samacharsecretary.com

आज का राशिफल: 27 नवंबर 2025, किस राशि पर चमकेगा भाग्य, किसे रहना होगा सतर्क

मेष राशि ( Mesh Rashi Today ) मेष राशि जातक के लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा, परिश्रम के हिसाब से आपको सफलता के परिणाम मिलेंगे, दूसरे लोगों के ऊपर निर्भरता आपको नुकसान दे सकती है, आर्थिक मामलों में आज आपको थोड़ा सतर्क रहने की आवश्यकता है, सरकारी कार्यों में तेजी आएगी, रुके हुए कार्य पूरे होंगे, कारोबार में मोटा मुनाफा होगा, बिजनेस यात्रा करनी पड़ सकती है। वृषभ राशि ( Vrishabha Rashi Today ) आज आपको थोड़ा सतर्क रहने की आवश्यकता है, पैसे लेनदेन में सावधानी रखें, आज आपको अपने कार्यों में अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है, ऑफिस की तरफ से कार्य का बोझ अधिक रहेगा, निजी जीवन में बिगड़े हुए संबंध बनेंगे, लोगों के साथ आपका व्यवहार अच्छा रहेगा, स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं उठानी पड़ सकती हैं, ससुराल पक्ष से बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। मिथुन राशि ( Mithun Rashi Today ) मिथुन राशि जातक के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, आपकी मेहनत का अच्छे परिणाम मिलेंगे, निजी जीवन में संबंध अच्छे रहेंगे, कार्य क्षेत्र में आपका अनुभव आपको सफलता दिलाएगी, अचानक ऐसे लोगों से मुलाकात होगी जो आपके हित के लिए बहुत ही फायदेमंद होगा, बैंक लोन और फाइनेंस से जुड़े मामलों में आपको अच्छी खबर मिलेगी, कारोबार के लिए दिन मिला-जुला रहेगा, अचानक यात्रा करनी पड़ सकती है। कर्क राशि ( Kark Rashi Today ) आज का दिन आपके लिए समान रूप से अच्छा रहेगा, निजी जीवन में आपको कुछ समस्याएं उठानी पड़ सकती हैं, आर्थिक मामलों में आपको सकारात्मक परिणाम मिलेंगे, लंबे समय के लिए आप बड़ा निवेश कर सकते हैं, जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, आज आपको कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है, बच्चों की शिक्षा को लेकर परेशान रहेंगे, अविवाहित लोगों के लिए नए रिश्ते मिल सकते हैं। सिंह राशि ( Singh Rashi Today ) आज आपको दिन में कुछ समस्याएं उठानी पड़ सकती हैं, ऑफिस कार्यों में अधिक कारभार की वजह से मानसिक तनाव की स्थिति रहेगी, नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिलेगी, जमीन जायदाद के मामलों में आपको राहत मिलेगी, आपसी रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं, रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है, बच्चों की भविष्य को लेकर परेशान रहेंगे, स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। कन्या राशि ( Kanya Rashi Today ) आज आपको बड़ी सफलता प्राप्त होगी, आपकी मेहनत के आज आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं, विरोधियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है, फैमिली बिजनेस में आज बड़ा लाभ होगा, शेयर मार्केट से जुड़े लोगों को आज मोटा मुनाफा होगा, आज आपको नए लोगों के साथ नया अनुभव शेयर करने का मौका मिलेगा, आज अपने दिल की बात अपने पार्टनर से कर सकते हैं, शादीशुदा जीवन अच्छा रहेगा। तुला राशि ( Tula Rashi Today ) तुला राशि जातक के लिए आज का दिन उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा, अति उत्साह के साथ किए गए कार्यों में आपको असफलता हाथ लगेगी, रुके हुए कार्यों में तेजी लाने का पूरा प्रयास करेंगे, आर्थिक स्थिति की समस्या आपके सामने दोबारा आ सकती है, किसी अपने का सहयोग लेना पड़ सकता है, मानसिक परेशानियां आपको परेशान कर सकती हैं, जीवन में नई चुनौतियां आपको फिर से परेशान कर सकते हैं, इस समय अधिक मेहनत और आपकी लगानी सफलता के नए रास्ते खुलेगा। वैश्विक राशि ( Vrishchik Rashi Today ) आज आपका भाग बहुत ही बुलंद रहेगा, सोचे हुए कार्यों में आपको सफलता हाथ लगेगी, सरकारी कार्यों में फंसा हुआ काम पूरा होगा, आर्थिक मामलों में आपको एक के बाद एक कई सारी खुशखबरिया मिलेगी, अचानक फंसा हुआ पैसा वापस मिल सकता है, घर परिवार के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं, माता-पिता की ओर से बड़ी खुशखबरी प्राप्त हो सकती है। धनु राशि ( Dhanu Rashi Today ) आज का दिन आपकी मेहनत और धैर्य की परीक्षा ले सकता है, आज आपको अपनी वाणी में संयम रखने की जरूरत है, व्यापार के लिए दिन अच्छा रहेगा, आज आपको पार्टनरशिप में बिजनेस करने का ऑफर मिल सकता है, ससुराल पक्ष से बड़ी खुशखबरी प्राप्त हो सकती है, कानूनी विवादों से मुक्ति मिलेगी, आज आप निवेश के बारे में घर परिवार में चर्चा कर सकते हैं, शादीशुदा जीवन अच्छा रहेगा। मकर राशि ( Makar Rashi Today ) आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहने वाला है, आज आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा, ऑफिस कार्यों में सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त होगा, विदेश बिजनेस से जुड़े लोगों को आज बड़ा ऑफर मिल सकता है, संतान की ओर से मन खुश रहेगा, घर परिवार की तरफ से बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है, अचानक घूमने का प्लान बना सकते हैं, आपके कई सारे समस्याओं के आज हल निकालते हुए दिखाई देंगे। कुंभ राशि ( Kumbh Rashi Today ) कुंभ राशि जातक के लिए आज का दिन बहुत ही अच्छा रहेगा, आज आप अपने दिल की बात अपने पार्टनर से कर सकते हैं, बिजनेस में आज आप बड़ी डील कर सकते हैं, नौकरी के रिलेटेड आपको नए ऑफर मिल सकते हैं, शेयर मार्केट से जुड़े लोगों को मोटा मुनाफा हो सकता है, निजी जीवन में आपको कुछ बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं, रुके हुए कार्यों में तेजी आएगी, सेहत को लेकर परेशान रहेंगे। मीन राशि ( Meen Rashi Today ) आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा, निजी जीवन में रिश्ते अच्छे रहेंगे, ऑफिस कार्यों में अधिक काम की बोझ की वजह से मानसिक तौर से परेशान रहेंगे, शारीरिक समस्याएं आपको परेशान कर सकती हैं, पैसे लेनदेन में सावधानी रखें, व्यापार के लिए दिन अच्छा रहेगा, जमीन जायदाद खरीदने का प्लान बना सकते हैं, अचानक लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है।

प्रदूषण में कमी का असर: दिल्ली-NCR में GRAP-3 हटा, जानें आज का AQI लेवल

नई दिल्ली दिनभर खिली तेज धूप और हवा की रफ्तार बढ़ने से दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से हल्की राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली का औसत एक्यूआई बुधवार को 327 अंक पर आ गया। पलूशन की कमी को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रैप-3 की पाबंदियां हटा दी हैं। हालांकि ग्रैप एक और दो की पाबंदियां जारी रहेंगी। इनके तहत कड़ी सख्ती जारी रखी जाएगी।   मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रह सकती है। जारी बयान में कहा गया है कि बेहतर संकेतों को देखते हुए GRAP की सब-कमेटी ने स्टेज-3 की पाबंदियों वाला अपना 11 नवंबर का आदेश वापस लेने का फैसला किया है। यह वापसी तुरंत लागू हो गई है। हालांकि, पैनल ने यह साफ किया है कि जिन कंस्ट्रक्शन और डेमोलिशन साइट्स को पहले वायलेशन के लिए क्लोजर नोटिस जारी किए गए थे, उन्हें तब तक काम फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जब तक उनको पैनल से निर्माण कार्य करने की इजाजत देने वाला कोई ऑर्डर नहीं मिल जाता है। इस बीच सभी एजेंसियों को नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है। एजेंसियों को कड़ी निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। ग्रैप सब-कमेटी का कहना है कि कहा कि वह दिल्ली में एयर क्वालिटी पर करीब से नजर रखेगी और स्थिति की समीक्षा करती रहेगी। आगे के फैसले रियल टाइम AQI लेवल और पूर्वानुमानों के आधार पर लिए जाएंगे। हालांकि हवा अभी भी अति खराब श्रेणी में ही है, लेकिन पहले की तुलना में इसमें सुधार हुआ है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में पिछले तीन दिनों से सुधार देखा जा रहा है। धूप के चलते धुंध और प्रदूषक कणों का विसर्जन तेजी से हो रहा है। इससे हवा की गुणवत्ता में हल्का बदलाव हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को अति खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले मंगलवार को यह सूचकांक 353 रहा था। यानी 24 घंटे में इसमें 26 अंकों का सुधार हुआ है। 23 नवंबर को यह सूचकांक 391 के अंक पर पहुंच गया था। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का सूचकांक गंभीर श्रेणी में पहुंचने लगा था। इसकी तुलना में देखा जाए तो अब वायु गुणत्ता में सुधार हुआ है। सीपीसीबी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर की हवा में बुधवार की दोपहर दो बजे प्रदूषक कण पीएम 10 का स्तर 288 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 2.5 का स्तर 157 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी हवा में अभी भी मानकों से दोगुना प्रदूषण मौजूद है। अगले दो दिनों के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही रहने के आसार हैं।  

सावधान बिहार! तापमान में तेज गिरावट और घना कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

पटना राज्य में तापमान में कोई बड़ा बदलाव फिलहाल नहीं दिख रहा है और ठंड की स्थिति यथावत बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों के दौरान राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर तक का कोहरा छा सकता है। विशेष रूप से गंगा किनारे बसे क्षेत्रों में देर तक धुंध बने रहने के आसार जताये गये हैं, जिससे सुबह की द्दश्यता प्रभावित हो सकती है। विभाग ने बताया है कि इस दौरान मौसम में किसी प्रकार के बड़े उतार- चढ़ाव की संभावना नहीं है। पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। यानी फिलहाल राज्य में ठंड की मौजूदा स्थिति जैसी है, वैसी ही बनी रहने वाली है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह के समय वाहन चलाते समय सतर्क रहें।

समझौते पर भी नहीं लगी मरहम: महाराष्ट्र में BJP ने तोड़े शिंदे के तीन नेताओं से रिश्ते

मुंबई महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के दो घटक दलों यानी भाजपा और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के बीच कलह थमना मुश्किल नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं और नेताओं की खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों दलों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव टकराव की चल रहा था, जिसे अमित शाह के दखल के बाद माना जा रहा था कि तनाव का दौर खत्म हो जाएगा लेकिन भाजपा ने फिर से शिवसेना के तीन नेताओं को तोड़कर मिला लिया है। इससे दोनों साथी दलों के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। दरअसल, दोनों दलों के बीच पिछले ही दिनों यह समझौता हुआ था कि कोई भी दल एक-दूसरे के नेताओं के अपनी पार्टी में सामिल नहीं कराएगा। बावजूद इसके BJP ने सोमवार को शिवसेना के तीन नेताओं को अपने साथ मिला लिया। इनमें से एक शिवसेना नेता अंबरनाथ से और दो संभाजीनगर से हैं। अंबरनाथ में जो नेता शिवसेना छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं, वह एक बिजनेसमैन हैं और पुराने शिव सैनिक रहे हैं। रूपसिंह धाल की पहचान ज्वैलर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रेसिडेंट के तौर पर भी रही है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में हुए शामिल अब वह BJP में शामिल हो चुके हैं। उन्हें महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया। दूसरी तरफ संभाजीनगर जिले में, फुलंबरी नगर पंचायत के लिए शिवसेना चीफ और शिवेसना के उम्मीदवार रहे आनंदा ढोके भी भाजपा में शामिल हो गए। संभाजीनगर में ही शिवसेना की महिला विंग की हेड शिल्पारानी वाडकर भी BJP में शामिल हो गईं हैं। इससे शिवसेना की भौहें तन गई हैं। शिवसेना बोली- नतीजे भुगतने होंगे BJP के इस नए कदम पर शिवसेना के कैबिनेट मिनिस्टर और संभाजीनगर जिले के गार्जियन मिनिस्टर संजय शिरसाट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। शिरसाट ने कहा, "अगर BJP ने हमारे नेताओं को अपनी तरफ खींचना बंद नहीं किया तो उसे नतीजे भुगतने होंगे। हम बदला लेने के लिए सही कदम उठाएंगे।" BJP मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान महायुति के अंदर सभी मतभेद 3 दिसंबर को चुनाव नतीजों के बाद सुलझा लिए जाएंगे। महायुति संग चुनाव लड़ने का कोई फायदा नहीं शिवसेना के टकराव बढ़ाने के लिए तैयार होने का संकेत देते हुए शिरसाट ने कहा कि यदि शिवसेना कार्यकर्ताओं को (भाजपा में) अपनी बढ़त साबित करने के लिए शामिल किया जा रहा है तो उपमुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी भी उचित कदम उठाएगी। उन्होंने कहा, “इससे शिवसेना कार्यकर्ताओं में असंतोष और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। यह (शिवसेना उम्मीदवारों को भाजपा में शामिल करना) बंद होना चाहिए, अन्यथा महायुति के रूप में चुनाव लड़ने का कोई फायदा नहीं है।” शिरसाट ने चेतावनी दी कि यह प्रवृत्ति आगामी नगर निगमों और जिला परिषदों के चुनावों को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वरिष्ठ नेताओं को इस पर विचार करना चाहिए।" उन्होंने भाजपा नेता और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा था कि राजनीतिक कार्यकर्ता विकल्प तलाशते रहते हैं।  

महिलाओं की सुरक्षा सख्त: हरियाणा सरकार ने जिम व बसों के लिए जारी किए नए प्रावधान

भिवानी स्कूल–कॉलेज जाने वाली बेटियों के चेहरों पर लौटती हुई चिंता और परिवहन के रास्तों में बढ़ती अनहोनी की आशंकाओं ने हरियाणा राज्य महिला आयोग को एक नया संकल्प दिया है। आयोग ने तय किया है कि सुरक्षा का यह घेरा अब बेटियाँ ही बनाएंगी। जिन वाहनों में आज छात्राएं डर के साए में सफर करती हैं, वहीं आगे से प्रशिक्षित महिला चालक होंगी, जो उनके लिए सुरक्षा की पहली दीवार बनेंगी और अपने लिए आत्मनिर्भर भविष्य का मार्ग भी खोलेंगी।  इसी दिशा में आयोग ने महिला जिमों को लेकर भी कठोर कदम उठाया है। एक जनवरी से प्रदेश में कोई भी महिला जिम बिना महिला ट्रेनर के नहीं चलेगा। यदि किसी जिम में महिला ट्रेनर न होने के बावजूद कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी केवल संचालक की नहीं, बल्कि वहां आने वाली महिलाओं की भी मानी जाएगी। राज्य महिला आयोग की योजना के तहत जिलों की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें सब्सिडी पर लोन दिलाकर स्कूली कैब, ऑटो या अन्य परिवहन साधनों से जोड़ा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी और योजना एक जनवरी से लागू की जानी है।   आयोग का मानना है कि इससे जहां छात्राओं को सुरक्षित परिवहन मिलेगा, वहीं कई महिलाओं को स्थायी आजीविका का अवसर भी प्राप्त होगा।  हाल ही में फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में सामने आए दो गंभीर मामलों ने आयोग को कड़ी कार्रवाई की दिशा में अग्रसर किया। एक घटना में स्कूली वाहन चालक छात्रा को प्रताड़ित करता रहा, फोन छीन लेता और जानबूझकर लंबे रास्ते से स्कूल वाहन लेकर जाता था।

उत्तर भारत में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, पंजाब-चंडीगढ़ के लिए IMD ने जारी की अहम रिपोर्ट

पंजाब  पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड एक बार फिर तेज हो गई है। कई इलाकों में सुबह-शाम हल्की धुंध और सूखी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 0.5°C गिरा है। फरीदकोट सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 4°C दर्ज हुआ। विभाग के अनुसार नवंबर के आख़िर या दिसंबर की शुरुआत में पंजाब में बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ेगी, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। लोगों को स्वास्थ्य को लेकर खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा? – अगले 7 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं। – कुछ इलाकों में हल्की धुंध जारी रहेगी। – रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। – दिल्ली–अंबाला और अंबाला–अमृतसर हाइवे पर मौसम साफ रहेगा। हवा की गुणवत्ता बुरी तरह बिगड़ी पंजाब के लगभग सभी शहरों में AQI 100 से ऊपर दर्ज हुआ है। रूड़की को छोड़ बाकी सभी शहर प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। अमृतसर: 196 बठिंडा: 159 जालंधर: 133 खन्ना: 142 लुधियाना: 122 मंडी गोबिंदगढ़: 213 (सबसे प्रदूषित) चंडीगढ़ सेक्टर 22: 155

लक्ष्य बड़े रखें, उत्साह से कार्य करने पर निश्चित रूप से मिलेगी सफलता : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

उप मुख्यमंत्री ने जेंडर कैंपेन नई चेतना 4.0 का किया शुभारंभ पंचायतों में बिना मांग स्वीकृत किए नए भवन, अब तीन मंजिल तक कर सकेंगे निर्माण: मंत्री श्री पटेल पंचायत प्रतिनिधियों एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन भोपाल  पंचायतों को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 24 नवंबर से चल रही पंचायत प्रतिनिधियों एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया। कार्यशाला के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने जिला पंचायत सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित जेंडर कैंपेन नई चेतना 4.0 का शुभारंभ किया। उत्कृष्ट लोक अधिकार केंद्रों के माध्यम से महिलाओं के हक एवं अधिकारों पर कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, लक्ष्य बड़ा होना चाहिए। मन में काम करने का उत्साह रहेगा तो सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद जन-प्रतिनिधियों से सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने की अपील की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि इस बार कार्यशाला में सरपंच संगठन, सचिव संगठन और जीआरएस संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा की जनप्रतिनिधियों को अधिकारों और कर्तव्यों पर गंभीरता से विचार कर सार्वजनिक जीवन में बनी नकारात्मक धारणा को समाप्‍त करते हुए पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जहां पंचायत भवन नहीं थे, वहां बिना मांग के नए भवन स्वीकृत किए गए। अब पंचायत भवन तीन मंजिला बनाए जाएंगे, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार उनका उपयोग हो सकेगा। इसी तरह ग्राम पंचायत, जनपद पंचायतों में सामुदायिक भवन भी बनवाए जा रहे हैं। पंचायतों को ग्राम सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विषयों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को स्वयं से तीन प्रश्न जरूर पूछने चाहिए। पहला- मेरे कर्तव्य क्या हैं? दूसरा- मेरा वित्तीय प्रबंधन कितना पारदर्शी है? और तीसरा- समाज के लिए मेरा योगदान क्या है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य और ईमानदारी पर अडिग रहना ही जनसेवा का मूल सिद्धांत है। कार्यशाला के आखिरी दिन दो सत्र हुए। इसमें प्रदेश के जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। जिला पंचायत की स्थायी समितियों की नियमित बैठकें एवं जिला पंचायत डेवलपमेंट प्लान को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बेहतर विकास को लेकर सुझाव दिए। बैठक में क्षेत्र के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, संचालक श्री छोटे सिंह, एसआरएलएम की सीईओ श्रीमती हर्षिका सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल अद्वितीय और विराट व्यक्तित्व के धनी

नर्मदा प्रवाह यात्रा यूनिटी मार्च का हुआ भव्य स्वागत इंदौर से धार-झाबुआ होते हुए गोधरा के लिए रवाना हुई यात्रा भोपाल  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की  150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा का बुधवार को इंदौर में अगवानी कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में यात्रा सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिमा से शुरू होकर मधुमिलन चौराहा,  आरएनटी मार्ग होते हुए छावनी चौराहा पहुँची। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की प्रेरणा से नागपुर से  नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा की शुरुआत हुई है , जो नागपुर से बैतूल होते हुई इंदौर पहुंची। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने रियासतों को मिलाकर जो कार्य किया वह अद्वितीय है। इसके लिए हमें विराट व्यक्तित्व के धनी सरदार वल्लभ भाई पटेल से प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति और विकास के पत्र पर आगे बढ़ रहा है। यात्रा में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग ,  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, सुश्री कविता पाटीदार, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री मधु वर्मा, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्री जीतू जिराती, श्री श्रवण चावड़ा, श्री सुमित मिश्रा,  यात्रा प्रभारी श्री कपिल परमार आदि विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा के दौरान एक विशाल वाहन में सवार थे। यात्रा में सबसे आगे स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं और जनजाति समाज के महिला एवं पुरुष कलाकार लोक नृत्य करते हुए शामिल हुए। यात्रा में देशभक्ति की धून बजाते हुए बैंड भी शामिल थे। साथ ही महिलाएं एवं पुरूष बड़ी संख्या में उपस्थित थे। रास्ते भर विभिन्न मंचों के द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। जगह-जगह मंच लगाकर नागरिकों द्वारा फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर एकता यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं ने घरों की छत से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वाहन पर फूलों की पंखूड़िया उड़ाकर स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर भारत माता की जय और सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहे के उद्घोष लगे। सरदार पटेल प्रतिमा से शुरू होकर नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए छावनी चौराहा पहुँची ,  जहां नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान कृष्ण की प्रतिमा और तलवार भेंटकर उनका स्वागत किया। 

पाकिस्तान का एंटी-शिप मिसाइल परीक्षण: जानें इसकी खूबियां और भारत पर संभावित असर

इस्लामाबाद  ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हर मोर्चे पर मात खाया पड़ोसी देश पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार हथियारों की होड़ में शामिल है। दो महीने पहले जमीन से लॉन्च किए जाने वाले फतह-4 क्रूज मिसाइल के परीक्षण के बाद अब पाकिस्तानी नौसेना ने एक स्वदेश विकसित पोत रोधी बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल समुद्र और धरती, दोनों स्थानों पर लक्ष्य भेदने में सक्षम है। पाक सेना ने यह जानकारी दी है लेकिन इस मिसाइल का नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किया है।   इसे दुश्मन के युद्धपोत को समंदर में ही डुबोने वाली एंटी शिप मिसाइल कहा जा रहा है। पाकिस्तान की मिलिट्री प्रेस विंग ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (ISPR) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह परीक्षण मंगलवार को स्थानीय स्तर पर निर्मित नौसैन्य प्लेटफॉर्म से किया गया, जिससे देश की रक्षा क्षमताएं बढ़ी हैं। ISPR ने कहा है कि यह मिसाइल समुद्र और जमीन, दोनों जगहों पर काफी सटीकता से हमला करने में सक्षम है। साथ ही, यह उन्नत तकनीक से लैस है। पाक पीएम-राष्ट्रपति गदगद पाकिस्तानी नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह सफल परीक्षण देश की बढ़ती प्रौद्योगिकीय विशेषज्ञता को दर्शाता है और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए नौसेना की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी’ के अध्यक्ष जनरल साहिर शमशाद मिर्जा और सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों ने इस उपलब्धि में शामिल सभी इकाइयों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है। परीक्षण में सटीक निशाना साधा भारत के साथ मई में हुए सैन्य संघर्ष के बाद से पाकिस्तान अपनी रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। बता दें कि दो महीने पहले सितंबर 2025 में पाकिस्तानी सेना ने अपनी नव विकसित फतह-4 का परीक्षण किया था, जो जमीन से जमीन पर 750 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली क्रूज मिसाइल है। अब पाकिस्तान ने पानी से पानी या सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया है, जिसने सटीक निशाना साधा है। भारत के लिए कितना टेंशन? क्या खूबियां? यह भारत समेत अन्य दुश्मनों के युद्धपोतों को एक मिनट के अंदर डुबोने में सक्षम है। यह मिसाइल पहले हवा में बहुत ऊपर जाती है, फिर सीधे नीचे गोता लगाकर टारगेट पर निशाना साधती है। इसे दुश्मन का रडार आसानी से नहीं पकड़ सकता है। इसीलिए पाकिस्तान कह रहा है कि उसकी नौसेना अब ज्यादा ताकतवर हो गई है। यह पाकिस्तान द्वारा पूरी तरह से स्वदेश निर्मित है। इस मिसाइल को समंदर में नेवी के जहाज से लॉन्च किया जाता है। यानी यह नेवी के जहाज पर लगी होती है। यह बहुत तेज उड़ती है और आसमान में ही दिशा बदल सकती है। दुश्मन के रडार सिस्टम से बचने में सक्षम है। यह तेजी से गोता लगाकर दुश्मन के टारगेट पर सटीक निशाना लगाने में सक्षम है।

समृद्ध मप्र के लिये पंचायत प्रतिनिधि गांवों को बनायें समृद्ध : उपमुख्यमंत्री देवड़ा

स्वदेशी अर्थव्यवस्था में गांव में ही मिलेंगे रोजगार के अवसर भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि गांव की समृद्धि ही मध्यप्रदेश की समृद्धि है। मध्यप्रदेश में विकास की गति को तेज बढ़ाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को मिलकर अपने गांव को समृद्ध बनाना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों को सक्षम बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। श्री देवड़ा बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभाग्रह में "आत्मनिर्भर पंचायत – समृद्ध मध्यप्रदेश" पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब ऐसे अवसर बन रहे हैं, जिससे गांव आत्म-निर्भर की ओर बढ़ रहे हैं। स्वदेशी अर्थव्यवस्था के अंतर्गत अब गांव में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा। महिलाओं और युवाओं की विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि पंचायत में वित्तीय पारदर्शिता की आवश्यकता है। इससे परस्पर विश्वास बढ़ता है और इसका लाभ विकास को आगे बढ़ाने में होता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतें विकास की धुरी हैं। इसलिये उन्हें अपनी विकास योजनाएं बनाने की स्वतंत्रता दी गई है। श्री देवड़ा ने पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे विकास के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध प्रयास करें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की ऐसी योजनाएं बनाई गई हैं जो निचले स्तर तक विकास ला सकती है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास वर्तमान में जितने अधिकार हैं उसका उपयोग कर पंचायतें विकास की गति में तेजी ला सकती हैं। श्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2047 तक देश को आर्थिक रूप से विश्व का समृद्ध देश बनाने का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश इस संकल्प को साकार करने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को वित्तीय प्रबंधन व्यवस्थाओं में और ज्यादा सुधार करने की आवश्यकता है। साथ ही महिला पंचायत प्रतिनिधियों और महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को भी आगे आने की आवश्यकता है। कार्यशाला में त्रि-स्तरीय पंचायतों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थ‍ित थे।