ीं, हड़कंप मचा

सरायकेला झारखंड के सरायकेला जिले के आदित्यपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सुबह आज करीब 9:45 बजे शर्मा बस्ती की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी यार्ड में अचानक नियंत्रण खो बैठी और यार्ड की दीवार तोड़ते हुए दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर के कारण दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए और यार्ड की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय यार्ड में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टकराने वाली मालगाड़ी बिना इंजन के पटरियों पर दौड़ रही थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि ब्रेक फेल या तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ। रेल प्रशासन को सूचना मिलने के बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। रेलवे प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है, जो यह पता लगाएगी कि बिना इंजन के मालगाड़ी कैसे चल पाई और इस हादसे के पीछे मूल कारण क्या है। राहत की बात यह है कि हादसे में जान माल की कोई क्षति नहीं हुई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल खोने वाली मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल करने का काम जारी है।  

राजपुरा-मोहाली के बाद अब फिरोजपुर-पट्टी रेल लिंक को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगा बड़ा तोहफा

चंडीगढ़  रेल मंत्रालय ने राजपुरा-मोहाली रेल लिंक को स्वीकृति देने के कुछ ही दिनों बाद एक और महत्वपूर्ण परियोजना को हरी झंडी दे दी है। 25.72 किलोमीटर लंबी फिरोजपुर-पट्टी रेल लाइन को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए कुल 764 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसमें 165 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार पंजाब के मुख्य सचिव को मंजूरी की सूचना दे दी गई है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने बुधवार को इस परियोजना की घोषणा की। सूत्रों के मुताबिक, यह रेल लाइन न केवल रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह फिरोजपुर और अमृतसर के बीच सीधा संपर्क भी प्रदान करेगी, जिससे दोनों शहरों के बीच की दूरी लगभग 98 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके अलावा, यह रेलमार्ग सीमावर्ती जिले को सीधे गुजरात के बंदरगाहों से जोड़ने का कार्य करेगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

एग्जिट पोल फेल होंगे! तेजस्वी यादव बोले—18 को हमारी सरकार बनेगी बिहार में

पटना बिहार चुनाव के दोनों चरणों की वोटिंग संपन्न हो गई। दोनों फेज में बंपर मतदान हुआ। बिहार में वोटिंग के सारे रिकॉर्ड टूट गए। कुल 66.90% मतदान हुआ। अब 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। और पता चल जाएगा कि बिहार में किसकी सरकार आ रही है। इस बीच तमाम एजेंसियों के एग्जिट पोल्स भी आने शुरू हो गए हैं। जिसमें एनडीए की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनने का दावा किया जा रहा है। मैटराइज-IANS, पीपुल पल्स, पीपुल्स इनसाइट. चाणक्य, पोलस्ट्रेट. जेवीसी पोल्स और दैनिक भास्कर के एग्जिट पोल में एनडीए को 145 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं महागठबंधन को 91 और अन्य के खाते में 5 सीटें जाती दिख रही हैं। सिर्फ Journo Mirror के एग्जिट पोल में महागठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है। हालांकि ये सभी आंकडे हैं। असली नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। इस बीच मतगणना की तैयारियां भी तेज कर दी गई है। बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की मतगणना के बाद विभिन्न एजेंसियों के जारी एग्जिट पोल के आंकड़ों को विकासशील इंसान पार्टी ने सिरे से नकार दिया है। वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने दावा करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम इससे कोसों दूर होगा। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल सिर्फ कुछ लोगों का सर्वे मात्र है। यह जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में सारे एग्जिट पोल फेल साबित हुए थे। वीआईपी के प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि इस बार भी उसी कहानी को दोहराता यह एग्जिट पोल दिख रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने बढ़ चढ़कर मतदान किया और विभिन्न इलाकों से जो रिपोर्ट आ रही है उससे साफ है कि लोग इस चुनाव में बदलाव को लेकर मतदान किया है और वर्तमान सरकार को हटाने के लिए वोट डाला है। रिजल्ट से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी शुरू बिहार चुनाव की वोटिंग दो चरणों में संपन्न हो गई है। 14 नवंबर को मतगणना होगी। लेकिन परिणामों से पहले ही पटना में जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह के आवास पर टेंट लगाए जा रहे हैं, कुर्सियां ​​लाई जा रही हैं और जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दुलारचंद यादव हत्या मामले में अनंत सिंह बेऊर जेल में बंद हैं। मोकामा से अनंत सिंह कैंडिडेट हैं। पटना में बुधवार को अपने सरकारी आवास एक पोलो रोड में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि हमें बहुत ही सकारात्मक सूचना मिली है। 1995 से भी बेहतर फीडबैक मिला है। सबने भारी मतदान किया। लोगों ने इस सरकार के खिलाफ वोट किया है। इस बार बदलाव होने जा रहा है। 14 को परिणाम और 18 को शपथ ग्रहण होगा। भाजपा, एनडीए के लोग बौखलाहट में हैं।उन्होने कहा कि मतदान समाप्त होने के पहले ही एग्जिट पोल आने लगा। यह मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश है। अधिकारियों पर दबाव बनाने को ऐसा सर्वे किया गया। सर्वे दिखाने वाले वही लोग हैं जो पाकिस्तान के शहरों पर कब्जा कर लिया था। प्रोपगंडा किया जा रहा है। सैम्पल सर्वे कोई नहीं बता रहा है। इसका मानक क्या है। पीएमओ जो तय करते हैं, वहीं दिखाया जाता है। बिहार चुनाव के परिणाम से पहले सीएम नीतीश ने महावीर मंदिर में की पूजा बिहार चुनाव के परिणामों से पहले सीएम नीतीश कुमा ने पटना के महावीर मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ मंत्री अशोक चौधरी, विजय चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे। 14 नवंबर को रिजल्ट घोषित होगा। इस चुनाव में मतदान के सारे रिकॉर्ड टूट गए। 67.90 फीसदी मतदान हुआ। एग्जिट पोल से भी ज्यादा सीटें एनडीए को मिलेंगी, बोले नित्यानंद राय बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद नित्यानंद राय ने कहा, कि जनता की आवाज और NDA सरकार के लिए मुहर वही एग्जिट पोल में दिखाया जा रहा है। उससे भी ज्यादा NDA के पक्ष में सीटें आएंगी। NDA सरकार बनाएगी। ख्यमंत्री नीतीश कुमार की जो सुशासन की लहर है वह चुनाव में मतदान के रूप में देखा जा रहा है। एनडीए की सरकार भारी बहुमत के साथ बनेगी। बिहार का जनाधार एनडीए के साथ , एग्जिट पोल पर बोले डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मैं बिहार, जो लोकतंत्र की जननी है, हर नागरिक का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार को विकास की रफ्तार बढ़ाने का अवसर दिया है।  

पहली बार बढ़ी राशि: लाड़ली बहनों के खाते में 1500 रुपए जमा, पहले थी 1250 रुपए

 सिवनी ड़ली बहना योजना के तहत आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी में लाड़ली बहनों के खाते में 1500 रुपए की किस्त ट्रांसफर कर दी है। अब तक हितग्राही को 1250 रुपए प्रति माह दिए जाते थे। कैबिनेट की मंजूरी के बाद 250 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी के पॉलीटेक्निक मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 30वीं किस्त के रूप में 1857 करोड़ रुपये भेजे। लाड़ली बहनों के खाते में पहली बार 1500 रुपये पहुंचे। 250 रुपये की राशि बढ़ाने का निर्णय सरकार ने कैबिनेट बैठक में लिया था। इसके पहले लाड़ली बहनों को 1250 रुपये मिल रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री 560.75 करोड़ रुपये के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा गेट पर कबाड़ से बनी दुनिया की सबसे बड़ी बाघ प्रतिमा का लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद वे कटनी रवाना होंगे और झिंझरी में आयोजित दद्दाजी के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। दिल्ली की घटना के बाद पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट में है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। अब हर माह लाड़ली बहनों के खाते में 1250 की जगह 15 सौ रुपए री राशि ही डाली जाएगी। 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार महिलाओं के खाते में 1587 करोड़ रुपए एक साथ ट्रांसफर किए जाएंगे। जानकारी थी कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का नाम 'देवी सुभद्रा योजना' किए जाने का ऐलान भी करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने सीएम हाउस में हुए भाई दूज कार्यक्रम के दो दिन पहले इसके संकेत दिए थे। अपने संबोधन के दौरान लाड़ली बहना योजना को सुभद्रा योजना कहा था, बाद में उसमें सुधार किया था। हालांकि महिला और बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता ने योजना का नाम बदलने की जानकारी से इनकार किया। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर फोकस योजना के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर फोकस है। महिलाओं को गांव और शहर में स्वरोजगार चलाने के लिए अलग-अलग विभागों की योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा। सरकार अब तक इस योजना में 29 किस्तों में 44 हजार 900 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर कर चुकी है। इस योजना की शुरुआत पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में जून 2023 में की गई थी। सीएम श्रीकृष्ण-सुभद्रा का कई बार कर चुके हैं जिक्र दिवाली के बाद भाईदूज पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। जिस तरह श्रीकृष्ण ने हर परिस्थिति में बहन सुभद्रा की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखा, उसी भावना से हमारी सरकार भी प्रदेश की हर लाड़ली बहन के सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है। श्रीकृष्ण और सुभद्रा का संबंध इस बात की याद दिलाता है कि भाई का स्नेह केवल वचन निभाना ही नहीं, कर्म से निभाई जाने वाली जिम्मेदारी भी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को संबोधन में सुभद्रा योजना कहा था, जिसे बाद में सुधार लिया। बताया जा रहा है कि इस योजना का नाम लाड़ली बहना की बजाय देवी सुभद्रा योजना करने को लेकर कई महीने तक मंथन किया गया। इसमें पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी चर्चा हुई है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी ने योजना का नाम बदलने की बात नहीं कही है।