samacharsecretary.com

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद हेमा मालिनी पहुंचीं घर, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई  बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब नहीं रहे। उनका 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खुद इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर हेमा मालिनी, ईशा देओल, अमिताभ बच्चन और बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स के पवन हंस श्मशान घाट पहुंचने के वीडियोज सामने आ रहे हैं। वहीं सेलेब्स भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'धर्मेंद्र जी का जाना भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वह सिर्फ एक महान अभिनेता नहीं थे, बल्कि ऐसी शख़्सियत थे जिन्होंने हर भूमिका में अपनी सादगी, गहराई और अद्भुत आकर्षण भर दिया। अलग-अलग किरदारों को इतने दिल से निभाना ही उनकी खासियत थी, और यही वजह है कि वह करोड़ों लोगों के दिलों में बसते थे। उनकी विनम्रता, नम्र स्वभाव और इंसानियत ने उन्हें पर्दे से परे भी उतना ही प्रिय बनाया। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाए उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत चाहने वालों के साथ हैं। ओम शांति।' यूपी के सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ ने जताया दुख उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने लिखा, 'लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति!' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि कई दशक लंबे करियर में धर्मेंद्र ने अनगिनत यादगार भूमिकाएं निभाईं और अपने करिश्माई व्यक्तित्व से हिंदी फिल्मों के सफर को नई दिशा दी। राष्ट्रपति मुर्मू के अनुसार, धर्मेंद्र ऐसी विरासत छोड़कर गए हैं जो आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने देओल परिवार, उनके मित्रों और उन करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जो इस महान सितारे के निधन का शोक मना रहे हैं। प्रिया दत्त ने दी श्रद्धांजलि सुनील दत्त की बेटी और पूर्व MP प्रिया दत्त ने X पर धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया। उन्होंने अपने पिता सुनील दत्त और धर्मेंद्र की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “धर्मेंद्र जी जैसे फौलादी दिल और सोने जैसे इंसान का जाना किसी एक युग के खत्म होने जैसा है। भारतीय सिनेमा के असली ही-मैन अब हमारे बीच नहीं रहे… और ये खालीपन कभी भरा नहीं जा सकेगा। उनका काम, उनका अंदाज, उनकी गर्मजोशी आने वाली पीढ़ियों को हमेशा रास्ता दिखाती रहेगी। परिवार के लिए गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें शक्ति दे। ओम शांति" जीतेंद्र हुए इमोशनल जीतेंद्र इमोशनल हो गए। उन्होंने कहा, “मेरे दिल में जो इमोशन है, उसे बताने के लिए अभी मेरे पास शब्द नहीं हैं! मैंने एक दोस्त खो दिया है, मेरे लिए तो वो एक भाई से भी ज्यादा था! भले ही हम पिछले कुछ दशकों में कम मिले, लेकिन हमारी दोस्ती हमेशा समय की कसौटी पर खरी उतरी है! एक हमेशा रहने वाला कनेक्शन जो हमारे साथ की गई कई फिल्मों में को-एक्टर के तौर पर शेयर किए गए प्रोफेशनल इक्वेशन से कहीं आगे था! हमने साथ में जो पल बिताए, वे हमेशा मेरे दिल में रहेंगे! उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना! RIP धरम जी!”  

पुलिस जुटा रही प्रोफेसरों की बैंक डिटेल, अल-फलाह यूनिवर्सिटी में लॉकर चेकिंग का ऐलान

फरीदाबाद  हरियाणा के फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से विस्फोटक बनाने का सामान मिलने के मामले के बाद पुलिस को स्थानीय स्तर पर अमोनियम नाइट्रेट, यूरिया खरीदने का पता चला था। इसके बाद शहर के अलग अलग हिस्सों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अलफलाह यूनिवर्सिटी के सभी डॉक्टरों के लॉकर चेक किए जाएँगे और प्रोफेसरों की बैंक डिटेल को भी खंगाला जाएगा। करीब 200 डॉक्टर पहले ही पुलिस के रडार पर हैं। दरअसल फरीदाबाद की त्यागी मार्केट के पास के जामा मस्जिद से 23 नवंबर 2025 को दानेदार सफेद पाउडर, दूसरी पॉलिथीन में सफेद महीन पाउडर और तीसरी पॉलिथीन में काले रंग का पाउडर मिला है। पुलिस ने जब्त कर इसे जाँच के लिए भेज दिया है। इससे पहले पुलिस की जाँच में पता चला है कि जमा किए गए केमिकल फरीदाबाद, नूंह और आसपास के इलाकों से खरीदे गए थे। मॉड्यूल में शामिल डॉक्टर 2023 से ही अमोनियम नाइट्रेट जैसे केमिकल जमा कर रहे थे। इसके बाद, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तुरंत एक बड़ा अभियान शुरू किया है। वे खाद की दुकानों, केमिकल गोदामों, हार्डवेयर की दुकानों और कारखानों की जांच कर रहे हैं। पुलिस यह देख रही है कि हर दुकानदार ने कितना सामान खरीदा और बेचा, स्टॉक रजिस्टर में क्या लिखा है और सामान खरीदने वालों की पहचान क्या है। फरीदाबाद पुलिस मस्जिद, होटल, कॉलोनियों, धर्मशालाओं और खाद-बीज की दुकानों में तलाशी ले रही है। डबुआ के त्यागी मार्केट स्थित जामा मस्जिद से एक संदिग्ध पाउडर मिलने के बाद जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अब इस पाउडर के सैंपल की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। अल-फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टर शाहीन सईद, डॉक्टर मुजम्मिल शकील और डॉक्टर उमर नबी के नाम आतंकी मॉड्यूल में सामने आने के बाद, पुलिस अब यूनिवर्सिटी के सभी डॉक्टरों और प्रोफेसरों की जानकारी जुटा रही है। यूनिवर्सिटी में सभी डॉक्टरों के लॉकर और बैंक स्टेटमेंट भी चेक किए जाएंगे। पुलिस का सर्च ऑपरेशन के दौरान इलाके में रहने वाले किराए दारों का डीटेल भी देखा जा रहा है, साथ ही मकान मालिकों को पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही घर किराए पर देने को कहा गया है। इलाके में दूसरे राज्यों से आए लोगों की जाँच भी की जा रही है। इस बीच अल फलाह यूनिवर्सिटी में सख्ती के बाद जिनके बच्चे पढ़ रहे हैं, वे काफी परेशान दिखे। यूनिवर्सिटी प्रबंधन और छात्रों के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। एनआईए और दूसरी जाँच एजेंसियां लगातार कैंपस में आकर पड़ताल कर रही हैं। इससे छात्रों और उनके परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। शनिवार को भी कई छात्र-छात्राओं के पेरेंट्स कैंपस पहुँचे और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से बात करने की कोशिश की। ये लोग हो चुके हैं गिरफ्तार आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के शक में पुलिस यूनिवर्सिटी के मुजम्मिल को घर किराए पर देने वाले यूनिवर्सिटी के इमाम मोहम्मद इश्तियाक, धौज गांव के बाशिद और शोएब और पलवल के असवटी के शब्बीर से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि इन सभी का संपर्क आतंकी गतिविधियों में शामिल रहे मुजम्मिल और दिल्ली बम ब्लास्ट में मारे गए उमर नबी से था। सुसाइड बॉम्बर आतंकी डॉ. उमर नबी की कार चलाने वाले और उसके संपर्क में रहने वाले यूनिवर्सिटी के कई छात्रों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मस्जिद में मिला संदिग्ध पाउडर डबुआ थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि 23 नवंबर की सुबह 5 बजे हमने गली-गली जाकर चेकिंग अभियान चलाया। डबुआ की त्यागी मार्केट स्थित जामा मस्जिद से एक कट्टे में दानेदार व्हाइट पाउडर, दूसरी पॉलिथीन में बारीक व्हाइट पाउडर, तीसरे प्लास्टिक के कट्टे में दानेदार ब्लैक पाउडर जैसा कुछ संदिग्ध पदार्थ मिला। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस शहर के अलग अलग हिस्सों में ये सर्च अभियान चला रही है। इस दौरान मकान मालिकों को किराएदारों की वेरिफिकेशन कराने के लिए बोला जा रहा है। कॉलोनियों में दूसरे राज्यों से जो लोग आकर रह रहे हैं, उनके बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।

डाइंग फैक्ट्री में त्रासदी: खौलते टैंक की चपेट में आए तीन मजदूर, मौके पर मौत

भदोही यूपी के भदोही जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक डाइंग प्लांट में लगभग 11 बजे खौलते कैमिकल टैंक में गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। ये दर्दनाक घटना औराई थाना क्षेत्र के उगापुर बाजार स्थित सूर्या कंपनी का है। जहां सोमवार को कुछ मजदूर खौलते केमिकल टैंक में गिर गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को तत्काल औराई चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है वहीं, एसडीएम भदोही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है। मजदूरों में गहरा रोष और भय देखा जा रहा है। फिलहाल प्रशासन हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुटा है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।    

CM सैनी ने हरियाणा में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए दो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए

चंडीगढ़  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से  दो महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए। इनमें 'स्वप्ना डिजिटल ग्राम ई-बाजार पोर्टल' और 'सांझा बाजार सेल्स पोर्टल' शामिल हैं। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बेचने का सुगम अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री सैनी ने लॉन्च समारोह के दौरान कहा हमने आज दो पोर्टल लॉन्च किए हैं – स्वप्ना डिजिटल ग्राम ई-बाजार पोर्टल और सांझा बाजार सेल्स पोर्टल। यह महिलाओं को अपने उत्पादों को ऑनलाइन और अपने खुद के बिक्री बिंदुओं पर ऑफलाइन बेचने में सक्षम बनाएगा।  सांझा बाजार को 8 जिलों में शुरू किया गया है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि ये पोर्टल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को डिजिटल बाजार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 'स्वप्ना डिजिटल ग्राम ई-बाजार पोर्टल' के माध्यम से महिलाएं घरेलू उत्पादों जैसे हस्तशिल्प, जैविक खाद्य पदार्थ और पारंपरिक वस्तुओं को राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन बेच सकेंगी। वहीं, 'सांझा बाजार सेल्स पोर्टल' स्थानीय बिक्री बिंदुओं पर फोकस करेगा, जहां महिलाएं अपने उत्पादों को स्थानीय बाजारों में आसानी से प्रदर्शित और बेच सकेंगी।  यह सुविधा शुरुआत में 8 जिलों में उपलब्ध होगी, जिसे धीरे-धीरे पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा। सीएम सैनी ने कहा कि राज्य सरकार 'डबल इंजन' की ताकत से हरियाणा को डिजिटल इंडिया के अंतर्गत आत्मनिर्भर बनाने के प्रति काम कर रही है। हाल ही में हरियाणा दिवस पर पेपरलेस रजिस्ट्री सिस्टम लॉन्च करने के बाद यह नई पहल महिलाओं के लिए एक और सशक्त उपहार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन पोर्टलों से हजारों महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। 

मूर्ति तोड़ने पर बिहार में बवाल, हालात काबू करने पहुंचे सिटी SP और DSP

भागलपुर बिहार के भागलपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां  मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर मोड़ स्थित बजरंगबली मंदिर में देर रात असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मंदिर की मूर्ति तोड़ने की घटना स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थापित मूर्ति पूरी तरह टूट चुकी थी। ग्रामीण इसे धार्मिक आस्था पर हमला मान रहे हैं। युवा सोनू कुमार ने कहा कि वे प्रतिदिन सुबह यहां फिजिकल ट्रेनिंग के लिए आते हैं, लेकिन आज मूर्ति टूटी देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मुरारी यादव ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि “यह हमारी आस्था पर हमला है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।” पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज लिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सिटी एसपी शुभांक मिश्रा और सिटी डीएसपी राकेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वर्तमान में गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।

सरकार कुंडली खंगाल रही, योजना में लाभार्थियों की हिस्सेदारी उम्मीद से कम

हिसार  प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र महिलाओं में से जिले में अब तक 50 प्रतिशत से भी कम ने पंजीकरण कराया है। सरकार का मानना है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि कुछ लोगों को शक है कि इस योजना में पंजीकरण करवा लिया तो कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। ऐसे में पात्रता के दायरे में आने के बावजूद पंजीकरण न कराने वाली महिलाओं के घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) की ओर से ग्राम पंचायत स्तर के ऑपरेटर महिलाओं से पंजीकरण नहीं कराने का कारण पूछ रहे हैं, उनकी आर्थिक स्थिति का ब्योरा जुटा रहे हैं। वहीं, जो पंजीकरण कराना चाह रहीं हैं उनके आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2100-2100 रुपये देने का एलान किया था। एक नवंबर 2025 से लागू की गई इस योजना में पहले चरण में एक लाख तक की सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को शामिल किया गया है। परिवार पहचान पत्र के आंकड़ो के अनुसार जिले में 1 लाख 47 हजार 600 महिलाएं योजना के लिए पात्र हैं, लेकिन अब तक 72 हजार ने ही पंजीकरण किया है। इससे सरकार के सामने सवाल खड़ा हो गया कि आर्थिक स्वावलंबन की इतनी बड़ी योजना के प्रति महिलाएं क्यों नहीं रुचि ले रहीं। सूत्रों के अनुसार सरकार के पास रिपोर्ट पहुंची है की काफी संख्या में लोगों ने फर्जी तरीके से बीपीएल कार्ड बनवा रखे हैं और उसी के हिसाब से परिवार पहचान पत्र में आय कम दिखा रखी है। ऐसे में कुछ लोग पात्र होते हुए भी इसलिए पंजीकरण नहीं करवा रहे क्योंकि उन्हें शक है कि सालाना आय में अंतर मिला तो बीपीएल श्रेणी से बाहर कर दिए जाएंगे। आवेदन कम आने के कारण – हर महीने 2100 रुपये के हिसाब से साल भर रकम मिलने के बाद बीपीएल कार्ड कटने का डर – काफी संख्या में महिलाओं के पास रिहायशी प्रमाण पत्र न होना – दूसरे प्रदेशों से आए लोगों ने परिवार पहचान पत्र बनवाया, अब यहां से चले गए -जिन महिलाओं के विधवा या बुढ़ापा पेंशन के फार्म भरे गए हैं, वे आवेदन नहीं कर रही – वास्तविक तौर पर परिवार की सालाना आय एक लाख से अधिक होना, लेकिन परिवार पहचान पत्र में कम दर्शाना। बीपीएल सूची से नाम कटने का डर पिछले 6 महीने में हिसार जिले में करीब 66 हजार लोगों के राशन कार्ड काटे जा चुके हैं। जिले में जून से पहले 3 लाख 64 हजार बीपीएल राशन कार्ड थे। नवंबर में इन कार्डों की संख्या 2 लाख 98 हजार तक आ गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीपीएल सूची से नाम कटने के डर से कुछ लोग पंजीकरण नहीं करवा रहे। क्रीड की ओर से योजना के तहत पात्र महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए गांव स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कोई शिविर में नहीं आ रहा तो घर पर जाकर जानकारी दे रहे हैं। लाडो लक्ष्मी योजना में पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज की जानकारी दे रहे हैं। बीपीएल कार्ड कटने के डर से पंजीकरण नहीं करने वाली महिलाओं को सही तथ्य बता रहे हैं। – अभिषेक बंसल, जिला प्रबंधक, क्रीड  

अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई: अहमदाबाद में 15 JCB लगीं, 918 मकान तोड़े जा रहे

अहमदाबाद गुजरात के अहमदाबाद में प्रशासन ने झीलों से अवैध कब्जा हटाने की मुहिम तेज कर दी है। चंडोला झील पर कार्रवाई के बाद अब इसनपुर झील पर बने सैकड़ों पक्के मकानों को तोड़ने का अभियान शुरू किया गया है। सोमवार सुबह से ही इसनपुर झील क्षेत्र में 15 से अधिक जेसीबी मशीनें पहुंचीं और 918 अवैध मकानों को ध्वस्त करने का काम शुरू हो गया। जानकारी के मुताबिक, इसनपुर झील पर अवैध कब्जा पिछले 50 साल से अधिक समय से बना हुआ था। मकानों में कई परिवार पीढ़ियों से रह रहे थे। प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद झील क्षेत्र को खाली कराने का निर्णय लिया है। कार्रवाई को देखते हुए किसी भी प्रकार के विरोध या अव्यवस्था की आशंका को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार स्थल पर मौजूद रहकर बुलडोज़र कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। अहमदाबाद नगर निगम द्वारा पिछले कुछ वर्षों से शहर की झीलों और जल निकायों को पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। अवैध निर्माणों के कारण जलभराव, बाढ़ और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याओं को देखते हुए इस तरह की कार्रवाइयाँ की जा रही हैं। इस बड़े पैमाने की कार्रवाई के बाद उम्मीद है कि इसनपुर झील को उसके मूल स्वरूप में लाया जा सकेगा और क्षेत्र में जल संरक्षण की स्थिति भी बेहतर होगी।

फ्लाईओवर से कार नीचे गिरी, सबरीमाला जा रहे 6 श्रद्धालुओं ने गंवाई जान

 कोलार कर्नाटक के कोलार जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सबरीमाला जा रहे 6 तीर्थयात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 32 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार कार की तेज रफ्तार इस दुर्घटना का मुख्य कारण बनी।  यह दुखद घटना मालुर तालुका के अब्बेनहल्ली गांव के पास देर रात लगभग सवा दो से ढाई बजे के बीच हुई। पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार वाहन चालक कथित रूप से अत्यधिक तेज गति से कार चला रहा था। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और एक फ्लाईओवर के साइड बैरियर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बैरियर तोड़कर लगभग 100 मीटर नीचे एक अंडरपास में जा गिरी। कार में सवार 6 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चारों मृतक आपस में दोस्त थे और दुर्घटना के समय केरल के सबरीमाला मंदिर की तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार ड्राइविंग से होने वाले खतरों को उजागर किया है।  

धर्मेंद्र के निधन से शोक, CM मोहन व सिंधिया ने व्यक्त किया दुख—भावुक संदेश हुए वायरल

भोपाल  बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर CM मोहन का रिएक्शन सामने आया है। सीएम ने ट्वीट कर कहा- भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेन्द्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। सिनेमा जगत को समृद्ध करने में उनका अद्वितीय योगदान और अभिनय सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा- भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं बीकानेर से लोकसभा सांसद रहे धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। धर्मेंद्र जी ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, सादगी, और समर्पण से न केवल पर्दे पर किरदारों को जिया, बल्कि करोड़ों दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उनका जाना भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है पर उनका व्यक्तित्व, उनका स्नेह और उनका जीवंत अंदाज़ हमेशा अमर रहेगा। शोक की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और समस्त फिल्म जगत के साथ हैं।

प्रार्थना सभा में अवैध धर्मांतरण का आरोप: बजरंग दल के पहुंचते ही हंगामा, दो लोग पकड़े गए

बालोद छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला गरमाया है। जिले के रनचिराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलंगपुर गांव में रविवार को एक प्रार्थना सभा की आड़ में कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बजरंग दल की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, कलंगपुर गांव में एक निजी परिसर में पिछले काफी समय से हर रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। स्थानीय हिंदू संगठनों, विशेषकर बजरंग दल का आरोप है कि इस आयोजन का इस्तेमाल भोले-भाले ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने के लिए किया जा रहा था। रविवार को जब यह प्रार्थना सभा चल रही थी, उसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और धर्मांतरण की कोशिशों का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने तत्काल रनचिराई पुलिस को इस संबंध में सूचना दी।   पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में शिकायत मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत गांव पहुंची और सभा स्थल पर दबिश दी। पुलिस ने सभा के आयोजकों में से दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बजरंग दल ने मांग की है कि धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत इन व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। रनचिराई थाना प्रभारी राधा बोरकर ने इस संबंध में बताया, "हमें प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंचकर दो संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" जिले में बढ़ता धर्मांतरण विवाद यह घटना बालोद जिले में धर्मांतरण को लेकर बढ़ते तनाव की एक नई कड़ी है। हाल ही में, इसी जिले में मसीही समाज द्वारा कब्रिस्तान की मांग को लेकर भी एक बड़ा विवाद हुआ था, जिसका हिंदू संगठनों ने पुरजोर विरोध किया था। ऐसे में, प्रशासन के लिए जिले में धर्मांतरण की गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और धार्मिक सद्भाव बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।