samacharsecretary.com

डांस के दौरान किन्नरों से अभद्रता, मारपीट के बाद बार में हिंसा; पुलिस पर भड़का गुस्सा

रांची झारखंड के रांची में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां बर्थडे पार्टी मना रहे किन्नरों के साथ छेड़खानी की गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने किन्नर पर डंडे से किया वार मामला जिले के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित लीकर बार का है। बताया जा रहा है कि बार में लगभग बीस किन्नर बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किन्नर बार में डांस कर रहे थे। इस दौरान बार में बैठे कुछ युवकों ने किन्नरों के साथ छेड़खानी कर दी जिसके बाद किन्नरों और युवकों में मारपीट हो गई। मारपीट की घटना के बाद सभी किन्नर बार से बाहर निकले तो पुलिस ने एक किन्नर पर डंडे से वार कर दिया। इस बात से किन्नर आक्रोशित हो गए और सड़क पर हंगामा करने लगे। "पुलिस को उन पर हाथ उठाने का अधिकार किसने दिया" किन्नरों ने तीन घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। कई किन्नर कार के सामने लेटकर विरोध कर रहे थे। कई किन्नरों ने पत्थर भी उठा लिए थे। किन्नरों का कहना था कि बार में उनके साथ गलत हुआ, लेकिन पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन पर हमला कर रही है। पुलिस को उन पर हाथ उठाने का अधिकार किसने दिया है। वहीं, पुलिस ने किन्नरों को शांत कराया।

बुंदेलखंड के लिए बड़ी खबर, CM ने दी लॉन्च नदी परियोजना की मंजूरी, केन–बेतवा लिंक बनेगा गेम चेंजर

 बण्डा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखंड के हर खेत को पानी मिलेगा। इससे क्षेत्र में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने खेतों को किसी भी स्थिति में बेचने का प्रयास नहीं करें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसानों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नंबर वन बनाने का कार्य किया जाएगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 25 गायों के साथ गौशाला खोलने पर 40 लाख रुपये में से 10 लाख तक का अनुदान देने का कार्य मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव सागर जिले के बण्डा में सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकापर्ण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बण्डा में आज लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से नव निर्मित सर्व सुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है। इस विद्यालय में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा है कि बण्डा क्षेत्र में सर्व सुविधा युक्त स्कूल भवन के निर्माण से इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा ही किसी देश की मजबूती का आधार है। मध्य प्रदेश सरकार बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए उन्हें उच्च-गुणवत्ता युक्त शिक्षा और सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं। गीता जयंती मनाई जाएगी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एक दिसंबर से प्रदेशव्यापी गीता जयंती उत्सव मनाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। सभी जिलों के प्रत्येक जनपद पंचायत में वृंदावन ग्राम एवं गीता भवन बनाए जाएंगे। लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने 50.65 करोड़ रुपये के 16 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। लांच नदी परियोजना को स्वीकृति मुख्यमंत्री ने सागर जिले की बहुप्रतीक्षित लांच नदी परियोजना की स्वीकृति की घोषणा की। वहीं, मुख्यमंत्री ने शाहगढ़ में सिविल अस्पताल बनाने, बण्डा में सर्व सुविधा युक्त स्टेडियम, सिविल अस्पताल बण्डा में पोस्टमार्टम हाउस बनाने, बण्डा क्षेत्र में राखसी, चकेरी, विनेयका में भवन विहीन स्कूलों के लिए भवन बनाने की घोषणा की। सीएम के साथ इस कार्यक्रम में एमपी के मंत्री लखन पटेल दशरथ लोधी दमोह सांसद राहुल लोधी सहित सागर जिले के भाजपा विधायक गण एवं विशाल जनसमूह उपस्थित रहा। 

धूल के कणों में भारी वृद्धि, 98% शहरों में बढ़ा प्रदूषण; MP की हवा बनी दम घोंटू

भोपाल  दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट बना हुआ है. दिल्ली में एक्यूआई 400 के पास दर्ज हो रहा है लेकिन वायु प्रदूषण के मामले में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई शहर दिल्ली के रास्ते पर चल रहे हैं. प्रदेश के कई शहरों में पॉल्यूशन का स्तर लगातार बढ़ रहा है.मध्य प्रदेश में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम के ताजा आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के 98 प्रतिशत शहरों में पीएम 2.5, यानी धूल के बारीक कणों का स्तर बढ़ा हुआ है।  प्रदेश में वायु गुणवत्ता को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आ रही है. विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले सालों में शहरी क्षेत्रों और आसपास के क्षेत्रों में कम हुई पेड़ों की संख्या, मौसम में बदलाव और कई दूसरे कारणों से वायु की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है. ग्वालियर में भी स्थिति चिंताजनक ग्वालियर में भी स्थिति चिंताजनक है। महाराज वाड़ा में 308, डीडी नगर में 309 और सिटी सेंटर में 243 AQI मिला। इनमें से महाराज वाड़ा और डीडी नगर की हवा बेहद खराब श्रेणी में रही, जबकि सिटी सेंटर कुछ कम प्रदूषित, लेकिन पुअर कैटेगरी में रहा। इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर अलग स्थिति देखने को मिली। छोटी ग्वालटोली में 304 AQI वेरी पुअर रहा, जबकि एयरपोर्ट पर 155, रेसीडेंसी एरिया में 103 और खंडवा रोड के आसपास 155 के आसपास AQI मॉडरेट मिला। कोहरा और सर्दी में इसलिए बढ़ता है प्रदूषण पर्यावरण के जानकारों का कहना है कि ठंड के सीजन में आम तौर पर एक्यूआई बढ़ता ही है। ठंड में वाहनों से निकलने वाली हानिकारक गैस एक्सपेंड नहीं हो पातीं व वायुमंडल में ठहरी रहती हैं। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती है, गैस व धूल के कण वायुमंडल में देर तक ठहरते हैं। इससे AQI बढ़ता है। इसी के साथ अधिक कोहरे की वजह से भी कई बार वायुमंडल में मौजूद हानिकारक गैस डिजॉल्व नहीं हो पाती हैं। कैसी है प्रदेश के शहरों की हवा? भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है. मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक राजधानी भोपाल का एक्यूआई इंडेक्स 300 के पार पहुंच गया है. भोपाल के पर्यावरण परिसर में हवा की गुणवत्ता वैरी पुअर कैटेगिरी की रिकॉर्ड की गई. यहां एक्यूआई का स्तर 304 पहुंच गया. इसी तरह भोपाल के कलेक्टोरेट एरिया में एक्यूआई 321 रिकॉर्ड किया गया, जबकि इससे भी ज्यादा खराब स्थिति भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र की रही, यहां एक्यूआई का स्तर 347 तक पहुंच गया. यहां की स्थिति प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों से भी खराब है. ग्वालियर ग्वालियर में भी वायु की गुणवत्ता वैरी पुअर कैटेगिरी की स्थिति में पहुंच गई. ग्वालियर के महाराज बाड़ा में एक्यूआई का स्तर 310 पहुंच गया. वहीं ग्वालियर डीडी नगर में इसका स्तर 310 आंका गया. इंदौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहीं जाने वाली इंदौर के छोटी ग्वालटोली में भी एक्यूआई का स्तर 300 पार पहुंच गया. जबलपुर जबलपुर की आबोहवा अपेक्षाकृत बेहतर है. यहां वायु की गुणवत्ता दूसरे बड़े शहरों के मुकाबले अच्छी है. जबलपुर में एक्यूआई का स्तर 243 रिकॉर्ड किया गया, हालांकि यह पुवर कैटेगिरी है. सागर सागर में भी वायु प्रदूषण पुअर कैटेगिरी में पहुंच गया है. सागर के कलेक्टोरेट क्षेत्र में एक्यूआई 311 पहुंच गया है, जबकि सागर के दीनदयाल नगर में एक्यूआई 147 रहा. सिंगरौली प्रदेश में वायु प्रदूषण के मामले में सबसे ज्यादा खराब स्थिति सिंगरौली में रिकॉर्ड की गई है. सिंगरौली में एक्यूआई का स्तर 356 पहुंच गया है. प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर 2 में एक्यूआई का स्तर 338 और मंडीदीप में 321 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश के इन क्षेत्रों की हवा अच्छी प्रदेश में वायु प्रदूषण के मामले में सबसे बेहतर स्थिति दमोह की आंकी गई. यहां एक्यूआई का स्तर 41 रहा और हवा में पीएम 10 का स्तर सिर्फ 40.48 रहा. दमोह में वायु की गुणवत्ता की कैटेगिरी गुड रही. इंदौर के रीजनल पार्क और पोलोग्राउंड में वायु प्रदूषण का स्तर ठीक रहा. खरगोन नगर पालिका में भी पॉल्यूशन का स्तर अच्छा आंका गया. पर्यावरण विशेषज्ञ सुभाष सी. पांडे के अनुसार     सर्दियों में देर रात और सुबह हवा का दबाव कम होने से प्रदूषक नीचे जम जाते हैं।     इससे सुबह की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित होती है।     यह स्थिति फेफड़ों के रोगियों, हार्ट पेशंट, 5 साल से छोटे बच्चों और 60+ उम्र के लोगों के लिए बेहद खतरनाक है।     उन्होंने सलाह दी कि मॉर्निंग वॉक हलकी धूप निकलने के बाद ही करें, क्योंकि उस समय हवा में प्रदूषक ऊपर उठने लगते हैं। जहां हवा साफ मिली, उसका कारण विशेषज्ञों का कहना है कि दमोह, खरगोन, रीजनल पार्क जैसे इलाकों में एक्यूआई Good या Satisfactory इसलिए मिला, क्योंकि इन स्थानों पर उद्योग और ट्रैफिक कम है। हवा तेज चलने से प्रदूषक जल्दी फैल जाते हैं। तेज हवा प्रदूषकों को जमीन से ऊपर ले जाती है, इसलिए ऐसी जगहों की हवा अपेक्षाकृत जल्दी साफ हो जाती है।

दुमका को मिली नई पहचान: झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का सीएम सोरेन ने किया उद्घाटन

दुमका  दुमका में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सदर प्रखंड के आसनसोल पंचायत में आयोजित सेवा अधिकार सप्ताह यानी 'सरकार आपके द्वारा' कार्यक्रम में भी शिरकत की । बताया जा रहा है कि दुमका हवाई अड्डा परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां से हेमंत सोरेन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया । दोपहर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद सीएम हेमंत ने विभिन्न योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया । इसके अलावा सीएम हेमंत युवाओं को नियुक्ति पत्र, व अन्य लाभुकों के बीच परिसंपत्ति, ऋण एवं अनुदान का वितरण किया। कार्यक्रम के समापन के बाद दोपहर 2:30 बजे  वे वापस रांची के लिए रवाना हो गए ।

ब्रिटेन छोड़ने की तैयारी में भारतीय अरबपति लक्ष्मी निवास मित्तल, सुपर रिच टैक्स बना कारण

नई दिल्ली भारतीय अरबपतियों (Indian Billionaires) का दुनिया में दबदबा है, अमेरिका से लंदन तक इनके कारोबार फैले हुए हैं. ऐसे ही भारतीय मूल के स्टील टाइकून अरबपति लक्ष्मी एन मित्तल (Lakshmi Mittal), जो अब तक ब्रिटेन में रहकर कारोबार कर रहे थे और वहां के सबसे अमीरों की लिस्ट में शामिल थे, उन्होंने ब्रिटेन (UK) छोड़ने का फैसला किया है. इसके पीछे बड़ी वजह देश में सुपर-रिच टैक्स (Britain Super Rich Tax) को बताया जा रहा है.  Dubai में हो सकता है नया ठिकाना पीटीआई की रिपोर्ट में  द संडे टाइम्स के हवाले से ये जानकारी शेयर की गई है. इसमें बताया गया है कि राजस्थान में जन्मे लक्ष्मी निवास मित्तल के यूके छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं. ब्रिटिश लेबर पार्टी की लीडरशिप वाली सरकार द्वारा सुपर-रिच लोगों के लिए जिस टैक्स बदलाव की आशंका जता रही थी, वह करीब आ रहा है. रिपोर्ट में ये भी कहा जा रहा है कि स्टील टाइकून Lakshmi N Mittal का नया ठिकाना अब दुबई हो सकता है.  ब्रिटेन के आठवें सबसे अमीर मित्तल 2025 की 'संडे टाइम्स रिच लिस्ट' पर नजर डालें, तो आर्सेलर मित्तल स्टीलवर्क्स के फाउंडर लक्ष्मी निवास मित्तल के पास अनुमानित संपत्ति (Lakshmi Niwas Mittal Networth) 15.4 अरब पाउंड (करीब 1.90 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति है और नेटवर्थ का ये आंकड़ा उन्हें ब्रिटेन का आठवां सबसे अमीर इंसान बनाता है. रिपोर्ट में 75 साल के अरबपति इंडस्ट्रियलिस्ट के करीबी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि वह बुधवार को चांसलर रेचल रीव्स के बजट से पहले UK छोड़ने वाले नए अरबपति बन गए हैं. ब्रिटेन पर अमीरों पर Tax का बोझ लक्ष्मी मित्तल के ब्रिटेन छोड़कर जाने की खबर देश में अमीर लोगों पर टैक्स बढ़ने की उम्मीद से पहले आई है, क्योंकि चांसलर रीव्स UK के फाइनेंस में 20 अरब पाउंड के गैप को भरने के प्रयास में हैं. बीते साल लेबर की आम चुनाव जीत के बाद पेश किए गए उनके पहले बजट में कैपिटल गेन टैक्स में बढ़ोतरी, अपने वेंचर बेचने वाले एंटरप्रेन्योर्स के लिए टैक्स रिलीफ में कमी और फैमिली कंपनियों को आने वाली पीढ़ियों को सौंपने के तरीके पर नए टैक्स शामिल थे. वहीं अगले हफ्ते चांसलर के तौर पर उनके दूसरे बजट में और लेवी की अफवाहों से वहां रह रहे अरबपतियों और सबसे अमीर लोगों में खलबली मची है, जिसमें UK छोड़ने वालों पर संभावित 20% एग्जिट टैक्स भी शामिल है. ये है देश छोड़ने की बड़ी वजह  रिपोर्ट के मुताबिक, इनहेरिटेंस टैक्स (उत्तराधिकार टैक्स) में बदलाव की खबरों ने भी रईसों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी की है. संडे टाइम्स के मुताबिक, एक एडवाइजर ने बताया कि लक्ष्मी मित्तल के ब्रिटेन छोड़ने की तैयारी के पीछे सिर्फ इनकम टैक्स या कैपिटल गेन टैक्स समस्या नहीं है, बल्कि असली वजह इनहेरिटेंस टैक्स है. उन्होंने कहा कि ऐसी  स्थिति में लोगों को लगता है कि उनके पास छोड़ने के अलावा कोई चारा नहीं है. ब्रिटेन में डेथ ड्यूटी 40 फीसदी है यानी मरने के बाद संपत्ति पर टैक्स, जबकि दुबई और स्विट्जरलैंड में कोई इनहेरिटेंस टैक्स लागू नहीं है. मित्तल के पास दुबई में हवेली संडे टाइम्स का दावा है कि अरबपति लक्ष्मी मित्तल के पास पहले से ही दुबई में एक हवेली है और अब उन्होंने यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में पास नाया आइलैंड पर एक  डेवलपमेंट प्रोजेक्स में बड़े हिस्से खरीदे हैं. इसके अलावा बिलियनेयर्स-रो कहे जाने वाले केंसिंग्टन पैलेस गार्डन्स में उनकी संपत्तियां देश के सबसे महंगे घरों में शामिल हैं.  Lakshmi Mittal 1995 में लंदन चले गए थे और जल्द ही ब्रिटेन के सबसे प्रमुख भारतीय व्यवसायियों में से एक बन गए. वैश्विक स्तर पर लक्ष्मी मित्तल को 'King Of Steel' के रूप में भी पहचाना जाता है. उन्होंने अपनी संपत्ति आर्सेलर मित्तल के माध्यम से बनाई, जो विश्व की दूसरी सबसे बड़ी स्टील निर्माता कंपनी है. इसमें Lakshmi Mittal और उनके परिवार के पास लगभग 40% की हिस्सेदारी है. बता दें 2021 में लक्ष्मी मित्तल ने सीईओ की भूमिका अपने बेटे आदित्य मित्तल को सौंप दी थी, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में काम करना जारी रखा है.   

DGP हरियाणा ने दी चेतावनी, गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने वाले गायक होंगे निशाने पर

चंडीगढ़:  हरियाणा में अब गानों और वीडियो के जरिए गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देना गायकों को महंगा पड़ सकता है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) ओपी सिंह ने इसे लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि ऐसे गायकों को अपराधी माना जाना चाहिए। रविवार को उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं में गैंगस्टर जैसी जीवनशैली को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। डीजीपी ने कहा कि ये गायक अपने संगीत से युवाओं को दी जाने वाली अच्छी शिक्षा और सामाजिक अनुशासन को मिनटों में खत्म कर देते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस पहले से ही बंदूक संस्कृति, हिंसा का महिमामंडन करने वाले और नफरत भड़काने वाले गानों के खिलाफ अभियान चला रही है। 'गैंगस्टर कल्चर' को बढ़ावा देने वाले गायक माने जाएं अपराधी, DGP ने सख्त कार्रवाई की जाने की कही बात, ऑपरेशन ट्रैकडाउन को लेकर भी बोले साइबर टीमों की सोशल मीडिया पर नजर ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस की साइबर अपराध इकाई की टीमें लगातार सोशल मीडिया पर नजर रखती हैं। जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई भी की जाती है। पुलिस के अनुसार, ऐसे गाने या संगीत वीडियो बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करते हैं और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इस अभियान के तहत कई आपत्तिजनक गानों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है।     “जो गायक संगीत और वीडियो के जरिये युवाओं में गैंगस्टर जैसी जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं, उन्हें अपराधी माना जाना चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।” — ओपी सिंह, डीजीपी, हरियाणा अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान, 4500 से ज्यादा गिरफ्तार हरियाणा पुलिस ने 5 नवंबर से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके काफी अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भगोड़ों, गंभीर अपराधियों और संगठित आपराधिक गिरोहों के गुर्गों को पकड़ना है। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक कुल 4,566 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 1,439 कुख्यात और वांछित अपराधियों के साथ-साथ 3,127 अन्य आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई ने अपराधियों के बीच स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के लिए कोई सुरक्षित पनाहगाह नहीं है। ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ ने बचाई 60 जानें इसी अभियान के एक हिस्से ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत कई अपराधियों को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे हत्या या हत्या के प्रयास जैसे जघन्य अपराधों की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने दावा किया है कि इस त्वरित कार्रवाई से अब तक 60 लोगों की जान बचाई गई है, जो इन अपराधियों के निशाने पर थे।

धर्मेंद्र की मृत्यु पर पंजाब में गम, साहनेवाल से मुंबई तक चले जीवन और करियर की यात्रा

साहनेवाल  बाॅलीवुड के ही-मैन एवं प्रख्यात अभिनेता धर्मेंद्र की माैत की सूचना से पूरा पंजाब गमगीन है। धर्मेंद्र पिछले लंबे समय बीमार थे और उनका मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार को उनके निधन की सूचना से प्रशंसकों में  शोक की लहर दाैड़ गई। धर्मेंद्र के गांव साहनेवाल में लोग गमजदा हैं।  साहनेवाल में मांगी जा रही थीं दुआएं साहनेवाल में गांव की चौपाल पर उनके लिए दुआएं की जा रही थी। 91 वर्षीय सतपाल सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र के निधन की खबर से वे बेहद दुखी हैं। धर्मेंद्र का साहनेवाल से गहरा नाता है। उनका बचपन साहनेवाल में ही गुजरा और वे हमेशा साहनेवाल को याद करते रहते थे। फगवाड़ा में गुजरा था बचपन धर्मेंद्र का जन्म लुधियाना के पास साहनेवाल में हुआ था। उनका बचपन फगवाड़ा में बीता। उनके पिता मास्टर केवल कृष्ण चौधरी आर्य हाई स्कूल में गणित और सामाजिक अध्ययन पढ़ाते थे। धर्मेंद्र ने 1950 में यहीं से मैट्रिक की। 1952 तक रामगढ़िया कॉलेज में आगे की पढ़ाई की और फिर एक सपने के साथ मुंबई चले गए।  आर्य हाई स्कूल में उनके सहपाठी, वरिष्ठ एडवोकेट एस.एन चोपड़ा ने बताया कि धर्मेंद्र मृदुभाषी, विनम्र और हमेशा मुस्कुराते रहते थे। उनमें एक खास चमक थी। प्रसिद्धि ने उनकी विनम्रता को कभी नहीं बदला। हरजीत सिंह परमार ने कहा कि जब भी वह आते, तो हमारे साथ बैठना, पुरानी बातें करना, मजाक करना और पुरानी यादें ताजा करना चाहते थे। वह कभी किसी स्टार की तरह नहीं आए, वह हमारे दोस्त की तरह आए।  

बढ़े हुए आठ कोचों के साथ सोमवार सुबह इंदौर–नागपुर वंदे भारत ट्रेन हुई प्रस्थान

इंदौर  इंदौर से नागपुर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन सोमवार सुबह बढ़े हुए आठ कोच के साथ रवाना हुई। अब यह ट्रेन सोलह नियमित कोच के साथ रोज चलेगी। पहले दिन यात्री संख्या ज्यादा नहीं रही, लेकिन आने वाले दिनों में बुकिंग होने पर यात्री संख्या और बढ़ सकती है। अब इस ट्रेन की यात्री क्षमता 1124 हो गई है। पहले ट्रेन में 526 सीटें थीं। सुबह इंदौर से ट्रेन 6.10 बजे रवाना हुई। इसमें अतिरिक्त कोच लगे थे। यह ट्रेन उज्जैन में 6.50 बजे रुकी। यहां दो मिनट के स्टाॅप के बाद ट्रेन भोपाल के लिए रवाना हुई। ट्रेन सुबह भोपाल पर सवा 9 बजे रुकी। यहां से भी बड़ी संख्या में नागपुर जाने के लिए ट्रेन में यात्री सवार हुए। दो साल पहले इंदौर को मिली पहली वंदे भारत ट्रेन के कोच अब रेलवे ने बढ़ाए है। इससे यात्री क्षमता दोगुनी हो गई। एक सप्ताह पहले इस ट्रेन के लिए नए रैक इंदौर आ चुके थे। जिन्हें सोमवार सुबह ट्रेन से जोड़ा गया। पहले यह कोच दिल्ली-पटना ट्रेन के लिए भेजे गए थे। रविवार तक इंदौर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन आठ कोचों के साथ चल रही थी। इसमें 530 सीटें थीं। 16 कोच के बाद एक हजार से ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। इससे इंदौर से भोपाल जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा,क्योकि यह ट्रेन भोपाल में भी रुकती है। भोपाल से भी नागपुर जाने के लिए यात्रियों को सुविधा होगी। पहले वंदे भारत ट्रेन इंदौर से भोपाल के बीच चलती थी, लेकिन बाद में इसका विस्तार नागपुर तक के लिए कर दिया। सोमवार रात को यह ट्रेन फिर इंदौर लौटेगी।

बड़ौत में विकास की दोहरी खुशी: नई ट्रेन को हरी झंडी, कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन आज

बागपत उत्तर रेलवे ने पश्चिमी यूपी के यात्रियों को बड़ा तोहफा देते हुए बड़ौत–दिल्ली शाहदरा के बीच दो नई मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू करने की घोषणा की है। सोमवार से ट्रेन संख्या 04496 बड़ौत से दिल्ली शाहदरा के लिए और 04495 शाहदरा से बड़ौत के लिए चलेगी। दोनों ट्रेनों में 12 कोच होंगे, जिससे यात्रियों की भीड़ को बेहतर ढंग से मैनेज किया जा सकेगा। ट्रेन संख्या 04496 बड़ौत से दोपहर 1:43 बजे चलेगी और शाम 4:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसका ठहराव बागपत रोड, खेकड़ा, नोली और गोकुलपुर साबोली में होगा। वहीं ट्रेन संख्या 04495 शाहदरा से 2:16 बजे रवाना होकर 4:38 बजे बड़ौत पहुंचेगी, जिसका ठहराव शामली, कांधला और कासिमपुर खेरी में होगा। यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ नई ट्रेनों के शुरू होने से बड़ौत, बागपत, खेकड़ा, शामली और आसपास के कस्बों के यात्रियों को दिल्ली के लिए सस्ती और सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। अब तक दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को घंटों का सफर और अधिक खर्च उठाना पड़ता था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई ट्रेनों के संचालन से प्रतिदिन हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। कौशल विकास केंद्र का भी होगा उद्घाटन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे के दौरान कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे। इस दौरान कौशल विकास राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह शामिल होंगे।

मंत्री सारंग का दावा: CM के निर्देशों पर प्रदेश में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सशक्त

भोपाल  राजधानी भोपाल में सरेराह लाठी-डंडों से हमले की लगातार घटनाओं के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा था। रविवार शाम चार इमली इलाके में तीन बदमाशों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के साथ ही कुछ अन्य क्षेत्रों से भी ऐसे ही वीडियो सामने आए थे। विपक्ष ने इसे लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है और पुलिस हर मामले में त्वरित कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। बता दें कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोनिया ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि पूरी भाजपा सरकार सो रही हैं। गृह विभाग सो रहा है। भोपाल क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। शहर में गुंडे बदमाशों का आंतक जारी है।  मंत्री ने राहुल गांधी पर साधा निशाना  इसी दौरान राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं पर उठाए गए सवालों पर भी सारंग ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “यदि किसी को चुनाव आयोग की किसी प्रक्रिया से आपत्ति है तो उसे आयोग के पास जाकर शिकायत करनी चाहिए। यह देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है। चुनाव, मतदाता सूची और प्रक्रियाएँ रूटीन का हिस्सा हैं। बिना तथ्यों के ट्वीट कर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना सही नहीं है। सारंग ने आगे कहा कि करोड़ों वोटरों और लाखों कर्मचारियों की मेहनत से चुनाव प्रक्रिया चलती है। ऐसे में बेबुनियाद बयानबाजी से वे हतोत्साहित होते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि “राहुल गांधी सिर्फ संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का काम करते हैं। उन्हें थोड़ी गंभीरता और परिपक्वता लानी चाहिए।