samacharsecretary.com

राशिफल 12 दिसंबर 2025: सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन, जानें विशेष भविष्यफल

मेष राशि: कल का दिन आपके कॉन्फिडेंस में बूस्ट लेकर आएगा। आपके सारे काम तेजी से पूरे होने वाले हैं। कोई पुराना काम आज आपको खुशी दे सकता है क्योंकि इसमें अच्छी खासी ग्रोथ देखने को मिलेगी। परिवार में माहौल शांत रहेगा। बस खर्चा सोच समझकर करें। साथ ही जल्दबाजी में कोई भी फैसला ना लें। अपनी सेहत का ध्यान रखें और रूटीन को जरूर फॉलो करें। वृषभ राशि: कल के दिन आप थोड़े से इमोशनल हो सकते हैं। हालांकि आपका दिन अच्छा जाएगा। काम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिलेगा। आज आपकी बात किसी खास शख्स के साथ हो सकती है। आज के दिन आपको पैसों के मामले में थोड़ी सावधानी रखनी है। देर रात खाना खाने से बचें। मिथुन राशि: कल का दिन आपके लिए काफी लकी साबित होने वाला है। कोई रुका हुआ काम आगे बढ़ने के संकेत हैं। आपको आज इससे जुड़ी कोई ना कोई खुशखबरी जरूर मिलेगी। दोस्तों के साथ आप अच्छा समय बिता पाएंगे। साथ ही परिवार के साथ भी खुशियों में शामिल होंगे। कहीं ट्रैवल करने का प्लान भी बना सकते हैं। कर्क राशि: कल आप एकदम शांत मन से फैसले लेने वाले हैं। ऐसे में आपके सारे काम बड़ी ही आसानी से पूरे हो जाएंगे। रिश्ते के मामले में भी सब कुछ अच्छा होगा। कल आपको ऑफिस में काम का दबाव नहीं होगा। शाम में आप अपनों के साथ सुकून भरा समय बिताएंगे। आपको हल्की थकान भी महसूस हो सकती है। सिंह राशि: कल आपकी पर्सनैलिटी और ग्रो होगी। लोग आपसे काफी प्रभावित होंगे। बिजनेस से जुड़े लोगों को आज फायदा मिल सकता है। परिवार में कोई गुड न्यूज मिल सकती है, जिससे पूरा दिन सही जाने वाला है। आज आपके खर्चे थोड़े बढ़ सकते हैं। सेहत का ध्यान रखें और नींद पूरी लें। कन्या राशि: कल आपको अपनी मेहनत का फल मिलने वाला है। प्रोफेशनल लाइफ में आपके सुझाव सही और अहम साबित होंगे। घर में शांति रहेगी। खुशियों का आगमन होगा। आपकी आर्थिक स्थिति भी अब पहले से सुधरने वाली है। बस आपको अपने खर्चों पर थोड़ा लगाम लगाना होगा। तुला राशि: कल आपकी जिम्मेदारियां थोड़ी बढ़ सकती हैं। हालांकि आप सारी चीजों को संभाल लेंगे। आज काम के मामले में थोड़ा सतर्क रहें। कोई भी गलती ना करें। रिश्ते में समझ और धैर्य की जरूरत है। आपकी हेल्थ ठीक रहेगी लेकिन आपको ओवरथिंकिंग से बचना है। साथ ही खानपान का थोड़ा ध्यान रखें। बाहरी चीजें ना ही खाएं। धनु राशि: कल का दिन आपके लिए अच्छा जाने वाला है। आपके सारे मनचाहे काम पूरे होने की उम्मीद है। साथ ही कोई पुराना विवाद अब खत्म हो सकता है। इसके अलावा आपकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार आने वाला है। लव लाइफ भी अच्छी जाएगी। बस अपने रूटीन को सही तरीके से फॉलो करते रहें और अपना ध्यान रखें। मकर राशि: कल काम में सफलता मिलेगी। दूसरों की बातों पर ध्यान ना दें। आने वाला समय सिर्फ आपका है। कल कोई नया मौका मिल सकता है। साथ ही पैसों की स्थिति भी पहले से बेहतर होने वाली है। इसके अलावा कोई बड़ा इन्वेस्टमेंट करने से बचें। खानपान का ध्यान रखें। जंक फूड से दूर रहने की कोशिश करें। कुंभ राशि: कल आपको अपने गुस्से पर थोड़ा कंट्रोल रखना है। किसी से बात करते वक्त अपने शब्दों पर ध्यान रखें। ऑफिस मीटिंग में लोगों का सुझाव ध्यान से सुनें। पैसों के मामले में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। सेहत से जुड़ी चीजों को नजरअंदाज ना करें। खानपान सही करें। वृश्चिक राशि: कल आप क्रिएटिविटी से काम करेंगे। ऐसे में आप लोगों को इम्प्रेस भी करेंगे। नई सोच और आइडिया से आप लोगों पर अपना प्रभाव छोड़ पाएंगे। आपको हर काम में सफलता मिलने वाली है। बस धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। कल कोई दोस्त आपकी मदद कर सकता है। लव लाइफ में सुधार आएगा। आपकी कोई पुरानी चिंता अब खत्म होने वाली है। मीन राशि: दिमाग शांत रहेगा तो आप सारी चीजें सही से कर पाएंगे। इसी के साथ आप फैसले भी सही लेंगे। अगर क्रश से दिल की बात कहनी है तो शुभ समय है। प्रोफेशनल लाइफ में ग्रोथ दिखेगी। छोटे-छोटे लाभ होने तय हैं। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा। सेहत का थोड़ा ध्यान रखें। जरूरत लगे तो काम के बीच ब्रेक जरूर लें।

संसद में जवाब: शिमला रेलवे स्टेशन का होगा मेगा डेवलपमेंट, बढ़ेगा पर्यटन

धर्मशाला रेलवे मन्त्री अश्वनी वैष्णव ने काँगड़ा लोकसभा सांसद डॉक्टर राजीव भारद्वाज को लोकसभा में बताया कि हिमाचल प्रदेश को उत्तरी रेलवे जोन में कवर किया गया है। र इस जोन के लिए वर्ष 2025-26, के लिए ₹2,216 करोड़ रूपये का बजट आबंटित किया गया है जिसमें से अब तक ₹ 919 करोड़ रूपये खर्च किये जा चुके हैं। उन्होंने प्रश्न के उतर में बताया कि अमृत भारत योजना के अन्तर्गत देश में 1337 रेलवे स्टेशन विकसित किये जा रहे हैं जिसमें से हिमाचल प्रदेश के पालमपुर, शिमला, बैजनाथ पपरोला और अम्ब अम्बोटा स्टेशन शामिल हैं।  उन्होंने बताया कि इसमें से पालमपुर, बैजनाथ पपरोला और अम्ब अम्बोटा रेलवे स्टेशनों को विकसित कर दिया गया है जबकि शिमला को मास्टर प्लानिंग के अन्तर्गत कवर किया जा रहा है। रेलवे मन्त्री अश्वनी वैष्णव ने काँगड़ा लोकसभा सांसद डॉक्टर राजीव भरद्वाज को लोकसभा में बताया कि पंचरुखी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, शेल्टर, वेटिंग हॉल, पेयजल, शौचालय और यात्रियों के बैठने की उचित सुविधा प्रदान की गई है जो कि तय मापदण्डों से ज्यादा हैं। उन्होंने बताया कि रेल सुविधाओं के बिस्तार के लिए राज्य सरकारों, सांसदों, केन्द्रीय मन्त्रियों और अन्य जन प्रतिनिधियों से सुझाव नियमित रूप से प्राप्त होते हैं जिन्हे पर्याप्त जाँच पड़ताल के बाद कार्यन्वित किया जाता है। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के अन्तर्गत रेलवे स्टेशनों पर वेटिंग हॉल, टॉयलेट, वाटर बूथ, बैठने की उचित ब्यबस्था, लिफ्ट, एस्कलेटर/रैंप आदि की आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जा रहीं हैं। उन्होंने कहाकि इस योजना के अन्तर्गत रेलवे स्टेशन पर स्थानीय उत्पादों की विक्री को वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के अंतर्गत प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा दिव्यांगों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएँगी।

राज्यसभा में चुनाव सुधारों की चर्चा अधूरी, सोमवार को फिर होगा घमासान

नई दिल्ली राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर चल रही बहस गुरुवार को स्थगित कर दी गई। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने घोषणा की कि बाकी चर्चा सोमवार को दोपहर 1 बजे होगी। यह फैसला संसद में होने वाली प्रार्थना सभा को देखते हुए लिया गया, जिसके कारण सदस्यों को अपनी बात बीच में ही रोकनी पड़ी। किरेन रिजिजू ने सदन को बताया कि कई सदस्यों ने इस विषय पर पहले ही बात कर ली थी, लेकिन तय समय में बहस पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सांसदों को प्रार्थना सभा में हिस्सा लेना है, इसलिए चुनाव सुधारों पर बाकी चर्चा सोमवार को दोपहर 1 बजे होगी और सदस्यों से सोमवार को फिर से इकट्ठा होने का अनुरोध किया। चुनाव सुधारों पर चर्चा शुक्रवार को नहीं होगी, क्योंकि यह दिन प्राइवेट मेंबर्स बिल के लिए तय है। इसके बाद उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने शाम 4 बजे सदन को शुक्रवार तक के लिए संसद को स्थगित कर दिया। चुनाव सुधारों पर बहस मौजूदा सत्र की सबसे गरमागरम चर्चाओं में से एक रही है, जिसमें विपक्षी सांसदों ने मतदाताओं के नाम हटाने, चुनावी सूचियों में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता पर चिंता जताई है। आप सांसद संजय सिंह, कांग्रेस नेता अजय माकन और जयराम रमेश, और भाजपा सांसदों में सुधांशु त्रिवेदी और जेपी नड्डा ने अपनी राय रखी है और भारत के लोकतंत्र की स्थिति पर बिल्कुल अलग-अलग विचार पेश किए। जहां विपक्षी सदस्यों ने मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से हटाने, मतदान के आंकड़ों में विसंगतियों और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, वहीं सत्ताधारी पार्टी के सांसदों ने भारत की चुनावी प्रणाली की मजबूती का बचाव किया है और ईवीएम, वोटर आईडी और सीसीटीवी निगरानी जैसे तकनीकी सुरक्षा उपायों का हवाला दिया है। बहस को फिर से शेड्यूल करके, किरेन रिजिजू यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि जिन सदस्यों ने नोटिस दिए थे और अपनी बात रखने की तैयारी की थी, उन्हें अपने विचार पेश करने के लिए पर्याप्त समय मिले। सोमवार के सत्र में और भी गरमागरम बहस होने की उम्मीद है, जिसमें दोनों पक्ष चुनावी निष्पक्षता, सुधारों और संवैधानिक अधिकारियों की भूमिका पर अपने-अपने तर्कों को और मजबूत करेंगे।

भारत तैयार लंबी उड़ान के लिए: 2047 में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर देगा जीडीपी को 25% की ताकत

नई दिल्ली भारत 2047 तक वैश्विक औद्योगिक महाशक्ति बनने की राह पर है, जहां सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की हिस्सेदारी वर्तमान के करीब 17 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 25 प्रतिशत होने का लक्ष्य है। यह जानकारी गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) और जेड47 द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रिक वाहन, ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स ऐसे 5 प्रमुख क्षेत्र हैं, जो 2047 तक 25 ट्रिलियन डॉलर के औद्योगिक अवसर का आधार बन सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर्स के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है। भारत की सेमीकंडक्टर मांग 2022 में 33 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक 117 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, अब भारत में बिकने वाले 99 प्रतिशत मोबाइल फोन देश में ही बनाए जाते हैं, वित्त वर्ष 2014-15 में यह आंकड़ा मात्र 26 प्रतिशत पर था। यह प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजनाओं के प्रभाव को दर्शाता है। बीसीजी के मैनेजिंग डायरेक्टर और पार्टनर ईशांग जावा ने कहा, "यह सिर्फ आकार की बात नहीं है; बल्कि रणनीतिक आत्मनिर्भरता की बात है। अब भारत केवल असेंबल नहीं कर रहा है, बल्कि डिजाइन, इनोवेट (नया खोज) और वैश्विक वैल्यू चेन में योगदान कर रहा है।" रिपोर्ट में भारत के नोएडा-चेन्नई-होसुर और धोलेरा जैसे क्षेत्रीय मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स का उदाहरण दिया गया है, जो निर्माण में मदद कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत ने अपनी नॉन-फॉसिल ऊर्जा क्षमता को लक्ष्य से 5 साल पहले 50 प्रतिशत तक पहुंचा लिया है। रिपोर्ट में अनुसंधान और विकास (आरएंडडी), डिजाइन को बढ़ाने, प्रतिभा को मजबूत करने, ब्रेन ड्रेन (विदेशों से भारत लौटकर आए विशेषज्ञों) को बढ़ावा देने, वर्ल्ड क्लास क्लस्टर इकोसिस्टम्स और निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स के योगदान को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है, ताकि इस विकास को स्थिर किया जा सके और भारत को वैश्विक नेतृत्व में लाया जा सके। जेड47 के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप्तो सन्नीग्राही ने कहा, "आधुनिक निर्माण और डीप-टेक (गहरे तकनीकी) में सफलता प्राप्त करना विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने के लिए जरूरी है।"

प्रवासी राजस्थानी प्रदेश के विकास में बड़े साझेदार, राज्य में हर क्षेत्र में संभावनाएं मौजूद

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, चिकित्सा सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही, प्रदेश की भौगोलिक विविधता एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इस विकास यात्रा को और मजबूती देती है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की इस प्रगति में बड़े साझेदार बने हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हम सभी के सहयोग से राजस्थान को देशभर में अग्रणी राज्य बनाकर विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा किया जा सकेगा। श्री शर्मा गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में सूरत, लंदन, दुबई, सिंगापुर, कंपाला, टोक्यो, दोहा, म्यूनिख, न्यूयॉर्क , भुवनेश्वर, नैरोबी, कोलकाता एवं दिल्ली चैप्टर्स के सदस्यों के साथ संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सभी चैप्टर्स के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके द्वारा राज्य में किए जाने वाले निवेश प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेशकों की राज्य में निवेश के लिए हर संभव मदद की जाए। साथ ही, सिंगल विंडो क्लीयरेंस के माध्यम से उनके निवेश प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही की जाए। प्रवासी राजस्थानियों के हित में लगातार कार्य कर रही सरकार मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि प्रवासी राजस्थानियों का अपनी मिट्टी से जुड़ाव बना रहे, इसके लिए हमारी सरकार ने प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस पर ऐतिहासिक आयोजन किया। प्रवासियों के कल्याण तथा उनके हितों के लिए ‘राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी मामलात विभाग’ का गठन किया गया है। साथ ही, प्रवासी राजस्थानी नीति भी लाॅन्च की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के जुड़ाव को और मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर्स की घोषणा की गई है। जिससे इन चैप्टर्स की कुल संख्या अब बढ़कर 40 हो गई है। श्री शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा ईज आॅफ डूइंग बिजनेस के लिए प्राथमिकता से कार्य किया गया है। साथ ही, निवेशकों के लिए ‘राजनिवेश’ पोर्टल भी महत्वपूर्ण है, जिसके माध्यम से निवेशक मिनटों में ई-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर अपने प्रोजेक्ट की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए उत्सुक – प्रवासी राजस्थानी इस दौरान देश-विदेश से आए विभिन्न चैप्टर्स के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस के अभूतपूर्व आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से दुनियाभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को एक मंच पर आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं और वे इस निवेश को और बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं, जिससे प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके। संवाद के दौरान प्रवासी राजस्थानियों ने हाॅस्पिटैलिटी एवं ट्यूरिज्म सेक्टर, वैलनेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल लिटरेसी, आईटी, सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग फाॅर विमेंस, फिल्म शूटिंग, फाॅरेन लैंग्वेज, स्किल डेवलपमेंट, ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग, मेडिसिन एवं हैल्थ इक्विपमेंट, मल्टी स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल सहित विभिन्न सेक्टर्स में निवेश करने की मंशा जताई। अधिकारियों द्वारा इस संबंध में निवेशकों को निवेश संबंधी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी दी गई।  इस दौरान सभी चैप्टर्स द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद में 13 एनआरआर चैप्टर्स के सदस्यों सहित जाम्बिया, घाना व न्यूजीलैंड के प्रवासी राजस्थानियों ने भी हिस्सा लिया। 

स्वास्थ्य व्यवस्था में नई छलांग: हरियाणा सरकार ने रातों-रात खड़े किए ढाई हजार डॉक्टर

चंडीगढ़ हरियाणा में सरकारी डाक्टरों को अनिश्चितकालीन हड़ताल के पीछे प्रशासनिक कारणों से अधिक संगठनात्मक गुटबाजी और आगामी चुनाव को प्रमुख वजह माना जा रहा है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के भीतर दी गुटों के टकराव से यह आंदोलन तेज हुआ है। एक गुट हड़ताल पर अडिग है. जबकि दूसरा मरीजों को परेशान कर आंदोलन के पक्ष में नहीं है। फिर भी आठ व नौ दिसंबर की हड़ताल के बाद बुधबार से डाक्टरों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया, जिसकी शुरुआत पंचकूला में हुई। सरकार द्वारा बातचीत के लिए बुलाने और अधिकांश मांगें मान लेने के बाद भी हड़ताल जारी रहने से प्रदेश में हजारों मरीज प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा डाक्टरों की अधिकतर मांगें पहले ही स्वीकार कर ली गई हैं और सरकार अब भी संवाद को तैयार है। मरीजों की परेशानी देख सरकार ने लगभग ढाई हजार वैकल्पिक डाक्टरों की तैनाती की है। दस दिसंबर को 2531 वैकल्पिक डाक्टर तैनात हुए और 74 डाक्टरों ने ड्यूटी ज्वाइन की। मामला पहुंचा हाई कोर्ट प्रदेश में डाक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के खिलाफ पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। इस पर हाई कोर्ट वीरवार को सुनवाई करेगा। याचिका दाखिल करते हुए पंचकूला निवासी अरविदर सेठ ने हाई कोर्ट को बताया कि सरकारी अस्पताल राज्य में मेडिकल सुविधाओं की रीढ़ है। अपनी मांगों को लेकर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के अक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। इस निर्णय के चलते प्रदेश में मेडिकल सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई है। भते व स्पेशलिस्ट कैडर बनाने की मांग भी मानी है। माडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन स्कीम की अधिसूचना पर जल्द निर्णय का संकेत दिया है। 

जालंधर के लिए गुड न्यूज़! शहरभर में शुरू हुई यह बड़ी सर्विस

जालंधर जालंधर में सीवरेज समस्या को लेकर खास खबर सामने आई है। शहर में तंग गलियों के कारण बड़ी सीवरेज गाड़ियां अंदर तक नहीं जा पा रही थीं, जिसकी वजह से कई इलाकों में सीवरेज जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इस बड़ी परेशानी से राहत दिलाने के लिए आज जालंधर नगर निगम को 4 नई जैट मशीनें मिल गई हैं, जो खास तौर पर तंग गलियों में काम करने के लिए तैयार की गई हैं।   इस मौके पर जालंधर वेस्ट के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मोहिंद्र भगत, मेयर वीनित धीर और नगर निगम कमिश्नर आई.एस. संदीप ऋषि मौके पर पहुंचे और शहरवासियों को नई मशीनरी समर्पित की। कैबिनेट मंत्री मोहिंद्र भगत ने कहा कि गली-मोहल्लों में सीवरेज की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए बड़ी दिक्कत बनी हुई थी। नई सुपर जैट मशीनों के आने से अब सीवरेज की दिक्कत काफी हद तक दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जालंधर शहर के हालात पहले से काफी बेहतर हो चुके हैं और आने वाले समय में स्मार्ट सिटी के अधूरे प्रोजेक्ट भी पूरे किए जाएंगे।   मेयर वीनित धीर ने बताया कि मेयर बनने के बाद उन्होंने वादा किया था कि नगर निगम की मशीनरी की कमी पूरी की जाएगी। इसी दिशा में 15 दिन पहले ही 9 जेसीबी मशीनें और 12 टिप्पर नगर निगम को दिए जा चुके हैं। अब 4 नई जैट मशीनें मिलने से शहर में सीवरेज संबंधी समस्याओं को और तेजी से हल किया जा सकेगा। नगर निगम कमिश्नर आई.एस. संदीप ऋषि ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से यह मांग थी कि गलियों और मोहल्लों में बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पातीं, जिससे शहर को कई बार सीवरेज जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। आज नई जैट मशीनें मिलने के बाद तंग गलियों में सीवरेज की दिक्कतों पर काबू पाया जा सकेगा और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। नई मशीनरी के शामिल होने के बाद नगर निगम का दावा है कि अब शहर की सीवरेज व्यवस्था और सुचारू रूप से चल सकेगी।

ट्रेड, एनर्जी और डिफेंस पर गहन चर्चा: मोदी–ट्रंप बातचीत से India-US रिश्तों में नई गति

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा के मुद्दे पर बात हुई। पीएम मोदी ने एक्स पर बताया, "राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की। भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।" अधिकारियों ने बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार, महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।उन्होंने कहा कि दोनों नेता साझा चुनौतियों से निपटने और साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील सकारात्मक मोड़ पर अमेरिकी प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील सकारात्मक मोड़ पर है। भारत ने अमेरिका को अब तक का बेस्ट प्रस्ताव दिया है। किन फसलों को मिलेगी भारत में एंट्री? ग्रीर ने कहा कि अमेरिकी ज्वार और सोयाबीन जैसे उत्पादों के लिए भारत अपना बाजार खोलने के लिए तैयार हो गया है। USTR की एक टीम अभी भारत में ही है और वे कृषि क्षेत्र में आई बाधाओं को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत को एथेनॉल बेचना चाहता है अमेरिका ग्रीर ने कहा कि अमेरिकी मक्के और सोयाबीन से निकलने वाले एथेनॉल को भी भारत खरीद सकता है। कई अन्य देशों ने भी अमेरिकी एथेनॉल के लिए अपने बाजार खोल दिए हैं।  

सुधांशु त्रिवेदी का तीखा हमला: ‘कांग्रेस को बहुमत तब मिलता था, जब मतपेटियां लूटी जाती थीं’

नई दिल्ली  राज्यसभा में गुरुवार को चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर जोरदार कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जबसे वोटर कार्ड आया, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई। जब से सीसीटीवी कैमरा आया, तब से कांग्रेस की सरकारों का आना बंद हो गया। उन्होंने कहा कि जब से साक्षरता दर 50 प्रतिशत हो गई है, तब से कांग्रेसी सरकार आनी बंद हो गई है। जब से स्वतंत्र न्यायपालिका हो गई है, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई है। जब से स्वतंत्र मीडिया हो गई है, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को बहुमत तब मिलता था, जिस जमाने में मतपेटियां लूटी जाती थीं। चुनाव के दौरान हिंसा होती थी, गोलियां चलती थीं और कई लोग मारे जाते थे। बिहार के चुनाव में कई लोग मारे जाते थे। अब कांग्रेस की सरकार नहीं आती और अब बीता जमाना लौटकर भी नहीं आने वाला। इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे हाइड्रोजन बम लाएंगे। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पाकिस्तान के एक मंत्री ने कहा था कि उनके पास पाव-पाव भर के एटम बम हैं, लेकिन कांग्रेस ने जो हाइड्रोजन बम फोड़ा, वह तो छटांक भर का भी नहीं था। वोट चोरी को लेकर उन्होंने कहा कि हाल ही में बिहार का विधानसभा चुनाव हुआ है। बीते कई वर्षों से यहां कांग्रेस की हालत बुरी है। कांग्रेस अधिकांश सीटों पर अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई और ये हाल लगातार पिछले कई चुनावों से होता रहा है। बावजूद इसके कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगाती है। बिहार जैसे कई राज्यों में कांग्रेस का अस्तित्व तक नहीं है। वहां बीते कई दशकों में उसे बेहद कम वोट मिले और अधिकतर सीटों पर बीते कई दशकों के दौरान कांग्रेस की जमानत जब्त होती रही। बावजूद इसके कांग्रेस अब वोट चोरी का आरोप लगा रही है। सुधांशु त्रिवेदी ने राज्यसभा में बोलते हुए कहा कि पहले के जमाने में एक अश्वमेध यज्ञ होता था। अश्वमेध का घोड़ा जहां जाता था वहां विजय हासिल होती थी। मैं किसी के अपमान के लिए नहीं कह रहा हूं, इनके पास ऐसा घोड़ा है, जो जहां जाता है, वहां पराजय का मार्ग प्रशस्त कर देता है। उन्होंने कहा कि केरल में तो हमेशा से यह रहा है कि एक बार यूडीएफ की सरकार आती थी और एक बार लेफ्ट फ्रंट की सरकार आती थी, लेकिन इस बार यह घोड़ा वहां गया और वहां दोबारा लेफ्ट की ही सरकार आ गई। उन्होंने प्रश्न करते हुए कहा कि अब बताइए कि केरल में किसने वोट चोरी की है क्योंकि वहां तो लेफ्ट की सरकार आई है।

तत्काल टिकट बुकिंग आसान होगी! रेलवे ने 3 करोड़ से ज्यादा फर्जी आईडी बंद कीं

नई दिल्ली  भारतीय रेलवे ने आरक्षण प्रणाली के प्रदर्शन को मजबूत बनाने और तत्काल टिकटों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगभग 3.02 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी को निष्क्रिय किया है। यह जानकारी गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे नियमित/तत्काल टिकटों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए यूजर्स अकाउंट का कड़ा पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन किया गया है। जनवरी 2025 से अब तक लगभग 3.02 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है। साथ ही, अकामाई जैसे एंटी-बॉट समाधानों को फर्जी यूजर्स को हटाने और वैध यात्रियों के लिए सुचारू बुकिंग सुनिश्चित करने के लिए लाया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तत्काल बुकिंग में दुरुपयोग को रोकने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) सत्यापन को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। 4 दिसंबर 2025 तक यह सुविधा 322 रेलगाड़ियों में मिल रही है। इन उपायों के परिणामस्वरूप, इन रेलगाड़ियों में से लगभग 65 प्रतिशत में तत्काल टिकट की उपलब्धता का समय बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, आरक्षण काउंटरों पर तत्काल बुकिंग के लिए आधार-आधारित ओटीपी को भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया है और 4 दिसंबर तक इसे 211 रेलगाड़ियों में लागू किया गया है। इन और अन्य उपायों के परिणामस्वरूप, 96 लोकप्रिय रेलगाड़ियों में से लगभग 95 प्रतिशत रेलगाड़ियों में तत्काल टिकट की उपलब्धता का समय बढ़ गया है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि साइबर सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए, रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड व्यापक साइबर सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सेवाएं प्रदान करता है, जिनमें टेक-डाउन सेवाएं, खतरा निगरानी, ​​डीप और डार्क वेब निगरानी और डिजिटल जोखिम सुरक्षा शामिल हैं। ये सेवाएं उभरते साइबर खतरों के बारे में सक्रिय और कार्रवाई योग्य जानकारी प्रदान करती हैं और बेहतर घटना प्रतिक्रिया को संभव बनाती हैं।