samacharsecretary.com

भूकंप से थर्राया नेपाल, तेज झटकों ने उड़ा दी लोगों की नींद

नेपाल  नेपाल के सुदूरपश्चिम (Sudurpashchim) प्रांत में रविवार सुबह हल्के से मध्यम तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार झटके सुबह 8:28 बजे महसूस किए गए और इसकी तीव्रता 4.6 रिक्टर स्केल मापी गई।भूकंप का केंद्र दार्चुला जिले के घुसा क्षेत्र में स्थित था, जो पहाड़ी इलाकों में आता है और जहां सामान्यतः भूकंपीय गतिविधि अधिक दर्ज की जाती है। आसपास के जिलों बझांग, बैतड़ी और डोटी में भी झटके महसूस किए गए, लेकिन किसी भी तरह के नुकसान या हताहत की जानकारी नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि भूकंप अल्प अवधि का था और लोगों में घबराहट की स्थिति नहीं बनी। नेपाल का पश्चिमी हिस्सा भूकंप संवेदनशील माना जाता है।इसी प्रांत में पिछले महीने 30 नवंबर को 4.4 तीव्रता का भूकंप सैपाल पर्वतीय क्षेत्र (बझांग जिला) में दर्ज हुआ था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र भारतीय टेक्टोनिक प्लेट की निरंतर गतिशीलता के कारण ‘हाई सीस्मिक जोन’ में आता है, इसलिए हल्के झटके अक्सर महसूस किए जाते हैं। 

पीड़िता की नाबालिग होने की बात साबित नहीं कर पाई सरकार, हाईकोर्ट ने नहीं माना दुष्कर्म का आरोप

बिलासपुर हाईकोर्ट ने शादी का वादा कर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपी को दोषमुक्त किए जाने के खिलाफ पेश राज्य शासन की अपील खारिज कर दी है. पीड़िता ने इस बात का स्वीकार किया था कि वह आरोपी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. मामले की सुनवाई जस्टिस संजय एस. अग्रवाल एवं जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डीविजन बेंच में हुई. जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले की रहने वाली पीड़िता ने 10 फरवरी 2016 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 फरवरी 2016 से आरोपी उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में था, और इस दौरान उसने शादी का झूठा बहाना बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. जब पीड़िता ने उससे शादी करने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 एवं पास्को एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया. पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट में पीड़िता के साथ जबरदस्ती सेक्सुअल इंटरकोर्स का कोई निशान नहीं देखा और न ही पीड़िता के शरीर पर अंदर या बाहर कोई चोट का निशान पाये जाने की रिपोर्ट दी गई. उम्र प्रमाणित करने के लिए पीड़ित का वर्ष 2011 का प्रोग्रेस कार्ड के हिसाब से जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया. मामले की सुनवाई स्पेशल कोर्ट में हुई. सुनवाई के बाद कोर्ट ने पीड़ित के बयान व उसकी उम्र 18 वर्ष से कम होना साबित नहीं होने पर आरोपी को दोषमुक्त किया. स्पेशल कोर्ट द्वारा दोषमुक्ति को चुनौती देते हुए राज्य शासन ने हाई कोर्ट में अपील की थी. मामले की सुनवाई जस्टिस संजय एस. अग्रवाल व जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डीविजन बेंच में हुई. पीड़िता की आयु 18 वर्ष से कम साबित नहीं हो पाया.

सोनारिका भदौरिया के घर आई नन्ही परी, शेयर की झलक

मुंबई, लोकप्रिय धारावाहिक ‘देवों के देव महादेव’ फेम अभिनेत्री सोनारिका भदौरिया एक बच्ची की मां बन गई हैं। रविवार को अभिनेत्री ने पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी। अभिनेत्री सोनारिका ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में बेटी के पैर नजर आ रहे है, जिसे वे और उनके पति प्यार से पकड़े हुए है। पोस्ट शेयर करते हुए अभिनेत्री ने इसे कैप्शन दिया, “5-12-2025। हमारी सबसे प्यारी और बड़ी नेमत घर आ गई है और आते ही हमारी दुनिया बन गई है।” अभिनेत्री के पोस्ट शेयर करने के बाद इंडस्ट्री, दोस्त, फैंस और साथी कलाकारों ने कमेंट सेक्शन पर प्यार और शुभकामनाओं की बौछार कर दी। कुछ लोगों ने हार्ट और फायर इमोजी से प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री आरती सिंह ने लिखा, “मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं। बधाई हो।” अशनूर कौर ने लिखा, “बधाई हो।” लता सबरवाल ने भी “बधाई हो” कमेंट किया। बता दें कि अभिनेत्री की बेटी का जन्म 5 दिसंबर को ही हो गया था, लेकिन उसके जन्म की जानकारी उन्होंने अभी दी है। हालांकि, उन्होंने अभी तक बेटी के नाम की घोषणा नहीं की है। सोनारिका भदौरिया ने साल 2024 में अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड विकास पाराशर से शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात जिम में हुई थी। इसके बाद दोनों ने 7 साल एक-दूसरे को डेट किया था। अभिनेत्री ने साल 2011 में धारावाहिक ‘तुम देना साथ मेरा’ से टीवी सीरियल की शुरुआत की थी। इसके बाद वे ‘पृथ्वी वल्लभ’ और ‘दास्तान-ए-मोहब्बत सलीम अनारकली’ जैसे शो में नजर आईं। अभिनेत्री ने सिर्फ टीवी शोज ही नहीं किए हैं। उन्होंने साउथ सिनेमा में काम कर अपनी खास पहचान बनाई है। सोनारिका ने तेलुगु फिल्म ‘जादूगाडु’ और ‘ईदो रकम आदो रकम’ में भी काम किया। अभिनेत्री भले ही कई बेहतरीन प्रोजेक्ट का हिस्सा रही हैं, लेकिन उन्होंने टीवी सीरियल ‘देवों के देव महादेव’ की पार्वती बनकर कमाया है। सही मायने में एक्ट्रेस को घर-घर में पहचान इसी सीरियल से मिली थी।  

भारत का गौरव बढ़ा ऑस्ट्रेलिया में, कर्नल प्रतीक रॉय को मिला सबसे बड़ा सैन्य पुरस्कार

नई दिल्ली  भारतीय सेना के कर्नल प्रतीक रॉय को ऑस्ट्रेलियन डिफेंस कॉलेज में डिफेंस स्ट्रैटेजिक एंड स्टडीज़ कोर्स पूरा करने पर प्रतिष्ठित Geddes Gavel Award से सम्मानित किया गया है। ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को यह जानकारी साझा की। यह पुरस्कार उस अधिकारी को दिया जाता है, जो क्षेत्रीय संबंधों, निर्णय प्रक्रिया, तथा राजनीतिक, कूटनीतिक, सैन्य, सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं की सबसे गहरी समझ प्रदर्शित करता है। भारतीय उच्चायोग ने X पर लिखा,“भारतीय सेना के कर्नल प्रतीक रॉय को Australian Defence College में Defence Strategic and Studies Course पूरा करने पर Commander Australian Defence College Award / Geddes Gavel Award मिलने पर बधाई। यह पुरस्कार उत्कृष्ट सामरिक ज्ञान और क्षेत्रीय समझ के आधार पर दिया जाता है।”भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा संबंध हाल के वर्षों में काफी मजबूत हुए हैं।   नवंबर में, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत रक्षा, व्यापार, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और इंडो-पैसिफिक सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बैठकें की थीं।अक्टूबर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों ने कई अहम रक्षा समझौते भी किए। ऑस्ट्रेलियाई उप-प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने इसे दोनों देशों की सेनाओं के बीच “गहरी सामरिक समझ और भरोसे” को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।  

धर्मेंद्र की 90वीं जयंती पर ज़ी बॉलीवुड और ज़ी क्लासिक लेकर आ रहे हैं उनकी यादगार फ़िल्में

मुंबई,  बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की 90वीं जयंती 08 दिसंबर को ज़ी बॉलीवुड और ज़ी क्लासिक दोनों चैनल मिलकर इस महान कलाकार को पूरे दिन की फिल्मी पेशकश के साथ सलाम देंगे। सोमवार, 08 दिसंबर को दोनों चैनल ऐसी फिल्में दिखाएंगे,जिनमें धर्मेंद्र का स्टारडम, उनका सलीका और उनकी बहुमुखी कला पूरी चमक के साथ नजर आएगी और जो उन्हें हर पीढी का पसंदीदा अभिनेता बनाती है। ज़ी बॉलीवुड पर दिन भर का यह खास जश्न सुबह से जारी रहेगा, ‘द ही-मैन’ स्पेशल के लाइन-अप के साथ। इसमें कई फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें धर्मेंद्र का शानदार व्यक्तित्व खूब निखरकर सामने आएगा। दोपहर 1.30 बजे 'मेरा गांव मेरा देश', दिखाई जाएगी जिसमें वह एक सुधरे हुए नायक के रूप में नजर आएंगे। इसके बाद शाम 4.30 बजे दिखाई जाएगी गहरे जज़्बातों से भरी पारिवारिक कहानी 'बटवारा'। शाम 8 बजे प्रसारित होगी 'राजपूत', जिसमें सम्मान, बदला और बहादुरी की कहानी दर्शकों को फिर से धर्मेंद्र का वही ही-मैन वाला अंदाज, उनकी ताकत और उनका असर याद आ जाएगा। ज़ी क्लासिक पर इस खास दिन की शुरुआत सुबह 6.30 बजे 'द टाइमलेस लीजेंड' लाइन-अप के साथ होगी जो पूरे दिन और रात भर चलेगी। इस सोच समझकर बनाई गई लिस्ट में वे फिल्में शामिल हैं जिनके सहारे धर्मेंद्र ने एक पूरे दौर को दिशा दी थी। शाम सात बजे आएगी सदाबहार फिल्म 'तुम हसीन मैं जवान' और रात 10 बजे दिखाई जाएगी दिल को छू लेने वाली फिल्म 'जीवन मृत्यु'। इनके अलावा भी कई फिल्में दिखाई जाएंगी जो ये एहसास कराती हैं कि आखिर क्यों धर्मेंद्र जी हिन्दी सिनेमा के सबसे प्यारे और सबसे प्रभावशाली सितारों में से एक माने जाते हैं।  

मेवाड़ ने किया इंस्पेक्टर महेश नागदा का सम्मान, ऑपरेशन सिंदूर की वीरता को नमन

उदयपुर बीएसएफ के इंस्पेक्टर महेश नागदा के उदयपुर पहुंचते ही ओल्ड सिटी देशभक्ति के रंग में डूब गई। ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, क्षेत्रवासी और उनके मित्र मौजूद रहे। भट्टियानी चौहट्टा निवासी नागदा को भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में प्रदर्शित साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा के लिए डायरेक्टर जनरल डिस्क व कमेंडेशन रोल से सम्मानित किया जाएगा।   रंगनिवास से जगदीश मंदिर तक निकला सम्मान जुलूस इंस्पेक्टर नागदा का स्वागत रंगनिवास चौकी से शुरू होकर जगदीश मंदिर तक भव्य जुलूस के रूप में किया गया। रास्तेभर लोगों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जुलूस के दौरान आतिशबाजी, पगड़ी, उपरणा और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर उनके पिता रेवाशंकर नागदा भी मौजूद रहे।   भावुक कर देने वाला पिता–पुत्र का क्षण समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब बिना पूर्व सूचना पिता रेवाशंकर नागदा को बताया गया कि उनका पुत्र महेश उदयपुर पहुंच चुका है और शहर उनका सम्मान कर रहा है। पिता-पुत्र के इस मिलन ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। स्वागत से अभिभूत इंस्पेक्टर नागदा ने कहा कि वे सदैव भारत की माटी और मेवाड़ की धरा का मान बनाए रखने के लिए समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, गोपाल जोशी, अजय पोरवाल, देवेंद्र जांवलिया, जगदीश शर्मा, मनु राव, कुलदीप सिंह गहलोत, कैलाश सोनी, कुलदीप जोशी, शिवराज धाबाई, गोपाल नागर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।  

विवादित वीडियो: दंतेल हाथी ने घर में प्रवेश की कोशिश, इलाके में मची दहशत

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात एक दंतेल हाथी ने ग्रामीण के घर घुसने की कोशश की. हाथी ने घर के बाहरी गेट को तोड़ने की भी कोशिश की. घटना वन मंडल धर्मजयगढ़ के परिक्षेत्र छाल अंतर्गत परिसर ऐडू के ग्राम पुसल्दा (कोया मुड़ा) की है. हाथी की धमक से दहशत में आए घर वालों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा. जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात जंगल से भटककर एक दंतेल हाथी कोयामुड़ा गांव निवासी हरिशचन्द्र राठिया के घर आ धमका. उसने घर का मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया. हाथी की इस हरकत से घर वाले और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. फिलहाल हाथी मित्र दल हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है. टीम ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की मूवमेंट अभी भी सक्रिय है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है. ग्रामीणों के लिए चेतावनी वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए विशेष चेतावनी जारी की है:     पुसल्दा से बरभोना कच्ची सड़क और ऐडू से बरभोना पक्की सड़क पर आवागमन सावधानीपूर्वक करें.     पुसल्दा, ऐडू, खेदापाली, बहेरामुडा, चीतापाली और रामनगर के निवासी अनावश्यक रूप से जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं.

गुजरात को मिला नया तोहफा: अमित शाह ने पीएमएवाई के ईडब्ल्यूएस आवासों का शुभारंभ किया

गांधीनगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत बने 800 से ज्यादा नए ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) घरों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने गरीबों को मुफ्त घर देने के मोदी सरकार के वादे को दोहराया, ताकि सभी को सम्मानजनक और इज्जतदार जिंदगी मिल सके। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अहमदाबाद के थलतेज वार्ड में बने 861 नए ईडब्ल्यूएस घरों के उद्घाटन की तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मोदी सरकार गरीबों को मुफ्त आवास देकर उन्हें गौरवपूर्ण जीवन देने का काम कर रही है। इसी दिशा में आज अहमदाबाद के थलतेज वार्ड में पीएम आवास योजना के तहत बने 861 नवनिर्मित ईडब्ल्यूएस आवासों का उद्घाटन किया। अहमदाबाद नगर निगम द्वारा निर्मित ये अत्याधुनिक और सुविधा-संपन्न आवास क्षेत्रवासियों के सुगम और सुरक्षित भविष्य के मजबूत आधार बनेंगे।" इस मौके पर कुछ लाभार्थियों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए अपनी खुशी साझा की। निखिलेश बेन ने कहा, "सरकार ने अच्छे घर और फ्लैट बनाए हैं। इससे हमें समाज में सम्मान मिला है। हमें घर गिफ्ट करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का दिल से शुक्रिया।" रंजीत ने केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा, "हमें झुग्गी से बाहर निकाल दिया गया है। सरकार की कोशिशों की वजह से मुझे अपने सपनों का घर मिल गया है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मेरे घर पर पक्की छत होगी, लेकिन यह मुमकिन हो गया है। आंगनवाड़ी, आयुष्मान भवन और बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल जैसी सभी बेसिक सुविधाएं यहां मौजूद हैं।" लाभार्थी शंभू भाई ने कहा कि वह पहले एक झुग्गी में रहते थे, लेकिन अब उनके पास एक सुरक्षित और अच्छी सुविधाओं वाला घर है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम सच में तारीफ के काबिल है। घर के अंदर सभी सुविधाएं दी गई हैं, जिसके लिए हम बहुत शुक्रगुजार हैं।" नानाजी देसाई ने कहा कि लगभग 25 साल की कड़ी मेहनत के बाद, आखिरकार हमारे पास हमारे घर हैं। घर बहुत अच्छे से बने हैं। हम इसके लिए सरकार के शुक्रगुजार हैं।

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, हरियाणा-पंजाब में तापमान लुढ़का, फरीदकोट-नारनौल में रिकॉर्ड गिरावट

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डीग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान(4.6 डिग्री सेल्सियस) नारनौल में दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फिरोजपुर में छह डिग्री, अमृतसर में 6.1 डिग्री, लुधियाना में 6.8 डिग्री और पटियाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, हिसार में 6.2 डिग्री, सिरसा में 6.6 डिग्री, करनाल में सात डिग्री, रोहतक में 7.8 डिग्री और अंबाला में 9.8 डिग्री रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब' श्रेणी में, शीत लहर का पूर्वानुमान दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘‘बेहद खराब'' श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 'समीर' ऐप के अनुसार, सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 302 रहा। राष्ट्रीय राजधानी के 26 केंद्रों में एक्यूआई "बेहद खराब" श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 ‘संतोषजनक', 101 से 200 ‘मध्यम', 201 से 300 ‘खराब', 301 से 400 ‘बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर' माना जाता है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में शीत लहर चलने का अनुमान जताया है। दिल्ली में तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है तथा सुबह सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत तक पहुंच गई। आईएमडी के अनुसार अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।   राजस्‍थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान राजस्‍थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आने वाले कुछ दिन राज्य के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहने और राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, वहीं कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी और शीतलहर से राहत मिलेगी। विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से ऊपर और अधिकांश भागों में 10 डिग्री से ऊपर (सामान्य के आसपास) रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि फतेहपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी पर CM साय का संज्ञान, जरूरत पड़ी तो होंगे बदलाव

रायपुर छत्तीसगढ़ में जमीन खरीद–फरोख्त के लिए जारी नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों में भारी बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कई जिलों में गाइडलाइन दरों में 100% तक वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह बढ़ोतरी 800% तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े इन दरों को लेकर आम जनता, व्यापारी, किसान और राजनीतिक दल खुलकर विरोध जता रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गाइडलाइन दरों को लेकर अभी भी विभागीय मंथन जारी है और जरूरत पड़ने पर सरकार इसमें पुनर्विचार करने के लिए तैयार है। 2017 के बाद से जमीन की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं – CM साय मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से जमीन की गाइडलाइन दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, जबकि नियमों के अनुसार हर साल इन दरों में संशोधन होना चाहिए। उन्होंने बताया कि गाइडलाइन बढ़ने के कई सकारात्मक पहलू भी हैं, परंतु वे अभी जनता के सामने उतने स्पष्ट रूप से नहीं आ पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि नई दरों से आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा होती है तो सरकार स्थिति की समीक्षा करेगी और लोगों को राहत देने के विकल्पों पर गंभीरता से विचार करेगी। गौरतलब है कि राज्य में नई गाइडलाइन का विरोध लगातार बढ़ रहा है और सरकार पर दबाव भी। ऐसे में आने वाले दिनों में गाइडलाइन दरों में संशोधन या राहत देने संबंधी कोई निर्णय लिया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में जमीन दरों को लेकर जारी यह खींचातानी अब प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है।