samacharsecretary.com

छत्तीसगढ़ का बदला चेहरा: सीएम विष्णु देव साय का बड़ा संदेश, दो वर्षों में विकास की रफ्तार तेज

रायपुर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी सेवायात्रा के दो वर्ष पूरे होने पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय केवल शासन का नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का रहा। उन्होंने बताया कि इन दो वर्षों में सरकार ने हर वर्ग और क्षेत्र के लोगों तक विकास की किरण पहुँचाने का प्रयास किया है। आज जब मैं सेवायात्रा के दो वर्ष पूरे कर रहा हूँ, तो मन अपार भावनाओं से भर गया है। यह दो वर्ष मेरे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष रहे , क्योंकि यह समय केवल शासन का नहीं, सेवा और समर्पण का था। आपके साथ चलने का, आपकी मुस्कान में अपने दायित्व का प्रतिबिंब देखने का अवसर मिला। इन दो वर्षों में हमने छत्तीसगढ़ के हर कोने में विकास का दीप जलाने की कोशिश की है। हमने किसानों की मेहनत को सम्मान देने के लिए सुविधाएँ बढ़ाईं, जिससे उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिल सके। युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नई भर्तियों, प्रशिक्षण और औद्योगिक अवसरों के द्वार खोले गए। आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों का ऐसा जाल बिछाया गया जिससे विकास की रोशनी उन इलाकों तक पहुँचे जहाँ पहले उम्मीदें धुंधली थीं। हमारी बहनों के लिए सुरक्षा और सम्मान की दिशा में नए कदम उठाए गए ताकि हर घर में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का वातावरण बने। इन सभी प्रयासों के बीच सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ कि शासन अब जनता के द्वार पर है। प्रशासन और लोगों के बीच जो दूरी कभी रही, वह अब सहभागिता में बदल रही है। मुझे गर्व है कि छत्तीसगढ़ आज विश्वास और स्थिरता के एक नए अध्याय की ओर बढ़ रहा है। भविष्य के लिए हमारी प्रतिबद्धता और भी सशक्त है। आने वाले वर्षों में हम शिक्षा, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास पर और तीव्र गति से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य है ऐसा छत्तीसगढ़, जो आत्मनिर्भर हो, जहाँ हर युवा को अवसर मिले, किसान को गर्व हो और हर नागरिक को यह विश्वास हो कि उसका शासन उसके साथ खड़ा है। प्रिय जनों, यह यात्रा अभी लंबी है और मंज़िल बड़ी। मैं आप सबसे यही अपेक्षा करता हूँ कि इस विकास यात्रा में अपने सुझावों, अपने परिश्रम और अपने विश्वास से हमारा मार्ग रोशन करते रहें। आपकी आस्था ही हमारी शक्ति है, और आपका सहयोग ही छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य की गारंटी। विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन    

एम.पी. ट्रांसको की अनूठी पहल: कार्मिकों व परिवारजनों को जोड़ते हुए आयोजित हुई पहली साइबर क्विज

भोपाल मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) द्वारा कार्मिकों के साथ उनके परिवारजनों को जोड़ते हुए पहली बार साइबर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस साइबर क्विज के माध्यम से साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार आदि विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनके जरिए प्रतिभागियों की समझ और सतर्कता को परख कर उन्हें सही उत्तर बताये गए। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न ट्रांसको कार्यालय के 85 कार्मिकों और उनके पारिवारिक सदस्यों सहित कुल 198 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जबलपुर स्काडा सेंटर के सैयद आज़म अली ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर मुख्य वित्त अधिकारी जबलपुर कार्यालय मे पदस्थ योगेश जैन और तृतीय स्थान सिवनी के कार्यपालन अभियंता विकास भरिया को हासिल हुआ। क्विज आयोजित करने में प्रोग्रामर प्रवीण शुक्ला का विशेष योगदान रहा। साइबर सुरक्षा को परिवार तक पहुंचाना उद्देश्य इस अभिनव पहल के सूत्रधार डाक्टर हिमांशु श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण पहल से इस अनूठी साइबर क्विज की शुरुआत संभव हो सकी। इस पहल का उद्देश्य साइबर अवेयरनेस को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से कार्मिकों और उनके परिवारजनों तक पहुँचाना है। डाक्टर हिमांशु ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ प्रश्नोत्तर के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने में प्रभावी सिद्ध होती हैं। एम.पी. ट्रांसको द्वारा भविष्य में भी इस तरह की सहभागितामूलक जागरूकता गतिविधियाँ हर माह आयोजित किए जाने की योजना है। प्रबंध संचालक ने विजेताओं दी बधाई एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने इस अनोखी क्विज आयोजित करने के लिए संयोजक और प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए विजेताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को भी साइबर सतर्कता से जोड़ना एक अनुपम पहल है।  

18 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में न्याय: 23 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए BEO सूर्यकांत सिंह दोषी करार

पटना  बिहार की राजधानी पटना स्थित एक विशेष अदालत ने रिश्वत लेने के जुर्म में शुक्रवार को एक तत्कालीन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजा के साथ बीस हजार रूपए का जुर्माना भी किया। निगरानी के विशेष न्यायाधीश मोहम्मद रुस्तम ने मामले में सुनवाई के बाद भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के तत्कालीन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सूर्यकांत सिंह को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दोषी करार देने के बाद यह सजा सुनाई है। जुर्माने की राशि अदा नहीं करने पर दोषी को एक माह के कारावास की सजा अलग से भुगतनी होगी। मामले के विशेष लोक अभियोजक प्रभारी ट्रैप केसेस किशोर कुमार सिंह ने बताया की अनुकंपा के आधार पर बहाल हुए एक प्रखंड शिक्षक को विद्यालय आवंटन करने के एवज में दोषी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया की 28 जून 2007 को निगरानी के अधिकारियों ने दोषी को कोईलवर रेलवे स्टेशन के मुसाफिरखाना में शिकायतकर्ता से 23 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में आरोप साबित करने के लिए अभियोजन ने अदालत में नौ गवाहों का बयान कलम बंद करवाया था।   

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विकासपथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है मध्यप्रदेश: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

हमारा काम ऐसा हो, जो समाज और देश की तरक्की के काम आए बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड 2025 में शामिल हुए, प्रतिभावान युवाओं को किया सम्मानित भोपाल उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकासपथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है और देश में नंबर वन राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्होने कहा कि सागर भी किसी क्षेत्र में कम नहीं है। सागर में विकास दिखाई देता है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा, नाश का द्वार है। हमें नशे से दूर रहना चाहिए। हमारा काम ऐसा होना चाहिए जो समाज और देश की तरक्की में उपयोगी सिद्ध हो। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कृषि, उद्योग एवं पर्यटन को आवश्यक बताया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सागर में बुंदेली प्रेस क्लब द्वारा आयोजित बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड 2025 सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जब किसी क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति और पर्यटन क्रांति एक साथ होती है, तो विकास की गति अभूतपूर्व हो जाती है। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा विकास के सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है और मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में देश में नंबर वन राज्य बन रहा है। उन्होने कहा कि वह समय बीत गया जब मध्यप्रदेश पिछड़ा हुआ राज्य था। आज मध्यप्रदेश को पिछड़ा राज्य कहने की कोई हिम्मत नहीं कर सकता। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि देश को आगे ले जाने के लिए युवाओं को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी अवार्ड अथवा सम्मान मिलने के बाद हमें ऐसा महसूस नहीं करना है कि हम ही सबसे अच्छे हैं, अहंकार व्यक्ति को नीचे ले जाता है, सहज और सरल व्यक्ति कितनी भी प्रतिभा, सम्मान प्राप्त कर ले हमेशा अहंकारहीन रहते हुए आगे बढ़ता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि बुंदेलखंड प्रेस क्लब प्रतिभाशाली युवाओं को खोज कर सम्मानित करने का कार्य कर रहा है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को फ्रेम युक्त प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक खुरई श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड प्रेस क्लब ऐसी युवाओं की टीम है जो विकास की सोच रखती है। इसी सोच से क्षेत्र का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। जिससे विकासवादी सोच को बढ़ावा मिलता है। विधायक सागर श्री शैलेन्द्र जैन, विधायक नरयावली श्री प्रदीप लारिया, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार, श्री श्याम तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मीडिया के साथ उपस्थित थे।  

विकास सलाहकार समिति के सुझावों से जिले के सर्वांगीण विकास को मिलेगी गति : मंत्री वर्मा

पेंच परियोजना की निर्माणाधीन नहरों का कार्य शीघ्रता से किया जाये पूर्ण लंबित राजस्व प्रकरणों का करें समय-सीमा में निराकरण प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में सिवनी में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक भोपाल  राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है जिससे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अनुभवी एवं प्रबुद्ध नागरिकों के सुझावों का लाभ लेकर जिले के सर्वांगीण विकास को गति दी जा सके।समिति से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जाएगा, जिससे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। मंत्री श्री वर्मा शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, विधायक श्री दिनेश राय, विधायक श्री कमल मर्सकोले, कलेक्‍टर श्रीमती शीतला पटले, एसपी श्री सुनील मेहता, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित थे। मंत्री श्री वर्मा ने जल संसाधन विभाग से नहरों के माध्यम से हो रही सिंचाई गतिविधियों की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पेंच परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन नहरों के कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री वर्मा ने जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार सहित सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री श्री वर्मा ने जिले में उद्योग स्थापना, कृषि विकास, सिंचाई विस्तार, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास सहित अन्य विकास संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।इन विषयों पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।साथ ही पिछले दो वर्षों में जिले में सड़कों, पुल-पुलियों, विद्यालयों, छात्रावासों, मेडिकल कॉलेज, पेयजल, विद्युत तथा रोजगार सृजन से जुड़ी विभिन्न विभागीय उपलब्धियों की विभागवार समीक्षा की।मंत्री श्री वर्मा ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य करने वाले विभागों की प्रशंसा भी की।  

संन्यास से वापसी पर विनेश फोगाट को मिला पिता का साथ, महावीर फोगाट ने कही ये अहम बात

हरियाणा  पहलवान विनेश फोगाट ने सन्यास के फैसले पर यू-टर्न लेते हुए मैट पर वापसी करने का फैसला किया है। उनके इस फैसले से उनके कोच एवं ताऊ द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फोगाट सहित खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।  महावीर फोगाट ने कहा कि विनेश के पास ओलिंपिक का लंबा अनुभव है जो उनके काम आएगा और वो इस बार पदक जीतने के सपने को अवश्य पूरा करेगी। उन्होंने पेरिस ओलिंपिक के बाद करीब 15 माह तक मैट से दूरी बनाने के बाद वापसी के सवाल पर कहा कि ये अधिक लंबा समय नहीं है, कई बार खिलाड़ी चोटिल होकर भी मैट से दूर रह जाता है। ओलिंपिक होने में करीब तीन साल का समय बचा हुआ है। इतने समय में वे आराम से कम बैक कर सकती हैं।  वहीं ताऊ ने कहा कि ओलिंपिक का लंबा अनुभव उनके काम आएगा जो मेडल जीताने में मदद करेगा। 2024 पेरिस ओलिंपिक में जिस प्रकार वे 100 ग्राम वजन अधिक होने के कारण गोल्ड मेडल से वंचित रह गई थीं। उससे भी बड़ा सबक मिला है और इस प्रकार की सभी बातों पर ध्यान देकर विनेश खेल पर ध्यान केंद्रित करेंगी और देश को ओलिंपिक में गोल्ड मेडल दिलाएगी।

नीतीश कुमार ने दारोगा दीक्षांत परेड की ली सलामी, खुली जीप में परेड निरीक्षण बना आकर्षण

पटना  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) आज नालंदा जिला स्थित बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर (Bihar Police Academy, Rajgir) में प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक के दीक्षांत परेड समारोह (Convocation parade ceremony) में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों का उत्साहवर्द्धन किया।  नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। आप सभी ने अच्छे ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मुझे भरोसा है कि आप अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को पुरस्कृत किया। इस दौरान अंकित कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर ओवरऑल, रुपेश कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर आउटडोर, अंकित कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर इंडोर एवं मीना कुमारी को बेस्ट प्रोवेशनर परेड कमांडर के रूप में पुरस्कृत किया गया। दीक्षांत परेड कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को शपथ दिलाई गई। ध्वजरोही वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और एकेडमी ध्वज को लेकर परेड में प्रदर्शन किया। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों ने बेहतर परेड का प्रदर्शन कर लोगों का मन जीत लिया। वहां उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर उनका उत्साहवर्द्धन किया।    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर की निदेशक आर. मलार विजी ने प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। दीक्षांत परेड कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य सरकार द्वारा अकादमी के विस्तार हेतु अकादमी परिसर से सटे 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति दी गयी है। इस भूमि की अधिग्रहण की कार्रवाई जिला प्रशासन, नालंदा द्वारा की जा रही है। इस अतिरिक्त भूमि में नया प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के लिए आवास एवं अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पूर्व में कई बार इस पुलिस अकादमी का भ्रमण किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन कार्यों को जल्द पूरा करें।    ज्ञातव्य है कि 2023 बैच के 1218 पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण आज पूरा हो गया है जिनमें 436 महिलाएं भी शामिल हैं। इसमें पहली बार नियुक्त 03 ट्रान्स जेन्डर पुलिस अवर निरीक्षकों का भी प्रशिक्षण कराया गया है। इन सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को प्रशिक्षण के उपरांत विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार पुलिस अकादमी का गठन वर्ष 2008 में हुआ था तथा इसके लिए 133 एकड़ भूमि राजगीर में उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री द्वारा इस अकादमी के परिसर का उद्घाटन दिनांक 03 दिसंबर, 2018 को किया गया।   बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों तथा पुलिस अवर निरीक्षकों का प्रशिक्षण कराया जाता है। बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में प्रशासनिक भवन, प्रशिक्षण भवन, पुस्तकालय, क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला, सीनियर पुलिस ऑफिसर मेस, 05 जूनियर पुलिस ऑफिसर मेस, अधिकारियों के लिए आवास, स्वीमिंग पुल एवं परेड मैदान बनाया गया है। इसके अलावा 1100 लोगों की क्षमता का कॉन्फ्रेन्स भवन निर्माणाधीन है जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा। इसके साथ-साथ अकादमी परिसर में 08.49 एकड़ भूमि में 4000 सिपाहियों के लिए आवासन हेतु बैरक एवं क्लास रूम का निर्माण किया जा रहा है। 

विकास के हर क्षेत्र में मध्यप्रदेश सरकार कर रही है कार्य: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

बीएमसी में न्यूरोसर्जरी विभाग को मंजूरी सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेसवार्ता को किया संबोधित भोपाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर मध्यप्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विकास के प्रत्येक क्षेत्र में कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किसी भी क्षेत्र में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी मुक्त करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। निरोगी काया अभियान, एयर एम्बुलेंस, प्रत्येक जिला अस्पताल में शव वाहन की सुविधा, मातृ मृत्युदर एवं शिशु मृत्युदर में कमी, प्रत्येक घर तक नल से जल की प्राप्ति, सांदीपनि विद्यालय, पीएमश्री कॉलेज जैसी अनेक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। सरकार द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश प्राप्त करने के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव एवं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है, जिससे प्राप्त निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं अधोसंरचना का विकास हो रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल आज सागर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विगत दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों को गति प्रदान की है। केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से शुरु किया गया है। एक लाख करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली केन-बेतबा लिंक परियोजना के पूर्ण हो जाने से बुन्देलखंड के खेतों को सिंचाई हेतु जल एवं लोगों को पेयजल की उपलब्धता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार कृषि, उद्योग, व्यापार, वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। विगत दिनों खजुराहो में आयोजित कैबिनेट बैठक में अनेक हितकारी निर्णय लिए गए। सागर के मसवासी ग्रंट क्षेत्र में 1500 एकड़ क्षेत्र में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण, सागर को विकास की दिशा में आंगे ले जाएगा। इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए लगभग 25000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होने कहा कि इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए लगभग 540 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके पूर्ण हो जाने से क्षेत्र के लगभग 29000 लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि दमोह, पन्ना, छतरपुर, कटनी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना बुन्देलखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिली एक अभूतपूर्व सौगात है। जिला अस्पताल एवं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को और आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में न्यूरोसर्जरी विभाग को मंजूरी से बीएमसी में सुपर स्पेशियलिटी फैकल्टी की उपलब्धता होगी जिससे सागर को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि बीएमसी में कैंसर अस्पताल के लिए 70 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है। साथ ही कैंसर उपचार के लिए 50 करोड़ रुपए की मशीन भी लाई जा रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश में अंग प्रत्यारोपण के लिए मरीजों को दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ता था लेकिन वर्तमान में मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए सीएम केयर योजना चलाई गई है। अब मध्यप्रदेश में अंग प्रत्यारोपण के लिए अंग की उपलब्धता से मरीजों को त्वरित और समय पर अंग प्राप्त हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में अंगदाता को गॉड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है, साथ ही अंगदान करने वाले अंगदाता के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सागर के आसपास 20 किलोमीटर क्षेत्र में बाईपास रोड बनाने के लिए भू-अर्जन समेत अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं शुरु हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 2026 तक भोपाल-सागर फोर लाइन सड़क मार्ग का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो जाएगा एवं वर्ष 2027 तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण होकर सागर-भोपाल के मध्य फोरलेन सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार सागर-दमोह के मध्य भी सीधी कनेक्टिविटी के लिए फोरलाइन सड़क के लिए लगभग 2069 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए संवेदनशील है, अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में सरकार द्वारा पदस्थापना अथवा उचित सहायता राशि प्रदान कर प्रकरणों का निराकरण करते हुए इस दिशा में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्री संदीप जी आर द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए शुरु की गई श्रद्धांजलि योजना की सराहना की। उन्होंने जिले में अवैध शराब, नशा पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विधायक सागर श्री शैलेन्द्र जैन, विधायक नरयावली श्री प्रदीप लारिया, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।  

मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा – प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना

साइबर तहसील से राजस्व सेवाएं हुईं सरल और पारदर्शी सिवनी में 300 करोड़ की लागत का मेडिकल कॉलेज बड़ी उपलब्धि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सिवनी में हुई प्रेसवार्ता भोपाल  राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दिशा में शासन-प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया है। मंत्री श्री वर्मा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिवनी जिले में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री वर्मा ने पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, विधायक श्री दिनेश राय, विधायक श्री कमल मर्सकोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मंत्री श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। इसी क्रम में किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने साइबर तहसील व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे राजस्व संबंधी सेवाएं अब ऑनलाइन, सरल एवं पूर्णतः पारदर्शी हो गई हैं, जिससे आम जनता को समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है। मंत्री श्री वर्मा ने सिवनी जिले की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि अतिरिक्त जिले में 8 संदीपनी विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। पेंशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है तथा रोजगार सृजन, उद्योग स्थापना, नवीन औद्योगिक क्षेत्रों का विकास, पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण जैसे विभिन्न विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।  

प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा तो होगी सीलिंग, बहादुरगढ़ नगर परिषद का कड़ा अल्टीमेटम

बहादुरगढ़  झज्जर के बाद अब बहादुरगढ़ नगर परिषद भी बड़े पैमाने पर भवनों की सीलिंग का अभियान छेड़ने वाली है। इसके लिए नगर परिषद ने पूरी तैयारी कर ली है। एक विशेष टीम का गठन भी किया जा चुका है। दरअसल बहादुरगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में लोगों पर 100 करोड़ से ज्यादा का प्राॅपर्टी टैक्स बकाया है। टैक्स रिकवरी के लिए इस बार 6 हजार नोटिसों का वितरण किया गया है। नगर परिषद ने साल 2025-26 के लिए 11 करोड़ के प्राॅपर्टी टैक्स की रिकवरी का लक्ष्य रखा था। जिसमें से 4 करोड़ रुपए की रिकवरी हो चुकी है और अब 7 करोड़ की रिकवरी के लिए सीलिंग अभियान का सहारा लिया जाएगा।  नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरूण नांदल ने बताया कि एक लाख से ऊपर के बकाएदारों पर सीलिंग की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एक लाख से ऊपर के करीबन 700 से 800 बकाएदार है। सीलिंग की पहली कार्यवाही बड़े बकाएदारों पर होनी है और उनकी सूची भी तैयार हो चुकी है। पहली सूची में करीबन 150 नाम शामिल किए गए हैं। जिनमें बड़े व्यवसायिक संस्थान और औद्योगिक संस्थानों के नाम शामिल हैं। कई सरकारी दफ्तर भी बड़े बकाएदारों में शामिल हैं। बता दें कि नगर परिषद बहादुरगढ़ हर साल प्राॅपर्टी टैक्स या हाउस टैक्स की रिकवरी के लिए नोटिस देती है, लेकिन बड़े पैमाने पर सीलिंग की कार्यवाही पहली बार होने वाली है। ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि सीलिंग की तलवार से बचने के लिए नगर परिषद के खजाने में प्राॅपटी टैक्स से काफी पैसा आ सकता है। हालांकि बड़े बकाएदारों में शामिल सरकारी महकमों से वसूली करना परिषद के लिए भी काफी मुश्किल काम नजर आ रहा है।